ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

मंगलवार, 20 मई 2014

तैयार


   पिछले अनेक वर्षों में अनेक लोगों ने प्रभु यीशु मसीह के दूसरे आगमन की तिथि की भविष्यवाणियाँ की हैं। कुछ वर्ष पहले भी अमेरिका से रेडियो प्रसारण द्वारा प्रचार करने वाले एक व्यक्ति ने मीडीया की रुचि को बहुत जागृत किया जब उसने यह भविष्यवाणी करी कि प्रभु यीशु 21 मई 2011 को पुनः आएंगे।

   जो कोई परमेश्वर के वचन बाइबल को जानते हैं, वे यह भी जानते हैं कि ऐसी भविष्यवाणी कभी सत्य नहीं हो सकती; और यही हुआ भी, क्योंकि प्रभु यीशु ने स्वयं अपने दूसरे आगमन के लिए कहा है कि: "तुम भी तैयार रहो; क्योंकि जिस घड़ी तुम सोचते भी नहीं, उस घड़ी मनुष्य का पुत्र आ जावेगा" (लूका 12:40)। लेकिन मैं यह तो मानूँगा कि उस प्रचारक की भविष्यवाणी ने मेरा भी ध्यान आकर्षित किया। अकसर मैं जीवन की व्यस्तता में इतना खो जाता हूँ कि मैं ऐसे जीने लगता हूँ मानो प्रभु यीशु का दूसरा आगमन कोई बहुत दूर भविष्य में होने वाली घटना है। मैं भूल जाता हूँ कि प्रभु यीशु कभी भी पुनः आ सकते हैं। उस प्रचारक की वह भविश्यवाणी गलत तो थी ही, लेकिन उस ने मुझे स्मरण कराया कि मुझे अपने उद्धारकर्ता प्रभु के पुनः आगमन के लिए कैसे तैयार रहना चाहिए, तथा मेरे उस पुनः आगमन के लिए उत्साहित रहने को फिर से जागृत किया, क्योंकि यह किसी भी दिन हो सकता है - आज भी।

   कभी कभी हम सोचते हैं कि प्रभु यीशु के पुनः आगमन के लिए तैयार रहने का अर्थ है कुछ बातों को अपने जीवन में ना होने देना या उन्हें नहीं करना। लेकिन प्रभु यीशु से मिलने के लिए तैयार होने का अर्थ है कि हम निरंतर उसकी समानता में ढ़लते चले जाएं, जिससे कि जब भी वह आए हम उसे भावते हुए रहें (1 यूहन्ना 3:2-3)। प्रभु यीशु ने अपने चेलों को सिखाया कि उसके आगमन के लिए तैयार रहने का तात्पर्य है हमेशा उसकी इच्छा के अनुसार जीवन व्यतीत करते रहना (लूका 12:47)।

   ज़रा विचार कीजिए, जब कभी भी प्रभु यीशु का दूसरा आगमन वास्तव में हो जाए, तब क्या आप उसके लिए तैयार पाए जाएंगे? - जो स्टोवैल


प्रभु यीशु के दूसरे आगमन के लिए तैयार बने रहिए, और आप उसकी महिमा और आज्ञाकारिता का जीवन बिताते रहेंगे।

और वह दास जो अपने स्‍वामी की इच्छा जानता था, और तैयार न रहा और न उस की इच्छा के अनुसार चला बहुत मार खाएगा। - लूका 12:47

बाइबल पाठ: लूका 12:35-40
Luke 12:35 तुम्हारी कमरें बन्‍धी रहें, और तुम्हारे दीये जलते रहें। 
Luke 12:36 और तुम उन मनुष्यों के समान बनो, जो अपने स्‍वामी की बाट देख रहे हों, कि वह ब्याह से कब लौटेगा; कि जब वह आकर द्वार खटखटाए, तुरन्त उसके लिये खोल दें। 
Luke 12:37 धन्य हैं वे दास, जिन्हें स्‍वामी आकर जागते पाए; मैं तुम से सच कहता हूं, कि वह कमर बान्‍ध कर उन्हें भोजन करने को बैठाएगा, और पास आकर उन की सेवा करेगा। 
Luke 12:38 यदि वह रात के दूसरे पहर या तीसरे पहर में आकर उन्हें जागते पाए, तो वे दास धन्य हैं। 
Luke 12:39 परन्तु तुम यह जान रखो, कि यदि घर का स्‍वामी जानता, कि चोर किस घड़ी आएगा, तो जागता रहता, और अपने घर में सेंध लगने न देता। 
Luke 12:40 तुम भी तैयार रहो; क्योंकि जिस घड़ी तुम सोचते भी नहीं, उस घड़ी मनुष्य का पुत्र आ जावेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 21-24


सोमवार, 19 मई 2014

इतिहास


   मैं अपनी पत्नि के साथ ब्रिटिश संग्रहालय को देखने गया; वहाँ भ्रमण करते हुए हम लंडन शहर में स्थित उस विशाल भवन में विद्यमान इतिहास तथा विरासत की महानता को देख कर बहुत प्रभावित हुए। वहाँ हमने ऐसे पुरातन अवशेष देखे जो हमारे अपने देश अमेरिका में पाई जाने वाली किसी भी वस्तु से सैंकड़ों वर्ष पहले के थे। यह सब देखकर मुझे बोध हुआ कि इतिहास का भाव रखना कितना महत्वपूर्ण है। इतिहास हमें दृष्टिकोण, संदर्भ और परिणामों का ऐसा लेखा-जोखा देता है जो हमें शिक्षा लेने तथा सही फैसले करने में सहायक होते हैं, क्योंकि जो हम से पहले हो कर गए हैं उनकी सफलताओं एवं असफलताओं का संपूर्ण ब्यौरा हमारे सामने खुला होता है।

   प्रेरित पौलुस ने भी इतिहास से पाठ सीखने के महत्व को जाना और समझा। उसने अपने पाठकों को स्मरण दिलाया कि कैसे इस्त्राएली लोगों के द्वारा किए गए गलत निर्णय तथा परमेश्वर की योजनाओं पर अविश्वास ने उन्हें चालीस वर्ष की जंगल यात्रा करने पर बाध्य कर दिया था (गिनती 14)। इस घटना के संदर्भ में पौलुस ने कुरिन्थुस के विश्वासियों को चिताया, "परन्तु यें सब बातें, जो उन पर पड़ी, दृष्‍टान्‍त की रीति पर थीं; और वे हमारी चेतावनी के लिये जो जगत के अन्‍तिम समय में रहते हैं लिखी गईं हैं" (1 कुरिन्थियों 10:11)।

   परमेश्वर ने हमें अपना वचन बाइबल इस लिए दिया है कि हम उस में होकर परमेश्वर को जानें तथा उस में दिए गए परमेश्वर के लोगों के इतिहास से अपने वर्तमान के लिए शिक्षा लें। बाइबल में दिए गए उदाहरण और शिक्षाएं हमें सचेत करती हैं कि हम अपनी प्रवृतियों में फंसकर वही गलतियाँ ना करें जो लोग पहले कर चुके हैं, और जिनके परिणाम हमारे लिए लिखे गए हैं, वरन उन से चेतावनी पाकर बुद्धिमता के साथ परमेश्वर को समर्पित तथा उसके प्रति विश्वास एवं आज्ञाकारिता का जीवन बिताएं।

   प्रश्न यही है - क्या हम इतिहास से शिक्षा ले कर सही मार्ग चुनेंगे, अथवा हम से पहले के लोगों की उन्हीं गलतियों को दोहरा कर वैसे ही परिणामों के भागी बनेंगे? - बिल क्राउडर


हम से पहले के परमेश्वर के लोगों के जीवनों से बहुमूल्य शिक्षाएं ली जा सकती हैं - क्या हम ऐसा करते हैं?

यह बात आने वाली पीढ़ी के लिये लिखी जाएगी, और एक जाति जो सिरजी जाएगी वही याह की स्तुति करेगी। - भजन 102:18

बाइबल पाठ: 1 कुरिन्थियों 10:1-13
1 Corinthians 10:1 हे भाइयों, मैं नहीं चाहता, कि तुम इस बात से अज्ञात रहो, कि हमारे सब बाप दादे बादल के नीचे थे, और सब के सब समुद्र के बीच से पार हो गए। 
1 Corinthians 10:2 और सब ने बादल में, और समुद्र में, मूसा का बपितिस्मा लिया। 
1 Corinthians 10:3 और सब ने एक ही आत्मिक भोजन किया। 
1 Corinthians 10:4 और सब ने एक ही आत्मिक जल पीया, क्योंकि वे उस आत्मिक चट्टान से पीते थे, जो उन के साथ-साथ चलती थी; और वह चट्टान मसीह था। 
1 Corinthians 10:5 परन्तु परमेश्वर उन में के बहुतेरों से प्रसन्न न हुआ, इसलिये वे जंगल में ढेर हो गए। 
1 Corinthians 10:6 ये बातें हमारे लिये दृष्‍टान्‍त ठहरी, कि जैसे उन्होंने लालच किया, वैसे हम बुरी वस्‍तुओं का लालच न करें। 
1 Corinthians 10:7 और न तुम मूरत पूजने वाले बनों; जैसे कि उन में से कितने बन गए थे, जैसा लिखा है, कि लोग खाने-पीने बैठे, और खेलने-कूदने उठे। 
1 Corinthians 10:8 और न हम व्यभिचार करें; जैसा उन में से कितनों ने किया: एक दिन में तेईस हजार मर गये । 
1 Corinthians 10:9 और न हम प्रभु को परखें; जैसा उन में से कितनों ने किया, और सांपों के द्वारा नाश किए गए। 
1 Corinthians 10:10 और न तुम कुड़कुड़ाओ, जिस रीति से उन में से कितने कुड़कुड़ाए, और नाश करने वाले के द्वारा नाश किए गए। 
1 Corinthians 10:11 परन्तु यें सब बातें, जो उन पर पड़ी, दृष्‍टान्‍त की रीति पर थीं; और वे हमारी चितावनी के लिये जो जगत के अन्‍तिम समय में रहते हैं लिखी गईं हैं। 
1 Corinthians 10:12 इसलिये जो समझता है, कि मैं स्थिर हूं, वह चौकस रहे; कि कहीं गिर न पड़े। 
1 Corinthians 10:13 तुम किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़े, जो मनुष्य के सहने से बाहर है: और परमेश्वर सच्चा है: वह तुम्हें सामर्थ से बाहर परीक्षा में न पड़ने देगा, वरन परीक्षा के साथ निकास भी करेगा; कि तुम सह सको।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 18-20


रविवार, 18 मई 2014

सर्वोत्तम


   यह वह नहीं है जो मैंने अपने जीवन के बारे में सोचा था। मैंने सोचा था कि मैं 19 वर्ष की आयु में ही शादी कर लूँगी, मेरे आधा-दर्जन बच्चे होंगे और मैं एक पत्नी एवं माँ के रूप में अपना जीवन व्यतीत करूँगी। लेकिन मैं काम करने लगी, चालीस वर्ष से ऊपर की आयु में मेरी शादी हुई, और मैं माँ नहीं बनी। बहुत वर्षों तक मैं यही आशा रखती थी कि परमेश्वर मेरे लिए भजन 37:4 - "यहोवा को अपने सुख का मूल जान, और वह तेरे मनोरथों को पूरा करेगा" के अनुसार करेगा; लेकिन यह भी नहीं हुआ।

   कभी कभी इन अधूरी इच्छाओं की यादें मन को थोड़ा उदास कर देती हैं। जैसे मेरे साथ हुआ, हो सकता है कि आपके साथ भी हुआ हो और जीवन आपकी आशा के अनुसार नहीं वरन उससे भिन्न मार्ग पर चला हो। इस संदर्भ में भजन 37 में लिखी गई कुछ बातें विचार के लिए आपके सामने रखती हूँ (यद्यपि यह भजन मुख्यतः दुष्टों के साथ धर्मी जन के जीवन की तुलना है)।

   इस भजन का चौथा पद हमें सिखाता है कि अपूर्ण इच्छाएं हमारे जीवन के आनन्द को हम से नहीं छीन सकतीं; जैसे जैसे हम परमेश्वर के मन को जानते चले जाते हैं, परमेश्वर स्वयं ही हमारा आनन्द होता चला जाता है।

   पद पाँच हमें सिखाता है कि हम अपने मार्ग की चिंता पूर्णतः परमेश्वर पर छोड़ दें, ऐसे जैसे एक कमज़ोर व्यक्ति अपने उस बोझ को जिसे वह स्वयं नहीं उठा सकता उसे अपने उस बलवन्त मित्र एवं साथी को सौंप देता है जो उसकी सहायता करने के लिए सदा उसके साथ रहता है। साथ ही यह पद हमें अपने उस साथी एवं मित्र, अर्थात परमेश्वर पर सदा भरोसा बनाए रखने को भी कहता है। क्योंकि जब हम यह भरोसा बनाए रखते हैं, तब हम निश्चिंत तथा शांत होकर रह सकते हैं, जैसा कि पद सात कहता है।

   मूल बात है, परमेश्वर पर भरोसा रखें, उस पर ही निर्भर रहें, क्योंकि वह जो करेगा, अपने बच्चों के लिए सर्वोत्तम ही करेगा। - ऐनी सेटास


मनुष्य मन में अपने मार्ग पर विचार करता है, परन्तु यहोवा ही उसके पैरों को स्थिर करता है। - नीतिवचन 16:9

चुप हो जाओ, और जान लो, कि मैं ही परमेश्वर हूं। मैं जातियों में महान हूं, मैं पृथ्वी भर में महान हूं! - भजन 46:10

बाइबल पाठ: भजन 37:1-8
Psalms 37:1 कुकर्मियों के कारण मत कुढ़, कुटिल काम करने वालों के विषय डाह न कर! 
Psalms 37:2 क्योंकि वे घास की नाईं झट कट जाएंगे, और हरी घास की नाईं मुर्झा जाएंगे। 
Psalms 37:3 यहोवा पर भरोसा रख, और भला कर; देश में बसा रह, और सच्चाई में मन लगाए रह। 
Psalms 37:4 यहोवा को अपने सुख का मूल जान, और वह तेरे मनोरथों को पूरा करेगा। 
Psalms 37:5 अपने मार्ग की चिन्ता यहोवा पर छोड़; और उस पर भरोसा रख, वही पूरा करेगा। 
Psalms 37:6 और वह तेरा धर्म ज्योति की नाईं, और तेरा न्याय दोपहर के उजियाले की नाईं प्रगट करेगा। 
Psalms 37:7 यहोवा के साम्हने चुपचाप रह, और धीरज से उसका आसरा रख; उस मनुष्य के कारण न कुढ़, जिसके काम सफल होते हैं, और वह बुरी युक्तियों को निकालता है! 
Psalms 37:8 क्रोध से परे रह, और जलजलाहट को छोड़ दे! मत कुढ़, उस से बुराई ही निकलेगी।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 14-17


शनिवार, 17 मई 2014

घर


   एक दम्पति ने अपनी एक वृद्ध रिशेतदार को उनकी देख-रेख के लिए अपने साथ रखने का निर्णय लिया। उस दम्पति को चिंता थी कि वे वृद्धा जब एक नए घर और माहौल में आएंगी तो उन्हें अटपटा लगेगा। इसलिए उन्होंने उनके रहने के कमरे को बिलकुल वैसा ही बनाने का निर्णय लिया जैसा उनका अपना कमरा उस घर में था जिसे छोड़कर वे उनके साथ रहने आ रहीं थीं। जब वे वृद्धा उनके साथ रहने आईं तो उन्होंने पाया कि उनके रहने का स्थान, उसकी साज-सज्जा, वहाँ की मेज़-कुर्सी आदि बिलकुल वैसा ही था जैसा वे छोड़कर आईं थीं; यह उनके लिए अपने ही घर में मिले स्वागत के समान था।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में यूहन्ना 13:36-14:4 में प्रभु यीशु की अपने चेलों के साथ हो रही वार्ता में हम पाते हैं कि प्रभु यीशु उन्हें अपने मारे जाने, पुनरुत्थान और फिर स्वर्गारोहण के लिए तैयार कर रहा है। जब पतरस ने प्रभु यीशु से पूछा कि वह कहाँ जा रहा है तो प्रभु ने उत्तर दिया, जहाँ मैं जा रहा हूँ वहाँ अभी तो तू नहीं आ सकता, परन्तु बाद में वहाँ आएगा (यूहन्ना 13:36)। फिर वार्तालाप में और थोड़ा आगे प्रभु यीशु ने पतरस तथा अन्य सभी चेलों को आश्वस्त करते हुए कहा, "मेरे पिता के घर में बहुत से रहने के स्थान हैं, यदि न होते, तो मैं तुम से कह देता क्योंकि मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूं। और यदि मैं जा कर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूं, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहां ले जाऊंगा, कि जहां मैं रहूं वहां तुम भी रहो" (यूहन्ना 14:2-3)।

   स्वर्ग वह स्थान है जहाँ समस्त संसार के हर जाति, राष्ट्र, भाषा, समूह इत्यादि से मसीही विश्वासी एक साथ एक परिवार के समान एकत्रित होंगे और साथ रहेंगे, क्योंकि वह हम सब मसीही विश्वासियों के स्वर्गीय पिता का घर भी है; और उस घर में प्रभु यीशु हम सब के लिए स्थान तैयार कर रहा है।

   जब आप अपने घर पहुँचेंगे और प्रभु यीशु वहाँ आपका स्वागत करेगा, तो आप तुरंत पहचान लेंगे कि आप अपने घर ही में आए हैं। - डेविड मैक्कैसलैंड


मसीही विश्वासी का घर स्वर्ग है।

हे प्रियों मैं तुम से बिनती करता हूं, कि तुम अपने आप को परदेशी और यात्री जान कर उस सांसारिक अभिलाषाओं से जो आत्मा से युद्ध करती हैं, बचे रहो। - 1 पतरस 2:11

बाइबल पाठ: यूहन्ना 13:36-14:4
John 13:36 शमौन पतरस ने उस से कहा, हे प्रभु, तू कहां जाता है यीशु ने उत्तर दिया, कि जहां मैं जाता हूं, वहां तू अब मेरे पीछे आ नहीं सकता! परन्तु इस के बाद मेरे पीछे आएगा। 
John 13:37 पतरस ने उस से कहा, हे प्रभु, अभी मैं तेरे पीछे क्यों नहीं आ सकता? मैं तो तेरे लिये अपना प्राण दूंगा। 
John 13:38 यीशु ने उत्तर दिया, क्या तू मेरे लिये अपना प्राण देगा? मैं तुझ से सच सच कहता हूं कि मुर्ग बांग न देगा जब तक तू तीन बार मेरा इन्कार न कर लेगा। 
John 14:1 तुम्हारा मन व्याकुल न हो, तुम परमेश्वर पर विश्वास रखते हो मुझ पर भी विश्वास रखो। 
John 14:2 मेरे पिता के घर में बहुत से रहने के स्थान हैं, यदि न होते, तो मैं तुम से कह देता क्योंकि मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूं। 
John 14:3 और यदि मैं जा कर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूं, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहां ले जाऊंगा, कि जहां मैं रहूं वहां तुम भी रहो। 
John 14:4 और जहां मैं जाता हूं तुम वहां का मार्ग जानते हो।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 11-13


शुक्रवार, 16 मई 2014

वार्तालाप


   क्या वर्तमान की तकनीकी प्रगति ने आज हमें परस्पर संवाद और एक दूसरे से आमने-सामने बात करने में अक्षम और कमज़ोर कर दिया है? आज अधिकारी ईमेल के द्वारा अपने कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्तगी की सूचना सरलता से भेज सकते हैं; लोग एक दूसरे की आलोचना ट्विटर पर या फेसबुक पर बिना सामने आए कर सकते हैं। लोगों के लिए एक दूसरे के सामने आकर अपना दृष्टिकोण समझाए या बताए बिना ही अपनी बात दूसरे पर लाद देना या सामाजिक रूप से उनपर ऊँगुली उठा देना बहुत सरल हो गया है। इसलिए यह बेहतर होगा कि हम परमेश्वर के वचन बाइबल के उदाहरणों से सीखें कि यदि किसी बात को लेकर परस्पर मतभेद भी हों तो उनका निवारण कैसे करना चाहिए।

   प्रेरित पौलुस और पतरस में एक परिस्थिति को लेकर मतभेद हुआ, और पौलुस ने पतरस के द्वारा परमेश्वर के अनुग्रह को गौण करने को लेकर उसका सामना किया (गलतियों 2:11-16)। बात यह थी कि पतरस अपनी सेवकाई के दौरान गैर-यहूदियों, अर्थात अन्यजातिय मसीही विश्वासियों के साथ संगति कर रहा था, लेकिन जब कुछ ऐसे यहूदी आए जो मसीह यीशु पर विश्वास रखने का दावा तो करते थे परन्तु साथ ही उस गलत धारणा को भी मानते थे कि उद्धार पाने के लिए मसीह यीशु पर विश्वास के साथ मूसा द्वारा दी गई व्यवस्था का पालन भी आवश्यक है, तो पतरस उन अन्यजाति मसीही विश्वासियों से पृथक होकर उन गलत धारणा रखने वाले यहूदी लोगों के साथ हो गया। पौलुस ने जब पतरस के इस दोगलेपन को देखा, तो मसीही प्रेम और सहानुभूति के साथ उसने पतरस का उसके इस व्यवहार के लिए सामना किया; पतरस को समझाया कि वह क्यों उस विधि सम्मत पद्धति का पालन करना चाह रहा है जो जीवन परिवर्तन करने में अक्षम रही है। साथ ही पौलुस ने पतरस को यह भी स्मरण दिलाया कि पाप की गुलामी से मुक्ति दिलाकर परमेश्वर के प्रति आज्ञाकारी रहने की सामर्थ केवल परमेश्वर के अनुग्रह ही से मिलती है ना कि किसी विधि-विधान अथवा कर्म-काज के पालन से।

   परमेश्वर के वचन पर आधारित तथ्यों के साथ, परमेश्वर की आत्मा की प्रेर्णा और सहायता से जब हम अपने संगी मसीही विश्वासियों के साथ सादर और सप्रेम वार्तालाप करेंगे तो यह अवश्य ही मतभेदों के निवारण और आपसी प्रेम तथा मसीही पवित्रता के प्रोत्साहन एवं उन्नति का कारण ठहरेगी। एक दूसरे के साथ प्रेम पूर्ण व्यवहार के द्वारा हम सत्य को सप्रेम वार्तालाप द्वारा प्रकट करने और पवित्र आत्मा की आधीनता में अपने आप को संचालित करने की अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वाह निःसंकोच कर सकते हैं। - मार्विन विलियम्स


सही रीति से कहे गए थोड़े से शब्द बहुत विवादों का समाधन कर सकते हैं।

हे भाइयों, यदि कोई मनुष्य किसी अपराध में पकड़ा भी जाए, तो तुम जो आत्मिक हो, नम्रता के साथ ऐसे को संभालो, और अपनी भी चौकसी रखो, कि तुम भी परीक्षा में न पड़ो। - गलतियों 6:1

बाइबल पाठ: गलतियों 2:11-21
Galatians 2:11 पर जब कैफा अन्‍ताकिया में आया तो मैं ने उसके मुंह पर उसका साम्हना किया, क्योंकि वह दोषी ठहरा था। 
Galatians 2:12 इसलिये कि याकूब की ओर से कितने लोगों के आने से पहिले वह अन्यजातियों के साथ खाया करता था, परन्तु जब वे आए, तो खतना किए हुए लोगों के डर के मारे उन से हट गया और किनारा करने लगा। 
Galatians 2:13 और उसके साथ शेष यहूदियों ने भी कपट किया, यहां तक कि बरनबास भी उन के कपट में पड़ गया। 
Galatians 2:14 पर जब मैं ने देखा, कि वे सुसमाचार की सच्चाई पर सीधी चाल नहीं चलते, तो मैं ने सब के साम्हने कैफा से कहा; कि जब तू यहूदी हो कर अन्यजातियों की नाईं चलता है, और यहूदियों की नाईं नहीं तो तू अन्यजातियों को यहूदियों की नाईं चलने को क्यों कहता है? 
Galatians 2:15 हम जो जन्म के यहूदी हैं, और पापी अन्यजातियों में से नहीं। 
Galatians 2:16 तौभी यह जानकर कि मनुष्य व्यवस्था के कामों से नहीं, पर केवल यीशु मसीह पर विश्वास करने के द्वारा धर्मी ठहरता है, हम ने आप भी मसीह यीशु पर विश्वास किया, कि हम व्यवस्था के कामों से नहीं पर मसीह पर विश्वास करने से धर्मी ठहरें; इसलिये कि व्यवस्था के कामों से कोई प्राणी धर्मी न ठहरेगा। 
Galatians 2:17 हम जो मसीह में धर्मी ठहरना चाहते हैं, यदि आप ही पापी निकलें, तो क्या मसीह पाप का सेवक है? कदापि नहीं। 
Galatians 2:18 क्योंकि जो कुछ मैं ने गिरा दिया, यदि उसी को फिर बनाता हूं, तो अपने आप को अपराधी ठहराता हूं। 
Galatians 2:19 मैं तो व्यवस्था के द्वारा व्यवस्था के लिये मर गया, कि परमेश्वर के लिये जीऊं। 
Galatians 2:20 मैं मसीह के साथ क्रूस पर चढ़ाया गया हूं, और अब मैं जीवित न रहा, पर मसीह मुझ में जीवित है: और मैं शरीर में अब जो जीवित हूं तो केवल उस विश्वास से जीवित हूं, जो परमेश्वर के पुत्र पर है, जिसने मुझ से प्रेम किया, और मेरे लिये अपने आप को दे दिया। 
Galatians 2:21 मैं परमेश्वर के अनुग्रह को व्यर्थ नहीं ठहराता, क्योंकि यदि व्यवस्था के द्वारा धामिर्कता होती, तो मसीह का मरना व्यर्थ होता।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 8-10


गुरुवार, 15 मई 2014

दूर और निकट


   दो स्वस्थ आँखें होना ही स्पष्टता से देख पाने के लिए काफी नहीं है - यह मैंने अपने व्यक्तिगत अनुभव से जाना है। मेरी आंख का पर्दा खराब हो गया था जिसके लिए मुझे कई ऑपरेशनों से होकर निकलना पड़ा। उन ऑपरेशनों के द्वारा मेरी दोनों आँखों को ठीक से दिखाई तो देने लगा, लेकिन वे दोनों परस्पर ताल-मेल के साथ कार्य नहीं कर रहीं थीं। एक आँख से दूर की चीज़ें स्पष्ट दिखती थीं तो दूसरी से पास की, और एक साथ मिलकर कार्य करने की बजाए, दोनों ही एक दूसरे पर हावी होने के प्रयास में रहती थीं, जिससे मैं किसी भी चीज़ पर दृष्टि केंद्रित कर के उसे स्पष्ट देख नहीं पाती थी। अन्ततः 3 महीने के अंतराल के बाद मुझे एक नया चश्मा दिया गया जिसकी सहायता से मैं दृष्टि केंद्रित कर के स्पष्ट देखने पाई।

   कुछ ऐसा ही परमेश्वर के प्रति हमारे दृष्टिकोण के साथ भी होता है। कुछ लोग परमेश्वर को निकटता से जान पाने पर ही - अर्थात उसे अपने प्रतिदिन के जीवन में निकटता से स्क्रीय अनुभाव कर के ही उस पर अपना ध्यान केंद्रित करने पाते हैं। अन्य लोगों को दूर का परमेश्वर ही स्पष्ट दिखाई देता है - अर्थात वे उसे किसी भी सोच-विचार से ऊपर और महान, सारी सृष्टि पर सामर्थी, प्रभावी और महिमामय जान कर ही उस पर केंद्रित रहने पाते हैं।

   जब इन दोनों दृष्टिकोणों में विवाद हो और सहमति नहीं बने, तब परमेश्वर का वचन बाइबल ही मेरे उस चश्मे के समान कार्य करती है, दोनों दृष्टिकोणों में तालमेल बनाती है और यह दिखाती है कि दोनों ही दृष्टिकोण सही हैं। राजा दाऊद ने अपने लिखे भजन - भजन 145 में दोनों ही दृष्टिकोणों को रखा है। वह कहता है: "यहोवा महान और अति स्तुति के योग्य है, और उसकी बड़ाई अगम है" (पद 3); और फिर यह भी कि, "जितने यहोवा को पुकारते हैं, अर्थात जितने उसको सच्चाई से पुकारते हें; उन सभों के वह निकट रहता है" (पद 18)।

   हमारा स्वर्गीय परमेश्वर पिता हमारे इतना निकट है कि हमारी हर दशा को जानता है और हमारी हर प्रार्थना को सुनता है; लेकिन साथ ही इतना महान, महिमामय और सामर्थी है कि हमारी हर समस्या एवं आवश्यकता से कहीं बड़ा और उन्हें पूरा करने की क्षमता रखने वाला है। - जूली ऐकैरमैन लिंक


परमेश्वर इतना बड़ा है कि हमारी छोटी से छोटी आवश्यकता को समझ सकता है, उसे पूरा कर सकता है।

देखो, कौन ऐसी बड़ी जाति है जिसका देवता उसके ऐसे समीप रहता हो जैसा हमारा परमेश्वर यहोवा, जब कि हम उसको पुकारते हैं? - व्यवस्थाविवरण 4:7

बाइबल पाठ: भजन 145
Psalms 145:1 हे मेरे परमेश्वर, हे राजा, मैं तुझे सराहूंगा, और तेरे नाम को सदा सर्वदा धन्य कहता रहूंगा। 
Psalms 145:2 प्रति दिन मैं तुझ को धन्य कहा करूंगा, और तेरे नाम की स्तुति सदा सर्वदा करता रहूंगा। 
Psalms 145:3 यहोवा महान और अति स्तुति के योग्य है, और उसकी बड़ाई अगम है। 
Psalms 145:4 तेरे कामों की प्रशंसा और तेरे पराक्रम के कामों का वर्णन, पीढ़ी पीढ़ी होता चला जाएगा। 
Psalms 145:5 मैं तेरे ऐश्वर्य की महिमा के प्रताप पर और तेरे भांति भांति के आश्चर्यकर्मों पर ध्यान करूंगा। 
Psalms 145:6 लोग तेरे भयानक कामों की शक्ति की चर्चा करेंगे, और मैं तेरे बड़े बड़े कामों का वर्णन करूंगा। 
Psalms 145:7 लोग तेरी बड़ी भलाई का स्मरण कर के उसकी चर्चा करेंगे, और तेरे धर्म का जयजयकार करेंगे। 
Psalms 145:8 यहोवा अनुग्रहकारी और दयालु, विलम्ब से क्रोध करने वाला और अति करूणामय है। 
Psalms 145:9 यहोवा सभों के लिये भला है, और उसकी दया उसकी सारी सृष्टि पर है। 
Psalms 145:10 हे यहोवा, तेरी सारी सृष्टि तेरा धन्यवाद करेगी, और तेरे भक्त लोग तुझे धन्य कहा करेंगे! 
Psalms 145:11 वे तेरे राज्य की महिमा की चर्चा करेंगे, और तेरे पराक्रम के विषय में बातें करेंगे; 
Psalms 145:12 कि वे आदमियों पर तेरे पराक्रम के काम और तेरे राज्य के प्रताप की महिमा प्रगट करें। 
Psalms 145:13 तेरा राज्य युग युग का और तेरी प्रभुता सब पीढ़ियों तक बनी रहेगी। 
Psalms 145:14 यहोवा सब गिरते हुओं को संभालता है, और सब झुके हुओं को सीधा खड़ा करता है। 
Psalms 145:15 सभों की आंखें तेरी ओर लगी रहती हैं, और तू उन को आहार समय पर देता है। 
Psalms 145:16 तू अपनी मुट्ठी खोल कर, सब प्राणियों को आहार से तृप्त करता है। 
Psalms 145:17 यहोवा अपनी सब गति में धर्मी और अपने सब कामों में करूणामय है। 
Psalms 145:18 जितने यहोवा को पुकारते हैं, अर्थात जितने उसको सच्चाई से पुकारते हें; उन सभों के वह निकट रहता है। 
Psalms 145:19 वह अपने डरवैयों की इच्छा पूरी करता है, ओर उनकी दोहाई सुन कर उनका उद्धार करता है। 
Psalms 145:20 यहोवा अपने सब प्रेमियों की तो रक्षा करता, परन्तु सब दुष्टों को सत्यानाश करता है। 
Psalms 145:21 मैं यहोवा की स्तुति करूंगा, और सारे प्राणी उसके पवित्र नाम को सदा सर्वदा धन्य कहते रहें।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 5-7


बुधवार, 14 मई 2014

जीवन का जल


   एक व्यक्ति ने, जो पश्चिमी टेक्सस के एक खेती-किसानी करने वाले परिवार में बड़ा हुआ था, मुझे अपने खलिहान के निकट लगी एक जर्जर पवन-चक्की के बारे में बताया था। उस पवन-चक्की के चलने से ही पानी को उसके घर तक लाने का पंप चलता था, और वही मीलों दूर तक पानी का एकमात्र स्त्रोत थी। जब हवा तेज़ चल रही होती थी तो वह पवन-चक्की भलि-भांति चलती थी और अच्छे से पानी उपलब्ध कराती थी, परन्तु जब हवा धीमी होती थी तो जर्जर अवस्था के कारण पवन-चक्की घूम कर हवा के रुख के अनुकूल अपने आप नहीं हो पाती थी इसलिए नहीं चल पाती थी; तब उसे हाथ से घुमा कर ऐसी स्थिति में लाना पड़ता जहाँ से हवा द्वारा उसके पंखे चल सकें और पानी के पंप को चला सकें जिससे घर को पानी मिल सके। पानी मिलने के लिए पवन-चक्की का हवा के अनुकूल दिशा में होना अनिवार्य था।

   जब मैं दूर-दराज़ के इलाकों में कार्य कर रहे पस्टरों से मिलता हूँ, और उनकी सनस्याएं सुनता हूँ तो मुझे उस पवन-चक्की की याद आती है। बहुत से पास्टर ऐसे होते हैं जिन्हें लगता है कि वे बिलकुल अकेले और बेसहारा रह गए हैं - ऐसे देख-रेख करने वाले जिनकी अपनी देख-रेख करने वाला कोई नहीं है। परिणाम यह होता है कि अपनी निराश के कारण वे अपने चर्च के लोगों को जीवन का जल अर्थात परमेश्वर का वचन ठीक से नहीं देने पाते। उन्हें मैं उस पवन-चक्की के बारे में बताता हूँ, और समझाता हूँ कि उन्हें भी अपने आप को ऐसी स्थिति में लाना है, अर्थात प्रभु यीशु और उसके वचन की ओर उन्मुख होना है जिससे उनमें से होकर परमेश्वर का वचन लोगों तक पहुँच सके। जब वे परमेश्वर की ओर सही रीति से होंगे, तब परमेश्वर उन में होकर अपने जीवनदायक वचन को लोगों तक भी पहुँचा सकेगा।

   जो बात उन पास्टरों के लिए सही है, वही हम सब मसीही विश्वासियों के लिए भी उतनी ही सही है, क्योंकि प्रभु की सेवकाई हमारे अन्दर से निकल कर संसार के लोगों में प्रवाहित होती है। प्रभु यीशु ने कहा, "जो मुझ पर विश्वास करेगा, जैसा पवित्र शास्त्र में आया है उसके हृदय में से जीवन के जल की नदियां बह निकलेंगी" (यूहन्ना 7:38)। जब परमेश्वर हमारे अन्दर की गहराइयों से होकर बोलता है, तब ही हम दूसरों के जीवनों को छूने और प्रभावित करने पाते हैं। दूसरों को तरोताज़ा करते रहने के लिए हमें स्वयं भी उस जीवन के जल के स्त्रोत के साथ सही रीति से जुड़े रहना है। - डेविड रोपर


जब आप जीवन के संघर्षों में थकने लगें तो प्रभु यीशु को अपनी सामर्थ का स्त्रोत बना लीजिए।

यीशु ने उत्तर दिया, यदि तू परमेश्वर के वरदान को जानती, और यह भी जानती कि वह कौन है जो तुझ से कहता है; मुझे पानी पिला तो तू उस से मांगती, और वह तुझे जीवन का जल देता। - यूहन्ना 4:10

बाइबल पाठ: गलतियों 6:6-10
Galatians 6:6 जो वचन की शिक्षा पाता है, वह सब अच्छी वस्‍तुओं में सिखाने वाले को भागी करे। 
Galatians 6:7 धोखा न खाओ, परमेश्वर ठट्ठों में नहीं उड़ाया जाता, क्योंकि मनुष्य जो कुछ बोता है, वही काटेगा। 
Galatians 6:8 क्योंकि जो अपने शरीर के लिये बोता है, वह शरीर के द्वारा विनाश की कटनी काटेगा; और जो आत्मा के लिये बोता है, वह आत्मा के द्वारा अनन्त जीवन की कटनी काटेगा। 
Galatians 6:9 हम भले काम करने में हियाव न छोड़े, क्योंकि यदि हम ढीले न हों, तो ठीक समय पर कटनी काटेंगे। 
Galatians 6:10 इसलिये जहां तक अवसर मिले हम सब के साथ भलाई करें; विशेष कर के विश्वासी भाइयों के साथ।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 1-4