ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

चित्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चित्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 18 सितंबर 2020

हथेलियों

 

        सुप्रसिद्ध मसीही प्रचारक चार्ल्स स्पर्जन के 1800 के वर्षों में लन्डन के उनके चर्च में उनके द्वारा की गई अनेकों वर्षों की सेवकाई में, उन्हें परमेश्वर के वचन बाइबल में से यशायाह 49:16 पर प्रचार करना बहुत पसंद था, जहाँ लिखा है कि परमेश्वर ने हमारा चित्र अपनी हथेलियों पर खोद कर बना रखा है। स्पर्जन कहते थे कि “ऐसे पदों से सैंकड़ों बार प्रचार किया जाना चाहिए!” यह विचार इतना बहुमूल्य है कि हम इसे अपने मनों में बारंबार दोहराते रह सकते हैं।

        स्पर्जन ने परमेश्वर द्वारा अपने लोगों, इस्राएलियों से की गई इस प्रतिज्ञा का अद्भुत संबंध परमेश्वर के पुत्र प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर मरने के साथ दिखाया। स्पर्जन ने पूछा, “तुम्हारी हथेलियों में ये घाव कैसे हैं? ... खोदने वाले के औज़ार वे कील और हथौड़ा थे। उसे क्रूस पर ठोका गया, जिससे कि उसके लोग उसकी हथेलियों पर खोदे जाएँ।” जिस प्रकार प्रभु ने अपने लोगों को अपनी हथेलियों पर खोद लेने की प्रतिज्ञा दी, वैसे ही यीशु ने अपनी बाहें क्रूस पर फैलाईं, और कीलों को अपनी हथेलियों में स्वीकार किया, जिससे कि हम पापों से मुक्त हो सकें।

        यदि कभी हमें यह सोचने का प्रलोभन हो कि परमेश्वर हमें भूल गया है, तो हमें बस अपनी हथेलियों की ओर देखने भर की आवश्यकता है और परमेश्वर की प्रतिज्ञा हमें स्मरण हो आएगी। उसने हमारे लिए अपनी हथेलियों पर कभी न मिट सकने वाले निशान बना लिए हैं; वह हम से इतना प्रेम करता है। - एमी बाउचर पाई

 

प्रभु ने हमारा चित्र अपनी हथेलियों पर बना रखा है।


तुम्हारा स्वभाव लोभ रहित हो, और जो तुम्हारे पास है, उसी पर संतोष किया करो; क्योंकि उसने आप ही कहा है, कि मैं तुझे कभी न छोडूंगा, और न कभी तुझे त्यागूंगा। इसलिये हम बेधड़क हो कर कहते हैं, कि प्रभु, मेरा सहायक है; मैं न डरूंगा; मनुष्य मेरा क्या कर सकता है। - इब्रानियों 13:5-6

बाइबल पाठ:   यशायाह 49:14-18

यशायाह 49:14 परन्तु सिय्योन ने कहा, यहोवा ने मुझे त्याग दिया है, मेरा प्रभु मुझे भूल गया है।

यशायाह 49:15 क्या यह हो सकता है कि कोई माता अपने दूध पिउवे बच्चे को भूल जाए और अपने जन्माए हुए लड़के पर दया न करे? हां, वह तो भूल सकती है, परन्तु मैं तुझे नहीं भूल सकता।

यशायाह 49:16 देख, मैं ने तेरा चित्र हथेलियों पर खोदकर बनाया है; तेरी शहरपनाह सदैव मेरी दृष्टि के सामने बनी रहती है।

यशायाह 49:17 तेरे लड़के फुर्ती से आ रहे हैं और खण्डहर बनाने वाले और उजाड़ने वाले तेरे बीच से निकले जा रहे हैं।

यशायाह 49:18 अपनी आंखें उठा कर चारों ओर देख, वे सब के सब इकट्ठे हो कर तेरे पास आ रहे हैं। यहोवा की यह वाणी है कि मेरे जीवन की शपथ, तू निश्चय उन सभों को गहने के समान पहन लेगी, तू दुल्हन के समान अपने शरीर में उन सब को बान्ध लेगी।

 

एक साल में बाइबल: 

  • नीतिवचन 30-31
  • 2 कुरिन्थियों 11:1-15

बुधवार, 27 मार्च 2019

छवि



      द्वितीय विश्वयुद्ध में इंग्लैण्ड के प्रधान-मंत्री रहे और मित्र राष्ट्रों के साथ विजय में इंग्लैण्ड का नेतृत्व करने वाले, विंस्टन चर्चिल के अस्सीवें जन्म-दिवस के अवसर पर ब्रिटिश संसद ने चित्रकार ग्राहम सदरलैंड को नियुक्त किया कि वे उस सुप्रसिद्ध राजनैतिज्ञ का एक चित्र बनाएँ। कहा जाता है कि चर्चिल ने सदरलैंड से पूछा, “मुझे चित्र में कैसा दिखाओगे; मनोहर स्वर्गदूत जैसा या बुलडॉग के समान?” चर्चिल को अपनी ये दोनों ही छवियाँ पसन्द थीं। किन्तु सदरलैंड ने उत्तर दिया कि जैसा उसे दिखाई देगा, वह वैसा ही चित्र में दिखाएंगे।

      चित्र के बन जाने पर चर्चिल को वह पसन्द नहीं आया; चित्र में चर्चिल को कुर्सी पर पसर कर बैठे दिखाया गया था, और उनके चहरे पर उनकी विख्यात चढ़ी हुई त्यौरियाँ थीं। यह चित्र वास्तविकता के समान तो था किन्तु चर्चिल को प्रशंसनीय दिखाने वाला नहीं था। उस चित्र के औपचारिक अनावरण समारोह के पश्चात उसे तहखाने में रख दिया गया, और बाद में गुप्त रूप से नष्ट कर दिया गया।

      चर्चिल के समान, हम सब के मनों में भी अपनी एक छवि होती है, जिसे हम औरों के सामने रखना चाहते हैं – चाहे वह सफलता, या भक्ति, या सुन्दरता, या शक्ति, या अन्य किसी भी गुण की हो। हम लोगों से अपने “कुरूप” स्वरूप को छिपाने के लिए बहुत प्रयास करते हैं। संभवतः हमें लगता है कि यदि हमारी वास्तविकता लोगों के समक्ष आ जाएगी तो लोग हमें पसन्द नहीं करेंगे।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम पाते हैं कि जब इस्राएलियों को बाबुल में बन्दी बना कर ले जाया गया, तब उनकी छवि सबसे बुरी थी। उनके पापों के कारण, परमेश्वर ने उनके शत्रुओं को उन पर विजयी होने दिया था। परन्तु उनसे यह भी कहा कि वे भयभीत न हों; वह उन्हें उनके नाम से जानता था, और उनकी प्रत्येक अपमानजनक स्थिति में उनके साथ बना हुआ था (यशायाह 43:1-2)। वे उसके लिए “अनमोल और प्रतिष्ठित” थे (आयत 4), तथा उसके हाथों में सुरक्षित थे (आयत 13)। परमेश्वर की अनाज्ञाकारिता और उनके पाप के कारण उनकी उस कुरूपता के बावजूद परमेश्वर उनसे प्रेम करता था।

      जब यह सत्य हमारे अन्दर घर कर लेगा, तो हम अपने आप को लोगों में प्रशंसनीय बनाने के प्रयासों में कम ही लगाएंगे। परमेश्वर हमारी वास्तविक छवि को जानता है किन्तु फिर भी हम से असीमित प्रेम करता है। - शेरिडन वौएसे


हमारे प्रति परमेश्वर का गहरा प्रेम हमें औरों के सामने वास्तविक रहने देता है।

और हे मेरे पुत्र सुलैमान! तू अपने पिता के परमेश्वर का ज्ञान रख, और खरे मन और प्रसन्न जीव से उसकी सेवा करता रह; क्योंकि यहोवा मन को जांचता और विचार में जो कुछ उत्पन्न होता है उसे समझता है। यदि तू उसकी खोज में रहे, तो वह तुझ को मिलेगा; परन्तु यदि तू उसको त्याग दे तो वह सदा के लिये तुझ को छोड़ देगा। - 1 इतिहास 28:9

बाइबल पाठ: यशायाह 43:1-9
Isaiah 43:1 हे इस्राएल तेरा रचने वाला और हे याकूब तेरा सृजनहार यहोवा अब यों कहता है, मत डर, क्योंकि मैं ने तुझे छुड़ा लिया है; मैं ने तुझे नाम ले कर बुलाया है, तू मेरा ही है।
Isaiah 43:2 जब तू जल में हो कर जाए, मैं तेरे संग संग रहूंगा और जब तू नदियों में हो कर चले, तब वे तुझे न डुबा सकेंगी; जब तू आग में चले तब तुझे आंच न लगेगी, और उसकी लौ तुझे न जला सकेगी।
Isaiah 43:3 क्योंकि मैं यहोवा तेरा परमेश्वर हूं, इस्राएल का पवित्र मैं तेरा उद्धारकर्ता हूं। तेरी छुड़ौती में मैं मिस्र को और तेरी सन्ती कूश और सबा को देता हूं।
Isaiah 43:4 मेरी दृष्टि में तू अनमोल और प्रतिष्ठित ठहरा है और मैं तुझ से प्रेम रखता हूं, इस कारण मैं तेरी सन्ती मनुष्यों को और तेरे प्राण के बदले में राज्य राज्य के लोगों को दे दूंगा।
Isaiah 43:5 मत डर, क्योंकि मैं तेरे साथ हूं; मैं तेरे वंश को पूर्व से ले आऊंगा, और पच्छिम से भी इकट्ठा करूंगा।
Isaiah 43:6 मैं उत्तर से कहूंगा, दे दे, और दक्खिन से कि रोक मत रख; मेरे पुत्रों को दूर से और मेरी पुत्रियों को पृथ्वी की छोर से ले आओ;
Isaiah 43:7 हर एक को जो मेरा कहलाता है, जिस को मैं ने अपनी महिमा के लिये सृजा, जिस को मैं ने रचा और बनाया है।
Isaiah 43:8 आंख रहते हुए अन्धों को और कान रहते हुए बहिरों को निकाल ले आओ!
Isaiah 43:9 जाति जाति के लोग इकट्ठे किए जाएं और राज्य राज्य के लोग एकत्रित हों। उन में से कौन यह बात बता सकता वा बीती हुई बातें हमें सुना सकता है? वे अपने साक्षी ले आएं जिस से वे सच्चे ठहरें, वे सुन लें और कहें, यह सत्य है।

एक साल में बाइबल:  
  • न्यायियों 1-3
  • लूका 4:1-30



शुक्रवार, 8 मार्च 2019

चित्रण



      लंडन शहर की नैशनल पोर्टरेट गैलरी में बीती सदियों के लोगों के चित्रों का खज़ाना है। उन चित्रों में विंस्टन चर्चिल के 166, विलियम शेक्सपीयर के 94, और जॉर्ज वॉशिंगटन के 20 चित्र भी हैं। प्राचीन चित्रों को देखकर हम विचार कर सकते हैं कि क्या वे लोग वास्तव में वैसे ही दिखते होंगे?

       उदाहरण के लिए, स्कॉटिश देश-भक्त विलियम वॉलेस (c. 1270-1305) के 8 चित्र हैं, परन्तु हमारे पास उनकी कोई फोटो नहीं है जिससे तुलना कर के यह जाना जा सके कि वे वैसे ही दीखते थे जैसे कि चित्रकार ने उन्हें दिखाया है। हम कैसे जाने कि चित्रकार ने व्यक्ति को सही रीति से चित्रित किया है?

      कुछ ऐसा ही प्रभु यीशु के चित्रण के साथ भी संभव है। बिना इस बात का एहसास किए हुए, उस पर विश्वास करने वाले, प्रभु के विषय औरों पर एक छाप छोड़ते जा रहे हैं – रंग और कूची से नहीं वरन अपने व्यवहार, कार्यों, और संबंधों आदि के द्वारा। क्या हम मसीही विश्वासी सँसार के समक्ष अपने जीवनों के द्वारा अपने प्रभु का वास्तविक चित्र प्रस्तुत कर रहे हैं? परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस की यही चिंता थी; उसने फिलिप्पी की मसीही मण्डली को लिखी अपनी पत्री में लिखा, “जैसा मसीह यीशु का स्‍वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्‍वभाव हो” (फिलिप्पियों 2:5)। सारे जगत के उद्धारकर्ता प्रभु यीशु का सही चित्रण प्रस्तुत करने की लालसा के अन्तर्गत, उसने प्रभु के अनुयायियों से आग्रह किया कि वे प्रभु की दीनता, आत्म-बलिदान, और करुणा को लोगों के सामने अपने जीवनों के द्वारा दिखाएँ।

      किसी ने कहा है, “संभव है कि हम ही वह ‘यीशु मसीह’ हों जिसे कुछ लोग कभी देखने पाएँगे”; ऐसे में वे हम में होकर हमारे प्रभु के बारे में क्या देखेंगे और जानेंगे? सँसार के सामने प्रभु यीशु की वास्तविकता को प्रगट करने के लिए “विरोध या झूठी बड़ाई के लिये कुछ न करो पर दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो” (2:3) का पालन करें। - बिल क्राउडर


मसीह यीशु का आत्म-बलिदान हमें औरों के लिए अपने आप को दे देने के लिए प्रेरित करता है।

इसलिये हे भाइयों, मैं तुम से परमेश्वर की दया स्मरण दिला कर बिनती करता हूं, कि अपने शरीरों को जीवित, और पवित्र, और परमेश्वर को भावता हुआ बलिदान कर के चढ़ाओ: यही तुम्हारी आत्मिक सेवा है। और इस संसार के सदृश न बनो; परन्तु तुम्हारी बुद्धि के नये हो जाने से तुम्हारा चाल-चलन भी बदलता जाए, जिस से तुम परमेश्वर की भली, और भावती, और सिद्ध इच्छा अनुभव से मालूम करते रहो। - रोमियों 12:1-2

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 2:1-11
Philippians 2:1 सो यदि मसीह में कुछ शान्‍ति और प्रेम से ढाढ़स और आत्मा की सहभागिता, और कुछ करूणा और दया है।
Philippians 2:2 तो मेरा यह आनन्द पूरा करो कि एक मन रहो और एक ही प्रेम, एक ही चित्त, और एक ही मनसा रखो।
Philippians 2:3 विरोध या झूठी बड़ाई के लिये कुछ न करो पर दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो।
Philippians 2:4 हर एक अपनी ही हित की नहीं, वरन दूसरों की हित की भी चिन्‍ता करे।
Philippians 2:5 जैसा मसीह यीशु का स्‍वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्‍वभाव हो।
Philippians 2:6 जिसने परमेश्वर के स्‍वरूप में हो कर भी परमेश्वर के तुल्य होने को अपने वश में रखने की वस्तु न समझा।
Philippians 2:7 वरन अपने आप को ऐसा शून्य कर दिया, और दास का स्‍वरूप धारण किया, और मनुष्य की समानता में हो गया।
Philippians 2:8 और मनुष्य के रूप में प्रगट हो कर अपने आप को दीन किया, और यहां तक आज्ञाकारी रहा, कि मृत्यु, हां, क्रूस की मृत्यु भी सह ली।
Philippians 2:9 इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान भी किया, और उसको वह नाम दिया जो सब नामों में श्रेष्ठ है।
Philippians 2:10 कि जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और जो पृथ्वी के नीचे है; वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें।
Philippians 2:11 और परमेश्वर पिता की महिमा के लिये हर एक जीभ अंगीकार कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है।  


एक साल में बाइबल:  
  • व्यवस्थाविवरण 5-7
  • मरकुस 11:1-18



गुरुवार, 20 सितंबर 2018

चित्र



      फ़्रांसीसी कलाकार जॉरजेस सेयुरत ने 1880 के समय में कला की एक नई विधि को प्रस्तुत किया, जिसे “बिंदु चित्रण” (pointillism) भी कहा जाता है। जैसा कि नाम से पता चलता है, सेयुरत ने रंगों की कूची की बजाए, चित्र बनाने के लिए रंगीन बिंदुओं का प्रयोग किया। निकट से देखने पर उसकी कृतियाँ अलग-अलग बिंदुओं के समूह जैसी लगती हैं। परन्तु जब उन्हें थोड़ा सा पीछे हटाकर, कुछ दूरी से देखा जाए तो मानव आँख उन बिंदुओं एक-दूसरे के साथ मिलाकर रंगीन चित्र बना देती है।

      परमेश्वर के वचन बाइबल का दूर से दिखने वाला बड़ा चित्र भी कुछ ऐसा ही है। जब हम बाइबल की बातों को निकट से देखते हैं तो वे हमें सेयुरत के चित्र बनाने के पटल पर बिखरे उन बिंदुओं के समान जटिल और समझने में कठिन दिखाई दे सकती हैं। बाइबल को पढ़ते समय हम अपने आप को प्रभु यीशु के उन शिष्यों, क्लियोपास और उसके मित्र के समान देख सकते हैं जो प्रभु के पुनारुत्थान के पश्चात, संध्या काल को यरूशलेम से इम्माउस को हाल ही में घटित हुई घटनाओं के विषय परस्पर चर्चा करते हुए जा रहे थे। वे उस सप्ताहांत में हुई त्रासदीपूर्ण घटनाओं के “बिंदुओं” को परस्पर मिला और समझ नहीं पा रहे थे। उन्हें अपेक्षा थी प्रभु यीशु ही वह मसीहा हैं जो इस्राएल को छुटकारा देंगे (लूका 24:21), परन्तु अभी हाल ही में उन्होंने प्रभु यीशु को क्रूस पर मारे जाते हुए देखा था।

      तभी अचानक एक व्यक्ति जिसे वे पहचानते नहीं थे, उनके साथ चलने लगा, और उनके वार्तालाप में रुचि दिखाने लगा। उस व्यक्ति ने उन्हें, वचन में पहले से मसीह यीशु के संबंध में, उसके सताए जाने, मारे जाने और मृतकों में से जी उठने के बारे में लिखी भविष्यवाणियों के उन “बिंदुओं” को जोड़ने में सहायता की। बाद में जब वह उनके साथ भोजन करने बैठा तो उस व्यक्ति ने उन्हें उसे पहचानने दिया, कि वह प्रभु यीशु ही है, और फिर जैसे वह आश्चर्यजनक रीति से उनके पास आया था, वैसे ही चला भी गया।

      जब हम पवित्र-शास्त्र और प्रभु यीशु के संबंध में दी गई भविष्यवाणियों के “बिंदुओं” को मिलाकर देखते हैं, तो हमारे सामने एक ऐसे परमेश्वर का चित्र उभर कर आता है जो हमसे इतना अधिक प्रेम करता है जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। - मार्ट डीहॉन


प्रभु यीशु ने हमारे प्रति अपने प्रेम को दिखाने के लिए अपने आप को बलिदान किया।

इस से बड़ा प्रेम किसी का नहीं, कि कोई अपने मित्रों के लिये अपना प्राण दे। - यूहन्ना 15:13

बाइबल पाठ: लूका 24:13-32
Luke 24:13 देखो, उसी दिन उन में से दो जन इम्माऊस नाम एक गांव को जा रहे थे, जो यरूशलेम से कोई सात मील की दूरी पर था।
Luke 24:14 और वे इन सब बातों पर जो हुईं थीं, आपस में बातचीत करते जा रहे थे।
Luke 24:15 और जब वे आपस में बातचीत और पूछताछ कर रहे थे, तो यीशु आप पास आकर उन के साथ हो लिया।
Luke 24:16 परन्तु उन की आंखे ऐसी बन्‍द कर दी गईं थी, कि उसे पहिचान न सके।
Luke 24:17 उसने उन से पूछा; ये क्या बातें हैं, जो तुम चलते चलते आपस में करते हो? वे उदास से खड़े रह गए।
Luke 24:18 यह सुनकर, उनमें से क्‍लियुपास नाम एक व्यक्ति ने कहा; क्या तू यरूशलेम में अकेला परदेशी है; जो नहीं जानता, कि इन दिनों में उस में क्या क्या हुआ है?
Luke 24:19 उसने उन से पूछा; कौन सी बातें? उन्होंने उस से कहा; यीशु नासरी के विषय में जो परमेश्वर और सब लोगों के निकट काम और वचन में सामर्थी भविष्यद्वक्ता था।
Luke 24:20 और महायाजकों और हमारे सरदारों ने उसे पकड़वा दिया, कि उस पर मृत्यु की आज्ञा दी जाए; और उसे क्रूस पर चढ़वाया।
Luke 24:21 परन्तु हमें आशा थी, कि यही इस्त्राएल को छुटकारा देगा, और इन सब बातों के सिवाय इस घटना को हुए तीसरा दिन है।
Luke 24:22 और हम में से कई स्‍त्रियों ने भी हमें आश्चर्य में डाल दिया है, जो भोर को कब्र पर गई थीं।
Luke 24:23 और जब उस की लोथ न पाई, तो यह कहती हुई आईं, कि हम ने स्‍वर्गदूतों का दर्शन पाया, जिन्हों ने कहा कि वह जीवित है।
Luke 24:24 तब हमारे साथियों में से कई एक कब्र पर गए, और जैसा स्‍त्रियों ने कहा था, वैसा ही पाया; परन्तु उसको न देखा।
Luke 24:25 तब उसने उन से कहा; हे निर्बुद्धियों, और भविष्यद्वक्ताओं की सब बातों पर विश्वास करने में मन्‍दमतियों!
Luke 24:26 क्या अवश्य न था, कि मसीह ये दुख उठा कर अपनी महिमा में प्रवेश करे?
Luke 24:27 तब उसने मूसा से और सब भविष्यद्वक्ताओं से आरम्भ कर के सारे पवित्र शास्‍त्रों में से, अपने विषय में की बातों का अर्थ, उन्हें समझा दिया।
Luke 24:28 इतने में वे उस गांव के पास पहुंचे, जहां वे जा रहे थे, और उसके ढंग से ऐसा जान पड़ा, कि वह आगे बढ़ना चाहता है।
Luke 24:29 परन्तु उन्होंने यह कहकर उसे रोका, कि हमारे साथ रह; क्योंकि संध्या हो चली है और दिन अब बहुत ढल गया है। तब वह उन के साथ रहने के लिये भीतर गया।
Luke 24:30 जब वह उन के साथ भोजन करने बैठा, तो उसने रोटी ले कर धन्यवाद किया, और उसे तोड़कर उन को देने लगा।
Luke 24:31 तब उन की आंखे खुल गईं; और उन्होंने उसे पहचान लिया, और वह उन की आंखों से छिप गया।
Luke 24:32 उन्होंने आपस में कहा; जब वह मार्ग में हम से बातें करता था, और पवित्र शास्त्र का अर्थ हमें समझाता था, तो क्या हमारे मन में उत्तेजना न उत्पन्न हुई?


एक साल में बाइबल: 
  • सभोपदेशक 4-6
  • 2 कुरिन्थियों 12



मंगलवार, 27 मार्च 2018

महान



   परमेश्वर के वचन बाइबल में भजन 100 एक ऐसी कलाकृति के समान है, जो हमें हमारे अदृश्य परमेश्वर का उत्सव मनाने में सहायता करती है। यद्यपि हमारी आराधना का विषय, परमेश्वर, हमारी दृष्टि से ओझल है, परन्तु वह उसके लोगों के द्वारा जाना जाता है।

   उस कलाकार की कलपना कीजिए, वह इस भजन के शब्दों को, कूची और रंगों की पटिका द्वारा चित्र बनाने के पटल पर उतार रहा है। जो हमारे समक्ष उभर कर आता है वह सँसार है – “सारी पृथ्वी के लोगों” यहोवा के लिए आनन्द से जयजयकार करो (पद 1); क्योंकि हमारे परमेश्वर का आनन्द हमें मृत्यु से बचा लेने में है। प्रभु यीशु ने, “उस आनन्द के लिए जो उसके आगे धरा था” क्रूस को सह लिया (इब्रानियों 12:2)।

   जैसे-जैसे हमारी आँखें उस चित्र-पटल पर एक से दूसरी ओर चलती हैं, हम सारे सँसार के अनगिनत लोगों की संगीत मण्डली को “आनन्द से” और “जयजयकार” के साथ परमेश्वर की स्तुति के गीत गाते हुए देखते हैं (भजन 100:2)। हमारे स्वर्गीय पिता का हृदय आनन्दित होता है जब उसके लोग, जो वह है और जो उसने किया है, उसके लिए उसकी आराधना करते हैं।

   फिर हम वहाँ हम जो उसके लोग हैं, अपने चित्र को देखते हैं, अपने सृष्टिकर्ता के हाथों के द्वारा मिट्टी से बनाए हुए, और भेड़ों के समान हरी-हरी चराइयों में ले जाए गए (पद 3); वह हमारा ध्यान रखने और पालन-पोषण करने वाला प्रेमी चरवाहा है।

   अन्ततः हम परमेश्वर के महान और महिमामय निवास-स्थान को देखते हैं – और उस फाटक को जिसमें होकर उसके छुड़ाए हुए लोग उसकी उपस्थिति में आने के लिए धन्यवाद और स्तुति करते हुए प्रवेश करेंगे (पद 4)।

   हमारे महान परमेश्वर द्वारा प्रेरित कैसा अद्भुत चित्रण है। हमारा परमेश्वर पिता भला, प्रेम करने वाला और विश्वासयोग्य परमेश्वर है। इसलिए इसमें कोई अचरज की बात नहीं कि उसकी महानता का आनन्द मनाने के लिए हमें अनन्त काल लगेगा। - डेव ब्रैनन


परमेश्वर को जानने से अधिक अद्भुत और कुछ नहीं है।

और उस में पाया जाऊं; न कि अपनी उस धामिर्कता के साथ, जो व्यवस्था से है, वरन उस धामिर्कता के साथ जो मसीह पर विश्वास करने के कारण है, और परमेश्वर की ओर से विश्वास करने पर मिलती है। और मैं उसको और उसके मृत्युंजय की सामर्थ को, और उसके साथ दुखों में सहभागी हाने के मर्म को जानूँ, और उस की मृत्यु की समानता को प्राप्त करूं। - फिलिप्पियों 3:9-10

बाइबल पाठ: भजन 100
Psalms 100:1 हे सारी पृथ्वी के लोगों यहोवा का जयजयकार करो!
Psalms 100:2 आनन्द से यहोवा की आराधना करो! जयजयकार के साथ उसके सम्मुख आओ!
Psalms 100:3 निश्चय जानो, कि यहोवा ही परमेश्वर है। उसी ने हम को बनाया, और हम उसी के हैं; हम उसकी प्रजा, और उसकी चराई की भेड़ें हैं।
Psalms 100:4 उसके फाटकों से धन्यवाद, और उसके आंगनों में स्तुति करते हुए प्रवेश करो, उसका धन्यवाद करो, और उसके नाम को धन्य कहो!
Psalms 100:5 क्योंकि यहोवा भला है, उसकी करूणा सदा के लिये, और उसकी सच्चाई पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है।


एक साल में बाइबल: 
  • न्यायियों 1-3
  • लूका 4:1-30



शनिवार, 9 सितंबर 2017

सुगन्ध


   मैं जब भी खिले हुए गुलाबों वाले पौधे या किसी फूलों के गुलदस्ते के निकट होता हूँ, तो मेरा मन करता है कि मैं उन फूलों को अपनी नाक के निकट लाकर उसकी सुगन्ध का आनन्द लूँ। फूलों की वह भीनी सुगन्ध मेरे मन को आनन्दित करती है और मेरे अन्दर अच्छी भावनाएं जागृत करती है।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में कुरिन्थुस के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में प्रेरित पौलुस ने कहा, क्योंकि हम मसीह के हैं इसलिए परमेश्वर "... अपने ज्ञान का सुगन्‍ध हमारे द्वारा हर जगह फैलाता है" (2 कुरिन्थियों 2:14)। परमेश्वर की सामर्थ्य से हम जयवन्त जीवन जी सकते हैं, अपने स्वार्थ के स्थान पर उस से उसकी प्रेम और दया ले सकते हैं, और उससे मिलने वाले उद्धार की भलाई का प्रचार कर सकते हैं। जब हम ऐसा करते हैं तो हम परमेश्वर के लिए एक मनभावनी सुगन्ध होते हैं।

   पौलुस इसके पश्चात एक दूसरा शब्द चित्र भी प्रस्तुत करता है, मसीही विश्वासियों को "मसीह की पत्रियाँ" कहता है। पत्र समान हमारे मसीही विश्वास का जीवन किसी साधारण स्याही से नहीं लिखा जाता है, परन्तु परमेश्वर के पवित्र आत्मा के द्वारा लिखा जाता है (3:3)। प्रभु यीशु मसीह में स्वेच्छा से लाए गए विश्वास के द्वारा परमेश्वर जब हमें परिवर्तित करता है, तो वह अपना वचन हमारे हृदय में, दूसरों द्वारा पढ़े जाने के लिए लिख देता है।

   बाइबल में दिए गए ये दोनों ही शब्द चित्र हमें प्रोत्साहित करते हैं कि हम प्रभु यीशु मसीह की सुन्दरता को अपने जीवनों द्वारा लोगों को दिखाएं जिससे वे मसीह यीशु की ओर आकर्षित हो सकें। जैसे पौलुस ने इफिसीयों 5:2 में लिखा, मसीह यीशु ही है जिसने हम से "...प्रेम किया; और हमारे लिये अपने आप को सुखदायक सुगन्‍ध के लिये परमेश्वर के आगे भेंट कर के बलिदान कर दिया।" - लॉरेंस दरमानी


हमारे कार्य हमारे प्रचार से अधिक बोलते हैं।

जो बुद्धिमान हो, वही इन बातों को समझेगा; जो प्रवीण हो, वही इन्हें बूझ सकेगा; क्योंकि यहोवा के मार्ग सीधे हैं, और धर्मी उन में चलते रहेंगे, परन्तु अपराधी उन में ठोकर खाकर गिरेंगे। - होशे 14:9

बाइबल पाठ: 2 कुरिन्थियों 2:14-3:3
2 Corinthians 2:14 परन्तु परमेश्वर का धन्यवाद हो, जो मसीह में सदा हम को जय के उत्‍सव में लिये फिरता है, और अपने ज्ञान का सुगन्‍ध हमारे द्वारा हर जगह फैलाता है। 
2 Corinthians 2:15 क्योंकि हम परमेश्वर के निकट उद्धार पाने वालों, और नाश होने वालों, दोनों के लिये मसीह के सुगन्‍ध हैं। 
2 Corinthians 2:16 कितनो के लिये तो मरने के निमित्त मृन्यु की गन्‍ध, और कितनो के लिये जीवन के निमित्त जीवन की सुगन्‍ध, और इन बातों के योग्य कौन है? 
2 Corinthians 2:17 क्योंकि हम उन बहुतों के समान नहीं, जो परमेश्वर के वचन में मिलावट करते हैं; परन्तु मन की सच्चाई से, और परमेश्वर की ओर से परमेश्वर को उपस्थित जानकर मसीह में बोलते हैं।
2 Corinthians 3:1 क्या हम फिर अपनी बड़ाई करने लगे? या हमें कितनों के समान सिफारिश की पत्रियां तुम्हारे पास लानी या तुम से लेनी हैं? 
2 Corinthians 3:2 हमारी पत्री तुम ही हो, जो हमारे हृदयों पर लिखी हुई है, और उसे सब मनुष्य पहिचानते और पढ़ते हैं। 
2 Corinthians 3:3 यह प्रगट है, कि तुम मसीह की पत्री हो, जिस को हम ने सेवकों के समान लिखा; और जो सियाही से नहीं, परन्तु जीवते परमेश्वर के आत्मा से पत्थर की पटियों पर नहीं, परन्तु हृदय की मांस रूपी पटियों पर लिखी है।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 6-7
  • 2 कुरिन्थियों 2


शनिवार, 12 अगस्त 2017

चित्र


   रॉबर्ट हेन्किस ने अपनी पुस्तक Portraits of Famous American Women में लिखा, "चित्र कोई फोटो नहीं है, ना ही वह व्यक्ति की हू-ब-हू समानता में बनाई गई छवि है।" चित्र बाहरी स्वरूप से आगे निकलकर मानवीय आत्मा की भीतरी गहराईयों में झाँकता है। चित्र में एक सच्चा कलाकार दर्शाना चाहता है कि वह व्यक्ति वास्तव में है क्या।

   सदियों से प्रभु यीशु के अनेकों चित्र बनाए गए हैं। हो सकता है कि आपने उन्हें किसी चर्च या कला के संग्रहालय में देखा हो, या कोई चित्र आपके घर में भी लगा हो। लेकिन संसार्र भर में पाए जाने वाले इन चित्रों में से कोई एक भी चित्र प्रभु यीशु का वास्तविक चित्र नहीं है क्योंकि हमारे प्रभु के शारीरिक स्वरूप की न तो कोई फोटो है और न ही कभी कोई वास्तविक छवि बनी है; सभी उपलब्ध चित्र विभिन्न कलाकारों ने अपनी कल्पना और समझ के आधार पर बनाए हैं।

   परन्तु परमेश्वर के वचन बाइबल में यशायाह भविष्यद्वक्ता की पुस्तक के 53वें अध्याय में हम प्रभु का एक महान शब्द-चित्रण पाते हैं। परमेश्वर की प्रेरणा से लिखे गए इस शब्द-चित्र में प्रभु के, और उसके कार्य के बारे में एक सजीव वर्णन दिया गया है: "निश्चय उसने हमारे रोगों को सह लिया और हमारे ही दु:खों को उठा लिया; तौभी हम ने उसे परमेश्वर का मारा-कूटा और दुर्दशा में पड़ा हुआ समझा। परन्तु वह हमारे ही अपराधो के कारण घायल किया गया, वह हमारे अधर्म के कामों के हेतु कुचला गया; हमारी ही शान्ति के लिये उस पर ताड़ना पड़ी कि उसके कोड़े खाने से हम चंगे हो जाएं" (यशायाह 53:4-5)।

   बाइबल के इस खण्ड में हम प्रभु यीशु के चेहरे पर प्रेम और दुःख, शोक और दर्द को देखने पाते हैं। उसके होंठों पर कोई दोष या निंदा नहीं है; वह स्वयं निष्पाप और निर्दोष है किंतु हम सभी मनुष्यों के पापों को अपने ऊपर उठाए हुए है। और अपने अन्दर वह जानता है कि, "...अपने ज्ञान के द्वारा मेरा धर्मी दास बहुतेरों को धर्मी ठहराएगा..." (पद 11)।

   जगत के उद्धारकर्ता का यह कैसा अद्भुत चित्र है, जिसे प्रत्येक हृदय में बसा लिया जाना चाहिए। - डेविड मैक्कैसलैंड


प्रेम का सजीव स्वरूप, प्रभु यीशु मसीह है।

जो प्रेम परमेश्वर हम से रखता है, वह इस से प्रगट हुआ, कि परमेश्वर ने अपने एकलौते पुत्र को जगत में भेजा है, कि हम उसके द्वारा जीवन पाएं। प्रेम इस में नहीं कि हम ने परमेश्वर ने प्रेम किया; पर इस में है, कि उसने हम से प्रेम किया; और हमारे पापों के प्रायश्‍चित्त के लिये अपने पुत्र को भेजा। - 1 यूहन्ना 4:9-10

बाइबल पाठ: यशायाह 53
Isaiah 53:1 जो समाचार हमें दिया गया, उसका किस ने विश्वास किया? और यहोवा का भुजबल किस पर प्रगट हुआ? 
Isaiah 53:2 क्योंकि वह उसके साम्हने अंकुर की नाईं, और ऐसी जड़ के समान उगा जो निर्जल भूमि में फूट निकले; उसकी न तो कुछ सुन्दरता थी कि हम उसको देखते, और न उसका रूप ही हमें ऐसा दिखाई पड़ा कि हम उसको चाहते। 
Isaiah 53:3 वह तुच्छ जाना जाता और मनुष्यों का त्यागा हुआ था; वह दु:खी पुरूष था, रोग से उसकी जान पहिचान थी; और लोग उस से मुख फेर लेते थे। वह तुच्छ जाना गया, और, हम ने उसका मूल्य न जाना।
Isaiah 53:4 निश्चय उसने हमारे रोगों को सह लिया और हमारे ही दु:खों को उठा लिया; तौभी हम ने उसे परमेश्वर का मारा-कूटा और दुर्दशा में पड़ा हुआ समझा। 
Isaiah 53:5 परन्तु वह हमारे ही अपराधों के कारण घायल किया गया, वह हमारे अधर्म के कामों के हेतु कुचला गया; हमारी ही शान्ति के लिये उस पर ताड़ना पड़ी कि उसके कोड़े खाने से हम चंगे हो जाएं। 
Isaiah 53:6 हम तो सब के सब भेड़ों की नाईं भटक गए थे; हम में से हर एक ने अपना अपना मार्ग लिया; और यहोवा ने हम सभों के अधर्म का बोझ उसी पर लाद दिया।
Isaiah 53:7 वह सताया गया, तौभी वह सहता रहा और अपना मुंह न खोला; जिस प्रकार भेड़ वध होने के समय वा भेड़ी ऊन कतरने के समय चुपचाप शान्त रहती है, वैसे ही उसने भी अपना मुंह न खोला। 
Isaiah 53:8 अत्याचार कर के और दोष लगाकर वे उसे ले गए; उस समय के लोगों में से किस ने इस पर ध्यान दिया कि वह जीवतों के बीच में से उठा लिया गया? मेरे ही लोगों के अपराधों के कारण उस पर मार पड़ी। 
Isaiah 53:9 और उसकी कब्र भी दुष्टों के संग ठहराई गई, और मृत्यु के समय वह धनवान का संगी हुआ, यद्यपि उसने किसी प्रकार का अपद्रव न किया था और उसके मुंह से कभी छल की बात नहीं निकली थी।
Isaiah 53:10 तौभी यहोवा को यही भाया कि उसे कुचले; उसी ने उसको रोगी कर दिया; जब तू उसका प्राण दोषबलि करे, तब वह अपना वंश देखने पाएगा, वह बहुत दिन जीवित रहेगा; उसके हाथ से यहोवा की इच्छा पूरी हो जाएगी। 
Isaiah 53:11 वह अपने प्राणों का दु:ख उठा कर उसे देखेगा और तृप्त होगा; अपने ज्ञान के द्वारा मेरा धर्मी दास बहुतेरों को धर्मी ठहराएगा; और उनके अधर्म के कामों का बोझ आप उठा लेगा। 
Isaiah 53:12 इस कारण मैं उसे महान लोगों के संग भाग दूंगा, और, वह सामर्थियों के संग लूट बांट लेगा; क्योंकि उसने अपना प्राण मृत्यु के लिये उण्डेल दिया, वह अपराधियों के संग गिना गया; तौभी उसने बहुतों के पाप का बोझ उठ लिया, और, अपराधियों के लिये बिनती करता है।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 84-86
  • रोमियों 12


शनिवार, 12 नवंबर 2016

कलाकृति


   बेलफास्ट, उत्तरी आयरलैंड में जो 11 एकड़ के खाली मैदान से आरंभ हुआ था, उसका अन्त ब्रिटेन के सबसे बड़े भूमिचित्र के रूप में हुआ। कलाकार जॉर्ज रॉड्रिगुएज़-गेराडा द्वारा बनाई गई "विश" नामक यह कलाकृति लकड़ी की 30,000 खूँटियों, 2000 टन मिट्टी, 2000 टन रेत और अनेकों अन्य सामग्री जैसे कि घास, पत्थर और रस्सी आदि से बनी है।

   इसके बनने के आरंभ में केवल कलाकार ही जानता था कि उसकी कलाकृति का अन्तिम स्वरूप क्या होगा। जॉर्ज ने मज़दूरों और स्वयंसेवकों को इस कार्य के लिए भरती किया, अपने साथ लिया; और वे उसके निर्देशों के अनुसार सामग्री को ढोने और एक से दूसरे स्थान पर पहुँचाने में लगे रहे। यह सब कार्य करते समय उन्हें ज़रा भी आभास नहीं था कि कुछ विस्मित कर देने वाला तैयार होकर प्रगट होने वाला है; लेकिन ऐसा ही हुआ। धरती पर से वह चित्र कुछ विशेष प्रतीत नहीं होता है; लेकिन ऊपर आकाश से देखने वाले एक छोटी लड़की का मुस्कुराता हुए चेहरे का एक विशाल चित्र देखने पाते हैं।

   परमेश्वर इस संसार में, हम मसीही विश्वासियों को साथ लेकर इससे भी कुछ विलक्षण और महान कर रहा है। जैसा प्रेरित पौलुस ने कुरिन्थुस के मसीही विशवासियों को लिखा, हम परमेश्वर के सहकर्मी हैं (1 कुरिन्थियों 3:9) जिनमें होकर वह इस कार्य को साकार कर रहा है। परमेश्वर के वचन बाइबल में परमेश्वर अपने लोगों को स्मरण कराता है कि वही है जो  "...पृथ्वी के घेरे के ऊपर आकाशमण्डल पर विराजमान है; और पृथ्वी के रहने वाले टिड्डी के तुल्य है; जो आकाश को मलमल की नाईं फैलाता और ऐसा तान देता है जैसा रहने के लिये तम्बू ताना जाता है" (यशायाह 40:22)।

   आज चाहे हम परमेश्वर द्वारा बनाई जा रही इस कलाकृति का अन्तिम स्वरूप नहीं देख अथवा समझ पाते हैं, लेकिन फिर भी हम उसके कार्य में उसके निर्देशानुसार लगे रहते हैं, इस विश्वास के साथ कि हम एक अद्भुत कलाकृति का भाग हैं - ना केवल उसके बनाने में वरन उस कलाकृति में भी। अन्ततः वह एक ऐसी कलाकृति होगी जो बनेगी तो पृथ्वी पर, परन्तु देखी जाएगी स्वर्ग से। - जूली ऐकैरमैन लिंक


परमेश्वर हमें अपनी महान कलाकृति को बनाने में प्रयुक्त कर रहा है।

क्योंकि हम परमेश्वर के सहकर्मी हैं; तुम परमेश्वर की खेती और परमेश्वर की रचना हो। - 1 कुरिन्थियों 3:9 

बाइबल पाठ: यशायाह 40:21-31
Isaiah 40:21 क्या तुम नहीं जानते? क्या तुम ने नहीं सुना? क्या तुम को आरम्भ ही से नहीं बताया गया? क्या तुम ने पृथ्वी की नेव पड़ने के समय ही से विचार नहीं किया? 
Isaiah 40:22 यह वह है जो पृथ्वी के घेरे के ऊपर आकाशमण्डल पर विराजमान है; और पृथ्वी के रहने वाले टिड्डी के तुल्य है; जो आकाश को मलमल की नाईं फैलाता और ऐसा तान देता है जैसा रहने के लिये तम्बू ताना जाता है; 
Isaiah 40:23 जो बड़े बड़े हाकिमों को तुच्छ कर देता है, और पृथ्वी के अधिकारियों को शून्य के समान कर देता है।
Isaiah 40:24 वे रोपे ही जाते, वे बोए ही जाते, उनके ठूंठ भूमि में जड़ ही पकड़ पाते कि वह उन पर पवन बहाता और वे सूख जाते, और आंधी उन्हें भूसे की नाईं उड़ा ले जाती है।
Isaiah 40:25 सो तुम मुझे किस के समान बताओगे कि मैं उसके तुल्य ठहरूं? उस पवित्र का यही वचन है। 
Isaiah 40:26 अपनी आंखें ऊपर उठा कर देखो, किस ने इन को सिरजा? वह इन गणों को गिन गिनकर निकालता, उन सब को नाम ले ले कर बुलाता है? वह ऐसा सामर्थी और अत्यन्त बली है कि उन में से कोई बिना आए नहीं रहता।
Isaiah 40:27 हे याकूब, तू क्यों कहता है, हे इस्राएल तू क्यों बोलता है, मेरा मार्ग यहोवा से छिपा हुआ है, मेरा परमेश्वर मेरे न्याय की कुछ चिन्ता नहीं करता? 
Isaiah 40:28 क्या तुम नहीं जानते? क्या तुम ने नहीं सुना? यहोवा जो सनातन परमेश्वर और पृथ्वी भर का सिरजनहार है, वह न थकता, न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अगम है। 
Isaiah 40:29 वह थके हुए को बल देता है और शक्तिहीन को बहुत सामर्थ देता है। 
Isaiah 40:30 तरूण तो थकते और श्रमित हो जाते हैं, और जवान ठोकर खाकर गिरते हैं; 
Isaiah 40:31 परन्तु जो यहोवा की बाट जोहते हैं, वे नया बल प्राप्त करते जाएंगे, वे उकाबों की नाईं उड़ेंगे, वे दौड़ेंगे और श्रमित न होंगे, चलेंगे और थकित न होंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 51-52
  • इब्रानियों 9


शनिवार, 23 अगस्त 2014

चित्रण


   एक दिन मेरे बेटे ने, जो अभी छोटा सा बच्चा ही है, एक पेन पकड़ा और अपने पिता का चित्र बनाया। उस बच्चे ने एक गोले में दो आँखें, एक नाक, दो कान बनाए तथा उस गोले के नीचे दो लंबी लकीरें बना दीं, जो उसके अनुसार मेरे पति की टाँगें थीं। उस चित्र को देखकर यद्यपि मैं उसे प्रयास करने के लिए अच्छे अंक दे दूँगी लेकिन उसका वह चित्र मेरे पति का वास्तविक चित्रण नहीं है; उस चित्र में उनकी नीली आँखें, भरोसेमन्द मुस्कुराहट, बालों पर चांदी की सी चमक कहीं दिखाई नहीं देती, लेकिन मेरे बेटे की नज़रों में वह चित्र अपने पिता का चित्रण है।

   परमेश्वर की सन्तान होने के नाते, हम भी कई बार ऐसे ही परमेश्वर के ऐसे चित्रण करते हैं जो सही नहीं होते; खासकर तब जब परमेश्वर हमारे अन्दर कोई सुधार लाने का प्रयास कर रहा हो। जब परमेश्वर हमारे जीवनों में से कोई पापमय बात निकालकर हमें सुधारने के प्रयास कर रहा होता है तब कई बार वह हमें प्रेमरहित और बेपरवाह प्रतीत होता है, क्योंकि अनुशासन अकसर दुखदाई होता है (इब्रानियों 12:11) और हम यह मान बैठते हैं कि परमेश्वर का यह सुधार उसके कोप और परिणामस्वरूप उसके प्रतिशोध का प्रगटिकरण है। जबकि उसका यह सुधार हमारे प्रति उसके प्रेम और परवाह का प्रमाण है। परमेश्वर के वचन बाइबल में लिखा है, "क्योंकि प्रभु, जिस से प्रेम करता है, उस की ताड़ना भी करता है; और जिसे पुत्र बना लेता है, उसको कोड़े भी लगाता है" (इब्रानियों 12:6)। वह इसलिए हमारी ताड़ना करता है जिससे हम उसकी पवित्रता के संभागी बन सकें और उसकी धार्मिकता से मिलने वाली शांति को अनुभव कर सकें (पद 10, 11)।

   आज यदि आप परमेश्वर के अनुशासन का सामना कर रहे हैं, तो स्मरण रखिए, वह ना तो आप को क्रोधित तेवर दिखा रहा है और ना ही आप की ओर प्रतिशोध का हाथ हिला रहा है। उसका चित्रण एक क्रोधी और प्रतिशोधपूर्ण दिव्य व्यक्तित्व के रूप में नहीं वरन एक ऐसे प्रेमी पिता के रूप में कीजिए जो सप्रेम अपने बच्चों को सुधारने में प्रयत्नशील रहता है। - जेनिफर बेन्सन शुल्ट


परमेश्वर के अनुशासन का हाथ, उसके प्रेम का प्रमाण है।

मैं जिन जिन से प्रीति रखता हूं, उन सब को उलाहना और ताड़ना देता हूं, इसलिये सरगर्म हो, और मन फिरा। - प्रकाशितवाक्य 3:19

बाइबल पाठ: इब्रानियों 12:1-11
Hebrews 12:1 इस कारण जब कि गवाहों का ऐसा बड़ा बादल हम को घेरे हुए है, तो आओ, हर एक रोकने वाली वस्तु, और उलझाने वाले पाप को दूर कर के, वह दौड़ जिस में हमें दौड़ना है, धीरज से दौड़ें। 
Hebrews 12:2 और विश्वास के कर्ता और सिद्ध करने वाले यीशु की ओर ताकते रहें; जिसने उस आनन्द के लिये जो उसके आगे धरा था, लज्ज़ा की कुछ चिन्‍ता न कर के, क्रूस का दुख सहा; और सिंहासन पर परमेश्वर के दाहिने जा बैठा। 
Hebrews 12:3 इसलिये उस पर ध्यान करो, जिसने अपने विरोध में पापियों का इतना वाद-विवाद सह लिया कि तुम निराश हो कर हियाव न छोड़ दो। 
Hebrews 12:4 तुम ने पाप से लड़ते हुए उस से ऐसी मुठभेड़ नहीं की, कि तुम्हारा लोहू बहा हो। 
Hebrews 12:5 और तुम उस उपदेश को जो तुम को पुत्रों की नाईं दिया जाता है, भूल गए हो, कि हे मेरे पुत्र, प्रभु की ताड़ना को हलकी बात न जान, और जब वह तुझे घुड़के तो हियाव न छोड़। 
Hebrews 12:6 क्योंकि प्रभु, जिस से प्रेम करता है, उस की ताड़ना भी करता है; और जिसे पुत्र बना लेता है, उसको कोड़े भी लगाता है। 
Hebrews 12:7 तुम दुख को ताड़ना समझकर सह लो: परमेश्वर तुम्हें पुत्र जान कर तुम्हारे साथ बर्ताव करता है, वह कौन सा पुत्र है, जिस की ताड़ना पिता नहीं करता? 
Hebrews 12:8 यदि वह ताड़ना जिस के भागी सब होते हैं, तुम्हारी नहीं हुई, तो तुम पुत्र नहीं, पर व्यभिचार की सन्तान ठहरे! 
Hebrews 12:9 फिर जब कि हमारे शारीरिक पिता भी हमारी ताड़ना किया करते थे, तो क्या आत्माओं के पिता के और भी आधीन न रहें जिस से जीवित रहें। 
Hebrews 12:10 वे तो अपनी अपनी समझ के अनुसार थोड़े दिनों के लिये ताड़ना करते थे, पर यह तो हमारे लाभ के लिये करता है, कि हम भी उस की पवित्रता के भागी हो जाएं। 
Hebrews 12:11 और वर्तमान में हर प्रकार की ताड़ना आनन्द की नहीं, पर शोक ही की बात दिखाई पड़ती है, तौभी जो उसको सहते सहते पक्के हो गए हैं, पीछे उन्हें चैन के साथ धर्म का प्रतिफल मिलता है।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 17-20