ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

रविवार, 12 अप्रैल 2020

क्षमा



     सुसान्नाह सिब्बर अठ्ठारहवीं शताब्दी की एक प्रसिद्ध गायिका थी। किन्तु वे अपने वैवाहिक आचरण से संबंधित समस्याओं के लिए भी विख्यात थीं। इसी लिए, जब प्रभु यीशु मसीह के विषय हैंडल का संगीत नाटक, मसीहा, का अप्रैल 1742 में डबलिन में प्रथम मंचन हुआ तब बहुतेरे दर्शकों ने उनके इस नाटक की एकल गायिका की भूमिका को स्वीकार नहीं किया। उस प्रथम मंचन के दौरान, जब  सिब्बर ने मसीहा के विषय में गाया, “वह तुच्छ जाना जाता और मनुष्यों का त्यागा हुआ था; वह दु:खी पुरूष था” (यशायाह 53:3), तो उन शब्दों ने वहां उपस्थित पादरी पैट्रिक डेलेनी को इतना प्रभावित किया, कि वे अपने स्थान पर उछल कर खड़े हो गए, और बोल उठे, “हे नारी, इस कारण तेरे सभी पाप क्षमा हों।”

     सुसान्नाह सिब्बर और हैंडल के मसीहा के विषय के मध्य संबंध स्पष्ट है। “वह दुखी पुरुष” – प्रभु यीशु मसीह – पाप के कारण “मनुष्यों का त्यागा हुआ और तुच्छ” समझा गया। भविष्यद्वक्ता यशायाह ने उसके विषय में कहा, “...मेरा धर्मी दास बहुतेरों को धर्मी ठहराएगा; और उनके अधर्म के कामों का बोझ आप उठा लेगा” (पद 11)।

     मसीहा, प्रभु यीशु मसीह, और हमारे मध्य का संबंध भी कुछ कम स्पष्ट नहीं है। हम चाहे आलोचना करने वाले दर्शको के साथ खड़े हों, या सुसान्नाह सिब्बर के साथ, या बीच में कहीं; हम सभी को पश्चाताप करने और परमेश्वर की क्षमा को स्वीकार करने की आवश्यकता है। प्रभु यीशु ने, अपने जीवन, अपनी मृत्यु, और अपने पुनरुत्थान के द्वारा परमेश्वर पिता के साथ हमारे संबंध को पुनःस्थापित करने का मार्ग प्रदान कर दिया है।

     इसके लिए, हमारे लिए जो कुछ प्रभु यीशु ने किया है उस सब के लिए, हमारे सभी पाप क्षमा हों! – टिम गुस्ताफासन

...हल्लिलूय्याह! इसलिये कि प्रभु हमारा परमेश्वर
सर्वशक्तिमान राज्य करता है। - प्रकाशितवाक्य 19:6

क्योंकि बैरी होने की दशा में तो उसके पुत्र की मृत्यु के द्वारा हमारा मेल परमेश्वर के साथ हुआ फिर मेल हो जाने पर उसके जीवन के कारण हम उद्धार क्यों न पाएंगे? - रोमियों 5:10

बाइबल पाठ: यशायाह 53:3-12
यशायाह 53:3 वह तुच्छ जाना जाता और मनुष्यों का त्यागा हुआ था; वह दु:खी पुरूष था, रोग से उसकी जान पहिचान थी; और लोग उस से मुख फेर लेते थे। वह तुच्छ जाना गया, और, हम ने उसका मूल्य न जाना।
यशायाह 53:4 निश्चय उसने हमारे रोगों को सह लिया और हमारे ही दु:खों को उठा लिया; तौभी हम ने उसे परमेश्वर का मारा-कूटा और दुर्दशा में पड़ा हुआ समझा।
यशायाह 53:5 परन्तु वह हमारे ही अपराधो के कारण घायल किया गया, वह हमारे अधर्म के कामों के हेतु कुचला गया; हमारी ही शान्ति के लिये उस पर ताड़ना पड़ी कि उसके कोड़े खाने से हम चंगे हो जाएं।
यशायाह 53:6 हम तो सब के सब भेड़ों के समान भटक गए थे; हम में से हर एक ने अपना अपना मार्ग लिया; और यहोवा ने हम सभों के अधर्म का बोझ उसी पर लाद दिया।
यशायाह 53:7 वह सताया गया, तौभी वह सहता रहा और अपना मुंह न खोला; जिस प्रकार भेड़ वध होने के समय वा भेड़ी ऊन कतरने के समय चुपचाप शान्त रहती है, वैसे ही उसने भी अपना मुंह न खोला।
यशायाह 53:8 अत्याचार कर के और दोष लगाकर वे उसे ले गए; उस समय के लोगों में से किस ने इस पर ध्यान दिया कि वह जीवतों के बीच में से उठा लिया गया? मेरे ही लोगों के अपराधों के कारण उस पर मार पड़ी।
यशायाह 53:9 और उसकी कब्र भी दुष्टों के संग ठहराई गई, और मृत्यु के समय वह धनवान का संगी हुआ, यद्यपि उसने किसी प्रकार का अपद्रव न किया था और उसके मुंह से कभी छल की बात नहीं निकली थी।
यशायाह 53:10 तौभी यहोवा को यही भाया कि उसे कुचले; उसी ने उसको रोगी कर दिया; जब तू उसका प्राण दोषबलि करे, तब वह अपना वंश देखने पाएगा, वह बहुत दिन जीवित रहेगा; उसके हाथ से यहोवा की इच्छा पूरी हो जाएगी।
यशायाह 53:11 वह अपने प्राणों का दु:ख उठा कर उसे देखेगा और तृप्त होगा; अपने ज्ञान के द्वारा मेरा धर्मी दास बहुतेरों को धर्मी ठहराएगा; और उनके अधर्म के कामों का बोझ आप उठा लेगा।
यशायाह 53:12 इस कारण मैं उसे महान लोगों के संग भाग दूंगा, और, वह सामर्थियों के संग लूट बांट लेगा; क्योंकि उसने अपना प्राण मृत्यु के लिये उण्डेल दिया, वह अपराधियों के संग गिना गया; तौभी उसने बहुतों के पाप का बोझ उठ लिया, और, अपराधियों के लिये बिनती करता है।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 19-21
  • लूका 11:29-54



शनिवार, 11 अप्रैल 2020

मुकुट



     हम लोग रात्री के भोजन के लिए मेज़ के चारों ओर बैठे थे, और बारी-बारी हमने मेज़ पर रखे हुए फोम के उस चक्र में टूथपिक्स गाड़े। ईस्टर के दिन तक के लिए हम एक काँटों का मुकुट तैयार कर रहे थे; हमारे द्वारा गाड़ा गया हर एक टूथपिक, हमारे द्वारा उस दिन किए गए किसी ऐसे कार्य का सूचक था जो कि गलत था, जिसके लिए हम खेदित थे, और जिसका दण्ड प्रभु यीशु ने चुकाया था। हर संध्या को हमारे द्वारा किया जाने वाला यह कार्य हमें स्मरण करवाता था की कैसे दोषी हम थे और हमें एक उद्धारकर्ता की आवश्यकता थी, और कैसे प्रभु यीशु ने कलवारी के क्रूस पर अपना बलिदान देने के द्वारा हमें छुड़ाया है।

     परमेश्वर के वचन बाइबल में वर्णित जो काँटों का मुकुट प्रभु यीशु मसीह को रोमी सैनिकों के द्वारा पहनाया गया वह प्रभु को क्रूस पर चढ़ाए जाने से पहले उसके साथ किए गए क्रूर उपहास का एक भाग था। उस उपहास के दौरान उन्होंने उसे एक राजसी बागा भी पहनाया, और उसके हाथ में राजदण्ड के रूप में एक सरकंडा भी पकड़ाया, जिसका प्रयोग फिर उन्होंने उसे पीटने के लिए भी किया। उन्होने उसका ठट्ठा किया, उसे “यहूदियों का राजा” (मत्ती 27:29) कहा; उन्हें यह एहसास नहीं था कि उनका यह कार्य हज़ारों वर्ष बाद भी उसकी निकृष्टता के लिए स्मरण किया जाएगा। जिसका वह उपहास कर रहे थे, वह कोई साधारण राजा नहीं था; वह सृष्टिकर्ता परमेश्वर, राजाओं का राजा था – वह राजा जिसकी मृत्यु और पुनरुत्थान ने संसार के प्रत्येक व्यक्ति के लिए पापों की क्षमा और उद्धार का मार्ग उपलब्ध करवा दिया।

     उस ईस्टर की प्रातः, हमने पापों की क्षमा और प्रभु में नए जीवन के उपहार को टूथपिक्स हटाकर, उनके स्थान पर फूल लगाने  के द्वारा मनाया। हमारे लिए यह बड़े आनन्द की बात थी कि परमेश्वर ने हमारे पापों को मिटा कर हमें स्वतंत्र कर दिया था, और सदा उसके साथ रहने के लिए अनन्त जीवन का मुकुट प्रदान किया था। - एमी बाउचर पाई

काँटों का मुकुट, जीवन का मुकुट बन गया।

भविष्य में मेरे लिये धर्म का वह मुकुट रखा हुआ है, जिसे प्रभु, जो धर्मी, और न्यायी है, मुझे उस दिन देगा और मुझे ही नहीं, वरन उन सब को भी, जो उसके प्रगट होने को प्रिय जानते हैं। - 2 तीमुथियुस 4:8

बाइबल पाठ: मत्ती 27:27-31
मत्ती 27:27 तब हाकिम के सिपाहियों ने यीशु को किले में ले जा कर सारी पलटन उसके चहुं ओर इकट्ठी की।
मत्ती 27:28 और उसके कपड़े उतारकर उसे किरिमजी बागा पहिनाया।
मत्ती 27:29 और काटों को मुकुट गूंथकर उसके सिर पर रखा; और उसके दाहिने हाथ में सरकण्‍डा दिया और उसके आगे घुटने टेककर उसे ठट्ठे में उड़ाने लगे, कि हे यहूदियों के राजा नमस्‍कार।
मत्ती 27:30 और उस पर थूका; और वही सरकण्‍डा ले कर उसके सिर पर मारने लगे।
मत्ती 27:31 जब वे उसका ठट्ठा कर चुके, तो वह बागा उस पर से उतारकर फिर उसी के कपड़े उसे पहिनाए, और क्रूस पर चढ़ाने के लिये ले चले।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 17-18
  • लूका 11:1-28



शुक्रवार, 10 अप्रैल 2020

मार्ग



     इस पवित्र सप्ताह में, हम प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ाए जाने के ठीक पहले के दिनों की घटनाओं को स्मरण करते हैं। क्रूस पर चढ़ाए जाने के लिए प्रभु यीशु, रात भर की ताड़ना और कोड़ों की मार से लहू-लुहान स्थिति में अपना क्रूस उठाए हुए यरूशलेम के जिस मार्ग से होकर क्रूसित किए जाने के स्थान, गुलगुता, तक गए थे उसे आज ‘विया डोलोरोसा’ अर्थात ‘दुखों का मार्ग’ कहा जाता है।

     परन्तु परमेश्वर के वचन बाइबल में इब्रानियों की पत्री के लेखक ने उसे दुखों के मार्ग से बढ़कर देखा। प्रभु यीशु ने स्वेच्छा से क्रूसित किए जाने के लिए जिस दुखों के मार्ग पर गुलगुता तक की यात्रा की, उसने हमारे लिए परमेश्वर तक पहुँचने के लिए एक नया और जीवित मार्ग बना कर दे दिया (इब्रानियों 10:20)।

     सदियों से लोगों के प्रयास रहे थे कि पशुओं के बलिदानों तथा व्यवस्था को पूरा करने के द्वारा उन्हें परमेश्वर की उपस्थिति में आने का माध्यम मिल सके। परन्तु, “क्योंकि व्यवस्था जिस में आने वाली अच्छी वस्‍तुओं का प्रतिबिम्ब है, पर उन का असली स्‍वरूप नहीं, इसलिये उन एक ही प्रकार के बलिदानों के द्वारा, जो प्रति वर्ष अचूक चढ़ाए जाते हैं, पास आने वालों को कदापि सिद्ध नहीं कर सकती”; “क्योंकि अनहोना है, कि बैलों और बकरों का लोहू पापों को दूर करे” (पद 1, 4)।

     उस दुःख के मार्ग से प्रभु यीशु की यात्रा उनको मृत्यु और फिर पुनरुत्थान तक ले कर गई, और हमारे लिए जीवन का मार्ग बन गया। उनके स्वेच्छा से दिए गए बलिदान के द्वारा, हम जब उन पर विश्वास कर के, उनसे अपने पापों की क्षमा मांगकर उन्हें अपने जीवन समर्पित करते हैं, हम पवित्र और परमेश्वर की दृष्टि में धर्मी ठहरते हैं। और तब, हमें किसी भी व्यवस्था के पालन अथवा पूर्ति की आवश्यकता नहीं रहती है, हम बिना किसी भय और संकोच के परमेश्वर के समक्ष आ सकते हैं, इस बात के लिए पूर्णतः आश्वस्त कि प्रभु यीशु मसीह में होकर हम परमेश्वर को स्वीकार्य तथा उसके प्रेम के पात्र हो गए हैं (पद 10, 22)।

     प्रभु के दुखों के मार्ग ने समस्त संसार के प्रत्येक व्यक्ति के लिए परमेश्वर तक पहुँचने का मार्ग खोल दिया है – इसलिए प्रभु द्वारा उपलब्ध करवाए गए इस मार्ग से होकर निःसंकोच चले आईए, प्रभु आपका स्वागत करने की प्रतीक्षा में है। - एमी पीटर्सन

मसीह यीशु का बलिदान ही वह था जिसे परमेश्वर चाहता था और जो हमारी आवश्यकता थी।

सो जब हम विश्वास से धर्मी ठहरे, तो अपने प्रभु यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर के साथ मेल रखें। - रोमियों 5:1

बाइबल पाठ: इब्रानियों 10:1-10
इब्रानियों 10:1 क्योंकि व्यवस्था जिस में आने वाली अच्छी वस्‍तुओं का प्रतिबिम्ब है, पर उन का असली स्‍वरूप नहीं, इसलिये उन एक ही प्रकार के बलिदानों के द्वारा, जो प्रति वर्ष अचूक चढ़ाए जाते हैं, पास आने वालों को कदापि सिद्ध नहीं कर सकतीं।
इब्रानियों 10:2 नहीं तो उन का चढ़ाना बन्‍द क्यों न हो जाता? इसलिये कि जब सेवा करने वाले एक ही बार शुद्ध हो जाते, तो फिर उन का विवेक उन्हें पापी न ठहराता।
इब्रानियों 10:3 परन्तु उन के द्वारा प्रति वर्ष पापों का स्मरण हुआ करता है।
इब्रानियों 10:4 क्योंकि अनहोना है, कि बैलों और बकरों का लोहू पापों को दूर करे।
इब्रानियों 10:5 इसी कारण वह जगत में आते समय कहता है, कि बलिदान और भेंट तू ने न चाही, पर मेरे लिये एक देह तैयार किया।
इब्रानियों 10:6 होम-बलियों और पाप-बलियों से तू प्रसन्न नहीं हुआ।
इब्रानियों 10:7 तब मैं ने कहा, देख, मैं आ गया हूं, (पवित्र शास्त्र में मेरे विषय में लिखा हुआ है) ताकि हे परमेश्वर तेरी इच्छा पूरी करूं।
इब्रानियों 10:8 ऊपर तो वह कहता है, कि न तू ने बलिदान और भेंट और होम-बलियों और पाप-बलियों को चाहा, और न उन से प्रसन्न हुआ; यद्यपि ये बलिदान तो व्यवस्था के अनुसार चढ़ाए जाते हैं।
इब्रानियों 10:9 फिर यह भी कहता है, कि देख, मैं आ गया हूं, ताकि तेरी इच्छा पूरी करूं; निदान वह पहिले को उठा देता है, ताकि दूसरे को नियुक्त करे।
इब्रानियों 10:10 उसी इच्छा से हम यीशु मसीह की देह के एक ही बार बलिदान चढ़ाए जाने के द्वारा पवित्र किए गए हैं।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 15-16
  • लूका 10:25-42



गुरुवार, 9 अप्रैल 2020

प्रेम



     एक दिन, हमारी फिज़िक्स की क्लास के दौरान  हमारे शिक्षक ने हम सभी से प्रश्न पूछा – बिना पीछे मुड़कर देखे बताएं कि क्लास के पीछे की दीवार का रंग क्या है? हम में से कोई भी उत्तर नहीं देने पाया, क्योंकि हमने कभी ध्यान ही नहीं दिया था। कभी-कभी हम जीवन की अनेकों बातों को अनदेखा कर देते हैं, क्योंकि या तो हम हर बात को याद नहीं रखने पाते हैं, या हम उसे जो हमेशा वहीं होता है, ध्यान पूर्वक देखने नहीं पाते हैं।

     मेरे साथ भी यही हुआ जब मैंने परमेश्वर के वचन बाइबल में से प्रभु यीशु द्वारा अपने शिष्यों के पैर धोने के वृतांत को एक बार फिर से पढ़ा। यह एक जाना-पहचाना वृतांत है, जिसे ईस्टर से पूर्व  के सप्ताह में अकसर पढ़ा जाता है। यह बात कि हमारा उद्धारकर्ता प्रभु और राजा अपने शिष्यों के पैर धोने के लिए झुकता है अपने आप में अद्भुत और अनुपम है। प्रभु यीशु के दिनों में, यहूदी सेवकों को भी यह करने को नहीं कहा जाता था क्योंकि इसे उनकी मर्यादा से भी तुच्छ समझा जाता था। लेकिन इससे पहले जो बात मैंने ध्यान नहीं की थी, वह थी कि प्रभु यीशु ने, जो मनुष्य और परमेश्वर दोनों थे, यहूदा इस्करियोती के भी पैर धोए, यह जानते हुए भी कि कुछ ही समय में यहूदा उन्हें मारे जाने के लिए धोखा देकर पकड़वा देगा। परन्तु प्रभु यीशु ने फिर भी अपने आप को नम्र किया और यहूदा के पैर भी धोए।

     प्रभु का प्रेम उसके प्रति भी था जो उन्हें धोखा देने वाला था। जब हम प्रभु के जीवन के इस सपताह की घटनाओं पर विचार करते हैं, और प्रभु के मृतकों में से पुनरुत्थान के उत्सव को मनाने की तैयारी करते हैं, हम भी परमेश्वर से वैसी ही नम्रता का स्वभाव पाने के लिए प्रार्थना करें, जिससे हम प्रभु यीशु के प्रेम को औरों तक पहुंचा सकें, अपने विरोधियों और शत्रुओं को भी। - एमी बाउचर पाई


प्रेम में होकर ही प्रभु यीशु ने अपने आप को दीन किया और शिष्यों के पैर धोए।

मेरी आज्ञा यह है, कि जैसा मैं ने तुम से प्रेम रखा, वैसा ही तुम भी एक दूसरे से प्रेम रखो। इस से बड़ा प्रेम किसी का नहीं, कि कोई अपने मित्रों के लिये अपना प्राण दे। - यूहन्ना 15:12-13

बाइबल पाठ: यूहन्ना 13:1-17
यूहन्ना 13:1 फसह के पर्व से पहिले जब यीशु ने जान लिया, कि मेरी वह घड़ी आ पहुंची है कि जगत छोड़कर पिता के पास जाऊं, तो अपने लोगों से, जो जगत में थे, जैसा प्रेम वह रखता था, अन्‍त तक वैसा ही प्रेम रखता रहा।
यूहन्ना 13:2 और जब शैतान शमौन के पुत्र यहूदा इस्करियोती के मन में यह डाल चुका था, कि उसे पकड़वाए, तो भोजन के समय।
यूहन्ना 13:3 यीशु ने यह जानकर कि पिता ने सब कुछ मेरे हाथ में कर दिया है और मैं परमेश्वर के पास से आया हूं, और परमेश्वर के पास जाता हूं।
यूहन्ना 13:4 भोजन पर से उठ कर अपने कपड़े उतार दिए, और अंगोछा ले कर अपनी कमर बान्‍धी।
यूहन्ना 13:5 तब बरतन में पानी भरकर चेलों के पांव धोने और जिस अंगोछे से उस की कमर बन्‍धी थी उसी से पोंछने लगा।
यूहन्ना 13:6 जब वह शमौन पतरस के पास आया: तब उसने उस से कहा, हे प्रभु,
यूहन्ना 13:7 क्या तू मेरे पांव धोता है? यीशु ने उसको उत्तर दिया, कि जो मैं करता हूं, तू अब नहीं जानता, परन्तु इस के बाद समझेगा।
यूहन्ना 13:8 पतरस ने उस से कहा, तू मेरे पांव कभी न धोने पाएगा: यह सुनकर यीशु ने उस से कहा, यदि मैं तुझे न धोऊं, तो मेरे साथ तेरा कुछ भी साझा नहीं।
यूहन्ना 13:9 शमौन पतरस ने उस से कहा, हे प्रभु, तो मेरे पांव ही नहीं, वरन हाथ और सिर भी धो दे।
यूहन्ना 13:10 यीशु ने उस से कहा, जो नहा चुका है, उसे पांव के सिवा और कुछ धोने का प्रयोजन नहीं; परन्तु वह बिलकुल शुद्ध है: और तुम शुद्ध हो; परन्तु सब के सब नहीं।
यूहन्ना 13:11 वह तो अपने पकड़वाने वाले को जानता था इसी लिये उसने कहा, तुम सब के सब शुद्ध नहीं।
यूहन्ना 13:12 जब वह उन के पांव धो चुका और अपने कपड़े पहिनकर फिर बैठ गया तो उन से कहने लगा, क्या तुम समझे कि मैं ने तुम्हारे साथ क्या किया?
यूहन्ना 13:13 तुम मुझे गुरू, और प्रभु, कहते हो, और भला कहते हो, क्योंकि मैं वही हूं।
यूहन्ना 13:14 यदि मैं ने प्रभु और गुरू हो कर तुम्हारे पांव धोए; तो तुम्हें भी एक दुसरे के पांव धोना चाहिए।
यूहन्ना 13:15 क्योंकि मैं ने तुम्हें नमूना दिखा दिया है, कि जैसा मैं ने तुम्हारे साथ किया है, तुम भी वैसा ही किया करो।
यूहन्ना 13:16 मैं तुम से सच सच कहता हूं, दास अपने स्‍वामी से बड़ा नहीं; और न भेजा हुआ अपने भेजने वाले से।
यूहन्ना 13:17 तुम तो ये बातें जानते हो, और यदि उन पर चलो, तो धन्य हो।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 13-14
  • लूका 10:1-24



बुधवार, 8 अप्रैल 2020

देखो



     मैक्सिकन संगीतकार रुबेन सोटेलो का गीत, Look At Him (उसकी ओर देखो), प्रभु यीशु के क्रूस पर होने के बारे में है। सोटेलो हमें शांत होकर प्रभु यीशु की ओर देखने को कहता है, क्योंकि क्रूस पर जिस प्रकार के प्रेम का प्रभु यीशु मसीह ने उदाहरण प्रस्तुत किया उसके सामने कहने के लिए कुछ नहीं रह जाता है। परमेश्वर के वचन बाइबल में सुसमाचारों में वर्णित उस दृश्य की कल्पना हम विश्वास के द्वारा कर सकते हैं। हम उस क्रूस, बह रहे खून, कीलों, और वहां की वेदना की कल्पना कर सकते हैं।

     जब प्रभु यीशु मसीह ने क्रूस पर अपना बलिदान दिया, तब, “भीड़ जो यह देखने को इकट्ठी हुई भी, इस घटना को, देखकर छाती- पीटती हुई लौट गई” (लूका 23:48)। कुछ अन्य “...दूर खड़ी हुई यह सब देख रही” (पद 49); वे देख रहे थे और मौन थे। केवल एक ही जन, एक सूबेदार, ने कुछ कहा, “सूबेदार ने, जो कुछ हुआ था देखकर, परमेश्वर की बड़ाई की, और कहा; निश्चय यह मनुष्य धर्मी था” (पद 47)।

     इस महान प्रेम का वर्णन करने के लिए अनेकों गीत और कविताएँ लिखी गई हैं। कई सदियों पहले, यिर्मयाह भविष्यद्वक्ता ने यरूशलेम के विनाश के पश्चात उसकी त्रासदी की पीड़ा के विषय में लिखा (विलापगीत 1:12); वह लोगों से देखने और ध्यान करने के लिए कह रहा था, क्योंकि उसे लग रहा था कि यरुशलेम की पीड़ा से बढ़कर कोई पीड़ा नहीं हो सकती थी। परन्तु क्या प्रभु यीशु की पीड़ा के समान कभी कोई पीड़ा रही है?

     हम सभी अपने जीवन मार्ग पर चलते हुए, कभी न कभी, प्रभु यीशु के क्रूस के पास से होकर निकलते हैं। क्या हम उसे और उसके प्रेम को देखते हैं, उस पर विचार करते हैं? इस ईस्टर, जब शब्द और कविताएं हमारी कृतज्ञता और प्रेम को व्यक्त करने, तथा परमेश्वर के प्रेम का वर्णन करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, हम थोड़ा समय प्रभु के क्रूस की ओर देखने में बिताएं और शांत होकर उसकी मृत्यु के बारे में मनन करें, और देखें कि हमने वास्तव में उसे अपने जीवन समर्पित किए हैं कि नहीं। - कीला ओकोआ

क्रूस की ओर देखो और समर्पण तथा आराधना करो।

हे सब बटोहियो, क्या तुम्हें इस बात की कुछ भी चिन्ता नहीं? दृष्टि कर के देखो, क्या मेरे दु:ख से बढ़ कर कोई और पीड़ा है जो यहोवा ने अपने क्रोध के दिन मुझ पर डाल दी है? - विलापगीत 1:12

बाइबल पाठ: लुका 23:44-49
लूका 23:44 और लगभग दो पहर से तीसरे पहर तक सारे देश में अन्धियारा छाया रहा।
लूका 23:45 और सूर्य का उजियाला जाता रहा, और मन्दिर का परदा बीच में फट गया।
लूका 23:46 और यीशु ने बड़े शब्द से पुकार कर कहा; हे पिता, मैं अपनी आत्मा तेरे हाथों में सौंपता हूं: और यह कहकर प्राण छोड़ दिए।
लूका 23:47 सूबेदार ने, जो कुछ हुआ था देखकर, परमेश्वर की बड़ाई की, और कहा; निश्चय यह मनुष्य धर्मी था।
लूका 23:48 और भीड़ जो यह देखने को इकट्ठी हुई भी, इस घटना को, देखकर छाती- पीटती हुई लौट गई।
लूका 23:49 और उसके सब जान पहचान, और जो स्त्रियां गलील से उसके साथ आई थीं, दूर खड़ी हुई यह सब देख रही थीं।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 10-12
  • लूका 9:37-62



मंगलवार, 7 अप्रैल 2020

खराई



     दक्षिणपूर्वी एशियाई खेलों की मैराथन दौड़ में जब सिंगापुर के धावक एशले ल्यू ने अचानक ही अपने आप को अकेला और सबसे आगे दौड़ते हुए पाया, तो वह समझ गया कि कुछ गड़बड़ है। शीघ्र ही उसे एहसास हो गया कि उस से आगे भाग रहे अन्य धावकों ने कहीं पर कोई गलत मोड़ ले लिया था, और इसलिए अब वे उससे पीछे हो गए थे। एशले उनकी इस गलती का फायदा उठा कर आगे भागता रह सकता था, किन्तु खरी खेल भावना ने उसे ऐसा करने से रोका, क्योंकि इस प्रकार की जीत वास्तविक जीत नहीं होती। वह इसलिए जीतना चाहता था क्योंकि वह सबसे तेज़ था, न कि इसलिए क्योंकि औरों ने गलती करी थी। अपनी खराई की भावना का पालन करते हुए एशले ने अपने भागने की गति को तब तक धीमा कर दिया, जब तक कि अन्य धावक उस तक नहीं पहुँच गए।

     अंततः एशले वह दौड़ हार गया, और पदक से वंचित रह गया। परन्तु उसने अपने देशवासियों के हृदयों को, और अपनी खराई के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय पुरुस्कार को भी जीत लिया। यह उसके मसीही होने की एक उत्तम गवाही थी, जिससे कई लोग यह सोचने के लिए बाध्य हुए होंगे की उसने ऐसा कैसे कर लिया।

     एशले द्वारा किया कार्य मेरे लिए चुनौती है कि अपने जीवन के सभी कार्यों के द्वारा मैं अपने मसीही विश्वास को औरों के साथ बाँटू। ध्यानपूर्वक, दया, क्षमा आदि के साथ किए गए छोटे-छोटे कार्य भी परमेश्वर को महिमा प्रदान कर सकते हैं। पौलुस प्रेरित ने परमेश्वर के वचन बाइबल में लिखा, “सब बातों में अपने आप को भले कामों का नमूना बना: तेरे उपदेश में सफाई, गम्भीरता और ऐसी खराई पाई जाए, कि कोई उसे बुरा न कह सके; जिस से विरोधी हम पर कोई दोष लगाने का अवसर न पाकर लज्ज़ित हों” (तीतुस 2:7-8)।

     हमारे द्वारा औरों के प्रति किए गए सकारात्मक कार्य संसार को यह दिखा सकते हैं कि हम संसार से भिन्न हैं क्योंकि परमेश्वर का पवित्र आत्मा हम में होकर कार्य करता है। वही हमें अनुग्रह और सामर्थ्य देता है कि हम अधार्मिकता और गलत व्यवहार को अस्वीकार कर के खराई से जीवन जीएं; ऐसे जीवन जो लोगों को परमेश्वर की ओर इशारा करें। - लेस्ली कोह

ऐसे जीएं कि लोग प्रभु यीशु को जानने के लिए जिज्ञासु हों।

और इस संसार के सदृश न बनो; परन्तु तुम्हारी बुद्धि के नये हो जाने से तुम्हारा चाल-चलन भी बदलता जाए, जिस से तुम परमेश्वर की भली, और भावती, और सिद्ध इच्छा अनुभव से मालूम करते रहो। - रोमियों 12:2

बाइबल पाठ: तीतुस 2:7-8, 11-14
तीतुस 2:7 सब बातों में अपने आप को भले कामों का नमूना बना: तेरे उपदेश में सफाई, गम्भीरता
तीतुस 2:8 और ऐसी खराई पाई जाए, कि कोई उसे बुरा न कह सके; जिस से विरोधी हम पर कोई दोष लगाने का अवसर न पाकर लज्ज़ित हों।
तीतुस 2:11 क्योंकि परमेश्वर का अनुग्रह प्रगट है, जो सब मनुष्यों के उद्धार का कारण है।
तीतुस 2:12 और हमें चिताता है, कि हम अभक्ति और सांसारिक अभिलाषाओं से मन फेर कर इस युग में संयम और धर्म और भक्ति से जीवन बिताएं।
तीतुस 2:13 और उस धन्य आशा की अर्थात अपने महान परमेश्वर और उद्धारकर्ता यीशु मसीह की महिमा के प्रगट होने की बाट जोहते रहें।
तीतुस 2:14 जिसने अपने आप को हमारे लिये दे दिया, कि हमें हर प्रकार के अधर्म से छुड़ा ले, और शुद्ध कर के अपने लिये एक ऐसी जाति बना ले जो भले भले कामों में सरगर्म हो।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 7-9
  • लूका 9:18-36



सोमवार, 6 अप्रैल 2020

शान्ति



     हमारे विमान के शिकागो पहुँचने के पश्चात, एक-दूसरे से विदा लेते समय, उस महिला में मुझ से कहा, “आज परमेश्वर ने आप को मेरे पास भेजा है।” विमान में वह मेरे निकट की सीट पर बैठी थी, और वार्तालाप के दौरान मैंने जाना कि वह दिन भर में कई उड़ानें पूरी कर के अब वापस लौट रही थी। मैंने पूछा, “यदि आप बुरा न मानें तो क्या मुझे बता सकती हैं कि आपको दिन भर में एक के बाद एक इतनी उड़ानें भरने की आवश्यकता क्यों पड़ी?” उसने नीचे देखते हुए कहा, “मैं अपनी बेटी को नशे की आदत से छुड़ाने के लिए एक नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवा के आ रही हूँ।”

     इसके बाद के समय में, मैंने विनम्रता के साथ उसे अपने बेटे की हिरोइन के नशे की लत से छुटकारे की कहानी सुनाई, और बताया की कैसे प्रभु यीशु ने उसे इस लत से मुक्त किया था। मेरी बात सुनते हुए, उसके आँखों में आए आँसुओं के साथ चेहरे पर एक मुस्कान भी आ गई। विमान के उतर जाने के बाद, विदा होने से पहले, हमने साथ मिलकर प्रार्थना करी, और परमेश्वर से माँगा कि वह उसकी बेटी को भी नशे के बन्धनों से मुक्त कर दे।

     उस संध्या, मैं परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस द्वारा लिखी बात को स्मरण कर रहा था, “हमारे प्रभु यीशु मसीह के परमेश्वर, और पिता का धन्यवाद हो, जो दया का पिता, और सब प्रकार की शान्‍ति का परमेश्वर है। वह हमारे सब क्‍लेशों में शान्‍ति देता है; ताकि हम उस शान्‍ति के कारण जो परमेश्वर हमें देता है, उन्हें भी शान्‍ति दे सकें, जो किसी प्रकार के क्‍लेश में हों” (2 कुरिन्थियों 1:3-4)।

     हमारे चारों और लोग हैं जिन्हें शान्ति की आवश्यकता है, उस शान्ति की जो केवल प्रभु परमेश्वर ही प्रदान कर सकता है। परमेश्वर चाहता है कि हम उन लोगों की ओर, विनम्रता के साथ, कृपा और करुणा के हाथ बढ़ाएं, और उनके साथ उस प्रेम को बाँटें जो परमेश्वर ने हमारे साथ किया है। परमेश्वर से प्रार्थना करें कि वह हमें उन के पास भेजे जिन्हें आज उसकी शान्ति और प्रेम की आवश्यकता है। - जेम्स बैंक्स

परमेश्वर की कृपा और करुणा हमारी गहनतम आवश्यकता की पूर्ति करती है।

मैं तुम्हें शान्‍ति दिए जाता हूं, अपनी शान्‍ति तुम्हें देता हूं; जैसे संसार देता है, मैं तुम्हें नहीं देता: तुम्हारा मन न घबराए और न डरे। - यूहन्ना 14:27

बाइबल पाठ: 2 कुरिन्थियों 1:1-10
2 कुरिन्थियों 1:1 पौलुस की ओर से जो परमेश्वर की इच्छा से मसीह यीशु का प्रेरित है, और भाई तीमुथियुस की ओर से परमेश्वर की उस कलीसिया के नाम जो कुरिन्थुस में है; और सारे अखया के सब पवित्र लोगों के नाम।
2 कुरिन्थियों 1:2 हमारे पिता परमेश्वर और प्रभु यीशु मसीह की ओर से तुम्हें अनुग्रह और शान्‍ति मिलती रहे।
2 कुरिन्थियों 1:3 हमारे प्रभु यीशु मसीह के परमेश्वर, और पिता का धन्यवाद हो, जो दया का पिता, और सब प्रकार की शान्‍ति का परमेश्वर है।
2 कुरिन्थियों 1:4 वह हमारे सब क्‍लेशों में शान्‍ति देता है; ताकि हम उस शान्‍ति के कारण जो परमेश्वर हमें देता है, उन्हें भी शान्‍ति दे सकें, जो किसी प्रकार के क्‍लेश में हों।
2 कुरिन्थियों 1:5 क्योंकि जैसे मसीह के दुख हम को अधिक होते हैं, वैसे ही हमारी शान्‍ति भी मसीह के द्वारा अधिक होती है।
2 कुरिन्थियों 1:6 यदि हम क्‍लेश पाते हैं, तो यह तुम्हारी शान्‍ति और उद्धार के लिये है और यदि शान्‍ति पाते हैं, तो यह तुम्हारी शान्‍ति के लिये है; जिस के प्रभाव से तुम धीरज के साथ उन क्‍लेशों को सह लेते हो, जिन्हें हम भी सहते हैं।
2 कुरिन्थियों 1:7 और हमारी आशा तुम्हारे विषय में दृढ़ है; क्योंकि हम जानते हैं, कि तुम जैसे दुखों के वैसे ही शान्‍ति के भी सहभागी हो।
2 कुरिन्थियों 1:8 हे भाइयों, हम नहीं चाहते कि तुम हमारे उस क्‍लेश से अनजान रहो, जो आसिया में हम पर पड़ा, कि ऐसे भारी बोझ से दब गए थे, जो हमारी सामर्थ्य से बाहर था, यहां तक कि हम जीवन से भी हाथ धो बैठे थे।
2 कुरिन्थियों 1:9 वरन हम ने अपने मन में समझ लिया था, कि हम पर मृत्यु की आज्ञा हो चुकी है कि हम अपना भरोसा न रखें, वरन परमेश्वर का जो मरे हुओं को जिलाता है।
2 कुरिन्थियों 1:10 उसी ने हमें ऐसी बड़ी मृत्यु से बचाया, और बचाएगा; और उस से हमारी यह आशा है, कि वह आगे को भी बचाता रहेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 4-6
  • लूका 9:1-17