ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

रविवार, 24 दिसंबर 2017

भेद


   चार्ल्स डिकन्स की प्रसिद्ध कहानी, A Christmas Carol के आरंभ में, कहानी के मुख्य पात्र, एबेनेज़र स्क्रूज, के बारे में कुछ रहस्य है। वह इतनी नीच प्रवृत्ति का क्यों है? वह ऐसा स्वार्थी कैसे बन गया? फ़िर धीरे-धीरे, जब क्रिसमस से संबंधित आत्माएं, स्क्रूज को उसकी ही जीवन कहानी से होकर लिए चलती हैं, तो बातें स्पष्ट होने लगती हैं। हम स्क्रूज के जीवन की उन परिस्थितियों और उनके प्रभावों को देखते हैं जिन्होंने उसे एक आनन्दित युवक से स्वार्थी और कन्जूस व्यक्ति बना दिया। हम उसके एकाकीपन और व्यथा को देखने पाते हैं। जैसे-जैसे उससे संबंधित रहस्य खुलता जाता है, हम स्क्रूज की स्थिति से वापस बहाल होने के मार्ग को भी देखते हैं। औरों की भलाई के लिए चिन्ता करना स्क्रूज को आत्म-केंद्रित अन्धकार में से निकालकर एक नए आनन्द में ले आता है।

   लेकिन स्क्रूज के जीवन के इस भेद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण और जटिल वह भेद है जिसका परमेश्वर के वचन बाइबल में पौलुस ने उल्लेख किया है: "और इस में सन्‍देह नहीं, कि भक्ति का भेद गम्भीर है; अर्थात वह जो शरीर में प्रगट हुआ, आत्मा में धर्मी ठहरा, स्‍वर्गदूतों को दिखाई दिया, अन्यजातियों में उसका प्रचार हुआ, जगत में उस पर विश्वास किया गया, और महिमा में ऊपर उठाया गया" (1 तिमुथियुस 3:14-16)। विलक्षण; असाधारण! परमेश्वर "शरीर में प्रगट हुआ।"

   क्रिसमस का भेद यही है कि परमेश्वर पूर्णतः परमेश्वर रहते हुए भी, पूर्णतः मनुष्य कैसे बन गया? यह मानवीय समझ-बूझ से बाहर की बात है, परन्तु परमेश्वर की सिद्ध बुद्धिमता में, यह युगों से बनी हुई योजना थी। जो यीशु मसीह क्रिसमस के मनाए जाने के समय एक शिशु, एक बालक दिखाई देता है, वही शरीर में अवतरित परमेश्वर है। - बिल क्राउडर


परमेश्वर ने हम मनुष्यों के साथ अपना डेरा इस लिए किया, 
जिससे हम उसके साथ उसके घर में रह सकें।

क्योंकि हमारे लिये एक बालक उत्पन्न हुआ, हमें एक पुत्र दिया गया है; और प्रभुता उसके कांधे पर होगी, और उसका नाम अद्‌भुत, युक्ति करने वाला, पराक्रमी परमेश्वर, अनन्तकाल का पिता, और शान्ति का राजकुमार रखा जाएगा। - यशायाह 9:6

बाइबल पाठ: 1 तिमुथियुस 3:14-16
1 Timothy 3:14 मैं तेरे पास जल्द आने की आशा रखने पर भी ये बातें तुझे इसलिये लिखता हूं। 
1 Timothy 3:15 कि यदि मेरे आने में देर हो तो तू जान ले, कि परमेश्वर का घर, जो जीवते परमेश्वर की कलीसिया है, और जो सत्य का खंभा, और नेव है; उस में कैसा बर्ताव करना चाहिए। 
1 Timothy 3:16 और इस में सन्‍देह नहीं, कि भक्ति का भेद गम्भीर है; अर्थात वह जो शरीर में प्रगट हुआ, आत्मा में धर्मी ठहरा, स्‍वर्गदूतों को दिखाई दिया, अन्यजातियों में उसका प्रचार हुआ, जगत में उस पर विश्वास किया गया, और महिमा में ऊपर उठाया गया।

एक साल में बाइबल: 
  • हब्क्कूक 1-3
  • प्रकाशितवाक्य 15


शनिवार, 23 दिसंबर 2017

सबके लिए


   अनेकों बच्चों के समान मुझे भी क्रिसमस मनाना बहुत पसन्द है। बचपन में मैं बड़ी आशा के साथ क्रिसमस ट्री के नीचे रखे गए खिलौनों और उपहारों को देखता था, मुझे यह जानने की बड़ी लालसा रहती थी कि मेरे लिए कौन सा खिलौना या खेल रखा गया है। लेकिन जब मुझे खिलौनों के स्थान पर शर्ट और पैंट मिलने लगे तो मुझे कुछ निराशा होने लगी - बड़ों की वस्तुओं में बच्चों के खिलौनों वाला आनन्द नहीं होता है। फिर पिछले क्रिसमस पर मेरे बच्चों ने मुझे बड़े सुन्दर दिखने वाले मोज़े उपहार में दिए: उनके चटकीले रंग और आकर्षक डिज़ाइन देखकर मुझी बड़ा उल्लास हुआ, मैं अपने आप को पुनः युवा अनुभव करने लगा। व्यसक भी उन मोज़ों को पहन सकते थे, क्योंकि उन पर लगे लेबल पर लिखा था "एक नाप, सबके लिए।"

   यह वाक्यांश, "एक नाप, सबके लिए" मुझे क्रिसमस की सर्वोत्तम भेंट की याद दिलाता है - उस सुसमाचार की, कि प्रभु यीशु संसार के सभी लोगों के लिए है। यह बात प्रभु यीशु के जन्म के समय हुई घटनाओं से भी प्रमाणित होती है। प्रभु के जन्म लेने का सबसे पहला सन्देश स्वर्गदूतों ने चरवाहों को दिया, जो सामाजिक स्तर के आधार पर सबसे नीचे की सीढ़ी पर माने जाते थे। फिर यही समाचार समाज के अत्यंत महत्वपूर्ण, धनी और प्रतिष्ठित ज्योतिषियों के पास भी पहुंचा, जो फिर सितारे के मार्गदर्शन द्वारा बालक मसीह को देखने आए।

   जब प्रभु ने अपनी सेवकाई आरंभ की, तब यहूदियों के धार्मिक अगुवओं में से उनका एक प्रभावशाली सरदार उससे मिलने और चर्चा करने के लिए रात में उसके पास आया। उनके वार्तालाप के दौरान, प्रभु यीशु ने वह सबसे महत्वपूर्ण और जाना-माना निमंत्रण सारे जगत के लिए दिया, कि स्वेच्छा से प्रभु में लाए गए विश्वास के एक निर्णय के द्वारा व्यक्ति अनन्त जीवन का अधिकारी हो जाता है: "क्योंकि परमेश्वर ने जगत से ऐसा प्रेम रखा कि उसने अपना एकलौता पुत्र दे दिया, ताकि जो कोई उस पर विश्वास करे, वह नाश न हो, परन्तु अनन्त जीवन पाए" (यूहन्ना 3:16)।

   यदि प्रभु केवल निर्धनों और समाज के ठुकराए तथा तुच्छ लोगों के लिए आया होता, या फिर केवल धनवानों और समाज के उच्च स्तर के प्रतिष्ठित लोगों के लिए ही आया होता, तो हम में से अनेकों उसके साथ रहने के लिए कभी योग्य न ठहरते। परन्तु प्रभु यीशु सारे संसार के सभी लोगों के लिए आया, चाहे उनका सामाजिक स्तर, आर्थिक स्थिति, या ऐसी ही कोई भी अन्य बात किसी भी स्तर की क्यों न हो। वह वास्तव में सबके लिए सबसे उपयुक्त तथा अद्भुत भेंट है। - जो स्टोवैल


मरते जा रहे इस संसार के लिए, 
परमेश्वर का उपहार जीवन देने वाला मुक्ति-दाता है।

जिसने अपने आप को हमारे लिये दे दिया, कि हमें हर प्रकार के अधर्म से छुड़ा ले, और शुद्ध कर के अपने लिये एक ऐसी जाति बना ले जो भले भले कामों में सरगर्म हो। - तीतुस 2:14

बाइबल पाठ: यूहन्ना 3:10-21
John 3:10 यह सुनकर यीशु ने उस से कहा; तू इस्त्राएलियों का गुरू हो कर भी क्या इन बातों को नहीं समझता? 
John 3:11 मैं तुझ से सच सच कहता हूं कि हम जो जानते हैं, वह कहते हैं, और जिसे हम ने देखा है उस की गवाही देते हैं, और तुम हमारी गवाही ग्रहण नहीं करते। 
John 3:12 जब मैं ने तुम से पृथ्वी की बातें कहीं, और तुम प्रतीति नहीं करते, तो यदि मैं तुम से स्वर्ग की बातें कहूं, तो फिर क्योंकर प्रतीति करोगे? 
John 3:13 और कोई स्वर्ग पर नहीं चढ़ा, केवल वही जो स्वर्ग से उतरा, अर्थात मनुष्य का पुत्र जो स्वर्ग में है। 
John 3:14 और जिस रीति से मूसा ने जंगल में सांप को ऊंचे पर चढ़ाया, उसी रीति से अवश्य है कि मनुष्य का पुत्र भी ऊंचे पर चढ़ाया जाए। 
John 3:15 ताकि जो कोई विश्वास करे उस में अनन्त जीवन पाए।
John 3:16 क्योंकि परमेश्वर ने जगत से ऐसा प्रेम रखा कि उसने अपना एकलौता पुत्र दे दिया, ताकि जो कोई उस पर विश्वास करे, वह नाश न हो, परन्तु अनन्त जीवन पाए। 
John 3:17 परमेश्वर ने अपने पुत्र को जगत में इसलिये नहीं भेजा, कि जगत पर दंड की आज्ञा दे परन्तु इसलिये कि जगत उसके द्वारा उद्धार पाए। 
John 3:18 जो उस पर विश्वास करता है, उस पर दंड की आज्ञा नहीं होती, परन्तु जो उस पर विश्वास नहीं करता, वह दोषी ठहर चुका; इसलिये कि उसने परमेश्वर के एकलौते पुत्र के नाम पर विश्वास नहीं किया। 
John 3:19 और दंड की आज्ञा का कारण यह है कि ज्योति जगत में आई है, और मनुष्यों ने अन्धकार को ज्योति से अधिक प्रिय जाना क्योंकि उन के काम बुरे थे। 
John 3:20 क्योंकि जो कोई बुराई करता है, वह ज्योति से बैर रखता है, और ज्योति के निकट नहीं आता, ऐसा न हो कि उसके कामों पर दोष लगाया जाए। 
John 3:21 परन्तु जो सच्चाई पर चलता है वह ज्योति के निकट आता है, ताकि उसके काम प्रगट हों, कि वह परमेश्वर की ओर से किए गए हैं।

एक साल में बाइबल: 
  • नहूम 1-3
  • प्रकाशितवाक्य 14


शुक्रवार, 22 दिसंबर 2017

आराधना


   क्रिसमस का एक लोकप्रीय गीत है The Little Drummer Boy जो 1941 में लिखा गया था। अपने मूल रूप में यह गीत "Carol of the Drum" के नाम से जाना जाता था, और चैक देश के एक पारंपरिक कैरॉल (क्रिसमस के गीत) पर आधारित है। यद्यपि परमेश्वर के वचन बाइबल में मसीह यीशु के जन्म से संबंधित घटनाओं के विवरण, मत्ती 1-2 तथा लूका 2, में कहीं भी किसी ड्रम बजाने वाले लड़के का उल्लेख नहीं है परन्तु इस गीत का अर्थ सीधे आराधना के तात्पर्य के मर्म को ले जाता है। इस गीत में कहानी बनाई गई है कि कैसे प्रभु यीशु के जन्म के समय आने वाले ज्योतिषियों ने मसीह के जन्म के स्थान पर, एक ड्रम बजाने वाले लड़के को बुलाया। परन्तु उस लड़के के पास उन ज्योतिषियों के समान प्रभु को भेंट देने के लिए कुछ नहीं था, इसलिए जो उसके पास था उसने वही प्रभु को अर्पित किया। उसने शिशु प्रभु यीशु के लिए अपना ड्रम यह कहते हुए बजाया, "मैंने उसके लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बजाया है।"

   यह आराधना की उस भावना के अनुरूप है जो प्रभु यीशु ने विधवा और उसकी दो दमड़ी की घटना के समय कही थी, प्रभु यीशु ने कहा था: "मैं तुम से सच कहता हूं कि इस कंगाल विधवा ने सब से बढ़कर डाला है। क्योंकि उन सब ने अपनी अपनी बढ़ती में से दान में कुछ डाला है, परन्तु इस ने अपनी घटी में से अपनी सारी जीविका डाल दी है" (लूका 21:3-4)।

   उस ड्रम बजाने वाले लड़के के पास बस अपना ड्रम ही था, और उस निर्धन विधवा के पास बस दो दमड़ी ही थीं, और जिस परमेश्वर की वह आराधना करना चाहते थे वह उनके सर्वस्व के योग्य था। लेकिन उनका आराध्य प्रभु परमेश्वर आराधना की भेंट के सांसारिक मूल्य को नहीं वरन देने वाले के हृदय को देखता है; उसके आँकलन में उस विधवा ने अन्य सभी धनवानों से अधिक अर्पित किया था।

   हमारे प्रभु ने हमारे लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया; वह हमारे सर्वस्व का, हमारी आराधना का हकदार है; और सच्चे मन से दी गई किसी भेंट को तुच्छ नहीं जानता है, उसका तिरिस्कार नहीं करता है। - बिल क्राउडर


जब आप अपना सर्वस्व प्रभु को अर्पित करते हैं, 
तो आपका थोड़ा भी प्रभु की दृष्टि में बहुत होता है।

टूटा मन परमेश्वर के योग्य बलिदान है; हे परमेश्वर, तू टूटे और पिसे हुए मन को तुच्छ नहीं जानता। - भजन 51:17

बाइबल पाठ: लूका 21:1-4
Luke 21:1 फिर उसने आंख उठा कर धनवानों को अपना अपना दान भण्‍डार में डालते देखा। 
Luke 21:2 और उसने एक कंगाल विधवा को भी उस में दो दमडिय़ां डालते देखा। 
Luke 21:3 तब उसने कहा; मैं तुम से सच कहता हूं कि इस कंगाल विधवा ने सब से बढ़कर डाला है। 
Luke 21:4 क्योंकि उन सब ने अपनी अपनी बढ़ती में से दान में कुछ डाला है, परन्तु इस ने अपनी घटी में से अपनी सारी जीविका डाल दी है।

एक साल में बाइबल: 
  • मीका 6-7
  • प्रकाशितवाक्य 13


गुरुवार, 21 दिसंबर 2017

अद्भुत प्रेम


   मेरी सहेली के पति की मृत्योप्रांत, उनके बिना अपने पहले क्रिसमस के निकट आने के समय में उसने एक उल्लेखनीय पत्र लिखा, जिसमें उसने कल्पना की, कि प्रभु यीशु के पृथ्वी पर जन्म के समय स्वर्ग में कैसा रहा होगा। उसने लिखा, "यह वैसा ही रहा होगा जैसा परमेश्वर सदाकाल से जानता था कि होगा; वह त्रिएक परमेश्वर है, और उसने हम मनुष्यों के पाप क्षमा तथा उद्धार के लिए अपने इस त्रिएकत्व में से एक को अलग होने दिया। स्वर्ग परमेश्वर पुत्र से रिक्त हो गया। मैं अपने विषय सोचूँ तो जिससे मैं प्रेम करती हूँ, जिसके साथ मैं एक हूँ, उसे किसी और के लिए जाने देने के बारे में सोच भी नहीं सकती; परन्तु परमेश्वर ने सोचा और किया। उसने अपने घर को मेरे घर से कहीं अधिक खाली हो जाने दिया, ताकि मैं उसके साथ उसके घर में सदा काल तक रह सकूँ।"

   जब प्रभु यीशु इस संसार में लोगों को परमेश्वर के राज्य और पाप क्षमा के बारे में सिखा रहे थे और उन्हें चंगा कर रहे थे, उन्होंने लोगों से कहा, "क्योंकि मैं अपनी इच्छा नहीं, वरन अपने भेजने वाले की इच्छा पूरी करने के लिये स्वर्ग से उतरा हूं। क्योंकि मेरे पिता की इच्छा यह है, कि जो कोई पुत्र को देखे, और उस पर विश्वास करे, वह अनन्त जीवन पाए; और मैं उसे अंतिम दिन फिर जिला उठाऊंगा" (यूहन्ना 6:38, 40)।

   जब प्रभु यीशु ने बेतलैहम में जन्म लिया तो यह परमेश्वर के हम मनुष्यों के प्रति प्रेम को प्रदर्शित करने के कार्य का आरंभ था, जिसका अन्त कलवरी के क्रूस पर बलिदान होना, मारा जाना, गाड़ा जाना और तीसरे दिन मृतकों में से जी उठना था, जिससे संसार के सभी मनुष्यों के लिए पाप से मुक्ति और उद्धार का मार्ग उपलब्ध हो सके।

   "क्योंकि परमेश्वर ने जगत से ऐसा प्रेम रखा कि उसने अपना एकलौता पुत्र दे दिया, ताकि जो कोई उस पर विश्वास करे, वह नाश न हो, परन्तु अनन्त जीवन पाए" (यूहन्ना 3:16)। - डेविड मैक्कैसलैंड


मसीह यीशु के जन्म से परमेश्वर मनुष्यों के निकट ले आया; 
मसीह यीशु का क्रूस मनुष्यों को परमेश्वर के निकट ले जाता है।

परन्तु परमेश्वर हम पर अपने प्रेम की भलाई इस रीति से प्रगट करता है, कि जब हम पापी ही थे तभी मसीह हमारे लिये मरा। - रोमियों 5:8

बाइबल पाठ: यूहन्ना 6:32-40
John 6:32 यीशु ने उन से कहा, मैं तुम से सच सच कहता हूं कि मूसा ने तुम्हें वह रोटी स्वर्ग से न दी, परन्तु मेरा पिता तुम्हें सच्ची रोटी स्वर्ग से देता है। 
John 6:33 क्योंकि परमेश्वर की रोटी वही है, जो स्वर्ग से उतरकर जगत को जीवन देती है। 
John 6:34 तब उन्होंने उस से कहा, हे प्रभु, यह रोटी हमें सर्वदा दिया कर। 
John 6:35 यीशु ने उन से कहा, जीवन की रोटी मैं हूं: जो मेरे पास आएगा वह कभी भूखा न होगा और जो मुझ पर विश्वास करेगा, वह कभी प्यासा न होगा। 
John 6:36 परन्तु मैं ने तुम से कहा, कि तुम ने मुझे देख भी लिया है, तोभी विश्वास नहीं करते। 
John 6:37 जो कुछ पिता मुझे देता है वह सब मेरे पास आएगा, उसे मैं कभी न निकालूंगा। 
John 6:38 क्योंकि मैं अपनी इच्छा नहीं, वरन अपने भेजने वाले की इच्छा पूरी करने के लिये स्वर्ग से उतरा हूं। 
John 6:39 और मेरे भेजने वाले की इच्छा यह है कि जो कुछ उसने मुझे दिया है, उस में से मैं कुछ न खोऊं परन्तु उसे अंतिम दिन फिर जिला उठाऊं। 
John 6:40 क्योंकि मेरे पिता की इच्छा यह है, कि जो कोई पुत्र को देखे, और उस पर विश्वास करे, वह अनन्त जीवन पाए; और मैं उसे अंतिम दिन फिर जिला उठाऊंगा।

एक साल में बाइबल: 
  • मीका 4-5
  • प्रकाशितवाक्य 12


बुधवार, 20 दिसंबर 2017

शान्ति


   युद्ध का खर्चा उठाना किसी के भी बस की बात नहीं है। आज संसार के अनेकों देश में सशस्त्र संघर्ष चल रहे हैं; ये संघर्ष कब और कैसे थमेंगे? हम सब शान्ति चाहते हैं, परन्तु न्याय की कीमत पर नहीं, इसलिए शान्ति लाने के लिए संघर्ष और हिंसा में लीन रहते हैं।

   प्रभु यीशु का जन्म "शान्ति" के समय में हुआ था; परन्तु वह शान्ति भारी दमन की कीमत पर स्थापित थी। उन दिनों के रोमी के शासन में शान्ति इसलिए थी क्योंकि रोमी लोग प्रत्येक विरोध को तुरंत विरोधियों का नाश कर के दबा देते थे।

   उस "शान्ति" के समय से लगभग सात सौ वर्ष पूर्व, शत्रु सेनाएं यरुशलेम पर चढ़ाई करने की तैयारी कर रही थीं। यूद्ध की छाया के उस समय में परमेश्वर ने एक अद्भुत बात कही; परमेश्वर ने अपने भविष्यद्वक्ता यशायाह में होकर यह बात अपने वचन में लिखवाई: "जो लोग अन्धियारे में चल रहे थे उन्होंने बड़ा उजियाला देखा..." (यशायाह 9:2); और "क्योंकि हमारे लिये एक बालक उत्पन्न हुआ, हमें एक पुत्र दिया गया है...उसकी प्रभुता सर्वदा बढ़ती रहेगी, और उसकी शान्ति का अन्त न होगा..." (यशायाह9:6-7)। हम परमेश्वर के वचन बाइबल के नए नियम खण्ड में, मत्ती में लिखा हुआ पाते हैं कि यशायाह द्वारा की गई यह भविष्यवाणी मसीह यीशु के जन्म में पूरी हुई (मत्ती 1:22-23; साथ ही देखें यशायाह 7:14)।

   हम चरनी के दृश्य में दिखाए जाने वाले शिशु यीशु को बड़े लाड़-प्यार से देखते हैं, उसकी उपासना करते हैं; और निःसहाय दिखने वाला वही शिशु सर्वशक्तिमान प्रभु भी है। एक दिन वह "...दाऊद की राजगद्दी पर इस समय से ले कर सर्वदा के लिये न्याय और धर्म के द्वारा स्थिर किए ओर संभाले रहेगा" (यशायाह 9:7)। उसका शासन, रोमी शासन के समान दमनकारी नहीं होगा; वह शान्ति के राजकुमार का शान्ति भरा शासन होगा, उसकी शान्ति वास्तविक और आशीषपूर्ण होगी। - टिम गुस्टाफ़्सन


परमेश्वर का मेमना यहूदा का सिंह भी है।

यह सब कुछ इसलिये हुआ कि जो वचन प्रभु ने भविष्यद्वक्ता के द्वारा कहा था; वह पूरा हो। कि, देखो एक कुंवारी गर्भवती होगी और एक पुत्र जनेगी और उसका नाम इम्मानुएल रखा जाएगा जिस का अर्थ यह है “परमेश्वर हमारे साथ”। - मत्ती 1:22-23

बाइबल पाठ: यशायाह 9:1-7
Isaiah 9:1 तौभी संकट-भरा अन्धकार जाता रहेगा। पहिले तो उसने जबूलून और नप्ताली के देशों का अपमान किया, परन्तु अन्तिम दिनों में ताल की ओर यरदन के पार की अन्यजातियों के गलील को महिमा देगा। 
Isaiah 9:2 जो लोग अन्धियारे में चल रहे थे उन्होंने बड़ा उजियाला देखा; और जो लोग घोर अन्धकार से भरे हुए मृत्यु के देश में रहते थे, उन पर ज्योति चमकी। 
Isaiah 9:3 तू ने जाति को बढ़ाया, तू ने उसको बहुत आनन्द दिया; वे तेरे साम्हने कटनी के समय का सा आनन्द करते हैं, और ऐसे मगन हैं जैसे लोग लूट बांटने के समय मगन रहते हैं। 
Isaiah 9:4 क्योंकि तू ने उसकी गर्दन पर के भारी जूए और उसके बहंगे के बांस, उस पर अंधेर करने वाले की लाठी, इन सभों को ऐसा तोड़ दिया है जेसे मिद्यानियों के दिन में किया था। 
Isaiah 9:5 क्योंकि युद्ध में लड़ने वाले सिपाहियों के जूते और लोहू में लथड़े हुए कपड़े सब आग का कौर हो जाएंगे। 
Isaiah 9:6 क्योंकि हमारे लिये एक बालक उत्पन्न हुआ, हमें एक पुत्र दिया गया है; और प्रभुता उसके कांधे पर होगी, और उसका नाम अद्‌भुत, युक्ति करने वाला, पराक्रमी परमेश्वर, अनन्तकाल का पिता, और शान्ति का राजकुमार रखा जाएगा। 
Isaiah 9:7 उसकी प्रभुता सर्वदा बढ़ती रहेगी, और उसकी शान्ति का अन्त न होगा, इसलिये वे उसको दाऊद की राजगद्दी पर इस समय से ले कर सर्वदा के लिये न्याय और धर्म के द्वारा स्थिर किए ओर संभाले रहेगा। सेनाओं के यहोवा की धुन के द्वारा यह हो जाएगा।

एक साल में बाइबल: 
  • मीका 1-3
  • प्रकाशितवाक्य 11


मंगलवार, 19 दिसंबर 2017

आशा


   सन 1861 के ग्रीष्म ऋतु में हेनरी वैड्सवर्थ लौंगफैलो की पत्नी की मृत्यु हो गई। उस वर्ष, उसके बिना के पहले क्रिसमस पर उन्होंने अपनी डायरी में लिखा, "अवकाश के ये दिन अकथनीय रूप से कितने दुखद हैं।" इससे अगले क्रिसमस पर भी हालत कुछ अधिक बेहतर नहीं थे; उन्होंने डायरी में लिखा, "बच्चे मुझे क्रिसमस की मुबारकबाद देते हैं, परन्तु मेरे लिए यह सत्य नहीं है।" सन 1863 में, जब अमेरीकी गृह युद्ध लंबा खिंच रहा था, उनका बेटा अपने पिता की इच्छा के विरुद्ध सेना में भर्ती हो गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उस एक और दुखद वर्ष, जब क्रिसमस के उपलक्ष में चर्च में घंटे बज रहे थे, लौंगफैलो ने अपनी कलम उठाकर एक कविता के बोल लिखने आरंभ किए, "I Heard the Bells on Christmas Day" (मैंने क्रिसमस के दिन घंटों की ध्वनि सुनी)।

   इस कविता का आरंभ सुखद और लयबद्ध है, परन्तु फिर वह एक दुखद मोड़ ले लेती है। इसके चौथे अन्तरे में दिया गया ’श्रापित’ तोपों के ’गरजन’ का आक्रमक चित्रण इसे क्रिसमस के गीत के समान प्रतीत नहीं होने देता है। पांचवें और छठवें अंतरे तक पहुँचते-पहुँचते, लौंगफैलो का भीतरी उजड़ापन पूर्णतः प्रत्यक्ष हो जाता है। उन्होंने लिखा, "ऐसा लगता है कि भूकंप ने पृथ्वी की नींव हिला दी है।" कवि ने पूर्ण हताशा में लिखा, "मैंने निराशा में अपना सिर झुका लिया, और कहा पृथ्वी पर कोई शान्ति नहीं है।"

   परन्तु उस सूने क्रिसमस के दिन की गहराईयों में से लौंगफैलो ने आशा की अदम्य आवाज़ सुनी, और कविता का यह सातवां अंतरा लिखा: "फिर घंटे और तेज़ बजने लगे: ’परमेश्वर न मरा है और न सोया हुआ है! असत्य की हार होगी और सत्य की जीत; और पृथ्वी पर मनुश्यों में शान्ति और सद्भावना राज्य करेगी।"

   गृह युद्ध चलता रहा, और लौंगफैलो की त्रास्दियों की व्यक्तिगत यादें भी ज़ारी रहीं, परन्तु वे क्रिसमस को ठंडा नहीं कर सकीं। प्रभु यीशु मसीह का जन्म हुआ है! प्रभु ने प्रतिज्ञा की है, "और जो सिंहासन पर बैठा था, उसने कहा, कि देख, मैं सब कुछ नया कर देता हूं: फिर उसने कहा, कि लिख ले, क्योंकि ये वचन विश्वास के योग्य और सत्य हैं" (प्रकाशितवाक्य 21:5); सारे संसार के लिए आशा उपलब्ध है। - टिम गुस्टाफ्सन


इम्मैन्युएल - परमेश्वर हमारे साथ

यहोवा ने अपना किया हुआ उद्धार प्रकाशित किया, उसने अन्यजातियों की दृष्टि में अपना धर्म प्रगट किया है। उसने इस्राएल के घराने पर की अपनी करूणा और सच्चाई की सुधि ली, और पृथ्वी के सब दूर दूर देशों ने हमारे परमेश्वर का किया हुआ उद्धार देखा है। - भजन 98:2-3

बाइबल पाठ: लूका 2:8-14
Luke 2:8 और उस देश में कितने गड़ेरिये थे, जो रात को मैदान में रहकर अपने झुण्ड का पहरा देते थे। 
Luke 2:9 और प्रभु का एक दूत उन के पास आ खड़ा हुआ; और प्रभु का तेज उन के चारों ओर चमका, और वे बहुत डर गए। 
Luke 2:10 तब स्वर्गदूत ने उन से कहा, मत डरो; क्योंकि देखो मैं तुम्हें बड़े आनन्द का सुसमाचार सुनाता हूं जो सब लोगों के लिये होगा। 
Luke 2:11 कि आज दाऊद के नगर में तुम्हारे लिये एक उद्धारकर्ता जन्मा है, और यही मसीह प्रभु है। 
Luke 2:12 और इस का तुम्हारे लिये यह पता है, कि तुम एक बालक को कपड़े में लिपटा हुआ और चरनी में पड़ा पाओगे। 
Luke 2:13 तब एकाएक उस स्वर्गदूत के साथ स्‍वर्गदूतों का दल परमेश्वर की स्‍तुति करते हुए और यह कहते दिखाई दिया। 
Luke 2:14 कि आकाश में परमेश्वर की महिमा और पृथ्वी पर उन मनुष्यों में जिनसे वह प्रसन्न है शान्‍ति हो।

एक साल में बाइबल: 
  • योना 1-4
  • प्रकाशितवाक्य 10


सोमवार, 18 दिसंबर 2017

आश्वस्त


   पिछले 13 वर्षों से हमारे पास एक पालतु कुतिया रही है, और उसके सोने का स्थान हमारे पलंग के किनारे पर है। सामान्यतः, वहाँ लेटे हुए वह कोई शोर नहीं करती है, हिलती डुलती नहीं है। लेकिन पिछले कुछ समय से उसने रात में उठकर हमें अपने पंजों से टटोलना आरंभ किया हुआ है। पहले तो हमने सोचा कि वह बाहर जाना चाहती है, इसलिए हम उसे बाहर भी लेकर गए; परन्तु फिर हमें एहसास हुआ कि वह बस आश्वस्त होना चाहती है कि हम वहीं उसके पास ही हैं। अपनी आयु के कारण अब वह बहरी हो गई है और उसे दिखाई भी कम देने लगा है, जिससे न वह हमारी साँसों की आवाज़ सुनने पाती है, और न ही रात में हमें देखने पाती है। इसलिए वह बीच-बीच में उठकर आश्वस्त होना चाहती है कि हम वहीं उसके पास ही हैं। इसलिए मैं हाथ नीचे करके उसका सिर थपथपा देता हूँ या सहला देता हूँ, और वह आश्वस्त होकर फिर से सो जाती है।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में, दाऊद ने परमेश्वर से पूछा, "मैं तेरे आत्मा से भाग कर किधर जाऊं? वा तेरे साम्हने से किधर भागूं?" (भजन 139:7)। दाऊद के लिए यह बड़े आश्वासन की बात थी। उसने आगे लिखा, "यदि मैं भोर की किरणों पर चढ़ कर समुद्र के पार जा बसूं, तो वहां भी तू अपने हाथ से मेरी अगुवाई करेगा, और अपने दाहिने हाथ से मुझे पकड़े रहेगा। यदि मैं कहूं कि अन्धकार में तो मैं छिप जाऊंगा, और मेरे चारों ओर का उजियाला रात का अन्धेरा हो जाएगा, तौभी अन्धकार तुझ से न छिपाएगा, रात तो दिन के तुल्य प्रकाश देगी; क्योंकि तेरे लिये अन्धियारा और उजियाला दोनों एक समान हैं" (पद 9-12)।

   आप क्या संसार के अन्धकार में भटक गए हैं? क्या दुखित, भयभीत, दोषी, शंका में, या निराश हैं? क्या परमेश्वर के विषय आश्वस्त नहीं हैं? उसके लिए कुछ भी अन्धकारमय नहीं है। चाहे वह दिखाई न भी दे, वह आपके निकट ही है; उसने इस बात का आश्वसन दिया है (इब्रानियों 13:5)। अपना हाथ उसकी ओर बढ़ाएं और उसे टटोलें; वह आपको कभी निराश नहीं करेगा, सदा आश्वस्त ही करेगा। - डेविड रोपर


परमेश्वर की उपस्थिति के एहसास से अन्धकारपूर्ण भय भाग जाते हैं।

तुम्हारा स्‍वभाव लोभरिहत हो, और जो तुम्हारे पास है, उसी पर संतोष किया करो; क्योंकि उसने आप ही कहा है, कि मैं तुझे कभी न छोडूंगा, और न कभी तुझे त्यागूंगा। - इब्रानियों 13:5

बाइबल पाठ: भजन 139:7-12
Psalms 139:7 मैं तेरे आत्मा से भाग कर किधर जाऊं? वा तेरे साम्हने से किधर भागूं? 
Psalms 139:8 यदि मैं आकाश पर चढूं, तो तू वहां है! यदि मैं अपना बिछौना अधोलोक में बिछाऊं तो वहां भी तू है! 
Psalms 139:9 यदि मैं भोर की किरणों पर चढ़ कर समुद्र के पार जा बसूं, 
Psalms 139:10 तो वहां भी तू अपने हाथ से मेरी अगुवाई करेगा, और अपने दाहिने हाथ से मुझे पकड़े रहेगा। 
Psalms 139:11 यदि मैं कहूं कि अन्धकार में तो मैं छिप जाऊंगा, और मेरे चारों ओर का उजियाला रात का अन्धेरा हो जाएगा, 
Psalms 139:12 तौभी अन्धकार तुझ से न छिपाएगा, रात तो दिन के तुल्य प्रकाश देगी; क्योंकि तेरे लिये अन्धियारा और उजियाला दोनों एक समान हैं।

एक साल में बाइबल: 
  • ओब्द्याह
  • प्रकाशितवाक्य 9