ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

मंगलवार, 17 नवंबर 2020

स्पर्श

 

         भारत में सेवा करने वाले, बीसवीं सदी के मिशनरी चिकित्सक डॉक्टर पॉल ब्रैंड रोग के कारण कोढ़ियों के बिगड़े हुए हाथों और पैरों के ऑपरेशनों के द्वारा इलाज के तरीकों के लिए विश्व-विख्यात हैं। उनके जीवन की एक घटना है, जब एक कोढ़ी मनुष्य की जाँच करते समय उन्होंने उसे स्पर्श करके उसे समझाना चाहा कि उसका इलाज किया जा सकता है, तो उनके द्वारा स्पर्श करने के साथ ही वह मरीज़ रोने लग गया। वहाँ उपस्थिति एक सहायक ने डॉक्टर ब्रैंड को समझाया कि उसके रोग के कारण वर्षों से किसी ने उस कोढ़ के मरीज़ को स्पर्श नहीं किया था; डॉक्टर ब्रैंड द्वारा उसे स्पर्श किए जाने से उसकी आँखों में खुशी के आँसू थे।

         परमेश्वर के वचन बाइबल में लिखा है कि अपनी सेवकाई के आरंभिक समय में प्रभु यीशु के पास भी एक कोढ़ी मनुष्य आया – उन दिनों त्वचा के अनेकों प्रकार के संक्रामक रोगों को “कोढ़” कह दिया जाता था। उसके उस रोग के कारण, पुराने नियम की व्यवस्था के अनुसार, उसे समाज से बाहर रहना होता था। यदि उस रोगी के पास कोई स्वस्थ लोग आ जाते थे तो उसे “अशुद्ध! अशुद्ध!” चिल्ला कर उन्हें बताना होता था कि वे उससे दूरी बनाए रखें (लैव्यव्यवस्था 13:45-46)। परिणामस्वरूप व्यक्ति को महीनों या वर्षों तक अन्य मनुष्यों के संपर्क से दूर रहना होता था।

         दया और प्रेम से भरकर प्रभु यीशु ने अपना हाथ बढ़ाया और उस मनुष्य को स्पर्श किया। प्रभु यीशु के पास सामर्थ्य और अधिकार था कि केवल कहने भर से वह चंगा कर सकता था (मरकुस 2:11-12)। परन्तु, जब प्रभु यीशु के सामने ऐसा व्यक्ति आया जिसके रोग के कारण वह अकेला और तिरस्कृत कर दिया गया था, तो उसके द्वारा स्पर्श किए जाने से उस व्यक्ति को यह आश्वासन मिला कि वह अकेला नहीं है, अपितु स्वीकृत है।

         परमेश्वर जब और जैसे हमें अवसर दे, हम भी अनुग्रह दिखा सकते हैं, एक कोमल स्पर्श के द्वारा व्यक्ति के प्रति आदर और मान व्यक्त कर सकते हैं। मानवीय स्पर्श की सहज उपचार शक्ति दुखी लोगों को यह दिखाने में बहुत सहायक होती है कि प्रभु के समान, हम भी उनकी चिंता करते हैं, वे हमें स्वीकृत हैं। - लीसा सामरा

 

औरों की देखभाल करने में स्पर्श का भी बहुत महत्व है।


और उसने उस से मेरे मुंह को छूकर कहा, देख, इस ने तेरे होंठों को छू लिया है, इसलिये तेरा अधर्म दूर हो गया और तेरे पाप क्षमा हो गए। - यशायाह 6:7

बाइबल पाठ: मरकुस 1:40-45

मरकुस 1:40 और एक कोढ़ी ने उसके पास आकर, उस से बिनती की, और उसके सामने घुटने टेककर, उस से कहा; यदि तू चाहे तो मुझे शुद्ध कर सकता है।

मरकुस 1:41 उसने उस पर तरस खाकर हाथ बढ़ाया, और उसे छूकर कहा; मैं चाहता हूं तू शुद्ध हो जा।

मरकुस 1:42 और तुरन्त उसका कोढ़ जाता रहा, और वह शुद्ध हो गया।

मरकुस 1:43 तब उसने उसे चिताकर तुरन्त विदा किया।

मरकुस 1:44 और उस से कहा, देख, किसी से कुछ मत कहना, परन्तु जा कर अपने आप को याजक को दिखा, और अपने शुद्ध होने के विषय में जो कुछ मूसा ने ठहराया है उसे भेंट चढ़ा, कि उन पर गवाही हो।

मरकुस 1:45 परन्तु वह बाहर जा कर इस बात को बहुत प्रचार करने और यहां तक फैलाने लगा, कि यीशु फिर खुल्लमखुल्ला नगर में न जा सका, परन्तु बाहर जंगली स्थानों में रहा; और चारों ओर से लोग उसके पास आते रहे।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यहेजकेल 5-7
  • इब्रानियों 12


सोमवार, 16 नवंबर 2020

धन्यवाद

 

         ग्रीटिंग कार्ड्स पर छपे हज़ारों भावनापूर्ण संदेशों में संभवतः सबसे मर्मस्पर्शी है यह साधारण सा वाक्य: “तुम जो हो उसके लिए धन्यवाद। ”यदि आपको इस सन्देश वाला कार्ड मिले तो आप जान जाते हैं कि कोई आपकी परवाह करता है, इसलिए नहीं क्योंकि आपने उस व्यक्ति के लिए कुछ अद्भुत किया है, परन्तु क्योंकि वह व्यक्ति आपको आपके गुणों के लिए सराहता है।

         मैं यह भी सोचता हूँ कि क्या इस प्रकार की भावना व्यक्त करना, हमारा परमेश्वर को धन्यवाद कहने का सर्वोत्तम तरीका हो सकता है। निःसंदेह ऐसे अवसर होते हैं जब परमेश्वर हमारे जीवनों में स्पष्ट रीति से हस्तक्षेप करता है, और हम कुछ इस प्रकार का कहते हैं, “प्रभु आपका धन्यवाद हो कि आपने मुझे यह नौकरी मिलने में सहायता की।”  परन्तु अधिकांशतः हम केवल इतना भी कह सकते हैं, “प्रभु परमेश्वर, आप जो हैं, वह होने के लिए धन्यवाद।”

         यही भावना परमेश्वर के वचन बाइबल में लिखे परमेश्वर के प्रति धन्यवाद के पदों के पीछे की भावना को भी व्यक्त करती है, जैसे कि “यहोवा का धन्यवाद करो, क्योंकि वह भला है; उसकी करुणा सदा की है”(1 इतिहास 16:34) – परमेश्वर आप जो हैं – भले और प्रेमी, उसके लिए आपका धन्यवाद हो। और, “मैं यहोवा के धर्म के अनुसार उसका धन्यवाद करूंगा, और परम-प्रधान यहोवा के नाम का भजन गाऊंगा” (भजन 7:17) – परमेश्वर आप जो हैं – पवित्र और धर्मी, उसके लिए आपका धन्यवाद हो। तथा, हम धन्यवाद करते हुए उसके सम्मुख आएं, और भजन गाते हुए उसका जयजयकार करें! क्योंकि यहोवा महान ईश्वर है, और सब देवताओं के ऊपर महान राजा है” (भजन 95:2-3) – परमेश्वर आप जो हैं – सृष्टि के एकमात्र एवं सर्वशक्तिमान सृष्टिकर्ता परमेश्वर, उसके लिए आपका धन्यवाद हो।

         परमेश्वर जो है – वही पर्याप्त कारण है कि हम उसका धन्यवाद और स्तुति करें। परमेश्वर आप जो हैं, उसके लिए आपका धन्यवाद हो। - डेव ब्रैनन

 

परमेश्वर का धन्यवाद करने के असंख्य कारण है; जो वो है वह भी उन में सम्मिलित है।


हे यहोवा परमेश्वर मैं अपने पूर्ण मन से तेरा धन्यवाद करूंगा; मैं तेरे सब आश्चर्य कर्मों का वर्णन करूंगा। - भजन 9:1

बाइबल पाठ: भजन 95:1-7

भजन संहिता 95:1 आओ हम यहोवा के लिये ऊंचे स्वर से गाएं, अपने उद्धार की चट्टान का जयजयकार करें!

भजन संहिता 95:2 हम धन्यवाद करते हुए उसके सम्मुख आएं, और भजन गाते हुए उसका जयजयकार करें!

भजन संहिता 95:3 क्योंकि यहोवा महान ईश्वर है, और सब देवताओं के ऊपर महान राजा है।

भजन संहिता 95:4 पृथ्वी के गहरे स्थान उसी के हाथ में हैं; और पहाड़ों की चोटियां भी उसी की हैं।

भजन संहिता 95:5 समुद्र उसका है, और उसी ने उसको बनाया, और स्थल भी उसी के हाथ का रचा है।

भजन संहिता 95:6 आओ हम झुक कर दण्डवत करें, और अपने कर्ता यहोवा के सामने घुटने टेकें!

भजन संहिता 95:7 क्योंकि वही हमारा परमेश्वर है, और हम उसकी चराई की प्रजा, और उसके हाथ की भेड़ें हैं। भला होता, कि आज तुम उसकी बात सुनते!

 

एक साल में बाइबल: 

  • यहेजकेल 3-4
  • इब्रानियों 11:20-40

रविवार, 15 नवंबर 2020

विकर्षण

 

         इंग्लैंड के विक्टोरियन काल के एक चित्रकार सिगिस्मंड गोएत्ज़े ने अपने समय के लोगों को एक चित्र के द्वारा चौंका दिया। चित्र का शीर्षक था “Despised and Rejected of Men”(मनुष्यों द्वारा तुच्छ जाना तथा तिरस्कार किया हुआ)। इस चित्र में उसने दुःख झेल रहे और दोषी ठहराए गए प्रभु यीशु को, गोएत्ज़े के ही समय के लोगों से घिरा हुआ दिखाया गया है। वे सभी लोग अपनी ही रुचि की बातों – व्यापार, रोमांस, राजनीति, आदि में इतने संलग्न थे कि वे उद्धारकर्ता द्वारा दिए गए बलिदान के प्रति पूर्णतः उदासीन और अनजान थे। मसीह के प्रति उदासीन होने के कारण, उसे घेरे हुई उस भीड़ को, प्रभु यीशु के क्रूस के नीचे एकत्रित हुई भीड़ के समान, ज़रा भी ध्यान नहीं था कि उन्होंने क्या और किसे खो दिया है।

         हमारे वर्तमान समय में भी, मसीही विश्वासी और अविश्वासी दोनों ही का ध्यान अनन्त से भटक सकता है। प्रभु यीशु मसीह के अनुयायी ध्यान भटकाने वाले विकर्षणों की धुंध को परमेश्वर के प्रेम की सच्चाई के द्वारा किस प्रकार मिटा सकते हैं? परमेश्वर की संतान होने के नाते, हम एक दूसरे से प्रेम के करने के द्वारा आरंभ कर सकते हैं। परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रभु यीशु ने कहा, यदि आपस में प्रेम रखोगे तो इसी से सब जानेंगे, कि तुम मेरे चेले हो” (यूहन्ना 13:35)।

         परन्तु सच्चा प्रेम यहीं आकर रुक नहीं जाता है। हम उस प्रेम को और विस्तृत करते हैं, प्रभु यीशु में पापों की क्षमा और उद्धार के सुसमाचार को औरों के साथ साझा करने के द्वारा जिससे लोग समस्त जगत के सभी लोगों के उद्धारकर्ता की ओर आकर्षित होने पाएं। जैसे कि पौलुस ने लिखा, हम मसीह के राजदूत हैं (2 कुरिन्थियों 5:20)।

         ऐसा करने से मसीह की देह, उसकी कलीसिया, परमेश्वर के प्रेम को प्रतिबिंबित भी कर सकती है और दूसरों तक पहुँचा भी सकती है, क्योंकि परमेश्वर के प्रेम की संसार को बहुत आवश्यकता है। काश पवित्र आत्मा की सामर्थ्य से प्रभु के प्रेम को अपने जीवनों के द्वारा दिखाने के द्वारा हम मसीह यीशु में सेंत-मेंत मिलाने वाले उद्धार से लोगों का ध्यान भटकाने वाले विकर्षणों को मिटा सकें, और सुसमाचार की आवश्यकता को प्रस्तुत कर सकें। - बिल क्राउडर

 

प्रभु यीशु में उद्धार का सुसमाचार, विकर्षणों की धुंध में ज्योति चमकाता है।


सो हम मसीह के राजदूत हैं; मानो परमेश्वर हमारे द्वारा समझाता है: हम मसीह की ओर से निवेदन करते हैं, कि परमेश्वर के साथ मेल मिलाप कर लो। - 2 कुरिन्थियों 5:20

बाइबल पाठ: यूहन्ना 13:31-35

यूहन्ना 13:31 जब वह बाहर चला गया तो यीशु ने कहा; अब मनुष्य पुत्र की महिमा हुई, और परमेश्वर की महिमा उस में हुई।

यूहन्ना 13:32 और परमेश्वर भी अपने में उस की महिमा करेगा, वरन तुरन्त करेगा।

यूहन्ना 13:33 हे बालकों, मैं और थोड़ी देर तुम्हारे पास हूं: फिर तुम मुझे ढूंढोगे, और जैसा मैं ने यहूदियों से कहा, कि जहां मैं जाता हूं, वहां तुम नहीं आ सकते वैसा ही मैं अब तुम से भी कहता हूं।

यूहन्ना 13:34 मैं तुम्हें एक नई आज्ञा देता हूं, कि एक दूसरे से प्रेम रखो: जैसा मैं ने तुम से प्रेम रखा है, वैसा ही तुम भी एक दूसरे से प्रेम रखो।

यूहन्ना 13:35 यदि आपस में प्रेम रखोगे तो इसी से सब जानेंगे, कि तुम मेरे चेले हो।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यहेजकेल 1-2
  • इब्रानियों 11:1-19

शनिवार, 14 नवंबर 2020

प्रोत्साहन

 

         स्टीवन थॉम्पसन स्मृति क्रॉस-कंट्री दौड़ प्रतियोगिता, किसी भी अन्य क्रॉस-कंट्री दौड़ प्रतियोगिता से भिन्न है। इस तीन मील की दौड़ की प्रतियोगिता में सात सदस्यों की टीम को दौड़ना आरंभ करना होता है, और वे पहले दो मील तक एक रस्सी को पकड़े हुए टीम के रूप में साथ मिलकर दौड़ते हैं और फिर रस्सी को छोड़कर शेष दूरी व्यक्तिगत दौड़ से पूरी करते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रतियोगी का समय उसकी टीम के समय और व्यक्तिगत समय का मेल होता है।

         इस वर्ष की प्रतियोगिता में मेरी बेटी जिस टीम का भाग थी, उसने ऐसी योजना बनाई जो मैंने पहले कभी कार्यान्वित होते नहीं देखी थी। उन्होंने निर्णय किया कि वे अपने सबसे तेज़ धावक को सबसे आगे रखेंगे, और सब से धीमे दौड़ने वाले को ठीक उसके पीछे रखेंगे। उसने समझाया कि उनका उद्देश्य था कि सबसे अच्छा धावक सबसे कमजोर धावक के इतना पास रहना चाहिए कि वह उसे प्रोत्साहित करता रहे, हिम्मत बढ़ाता रहे।

         उनकी इस योजना से मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल में इब्रानियों की पुस्तक में लिखा एक खण्ड स्मरण हो आया। इब्रानियों का लेखक लिखता है कि हम अपनी “आशा के अंगीकार को दृढ़ता से थामें” (इब्रानियों 10:23), और “प्रेम और भले कामों में एक-दूसरे को उकसाने के लिए हम एक दूसरे की चिंता” करते रहें (पद 24)। यह करने की निःसंदेह अनेकों विधियां हैं, परन्तु लेखक ने एक को प्रमुख किया: “ और एक दूसरे के साथ इकट्ठा होना ने छोड़ें, जैसे कि कितनों की रीति है, पर एक दूसरे को समझाते रहें; और ज्यों ज्यों उस दिन को निकट आते देखो, त्यों त्यों और भी अधिक यह किया करो” (पद 25)। जैसा संभव हो, अन्य विश्वासियों के साथ एकत्रित होना मसीही विश्वास के जीवन का एक अति-महत्वपूर्ण भाग है।

         हो सकता है कि हमें लगे कि जीवन की दौड़ अब हमारे बस की बात नहीं रही है, और हम निराश होकर हमें औरों के साथ जोड़ने वाली रस्सी को छोड़ने का मन बना लें। परन्तु जब हम अन्य मसीही विश्वासियों के साथ मिलकर इस दौड़ में भागते रहेंगे, हमें एक-दूसरे से प्रोत्साहन भी मिलेगा, तथा हमें भी औरों को प्रोत्साहित करते रहना है, जिससे सब अपनी अपनी दौड़ भली-भांति पूरी कर सकें। - कर्स्टन होल्मबर्ग

 

प्रोत्साहन आत्मा के लिए ताजगी देने वाला जल है।


हे भाइयों, यदि कोई मनुष्य किसी अपराध में पकड़ा भी जाए, तो तुम जो आत्मिक हो, नम्रता के साथ ऐसे को संभालो, और अपनी भी चौकसी रखो, कि तुम भी परीक्षा में न पड़ो। तुम एक दूसरे के भार उठाओ, और इस प्रकार मसीह की व्यवस्था को पूरी करो। - गलातियों 6:1-2

बाइबल पाठ: इब्रानियों 10:19-25

इब्रानियों 10:19 सो हे भाइयों, जब कि हमें यीशु के लहू के द्वारा उस नए और जीवते मार्ग से पवित्र स्थान में प्रवेश करने का हियाव हो गया है।

इब्रानियों 10:20 जो उसने परदे अर्थात अपने शरीर में से हो कर, हमारे लिये अभिषेक किया है,

इब्रानियों 10:21 और इसलिये कि हमारा ऐसा महान याजक है, जो परमेश्वर के घर का अधिकारी है।

इब्रानियों 10:22 तो आओ; हम सच्चे मन, और पूरे विश्वास के साथ, और विवेक को दोष दूर करने के लिये हृदय पर छिड़काव ले कर, और देह को शुद्ध जल से धुलवा कर परमेश्वर के समीप जाएं।

इब्रानियों 10:23 और अपनी आशा के अंगीकार को दृढ़ता से थामें रहें; क्योंकि जिसने प्रतिज्ञा किया है, वह सच्चा है।

इब्रानियों 10:24 और प्रेम, और भले कामों में उकसाने के लिये एक दूसरे की चिन्ता किया करें।

इब्रानियों 10:25 और एक दूसरे के साथ इकट्ठा होना ने छोड़ें, जैसे कि कितनों की रीति है, पर एक दूसरे को समझाते रहें; और ज्यों ज्यों उस दिन को निकट आते देखो, त्यों त्यों और भी अधिक यह किया करो।

 

एक साल में बाइबल: 

  • विलापगीत 3-5
  • इब्रानियों 10:19-39

शुक्रवार, 13 नवंबर 2020

चरवाहा

 

         मेरे मित्र चाड ने एक वर्ष भेड़ों की चरवाही की थी। उसने मुझे बताया कि भेड़ें इतनी भोली और मूर्ख होती हैं कि वे केवल वही खाती हैं जो ठीक उनके सामने होता है। यदि उनके सामने की सारी घास समाप्त भी हो जाए, तो भी वे इधर-उधर देख कर अच्छे घास को ढूँढने का प्रयास नहीं करती हैं, वे सामने पड़ा कचरा और मिट्टी में धंसी घास को ही खाने के प्रयास करने लगेंगी। यह सुनकर हम दोनों ही भेड़ों की मूर्खता पर हँसे, परन्तु मैं यह सोचने के लिए विवश हुआ कि परमेश्वर के वचन बाइबल में कितनी ही बार हम मनुष्यों की तुलना भेड़ों के साथ की गई है।

         भेड़ों की मूर्खता की बात सुनने के बाद यह समझना आसान है कि क्यों उन्हें हमेशा ही एक चरवाहे की आवश्यकता रहती है। लेकिन उनके इस भोलेपन के कारण, किसी भी चरवाहे से काम नहीं चलेगा। भेड़ों को ऐसे चरवाहे की आवश्यकता होती है जो उनकी चिंता और देखभाल करता है। बाइबल में जब यहेजकेल भविष्यद्वक्ता ने निर्वासित हुए तथा बेबीलोन में बन्धुआई में रहने वाले परमेश्वर के लोगों को लिखा, तो उसने उनकी तुलना अयोग्य चरवाहों द्वारा देखभाल की गई भेड़ों से की। झुण्ड की देखभाल करने की बजाए, इस्राएल के अगुवों ने उनसे लाभ उठाया था (पद 3), और फिर उन्हें जंगली जानवरों के द्वारा आहार बनने के लिए छोड़ दिया था (पद 5)।

         परन्तु वे आशा रहित नहीं थे। परमेश्वर ने, जो उनका अच्छा चरवाहा भी था, उनसे प्रतिज्ञा की, कि वह उन्हें उनका शोषण करने वाले चरवाहों से बचाएगा, और उन्हें वापस घर लेकर आएगा, और अच्छी चरागाहों में लेकर जाएगा, उन्हें विश्राम देगा। उनमें जो घायल हैं, उन्हें चंगा करेगा, और जो भटक कर खो गए हैं, उन्हें खोजने जाएगा (पद 11-16)। वह जंगली जानवरों को दूर भगाएगा, जिससे उसका झुण्ड सुरक्षित रहे (पद 28)।

         परमेश्वर के झुण्ड के लोगों को निःसंदेह कोमल देखभाल और मार्गदर्शन की आवश्यकता रहती है। हम कितने धन्य हैं कि हमारा एक चरवाहा है जो सदा हमें हरी चराइयों में लिए चलता है (पद 14)! – एमी पीटरसन

 

क्या मैं अपने चरवाहे की आवाज़ को सुनता हूँ?


प्रभु यीशु ने कहा: अच्छा चरवाहा मैं हूं; अच्छा चरवाहा भेड़ों के लिये अपना प्राण देता है। - यूहन्ना 10:11

बाइबल पाठ: यहेजकेल 34:7-16

यहेजकेल 34:7 इस कारण, हे चरवाहों, यहोवा का वचन सुनो।

यहेजकेल 34:8 परमेश्वर यहोवा की यह वाणी है, मेरे जीवन की सौगन्ध, मेरी भेड़-बकरियां जो लुट गई, और मेरी भेड़-बकरियां जो चरवाहे के न होने के कारण सब वन-पशुओं का आहार हो गई; और इसलिये कि मेरे चरवाहों ने मेरी भेड़-बकरियों की सुधि नहीं ली, और मेरी भेड़- बकरियों का पेट नहीं, अपना ही अपना पेट भरा;

यहेजकेल 34:9 इस कारण हे चरवाहों, यहोवा का वचन सुनो,

यहेजकेल 34:10 परमेश्वर यहोवा यों कहता हे, देखो, मैं चरवाहों के विरुद्ध हूँ; और मैं उन से अपनी भेड़-बकरियों का लेखा लूंगा, और उन को फिर उन्हें चराने न दूंगा; वे फिर अपना अपना पेट भरने न पाएंगे। मैं अपनी भेड़-बकरियां उनके मुंह से छुड़ाऊंगा कि आगे को वे उनका आहार न हों।

यहेजकेल 34:11 क्योंकि परमेश्वर यहोवा यों कहता है, देखो, मैं आप ही अपनी भेड़-बकरियों की सुधि लूंगा, और उन्हें ढूंढ़ूंगा।

यहेजकेल 34:12 जैसे चरवाहा अपनी भेड़-बकरियों में से भटकी हुई को फिर से अपने झुण्ड में बटोरता है, वैसे ही मैं भी अपनी भेड़-बकरियों को बटोरूंगा; मैं उन्हें उन सब स्थानों से निकाल ले आऊंगा, जहां जहां वे बादल और घोर अन्धकार के दिन तितर-बितर हो गई हों।

यहेजकेल 34:13 और मैं उन्हें देश देश के लोगों में से निकालूंगा, और देश देश से इकट्ठा करूंगा, और उन्हीं के निज भूमि में ले आऊंगा; और इस्राएल के पहाड़ों पर और नालों में और उस देश के सब बसे हुए स्थानों में चराऊंगा।

यहेजकेल 34:14 मैं उन्हें अच्छी चराई में चराऊंगा, और इस्राएल के ऊंचे ऊंचे पहाड़ों पर उन को चराई मिलेगी; वहां वे अच्छी हरियाली में बैठा करेंगी, और इस्राएल के पहाड़ों पर उत्तम से उत्तम चराई चरेंगी।

यहेजकेल 34:15 मैं आप ही अपनी भेड़-बकरियों का चरवाहा हूंगा, और मैं आप ही उन्हें बैठाऊंगा, परमेश्वर यहोवा की यही वाणी है।

यहेजकेल 34:16 मैं खोई हुई को ढूंढ़ूंगा, और निकाली हुई को फेर लाऊंगा, और घायल के घाव बान्धूंगा, और बीमार को बलवान करूंगा, और जो मोटी और बलवन्त हैं उन्हें मैं नाश करूंगा; मैं उनकी चरवाही न्याय से करूंगा।

 

एक साल में बाइबल: 

  • विलापगीत 1-2
  • इब्रानियों 10:1-18

गुरुवार, 12 नवंबर 2020

मार्गदर्शन

 

           मेरे पड़ौसी, टिम, की कार के डैशबोर्ड पर उसके सामने एक छोटी मूर्ति लगी हुई है, जो मौरिस सैनडक द्वारा लिखित बच्चों की प्रिय पुस्तक Where the Wild Things Are पर आधारित एक 'जंगली चीज़' की है। कुछ समय पहले टिम मेरे पीछे कार चलाता हुआ आ रहा था, और मैंने देखा कि मेरे निकट बने रहने के लिए उसने गाड़ी को कुछ जोखिम भरे तरीके से चलाया और इधर से उधर को काटा। जब हम गंतव्य पर पहुँच गए, तो मैंने उसे छेड़ने के लिए कहा, 'लग रहा था मानो डैशबोर्ड पर लगी वह जंगली चीज़ ने कार को वश में कर रखा था!'

           उससे अगले इतवार को, मैं चर्च के लिए अपने उपदेश के नोट्स घर पर ही भूल आया, इसलिए मैं बहुत तेज़ी से कार चला कर उन नोट्स को लाने के लिए घर गया, और मार्ग में टिम भी उसी मार्ग से आता दिखाई दिया। बाद में जब हम मिले, तो अब मुझे छेड़ने का उसके पास अवसर था, और उसने भी वही कहा, जो मैंने उससे कहा था, 'लग रहा था मानो किसी जंगली चीज़ ने कार को वश में कर रखा था!' हम साथ मिलकर हँसे, परन्तु उसकी कही बात मुझे समझ में आ गई – मुझे कार चलाने की गति पर ध्यान रखना चाहिए था।

           जब परमेश्वर के वचन बाइबल में परमेश्वर के साथ संबंधित होकर रहने की बात आती है, तो साथ ही इसके लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है कि हम अपने आप को पूर्णतः उसे समर्पित करें (रोमियों 6:13)। मैंने उस दिन टिम के द्वारा कही बात को परमेश्वर की ओर से एक विनीत एवं सप्रेम चेतावनी के रूप में लिया, कि परमेश्वर चाहता है कि मैं अपना संपूर्ण नियंत्रण उसी के हाथ में रहने दूँ।

           हमें कौन वश में रखता है, हमारे संपूर्ण जीवन पर लागू होता है। क्या हम अपने पुराने पापमय स्वभाव की 'जंगली चीज़ों' जैसे कि चिंता, भय, अपनी ही इच्छा आदि को हम पर वश रखने देते हैं, या हम मार्गदर्शन के लिए परमेश्वर की पवित्र आत्मा और उसके अनुग्रह पर निर्भर और समर्पित रहते हैं, जो हमें बढ़ने में सहायता करते हैं?

           परमेश्वर के मार्गदर्शन में चलते रहना हमारे लिए भला है। पवित्र शास्त्र कहता है कि परमेश्वर की बुद्धिमानी हमें आनन्द और कुशल के मार्गों पर ले जाती है (नीतिवचन 3:17)। इसलिए उसके मार्गदर्शन में चलते रहना भला है। - जेम्स बैंक्स

 

परमेश्वर जो चाहता है, उसके लिए प्रोत्साहित भी करता है।


उसके मार्ग आनन्ददायक हैं, और उसके सब मार्ग कुशल के हैं। - नीतिवचन 3:17

बाइबल पाठ: रोमियों 6:1-14

रोमियों 6:1 सो हम क्या कहें? क्या हम पाप करते रहें, कि अनुग्रह बहुत हो?

रोमियों 6:2 कदापि नहीं, हम जब पाप के लिये मर गए तो फिर आगे को उस में क्योंकर जीवन बिताएं?

रोमियों 6:3 क्या तुम नहीं जानते, कि हम जितनों ने मसीह यीशु का बपतिस्मा लिया तो उस की मृत्यु का बपतिस्मा लिया

रोमियों 6:4 सो उस मृत्यु का बपतिस्मा पाने से हम उसके साथ गाड़े गए, ताकि जैसे मसीह पिता की महिमा के द्वारा मरे हुओं में से जिलाया गया, वैसे ही हम भी नए जीवन की सी चाल चलें।

रोमियों 6:5 क्योंकि यदि हम उस की मृत्यु की समानता में उसके साथ जुट गए हैं, तो निश्चय उसके जी उठने की समानता में भी जुट जाएंगे।

रोमियों 6:6 क्योंकि हम जानते हैं कि हमारा पुराना मनुष्यत्व उसके साथ क्रूस पर चढ़ाया गया, ताकि पाप का शरीर व्यर्थ हो जाए, ताकि हम आगे को पाप के दासत्व में न रहें।

रोमियों 6:7 क्योंकि जो मर गया, वह पाप से छूटकर धर्मी ठहरा।

रोमियों 6:8 सो यदि हम मसीह के साथ मर गए, तो हमारा विश्वास यह है, कि उसके साथ जीएंगे भी।

रोमियों 6:9 क्योंकि यह जानते हैं, कि मसीह मरे हुओं में से जी उठ कर फिर मरने का नहीं, उस पर फिर मृत्यु की प्रभुता नहीं होने की।

रोमियों 6:10 क्योंकि वह जो मर गया तो पाप के लिये एक ही बार मर गया; परन्तु जो जीवित है, तो परमेश्वर के लिये जीवित है।

रोमियों 6:11 ऐसे ही तुम भी अपने आप को पाप के लिये तो मरा, परन्तु परमेश्वर के लिये मसीह यीशु में जीवित समझो।

रोमियों 6:12 इसलिये पाप तुम्हारे मरनहार शरीर में राज्य न करे, कि तुम उस की लालसाओं के आधीन रहो।

रोमियों 6:13 और न अपने अंगों को अधर्म के हथियार होने के लिये पाप को सौंपो, पर अपने आप को मरे हुओं में से जी उठा हुआ जानकर परमेश्वर को सौंपो, और अपने अंगों को धर्म के हथियार होने के लिये परमेश्वर को सौंपो।

रोमियों 6:14 और तुम पर पाप की प्रभुता न होगी, क्योंकि तुम व्यवस्था के आधीन नहीं वरन अनुग्रह के आधीन हो।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 51-52
  • इब्रानियों 9

बुधवार, 11 नवंबर 2020

आशा

 

         1940 के दशक में डॉक्टर विलियम वॉलेस चीन के व्हूज़्हाओ इलाके में मिशनरी सर्जन का काम कर रहे थे, जब जापान ने चीन पर हमला किया। वॉलेस ने, जो उस समय स्टाउट मेमोरियल अस्पताल के प्रभारी थे, अस्पताल के लोगों से कहा कि अस्पताल का सारा सामान नदी में चलने वाली बड़ी-बड़ी नावों में स्थानांतरित कर दें, और वे नदी में ऊपर-नीचे आवागमन करते हुए एक तैरते हुए अस्पताल के समान कार्य करते रहे, जिससे पैदल सेना के हमलों से सुरक्षित रहें।

         खतरे के समयों में डॉक्टर वॉलेस के लिए परमेश्वर के वचन बाइबल में से प्रिय पद था फिलिप्पियों 1:21, जो उन्हें स्मरण दिलाता रहता था कि यदि वे जीवित हैं तो उन्हें अपने उद्धारकर्ता के लिए कार्य करते रहना है; यदि उनकी मृत्यु हो जाती है तो उनके पास अपने उद्धारकर्ता के साथ अनन्तकाल बिताने की दृढ़ आशा है। यह पद उनके लिए विशेषतः सार्थक उनकी मृत्यु के समय हुआ, जो उन्हें झूठे अभियोगों के आधार पर कैद करने के कारण 1951 में हुई।

         पौलुस के लेख उस गहरी भक्ति को प्रतिबिंबित करते हैं जिसके आशा हम मसीही विश्वासी होने के नाते रख सकते हैं; जिससे हमें प्रभु के नाम के कारण हम पर आने वाले खतरों और परीक्षाओं का सामना करने की सामर्थ्य मिलती है। यह भक्ति हमें पवित्र आत्मा से तथा हमारे घनिष्ठ लोगों की प्रार्थनाओं के द्वारा आती है (पद 19) और हमारे लिए एक प्रतिज्ञा भी है। हम जब कठिन परिस्थितियों में भी सेवकाई करते रहने के लिए अपने आप को समर्पित रखते हैं, तो यह भी इसी आशा के साथ होता है कि जब यहाँ, इस पृथ्वी पर हमारा कार्य और जीवन समाप्त होगा, तब भी हमारे सामने प्रभु यीशु के साथ अनंतकाल का आनन्द रखा हुआ है।

         हमारे सबसे कठिन समयों में, वर्तमान में मसीह के साथ चलने के लिए प्रतिबद्ध हृदयों के साथ, हम अपने प्रभु परमेश्वर के साथ अनन्त की आशा पर दृष्टि गड़ाए हुए, हमें औरों को भी परमेश्वर के प्रेम और इस धन्य आशा का सुसमाचार बाँटना है। - रैंडी किल्गोर

 

परमेश्वर को अर्पित किए जाने वाले बलिदान, उसके प्रेम को प्रदर्शित करने के अवसर हैं।


क्योंकि हम में से न तो कोई अपने लिये जीता है, और न कोई अपने लिये मरता है। क्योंकि यदि हम जीवित हैं, तो प्रभु के लिये जीवित हैं; और यदि मरते हैं, तो प्रभु के लिये मरते हैं; सो हम जीएं या मरें, हम प्रभु ही के हैं। - रोमियों 14:7-8

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 1:19-26

फिलिप्पियों 1:19 क्योंकि मैं जानता हूं, कि तुम्हारी बिनती के द्वारा, और यीशु मसीह की आत्मा के दान के द्वारा इस का प्रतिफल मेरा उद्धार होगा।

फिलिप्पियों 1:20 मैं तो यही हादिर्क लालसा और आशा रखता हूं, कि मैं किसी बात में लज्जित न होऊं, पर जैसे मेरे प्रबल साहस के कारण मसीह की बड़ाई मेरी देह के द्वारा सदा होती रही है, वैसा ही अब भी हो; चाहे मैं जीवित रहूं या मर जाऊं।

फिलिप्पियों 1:21 क्योंकि मेरे लिये जीवित रहना मसीह है, और मर जाना लाभ है।

फिलिप्पियों 1:22 पर यदि शरीर में जीवित रहना ही मेरे काम के लिये लाभदायक है तो मैं नहीं जानता, कि किस को चुनूं।

फिलिप्पियों 1:23 क्योंकि मैं दोनों के बीच अधर में लटका हूं; जी तो चाहता है कि कूच कर के मसीह के पास जा रहूं, क्योंकि यह बहुत ही अच्छा है।

फिलिप्पियों 1:24 परन्तु शरीर में रहना तुम्हारे कारण और भी आवश्यक है।

फिलिप्पियों 1:25 और इसलिये कि मुझे इस का भरोसा है सो मैं जानता हूं कि मैं जीवित रहूंगा, वरन तुम सब के साथ रहूंगा जिस से तुम विश्वास में दृढ़ होते जाओ और उस में आनन्दित रहो।

फिलिप्पियों 1:26 और जो घमण्ड तुम मेरे विषय में करते हो, वह मेरे फिर तुम्हारे पास आने से मसीह यीशु में अधिक बढ़ जाए।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 50
  • इब्रानियों 8