ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

बुधवार, 3 नवंबर 2010

भय से सहायता

विभिन्न लोगों के लिये, भय विभिन्न अर्थ रखता है। पेशावर गोल्फ खिलाड़ी पैडरैग हैरिंगटन के लिये, भय प्रेरणा का कारण है जो उसे अपना सर्वोतम प्रदर्शन करने को उकसाता है। सन २००८ में, जब हैरिंगटन ने दो बड़ी प्रतियोगिताएं जीतीं, British Open और PGA Championship, तब उसने बताया " हां, भय मेरे जीवन का एक मुख्य भाग है। यद्यपि मैं कहना चाहुंगा कि मेरे पास विश्वास और धैर्य है तथा मैं शांत रहता हूँ, लेकिन वास्तविकता यह नहीं है। भय ही है जो मुझे आगे धकेलता है, भय ही है जो मुझे व्ययाम करने और अभ्यास करने को उकसाता है। मैं भय का उपयोग करके ही आगे बढ़ पाता हूँ।"

हो सकता है कि हैरिंगटन का यह भय असफलता का भय हो , या फिर अपने वर्चस्व को खोने का। उस भय का आधार जो भी हो, हैरिंगटन ने उसे अपने व्यवसायिक जीवन के लिये फायदेमन्द बना लिया है।

मसीही विश्वासी भी भय द्वारा सहायता पा सकते हैं। परमेश्वर का वचन बाइबल हमें चिताती है कि हम परमेश्वर के प्रति श्रद्धापूर्ण भय में जीवन व्यतीत करें। यह भय वह भय है जो सब प्रकार के भय से शेष्ट है। परमेश्वर का भय हमें उसके अनाज्ञाकारी होने या उसके मार्गों के विरोध में चलने के प्रति सचेत करता है। इस भय का अर्थ है हमारे महान परमेश्वर के प्रति आदर और श्रद्धा रखना, उसकी सिद्ध इच्छा की पूर्ति को समर्पित रहना और उसके ज्ञान और समझ के खोजी रहना और उनके अनुसार अपना जीवन चलाना। इसी कारण नीतिवचन ९:१० में लिखा है "यहोवा का भय मानना बुद्धि का आरम्भ है, और परमपवित्र ईश्वर को जानना ही समझ है।"

परमेश्वर के सही भय में रहकर हम इस अनिश्चित संसार में बुद्धिमानी से रह सकते हैं। - बिल क्राउडर


यदि परमेश्वर के भय में रहोगे तो फिर किसी अन्य भय से कभी भयभीत नहीं रहोगे।

यहोवा का भय मानना बुद्धि का आरम्भ है, और परमपवित्र ईश्वर को जानना ही समझ है। - नीतिवचन ९:१०


बाइबल पाठ: नीतिवचन ९:१-१२

बुद्धि ने अपना घर बनाया और उसके सातों खंभे गढ़े हुए हैं।
उस ने अपने पशु वध करके, अपने दाखमधु में मसाला मिलाया है, और अपनी मेज़ लगाई है।
उस ने अपनी सहेलियां, सब को बुलाने के लिये भेजी हैं; वह नगर के ऊंचे स्थानों की चोटी पर पुकारती है,
जो कोई भोला है वह मुड़कर यहीं आए! और जो निर्बुद्धि है, उस से वह कहती है,
आओ, मेरी रोटी खाओ, और मेरे मसाला मिलाए हुए दाखमधु को पीओ।
भोलों का संग छोड़ो, और जीवित रहो, समझ के मार्ग में सीधे चलो।
जो ठट्ठा करने वाले को शिक्षा देता है, सो अपमानित होता है, और जो दुष्ट जन को डांटता है वह कलंकित होता है।
ठट्ठा करने वाले को न डांट ऐसा न हो कि वह तुझ से बैर रखे, बुद्धिमान को डांट, वह तो तुझ से प्रेम रखेगा।
बुद्धिमान को शिक्षा दे, वह अधिक बुद्धिमान होगा; धर्मी को चिता दे, वह अपनी विद्या बढ़ाएगा।
यहोवा का भय मानना बुद्धि का आरम्भ है, और परमपवित्र ईश्वर को जानना ही समझ है।
मेरे द्वारा तो तेरी आयु बढ़ेगी, और तेरे जीवन के वर्ष अधिक होंगे।
यदि तू बुद्धिमान हो, तो बुद्धि का फल तू ही भोगेगा, और यदि तू ठट्ठा करे, तो दण्ड केवल तू ही भोगेगा।

एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह ३०, ३१
  • फिलेमौन

मंगलवार, 2 नवंबर 2010

पाप के बन्दी

सयंयुक्त राष्ट्र संघ के नशा और अपराध से संबंधित दफतर की सन २००८ की एक रिपोर्ट में बताया गया कि संसार भर में किसी भी समय औसतन १ करोड़ लोग बन्दीगृहों में कैदी होते हैं। क्योंकि कुछ बन्दी छोड़े जाते हैं और कुछ नए बन्दी बनते हैं, इसलिये औसतन संसार भर में प्रतिवर्ष लगभग ३ करोड़ लोग बन्दी रहते हैं। इस तरह के आंकड़ों के कारण बन्दीयों के लिये काम करने को बहुत से लोग प्रेरित हुए और उनके प्रयासों से, बहुत से देशों में बन्दीगृहों की दशा में और बन्दी बनाये जाने से संबंधित कनूनों में सुधार हो रहे हैं।

आत्मिक दृष्टिकोण से बाइबल इससे भी अधिक गंभीर और झकझोरने वाला आंकड़ा देती है " परन्‍तु पवित्र शास्‍त्र ने सब को पाप के आधीन कर दिया..." (गलतियों ३:२२) - सारा संसार पाप का कैदी है!

एक परिच्छेद में, जिस को समझने में बहुत लोगों को कठिनाई होती है, पौलुस कहता है कि यद्यपि पुराने नियम में दी गई व्यवस्था जीवन नहीं दे सकती थी (गलतियों ३:२१), फिर भी वह एक प्रभावी शिक्षक थी हमें यह दिखाने के लिये कि हमें एक उद्धारकर्ता की आवश्यक्ता है जो जीवन दे सके (गलतियों ३:२४)। भले ही संसार का पाप का बन्दी होना बुरा समाचार है, परन्तु साथ ही, उसी पद में सुसमाचार भी है "... ताकि वह प्रतिज्ञा जिस का आधार यीशु मसीह पर विश्वास करना है, विश्वास करने वालों के लिये पूरी हो जाए" (गलतियों ३:२२)। अर्थात, पाप के बन्दियों [संसार] के लिये प्रभु यीशु मसीह में विश्वास के द्वारा मुक्ति का मार्ग उपलब्ध है और जो कोई विश्वास से इस मार्ग पर चलेगा वह अवश्य मुक्ति पाएगा।

जब हम अपने पापों से पश्चाताप करके, साधारण विश्वास के साथ अपने जीवन प्रभु यीशु को समर्पित करते हैं, जो व्यवस्था की सारी आवश्यक्ताओं को हमारे लिये पूरा कर चुका है, तो वह हमारे पाप क्षमा करके अपनी धार्मिकता हमें दे देता है, और हम पाप के दासत्व से मुक्त हो जाते हैं। ऐसे लोग अब प्रभु की विश्वव्यापी मण्डली के सदस्य हो जाते हैं, जिसमें देश, राष्ट्रियता, रंग, भाषा, धर्म, सामाजिक ओहदे आदि बातों का कोई महत्व नहीं है। उस मण्डली में सब समान रूप से प्रभु के प्रिय तथा परमेश्वर की सन्तान और उसकी आशीशों के वारिस हैं। ऐसी कोई भी बात जो आज संसार के लोगों को विभाजित करती है, वहां महत्व नहीं रखती।

प्रभु यीशु में हम वास्तव में स्वतंत्र हैं! - डेविड मैककैसलैंड


पापों से मुक्ती ही सबसे बड़ी स्वतंत्रता है।

परन्‍तु पवित्र शास्‍त्र ने सब को पाप के आधीन कर दिया, ताकि वह प्रतिज्ञा जिस का आधार यीशु मसीह पर विश्वास करना है, विश्वास करने वालों के लिये पूरी हो जाए। - गलतियों ३:२२


बाइबल पाठ: गलतियों ३:१९-२९

तब फिर व्यवस्था क्या रही? वह तो अपराधों के कारण बाद में दी गई, कि उस वंश के आने तक रहे, जिस की प्रतिज्ञा दी गई थी, और वह स्‍वर्गदूतों के द्वारा एक मध्यस्थ के हाथ ठहराई गई।
मध्यस्थ तो एक का नहीं होता, परन्‍तु परमेश्वर एक ही है।
तो क्‍या व्यवस्था परमेश्वर की प्रतिज्ञाओं के विरोध में है? कदापि न हो, क्‍योंकि यदि ऐसी व्यवस्था दी जाती जो जीवन दे सकती, तो सचमुच धामिर्कता व्यवस्था से होती।
परन्‍तु पवित्र शास्‍त्र ने सब को पाप के आधीन कर दिया, ताकि वह प्रतिज्ञा जिस का आधार यीशु मसीह पर विश्वास करना है, विश्वास करने वालों के लिये पूरी हो जाए।
पर विश्वास के आने से पहिले व्यवस्था की अधीनता में हमारी रखवाली होती थी, और उस विश्वास के आने तक जो प्रगट होने वाला था, हम उसी के बन्‍धन में रहे।
इसलिये व्यवस्था मसीह तक पहुंचाने को हमारा शिक्षक हुई है, कि हम विश्वास से धर्मी ठहरें।
परन्‍तु जब विश्वास आ चुका, तो हम अब शिक्षक के आधीन न रहे।
क्‍योंकि तुम सब उस विश्वास करने के द्वारा जो मसीह यीशु पर है, परमेश्वर की सन्‍तान हो।
और तुम में से जितनों ने मसीह में बपतिस्मा लिया है उन्‍होंने मसीह को पहिन लिया है।
अब न कोई यहूदी रहा और न यूनानी, न कोई दास, न स्‍वतंत्र, न कोई नर, न नारी; क्‍योंकि तुम सब मसीह यीशु में एक हो।
और यदि तुम मसीह के हो, तो इब्राहीम के वंश और प्रतिज्ञा के अनुसार वारिस भी हो।
एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह २७-२९
  • तीतुस ३

सोमवार, 1 नवंबर 2010

अज्ञात रहने की लालसा

मेरे जीवन में सदा ही बदसलूकी करने और अज्ञात रहने की इच्छा साथ साथ आती हैं। ये दोनो, सहयोगियों कि तरह मिलकर, मुझे विश्वास दिलाना चाहती हैं कि मैं अज्ञात रहकर मनमानी कर सकता हूँ और फिर उस मनमानी के दुषपरिणामों के उत्तरदायित्व से बच सकता हूँ।

मनुष्य का स्वभाव है कि वह गुमनाम और अज्ञात रहकर अपने दुषकर्मों के दायित्व से बचने का प्रयास करता है। बाइबल बताती है कि परमेश्वर भी चाहता है कि उसके लोग कुछ बातों को करने के लिये गुमनाम और अज्ञात बने रहें - भले काम करके उनकी कीर्ति पाने से बचने के लिये ( मती ६:४)! तो फिर क्यूँ कुछ भला करने की लालसा के साथ मुझमें उस बात के लिये अज्ञात रहने की लालसा नहीं आती?

बाइबल सिखाती है कि जब हम भला करें तो हमारा एक हाथ न जानने पाए कि दूसरे ने क्या किया है। अर्थात मसीह की देह, उसकी मण्डली, के अंग होने के नाते, हमारे भलाई के काम ऐसे किये जाने चाहियें के वे लोगों का ध्यान हमारी ओर आकर्षित न करें। इसका यह मतलब नहीं है कि परमेश्वर चाहता है कि हमारे भले काम छुपे रहें, इसका इतना ही अर्थ है कि हमारे भले कामों के द्वारा परमेश्वर के नाम को महिमा मिले, न कि हमें जिससे उनके लिये हमारा प्रतिफल परमेश्वर कि ओर से आए न कि मनुष्यों कि ओर से (मती ५:१६)।

जब हम गुमनामी में रहकर परमेश्वर के नाम से सेवा का कोई कार्य करते हैं, या ऐसे चर्च अथवा ऐसी संस्थाओं और संगठनों को दान देते हैं जो प्रभु यीशु के नाम में भले कामों में उस पैसे को व्यय करने में लगे हैं, तो हम चंद मनुष्यों से मिलने वाले थोड़े से आदर से भी कहीं बड़ा और भला वापस पाते हैं - हमें परमेश्वर से आदर और प्रतिफल मिलता है; क्योंकि हमारी भलाई से परमेश्वर को आदर मिला और वह अपने आदर देने वाले को कभी ऐसे ही नहीं छोड़ देता।

परमेश्वर के लिये भले कामों में अज्ञात और गुमनाम रहने की लालसा रखिये, आपके लिये बड़ा नाम और प्रतिफल तैयार रहेगा। - जूली ऐकरमैन लिंक


जब हम अपने नहीं वरन यीशु के नाम से कार्य करते हैं तो उसे महिमा मिलती है।

परन्‍तु जब तू दान करे, तो जो तेरा दाहिना हाथ करता है, उसे तेरा बांया हाथ न जानने पाए। ताकि तेरा दान गुप्‍त रहे, और तब तेरा पिता जो गुप्‍त में देखता है, तुझे प्रतिफल देगा। - मत्ती ६:३, ४


बाइबल पाठ: मत्ती ६:१-४

सावधान रहो! तुम मनुष्यों को दिखाने के लिये अपने धर्म के काम न करो, नहीं तो अपने स्‍वर्गीय पिता से कुछ भी फल न पाओगे।
इसलिये जब तू दान करे, तो अपने आगे तुरही न बजवा, जैसा कपटी, सभाओं और गलियों में करते हैं, ताकि लोग उन की बड़ाई करें, मैं तुम से सच कहता हूं, कि वे अपना फल पा चुके।
परन्‍तु जब तू दान करे, तो जो तेरा दाहिना हाथ करता है, उसे तेरा बांया हाथ न जानने पाए।
ताकि तेरा दान गुप्‍त रहे, और तब तेरा पिता जो गुप्‍त में देखता है, तुझे प्रतिफल देगा।

एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह २४-२६
  • तीतुस २

रविवार, 31 अक्टूबर 2010

पवित्रता के लिये पृथक

अमेरिका में अक्तूबर महीने का यह अन्तिम दिन "हैलोवीन दिवस" कहकर मनाया जाता है, जिसमें बच्चे भेस बदल कर और थैले लिये घर घर जाते हैं और घर वाले उन्हें उनके थैलों में मिठाइयां देते हैं। "हैलोवीन" अंग्रज़ी के hallow [हैलो] शब्द से आया है, जिसका अर्थ होता है पवित्र। आज कल यह शब्द बहुत कम प्रयोग होता है, और जब होता है तो इसके विभिन्न अर्थ हो जाते हैं।

मसीही विश्वास में हैलो का अर्थ पवित्र ही है। जब किसी चीज़ या जन को हैलो किया जाता है, तो उसका तातपर्य होता है कि वह पवित्रता के लिये पृथक किया गया है, जैसा प्रभु की प्रार्थना में परमेश्वर के संदर्भ में इसके प्रयोग से प्रकट है "Hallowed be thy name" - तेरा नाम पवित्र माना जाए। केवल परमेश्वर का नाम ही पवित्र नहीं ठहराया गया है, वरन प्रत्येक मसीही विश्वासी को अपने आप को भी पवित्रता में रखना है, जैसा पौलुस ने तिमुथियुस को सिखाया, कि वह ऐसा पात्र बने जो परमेश्वर के उपयोग के लिये पवित्र हो "तौभी परमेश्वर की पक्की नेव बनी रहती है, और उस पर यह छाप लगी है, कि प्रभु अपनों को पहिचानता है; और जो कोई प्रभु का नाम लेता है, वह अधर्म से बचा रहे। बड़े घर में न केवल सोने-चान्‍दी ही के, पर काठ और मिट्टी के बरतन भी होते हैं; कोई कोई आदर, और कोई कोई अनादर के लिये। यदि कोई अपने आप को इन से शुद्ध करेगा, तो वह आदर का बरतन, और पवित्र ठहरेगा, और स्‍वामी के काम आएगा, और हर भले काम के लिये तैयार होगा। जवानी की अभिलाषाओं से भाग, और जो शुद्ध मन से प्रभु का नाम लेते हैं, उन के साथ धर्म, और विश्वास, और प्रेम, और मेल-मिलाप का पीछा कर। पर मूर्खता, और अविद्या के विवादों से अलग रह क्‍योंकि तू जानता है, कि उन से झगड़े होते हैं" (२ तिमुथियुस २:१९-२३)।

अक्तूबर के इस अन्तिम दिन अमेरिका में बच्चे तो मिठाईयों के थैले लिये घूमते हैं, परन्तु हमें विचार करना है कि हम अपने मन में क्या लिये घूम रहे हैं? हमारे जीवन के पात्र में क्या भरा है? क्या हमारे जीवन द्वेश और कलह की कड़ुवाहट से भरे हैं जिनसे मूर्खता और अविद्या के विवाद उत्पन्न होते हैं, या वे परमेश्वर की आत्मा की मिठास से भरे हैं जिनसे समाज में धार्मिकता, विश्वास, प्रेम और शांति फैलती है?

हम न सिर्फ आज के दिन को, वरन हर दिन अपने आप को परमेश्वर के लिये पवित्र और उपयोगी होने के लिये पृथक और समर्पित कर के, हर दिन को "हैलो" कर सकते हैं। - जूली ऐकरमैन लिंक


मसीही विश्वासी के लिये सबसे बड़े आनन्द की बात है उसका परमेश्वर के लिये उपयोगी होना।

यदि कोई अपने आप को इन से शुद्ध करेगा, तो वह आदर का बरतन, और पवित्र ठहरेगा, और स्‍वामी के काम आएगा, और हर भले काम के लिये तैयार होगा। - २ तिमुथियुस २:२१


बाइबल पाठ: २ तिमुथियुस २:१९-२६

तौभी परमेश्वर की पक्की नेव बनी रहती है, और उस पर यह छाप लगी है, कि प्रभु अपनों को पहिचानता है; और जो कोई प्रभु का नाम लेता है, वह अधर्म से बचा रहे।
बड़े घर में न केवल सोने-चान्‍दी ही के, पर काठ और मिट्टी के बरतन भी होते हैं; कोई कोई आदर, और कोई कोई अनादर के लिये।
यदि कोई अपने आप को इन से शुद्ध करेगा, तो वह आदर का बरतन, और पवित्र ठहरेगा, और स्‍वामी के काम आएगा, और हर भले काम के लिये तैयार होगा।
जवानी की अभिलाषाओं से भाग, और जो शुद्ध मन से प्रभु का नाम लेते हैं, उन के साथ धर्म, और विश्वास, और प्रेम, और मेल-मिलाप का पीछा कर।
पर मूर्खता, और अविद्या के विवादों से अलग रह क्‍योंकि तू जानता है, कि उन से झगड़े होते हैं
और प्रभु के दास को झगड़ालू होना न चाहिए, पर सब के साथ कोमल और शिक्षा में निपुण, और सहनशील हो।
और विरोधियों को नम्रता से समझाए, क्‍या जाने परमेश्वर उन्‍हें मन फिराव का मन दे, कि वे भी सत्य को पहिचानें।
और इस के द्वारा उस की इच्‍छा पूरी करने के लिये सचेत होकर शैतान के फंदे से छूट जाए।

एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह २२, २३
  • तीतुस १

शनिवार, 30 अक्टूबर 2010

साथी और भगौड़े

उपन्यासकार स्टीफन ब्लाइ का मानना है कि मित्र और घोड़े दो प्रकार के होते हैं - एक वे जो हर परिस्थिति में साथ खड़े रहते हैं और दूसरे वे जो परेशानी की भनक पड़ते ही साथ छोड़कर भाग निकलते हैं और आपको अकेले ही खतरों का सामना करने के लिये छोड़ देते हैं। दुर्भाग्यवश, मित्रों और घोड़ों का यह भेद तब तक नहीं मालूम नहीं पड़ता जब तक आप मुसीबत में नहीं पड़ जाते, और तब बहुत देर हो चुकती है, यदि आपका मित्र साथ खड़े रहने वाला न हो!

परेशानियों के समय में प्रत्येक को ऐसे मित्रों की आवश्यक्ता होती है जिन पर वह भरोसा कर सके। किंतु बजाए इसके कि हम यह चिंता करें कि हमारे मित्र किस श्रेणी के हैं, हमें यह जांचने की आवश्यक्ता है कि स्वयं हम किस श्रेणी के हैं - साथी या भगौड़े? नीतिवचन का लेखक बताता है कि "मित्रों के बढ़ाने से तो नाश होता है, परन्तु ऐसा मित्र होता है, जो भाई से भी अधिक मिला रहता है" (नीतिवचन १८:२४); तथा "मित्र सब समयों में प्रेम रखता है, और विपत्ति के दिन भाई बन जाता है" (नीतिवचन १७:१७)।

अपनी सेवकाई के अन्तिम दिनों में, जब वह अपने मृत्युदण्ड की आज्ञा के पूरे होने का इंतिज़ार कर रहा था, पौलुस के साथ के कई लोग उसका साथ छोड़ कर चले गए। अपनी अन्तिम पत्री में पौलुस ने अपने साथियों और भगौड़ों में से कुछ के नाम लिखे, उनमें से एक भगौड़ा था देमास; और साथी था लूका ( २ तिमुथियुस ४:१०, ११)। यद्यपि अपने भगौड़े मित्रों के कारण पौलुस अवश्य बहुत निराश हुआ होगा किंतु अपने साथीयों के कारण उसका ढ़ाढ़स भी बन्धा होगा।

जब वे जिन्हें हम मित्र कहते हैं किसी परेशानी में पड़ेंगे तो उनके लिये हम किस श्रेणी के मित्र ठहरेंगे - साथी या भगौड़े, यह तो वक्त और परिस्थितियां ही बता सकेंगी; परन्तु एक है - प्रभु यीशु, जिसका अपने लोगों से अटूट वायदा है "मैं न तुझे कभी छोड़ुंगा और कभी तुझे त्यागुंगा" (इब्रानियों १३:५), और यह वायदा आज तक कभी भी, किसी भी परिस्थिति में, किसी के लिये झूठा साबित नहीं हुआ है। उसने आपके पाप और अविश्वास की दशा में भी, आपके लिये अपनी जान देकर अपने इस वायदे को स्थापित तथा प्रमाणित किया है।

प्रभु यीशु को अपना मित्र बना लीजिए, वह कभी भगौड़ा नहीं होगा, सदा साथी ही रहेगा; एक ऐसा मित्र जो भाई से अधिक मिला रहता है। - बिल क्राउडर


एक सच्चा मित्र हर परीक्षा में साथ खड़ा मिलेगा।

मित्र सब समयों में प्रेम रखता है, और विपत्ति के दिन भाई बन जाता है। - नीतिवचन १७:१७


बाइबल पाठ: २ तिमुथियुस ४:६-१८

क्‍योंकि अब मैं अर्घ की नाई उंडेला जाता हूं, और मेरे कूच का समय आ पहुंचा है।
मैं अच्‍छी कुश्‍ती लड़ चुका हूं मैं ने अपनी दौड़ पूरी कर ली है, मैं ने विश्वास की रखवाली की है।
भविष्य में मेरे लिये धर्म का वह मुकुट रखा हुआ है, जिसे प्रभु, जो धर्मी, और न्यायी है, मुझे उस दिन देगा और मुझे ही नहीं, बरन उन सब को भी, जो उसके प्रगट होने को प्रिय जानते हैं।
मेरे पास शीघ्र आने का प्रयत्‍न कर।
क्‍योंकि देमास ने इस संसार को प्रिय जानकर मुझे छोड़ दिया है, और थिस्‍सलुनीके को चला गया है, और क्रेसकेंस गलतिया को और तीतुस दलमतिया को चला गया है।
केवल लूका मेरे साथ है: मरकुस को लेकर चला आ, क्‍योंकि सेवा के लिये वह मेरे बहुत काम का है।
तुखिकुस को मैं ने इफिसुस को भेजा है।
जो बागा मैं त्रोआस में करपुस के यहां छोड़ आया हूं, जब तू आए, तो उसे और पुस्‍तकें विशेष करके चर्म पत्रों को लेते आना।
सिकन्‍दर ठठेरे ने मुझ से बहुत बुराइयां की हैं प्रभु उसे उसके कामों के अनुसार बदला देगा।
तू भी उस से सावधान रह, क्‍योंकि उस ने हमारी बातों का बहुत ही विरोध किया।
मेरे पहिले प्रत्युत्तर करने के समय में किसी ने भी मेरा साथ नहीं दिया, बरन सब ने मुझे छोड़ दिया था: भला हो, कि इस का उनको लेखा देना न पड़े।
परन्‍तु प्रभु मेरा सहायक रहा, और मुझे सामर्थ दी: ताकि मेरे द्वारा पूरा पूरा प्रचार हो, और सब अन्यजाति सुन ले; और मैं तो सिंह के मुंह से छुड़ाया गया।
और प्रभु मुझे हर एक बुरे काम से छुड़ाएगा, और अपने स्‍वर्गीय राज्य में उद्धार करके पहुंचाएगा: उसी की महिमा युगानुयुग होती रहे। आमीन।
एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह २०, २१
  • २ तिमुथियुस ४

शुक्रवार, 29 अक्टूबर 2010

अन्मोल लोग

अमेरिका के एक प्रसिद्ध अखबार में एक लेख छपा, जिसमें कुछ अधेड़ अमेरिकी नागरिकों द्वारा उनकी खोई हुई प्रिय कार को ढूंढ निकालने के प्रयासों का वर्णन था। ये लोग विज्ञापनों द्वारा खोज कर, रद्दी सामान के स्थानों में ढूंढकर और ढूंढने में माहिर विशेषज्ञों का सहारा लेकर, जो एक घंटे के लिये $४०० तक का मेहनताना लेते हैं, अपनी जवानी के प्रतीक को खोज निकालना चाहते हैं। उन्हें अपनी कार जैसी कोई दूसरी कार नहीं चाहिये, उन्हें केवल वही खोई हुई कार चाहिये जो कभी उनकी हुआ करती थी!

बहुत से लोगों के लिये उनके ये प्रयास व्यर्थ तथा समय और पैसे की बरबादी हैं, लेकिन उन लोगों के लिये उनकी वह खोई हुई कार अन्मोल है और उसकी कीमत वे ही समझते हैं।

बाइबल के लूका १५ में कुछ ऐसे लोगों के बारे में लिखा है जो समाज की दृष्टि में निन्दित और तिरिस्किरित थे, पर वे प्रभु यीशु के पास उसके प्रवचन सुनने आते थे। कुछ धार्मिक अगुवों को यह नागवार गुज़रा और उन्होंने प्रभु के लिये लांछन दिया "...कि यह तो पापियों से मिलता है और उन के साथ खाता भी है" (लूका १५:२)। यह सुन कर प्रभु यीशु ने तीन नीतिकथाएं सुनाईं जिनके द्वारा उसने सिखाया कि ये पापी भी परमेश्वर की दृष्टि में कितने बहुमूल्य हैं। ये तीन नीतिकथाएं थीं खोयी हुए भेड़ (लूका १५:४-७), खोये हुए सिक्के (लूका १५:८-१०) और खोए हुए पुत्र (लूका १५:११-३२) के विषय में। हर एक नीतिकथा कुछ खोने के दर्द, खोजने के प्रयास और पाने के आनन्द को दर्शाती है। हर एक नीतिकथा में हम परमेश्वर के चित्रण को देखते हैं, उस प्रेमी परमेश्वर पिता के रूप में जो पाप में खोई हुई प्रत्येक आत्मा के वापस लौट आने से अति आनन्दित होता है।

चाहे आज आप अपने आप को परमेश्वर से कितना भी दूर महसूस करते हों या उससे कितना भी दूर क्यों न चले गए हों, आप आज भी उसकी दृष्टि में अनमोल हैं। वह आपको ढूंढ रहा है और आपके लौट आने का इन्तिज़ार कर रहा है। - डेविड मैककैसलैंड


जो खोए हुओं में से वापस लौट आए हैं, अब उनका कर्तव्य खोए हुओं को ढूंढना और लौटने का मार्ग दिखाना है।

क्‍योंकि मेरा यह पुत्र मर गया था, फिर जी गया है : खो गया था, अब मिल गया है: और वे आनन्‍द करने लगे। - लूका १५:२४


बाइबल पाठ: लूका १५:१-२४

सब चुंगी लेने वाले और पापी उसके पास आया करते थे ताकि उस की सुनें।
और फरीसी और शास्त्री कुड़कुड़ा कर कहने लगे, कि यह तो पापियों से मिलता है और उन के साथ खाता भी है।
तब उस ने उन से यह दृष्टान्त कहा।
तुम में से कौन है जिस की सौ भेड़ें हों, और उन में से एक खो जाए तो निन्नानवे को जंगल में छोड़कर, उस खोई हुई को जब तक मिल न जाए खोजता न रहे?
और जब मिल जाती है, तब वह बड़े आनन्द से उसे कांधे पर उठा लेता है।
और घर में आकर मित्रों और पड़ोसियों को इकट्ठे करके कहता है, मेरे साथ आनन्द करो, क्योंकि मेरी खोई हुई भेड़ मिल गई है।
मैं तुम से कहता हूं; कि इसी रीति से एक मन फिराने वाले पापी के विषय में भी स्वर्ग में इतना ही आनन्द होगा, जितना कि निन्नानवे ऐसे धमिर्यों के विषय नहीं होता, जिन्हें मन फिराने की आवश्यकता नहीं।
या कौन ऐसी स्त्री होगी, जिस के पास दस सिक्के हों, और उन में से एक खो जाए; तो वह दीया बारकर और घर झाड़ बुहार कर जब तक मिल न जाए, जी लगाकर खोजती न रहे?
और जब मिल जाता है, तो वह अपने सखियों और पड़ोसिनियों को इकट्ठी करके कहती है, कि मेरे साथ आनन्द करो, क्योंकि मेरा खोया हुआ सिक्का मिल गया है।
मैं तुम से कहता हूं; कि इसी रीति से एक मन फिराने वाले पापी के विषय में परमेश्वर के स्वर्गदूतों के साम्हने आनन्द होता है।
फिर उस ने कहा, किसी मनुष्य के दो पुत्र थे।
उन में से छुटके ने पिता से कहा कि हे पिता संपत्ति में से जो भाग मेरा हो, वह मुझे दे दीजिए। उस ने उन को अपनी संपत्ति बांट दी।
और बहुत दिन न बीते थे कि छुटका पुत्र सब कुछ इकट्ठा करके एक दूर देश को चला गया और वहां कुकर्म में अपनी संपत्ति उड़ा दी।
जब वह सब कुछ खर्च कर चुका, तो उस देश में बड़ा अकाल पड़ा, और वह कंगाल हो गया।
और वह उस देश के निवासियों में से एक के यहां जा पड़ा : उस ने उसे अपने खेतों में सूअर चराने के लिये भेजा।
और वह चाहता था, कि उन फलियों से जिन्हें सूअर खाते थे अपना पेट भरे; और उसे कोई कुछ नहीं देता था।
जब वह अपने आपे में आया, तब कहने लगा, कि मेरे पिता के कितने ही मजदूरों को भोजन से अधिक रोटी मिलती है, और मैं यहां भूखा मर रहा हूं।
मैं अब उठकर अपने पिता के पास जाऊंगा और उस से कहूंगा कि पिता जी मैं ने स्वर्ग के विरोध में और तेरी दृष्टि में पाप किया है।
अब इस योग्य नहीं रहा कि तेरा पुत्र कहलाऊं, मुझे अपने एक मजदूर की नाईं रख ले।
तब वह उठकर, अपने पिता के पास चला: वह अभी दूर ही था, कि उसके पिता ने उसे देखकर तरस खाया, और दौड़कर उसे गले लगाया, और बहुत चूमा।
पुत्र ने उस से कहा; पिता जी, मैं ने स्वर्ग के विरोध में और तेरी दृष्टि में पाप किया है; और अब इस योग्य नहीं रहा, कि तेरा पुत्र कहलाऊं।
परन्तु पिता ने अपने दासों से कहा; झट अच्छे से अच्छा वस्त्र निकालकर उसे पहिनाओ, और उसके हाथ में अंगूठी, और पांवों में जूतियां पहिनाओ।
और पला हुआ बछड़ा लाकर मारो ताकि हम खांए और आनन्द मनावें।
क्योंकि मेरा यह पुत्र मर गया था, फिर जी गया है : खो गया था, अब मिल गया है: और वे आनन्द करने लगे।

एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह १८, १९
  • २ तिमुथियुस ३

गुरुवार, 28 अक्टूबर 2010

शैतान से धोखा

राडोवान कराडज़िक, एक समय बोसनिया में रहने वाले सर्ब लोगों का अगुवा था। उस देश में चले गृह युद्ध के दौरान, उसके ऊपर अपनी जाति से भिन्न साधारण नागरिकों के भारी नरसंहार का इल्ज़ाम था और वह ऐसा अपराधी था जिसे संसार में सबसे अधिक खोजा जा रहा था। लम्बी सफेद दाढ़ी बढ़ाए हुए और नकली पहचान पत्र रखकर वह एक चिकित्सक के रूप में काम करता रहा और लोगों को धोखा देता रहा। ऐसे १३ साल तक छुपे रहने के बाद अन्ततः उसकी असलियत पता लगी और वह पकड़ा गया।

बाइबल बताती है कि शैतान भी लोगों को भेष बदल कर धोखा देते रहने में माहिर है, और सृष्टि के आरंभ से ऐसा करता आ रहा है। मनुष्य के इतिहास के आरंभ में, अदन की वाटिका में वह ज्ञानी सलाहकार बन कर हव्वा के पास आया, और उसे यह समझा कर बहकाया कि परमेश्वर उसके और आदम के साथ पूरी तरह से ईमानदार नहीं है (उत्पति ३:१-५)। पौलुस सचेत रहने को कहता है "क्‍योंकि शैतान आप भी ज्योतिमर्य स्‍वर्गदूत का रूप धारण करता है" (२ कुरिन्थियों ११:१४)।

प्रभु यीशु ने शैतान की वास्तविकता प्रगट करी - " तुम अपने पिता शैतान से हो, और अपने पिता की लालसाओं को पूरा करना चाहते हो। वह तो आरम्भ से हत्यारा है, और सत्य पर स्थिर न रहा, क्‍योंकि सत्य उस में है ही नहीं: जब वह झूठ बोलता, तो अपने स्‍वभाव ही से बोलता है, क्‍योंकि वह झूठा है, बरन झूठ का पिता है" (यूहन्ना ८:४)। हर एक झूठ और धोखा शैतान की ओर से है, चाहे वह झूठ कितना भी आकर्षक, तर्कसंगत या परिस्थितियों के संदर्भ में कितना भी उचित क्यों न लगे। तर्क और ज्ञान के ऐसे जाल में फंसा कर शैतान लोगों को बहकाता और फंसाता रहता है।

शैतान के विषय में लोग दो तरह की गलत धारणा रखने के कारण धोखा खा जाते हैं। कुछ तो उसे कालपनिक मान कर नज़रअंदाज़ कर देते हैं और कुछ अन्य उसे वास्तविकता से अधिक सामर्थशाली मानकर उसके आगे घुटने टेक देते हैं। हम धोखा न खाएं, शैतान सामर्थी अवश्य है, बाइबल भी उसे "इस संसार[युग] का ईश्वर" कहकर संबोधित करती है (२ कुरिन्थियों ४:४); लेकिन प्रभु यीशु मसीह के विश्वासियों को उसके सामने डरने और घबराने की आवश्यक्ता नहीं है क्योंकि विश्वासियों के लिये बाइबल यह भी बताती है कि " हे बालको, तुम परमेश्वर के हो: और तुम ने उन पर जय पाई है, क्‍योंकि जो तुम में है, वह उस से जो संसार में है, बड़ा है" (१ युहन्ना ४:४)। वह दिन आने को है जब शैतान सदा काल के लिये आग की झील में डाल दिया जाएगा (प्रकशितवाक्य २०:१०)।

शैतान के उसके अंजाम तक पहुंचने के दिन तक हम चौकस रहें कि वह हमें धोखा न देने पाए और हम ऐसे धर्मी जीवन जीते रहें जो मसीह के चरित्र को प्रदर्शित करते हों क्योंकि "...वही सच्‍चा है, और उस में अधर्म नहीं" (यूहना ७:१८)। - सी. पी. हिया


शैतान के पास सिवाय धोखे और कपट के और कुछ देने को नहीं है।

फिर मैं ने स्‍वर्ग पर से यह बड़ा शब्‍द आते हुए सुना, कि अब हमारे परमेश्वर का उद्धार, और सामर्थ, और राज्य, और उसके मसीह का अधिकार प्रगट हुआ है, क्‍योंकि हमारे भाइयों पर दोष लगाने वाला, जो रात दिन हमारे परमेश्वर के साम्हने उन पर दोष लगाया करता था, गिरा दिया गया। - प्रकशितवाक्य १२:१०


बाइबल पाठ: प्रकशितवाक्य १२:७-१२

फिर स्‍वर्ग पर लड़ाई हुई, मीकाईल और उसके स्‍वर्गदूत अजगर से लड़ने को निकले, और अजगर और उनके दूत उस से लड़े।
परन्‍तु प्रबल न हुए, और स्‍वर्ग में उन के लिये फिर जगह न रही।
और वह बड़ा अजगर अर्थात वही पुराना सांप, जो इब्‍लीस और शैतान कहलाता है, और सारे संसार का भरमाने वाला है, पृथ्वी पर गिरा दिया गया, और उसके दूत उसके साथ गिरा दिए गए।
फिर मैं ने स्‍वर्ग पर से यह बड़ा शब्‍द आते हुए सुना, कि अब हमारे परमेश्वर का उद्धार, और सामर्थ, और राज्य, और उसके मसीह का अधिकार प्रगट हुआ है, क्‍योंकि हमारे भाइयों पर दोष लगाने वाला, जो रात दिन हमारे परमेश्वर के साम्हने उन पर दोष लगाया करता था, गिरा दिया गया।
और वे मेम्ने के लोहू के कारण, और अपनी गवाही के वचन के कारण, उस पर जयवन्‍त हुए, और उन्‍होंने अपने प्राणों को प्रिय न जाना, यहां तक कि मृत्यु भी सह ली।
इस कारण, हे स्‍वर्गों, और उन में के रहने वालों मगन हो; हे पृथ्वी, और समुद्र, तुम पर हाय! क्‍योंकि शैतान बड़े क्रोध के साथ तुम्हारे पास उतर आया है, क्‍योंकि जानता है, कि उसका थोड़ा ही समय और बाकी है।

एक साल में बाइबल:
  • यर्मियाह १५-१७
  • २ तिमुथियुस २