ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 14 जुलाई 2017

सहकर्मी


   18वीं शताब्दी के अन्त की ओर विलियम केरी को मिशनरी होकर भारत जाने और प्रभु यीशु का सुसमाचार सुनाने के लिए परमेश्वर की बुलाहट की अनुभूति हुई। उसके आस-पास के पादरियों ने उसका उपहास किया और कहा: "हे जवान, यदि परमेश्वर भारत में किसी को बचाना चाहगा तो वो यह कार्य बिना हमारे या तुम्हारे करने में सक्षम है।" उपहास करने वाले यह भूल गए थे कि परमेश्वर पृथ्वी पर हमारे बिना बहुत ही कम करता है। उसके लगभग सभी कार्य मनुष्यों में होकर, उनके द्वारा किए जाते हैं। परमेश्वर ही मनुष्यों को बुलाकर अपनी सेवकाई के लिए तैयार करता है, और आवश्यक संसाधनों का प्रबंध करके उन्हें उस सेवकाई के लिए भेजता है।

   पृथ्वी पर परमेश्वर के कार्यों में उसके सहकर्मी होने के नाते हमें इस बात को सुनिश्चित करना है कि हमारे द्वारा उस ही की इच्छा सदा पूरी होती रहे; और हमें अपने आप को पूर्णतया परमेश्वर के प्रति समर्पित कर देना है, चाहे उसके लिए कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े। शिष्यों को प्रार्थना करना सिखाते समय प्रभु यीशु ने उन्हें प्रार्थना में परमेश्वर से यह माँगना सिखाया: "सो तुम इस रीति से प्रार्थना किया करो; हे हमारे पिता, तू जो स्वर्ग में है; तेरा नाम पवित्र माना जाए। तेरा राज्य आए; तेरी इच्छा जैसी स्वर्ग में पूरी होती है, वैसे पृथ्वी पर भी हो। हमारी दिन भर की रोटी आज हमें दे। और जिस प्रकार हम ने अपने अपराधियों को क्षमा किया है, वैसे ही तू भी हमारे अपराधों को क्षमा कर। और हमें परीक्षा में न ला, परन्तु बुराई से बचा; क्योंकि राज्य और पराक्रम और महिमा सदा तेरे ही हैं।” आमीन" (मत्ती 6:9-13)। प्रभु द्वारा सिखाई गई प्रार्थना के यह शब्द मात्र शान्त निवेदन नहीं हैं, वरन पवित्र माँगें हैं - हमें न्याय दीजिए! संसार को सही कीजिए!

   हमें और परमेश्वर को पृथ्वी पर भिन्न भूमिकाएं निभानी हैं। हमारी भूमिका है कि हम प्रभु यीशु के पदचिन्हों पर चलें और अपने कर्मों तथा प्रार्थनाओं द्वारा उसके स्वर्गीय राज्य के लिए कार्य करें। जैसा प्रेरित पौलुस परमेश्वर के वचन बाइबल में कुलुस्से के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में कहता है हम पृथ्वी पर मसीह की देह हैं (कुलुस्सियों 1:24), और प्रभु अपनी देह के द्वारा अपने कार्य करता है। जिनकी हम सेवा करते हैं, हम में होकर मसीह यीशु भी उनकी सेवा करता है। जब हम दुःखियों की ओर हाथ बढ़ाकर उनसे दया और करुणा का व्यवहार करते हैं, वे बढ़े हुए हाथ मसीह यीशु के भी होते हैं। परमेश्वर हम मसीही विश्वासियों में होकर कार्य करता है, हमें अपना सहकर्मी बनाता है। - फिलिप यैन्सी


परमेश्वर से महान अपेक्षाएं रखें; 
परमेश्वर के लिए महान कार्य करने के प्रयास करें। - विलियम केरी

क्योंकि हम परमेश्वर के सहकर्मी हैं; तुम परमेश्वर की खेती और परमेश्वर की रचना हो। - 1 कुरिन्थियों 3:9

बाइबल पाठ: 1 कुरिन्थियों 1:24-31
1 Corinthians 1:24 परन्तु जो बुलाए हुए हैं क्या यहूदी, क्या यूनानी, उन के निकट मसीह परमेश्वर की सामर्थ, और परमेश्वर का ज्ञान है। 
1 Corinthians 1:25 क्योंकि परमेश्वर की मूर्खता मनुष्यों के ज्ञान से ज्ञानवान है; और परमेश्वर की निर्बलता मनुष्यों के बल से बहुत बलवान है।
1 Corinthians 1:26 हे भाइयो, अपने बुलाए जाने को तो सोचो, कि न शरीर के अनुसार बहुत ज्ञानवान, और न बहुत सामर्थी, और न बहुत कुलीन बुलाए गए। 
1 Corinthians 1:27 परन्तु परमेश्वर ने जगत के मूर्खों को चुन लिया है, कि ज्ञान वालों को लज्ज़ित करे; और परमेश्वर ने जगत के निर्बलों को चुन लिया है, कि बलवानों को लज्ज़ित करे। 
1 Corinthians 1:28 और परमेश्वर ने जगत के नीचों और तुच्‍छों को, वरन जो हैं भी नहीं उन को भी चुन लिया, कि उन्हें जो हैं, व्यर्थ ठहराए। 
1 Corinthians 1:29 ताकि कोई प्राणी परमेश्वर के साम्हने घमण्‍ड न करने पाए। 
1 Corinthians 1:30 परन्तु उसी की ओर से तुम मसीह यीशु में हो, जो परमेश्वर की ओर से हमारे लिये ज्ञान ठहरा अर्थात धर्म, और पवित्रता, और छुटकारा। 
1 Corinthians 1:31 ताकि जैसा लिखा है, वैसा ही हो, कि जो घमण्‍ड करे वह प्रभु में घमण्‍ड करे।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 10-12
  • प्रेरितों 19:1-20


गुरुवार, 13 जुलाई 2017

कोई भय नहीं


   मुझे प्रभु यीशु के संपर्क में लाने वाले व्यक्ति फ्रांसिस एलेन थे, और अब वह समय निकट था जब फ्रांसिस को प्रभु यीशु से साक्षात मिलना था। उनके अन्त समय पर मैं उनके घर में ही था, और अलविदा के साथ ही मैं उन से कुछ ऐसा भी कहना चाहता था जो यादगार और सार्थक हो। लगभग एक घंटे तक मैं उनके बिस्तर के किनारे खड़ा रहा। मेरे द्वारा अपने विषय में सुनाई जाने वाली कहानियों को सुनकर वे ज़ोर से हंसते रहे। फिर वे थक गए, और हम गंभीर हो गए, और उन्होंने अपनी शेष शक्ति मेरे जीवन में उन्हें अभी भी दिखने वाले खुरदरे किनारों को संवारने में लगाई। मैं सुनता रहा और उनसे अलविदा के लिए कुछ कहने का प्रयास करता रहा।

   मुझे कुछ कह पाने का अवसर मिलने से पहले ही उन्होंने मुझे रोक दिया, और बोले, "रैंडी, जो मैंने तुम्हें सिखाया है उसे सदा स्मरण रखना। हमें जीवन की कहानी से कोई भय नहीं है क्योंकि हम जानते हैं कि उसका अन्त कैसे होगा। मुझे किसी बात का कोई भय नहीं है; तुम बस जाकर वह करो जो मैंने तुम्हें सिखाया है।" उनके ये चुनौती भरे शब्द मुझे प्रेरित पौलुस द्वारा परमेश्वर के वचन बाइबल में फिलिप्पी के विश्वासियों को कहे गए शब्दों की याद दिलाते हैं। पौलुस ने फिलिप्पी के मसीही विश्वासियों से कहा: "जो बातें तुम ने मुझ से सीखीं, और ग्रहण की, और सुनी, और मुझ में देखीं, उन्‍हीं का पालन किया करो, तब परमेश्वर जो शान्‍ति का सोता है तुम्हारे साथ रहेगा" (फिलिप्पियों 4:9)।

   अपने जीवन के अन्तिम दिन में भी फ्रांसिस की आँखों में वही चमक थी जो तब थी जब मैं पहली बार उनसे मिला था। उनके मन में कोई भय नहीं था। मैं जो लिखता हूँ, जो कहानियाँ बताता हूँ और लोगों के मध्य जो सेवकाई करता हूँ, उन सब में फ्रांसिस का स्पर्श होता है।

   अपनी जीवन यात्रा में हम उन्हें कभी न भूलें जिन्होंने हमें आत्मिक जीवन में प्रोत्साहित किया है; हमारे जीवनों में जिनके परिश्रम के कारण आज अपने भविष्य को लेकर हमारे जीवनों में भी कोई भय नहीं है। - रैंडी किलगोर


ऐसे जीओ कि जब लोग आपको जानें तो वे मसीह यीशु को भी जानना चाहें।

मत डर, क्योंकि मैं तेरे संग हूं, इधर उधर मत ताक, क्योंकि मैं तेरा परमेश्वर हूं; मैं तुझे दृढ़ करूंगा और तेरी सहायता करूंगा, अपने धर्ममय दाहिने हाथ से मैं तुझे सम्हाले रहूंगा। - यशायाह 41:10

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 4:1-9
Philippians 4:1 इसलिये हे मेरे प्रिय भाइयों, जिन में मेरा जी लगा रहता है जो मेरे आनन्द और मुकुट हो, हे प्रिय भाइयो, प्रभु में इसी प्रकार स्थिर रहो।
Philippians 4:2 मैं यूओदिया को भी समझाता हूं, और सुन्‍तुखे को भी, कि वे प्रभु में एक मन रहें। 
Philippians 4:3 और हे सच्चे सहकर्मी मैं तुझ से भी बिनती करता हूं, कि तू उन स्‍त्रियों की सहयता कर, क्योंकि उन्होंने मेरे साथ सुसमाचार फैलाने में, क्‍लेमेंस और मेरे उन और सहकिर्मयों समेत परिश्रम किया, जिन के नाम जीवन की पुस्‍तक में लिखे हुए हैं। 
Philippians 4:4 प्रभु में सदा आनन्‍दित रहो; मैं फिर कहता हूं, आनन्‍दित रहो। 
Philippians 4:5 तुम्हारी कोमलता सब मनुष्यों पर प्रगट हो: प्रभु निकट है। 
Philippians 4:6 किसी भी बात की चिन्‍ता मत करो: परन्तु हर एक बात में तुम्हारे निवेदन, प्रार्थना और बिनती के द्वारा धन्यवाद के साथ परमेश्वर के सम्मुख अपस्थित किए जाएं। 
Philippians 4:7 तब परमेश्वर की शान्‍ति, जो समझ से बिलकुल परे है, तुम्हारे हृदय और तुम्हारे विचारों को मसीह यीशु में सुरिक्षत रखेगी।
Philippians 4:8 निदान, हे भाइयों, जो जो बातें सत्य हैं, और जो जो बातें आदरणीय हैं, और जो जो बातें उचित हैं, और जो जो बातें पवित्र हैं, और जो जो बातें सुहावनी हैं, और जो जो बातें मनभावनी हैं, निदान, जो जो सदगुण और प्रशंसा की बातें हैं, उन्‍हीं पर ध्यान लगाया करो। 
Philippians 4:9 जो बातें तुम ने मुझ से सीखीं, और ग्रहण की, और सुनी, और मुझ में देखीं, उन्‍हीं का पालन किया करो, तब परमेश्वर जो शान्‍ति का सोता है तुम्हारे साथ रहेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 7-9
  • प्रेरितों 18


बुधवार, 12 जुलाई 2017

दृष्टि


   लेखक विलियम ज़िंस्सर ने उस स्थान की, जहाँ वे बड़े हुए थे और जिस स्थान को वे बहुत पसन्द करते थे, अपने अन्तिम बार देखने जाने के बारे में लिखा। जब वे और उनकी पत्नि उस पहाड़ी पर पहुँचे जहाँ उनका घर हुआ करता था, और जिस की दीवार से समुद्रतट का दृश्य दिखता था, उन्हें पता चला कि उनका घर गिरा दिया गया है। जो शेष रह गया था वह केवल एक बड़ा गड्ढ़ा था। निराश होकर वे चलकर निकट की दीवार पर गए, और दीवार से समुद्रतट को और वहाँ हो रही चहल-पहल को देखने लगे। बाद में उन्होंने अपने इस अनुभव के बारे में लिखा, "मैं शान्त था, और थोड़ा ही उदास हुआ। दीवार से दिखने वाला दृश्य अभी भी पहले के समान ही था - वैसा ही जैसा मैं बचपन में देखा करता था; जिसे मैं अभी तक नहीं भूला था और जिसके सपने मैं देखा करता था।"

   परमेश्वर के वचन बाइबल में भजनकार ने एक कठिन समय का वर्णन किया जब उसका मन शान्त नहीं हो पा रहा था और उसकी आत्मा अभिभूत थी (भजन 77:2-3)। परन्तु इन विचलित करने वाली बातों के मध्य में उसने अपना ध्यान उदासी से हटाकर अपने उद्धारकर्ता की ओर किया, और कहा, "मैं याह के बड़े कामों की चर्चा करूंगा; निश्चय मैं तेरे प्राचीन काल वाले अद्भुत कामों को स्मरण करूंगा" (पद 11)।

   निराशाओं का सामना करते समय, हम अपनी दृष्टि या तो अपनी परिस्थितियों और अपनी हानि पर लगाए रख सकते हैं, या फिर अपनी दृष्टि को परमेश्वर की ओर लगा सकते हैं। परमेश्वर हमें निमंत्रण देता है कि हम अपनी दृष्टि उसकी ओर लगाएं, उसकी भलाई की पहुँच, हमारे साथ बनी रहने वाली उसकी सदा की उपस्थिति और उसके शाश्वत प्रेम पर अपना ध्यान केंद्रित रखें। डेविड मैक्कैसलैंड


परमेश्वर की भलाई में विश्वास रखने से आशा जीवित बनी रहती है।

उसके किए हुए आश्चर्यकर्म स्मरण करो, उसके चमत्कार और निर्णय स्मरण करो! - भजन 105:5

बाइबल पाठ: भजन 77:1-15
Psalms 77:1 मैं परमेश्वर की दोहाई चिल्ला चिल्लाकर दूंगा, मैं परमेश्वर की दोहाई दूंगा, और वह मेरी ओर कान लगाएगा। 
Psalms 77:2 संकट के दिन मैं प्रभु की खोज में लगा रहा; रात को मेरा हाथ फैला रहा, और ढीला न हुआ, मुझ में शांति आई ही नहीं। 
Psalms 77:3 मैं परमेश्वर का स्मरण कर कर के करहाता हूं; मैं चिन्ता करते करते मूर्छित हो चला हूं। (सेला) 
Psalms 77:4 तू मुझे झपक्की लगने नहीं देता; मैं ऐसा घबराया हूं कि मेरे मुंह से बात नहीं निकलती। 
Psalms 77:5 मैंने प्राचीन काल के दिनों को, और युग युग के वर्षों को सोचा है। 
Psalms 77:6 मैं रात के समय अपने गीत को स्मरण करता; और मन में ध्यान करता हूं, और मन में भली भांति विचार करता हूं: 
Psalms 77:7 क्या प्रभु युग युग के लिये छोड़ देगा; और फिर कभी प्रसन्न न होगा? 
Psalms 77:8 क्या उसकी करूणा सदा के लिये जाती रही? क्या उसका वचन पीढ़ी पीढ़ी के लिये निष्फल हो गया है? 
Psalms 77:9 क्या ईश्वर अनुग्रह करना भूल गया? क्या उसने क्रोध कर के अपनी सब दया को रोक रखा है? (सेला) 
Psalms 77:10 मैने कहा यह तो मेरी दुर्बलता ही है, परन्तु मैं परमप्रधान के दाहिने हाथ के वर्षों को विचारता हूं। 
Psalms 77:11 मैं याह के बड़े कामों की चर्चा करूंगा; निश्चय मैं तेरे प्राचीन काल वाले अद्भुत कामों को स्मरण करूंगा। 
Psalms 77:12 मैं तेरे सब कामों पर ध्यान करूंगा, और तेरे बड़े कामों को सोचूंगा। 
Psalms 77:13 हे परमेश्वर तेरी गति पवित्रता की है। कौन सा देवता परमेश्वर के तुल्य बड़ा है? 
Psalms 77:14 अद्भुत काम करने वाला ईश्वर तू ही है, तू ने अपने देश देश के लोगों पर अपनी शक्ति प्रगट की है। 
Psalms 77:15 तू ने अपने भुजबल से अपनी प्रजा, याकूब और यूसुफ के वंश को छुड़ा लिया है। 

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 4-6
  • प्रेरितों 17:16-34


मंगलवार, 11 जुलाई 2017

मरुस्थल


   सूखे, धूल भरे, खतरनाक - मरुस्थल - ऐसे स्थान जहाँ जीवन देने वाला जल कम, और वातावरण जीवन के प्रतिकूल होता है। इसलिए इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है कि किसी ऐसे स्थान को जहाँ पर जीवन नहीं है मरुस्थल के समान कहा जाता है। ऐसे स्थानों पर जीवन बहुत कठिन होता है, बहुत कम लोग वहाँ रहना चाहते हैं; परन्तु कभी-कभी हम ऐसे स्थानों से बच नहीं पाते हैं।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में, परमेश्वर के लोग मरुस्थल के जीवन से परिचित थे। इस्त्राएल सहित अधिकांश मध्य-पूर्व, मरुस्थल है। परन्तु यहाँ पर भी हरियाले अपवाद होते हैं; जैसे कि यरदन घाटी और गलील की झील के आस-पास के इलाके। परमेश्वर ने "अपने परिवार" का पालन-पोषण ऐसे ही स्थान पर करने का निर्णय लिया, ऐसा स्थान जो निर्जन स्थान से घिरा हुआ है, ऐसा स्थान जहाँ वह अपने बच्चों पर अपनी भलाई प्रकट कर सकता है, जब वे अपनी सुरक्षा और प्रतिदिन के भोजन के लिए उस पर निर्भर रहें (यशायाह 48:16-22)।

   आज हम में से अधिकांश जन यथार्थ में किसी मरुस्थल में नहीं रहते हैं, परन्तु हम में से लगभग सभी, कभी-न-कभी अपने जीवनों में मरुस्थल के सूखेपन और अकेलेपन से होकर निकलते हैं। ऐसे अनुभवों से कभी तो हमें न चाहते हुए भी मजबूरी में होकर निकलना पड़ता है, और कभी आज्ञाकारिता निभाने के लिए। जब कोई हमें छोड़ दे, या हमारे शरीर किसी रोग से ग्रसित हो जाएं, हम ऐसी परिस्थितियों में आ जाते हैं जहाँ संसाधन कम और जीवन कठिन हो जाता है।

   परन्तु चाहे वास्तव में अथवा आलंकारिक रीति से, मरुस्थल से होकर निकलना हमें स्मरण दिलाता है कि हम अपने भरण-पोषण के लिए परमेश्वर पर निर्भर हैं; उस ही की दया और कृपदृष्टि हमारी प्रत्येक आवश्यकता की पूर्ति करती है। मरुस्थल का यह पाठ हमें अपने समृद्धि और बहुतायत के समयों में भी कभी भूलना नहीं चाहिए। - जूली ऐकैरमैन लिंक


प्रत्येक मरुस्थल में परमेश्वर अपने अनुग्रह का मरुद्द्यान उपलब्ध करवा सकता है।

जब दीन और दरिद्र लोग जल ढूंढ़ने पर भी न पाएं और उनका तालू प्यास के मारे सूख जाए; मैं यहोवा उनकी बिनती सुनूंगा, मैं इस्राएल का परमेश्वर उन को त्याग न दूंगा मैं मुण्डे टीलों से भी नदियां और मैदानों के बीच में सोते बहऊंगा; मैं जंगल को ताल और निर्जल देश को सोते ही सोते कर दूंगा। - यशायाह 41:17-18

बाइबल पाठ: यशायाह 48:16-22
Isaiah 48:16 मेरे निकट आकर इस बात को सुनो: आदि से ले कर अब तक मैं ने कोई भी बात गुप्त में नहीं कही; जब से वह हुआ तब से मैं वहां हूं। और अब प्रभु यहोवा ने और उसकी आत्मा ने मुझे भेज दिया है।
Isaiah 48:17 यहोवा जो तेरा छुड़ाने वाला और इस्राएल का पवित्र है, वह यों कहता है, मैं ही तेरा परमेश्वर यहोवा हूं जो तुझे तेरे लाभ के लिये शिक्षा देता हूं, और जिस मार्ग से तुझे जाना है उसी मार्ग पर तुझे ले चलता हूं। 
Isaiah 48:18 भला होता कि तू ने मेरी आज्ञाओं को ध्यान से सुना होता! तब तेरी शान्ति नदी के समान और तेरा धर्म समुद्र की लहरों के नाईं होता; 
Isaiah 48:19 तेरा वंश बालू के किनकों के तुल्य होता, और तेरी निज सन्तान उसके कणों के समान होती; उनका नाम मेरे सम्मुख से न कभी काटा और न मिटाया जाता।
Isaiah 48:20 बाबुल में से निकल जाओ, कसदियों के बीच में से भाग जाओ; जयजयकार करते हुए इस बात को प्रचार कर के सुनाओ, पृथ्वी की छोर तक इसकी चर्चा फैलाओ; कहते जाओ कि यहोवा ने अपने दास याकूब को छुड़ा लिया है! 
Isaiah 48:21 जब वह उन्हें निर्जल देशों में ले गया, तब वे प्यासे न हुए; उसने उनके लिये चट्टान में से पानी निकाला; उसने चट्टान को चीरा और जल बह निकला। 
Isaiah 48:22 दुष्टों के लिये कुछ शान्ति नहीं, यहोवा का यही वचन है। 

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 1-3
  • प्रेरितों 17:1-15


सोमवार, 10 जुलाई 2017

भार


   आप एक साइकिल के साथ जो ढो सकते हैं वह अद्भुत है। एक औसत व्यसक साइकिल से जुड़े विशेष ट्रेलर और कुछ निश्चय के साथ 300 पाउंड का भार 10 मील प्रति घंटा की रफतार से ले जा सकता है। लेकिन एक समस्या है; जितना अधिक भार ढोने का प्रयास करेंगे, रफतार उतनी ही धीमी होती जाएगी। यदि 600 पाउंड का भार ढोना हो तो केवल 8 मील प्रति घंटा की रफतार से ही चलने पाएंगे।

   परमेश्वर के वचन बाइबल का एक प्रमुख पात्र मूसा, जब इस्त्राएलियों को मिस्त्र की गुलामी से निकाल कर कनान देश की ओर उन्हें लेकर चला, तो उसे एक अन्य ही प्रकार का भार उठाना पड़ रहा था - भावनात्मक भार, जिसने उसे जड़ कर दिया था। वे इस्त्राएली थोड़े-थोड़े समय में अनेकों बातों के लिए कुड़कुड़ाते और परमेश्वर तथा मूसा पर दोषारोपण करते रहते थे; साथ ही मूसा को उनके व्यक्तिगत वाद-विवाद भी सुलझाते रहना पड़ता था। उनके विलाप और शिकायतों को सुनते-सुनते मूसा अघा गया, और थक कर उसने परमेश्वर से कहा, "मैं अकेला इन सब लोगों का भार नहीं सम्भाल सकता, क्योंकि यह मेरी शक्ति के बाहर है" (गिनती 11:14)।

   अपने आप में मूसा इस समस्या का समाधान पाने में असक्षम था। परन्तु परमेश्वर ने मूसा से कहा कि वह 70 लोगों को अपने साथ खड़े होने तथा उसके भार को बाँटने के लिए चुने: "...वे इन लोगों का भार तेरे संग उठाए रहेंगे, और तुझे उसको अकेले उठाना न पड़ेगा" (पद 17)।

   मसीह यीशु के अनुयायी होने के कारण हमें भी अपने भार अकेले उठाते रहने की आवश्यकता नहीं है। हमारे साथ हमारा प्रभु सदैव बना रहता है, और वह सदा हमारी सहायता के लिए तत्पर और तैयार रहता है। उसने अपनी मण्डली में हमें ऐसे भाई-बहन दिए हैं जो हमारा भार उठाने में हमारे सहायक हो सकते हैं। जब हम अपने भार उसे सौंपते हैं, तो वह हमें आवश्यक बुद्धिमानी और सहायता भी देता है कि उस भार को उठाया जा सके। - जेनिफर बेन्सन शुल्ट


परमेश्वर की सहायता केवल प्रार्थना की दूरी पर उपलब्ध रहती है।

हे सब परिश्रम करने वालों और बोझ से दबे लोगों, मेरे पास आओ; मैं तुम्हें विश्राम दूंगा। - मत्ती 11:28 

बाइबल पाठ: गिनती 11:1-17
Numbers 11:1 फिर वे लोग बुड़बुड़ाने और यहोवा के सुनते बुरा कहने लगे; निदान यहोवा ने सुना, और उसका कोप भड़क उठा, और यहोवा की आग उनके मध्य जल उठी, और छावनी के एक किनारे से भस्म करने लगी। 
Numbers 11:2 तब मूसा के पास आकर चिल्लाए; और मूसा ने यहोवा से प्रार्थना की, तब वह आग बुझ गई, 
Numbers 11:3 और उस स्थान का नाम तबेरा पड़ा, क्योंकि यहोवा की आग उन में जल उठी थी।
Numbers 11:4 फिर जो मिली-जुली भीड़ उनके साथ थी वह कामुकता करने लगी; और इस्त्राएली भी फिर रोने और कहने लगे, कि हमें मांस खाने को कौन देगा। 
Numbers 11:5 हमें वे मछलियां स्मरण हैं जो हम मिस्र में सेंत-मेंत खाया करते थे, और वे खीरे, और खरबूजे, और गन्दने, और प्याज, और लहसुन भी; 
Numbers 11:6 परन्तु अब हमारा जी घबरा गया है, यहां पर इस मन्ना को छोड़ और कुछ भी देख नहीं पड़ता। 
Numbers 11:7 मन्ना तो धनिये के समान था, और उसका रंग रूप मोती का सा था। 
Numbers 11:8 लोग इधर उधर जा कर उसे बटोरते, और चक्की में पीसते वा ओखली में कूटते थे, फिर तसले में पकाते, और उसके फुलके बनाते थे; और उसका स्वाद तेल में बने हुए पुए का सा था। 
Numbers 11:9 और रात को छावनी में ओस पड़ती थी तब उसके साथ मन्ना भी गिरता था। 
Numbers 11:10 और मूसा ने सब घरानों के आदमियों को अपने अपने डेरे के द्वार पर रोते सुना; और यहोवा का कोप अत्यन्त भड़का, और मूसा को भी बुरा मालूम हुआ। 
Numbers 11:11 तब मूसा ने यहोवा से कहा, तू अपने दास से यह बुरा व्यवहार क्यों करता है? और क्या कारण है कि मैं ने तेरी दृष्टि में अनुग्रह नहीं पाया, कि तू ने इन सब लोगों का भार मुझ पर डाला है? 
Numbers 11:12 क्या ये सब लोग मेरे ही कोख में पड़े थे? क्या मैं ही ने उन को उत्पन्न किया, जो तू मुझ से कहता है, कि जैसे पिता दूध पीते बालक को अपनी गोद में उठाए उठाए फिरता है, वैसे ही मैं इन लोगों को अपनी गोद में उठा कर उस देश में ले जाऊं, जिसके देने की शपथ तू ने उनके पूर्वजों से खाई है? 
Numbers 11:13 मुझे इतना मांस कहां से मिले कि इन सब लोगों को दूं? ये तो यह कह कहकर मेरे पास रो रहे हैं, कि तू हमे मांस खाने को दे। 
Numbers 11:14 मैं अकेला इन सब लोगों का भार नहीं सम्भाल सकता, क्योंकि यह मेरी शक्ति के बाहर है। 
Numbers 11:15 और जो तुझे मेरे साथ यही व्यवहार करना है, तो मुझ पर तेरा इतना अनुग्रह हो, कि तू मेरे प्राण एकदम ले ले, जिस से मैं अपनी दुर्दशा न देखने पाऊं।
Numbers 11:16 यहोवा ने मूसा से कहा, इस्त्राएली पुरनियों में से सत्तर ऐसे पुरूष मेरे पास इकट्ठे कर, जिन को तू जानता है कि वे प्रजा के पुरनिये और उनके सरदार हैं; और मिलापवाले तम्बू के पास ले आ, कि वे तेरे साथ यहां खड़े हों। 
Numbers 11:17 तब मैं उतरकर तुझ से वहां बातें करूंगा; और जो आत्मा तुझ में है उस में से कुछ ले कर उन में समवाऊंगा; और वे इन लोगों का भार तेरे संग उठाए रहेंगे, और तुझे उसको अकेले उठाना न पड़ेगा। 

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 41-42
  • प्रेरितों 16:22-40


रविवार, 9 जुलाई 2017

अनुग्रह


   कुछ वर्ष पहले, उस समय अमेरिका की सेना में द्वितीय स्थान पर आसीन, चार सितारा जनरल पीटर चियारेली को एक औपचारिक भोज में राष्ट्रपति की एक वरिष्ठ सलाहाकार ने गलती से वेटर समझ लिया। अपनी वर्दी पहने हुए जनरल पीटर उसके पीछे ही खड़े थे और उस सलाहकार ने उनसे उसके लिए कुछ पीने के लिए लाने को कहा। लेकिन तुरंत ही उसे अपनी गलती का एहसास हुआ, और जनरल ने उसकी शर्मिंदगी को घटाने के लिए हंसते हुए उसके ग्लास में पेय डाला, और उसे निमंत्रण भी दिया कि वह उनके परिवार के साथ भोजन करने कभी उनके घर पर आए।

   शब्द अनुग्रहकारी, अनुग्रह शब्द से आया है, और उसका अर्थ होता है दया या कृपा का कार्य करने वाला, जैसा कि जनरल ने उस सलाहकार के साथ किया। लेकिन मसीह यीशु के अनुयायियों के लिए इसका इससे भी गहरा अर्थ होता है। परमेश्वर का वचन बाइबल हमें बताती है कि हम उसके सर्वथा अयोग्य होने के बावजूद भी सेंत-मेंत में परमेश्वर की अद्भुत और महान कृपा, उसके अनुग्रह के पात्र हुए हैं, जिसे परमेश्वर ने हमें अपने पुत्र प्रभु यीशु मसीह में होकर प्रदान किया है (इफिसियों 2:8)।

   क्योंकि हमने अनुग्रह पाया है, हमें इसे दूसरों के साथ अपने व्यवहार में भी प्रदर्शित करना है, जैसे कि उनसे होने वाले वार्तालाप में अनुग्रह से भरे शब्द बोलने हैं, "बुद्धिमान के वचनों के कारण अनुग्रह होता है, परन्तु मूर्ख अपने वचनों के द्वारा नाश होते हैं" (सभोपदेशक 10:12)। हमारे हृदय में रहने वाला अनुग्रह हमारे शब्दों और कार्यों के द्वारा प्रकट होता है (कुलुस्सियों 3:16-17)।

   भेंट में मिले अनुग्रह को दूसरों तक पहुँचाना पवित्र-आत्मा से भरे मसीही अनुयायी के जीवन का लक्षण है। जैसे मसीह ने हम पर अनुग्रह किया, हमे औरों पर करना है। - सिंडी हैस कैसपर


हृदय में विद्यमान परमेश्वर का अनुग्रह जीवन में भले कार्य उत्पन्न करता है।

मसीह के वचन को अपने हृदय में अधिकाई से बसने दो; और सिद्ध ज्ञान सहित एक दूसरे को सिखाओ, और चिताओ, और अपने अपने मन में अनुग्रह के साथ परमेश्वर के लिये भजन और स्‍तुतिगान और आत्मिक गीत गाओ। और वचन से या काम से जो कुछ भी करो सब प्रभु यीशु के नाम से करो, और उसके द्वारा परमेश्वर पिता का धन्यवाद करो। - कुलुस्सियों 3:16-17

बाइबल पाठ: इफिसियों 2:1-10
Ephesians 2:1 और उसने तुम्हें भी जिलाया, जो अपने अपराधों और पापों के कारण मरे हुए थे। 
Ephesians 2:2 जिन में तुम पहिले इस संसार की रीति पर, और आकाश के अधिकार के हाकिम अर्थात उस आत्मा के अनुसार चलते थे, जो अब भी आज्ञा न मानने वालों में कार्य करता है। 
Ephesians 2:3 इन में हम भी सब के सब पहिले अपने शरीर की लालसाओं में दिन बिताते थे, और शरीर, और मन की मनसाएं पूरी करते थे, और और लोगों के समान स्‍वभाव ही से क्रोध की सन्तान थे। 
Ephesians 2:4 परन्तु परमेश्वर ने जो दया का धनी है; अपने उस बड़े प्रेम के कारण, जिस से उसने हम से प्रेम किया। 
Ephesians 2:5 जब हम अपराधों के कारण मरे हुए थे, तो हमें मसीह के साथ जिलाया; (अनुग्रह ही से तुम्हारा उद्धार हुआ है)। 
Ephesians 2:6 और मसीह यीशु में उसके साथ उठाया, और स्‍वर्गीय स्थानों में उसके साथ बैठाया। 
Ephesians 2:7 कि वह अपनी उस कृपा से जो मसीह यीशु में हम पर है, आने वाले समयों में अपने अनुग्रह का असीम धन दिखाए। 
Ephesians 2:8 क्योंकि विश्वास के द्वारा अनुग्रह ही से तुम्हारा उद्धार हुआ है, और यह तुम्हारी ओर से नहीं, वरन परमेश्वर का दान है। 
Ephesians 2:9 और न कर्मों के कारण, ऐसा न हो कि कोई घमण्‍ड करे। 
Ephesians 2:10 क्योंकि हम उसके बनाए हुए हैं; और मसीह यीशु में उन भले कामों के लिये सृजे गए जिन्हें परमेश्वर ने पहिले से हमारे करने के लिये तैयार किया। 

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 38-40
  • प्रेरितों 16:1-21


शनिवार, 8 जुलाई 2017

साधारण लोग


   परमेश्वर के वचन बाइबल में न्यायियों की पुस्तक के 6 अध्याय में दर्ज गिदोन की कहानी मुझे प्रेरणा देती है। गिदोन एक किसान था, और स्वभाव से डरपोक भी। जब परमेश्वर ने गिदोन से कहा कि वह इस्त्राएलियों को मिदियानियों के हाथों से छुड़ाए तो गिदोन की प्रतिक्रिया थी, "हे मेरे प्रभु, बिनती सुन, मैं इस्राएल को क्योंकर छुड़ाऊ? देख, मेरा कुल मनश्शे में सब से कंगाल है, फिर मैं अपने पिता के घराने में सब से छोटा हूं" (न्यायियों 6:15)। लेकिन परमेश्वर ने गिदोन को आश्वस्त किया कि वह उसके साथ रहेगा और परमेश्वर की सहायता से गिदोन वह करने पाएगा जो उसे कहा जा रहा है (पद 16)। गिदोन ने परमेश्वर की बात मानी और उसकी आज्ञाकारिता के कारण इस्त्राएल को विजय मिली, और गिदोन का नाम विश्वास के महान नायकों की सूची में लिखा गया (इब्रानियों 11:32)।

   इस्त्राएलियों को मिदियानियों की प्रबल हाथों से छुड़ाने की इस योजना में कई अन्य लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। परमेश्वर ने गिदोन के साथ 300 और लोगों को खड़ा किया, जो सभी वीर योद्धा थे। हमें उनके नाम तो नहीं बताए गए हैं परन्तु उनकी वीरता और आज्ञाकारिता बाइबल में लिखी गई है (न्यायियों 7:5-23)।

   परमेश्वर आज भी साधारण लोगों को अपने लिए असाधारण कार्य करने के लिए बुला रहा है (1 कुरिन्थियों 1:26-27); उसका वायदा है कि जब हम उसके कहे के अनुसार आगे बढ़ेंगे, तो वह और उसकी सामर्थ्य हम में होकर उन कार्यों को पूरा करेगी। क्योंकि हम परमेश्वर के लिए कार्य करने को आगे आए साधारण लोग हैं, इसलिए यह प्रकट है हमारी अपनी सामर्थ्य या बुद्धिमानी नहीं वरन परमेश्वर की सामर्थ्य और योजना हम में होकर कार्य करेगी, साधारण से असाधारण करवाएगी। परमेश्वर की आज्ञाकारिता में निश्चिंत होकर आगे बढ़ें, और परमेश्वर की महिमा होने का माध्यम बनें। - पो फैंग चिया


परमेश्वर साधारण लोगों में होकर अपने असाधारण कार्य पूरे करता है।

हे भाइयो, अपने बुलाए जाने को तो सोचो, कि न शरीर के अनुसार बहुत ज्ञानवान, और न बहुत सामर्थी, और न बहुत कुलीन बुलाए गए। परन्तु परमेश्वर ने जगत के मूर्खों को चुन लिया है, कि ज्ञान वालों को लज्ज़ित करे; और परमेश्वर ने जगत के निर्बलों को चुन लिया है, कि बलवानों को लज्ज़ित करे। - 1 कुरिन्थियों 1:26-27

बाइबल पाठ: न्यायियों 6:1-16
Judges 6:1 तब इस्राएलियों ने यहोवा की दृष्टि में बुरा किया, इसलिये यहोवा ने उन्हें मिद्यानियों के वश में सात वर्ष कर रखा। 
Judges 6:2 और मिद्यानी इस्राएलियों पर प्रबल हो गए। मिद्यानियों के डर के मारे इस्राएलियों ने पहाड़ों के गहरे खड्डों, और गुफाओं, और किलों को अपने निवास बना लिए। 
Judges 6:3 और जब जब इस्राएली बीज बोते तब तब मिद्यानी और अमालेकी और पूर्वी लोग उनके विरुद्ध चढ़ाई कर के 
Judges 6:4 अज्जा तक छावनी डाल डालकर भूमि की उपज नाश कर डालते थे, और इस्राएलियों के लिये न तो कुछ भोजनवस्तु, और न भेड़-बकरी, और न गाय-बैल, और न गदहा छोड़ते थे। 
Judges 6:5 क्योंकि वे अपने पशुओं और डेरों को लिये हुए चढ़ाई करते, और टिड्डियों के दल के समान बहुत आते थे; और उनके ऊंट भी अनगिनत होते थे; और वे देश को उजाड़ने के लिये उस में आया करते थे। 
Judges 6:6 और मिद्यानियों के कारण इस्राएली बड़ी दुर्दशा में पड़ गए; तब इस्राएलियों ने यहोवा की दोहाई दी।
Judges 6:7 जब इस्राएलियों ने मिद्यानियों के कारण यहोवा की दोहाई दी, 
Judges 6:8 तब यहोवा ने इस्राएलियों के पास एक नबी को भेजा, जिसने उन से कहा, इस्राएल का परमेश्वर यहोवा यों कहता है, कि मैं तुम को मिस्र में से ले आया, और दासत्व के घर से निकाल ले आया; 
Judges 6:9 और मैं ने तुम को मिस्रियों के हाथ से, वरन जितने तुम पर अन्धेर करते थे उन सभों के हाथ से छुड़ाया, और उन को तुम्हारे साम्हने से बरबस निकाल कर उनका देश तुम्हें दे दिया; 
Judges 6:10 और मैं ने तुम से कहा, कि मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूं; एमोरी लोग जिनके देश में तुम रहते हो उनके देवताओं का भय न मानना। परन्तु तुम ने मेरा कहना नहीं माना।
Judges 6:11 फिर यहोवा का दूत आकर उस बांजवृझ के तले बैठ गया, जो ओप्रा में अबीएजेरी योआश का था, और उसका पुत्र गिदोन एक दाखरस के कुण्ड में गेहूं इसलिये झाड़ रहा था कि उसे मिद्यानियों से छिपा रखे। 
Judges 6:12 उसको यहोवा के दूत ने दर्शन देकर कहा, हे शूरवीर सूरमा, यहोवा तेरे संग है। 
Judges 6:13 गिदोन ने उस से कहा, हे मेरे प्रभु, बिनती सुन, यदि यहोवा हमारे संग होता, तो हम पर यह सब विपत्ति क्यों पड़ती? और जितने आश्चर्यकर्मों का वर्णन हमारे पुरखा यह कहकर करते थे, कि क्या यहोवा हम को मिस्र से छुड़ा नहीं लाया, वे कहां रहे? अब तो यहोवा ने हम को त्याग दिया, और मिद्यानियों के हाथ कर दिया है। 
Judges 6:14 तब यहोवा ने उस पर दृष्टि कर के कहा, अपनी इसी शक्ति पर जा और तू इस्राएलियों को मिद्यानियों के हाथ से छुड़ाएगा; क्या मैं ने तुझे नहीं भेजा? 
Judges 6:15 उसने कहा, हे मेरे प्रभु, बिनती सुन, मैं इस्राएल को क्योंकर छुड़ाऊ? देख, मेरा कुल मनश्शे में सब से कंगाल है, फिर मैं अपने पिता के घराने में सब से छोटा हूं। 
Judges 6:16 यहोवा ने उस से कहा, निश्चय मैं तेरे संग रहूंगा; सो तू मिद्यानियों को ऐसा मार लेगा जैसा एक मनुष्य को। 

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 36-37
  • प्रेरितों 15:22-41