ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 13 सितंबर 2013

विस्मरण

   चीन की पारंपरिक लिखित भाषा वर्ण नहीं वरन चित्रों पर आधारित है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चीन की युवा पीढ़ी उस भाषा के लेखन कला को भूलती जा रही है। यह इसलिए क्योंकि कंप्यूटर और स्मार्ट फोन के अत्याधिक प्रचलन और उपयोग के कारण चीनी युवा उन चित्रों को भूलते जा रहे हैं जिन्हें उन्होंने बचपन में सीखा तो था परन्तु अब उन्हें लिखना नहीं पड़ता। एक व्यक्ति ने कहा कि अब अपने हाथ से लोगों को केवल अपने नाम या रहने के पते ही भरने होते हैं अन्य कुछ नहीं, इसलिए अब चित्रों पर आधारित भाषा के लेखन कला का विस्मरण सामान्य सा हो गया है।

   कुछ लोग एक अन्य प्रकार के विस्मरण के शिकार हो जाते हैं - उन में चित्रों का नहीं वरन चरित्र का विस्मरण पाया जाता है। उनका जब कभी किसी दुविधा से सामना होता है, वे यह "भुला कर" कि उस परिस्थिति में करने के लिए सही क्या है, वह करना पसन्द करते हैं जो सरल है, चाहे वह गलत ही क्यों ना हो।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में एक चरित्र है अय्युब, जिसके विषय में स्वयं परमेश्वर की गवाही थी कि "...उसके तुल्य खरा और सीधा और मेरा भय मानने वाला और बुराई से दूर रहने वाला मनुष्य और कोई नहीं है" (अय्युब 1:8)। जब शैतान ने अय्युब के चरित्र पर शक किया और उसे परखना चाहा तो परमेश्वर ने अय्युब के परखे जाने की अनुमति दे दी और शैतान ने एक एक करके अय्युब का सब कुछ छीन लिया - उसके बच्चे, उसकी संपत्ति और उसका स्वास्थ्य भी। किंतु "इन सब बातों में भी अय्यूब ने न तो पाप किया, और न परमेश्वर पर मूर्खता से दोष लगाया" (अय्युब 1:22)। शैतान ने अय्युब के चरित्र के विषय परमेश्वर के आंकलन को चुनौती दी थी, परन्तु इन अत्यंत पीड़ा और परेशानियों से भरे समयों में भी अय्युब ने अपने चरित्र में कोई खोट नहीं आने दी, और शैतान का दावा गलत प्रमाणित हो गया।

   चरित्र विस्मरण नहीं हो सकता क्योंकि, वह कोई विस्मरण की वस्तु नहीं है; हमारा चरित्र वही है जो हम हैं। यदि कोई चरित्र "भूल" जाता है तो वह गलती से नहीं वरन जानते-बूझते किया गया कार्य है। - सिंडी हैस्स कैस्पर


संपत्ति गँवाई तो कुछ गँवाया; स्वास्थ्य गँवाया तो काफी कुछ गँवाया; चरित्र गँवाया तो सब कुछ गँवा दिया।

ऊज़ देश में अय्यूब नाम एक पुरुष था; वह खरा और सीधा था और परमेश्वर का भय मानता और बुराई से परे रहता था। - अय्युब 1:1 

बाइबल पाठ: अय्युब 1:9-22
Job 1:9 शैतान ने यहोवा को उत्तर दिया, क्या अय्यूब परमेश्वर का भय बिना लाभ के मानता है?
Job 1:10 क्या तू ने उसकी, और उसके घर की, और जो कुछ उसका है उसके चारों ओर बाड़ा नहीं बान्धा? तू ने तो उसके काम पर आशीष दी है,
Job 1:11 और उसकी संपत्ति देश भर में फैल गई है। परन्तु अब अपना हाथ बढ़ाकर जो कुछ उसका है, उसे छू; तब वह तेरे मुंह पर तेरी निन्दा करेगा।
Job 1:12 यहोवा ने शैतान से कहा, सुन, जो कुछ उसका है, वह सब तेरे हाथ में है; केवल उसके शरीर पर हाथ न लगाना। तब शैतान यहोवा के साम्हने से चला गया।
Job 1:13 एक दिन अय्यूब के बेटे-बेटियां बड़े भाई के घर में खाते और दाखमधु पी रहे थे;
Job 1:14 तब एक दूत अय्यूब के पास आकर कहने लगा, हम तो बैलों से हल जोत रहे थे, और गदहियां उनके पास चर रही थीं,
Job 1:15 कि शबा के लोग धावा कर के उन को ले गए, और तलवार से तेरे सेवकों को मार डाला; और मैं ही अकेला बचकर तुझे समाचार देने को आया हूँ।
Job 1:16 वह अभी यह कह ही रहा था कि दूसरा भी आकर कहने लगा, कि परमेश्वर की आग आकाश से गिरी और उस से भेड़-बकरियां और सेवक जलकर भस्म हो गए; और मैं ही अकेला बचकर तुझे समाचार देने को आया हूँ।
Job 1:17 वह अभी यह कह ही रहा था, कि एक और भी आकर कहने लगा, कि कसदी लोग तीन गोल बान्धकर ऊंटों पर धावा कर के उन्हें ले गए, और तलवार से तेरे सेवकों को मार डाला; और मैं ही अकेला बचकर तुझे समाचार देने को आया हूँ।
Job 1:18 वह अभी यह कह ही रहा था, कि एक और भी आकर कहने लगा, तेरे बेटे-बेटियां बड़े भाई के घर में खाते और दाखमधु पीते थे,
Job 1:19 कि जंगल की ओर से बड़ी प्रचण्ड वायु चली, और घर के चारों कोनों को ऐसा झोंका मारा, कि वह जवानों पर गिर पड़ा और वे मर गए; और मैं ही अकेला बचकर तुझे समाचार देने को आया हूँ।
Job 1:20 तब अय्यूब उठा, और बागा फाड़, सिर मुंड़ाकर भूमि पर गिरा और दण्डवत्‌ कर के कहा,
Job 1:21 मैं अपनी मां के पेट से नंगा निकला और वहीं नंगा लौट जाऊंगा; यहोवा ने दिया और यहोवा ही ने लिया; यहोवा का नाम धन्य है।
Job 1:22 इन सब बातों में भी अय्यूब ने न तो पाप किया, और न परमेश्वर पर मूर्खता से दोष लगाया।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 16-18 
  • 2 कुरिन्थियों 6


गुरुवार, 12 सितंबर 2013

धन्य निश्चय

   मैं एक सज्जन से बात कर रहा था, हाल ही में उसकी पत्नि का देहान्त हुआ था। उस सज्जन ने मेरे साथ एक आप-बीति बाँटी - उसकी पत्नि के देहान्त के बारे में जानने के बाद उसके एक मित्र ने उससे कहा, "मुझे शोक है कि आपने अपनी पत्नि खो दी है"; और उसने अपने उस मित्र को तुरंत उत्तर दिया, "अरे नहीं, मेरी पत्नि खोई नहीं है, मुझे निश्चित पता है कि वह अब कहाँ है!"

   कुछ लोगों को यह एक बहुत बेबाक अथवा परिहास पूर्ण दावा लग सकता है। मृत्योपरांत होने वाली बातों के अनेकों दावे मौजूद होने के कारण, हम यह कैसे जान सकते हैं कि कौन सा दावा सही है और विश्वासयोग्य है? हम यह कैसे जान सकते हैं कि मृत्योपरांत हमारे प्रीय जन कहाँ गए हैं और हम भी उस दशा में कहाँ जाएंगे?

   लेकिन मसीही विश्वासियों के लिए मसीही दावों पर विश्वास रखना सर्वथा उपयुक्त है क्योंकि हमें परमेश्वर के वचन से यह आश्वासन है कि मृत्यु के तुरंत बाद हम अपने उद्धारकर्ता प्रभु यीशु के पास उसके साथ होंगे (2 कुरिन्थियों 5:8); और यह मात्र अभिलाषी विचार नहीं है। यह विश्वास प्रभु यीशु की एतिहासिक सच्चाई पर आधारित है। उस प्रभु यीशु की जो संसार में आया, समस्त मानव जाति के पापों के लिए अपने आप को बलिदान किया, जिससे हमारे पापों का दोष और दण्ड रद्द हो सके तथा हम अनन्त जीवन प्राप्त कर सकें (रोमियों 6:23)। अपनी मृत्योपरांत उसने मृतकों से वापस आकर मृतकों के पुनरुत्थान को प्रमाणित किया और अपने स्वार्गारोहण द्वारा स्वर्ग में अनन्तजीवन का विश्वास बंधाया, जहाँ वह हमारे लिए स्थान तैयार कर रहा है और हमें ले जाने तथा अपने साथ रखने के लिए एक दिन फिर वापस आएगा (यूहन्ना 14:2)।

   इसलिए आनन्दित रहो, क्योंकि प्रभु यीशु मसीह के दावों की सच्चाई के लाभ अलौकिक हैं, इसलिए हम भी पौलुस के साथ निर्भीक हो कर कह सकते हैं, "इसलिये हम ढाढ़स बान्‍धे रहते हैं, और देह से अलग हो कर प्रभु के साथ रहना और भी उत्तम समझते हैं" (2 कुरिन्थियों 5:8)। - जो स्टोवैल


मसीही विश्वासी के लिए मृत्यु का अर्थ है स्वर्ग, आनन्द और अनन्त काल तक मसीह यीशु का साथ।

क्योंकि पाप की मजदूरी तो मृत्यु है, परन्तु परमेश्वर का वरदान हमारे प्रभु मसीह यीशु में अनन्त जीवन है। - रोमियों 6:23

बाइबल पाठ: 2 कुरिन्थियों 5:1-10
2 Corinthians 5:1 क्योंकि हम जानते हैं, कि जब हमारा पृथ्वी पर का डेरा सरीखा घर गिराया जाएगा तो हमें परमेश्वर की ओर से स्वर्ग पर एक ऐसा भवन मिलेगा, जो हाथों से बना हुआ घर नहीं परन्तु चिरस्थाई है।
2 Corinthians 5:2 इस में तो हम कराहते, और बड़ी लालसा रखते हैं; कि अपने स्‍वर्गीय घर को पहिन लें।
2 Corinthians 5:3 कि इस के पहिनने से हम नंगे न पाए जाएं।
2 Corinthians 5:4 और हम इस डेरे में रहते हुए बोझ से दबे कराहते रहते हैं; क्योंकि हम उतारना नहीं, वरन और पहिनना चाहते हैं, ताकि वह जो मरनहार है जीवन में डूब जाए।
2 Corinthians 5:5 और जिसने हमें इसी बात के लिये तैयार किया है वह परमेश्वर है, जिसने हमें बयाने में आत्मा भी दिया है।
2 Corinthians 5:6 सो हम सदा ढाढ़स बान्‍धे रहते हैं और यह जानते हैं; कि जब तक हम देह में रहते हैं, तब तक प्रभु से अलग हैं।
2 Corinthians 5:7 क्योंकि हम रूप को देखकर नहीं, पर विश्वास से चलते हैं।
2 Corinthians 5:8 इसलिये हम ढाढ़स बान्‍धे रहते हैं, और देह से अलग हो कर प्रभु के साथ रहना और भी उत्तम समझते हैं।
2 Corinthians 5:9 इस कारण हमारे मन की उमंग यह है, कि चाहे साथ रहें, चाहे अलग रहें पर हम उसे भाते रहें।
2 Corinthians 5:10 क्योंकि अवश्य है, कि हम सब का हाल मसीह के न्याय आसन के साम्हने खुल जाए, कि हर एक व्यक्ति अपने अपने भले बुरे कामों का बदला जो उसने देह के द्वारा किए हों पाए।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 13-15 
  • 2 कुरिन्थियों 5



बुधवार, 11 सितंबर 2013

करुणा

   आज का दिन, सितंबर 11, 2001, अमेरिका के न्यू-यॉर्क शहर में हुए आतंकी हमले की 12वीं वर्षगाँठ का दिन है। इस तिथि के उस दिन को उन दुखदायी यादों से अलग कर के स्मरण करना बहुत कठिन है। उस त्रासदी, विनाश और जान-माल की हानि से केवल अमेरिका पर नहीं वरन सारे विश्व पर प्रभाव आया। उस समय, इस समाचार को देखने सुनने से, हज़ारों बेगुनाह लोगों की मृत्यु के शोक के साथ राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर पर असुरक्षा की भावना सब जगह व्याप्त थी। जब कभी उस दिन को स्मरण किया जाएगा, तो साथ ही उस दिन के साथ जुड़ी शोक और हानि की व्यक्तिगत तथा सामूहिक भावना को भी स्मरण किया जाएगा।

   लेकिन उस दिन से जुड़े दुख का कारण उस भयानक दिन की वे भयंकर घटनाएं मात्र ही नहीं हैं। मेरे परिवार के लिए एक और दुखदायी घटना उस दिन के साथ जुड़ी है - मेरे ससुर जिम का देहांत भी उसी दिन हुआ। जिम की कमी हम परिवार जनों और जिम के मित्रों को अभी भी बहुत खलती है।

   हम चाहे कैसे भी दुख से होकर क्यों ना निकल रहे हों, हम मसीही विश्वासियों के लिए एक बहुत कारगर दिलासा उपलब्ध है - परमेश्वर की करुणा। दाऊद ने भी अपने घोर दुख में अपने स्वर्गीय पिता को पुकारा: "हे यहोवा, मुझ पर अनुग्रह कर क्योंकि मैं संकट में हूं; मेरी आंखे वरन मेरा प्राण और शरीर सब शोक के मारे घुले जाते हैं" (भजन 31:9)। परमेश्वर की करुणा ही हमारे दुख में दिलासा और शान्ति का आधार है, और उसी के द्वारा ही हमारे व्याकुल हृदय शान्ति पा सकते हैं। इस बात को हमने व्यक्तिगत रीति से अनुभव किया है क्योंकि जिम के जाने के बाद परमेश्वर की यही करुणा हमारी शान्ति और दिलासा का कारण रही है।

   हमारी प्रत्येक हानि और शोक में हम अपने सच्चे चरवाहे प्रभु यीशु की ओर मुड़ सकते हैं क्योंकि वह हमारे प्रति सच्ची करुणा रखता है और हमारे हर दुख और अशान्ति में हमें सान्तवना और शान्ति भी देता है। - बिल क्राउडर


जब परमेश्वर दुख आने देता है तो उनके योग्य सामर्थ और शान्ति भी प्रदान करता है।

हे यहोवा, मुझ पर अनुग्रह कर क्योंकि मैं संकट में हूं; मेरी आंखे वरन मेरा प्राण और शरीर सब शोक के मारे घुले जाते हैं। - भजन 31:9

बाइबल पाठ: भजन 31:9-15
Psalms 31:9 हे यहोवा, मुझ पर अनुग्रह कर क्योंकि मैं संकट में हूं; मेरी आंखे वरन मेरा प्राण और शरीर सब शोक के मारे घुले जाते हैं।
Psalms 31:10 मेरा जीवन शोक के मारे और मेरी अवस्था कराहते कराहते घट चली है; मेरा बल मेरे अधर्म के कारण जाता रह, और मेरी हडि्डयां घुल गई।
Psalms 31:11 अपने सब विरोधियों के कारण मेरे पड़ोसियों में मेरी नामधराई हुई है, अपने जान पहिचान वालों के लिये डर का कारण हूं; जो मुझ को सड़क पर देखते है वह मुझ से दूर भाग जाते हैं।
Psalms 31:12 मैं मृतक की नाईं लोगों के मन से बिसर गया; मैं टूटे बर्तन के समान हो गया हूं।
Psalms 31:13 मैं ने बहुतों के मुंह से अपना अपवाद सुना, चारों ओर भय ही भय है! जब उन्होंने मेरे विरुद्ध आपस में सम्मति की तब मेरे प्राण लेने की युक्ति की।
Psalms 31:14 परन्तु हे यहोवा मैं ने तो तुझी पर भरोसा रखा है, मैं ने कहा, तू मेरा परमेश्वर है।
Psalms 31:15 मेरे दिन तेरे हाथ में है; तू मुझे मेरे शत्रुओं और मेरे सताने वालों के हाथ से छुड़ा।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 10-12 
  • 2 कुरिन्थियों 4



मंगलवार, 10 सितंबर 2013

पहुनाई

   सितंबर 11, 2001 को अमेरिका के न्यू-यॉर्क शहर में हुए आतंकी हमले के बाद अमेरिकी हवाई क्षेत्र को सभी उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया और अमेरिका की ओर आ रही सभी उड़ानों को निर्देश दिए गए कि वे अपने निकटतम हवाई अड्डे पर उतर जाएं। अमेरिका की उत्तरी सीमा के निकट कैनाडा के न्यूफाउन्डलैंड प्रांत के एक छोटे से शहर गैन्डर में 40 वायुयान उतारे गए और उन वायुयानों से उतरने वाले हज़ारों यात्रियों के कारण गैन्डर की जनसंख्या अनेपक्षित रूप से थोड़े ही समय में लगभग दोगुनी हो गई। वे यात्री भयभीत थे, भविष्य के लिए अनिश्चित और चिंतित थे। गैन्डर के निवासियों ने अपने घर उन लोगों के लिए खोल दिए, अधिकारियों ने वहाँ के हाई-स्कूल, लॉज, चर्च, सामाजिक भवनों आदि सभी उपलब्ध स्थानों को उन यात्रियों के लिए रहने के स्थान बना दिया। वे सभी यात्री गैन्डर के लोगों के इस प्रेम, मित्रवता और उदारता से अभिभूत हो गए।

   जिस प्रेम को गैन्डर के लोगों ने प्रदर्शित किया वह परमेश्वर के वचन बाइबल में इब्रानियों 13:2 के अनुसार है: "पहुनाई करना न भूलना, क्योंकि इस के द्वारा कितनों ने अनजाने स्‍वर्गदूतों की पहुनाई की है।" संभवतः इस पद का संकेत इस्त्राएल के प्राचीन पितामह अब्राहम की ओर है। अब्राहम ने एक समय यात्रा कर रहे तीन अनजान पुरुषों को अपने डेरे में आमंत्रित करके उनकी पहुनाई करी थी; वह उस समय निर्वंश था, और परमेश्वर से सन्तान की प्रार्थना में था। अब्राहम नहीं जानता था कि जिन पुरुषों को उसने आमंत्रित किया है उन तीन पुरुषों में से दो स्वर्गदूत और एक परमेश्वर स्वयं था, और वे उसे उसके आने वाले वंश के विषय में बताने आए थे (उत्पत्ति 18:1-16)। बाइबल शिक्षक और टीकाकार एफ. एफ. ब्रूस ने अब्राहम के संबंध में लिखा, "यहूदियों में अब्राहम अपने अद्भुत आतिथ्य के लिए उतना ही प्रसिद्ध है जितना अपने अन्य गुणों के लिए। अब्राहम के वंशज को भी अपने मूल पिता के समान ही अतिथि-सत्कार करने वाला होना चाहिए।"

   मसीही विश्वासियों के लिए परमेश्वर के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित करने का एक मार्ग है भले कार्यों, पहुनाई और अनुकंपा जैसे सदगुणों को अपने दैनिक व्यावाहरिक जीवन में जी कर दिखाना। क्या आज आप इन सदगुणों को अपने जीवन में प्रदर्शित करने को तैयार हैं? - एनी सेटास


मसीही विश्वास का जीवन मसीह के प्रेम को अपने जीवन से दिखाता है।

वरन अपने शत्रुओं से प्रेम रखो, और भलाई करो: और फिर पाने की आस न रखकर उधार दो; और तुम्हारे लिये बड़ा फल होगा; और तुम परमप्रधान के सन्तान ठहरोगे, क्योंकि वह उन पर जो धन्यवाद नहीं करते और बुरों पर भी कृपालु है। जैसा तुम्हारा पिता दयावन्‍त है, वैसे ही तुम भी दयावन्‍त बनो। - लूका 6:35-36

बाइबल पाठ: इब्रानियों 13:1-6
Hebrews 13:1 भाईचारे की प्रीति बनी रहे।
Hebrews 13:2 पहुनाई करना न भूलना, क्योंकि इस के द्वारा कितनों ने अनजाने स्‍वर्गदूतों की पहुनाई की है।
Hebrews 13:3 कैदियों की ऐसी सुधि लो, कि मानो उन के साथ तुम भी कैद हो; और जिन के साथ बुरा बर्ताव किया जाता है, उन की भी यह समझकर सुधि लिया करो, कि हमारी भी देह है।
Hebrews 13:4 विवाह सब में आदर की बात समझी जाए, और बिछौना निष्‍कलंक रहे; क्योंकि परमेश्वर व्यभिचारियों, और परस्त्रीगामियों का न्याय करेगा।
Hebrews 13:5 तुम्हारा स्‍वभाव लोभरिहत हो, और जो तुम्हारे पास है, उसी पर संतोष किया करो; क्योंकि उसने आप ही कहा है, कि मैं तुझे कभी न छोडूंगा, और न कभी तुझे त्यागूंगा।
Hebrews 13:6 इसलिये हम बेधड़क हो कर कहते हैं, कि प्रभु, मेरा सहायक है; मैं न डरूंगा; मनुष्य मेरा क्या कर सकता है।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 8-9 
  • 2 कुरिन्थियों 3



सोमवार, 9 सितंबर 2013

क्या जानें कब?

   जब मैं बाइबल कॉलेज में थी तो गर्मियों के अवकाश में युवक युवतियों के ग्रीष्मकालीन शिक्षा शिविर का संचालन किया करती थी। उन शिविर के दिनों में, मैं प्रतिदिन का आरंभ एक कहानी से किया करती थी, जिसमें मैं प्रभु यीशु में पापों की क्षमा और उद्धार के सुसमाचार को जताने का प्रयास करती थी। वहाँ मेरा एक सहायक भी था - हेनरी, जो मसीही विश्वास का कट्टर विरोधी था। सिवाए उसके लिए प्रार्थना करने और उससे प्रेम का व्यवहार करने के, मैं उसके अविश्वास के लिए और कुछ नहीं कर पाती थी। कुछ समय पश्चात, अपने अविश्वास में दृढ़, हेनरी नौकरी छोड़कर चला गया।

   एक बार, यह समझाने के लिए कि मसीही विश्वासी होना, मसीह यीशु में नया जन्म पाकर एक नयी सृष्टि होना है, मैंने उत्तरी अमेरिका के जंगलों में पाए जाने वाले, मूज़ नाम वाले हिरन प्रजाति के एक बड़े प्रकार तथा घोड़ों की कहानी सुनाई, जो कुछ इस प्रकार थी - एक मूज़ ने जंगली घोड़ों के झुँड को विचरण करते देखा और वे उसे बहुत शानदार लगे। मूज़ के मन में भी घोड़ा बनने की लालसा उठी, और वह भी उन घोड़ों के हाव-भाव की नकल करने लगा, लेकिन इससे वह घोड़ा कभी नहीं बन सका क्योंकि वह तो जन्म से मूज़ ही था। मूज़ के घोड़ा बनने की एक ही संभावना थी - घोड़ा पैदा होना। इस कहानी के आधार पर मैंने समझाया कि मसीह यीशु की कुछ बातों की नकल करने से नहीं वरन उसमें नया जन्म प्राप्त करने, अर्थात, उससे पापों की क्षमा मांगकर, अपना जीवन उसे समर्पित करके, उसके जीवन को अपना लेने से ही हम मसीह यीशु की समानता में आ सकते हैं। यही हमारे लिए पाप स्वभाव के बन्धन से निकल कर परमेश्वर के स्वभाव में नया जन्म लेना है।

   हेनरी ने भी वह कहानी सुनी थी, यह लगभग 50 वर्ष पहले की बात है। कुछ समय पहले मुझे हेनरी द्वारा लिखा हुआ एक पत्र मिला। पत्र का पहला ही वाक्य था, "मैंने यह बताने के लिए आपको पत्र लिखा है कि अब मैंने भी नया जन्म पा लिया है, मैं भी एक मसीही विश्वासी हो गया हूँ; अब एक मूज़ घोड़ा बन गया है।" हेनरी के पत्र ने मेरे इस विश्वास की पुष्टि करी कि हमारा कार्य है प्रार्थना करते रहना और परमेश्वर के वचन रूपी बीज को लोगों के जीवनों और हृदयों में बोते रहना है (मरकुस 4:26)। क्या जानें कब यह बीज अंकुरित होकर मसीही विश्वास के पौधे को जीवन में स्थापित कर दे और जीवन परिवर्तित हो जाए। - ऐनी सेटास


बीज बोना हमारा कार्य है, उस बीज से फसल उत्पन्न करना परमेश्वर का।

क्योंकि तुम ने नाशमान नहीं पर अविनाशी बीज से परमेश्वर के जीवते और सदा ठहरने वाले वचन के द्वारा नया जन्म पाया है। - 1 पतरस 1:23 

बाइबल पाठ: मत्ती 13:3-8; 18-23
Matthew 13:3 और उसने उन से दृष्‍टान्‍तों में बहुत सी बातें कही, कि देखो, एक बोने वाला बीज बोने निकला।
Matthew 13:4 बोते समय कुछ बीज मार्ग के किनारे गिरे और पक्षियों ने आकर उन्हें चुग लिया।
Matthew 13:5 कुछ पत्थरीली भूमि पर गिरे, जहां उन्हें बहुत मिट्टी न मिली और गहरी मिट्टी न मिलने के कारण वे जल्द उग आए।
Matthew 13:6 पर सूरज निकलने पर वे जल गए, और जड़ न पकड़ने से सूख गए।
Matthew 13:7 कुछ झाड़ियों में गिरे, और झाड़ियों ने बढ़कर उन्हें दबा डाला।
Matthew 13:8 पर कुछ अच्छी भूमि पर गिरे, और फल लाए, कोई सौ गुना, कोई साठ गुना, कोई तीस गुना।
Matthew 13:9 जिस के कान हों वह सुन ले।
Matthew 13:18 सो तुम बोने वाले का दृष्‍टान्‍त सुनो।
Matthew 13:19 जो कोई राज्य का वचन सुनकर नहीं समझता, उसके मन में जो कुछ बोया गया था, उसे वह दुष्‍ट आकर छीन ले जाता है; यह वही है, जो मार्ग के किनारे बोया गया था।
Matthew 13:20 और जो पत्थरीली भूमि पर बोया गया, यह वह है, जो वचन सुनकर तुरन्त आनन्द के साथ मान लेता है।
Matthew 13:21 पर अपने में जड़ न रखने के कारण वह थोड़े ही दिन का है, और जब वचन के कारण क्‍लेश या उपद्रव होता है, तो तुरन्त ठोकर खाता है।
Matthew 13:22 जो झाड़ियों में बोया गया, यह वह है, जो वचन को सुनता है, पर इस संसार की चिन्‍ता और धन का धोखा वचन को दबाता है, और वह फल नहीं लाता।
Matthew 13:23 जो अच्छी भूमि में बोया गया, यह वह है, जो वचन को सुनकर समझता है, और फल लाता है कोई सौ गुना, कोई साठ गुना, कोई तीस गुना।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 6-7 
  • 2 कुरिन्थियों 2


रविवार, 8 सितंबर 2013

समय

   सन 1876 में हेनरी क्ले वर्क ने एक गीत लिखा था "My Grandfather's Clock" (मेरे दादा की घड़ी)। इस गीत में दादाजी की घड़ी के बारे में बताया गया है जो अपने स्वामी के जीवन भर विश्वासयोग्यता के साथ चलती रही। गीत के बोलों में उस स्वामी का बचपन, व्यसक काल और फिर बुढ़ापा, इस घड़ी के संदर्भ में बताए गए हैं। इस गीत का कोरस इस प्रकार से है:
नव्वे वर्ष बिना रुके
टिक, टॉक, टिक, टॉक
उनके जीवन के क्षण गिनती रही
टिक, टॉक, टिक, टॉक
लेकिन फिर वह थम गई,
फिर कभी ना चलने के लिए,
जब उस वृद्ध की मृत्यु हो गई।

   घड़ी का अविराल चलते रहना हमें स्मरण दिलाता है कि पृथ्वी पर हमारा समय सीमित ही है। जीवन के आनन्द और तकलीफों के बावजूद समय सदा चलता ही रहता है। एक मसीही विश्वासी के लिए यह अवसर है बुद्धिमानी को प्राप्त करने का। परमेश्वर के वचन बाइबल में भजनकार ने लिखा, "हम को अपने दिन गिनने की समझ दे कि हम बुद्धिमान हो जाएं" (भजन 90:12)।

   अपने दिन गिनते हुए समझदार हो जाने का एक तरीका है अपने आप से कुछ प्रश्न पूछते रहना: मैं मसीह यीशु की समानता में और भी अधिक कैसे बन सकता हूँ? क्या मैं प्रतिदिन परमेश्वर के वचन बाइबल का अध्ययन करता हूँ? क्या मैं नियमित रूप से प्रार्थना के लिए समय देता हूँ? क्या मैं अन्य विश्वासियों के साथ संगति रखता हूँ? इन, और ऐसे ही अन्य प्रश्नों के उत्तर हमें संकेत देंगे की हम मसीह यीशु की समानता में, तथा बुद्धिमानी अर्जित करने में अग्रसर हैं कि नहीं।

   हम जीवन के किसी भी अवस्था में हों - बचपन, लड़कपन, जवानी, अधेड़ उम्र या वृद्धावस्था, विश्वास और बुद्धिमानी में बढ़ते जाने के अवसर सदा आते रहते हैं। जीवन यात्रा की अविराल प्रगति में अपने जीवन के दिन गिनते रहना बुद्धिमानी है।

   आपका समय किन बातों में बीत रहा है? अपनी जीवन यात्रा में आप बुद्धिमानी के किस स्तर पर हैं? - डेनिस फिशर


अपने समय को व्यतीत नहीं, निवेष करें।

हम को अपने दिन गिनने की समझ दे कि हम बुद्धिमान हो जाएं। भजन 90:12

बाइबल पाठ: भजन 90:1-12
Psalms 90:1 हे प्रभु, तू पीढ़ी से पीढ़ी तक हमारे लिये धाम बना है।
Psalms 90:2 इस से पहिले कि पहाड़ उत्पन्न हुए, वा तू ने पृथ्वी और जगत की रचना की, वरन अनादिकाल से अनन्तकाल तक तू ही ईश्वर है।
Psalms 90:3 तू मनुष्य को लौटा कर चूर करता है, और कहता है, कि हे आदमियों, लौट आओ!
Psalms 90:4 क्योंकि हजार वर्ष तेरी दृष्टि में ऐसे हैं, जैसा कल का दिन जो बीत गया, वा रात का एक पहर।
Psalms 90:5 तू मनुष्यों को धारा में बहा देता है; वे स्वप्न से ठहरते हैं, वे भोर को बढ़ने वाली घास के समान होते हैं।
Psalms 90:6 वह भोर को फूलती और बढ़ती है, और सांझ तक कट कर मुर्झा जाती है।
Psalms 90:7 क्योंकि हम तेरे क्रोध से नाश हुए हैं; और तेरी जलजलाहट से घबरा गए हैं।
Psalms 90:8 तू ने हमारे अधर्म के कामों से अपने सम्मुख, और हमारे छिपे हुए पापों को अपने मुख की ज्योति में रखा है।
Psalms 90:9 क्योंकि हमारे सब दिन तेरे क्रोध में बीत जाते हैं, हम अपने वर्ष शब्द की नाईं बिताते हैं।
Psalms 90:10 हमारी आयु के वर्ष सत्तर तो होते हैं, और चाहे बल के कारण अस्सी वर्ष के भी हो जाएं, तौभी उनका घमण्ड केवल नष्ट और शोक ही शोक है; क्योंकि वह जल्दी कट जाती है, और हम जाते रहते हैं।
Psalms 90:11 तेरे क्रोध की शक्ति को और तेरे भय के योग्य तेरे रोष को कौन समझता है?
Psalms 90:12 हम को अपने दिन गिनने की समझ दे कि हम बुद्धिमान हो जाएं।

एक साल में बाइबल: 

  • नीतिवचन 3-5 
  • 2 कुरिन्थियों 1


शनिवार, 7 सितंबर 2013

निष्पक्ष एवं ईमानदार

   बेसबॉल में उच्चतम स्तर की प्रतिस्पर्धा के 135 वर्षीय इतिहास में केवल 20 ही ऐसे गेंदबाज़ हुए हैं जिन्होंने सिद्धतम खेल को खेला है। जून 2, 2010 को डिट्रौइट टाइगर्स के अर्माण्डा गलारागा इस ख्याति को पाने वाले 21वें खिलाड़ी बन गए होते लेकिन अम्पायर की गलती से वे इस ख्याति को पाने से चूक गए, उनका सपना पूरा ना हो सका। विडियो रीप्ले पर देखने से अम्पायर की यह गलती साफ दिखाई दी। बाद में अम्पायर ने भी अपनी गलती स्वीकार करी और अर्माण्डा गलागारा से इसकी क्षमा भी मांगी, लेकिन खेल के दौरान हुई यह चूक बदली नहीं जा सकी। इस पूरे प्रकरण में अर्माण्डा शांत बने रहे, उस अम्पायर के प्रति अपनी सहानुभूति भी जताई, और उसकी आलोचना भी नहीं करी। अर्माण्डा के इस व्यवहार और किसी प्रकार का कोई पलटा ना लेने की भावना से उसके प्रशंसकों, साथी खिलाड़ियों और खेल पत्रकारों को बहुत अचरज हुआ।

   यदि हम अपने साथ निष्पक्षता की आशा रखते हैं तो हमारा ऐसी परिस्थितियों में निराश होकर क्रोधित और कुंठित हो जाना संभव है। किंतु यदि हम परमेश्वर के वचन बाइबल की शिक्षाओं के अनुसार चलते हैं तो हमारी मनोभावना अपनी नहीं वरन दूसरों की भलाई का ध्यान रखने की होती है। बाइबल की नीतिवचन नामक पुस्तक में दी गई शिक्षाओं के विषय में पुस्तक के आरंभ ही में लिखा है: "इनके द्वारा पढ़ने वाला बुद्धि और शिक्षा प्राप्त करे, और समझ की बातें समझे, और काम करने में प्रवीणता, और धर्म, न्याय और सीधाई की शिक्षा पाए" (नीतिवचन 1:2-3)। बाइबल टीकाकार और शिक्षक ओस्वॉल्ड चैम्बर्स ने दूसरे लोगों के साथ व्यवहार के संबंध में कहा, "अपने लिए सदा ही न्याय पाते रहने के इच्छुक मत रहो, किंतु दूसरों को सदा ही न्याय देने से कभी मत चूको; प्रभु यीशु में होने के कारण, जीवन की किसी भी परिस्थिति को दूसरों के साथ अपने संबंधों को बिगाड़ने मत दो"।

   जब हम अन्याय का सामना करें तो मसीह यीशु के अनुयायी होने के कारण यह हमारा कर्तव्य और विशेषाधिकार है कि हम प्रत्युत्तर में बदला लेने की भावना रखने की बजाए निष्पक्ष और ईमानदार होकर वही करते रहें जो उचित, न्यायसंगत और सही है। - डेविड मैक्कैसलैंड


जीवन सदा ही निष्पक्ष नहीं होता, लेकिन हमारा परमेश्वर सदा ही विश्वासयोग्य और सहायक बना रहता है।

बुराई से बैर और भलाई से प्रीति रखो, और फाटक में न्याय को स्थिर करो; क्या जाने सेनाओं का परमेश्वर यहोवा यूसुफ से बचे हुओं पर अनुग्रह करे। - आमोस 5:15

बाइबल पाठ: नीतिवचन 1:1-9
Proverbs 1:1 दाऊद के पुत्र इस्राएल के राजा सुलैमान के नीतिवचन:
Proverbs 1:2 इनके द्वारा पढ़ने वाला बुद्धि और शिक्षा प्राप्त करे, और समझ की बातें समझे,
Proverbs 1:3 और काम करने में प्रवीणता, और धर्म, न्याय और सीधाई की शिक्षा पाए;
Proverbs 1:4 कि भोलों को चतुराई, और जवान को ज्ञान और विवेक मिले;
Proverbs 1:5 कि बुद्धिमान सुन कर अपनी विद्या बढ़ाए, और समझदार बुद्धि का उपदेश पाए,
Proverbs 1:6 जिस से वे नितिवचन और दृष्टान्त को, और बुद्धिमानों के वचन और उनके रहस्यों को समझें।
Proverbs 1:7 यहोवा का भय मानना बुद्धि का मूल है; बुद्धि और शिक्षा को मूढ़ ही लोग तुच्छ जानते हैं।
Proverbs 1:8 हे मेरे पुत्र, अपने पिता की शिक्षा पर कान लगा, और अपनी माता की शिक्षा को न तज;
Proverbs 1:9 क्योंकि वे मानो तेरे सिर के लिये शोभायमान मुकुट, और तेरे गले के लिये कन्ठ माला होंगी।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 1-2 
  • 1 कुरिन्थियों 16