ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शनिवार, 17 सितंबर 2011

"उड़ाऊ पुत्र" का स्वरूप

   पापियों के प्रति परमेश्वर के प्रेम को समझाने के लिए प्रभु यीशु द्वारा कही गई "उड़ाऊ पुत्र" की नीतिकथा (लूका १५:११-३२) एक प्रचलित उदाहरण रही है। इस नीतिकथा में एक पुत्र अपने पिता से संपत्ति का अपना भाग लेकर अलग हो जाता है, और उस संपत्ति को व्यर्थ और दुराचारी जीवन में उड़ा देता है। सम्पत्ति के समाप्त हो जाने पर जब वह अकेला पड़ जाता है और बदहाल हो जाता है तो अपने व्यवहार और किये पर पश्चातापी मन के साथ अपनी उसी बदहाल दशा में अपने पिता के पास लौटता है, जो आनन्द के साथ उसे स्वीकार कर के परिवार में उसे पुनः यथास्थान स्थापित कर देता है।

   एक चित्रकार ने इस कथा पर चित्र बनाना चाहा। उसे एक ऐसे व्यक्ति की तलाश थी जिस के स्वरूप पर वह उड़ाऊ पुत्र के बदहाल स्वरूप को चित्रित कर सके। मार्ग पर चलते समय उसे एक भिखारी बहुत ही बदहाल स्वरूप में दिखाई दिया, और चित्रकार ने उसे अपनी चित्रशाला में आकर चित्र बनाने के लिए नमुना बनने का निमंत्रण दिया। अगले दिन जब वह भिखारी उसकी चित्रशाला में पहुँचा तो उसका स्वरूप बदला हुआ था - वह नहा-धो कर, अपनी बढ़ी हुई दाढ़ी साफ करवा कर, बाल बना कर, साफ-सुथरे कपड़े पहन कर चित्रकार के समने प्रस्तुत हुआ था। इस हाल में उसे देख कर चित्रकार विस्मय से बोल उठा, "नहीं, ऐसे नहीं, अब इस स्वरूप में मैं तुम्हें प्रयोग नहीं कर सकता।"

   परमेश्वर भी हमें वैसा ही चाहता है, जैसे उड़ाऊ पुत्र अपने पिता के पास आया था - अपनी बदहाल दशा में। यह विचित्र और विनम्र करने वाला अनुभव है, लेकिन यदि हम अपनी ही धार्मिकता और भलाई द्वारा स्वच्छ तथा परमेश्वर को ग्रहणयोग्य होने का प्रयास करते हैं, तो यह परमेश्वर के सामने व्यर्थ है। परमेश्वर की धार्मिकता, भलाई और स्वच्छता - जिसे हमें प्रदान करने के लिए प्रभु यीशु ने अपने प्राण क्रूस पर बलिदान कर दिए, हमें केवल अपने पापों के लिए हमारे पश्चाताप और क्षमा आग्रह द्वारा ही उपलब्ध होती है, हमारे किन्ही कर्मों के द्वारा नहीं।

   प्रभु यीशु के समय में मन्दिर में सेवकाई करने वाले शास्त्री और फरीसी बहुत कड़ाई से अपनी धर्म-व्यवस्था का पालन करते थे। वे समझते थे कि परमेश्वर उनसे प्रसन्न है क्योंकि उन्होंने अपने आप को "स्वच्छ" रखा हुआ है। जब उन्होंने प्रभु यीशु को ऐसे लोगों के साथ संगति करते और उनके घर जाकर भोजन लेते देखा जो उनकी नज़रों में "अशुद्ध" और "दुष्ट" थे तो उन्हें यह बहुत नागवार गुज़रा, और वे प्रभु यीशु के विरुद्ध कुड़कुड़ाने लगे। लेकिन प्रभु यीशु ने उन्हें उत्तर दिया, "मैं धमिर्यों को नहीं, परन्‍तु पापियों को मन फिराने के लिये बुलाने आया हूं" (लूका ५:३२)। प्रभु यीशु का यह कहना वास्तव में उनके स्वधार्मिक व्यवहार और उस पर उन के घमण्ड पर किया गया कटाक्ष था। उन स्वधर्मी लोगों को भी अपने जीवन में छुपे पाप का अंगीकार करने की आवश्यक्ता थी, जिसे परमेश्वर भली भांति जानता था। यदि वे पश्चाताप करते तो प्रभु यीशु उन्हें भी ग्रहण कर लेते।

   परमेश्वर नहीं चाहता कि कोई भी पाप में नाश हो; "वह यह चाहता है, कि सब मनुष्यों का उद्धार हो और वे सत्य को भली भांति पहिचान लें" (१ तिमुथियुस २:४)। वह सब को पाप क्षमा देना चाहता है, यदि वे अपने पाप के अंगीकार और उससे क्षमा प्रार्थना के लिए तैयार हों। जैसे उड़ाऊ पुत्र, जैसा वह था अपने पिता के पास लौट आया, और पिता से सब कुछ पा लिया, वैसे ही आप भी भी जैसे हैं, प्रभु यीशु के नाम से परमेश्वर की ओर लौट आईये, आप भी उद्धार, अनन्त जीवन का अननत आनन्द, परमेश्वर की संगति और उसके राज्य में प्रवेश के भागीदार हो जाएंगे। - डेनिस डी हॉन


संसार में धनी होने की बजाए परमेश्वर के राज्य में धनी होना कहीं बेहतर है।

धन्य हैं वे, जो मन के दीन हैं, क्‍योंकि स्‍वर्ग का राज्य उन्‍हीं का है। - मत्ती ५:३
 
बाइबल पाठ: लूका १५:११-२४
    Luk 15:11  फिर उस ने कहा, किसी मनुष्य के दो पुत्र थे।
    Luk 15:12  उन में से छुटके ने पिता से कहा कि हे पिता संपत्ति में से जो भाग मेरा हो, वह मुझे दे दीजिए। उस ने उन को अपनी संपत्ति बांट दी।
    Luk 15:13  और बहुत दिन न बीते थे कि छुटका पुत्र सब कुछ इकट्ठा कर के एक दूर देश को चला गया और वहां कुकर्म में अपनी संपत्ति उड़ा दी।
    Luk 15:14  जब वह सब कुछ खर्च कर चुका, तो उस देश में बड़ा अकाल पड़ा, और वह कंगाल हो गया।
    Luk 15:15  और वह उस देश के निवासियों में से एक के यहां जा पड़ा: उस ने उसे अपने खेतों में सूअर चराने के लिये भेजा।
    Luk 15:16  और वह चाहता था, कि उन फलियों से जिन्‍हें सूअर खाते थे अपना पेट भरे; और उसे कोई कुछ नहीं देता था।
    Luk 15:17  जब वह अपने आपे में आया, तब कहने लगा, कि मेरे पिता के कितने ही मजदूरों को भोजन से अधिक रोटी मिलती है, और मैं यहां भूखा मर रहा हूँ।
    Luk 15:18  मैं अब उठ कर अपने पिता के पास जाऊंगा और उस से कहूंगा कि पिता जी मैं ने स्‍वर्ग के विरोध में और तेरी दृष्‍टि में पाप किया है।
    Luk 15:19  अब इस योग्य नहीं रहा कि तेरा पुत्र कहलाऊं, मुझे अपने एक मजदूर की नाईं रख ले।
    Luk 15:20  तब वह उठ कर, अपने पिता के पास चला: वह अभी दूर ही था, कि उसके पिता ने उसे देख कर तरस खाया, और दौड़कर उसे गले लगाया, और बहुत चूमा।
    Luk 15:21  पुत्र न उस से कहा; पिता जी, मैं ने स्‍वर्ग के विरोध में और तेरी दृष्‍टि में पाप किया है, और अब इस योग्य नहीं रहा, कि तेरा पुत्र कहलाऊं।
    Luk 15:22  परन्‍तु पिता ने अपने दासों से कहा, फट अच्‍छे से अच्‍छा वस्‍त्र निकाल कर उसे पहिनाओ, और उसके हाथ में अंगूठी, और पांवों में जूतियां पहिनाओ।
    Luk 15:23  और पला हुआ बछड़ा लाकर मारो ताकि हम खांए और आनन्‍द मनावें।
    Luk 15:24  क्‍योंकि मेरा यह पुत्र मर गया था, फिर जी गया है : खो गया था, अब मिल गया है: और वे आनन्‍द करने लगे।
 
एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन २७-२९ 
  • २ कुरिन्थियों १०

शुक्रवार, 16 सितंबर 2011

प्रलोभन और परीक्षा

   यद्यपि प्रलोभन और परीक्षा अधिकांशतः साथ ही आते हैं, दोनो में फर्क की एक महीन रेखा है। परमेश्वर के वचन बाइबल के नए नियम की मूल यूनानी भाषा में दोनो के लिए एक ही शब्द प्रयोग हुआ है। याकूब १:२,३ में कहा गया है कि "हे मेरे भाइयों, जब तुम नाना प्रकार की परीक्षाओं में पड़ो तो इसे पूरे आनन्‍द की बात समझो..." और मत्ती २६:४१ में प्रभु यीशु ने अपने चेलों से कहा कि "जागते रहो, और प्रार्थना करते रहो, कि तुम परीक्षा में न पड़ो" - पहला उदाहरण भले के लिए है और दूसरा खतरे से बचने के लिए।

   १९वीं सदी के एक पास्टर एलेक्ज़ैंडर मैक्लैरन ने प्रलभोन और परीक्षा के बीच की इस महीन रेखा के फर्क को समझाया। उन्होंने कहा, "प्रलोभन कहता है, इस मज़ेदार काम को करो, इस बात से चिंतित मत हो कि यह कम बुरा है। जबकि परीक्षा कहती है, इस सही और भले काम को करो, इस बात की चिंता मत करो कि इसे करने में कष्ट होगा। एक मधुर और सुखद प्रतीत होने किंतु बहका देने वाली धुन है जो अन्तरात्मा को सुला कर धीरे से विनाश की ओर मोड़ देती है तो दूसरा श्रेष्ठ लक्ष्यों की प्राप्ति के संघर्ष के लिए रणभेरी की आवाज़ है।"

   प्रत्येक कठिनाई प्रलोभन भी बन सकती है और परीक्षा भी। जब हम कष्ट और परेशानियों से बचने के लिए समझौते करके छोटे और गलत रास्ते अपनाते हैं तो कठिनाई प्रलोभन बन जाती है। किंतु जब हम हर गलत बात का विरोध करके कठिनाईयों को आगे बढ़ने के अवसर के रूप में देखते हैं तो वह हमारी उन्नति के लिए परीक्षा बन जाती है। जब हम उन्नति के इन अवसरों को स्वीकार करते रहते हैं, और परमेश्वर के पवित्र आत्मा की अगुवाई और सामर्थ में सही लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहते हैं, तो परमेश्वर के वचन "तुम पूरे और सिद्ध हो जाओ और तुम में किसी बात की घटी न रहे" (याकूब १:४) की पूर्ति की ओर अग्रसर भी होते रहते हैं।

   प्रलोभन और परीक्षा में हमारा रवैया, हमारी उन्न्ति अथवा अवनति को निर्धारित करता है। - डेनिस डी हॉन


परमेश्वर आपको परीक्षाओं द्वारा सामर्थी और उन्नत करना चाहता है तो शैतान प्रलोभनों द्वारा गिराने के प्रयास में रहता है।

हे मेरे भाइयों, जब तुम नाना प्रकार की परीक्षाओं में पड़ो तो इसे पूरे आनन्‍द की बात समझो... - याकूब १:२,३
 
बाइबल पाठ: याकूब १:१-१५
    Jas 1:1  परमेश्वर के और प्रभु यीशु मसीह के दास याकूब की ओर से उन बारहों गोत्रों  को जो तित्तर बित्तर होकर रहते हैं नमस्‍कार पहुंचे।
    Jas 1:2  हे मेरे भाइयों, जब तुम नाना प्रकार की परीक्षाओं में पड़ो
    Jas 1:3  तो इसे पूरे आनन्‍द की बात समझो, यह जान कर, कि तुम्हारे विश्वास के परखे जाने से धीरज उत्‍पन्न होता है।
    Jas 1:4  पर धीरज को अपना पूरा काम करने दो, कि तुम पूरे और सिद्ध हो जाओ और तुम में किसी बात की घटी न रहे।
    Jas 1:5  पर यदि तुम में से किसी को बुद्धि की घटी हो, तो परमेश्वर से मांगे, जो बिना उलाहना दिए सब को उदारता से देता है; और उस को दी जाएगी।
    Jas 1:6  पर विश्वास से मांगे, और कुछ सन्‍देह न करे; क्‍योंकि सन्‍देह करने वाला समुद्र की लहर के समान है जो हवा से बहती और उछलती है।
    Jas 1:7  ऐसा मनुष्य यह न समझे, कि मुझे प्रभु से कुछ मिलेगा।
    Jas 1:8  वह व्यक्ति दुचित्ता है, और अपनी सारी बातों में चंचल है।
    Jas 1:9  दीन भाई अपने ऊंचे पद पर घमण्‍ड करे।
    Jas 1:10  और धनवान अपनी नीच दशा पर: क्‍योंकि वह घास के फूल की नाई जाता रहेगा।
    Jas 1:11  क्‍योंकि सूर्य उदय होते ही कड़ी धूप पड़ती है और घास को सुखा देती है, और उसका फूल झड़ जाता है, और उस की शोभा जाती रहती है; उसी प्रकार धनवान भी अपने मार्ग पर चलते चलते धूल में मिल जाएगा।
    Jas 1:12  धन्य है वह मनुष्य, जो परीक्षा में स्थिर रहता है; क्‍योंकि वह खरा निकल कर जीवन का वह मुकुट पाएगा, जिस की प्रतिज्ञा प्रभु ने अपने प्रेम करने वालों को दी है।
    Jas 1:13  जब किसी ही परीक्षा हो, तो वह यह न कहे, कि मेरी परीक्षा परमेश्वर की ओर से होती है; क्‍योंकि न तो बुरी बातों से परमेश्वर की परीक्षा हो सकती है, और न वही किसी की परीक्षा आप करता है।
    Jas 1:14  परन्‍तु प्रत्येक व्यक्ति अपनी ही अभिलाषा में खिंच कर, और फंस कर परीक्षा में पड़ता है।
    Jas 1:15  फिर अभिलाषा गर्भवती होकर पाप को जनती है और पाप बढ़ जाता है तो मृत्यु को उत्‍पन्न करता है।
 
एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन २५-२६ 
  • २ कुरिन्थियों ९

गुरुवार, 15 सितंबर 2011

लुभावने विचार

   एक युवक, अपने निज जीवन के रुख से परेशान होकर सहायता के लिए अपने पादरी के पास गया। थोड़ी देर तक उस युवक की छोटी-मोटी बुराईयों और लालसाओं की सूचि सुनने के बाद पादरी को लगा कि वह अपने विवरण में पूरी तरह से ईमानदार नहीं है, इसलिए पादरी ने उससे पूछा, "क्या वास्तविकता में बस इतना ही है?" युवक बोला, "जी हाँ, परेशानी की बस यही बातें हैं।" पादरी ने फिर पूछा, "तुम्हें पूरा निश्चय है कि तुम किन्ही अपवित्र बातों और विचारों से नहीं खेल रहे हो?" युवक ने कहा, "नहीं नहीं, मैं तो उनसे नहीं खेल रहा, वे ही मेरा मन बहला रहे हैं।"

   कुछ लोगों की धारणा रहती है, "प्रलोभनों से बच कर भागने में मुझे कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते मैं उन के लिए अपना पता छोड़ के भाग सकूँ।" यदि हम सच्चे होंगे तो यह अवश्य स्वीकार करेंगे कि पाप पहले विचारों में उत्पन्न होता है, उसके बाद ही जीवन में कार्यकारी हो कर प्रगट होता है।

   प्रलोभन पाप नहीं है। प्रलोभन के पाप में परिवर्तित हो पाने के लिए हमें उसका स्वागत करके अपने मन में बसाना होता है, उसे समय देना होता है, उसके साथ मज़ा लेना होता है। उदाहरण स्वरूप यदि किसी ने हमारा कुछ बिगाड़ा है तो उससे बदला लेने का पाप हम तब ही कर पाते हैं जब पहले बदला लेने के बारे में सोचना आरंभ करें, फिर उस व्यक्ति को किन बातों से और कैसे कैसे नुकसान हो सकता है, यह विचार करने लगें, तब ही योजना बना कर बदले की भावना से हम उसका नुकसान पहुँचा सकते हैं।

   इन बातों को आरंभ में ही रोक देने और पाप तथा नुकसान की हद तक न पहुँचने देने के लिए प्रेरित पौलुस उपाय देता है, "सो हम कल्पनाओं को, और हर एक ऊंची बात को, जो परमेश्वर की पहिचान के विरोध में उठती है, खण्‍डन करते हैं; और हर एक भावना को कैद कर के मसीह का आज्ञाकारी बना देते हैं" (२ कुरिन्थियों १०:५)।

   जब हम गलत विचारों को अपने मन में स्थान बनाने देते हैं, तो उन के दुषप्रभावों से बचने का मार्ग है कि उन्हें परमेश्वर के सामने पाप के रूप में स्वीकार कर लें, क्षमा मांगें और परमेश्वर से मांगें के वह हमारी सहायता करे; फिर भले विचारों तथा परमेश्वर के वचन से अपने मन को भर लें।

   जब हम परमेश्वर की आधीनता में होकर शैतान का सामना करते हैं, तो वह हमारे सामने टिक नहीं सकता और उसके लुभावने विचार हमें पाप में गिरा नहीं सकते। - डेव एग्नर

जो मन में होता है वही चरित्र में भी आ जाता है।

सो हम कल्पनाओं को, और हर एक ऊंची बात को, जो परमेश्वर की पहिचान के विरोध में उठती है, खण्‍डन करते हैं; और हर एक भावना को कैद कर के मसीह का आज्ञाकारी बना देते हैं। - २ कुरिन्थियों १०:५
 
बाइबल पाठ: २ कुरिन्थियों १०:१-६
    2Co 10:1  मैं वही पौलुस जो तुम्हारे साम्हने दीन हूं, परन्‍तु पीठ पीछे तुम्हारी ओर साहस करता हूं; तुम को मसीह की नम्रता, और कोमलता के कारण समझाता हूं।
    2Co 10:2  मैं यह बिनती करता हूं, कि तुम्हारे साम्हने मुझे निर्भय होकर साहस करना न पड़े, जैसा मैं कितनों पर जो हम को शरीर के अनुसार चलने वाले समझते हैं, वीरता दिखाने का विचार करता हूं।
    2Co 10:3  क्‍योंकि यद्यपि हम शरीर में चलते फिरते हैं, तौभी शरीर के अनुसार नहीं लड़ते।
    2Co 10:4  क्‍योकि हमारी लड़ाई के हथियार शारीरिक नहीं, पर गढ़ों को ढा देने के लिये परमेश्वर के द्वारा सामर्थी हैं।
    2Co 10:5  सो हम कल्पनाओं को, और हर एक ऊंची बात को, जो परमेश्वर की पहिचान के विरोध में उठती है, खण्‍डन करते हैं; और हर एक भावना को कैद करके मसीह का आज्ञाकारी बना देते हैं।
    2Co 10:6  और तैयार रहते हैं कि जब तुम्हारा आज्ञा मानना पूरा हो जाए, तो हर एक प्रकार के आज्ञा न मानने का पलटा लें।
 
एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन २२-२४ 
  • २ कुरिन्थियों ८

बुधवार, 14 सितंबर 2011

वे भूखे नहीं हैं

   हम दोस्तों ने झील से मछली पकड़ने का मन बनाया और उसकी तैयारी करने लगे। मछली पकड़ने के विभिन्न प्रकार चारे हमने एकत्रित किए, वे अलग अलग रंग और प्रकार के थे, देखने में बहुत लुभावने थे और मछली पकड़ने के लिए शर्तीया कारगर थे। लेकिन फिर भी, यदि मछलियां उन लुभावने चारों से आकर्षित नहीं हों तो आखिरी दांव के रूप में कुछ छोटी मछलियां भी चारे के रूप में लगाने को रख लीं। अगले दिन प्रातः होते ही हम झील की ओर चल पड़े और सबने अपने अपने मन पसन्द स्थानों को चुन लिया और बंसी डाल कर बैठ गए। समय बीतता गया और किसी के हाथ कोई मछली नहीं लगी। हमने अपनी हर विधि आज़मा ली, हर चारे का उपयोग कर लिया, लेकिन कोई मछली किसी से नहीं फंसी। थक हार कर हम अपनी अपनी बंसी उठा कर खाली हाथ वापस लौटने लगे, और एक दूसरे को यह कह कर सांतवना देते रहे कि "आज मछलीयां भूखी नहीं हैं।"

   शैतान के पास भी प्रलोभनों और लालचों का बक्सा भरा है, जिन्हें वह हमें पाप में फंसाने के लिए प्रयोग करता है। कुछ प्रलोभन दिखने में बड़े आकर्षक होते हैं - वे प्रलोभन के रुप में दीख भी जाते हैं, लेकिन इतने रिझाने वाले होते हैं कि उनका इन्कार कर पाना बहुत कठिन होता है। कुछ अन्य हमारी किसी आवश्यक्ता या इच्छा को उकसाते हैं, ऊपर से देखने में अहानिकारक प्रतीत होते हैं, लेकिन वास्तविकता तो चारा खा लेने के बाद ही पता चलती है। शैतान के ये प्रलोभन और लालच कैसे भी क्यों न हों, उन सब में एक बात सामन्य है - वे हमारी शारीरिक एवं सांसारिक इच्छाओं और लालसाओं की पूर्ति के आश्वासनों या दावों के द्वारा ही हमें फंसाने पाते हैं। यदि हमारा ध्यान और मन शारीरिक अथवा सांसारिक बातों पर लगा नहीं होगा तो शैतान के ये हथियार भी हमारे विरुद्ध कारगर नहीं हो पाएंगे।

   इसलिए परमेश्वर का वचन हमें चिताता है कि "निदान, हे भाइयों, जो जो बातें सत्य हैं, और जो जो बातें आदरणीय हैं, और जो जो बातें उचित हैं, और जो जो बातें पवित्र हैं, और जो जो बातें सुहावनी हैं, और जो जो बातें मनभावनी हैं, निदान, जो जो सदगुण और प्रशंसा की बातें हैं, उन्‍हीं पर ध्यान लगाया करो। जो बातें तुम ने मुझ से सीखीं, और ग्रहण की, और सुनी, और मुझ में देखीं, उन्‍हीं का पालन किया करो, तब परमेश्वर जो शान्‍ति का सोता है तुम्हारे साथ रहेगा।" (फिलिप्पियों४:८, ९)

   मानसिक अनुशासन और परमेश्वर के आत्मा की सहायता से हम अपने हृदय को भली बातों से भरा रख सकते हैं, और शारीरिक लालसओं और प्रलोभनों में पड़ने से बच सकते हैं। तब शैतान भी खिसिया कर यही कहेगा, "वे भूखे नहीं हैं।" - डेव एग्नर

बुराई से दूरी के लिए उठाया गया हमारा हर कदम हमें परमेश्वर के एक कदम और निकट ले आता है।

क्‍योंकि जब उस ने परीक्षा की दशा में दुख उठाया, तो वह उन की भी सहायता कर सकता है, जिन की परीक्षा होती है। - इब्रानियों २:१८
 
बाइबल पाठ: याकूब १:१२-१८
    Jas 1:12  धन्य है वह मनुष्य, जो परीक्षा में स्थिर रहता है; क्‍योंकि वह खरा निकल कर जीवन का वह मुकुट पाएगा, जिस की प्रतिज्ञा प्रभु ने अपने प्रेम करने वालों को दी है।
    Jas 1:13  जब किसी ही परीक्षा हो, तो वह यह न कहे, कि मेरी परीक्षा परमेश्वर की ओर से होती है; क्‍योंकि न तो बुरी बातों से परमेश्वर की परीक्षा हो सकती है, और न वही किसी की परीक्षा आप करता है।
    Jas 1:14  परन्‍तु प्रत्येक व्यक्ति अपनी ही अभिलाषा में खिंचकर, और फंसकर परीक्षा में पड़ता है।
    Jas 1:15  फिर अभिलाषा गर्भवती होकर पाप को जनती है और पाप बढ़ जाता है तो मृत्यु को उत्‍पन्न करता है।
    Jas 1:16  हे मेरे प्रिय भाइयों, धोखा न खाओ।
    Jas 1:17  क्‍योंकि हर एक अच्‍छा वरदान और हर एक उत्तम दान ऊपर ही से है, और ज्योतियों के पिता की ओर से मिलता है, जिस में न तो कोई परिवर्तन हो सकता है, ओर न अदल बदल के कारण उस पर छाया पड़ती है।
    Jas 1:18  उस ने अपनी ही इच्‍छा से हमें सत्य के वचन के द्वारा उत्‍पन्न किया, ताकि हम उस की सृष्‍टि की हुई वस्‍तुओं में से एक प्रकार के प्रथम फल हों।
 
एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन १९-२१ 
  • २ कुरिन्थियों ७

मंगलवार, 13 सितंबर 2011

सहायता को तैयार


   इंग्लैंड और फ्रांस के बीच हुए एक युद्ध में इंग्लैड के राजा एडवर्ड तृतीय का सामना फ्रांस की सेना से हो रहा था। इंगलैंड के राजा का पुत्र सेना की एक टुकड़ी का नेतृत्व कर रहा था और राजा सहायता के लिए तैयार एक और दल को लिए कुछ दूरी पर खड़ा युद्ध पर नज़र रखे हुए था। युद्ध आरंभ होने के थोड़े समय पश्चात राजकुमार ने पिता को सन्देश भेजा कि वे अपने सहायक दल को ले कर उसकी सहायता के लिए तुरंत आ जाएं। राजा सहायता के लिए नहीं गए। राजकुमार ने एक और सन्देश भेजा और तुरंत सहायता की विनती करी। राजा ने सन्देश वाहक से कहा, "मेरे पुत्र से जाकर कहो, मैं एक अनुभवी सेनापति हूँ - जानता हूँ कि कब सहायता भेजनी चाहिए और कोई लापरवाह पिता भी नहीं हूँ कि अपने पुत्र की समय पर सहायता न भेजने की लापरवाही करूँ।"

   यह घटना परमेश्वर पिता और प्रभु यीशु में विश्वासी उसकी सन्तान के संबंध का भी चित्रण करती है। जब हम शैतान द्वारा लाई गई परीक्षाओं, प्रलोभनों और पाप का सामना कर रहे होते हैं तो कभी कभी हमें लगता है कि हमारी सहायता की पुकार को परमेश्वर ने अनसुना कर दिया और हमें अकेला छोड़ दिया है। लेकिन एक क्षण भी ऐसा नहीं होता जब उसकी दृष्टी हम पर से हटती हो। वह कभी हमें असहाय नहीं छोड़ता।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में, १ कुरिन्थियों १०:१३ में पौलुस प्रेरित लिखता है, "तुम किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़े, जो मनुष्य के सहने से बाहर है: और परमेश्वर सच्‍चा है: वह तुम्हें सामर्थ से बाहर परीक्षा में न पड़ने देगा, वरन परीक्षा के साथ निकास भी करेगा कि तुम सह सको।"

   संघर्ष कितना भी भीषण क्यों न हो, सही समय पर हमारे पक्ष में सहायता के लिए आने के लिए और हमें परीक्षा से निकासी का मार्ग देने के लिए परमेश्वर सदा तैयार बना रहता है। - पौल वैन गोर्डर

जब परमेश्वर हमें कही भेजता है, तो स्वयं साथ भी चलता है।

तुम किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़े, जो मनुष्य के सहने से बाहर है: और परमेश्वर सच्‍चा है: वह तुम्हें सामर्थ से बाहर परीक्षा में न पड़ने देगा, वरन परीक्षा के साथ निकास भी करेगा कि तुम सह सको। - १ कुरिन्थियों १०:१३
 
बाइबल पाठ: भजन १८:१६-३०
    Psa 18:16  उस ने ऊपर से हाथ बढ़ा कर मुझे थाम लिया, और गहिरे जल में से खींच लिया।
    Psa 18:17  उस ने मेरे बलवन्त शत्रु से, और उन से जो मुझ से घृणा करते थे मुझे छुड़ाया क्योंकि वे अधिक सामर्थी थे।
    Psa 18:18  मेरी विपत्ति के दिन वे मुझ पर आ पड़े। परन्तु यहोवा मेरा आश्रय था।
    Psa 18:19  और उस ने मुझे निकाल कर चौड़े स्थान में पहुंचाया, उस ने मुझ को छुड़ाया, क्योंकि वह मुझ से प्रसन्न था।
    Psa 18:20  यहोवा ने मुझ से मेरे धर्म के अनुसार व्यवहार किया; और मेरे हाथों की शुद्धता के अनुसार उस ने मुझे बदला दिया।
    Psa 18:21  क्योंकि मैं यहोवा के मार्गों पर चलता रहा, और दुष्टता के कारण अपने परमेश्वर से दूर न हुआ।
    Psa 18:22  क्योंकि उसके सारे निर्णय मेरे सम्मुख बने रहे और मैं ने उसकी विधियों को न त्यागा।
    Psa 18:23  और मैं उसके सम्मुख सिद्ध बना रहा, और अधर्म से अपने को बचाए रहा।
    Psa 18:24  यहोवा ने मुझे मेरे धर्म के अनुसार बदला दिया, और मेरे हाथों की उस शुद्धता के अनुसार जिसे वह देखता था।
    Psa 18:25  दयावन्त के साथ तू अपने को दयावन्त दिखाता और खरे पुरूष के साथ तू अपने को खरा दिखाता है।
    Psa 18:26  शुद्ध के साथ तू अपने को शुद्ध दिखाता, और टेढ़े के साथ तू तिर्छा बनता है।
    Psa 18:27  क्योंकि तू दीन लोगों को तो बचाता है परन्तु घमण्ड भरी आंखों को नीची करता है।
    Psa 18:28  हां, तू ही मेरे दीपक को जलाता है; मेरा परमेश्वर यहोवा मेरे अन्धियारे को उजियाला कर देता है।
    Psa 18:29  क्योंकि तेरी सहायता से मैं सेना पर धावा करता हूं और अपने परमेश्वर की सहायता से शहरपनाह को लांघ जाता हूं।
    Psa 18:30  ईश्वर का मार्ग सच्चाई, यहोवा का वचन ताया हुआ है; वह अपने सब शरणागतों की ढाल है।
 
एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन १६-१८ 
  • २ कुरिन्थियों ६

सोमवार, 12 सितंबर 2011

परीक्षाओं का सामना

   किसी ने कहा, "काश मैं अपने ऊपर आने वाली परीक्षाओं, प्रलोभनों और पाप को भी वैसे ही स्पष्ट देख पाता जैसे औरों के देख लेता हूँ, तो फिर उनका सामना करना कठिन नहीं रहता। परीक्षाओं और प्रलोभनों को उनके सच्चे रंग में देख पाने के दो तरीके हैं - पहला है कि उनके विष्य में प्रार्थना करके उन्हें परमेश्वर की ज्योति के सम्मुख ले आएं जिससे उनका सच्चा स्वरूप स्पष्ट हो जाए। दूसरा है कि अपने आप से प्रश्न करें कि यदि मेरी जगह कोई अन्य इन में पड़ जाता तो कैसा दिखता?" जो परीक्षाओं और प्रलभनों का सामना कर रहा है उसके लिए उनमें गिर कर पाप कर लेने का लालच बहुत लुभावना हो सकता है, लेकिन उसने यदि एक बार उनमें कदम बढ़ाया तो फिर वह नीचे की ओर फिसलते ही चला जाता है।

   मत्ती ४ अध्याय में शैतान द्वारा प्रभु यीशु की परीक्षाओं का उल्लेख है। जो पहली परीक्षा शैतान ने प्रभु के सामने रखी पहली नज़र में वह बिलकुल साधरण और अहानिकारक प्रतीत होती है - ४० दिन के उपवास के बाद प्रभु को भूख लगी और शैतान ने सुझाव दिया कि वे परमेश्वर द्वारा उन्हें प्रदित शक्ति का उपयोग कर के अपनी भूख मिटाने के लिए वहाँ पड़े पत्थरों को रोटी बना लें, और भूख मिटा लें - अभिप्राय था कि उन्हें परमेश्वर द्वारा जनहित के लिए प्रदित सामर्थ का निज स्वार्थ के लिए उपयोग करने को उकसाना। फिर दूसरी परीक्षा में शैतान ने उन्हें परमेश्वर द्वारा प्रदित सुरक्षा को जाँच-परख कर सुनिश्चित कर लेने का सुझाव दिया, अभिप्राय था परमेश्वर की साथ बने रहने वाली उपस्थिति और सुरक्षा पर विश्वास छोड़कर, उसपर शक करना। और फिर तीसरी परीक्षा में खुले रूप से प्रभु को शैतान ने अपनी उपासना करने को कह भी दिया। लेकिन प्रभु शैतान की किसी परीक्षा में नहीं फंसा, वह शैतान के हर अभिप्राय को समझ रहा था कि शैतान किसी प्रकार उसे कलवरी के क्रूस पर संसार के पापों से मुक्ति के लिए अपना बलिदान देने से भटका सके और रोक सके। शैतान की प्रत्येक परीक्षा का उत्तर प्रभु ने परमेश्वर के वचन से उद्वत कर के दिया। ऐसा कर के जो सन्देश प्रभु ने शैतान को और अपने उदाहरण द्वारा हमें दिया है वह यह है कि, "मैं अपने पिता परमेश्वर और उसके वचन की आधीनता में बना रहता हूँ, इसलिए परीक्षाओं में भी विचलित नहीं होता, स्थिर खड़ा रहता हूँ।"

   यदि हम परमेश्वर के वचन को, जो आत्मा की तलवार भी कहा जाता है, भली भांति जानते हैं और उसका उपयोग करना जानते हैं, तो हम भी शैतान की हर परीक्षा और प्रलोभन पर जयवंत हो सकेंगे। परीक्षाओं और प्रलभनों का सफलता पूर्वक सामना करना है तो प्रभु यीशु में अपने विश्वास में दृढ़, उसकी पवित्र आत्मा से परिपूर्ण और उसके वचन में बने रहें - आप परीक्षाओं और प्रलोभनों में छिपे पाप को उसके सच्चे स्वरूप में सरलता से पहचान लेंगे तथा उसका सफलता से सामना भी कर सकेंगे। - रिचर्ड डी हॉन


यदि परीक्षाओं और प्रलोभनों पर जयवंत रहना है तो प्रभु यीशु के आधीन बने रहिये।
 
जागते और प्रार्थना करते रहो कि तुम परीक्षा में न पड़ो: - मरकुस १४:३८
 
बाइबल पाठ: मरकुस १४:३२-५०
    Mar 14:32  फिर वे गतसमने नाम एक जगह में आए, और उस ने अपने चेलों से कहा, यहां बैठे रहो, जब तक मैं प्रार्थना करूं।
    Mar 14:33  और वह पतरस और याकूब और यूहन्ना को अपने साथ ले गया: और बहुत ही अधीर, और व्याकुल होने लगा।
    Mar 14:34  और उन से कहा; मेरा मन बहुत उदास है, यहां तक कि मैं मरने पर हूं: तुम यहां ठहरो, और जागते रहो।
    Mar 14:35  और वह थोड़ा आगे बढ़ा, और भूमि पर गिर कर प्रार्थना करने लगा, कि यदि हो सके तो यह घड़ी मुझ पर से टल जाए।
    Mar 14:36  और कहा, हे अब्‍बा, हे पिता, तुझ से सब कुछ हो सकता है; इस कटोरे को मेरे पास से हटा ले: तौभी जैसा मैं चाहता हूं वैसा नहीं, पर जो तू चाहता है वही हो।
    Mar 14:37  फिर वह आया, और उन्‍हें सोते पा कर पतरस से कहा; हे शमौन तू सो रहा है क्‍या तू एक घड़ी भी न जाग सका?
    Mar 14:38  जागते और प्रार्थना करते रहो कि तुम परीक्षा में न पड़ो: आत्मा तो तैयार है, पर शरीर र्दुबल है।
    Mar 14:39  और वह फिर चला गया, और वही बात कह कर प्रार्थना की।
    Mar 14:40  और फिर आ कर उन्‍हें सोते पाया, क्‍योंकि उन की आंखे नींद से भरी थीं और नहीं जानते थे कि उसे क्‍या उत्तर दें।
    Mar 14:41  फिर तीसरी बार आ कर उन से कहा अब सोते रहो और विश्राम करो, बस, घड़ी आ पहुंची; देखो मनुष्य का पुत्र पापियों के हाथ पकड़वाया जाता है।
    Mar 14:42  उठो, चलें: देखो, मेरा पकड़वाने वाला निकट आ पहुंचा है।
    Mar 14:43  वह यह कह ही रहा था, कि यहूदा जो बारहों में से था, अपने साथ महायाजकों और शास्‍त्रियों और पुरिनयों की ओर से एक बड़ी भीड़ तलवारें और लाठियां लिए हुए तुरन्‍त आ पहुंची।
    Mar 14:44  और उसके पकड़ने वाले ने उन्‍हें यह पता दिया था, कि जिस को मैं चूमूं वही है, उसे पकड़ कर यतन से ले जाना।
    Mar 14:45  और वह आया, और तुरन्‍त उसके पास जाकर कहा; हे रब्‍बी और उस को बहुत चूमा।
    Mar 14:46  तब उन्‍होंने उस पर हाथ डाल कर उसे पकड़ लिया।
    Mar 14:47  उन में से जो पास खड़े थे, एक ने तलवार खींच कर महायाजक के दास पर चलाई, और उसका कान उड़ा दिया।
    Mar 14:48  यीशु ने उन से कहा, क्‍या तुम डाकू जान कर मेरे पकड़ने के लिये तलवारें और लाठियां लेकर निकले हो?
    Mar 14:49  मैं तो हर दिन मन्‍दिर में तुम्हारे साथ रह कर उपदेश दिया करता था, और तब तुम ने मुझे न पकड़ा: परन्‍तु यह इसलिये हुआ है कि पवित्र शास्‍त्र की बातें पूरी हों।
    Mar 14:50  इस पर सब चेले उसे छोड़ कर भाग गए।
 
एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन १३-१५ 
  • २ कुरिन्थियों ५

रविवार, 11 सितंबर 2011

सदैव प्रबल

   मेरी माँ की मृत्यु के एक दिन पहले मुझे तथा मेरे भाई को उनसे मिलने उनके पास बुलाया गया। बहुत कमज़ोरी के कारण वे ज़्यादा बातचीत कर सकने लायक नहीं थीं; तौ भी उन्होंने परमेश्वर के वचन बाइबल के दो पद हमसे कहे - यशायाह ४१:१० तथा युहन्ना १०:२९ - केवल हमें सांत्वना देने के लिए नहीं वरन अपने विश्वास को दृढ़ बनाए रखने के लिए भी। उन्होंने अन्त तक परमेश्वर के वचन को थामे रखा और परमेश्वर के वचन ने उन्हें अन्त तक थामे रखा।

   परमेश्वर के वचन, बाइबल में सशक्त करने की अद्भुत सामर्थ है। हम प्रभु यीशु के जीवन के उदाहरण से देखते हैं कि उन्होंने श्त्रु शैतान के प्रलभनों पर परमेश्वर का वचन उद्वत करके ही जय पाई। वचन के आधार से उन्हें सामर्थ मिली और शैतान उन्हें घबरा न सका। बाइबल स्पष्ट करती है कि प्रभु यीशु को भी हमारे समान परीक्षाओं का सामना करना पड़ा था "क्‍योंकि हमारा ऐसा महायाजक नहीं, जो हमारी निर्बलताओं में हमारे साथ दुखी न हो सके; वरन वह सब बातों में हमारी नाई परखा तो गया, तौभी निष्‍पाप निकला (इब्रानियों४:१५)। प्रभु यीशु ने परमेश्वर के वचन को इसलिए उद्वत नहीं किया क्योंकि उसमें कोई जादूई शक्ति है; वरन उद्वत करने के द्वारा उन्होंने अपने लिए आवश्यक मार्गदर्शक बातों को स्मरण किया और अपने विश्वास को दृढ़ किया, जिससे वे परमेश्वर की इच्छा में बने रह सके। क्योंकि उन्हों अपने जीवन को परमेश्वर के वचन की आधीनता में रखा, शैतान उन्हें परमेश्वर पिता की इच्छा को पूरा करने से विचलित नहीं कर पाया।

   जब कभी हम परीक्षाओं और प्रलोभनों से होकर निकलें - वे चाहे कितने भी कठिन हों, या किसी घबरा देने वाले अथवा मृत्यु के डर का सामना हमें करना पड़े, ऐसे में परमेश्वर का वचन हमें बल देने और दृढ़ करने का साधन बनेगा। सदियों से परमेश्वर के सन्त परमेश्वर के वचन पर अपना भरोसा रख कर परिस्थितियों पर प्रबल होते रहे हैं; आज यह वचन हमारे लिए भी वैसा ही दृढ़ और प्रबल है जैसा उनके लिए रहा है। - डेनिस डी हॉन


आत्मा की तलवार जो परमेश्वर का वचन है, उसके सामने शैतान का सबसे सामर्थी हथियार भी कुछ सामर्थ नहीं रखता।

मत डर, क्योंकि मैं तेरे संग हूं, इधर उधर मत ताक, क्योंकि मैं तेरा परमेश्वर हूं; मैं तुझे दृढ़ करूंगा और तेरी सहाथता करूंगा, अपने धर्ममय दाहिने हाथ से मैं तुझे सम्हाले रहूंगा। - यशायाह ४१:१०

बाइबल पाठ: मती ४:१-११
    Mat 4:1  तब उस समय आत्मा यीशु को जंगल में ले गया ताकि इब्‍लीस से उस की परीक्षा हो।
    Mat 4:2  वह चालीस दिन, और चालीस रात, निराहार रहा, अन्‍त में उसे भूख लगी।
    Mat 4:3  तब परखने वाले ने पास आ कर उस से कहा, यदि तू परमेश्वर का पुत्र है, तो कह दे, कि ये पत्थर रोटियां बन जाएं।
    Mat 4:4  उस ने उत्तर दिया कि लिखा है कि मनुष्य केवल रोटी ही से नहीं, परन्‍तु हर एक वचन से जो परमेश्वर के मुख से निकलता है जीवित रहेगा।
    Mat 4:5  तब इब्‍लीस उसे पवित्र नगर में ले गया और मन्‍दिर के कंगूरे पर खड़ा किया।
    Mat 4:6  और उस से कहा यदि तू परमेश्वर का पुत्र है, तो अपने आप को नीचे गिरा दे क्‍योंकि लिखा है, कि वह तेरे विषय में अपने स्‍वर्गदूतों को आज्ञा देगा और वे तुझे हाथों हाथ उठा लेंगे; कहीं ऐसा न हो कि तेरे पांवों में पत्थर से ठेस लगे।
    Mat 4:7  यीशु ने उस से कहा यह भी लिखा है, कि तू प्रभु अपने परमेश्वर की परीक्षा न कर।
    Mat 4:8  फिर शैतान उसे एक बहुत ऊंचे पहाड़ पर ले गया और सारे जगत के राज्य और उसका वैभव दिखा कर
    Mat 4:9  उस से कहा, कि यदि तू गिर कर मुझे प्रणाम करे, तो मैं यह सब कुछ तुझे दे दूंगा।
    Mat 4:10  तब यीशु ने उस से कहा, हे शैतान दूर हो जा, क्‍योंकि लिखा है, कि तू प्रभु अपने परमेश्वर को प्रणाम कर, और केवल उसी की उपासना कर।
    Mat 4:11  तब शैतान उसके पास से चला गया, और देखो, स्‍वर्गदूत आकर उस की सेवा करने लगे।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन १०-१२ 
  • २ कुरिन्थियों ४