ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 25 अप्रैल 2014

सुन्दर


   हल्के बैंगनी और नारंगी रंग की पृष्ठभूमि पर बारीक काले जालिनुमा नमूने में से होकर चमकते हुए प्रकाश ने मेरा ध्यान खेंचा। बारीकी से किए गए इस कार्य को देखकर मैंने सोचा कि यह अवश्य किसी कुशल चित्रकार की कला होगी। मैं बारीकी से उस चित्र के बनाने के लिए उपयोग किए गए चित्र-पटल - उस पत्ते को देखने लगा, और शीघ्र ही वहीं मुझे वह "चित्रकार" भी दिखाई दे गया - एक कीड़ा जिसने पत्ते को खाते खाते, पत्ते के अन्दर यहाँ-वहाँ रेखाओं का जाल सा खींच दिया था, और उस अध-खाए रंगीन पत्ते की उन रेखाओं में से कहीं कहीं से होकर सूरज की रौशनी दिखाई पड़ रही थी। उसी चमकती हुई रौशनी के कारण, पत्ते के नाश का वह दृष्य एक सुन्दर चित्रकला सा प्रतीत हो रहा था।

   उस "चित्र" को निहारते हुए मैं उन जीवनों के बारे में सोचने लगी जिन्हें पाप के कीड़े ने खा कर बरबाद कर दिया है। हमारे द्वारा या फिर अन्य किसी के द्वारा लिए गए गलत निर्णयों के दुषप्रभाव हमें अन्दर से खोखला कर देते हैं और हमारे लिए कष्टदायक बन जाते हैं। हम चाहे ऊपर या बाहर से ठीक दिखाई दें लेकिन पाप हमें अन्दर ही अन्दर गलाता तथा काटता रहता है। हम सब पाप के इन कटु दुष-परिणामों को अपने व्यक्तिगत अनुभवों से जानते हैं।

   लेकिन उस "चित्र" ने मुझे केवल पाप द्वारा अन्दर से खाए जाने और नाश किए जाने की ही याद नहीं दिलाई, वरन उस स्थिति में भी मसीह यीशु में होकर मिलने वाली आशा और उसके सुखद परिणामों को भी याद दिलाया। परमेश्वर ने अपने वचन बाइबल में अपने नबी योएल के द्वारा अपनी प्रजा इस्त्राएल से कहा, "और जिन वर्षों की उपज अर्बे नाम टिड्डियों, और येलेक, और हासील ने, और गाजाम नाम टिड्डियों ने, अर्थात मेरे बड़े दल ने जिस को मैं ने तुम्हारे बीच भेजा, खा ली थी, मैं उसकी हानि तुम को भर दूंगा" (योएल 2:25); और यशायाह भविष्यद्वक्ता द्वारा कहा, "और सिय्योन के विलाप करने वालों के सिर पर की राख दूर कर के सुन्दर पगड़ी बान्ध दूं, कि उनका विलाप दूर कर के हर्ष का तेल लगाऊं और उनकी उदासी हटाकर यश का ओढ़ना ओढ़ाऊं; जिस से वे धर्म के बांजवृक्ष और यहोवा के लगाए हुए कहलाएं और जिस से उसकी महिमा प्रगट हो" (यशायाह 61:3 )।

   शैतान का यह निरंतर प्रयास रहता है कि वह हमें पाप में बनाए रखे, हमें बिगाड़े रखे तथा नाश की ओर ले जाए। लेकिन जगत की ज्योति प्रभु यीशु मसीह हमारी पाप से बिगड़ी दशा में भी हमें स्वीकार कर के, हम में होकर अपनी ज्योति को संसार के समक्ष चमकने के द्वारा हमें सबके लिए सुन्दर तथा आकर्षक बना सकता है। बस हमें अपने आप को उसके हाथों में समर्पित करना है और उसे हमारे जीवनों में कार्य करने देने की स्वतंत्रता प्रदान करनी है; फिर वह हमारे बिगड़े हुए स्वरूप को भी संवार देगा, हम में होकर अपने तेज को संसार पर प्रगट करेगा और हमें सुन्दर कर देगा। - जूली ऐकैरमैन लिंक


प्रभु हमारी सभी अपूर्णताएं हटाता नहीं है, वरन उन अपूर्णताओं में होकर अपनी ज्योति को चमकाता है और हमें सुन्दर बनाता है।

मैं तुम्हारे लिये नाश करने वाले को ऐसा घुड़कूंगा कि वह तुम्हारी भूमि की उपज नाश न करेगा, और तुम्हारी दाखलताओं के फल कच्चे न गिरेंगे, सेनाओं के यहोवा का यही वचन है। - मलाकी 3:11 

बाइबल पाठ: योएल 2:18-27
Joel 2:18 तब यहोवा को अपने देश के विषय में जलन हुई, और उसने अपनी प्रजा पर तरस खाया। 
Joel 2:19 यहोवा ने अपनी प्रजा के लोगों को उत्तर दिया, सुनो, मैं अन्न और नया दाखमधु और ताजा तेल तुम्हें देने पर हूं, और तुम उन्हें पाकर तृप्त होगे; और मैं भविष्य में अन्यजातियों से तुम्हारी नामधराई न होने दूंगा।
Joel 2:20 मैं उत्तर की ओर से आई हुई सेना को तुम्हारे पास से दूर करूंगा, और उसे एक निर्जल और उजाड़ देश में निकाल दूंगा; उसका आगा तो पूरब के ताल की ओर और उसका पीछा पश्चिम के समुद्र की ओर होगा; उस से दुर्गन्ध उठेगी, और उसकी सड़ी गन्ध फैलेगी, क्योंकि उसने बहुत बुरे काम किए हैं।
Joel 2:21 हे देश, तू मत डर; तू मगन हो और आनन्द कर, क्योंकि यहोवा ने बड़े बड़े काम किए हैं! 
Joel 2:22 हे मैदान के पशुओं, मत डरो, क्योंकि जंगल में चराई उगेगी, और वृक्ष फलने लगेंगे; अंजीर का वृक्ष और दाखलता अपना अपना बल दिखाने लगेंगी। 
Joel 2:23 हे सिय्योनियों, तुम अपने परमेश्वर यहोवा के कारण मगन हो, और आनन्द करो; क्योंकि तुम्हारे लिये वह वर्षा, अर्थात बरसात की पहिली वर्षा बहुतायत से देगा; और पहिले के समान अगली और पिछली वर्षा को भी बरसाएगा।
Joel 2:24 तब खलिहान अन्न से भर जाएंगे, और रासकुण्ड नये दाखमधु और ताजे तेल से उमड़ेंगे। 
Joel 2:25 और जिन वर्षों की उपज अर्बे नाम टिड्डियों, और येलेक, और हासील ने, और गाजाम नाम टिड्डियों ने, अर्थात मेरे बड़े दल ने जिस को मैं ने तुम्हारे बीच भेजा, खा ली थी, मैं उसकी हानि तुम को भर दूंगा।
Joel 2:26 तुम पेट भरकर खाओगे, और तृप्त होगे, और अपने परमेश्वर यहोवा के नाम की स्तुति करोगे, जिसने तुम्हारे लिये आश्चर्य के काम किए हैं। और मेरी प्रजा की आशा फिर कभी न टूटेगी। 
Joel 2:27 तब तुम जानोगे कि मैं इस्राएल के बीच में हूं, और मैं, यहोवा, तुम्हारा परमेश्वर हूं और कोई दूसरा नहीं है। और मेरी प्रजा की आशा फिर कभी न टूटेगी।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 इतिहास 7-9


गुरुवार, 24 अप्रैल 2014

भली विरासत


   मिशिगन प्रांत के मूल रेड इंडियन निवासी ही वहाँ के राजमार्ग बनाने वाले आरंभिक इंजीनियर थे। कुछ अपवादों को छोड़, आज के मिशिगन प्रांत के सभी राजमार्ग, उन मूल निवासियों द्वारा सैकड़ों वर्ष पहले जंगलों के बीच से निकाले गए मार्गों पर ही बनाए गए हैं। उन मूल निवासियों ने पहले तो पगडंडियाँ बनाई थीं जो 12-18 इंच चौड़ी हुआ करती थीं क्योंकि सुरक्षा के लिए लोग एक दूसरे के पीछे होकर ही चलते थे। फिर जब वे उन पगडंडी मार्गों पर घोड़े लेकर चलने लगे तो वे कुछ और चौड़े हो गए। अमेरिका में श्वेत निवासियों के आने और बस जाने के बाद घोड़ा गाड़ियाँ आईं जिनके लिए मार्ग और बड़े और बेहतर हुए और धीरे धीरे जैसे जैसे यातायात के साधन और यातायात करने वाले बढ़ते गए, वे कच्चे मार्ग पक्के मार्ग बने और फिर वर्तमान के राजमार्ग बन गए।

   ऐसे ही, राजा सुलेमान भी अपने पिता के दिखाए मार्ग पर चला और अपने बाद अपने पुत्रों और पोतों के लिए अनुसरण करने का मार्ग छोड़ गया। यह मार्ग था उसकी शिक्षाओं पर ध्यान लगाकर चलना जैसे वह अपने पिता राजा दाऊद की शिक्षाओं पर चलता रहा था (नीतिवचन 4:4-5)। परमेश्वर के वचन बाइबल में दाऊद को "परमेश्वर के मन के अनुसार व्यक्ति" कहा गया है (1 शमूएल 13:14; प्रेरितों 13:22)। राजा सुलेमान ने ऐसे "परमेश्वर के मन के अनुसार व्यक्ति" की शिक्षाओं का अनुसरण किया और अपने बाद अपनी सन्तान के लिए भी इस अनुसरण की शिक्षा छोड़ गया। परमेश्वर के विश्वासियों की युवा पीढ़ी अपने परिवार से ही परमेश्वर के बारे में सर्वोत्तम सीख सकती है।

   आज भी हमारी शारीरिक और आत्मिक सन्तान हमें ग़ौर से देखती हैं कि हम किस मार्ग पर चल रहे हैं। जीवते सच्चे परमेश्वर प्रभु यीशु मसीह की विश्वासी होने के कारण, यह हमारा कर्तव्य है कि हम परमेश्वर के वचन बाइबल के अनुसार खरी, बुद्धिमतापूर्ण और स्पष्ट शिक्षाओं की पगडंडियाँ अपने अभिभावकों के लिए तैयार करके छोड़ें, जो आती पीढ़ीयों में उनके लिए भले राजमर्ग बन सकें। यही परमेश्वर की महिमा के लिए निरन्तर उपयोग होने वाली भली विरासत है। - डेव एगनैर


जब हम परमेश्वर का अनुसरण करते हैं तो हम अपने पीछे आने वालों के लिए एक मार्ग बना कर देते हैं।

जो शिक्षा को सुनी-अनसुनी करता, वह अपने प्राण को तुच्छ जानता है, परन्तु जो डांट को सुनता, वह बुद्धि प्राप्त करता है। नीतिवचन 15:32 

बाइबल पाठ: नीतिवचन 4:1-7
Proverbs 4:1 हे मेरे पुत्रो, पिता की शिक्षा सुनो, और समझ प्राप्त करने में मन लगाओ। 
Proverbs 4:2 क्योंकि मैं ने तुम को उत्तम शिक्षा दी है; मेरी शिक्षा को न छोड़ो। 
Proverbs 4:3 देखो, मैं भी अपने पिता का पुत्र था, और माता का अकेला दुलारा था, 
Proverbs 4:4 और मेरा पिता मुझे यह कह कर सिखाता था, कि तेरा मन मेरे वचन पर लगा रहे; तू मेरी आज्ञाओं का पालन कर, तब जीवित रहेगा। 
Proverbs 4:5 बुद्धि को प्राप्त कर, समझ को भी प्राप्त कर; उन को भूल न जाना, न मेरी बातों को छोड़ना। 
Proverbs 4:6 बुद्धि को न छोड़, वह तेरी रक्षा करेगी; उस से प्रीति रख, वह तेरा पहरा देगी। 
Proverbs 4:7 बुद्धि श्रेष्ट है इसलिये उसकी प्राप्ति के लिये यत्न कर; जो कुछ तू प्राप्त करे उसे प्राप्त तो कर परन्तु समझ की प्राप्ति का यत्न घटने न पाए।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 इतिहास 4-6


बुधवार, 23 अप्रैल 2014

प्रार्थना


   मठ के रसोई घर रह कर में नम्रता और दीनता के साथ बर्तन मांझने वाले ब्रदर लौरेंस (1614-1691) अपने आप को सदा ही परमेश्वर के अति निकट पाते थे। अवश्य ही ब्रदर लौरेंस प्रार्थना के लिए कुछ विशेष समय अलग से निकलते थे, लेकिन जो उनके लिए जीवन संवारने वाला अनुभव था वह था उनका अपने कार्य करते हुए प्रार्थना के भाव में बने रहना। उनके द्वारा लिखी गई सुप्रसिद्ध और बहुचर्चित भक्ति रचना, Practicing the Presence of God में वे लिखते हैं, "यह सोचना कि हमारे प्रार्थना के समय हमारी दिनचर्या से अलग होने चाहिए एक बहुत बड़ा भ्रम है। हम बाध्य हैं कि अपने कार्य समय में भी अपने कार्य के द्वारा परमेश्वर से ऐसे ही चिपके रहें जैसे अपने प्रार्थना काल में प्रार्थना द्वारा उस से चिपक जाते हैं।" उनके कहने का तात्पर्य था कि हम "निरन्तर प्रार्थना में लगे रहें" (1 थिस्सुलुनीकियों 5:17)।

   यह स्मरण रखने और जीवन संवारने के लिए एक बहुत सहायक बात है, क्योंकि कई बार हमारी प्रवृति जीवन को खण्डों में बाँट लेने की होती है। हो सकता है कि हम केवल चर्च में उपस्थित होने पर ही प्रार्थना करते हों, या फिर अपने गुट के साथ बाइबल अध्ययन के समय में, या पारिवारिक प्रार्थना समय अथवा व्यक्तिगत प्रार्थना के लिए निकाले गए विशेष समय में ही। लेकिन हमारे प्रतिदिन के कार्य समय में प्रार्थना का क्या? कार्य समय में प्रार्थना करने का यह अर्थ नहीं है कि हम अपने कार्य को छोड़कर, हाथ जोड़कर, घुटनों पर आकर ऊँची आवाज़ में प्रार्थना करने लगें। लेकिन इसका यह तात्पर्य अवश्य है कि अपने दिन के कार्य के दौरान लिए जाने वाले प्रत्येक निर्णय, लोगों से होने वाले प्रत्येक संपर्क और बातचीत को हम मन ही मन शांत स्वभाव के साथ परमेश्वर के सम्मुख लाते रहें, उससे उस समय, निर्णय और बातचीत के लिए मार्गदर्शन पाते रहें।

   हम कहीं भी हों, कुछ भी कर रहे हों, परमेश्वर चाहता है कि हम उसे उस सब का एक भाग बनाए रखें। जब यह प्रार्थना और परमेश्वर की उपस्थिति में बने रहने का भाव हमारे कार्यों और जीवनों के प्रतिपल का अभिन्न अंग बन जाएगा, तो हमारे जीवन भी परमेश्वर की महिमा का कारण बन जाएंगे, आशीषित हो जाएंगे। - डेनिस फिशर


सच्ची प्रार्थना, जीवन जीने की एक विधि है; ना कि आपात काल में सहायता पाने के लिए लिया गया टेढ़ा-मेढ़ा मार्ग।

और हर समय और हर प्रकार से आत्मा में प्रार्थना, और बिनती करते रहो, और इसी लिये जागते रहो, कि सब पवित्र लोगों के लिये लगातार बिनती किया करो। - इफिसियों 6:18

बाइबल पाठ: 1 थिस्सुलुनीकियों 5:12-18
1 Thessalonians 5:12 और हे भाइयों, हम तुम से बिनती करते हैं, कि जो तुम में परिश्रम करते हैं, और प्रभु में तुम्हारे अगुवे हैं, और तुम्हें शिक्षा देते हैं, उन्हें मानो। 
1 Thessalonians 5:13 और उन के काम के कारण प्रेम के साथ उन को बहुत ही आदर के योग्य समझो: आपस में मेल-मिलाप से रहो। 
1 Thessalonians 5:14 और हे भाइयों, हम तुम्हें समझाते हैं, कि जो ठीक चाल नहीं चलते, उन को समझाओ, कायरों को ढाढ़स दो, निर्बलों को संभालो, सब की ओर सहनशीलता दिखाओ। 
1 Thessalonians 5:15 सावधान! कोई किसी से बुराई के बदले बुराई न करे; पर सदा भलाई करने पर तत्‍पर रहो आपस में और सब से भी भलाई ही की चेष्‍टा करो। 
1 Thessalonians 5:16 सदा आनन्‍दित रहो। 
1 Thessalonians 5:17 निरन्‍तर प्रार्थना मे लगे रहो। 
1 Thessalonians 5:18 हर बात में धन्यवाद करो: क्योंकि तुम्हारे लिये मसीह यीशु में परमेश्वर की यही इच्छा है।

एक साल में बाइबल: 

  • 2 इतिहास 1-3


मंगलवार, 22 अप्रैल 2014

खज़ाने


   मैं और मेरे पति विर्जीनिया के पूर्वी तट पर भ्रमण के लिए निकले थे और उस यात्रा में हम नक्शे का बारीकी से अध्ययन कर रहे थे। हम एक ऐसे मार्ग को ढूँढ रहे थे जो हमें समुद्र तट पर ले जाए। अन्ततः मुझे वह मार्ग मिल गया और मैंने गाड़ी उस पर डाल दी। कुछ ही समय में हम आनन्द से हंसने लगे क्योंकि समुद्र तट से कुछ ही पहले हम एक राष्ट्रीय वन्य जीव संरक्षण उद्द्यान पहुँच गए थे। हमारे चारों ओर रेत के टीले, दलदल, समुद्र तटीय घास और बहुतायत से पक्षी, बगुले आदि थे। वह क्षेत्र सक्रीय, शोरगुल से भरपूर और बहुत मनोरम था। हम शिनकोटीग तथा असाटीग द्वीपों पर पहुँच गए थे - जो एक द्वीप से दुसरे द्वीप तक होने वाली वार्षिक खच्चर तैराकी के लिए जाने जाते थे। बहुत से अन्य लोगों ने इन्हें देखा और सराहा था, लेकिन हमारे लिए तो यह अन्देखा, अनखोजा अद्भुत नज़ारा था।

   परमेश्वर का वचन बाइबल भी बहुत से लोगों के लिए ऐसा ही अन्देखा, अनखोजा और अद्भुत रोमांचकारी अनुभव है। बहुत से लोगों ने कभी इस पवित्र शास्त्र में छुपे बहुमूल्य खज़ानों को जाना ही नहीं है। इब्रानियों का लेखक परमेश्वर के वचन के लिए कहता है कि: "क्योंकि परमेश्वर का वचन जीवित, और प्रबल, और हर एक दोधारी तलवार से भी बहुत चोखा है, और जीव, और आत्मा को, और गांठ गांठ, और गूदे गूदे को अलग कर के, वार पार छेदता है; और मन की भावनाओं और विचारों को जांचता है" (इब्रानियों 4:12)। भजनकार ने उसे मार्ग को उजियाला देने वाला दीपक कहा है (भजन 119:105), और प्रेरित पौलुस ने उसे परमेश्वर के उद्देश्य बताने और सिखाने वाला कहा है (2 तिमुथियुस 3:16-17)।

   बाइबल को लेकर प्रार्थना पूर्वक पढ़ना आरंभ कीजिए, परमेश्वर से उसके विचारों और बातों को जानने की समझ माँगिए, और आप उन बहुमूल्य खज़ानों को देखने पाएंगे जो आपके जीवन को चकाचौंध कर देंगे। खज़ाने आपकी प्रतीक्षा में हैं; क्या आप उनकी लालसा रखते हैं? - सिंडी हैस कैसपर


परमेश्वर के वचन के अन्मोल रत्न खोजे जाने की प्रतीक्षा में हैं।

तेरा वचन मेरे पांव के लिये दीपक, और मेरे मार्ग के लिये उजियाला है। - भजन 119:105

बाइबल पाठ: 2 तिमुथियुस 3:14-17
2 Timothy 3:14 पर तू इन बातों पर जो तू ने सीखीं हैं और प्रतीति की थी, यह जानकर दृढ़ बना रह; कि तू ने उन्हें किन लोगों से सीखा था 
2 Timothy 3:15 और बालकपन से पवित्र शास्त्र तेरा जाना हुआ है, जो तुझे मसीह पर विश्वास करने से उद्धार प्राप्त करने के लिये बुद्धिमान बना सकता है। 
2 Timothy 3:16 हर एक पवित्रशास्‍त्र परमेश्वर की प्रेरणा से रचा गया है और उपदेश, और समझाने, और सुधारने, और धर्म की शिक्षा के लिये लाभदायक है। 
2 Timothy 3:17 ताकि परमेश्वर का जन सिद्ध बने, और हर एक भले काम के लिये तत्‍पर हो जाए।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 इतिहास 27-29


सोमवार, 21 अप्रैल 2014

निवेश


   वह वित्तीय सलाहकार अपने श्रोताओं से कह रहा था, "मैं आपकी सहायता करना चाहता हूँ जिससे आप अपने भविष्य के लिए बुद्धिमानी से अपने पैसे का निवेश कर सकें।" वह चाहता था कि उसके श्रोता सेवानिवृत्ति निधी में निवेश करें, स्टॉक मार्केट या शेयर बाज़ार तथा अर्थव्यवस्था के उतार चढ़ाव से निश्चिंत होकर; क्योंकि, उसके अनुसार, अन्ततः उसके परिणाम बहुत लाभदायक होने वाले थे।

   परमेश्वर भी चाहता है कि हम बुद्धिमानी के साथ एक अन्य निवेश करें - अपने आत्मिक भविष्य के लिए। जीवन और परिस्थितियों के उतार-चढ़ाव के दौरान हमें लगातार अपने "आत्मिक जमा-खाते" में अपने चरित्र का निवेश करते रहना चाहिए। मसीह यीशु पर उद्धार के लिए विश्वास ले आने के पश्चात, हमें अपने चरित्र के साथ इन अन्य सद्गुणों का निवेश करना चाहिए: विश्वास, सद्गुण, समझ, संयम, धीरज, भक्ति, भाई-चारे की प्रीति और प्रेम (2 पतरस 1:5-11)।

   चरित्र निर्माण में किए गए इस निवेश के भविष्य में मिलने वाले परिणाम होंगे, ईश्वरीय स्वभाव, मसीह यीशु के ज्ञान में बढ़ते हुए फलवन्त जीवन, हमारी बुलाहट के प्रति निश्चय, पाप पर मिलने वाली विजय (पद 5-10)।

   सेवानिवृत्ति निधी में निवेश करना सांसारिक धन पाने के दृष्टिकोण से लाभदायक हो सकता है, लेकिन वह निवेश या मिलने वाला धन आपके अनन्त भविष्य की सुरक्षा का निश्चय कतई नहीं है। आत्मिक जीवन में परमेश्वर के वचन बाइबल के निर्देशों के अनुसार समझदारी से किया गया निवेश ही पृथ्वी और स्वर्ग दोनों ही स्थानों पर निश्चित लाभ देना वाला निवेश है। यदि आपने आज तक यह निवेश नहीं किया है, तो अभी अवसर है, प्रभु यीशु में विश्वास लाने के द्वारा स्वर्ग में अपना खाता खोल लीजिए और फिर उसमें अपने चरित्र तथा अनन्त भविष्य का परमेश्वर के वचन के अनुसार निवेश करना आरंभ कर दीजिए। - ऐनी सेटास


अनन्त के लाभ के लिए निवेश करने का समय और अवसर अभी ही है।

पर आत्मा का फल प्रेम, आनन्द, मेल, धीरज, और कृपा, भलाई, विश्वास, नम्रता, और संयम हैं; ऐसे ऐसे कामों के विरोध में कोई भी व्यवस्था नहीं। - गलतियों 5:22-23

बाइबल पाठ: 2 पतरस 1:1-11
2 Peter 1:1 शमौन पतरस की और से जो यीशु मसीह का दास और प्रेरित है, उन लोगों के नाम जिन्होंने हमारे परमेश्वर और उद्धारकर्ता यीशु मसीह की धामिर्कता से हमारा सा बहुमूल्य विश्वास प्राप्त किया है। 
2 Peter 1:2 परमेश्वर के और हमारे प्रभु यीशु की पहचान के द्वारा अनुग्रह और शान्‍ति तुम में बहुतायत से बढ़ती जाए। 
2 Peter 1:3 क्योंकि उसके ईश्वरीय सामर्थ ने सब कुछ जो जीवन और भक्ति से सम्बन्‍ध रखता है, हमें उसी की पहचान के द्वारा दिया है, जिसने हमें अपनी ही महिमा और सद्गुण के अनुसार बुलाया है। 
2 Peter 1:4 जिन के द्वारा उसने हमें बहुमूल्य और बहुत ही बड़ी प्रतिज्ञाएं दी हैं: ताकि इन के द्वारा तुम उस सड़ाहट से छूट कर जो संसार में बुरी अभिलाषाओं से होती है, ईश्वरीय स्‍वभाव के समभागी हो जाओ। 
2 Peter 1:5 और इसी कारण तुम सब प्रकार का यत्‍न कर के, अपने विश्वास पर सद्गुण, और सद्गुण पर समझ। 
2 Peter 1:6 और समझ पर संयम, और संयम पर धीरज, और धीरज पर भक्ति। 
2 Peter 1:7 और भक्ति पर भाईचारे की प्रीति, और भाईचारे की प्रीति पर प्रेम बढ़ाते जाओ। 
2 Peter 1:8 क्योंकि यदि ये बातें तुम में वर्तमान रहें, और बढ़ती जाएं, तो तुम्हें हमारे प्रभु यीशु मसीह के पहचानने में निकम्मे और निष्‍फल न होने देंगी। 
2 Peter 1:9 और जिस में ये बातें नहीं, वह अन्‍धा है, और धुन्‍धला देखता है, और अपने पूर्वकाली पापों से धुल कर शुद्ध होने को भूल बैठा है। 
2 Peter 1:10 इस कारण हे भाइयों, अपने बुलाए जाने, और चुन लिये जाने को सिद्ध करने का भली भांति यत्‍न करते जाओ, क्योंकि यदि ऐसा करोगे, तो कभी भी ठोकर न खाओगे। 
2 Peter 1:11 वरन इस रीति से तुम हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता यीशु मसीह के अनन्त राज्य में बड़े आदर के साथ प्रवेश करने पाओगे।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 इतिहास 24-26


रविवार, 20 अप्रैल 2014

सुरक्षा का स्थान


   हवाई द्वीप समूह में मौवी के उत्तरी समुद्र तटीय क्षेत्र में जब कभी सुनामी की चेतावनी दी जाती है, लोग तुरंत पास के पहाड़ पर चढ़ जाते हैं; वही उनकी सुरक्षा का स्थान है। वहीं पर लकड़ी से बना एक ऊँचा क्रूस स्थित है, जिसे कई वर्ष पहले वहाँ लगाया गया था। अपनी सुरक्षा के लिए लोग उसी स्थान पर जाते हैं जहाँ वह क्रूस है।

   इसी प्रकार हम सब को आत्मिक सुरक्षा के लिए भी एक स्थान की आवश्यकता है। क्यों? क्योंकि परमेश्वर के वचन बाइबल में चेतावनी दी गई हैं: "इसलिये कि सब ने पाप किया है और परमेश्वर की महिमा से रहित हैं" तथा "क्योंकि पाप की मजदूरी तो मृत्यु है, परन्तु परमेश्वर का वरदान हमारे प्रभु मसीह यीशु में अनन्त जीवन है" (रोमियों 3:23, रोमियों 6:23)। इब्रानियों 9:27 में लिखा है: "और जैसे मनुष्यों के लिये एक बार मरना और उसके बाद न्याय का होना नियुक्त है"। संभवतः हमें अपने पापों तथा उनके परिणाम के बारे में सोचना पसन्द नहीं हो, लेकिन पवित्र परमेश्वर के आगे खड़े होकर जीवन का हिसाब देना तो प्रत्येक के लिए अवश्यंभावी है, और "जीवते परमेश्वर के हाथों में पड़ना भयानक बात है" (इब्रानियों 10:31)।

   लेकिन अच्छी खबर, अर्थात सुसमाचार, यह है कि परमेश्वर हमसे प्रेम करता है और अपने इसी प्रेम में होकर उसने हमारे लिए एक सुरक्षा का स्थान भी तैयार कर के दिया है। परमेश्वर ने अपने पुत्र प्रभु यीशु को हमारे पापों के लिए बलिदान होने भेजा, उसने हम सबके पापों के दण्ड को अपने ऊपर ले लिया और हमारे पापों के लिए अपने प्राण बलिदान किए। प्रभु यीशु क्रूस पर मारा गया, दफनाया गया और फिर तीसरे दिन मृतकों में से पुनः जी भी उठा और आज जीवित परमेश्वर है। परमेश्वर ने अपने पुत्र को इसलिए बलिदान होने दिया जिससे हम पापी मनुष्यों को उससे अलग ना होना पड़े, वरन अनन्त काल के लिए हम उसके साथ रह सकें (रोमियों 5:8-10; कुलुस्सियों 1:19-22)।

   प्रभु यीशु के क्रूस पर मारे जाने और मृत्कों में से पुनरुत्थान के कारण पाप के परिणाम से बचने के लिए वह सुरक्षा का स्थान सब के लिए उपलब्ध है। क्या आप ने वहाँ शरण ले ली है? - ऐनी सेटास


पाप के श्राप से बच निकलने के लिए मसीह यीशु के क्रूस की शरण में आ जाएं।

और उसके क्रूस पर बहे हुए लोहू के द्वारा मेल मिलाप कर के, सब वस्‍तुओं का उसी के द्वारा से अपने साथ मेल कर ले चाहे वे पृथ्वी पर की हों, चाहे स्वर्ग में की। - कुलुस्सियों 1:20

बाइबल पाठ: इब्रानियों 10:28-39
Hebrews 10:28 जब कि मूसा की व्यवस्था का न मानने वाला दो या तीन जनों की गवाही पर, बिना दया के मार डाला जाता है। 
Hebrews 10:29 तो सोच लो कि वह कितने और भी भारी दण्‍ड के योग्य ठहरेगा, जिसने परमेश्वर के पुत्र को पांवों से रौंदा, और वाचा के लोहू को जिस के द्वारा वह पवित्र ठहराया गया था, अपवित्र जाना है, और अनुग्रह की आत्मा का अपमान किया। 
Hebrews 10:30 क्योंकि हम उसे जानते हैं, जिसने कहा, कि पलटा लेना मेरा काम है, मैं ही बदला दूंगा: और फिर यह, कि प्रभु अपने लोगों का न्याय करेगा। 
Hebrews 10:31 जीवते परमेश्वर के हाथों में पड़ना भयानक बात है।
Hebrews 10:32 परन्तु उन पहिले दिनों को स्मरण करो, जिन में तुम ज्योति पाकर दुखों के बड़े झमेले में स्थिर रहे। 
Hebrews 10:33 कुछ तो यों, कि तुम निन्‍दा, और क्‍लेश सहते हुए तमाशा बने, और कुछ यों, कि तुम उन के साझी हुए जिन की र्दुदशा की जाती थी। 
Hebrews 10:34 क्योंकि तुम कैदियों के दुख में भी दुखी हुए, और अपनी संपत्ति भी आनन्द से लुटने दी; यह जान कर, कि तुम्हारे पास एक और भी उत्तम और सर्वदा ठहरने वाली संपत्ति है। 
Hebrews 10:35 सो अपना हियाव न छोड़ो क्योंकि उसका प्रतिफल बड़ा है। 
Hebrews 10:36 क्योंकि तुम्हें धीरज धरना अवश्य है, ताकि परमेश्वर की इच्छा को पूरी कर के तुम प्रतिज्ञा का फल पाओ। 
Hebrews 10:37 क्योंकि अब बहुत ही थोड़ा समय रह गया है जब कि आने वाला आएगा, और देर न करेगा। 
Hebrews 10:38 और मेरा धर्मी जन विश्वास से जीवित रहेगा, और यदि वह पीछे हट जाए तो मेरा मन उस से प्रसन्न न होगा। 
Hebrews 10:39 पर हम हटने वाले नहीं, कि नाश हो जाएं पर विश्वास करने वाले हैं, कि प्राणों को बचाएं।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 इतिहास 20-23


शनिवार, 19 अप्रैल 2014

क्षमाशील प्रेम


   परमेश्वर के वचन बाइबल के पुराने नियम खण्ड में होशे नबी की पुस्तक अपनी विश्वासघाती प्रजा के प्रति परमेश्वर के वफादार और क्षमाशील प्रेम का एक सच्चा उदाहरण है। परमेश्वर ने अपने नबी होशे से कहा कि वह एक ऐसी स्त्री से विवाह करे जो आगे चलकर अपने विवाह के वचन तोड़कर उसे दुख देने वाली थी (होशे 1:2-3)। कुछ समय के बाद ऐसा ही हुआ, उस स्त्री ने होशे को छोड़ दिया और अन्य लोगों के साथ सम्बंध बना कर रहने लगी। परमेश्वर ने फिर से होशे से कहा कि वह जाकर उसे वापस ले आए - यह सारी घटना परमेश्वर के अपने लोगों इस्त्रएल के प्रति प्रेम को दर्शाने का माध्यम थी, उस इस्त्राएल के प्रति जिसने अपने परमेश्वर से मुँह मोड़ कर अन्य देवताओं की ओर फिर गया था, "फिर यहोवा ने मुझ से कहा, अब जा कर एक ऐसी स्त्री से प्रीति कर, जो व्यभिचारिणी होने पर भी अपने प्रिय की प्यारी हो; क्योंकि उसी भांति यद्यपि इस्राएली पराए देवताओं की ओर फिरे, और दाख की टिकियों से प्रीति रखते हैं, तौभी यहोवा उन से प्रीति रखता है" (होशे 3:1)।

   बाद में परमेश्वर ने होशे के द्वारा इस्त्राएलियों को सन्देश पहुँचाया कि उनके परमेश्वर के विरुद्ध विश्वासघात करने के कारण वे विदेशी शक्तियों के हाथों बन्धुवाई में चले जाएंगे, "इस कारण तुम्हारे लोगों में हुल्लड़ उठेगा, और तुम्हारे सब गढ़ ऐसे नाश किए जाएंगे जैसा बेतर्बेल नगर युद्ध के समय शल्मन के द्वारा नाश किया गया; उस समय माताएं अपने बच्चों समेत पटक दी गईं थी" (होशे 10:14)। लेकिन इस पाप और दण्ड के काल में भी परमेश्वर का उनके प्रति प्रेम समाप्त नहीं होगा, परमेश्वर ने उन्हें अपने बड़े अनुग्रह में होकर यह भी कहा कि, "अपने लिये धर्म का बीज बोओ, तब करूणा के अनुसार खेत काटने पाओगे; अपनी पड़ती भूमि को जोतो; देखो, अभी यहोवा के पीछे हो लेने का समय है, कि वह आए और तुम्हारे ऊपर उद्धार बरसाए" (होशे 10:12)।

   यदि हमने दुष्टता भी करी है और पाप ही कमाया है तौ भी परमेश्वर का हमारे प्रति प्रेम समाप्त नहीं हो जाता। उसका प्रेम क्षमाशील प्रेम है; आज हमारी जो भी हालात हो, परमेश्वर के प्रेम, क्षमा और अनुग्रह की सीमा से हम कभी बाहर नहीं हो सकते। आज, अभी, पश्चाताप में उसकी ओर मुड़िए, प्रभु यीशु में प्रगट हुए उसके अनुग्रह को अपनाईए और उस से क्षमा पाकर एक नई शुरुआत कीजिए। परमेश्वर के प्रेम और क्षमा की कोई सीमा नहीं है। - डेविड मैक्कैसलैंड


परमेश्वर के प्रेम से बढ़कर और कोई सामर्थ है ही नहीं।

क्योंकि जो अपने शरीर के लिये बोता है, वह शरीर के द्वारा विनाश की कटनी काटेगा; और जो आत्मा के लिये बोता है, वह आत्मा के द्वारा अनन्त जीवन की कटनी काटेगा। - गलतियों 6:8

बाइबल पाठ: होशे 10:9-15
Hosea 10:9 हे इस्राएल, तू गिबा के दिनों में पाप करता आया है; वे उसी में बने रहें; क्या वे गिबा में कुटिल मनुष्यों के संग लड़ाई में न फंसे? 
Hosea 10:10 जब मेरी इच्छा होगी तब मैं उन्हें ताड़ना दूंगा, और देश देश के लोग उनके विरुद्ध इकट्ठे हो जाएंगे; क्योंकि वे अपने दोनों अधर्मों में फसें हुए हैं।
Hosea 10:11 एप्रैम सीखी हुई बछिया है, जो अन्न दांवने से प्रसन्न होती है, परन्तु मैं ने उसकी सुन्दर गर्दन पर जुआ रखा है; मैं एप्रैम पर सवार चढ़ाऊंगा; यहूदा हल, और याकूब हेंगा खींचेगा। 
Hosea 10:12 अपने लिये धर्म का बीज बोओ, तब करूणा के अनुसार खेत काटने पाओगे; अपनी पड़ती भूमि को जोतो; देखो, अभी यहोवा के पीछे हो लेने का समय है, कि वह आए और तुम्हारे ऊपर उद्धार बरसाए।। 
Hosea 10:13 तुम ने दुष्टता के लिये हल जोता और अन्याय का खेत काटा है; और तुम ने धोखे का फल खाया है। और यह इसलिये हुआ क्योंकि तुम ने अपने कुव्यवहार पर, और अपने बहुत से वीरों पर भरोसा रखा था। 
Hosea 10:14 इस कारण तुम्हारे लोगों में हुल्लड़ उठेगा, और तुम्हारे सब गढ़ ऐसे नाश किए जाएंगे जैसा बेतर्बेल नगर युद्ध के समय शल्मन के द्वारा नाश किया गया; उस समय माताएं अपने बच्चों समेत पटक दी गईं थी। 
Hosea 10:15 तुम्हारी अत्यन्त बुराई के कारण बेतेल से भी इसी प्रकार का व्यवहार किया जाएगा। भोर होते ही इस्राएल का राजा पूरी रीति से मिट जाएगा। 

एक साल में बाइबल: 
  • 1 इतिहास 17-19