ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

मंगलवार, 12 मई 2015

आनन्द


   मैं बच्चों की एक बेसबॉल टीम के प्रशिक्षक का कार्य कर रहा था; एक खेल के दौरान बेसबॉल की गेन्द आकर एक बच्चे के मुँह पर लगी। उसे कोई गंभीर चोट तो नहीं आई किंतु वह इस अनुभव से डर अवश्य गया। इसके बाद हर खेल में वह बहादुरी के साथ प्रयास तो करता रहा किंतु गेन्द को बल्ले से मार पाना उसके लिए लगभग असंभव सा हो गया। अपने अन्तिम खेल में हम प्रतिद्वंदी टीम से बहुत पिछड़ गए थे, और हमारे पास आनन्दित होने की कोई आशा या कारण नहीं रह गया था। ऐसे में उस बच्चे की बारी आई और वह गेन्द को मारने के लिए स्थान पर जाकर खड़ा हो गया; गेन्द उसकी ओर फेंकी गई, और सब देखकर दंग रह गए कि उसने पूरी ताकत से गेन्द को ऐसा मारा कि वह दूर तक चली गई। टीम के उसके सभी साथी खुशी से झूम उठे; उसके अपने तथा अन्य बच्चों के अभिभावक एवं माता-पिता खुशी से उसे प्रोत्साहित करने लगे, और यद्यपि हम अभी खेल को हारने की स्थिति से बाहर नहीं आए थे, मैं तो ज़ोर ज़ोर से उछल कर खुशी से चिल्लाने लगा। हम सब उस बच्चे के साहस से अति आनन्दित हो गए थे।

   मुझे लगता है कि ऐसे ही हमारा परमेश्वर पिता भी हमें जीवन में प्रोत्साहित करता है। वह हम से बहुत प्रेम करता है और कहता है कि तुम "सब पवित्र लोगों के साथ भली भांति समझने की शक्ति पाओ; कि उसकी चौड़ाई, और लम्बाई, और ऊंचाई, और गहराई कितनी है। और मसीह के उस प्रेम को जान सको जो ज्ञान से परे है, कि तुम परमेश्वर की सारी भरपूरी तक परिपूर्ण हो जाओ" (इफिसियों 3:18-19)।

   कुछ लोग सोचते हैं कि परमेश्वर हम से प्रेम नहीं करता, वरन इस इंतज़ार में रहता है कि हम कोई गलती करें और वह हमें द्ण्डित करे। ऐसे लोगों को परमेश्वर के हमारे प्रति गहरे प्रेम के बारे में बताने का हमें अवसर रहता है। उनके उस आनन्द की कलपना कीजिए जब आप उन्हें परमेश्वर के प्रेम के बारे में बताएंगे कि कैसे उस प्रेम में होकर उसने हम सभी के पापों के प्रायश्चित के लिए अपने एकलौते पुत्र को कलवरी के क्रूस पर बलिदान होने के लिए दे दिया जो आज भी अपने लोगों के लिए प्रार्थना निवेदन करता है तथा उन्हें प्रोत्साहित करता है, और वे उस प्रेम को अनुभव करने पाएंगे। इस आनन्द को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाईए। - रैन्डी किलगोर


प्रभु यीशु के कीलों से छिदे हाथ, परमेश्वर के प्रेम से भरे हृदय को दिखाते हैं।

और अनन्त जीवन यह है, कि वे तुझ अद्वैत सच्चे परमेश्वर को और यीशु मसीह को, जिसे तू ने भेजा है, जाने। - यूहन्ना 17:3

बाइबल पाठ: इफिसियों 3:14-21
Ephesians 3:14 मैं इसी कारण उस पिता के साम्हने घुटने टेकता हूं, 
Ephesians 3:15 जिस से स्वर्ग और पृथ्वी पर, हर एक घराने का नाम रखा जाता है। 
Ephesians 3:16 कि वह अपनी महिमा के धन के अनुसार तुम्हें यह दान दे, कि तुम उसके आत्मा से अपने भीतरी मनुष्यत्‍व में सामर्थ पाकर बलवन्‍त होते जाओ। 
Ephesians 3:17 और विश्वास के द्वारा मसीह तुम्हारे हृदय में बसे कि तुम प्रेम में जड़ पकड़ कर और नेव डाल कर। 
Ephesians 3:18 सब पवित्र लोगों के साथ भली भांति समझने की शक्ति पाओ; कि उसकी चौड़ाई, और लम्बाई, और ऊंचाई, और गहराई कितनी है। 
Ephesians 3:19 और मसीह के उस प्रेम को जान सको जो ज्ञान से परे है, कि तुम परमेश्वर की सारी भरपूरी तक परिपूर्ण हो जाओ।
Ephesians 3:20 अब जो ऐसा सामर्थी है, कि हमारी बिनती और समझ से कहीं अधिक काम कर सकता है, उस सामर्थ के अनुसार जो हम में कार्य करता है, 
Ephesians 3:21 कलीसिया में, और मसीह यीशु में, उस की महिमा पीढ़ी से पीढ़ी तक युगानुयुग होती रहे। आमीन।
एक साल में बाइबल: 
  • 2 राजा 15-16
  • यूहन्ना 3:1-18



सोमवार, 11 मई 2015

स्मारक


   हाल ही में मुझे यह आभास हुआ कि मेरे दफतर में लगे सभी चित्र और स्मारक बीते समयों को ही दिखाते हैं। मैंने उन्हें हटाने का विचार किया, लेकिन साथ ही यह विचार भी मन में आया कि कहीं उन लोगों, स्थानों और घटनाओं के स्मरण को बनाए रखने का आज के मेरे जीवन में कोई महत्व तो नहीं है? उन स्मारकों को लेकर जीवन के भूतकाल में उल्झे रहने से बचने के लिए मुझे उनमें विद्यमान अपने वर्तमान और भविष्य के लिए महत्व को खोजना था।

   जब परमेश्वर की प्रजा इस्त्राएल, मिस्त्र की गुलामी से निकलकर वाचा के स्थान कनान देश में पहुँचे तब परमेश्वर ने उनके अगुवे, यहोशु से कहा कि इस्त्राएल के बारहों गोत्रों से एक एक जन को चुनें जो यरदन नदी में से एक एक पत्थर उस स्थान से जहाँ उन्होंने नदी को पार किया था, लेकर आएं और अपने शिविर के पास रख दें। वे पत्थर आते दिनों के लिए स्मारक थे जिससे कि जब उनकी भावी पीढ़ीयाँ उन पत्थरों के बारे में पूछें तो वे उन्हें परमेश्वर की सामर्थ और विश्वासयोग्यता के बारे में, जिसे उन्होंने अनुभव किया था, बता सकें।

   मसीह यीशु के अनुयायी होने के कारण, हमारे लिए भी यह भला है कि बीते दिनों में अनुभव किए गए उसके प्रेम और अनुग्रह के स्मारक हम अपने साथ रखें, जो ना केवल हमें उसकी विश्वासयोग्यता के बारे में स्मरण दिलाते रहें, वरन उसकी इस विश्वासयोग्यता की गवाही दूसरों के सामने रखने के अवसर भी हमें प्रदान करें। ये स्मारक हमें आज और आने वाले समय के लिए उसकी विश्वासयोग्यता के लिए भी आश्वस्त करते रहेंगे, जिससे हम सदा उसके आदर तथा भय में बनें रहें।

   परमेश्वर ने भूतकाल में जो कुछ हमारे लिए किया है वह हमारे वर्तमान तथा भविष्य के लिए एक सशक्त आश्वासन है; उसे कभी अपनी नज़रों से ओझल ना होने दें। - डेविड मैक्कैसलैण्ड


बीते दिनों की बहुमूल्य यादें हमारे आज तथा कल के लिए आवश्यक विश्वास को सुदृढ़ कर सकती हैं।

यह वह आज्ञा, और वे विधियां और नियम हैं जो तुम्हें सिखाने की तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने आज्ञा दी है, कि तुम उन्हें उस देश में मानो जिसके अधिकारी होने को पार जाने पर हो; और तू और तेरा बेटा और तेरा पोता यहोवा का भय मानते हुए उसकी उन सब विधियों और आज्ञाओं पर, जो मैं तुझे सुनाता हूं, अपने जीवन भर चलते रहें, जिस से तू बहुत दिन तक बना रहे। - व्यवस्थाविवरण 6:1-2

बाइबल पाठ: यहोशू 4:1-6; 20-24
Joshua 4:1 जब उस सारी जाति के लोग यरदन के पार उतर चुके, तब यहोवा ने यहोशू से कहा, 
Joshua 4:2 प्रजा में से बारह पुरूष, अर्थात गोत्र पीछे एक एक पुरूष को चुनकर यह आज्ञा दे, 
Joshua 4:3 कि तुम यरदन के बीच में, जहां याजकों ने पांव धरे थे वहां से बारह पत्थर उठा कर अपने साथ पार ले चलो, और जहां आज की रात पड़ाव होगा वहीं उन को रख देना। 
Joshua 4:4 तब यहोशू ने उन बारह पुरूषों को, जिन्हें उसने इस्राएलियों के प्रत्येक गोत्र में से छांटकर ठहरा रखा था, 
Joshua 4:5 बुलवाकर कहा, तुम अपने परमेश्वर यहोवा के सन्दूक के आगे यरदन के बीच में जा कर इस्राएलियों के गोत्रों की गिनती के अनुसार एक एक पत्थर उठा कर अपने अपने कन्धे पर रखो, 
Joshua 4:6 जिस से यह तुम लोगों के बीच चिन्हानी ठहरे, और आगे को जब तुम्हारे बेटे यह पूछें, कि इन पत्थरों का क्या मतलब है? 
Joshua 4:20 और जो बारह पत्थर यरदन में से निकाले गए थे, उन को यहोशू ने गिलगाल में खड़े किए। 
Joshua 4:21 तब उसने इस्राएलियों से कहा, आगे को जब तुम्हारे लड़के-बाले अपने अपने पिता से यह पूछें, कि इन पत्थरों का क्या मतलब है? 
Joshua 4:22 तब तुम यह कहकर उन को बताना, कि इस्राएली यरदन के पार स्थल ही स्थल चले आए थे। 
Joshua 4:23 क्योंकि जैसे तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने लाल समुद्र को हमारे पार हो जाने तक हमारे साम्हने से हटाकर सुखा रखा था, वैसे ही उसने यरदन का भी जल तुम्हारे पार हो जाने तक तुम्हारे साम्हने से हटाकर सुखा रखा; 
Joshua 4:24 इसलिये कि पृथ्वी के सब देशों के लोग जान लें कि यहोवा का हाथ बलवन्त है; और तुम सर्वदा अपने परमेश्वर यहोवा का भय मानते रहो।

  • एक साल में बाइबल: 2 राजा 13-14
  • यूहन्ना 2



रविवार, 10 मई 2015

समय


   जब मैं पास्टर का कार्य कर रहा था तब मुझे कई माताओं के मध्य सेवकाई के अवसर मिले। मैं उनके पास अस्पतालों में गया और उनके नवजात शिशुओं के लिए उनके साथ आनन्दित हुआ। मैं उनके घरों में गया और बच्चों की अनाज्ञाकारिता के कारण व्याकुल और चिंतित महिलाओं को समझाया, मार्गदर्शन प्रदान किया, उन्हें आश्वस्त किया कि परमेश्वर उनके बलवाई बच्चों का भी ध्यान रखे हुए है। मैं उन माताओं के साथ भी खड़ा होकर दुखी हुआ जिनके बच्चे बीमार या घायल थे और मैं उन माताओं के दुख में उनके साथ दुखी होकर रोया भी जब उनके बच्चे किसी कारण इस संसार से जाते रहे।

   प्रभु यीशु की माता मरियम भी आनन्द और शोक के समयों से होकर निकली थी। उन्हें कितना आनन्द हुआ होगा जब मसीह यीशु का जन्म हुआ (लूका 2:7)। वो कितनी उत्साहित हुई होगी जब चरवाहे और फिर पूर्व देश के ज्ञानी प्रभु को देखने और दण्डवत करने आए (लूका 2:8-20; मत्ती 2:1-12)। उन्हें कितनी बेचैनी हुई होगी जब शिमौन ने भविष्यवाणी करी कि उसका दिल दुख की तलवार से छेदा जाएगा (लूका 2:35); और उसके लिए कितना हृदय-विदारक रहा होगा जब उन्होंने अपने बेटे को क्रूस पर लटके और मरते हुए देखा होगा (यूहन्ना 19:25-30)। लेकिन मरियम के लिए ये भिन्न समय उनके पुत्र की मृत्यु के भयानक दृश्य के साथ समाप्त नहीं हो गए; जब प्रभु यीशु मृतकों में से जीवित हो उठा, तब उनके लिए अभूतपूर्व आनन्द का समय भी आया।

   ने केवल माताएं, वरन हम सब अपने जीवन काल में अनेक प्रकार के आनन्द तथा दुख के समयों से होकर निकलते हैं; लेकिन जब हम अपने जीवन को प्रभु यीशु के हाथ में समर्पित कर देते हैं तो हमारे हर प्रकार के समय उसकी महिमा तथा उसके अनन्त उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उपयोग हो सकते हैं। - हर्ब वैन्डर लुग्ट


माँ होना परमेश्वर के साथ एक पवित्र ज़िम्मेदारी निभाने की सहभागिता है।

हर एक बात का एक अवसर और प्रत्येक काम का, जो आकाश के नीचे होता है, एक समय है। - सभोपदेशक 3:1

बाइबल पाठ: लूका 2:6-35
Luke 2:6 उन के वहां रहते हुए उसके जनने के दिन पूरे हुए। 
Luke 2:7 और वह अपना पहिलौठा पुत्र जनी और उसे कपड़े में लपेटकर चरनी में रखा: क्योंकि उन के लिये सराय में जगह न थी। 
Luke 2:25 और देखो, यरूशलेम में शमौन नाम एक मनुष्य था, और वह मनुष्य धर्मी और भक्त था; और इस्राएल की शान्‍ति की बाट जोह रहा था, और पवित्र आत्मा उस पर था। 
Luke 2:26 और पवित्र आत्मा से उसको चितावनी हुई थी, कि जब तक तू प्रभु के मसीह को देख ने लेगा, तक तक मृत्यु को न देखेगा। 
Luke 2:27 और वह आत्मा के सिखाने से मन्दिर में आया; और जब माता-पिता उस बालक यीशु को भीतर लाए, कि उसके लिये व्यवस्था की रीति के अनुसार करें। 
Luke 2:28 तो उसने उसे अपनी गोद में लिया और परमेश्वर का धन्यवाद कर के कहा, 
Luke 2:29 हे स्‍वामी, अब तू अपने दास को अपने वचन के अनुसार शान्‍ति से विदा करता है। 
Luke 2:30 क्योंकि मेरी आंखो ने तेरे उद्धार को देख लिया है। 
Luke 2:31 जिसे तू ने सब देशों के लोगों के साम्हने तैयार किया है। 
Luke 2:32 कि वह अन्य जातियों को प्रकाश देने के लिये ज्योति, और तेरे निज लोग इस्राएल की महिमा हो। 
Luke 2:33 और उसका पिता और उस की माता इन बातों से जो उसके विषय में कही जाती थीं, आश्चर्य करते थे। 
Luke 2:34 तब शमौन ने उन को आशीष देकर, उस की माता मरियम से कहा; देख, वह तो इस्राएल में बहुतों के गिरने, और उठने के लिये, और एक ऐसा चिन्ह होने के लिये ठहराया गया है, जिस के विरोध में बातें की जाएगीं 
Luke 2:35 वरन तेरा प्राण भी तलवार से वार पार छिद जाएगा-- इस से बहुत हृदयों के विचार प्रगट होंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 राजा 10-12
  • यूहन्ना 1:29-51


शनिवार, 9 मई 2015

निश्चिंत


   पिछली गर्मियों में मेरे पति और मैंने मिलकर एक संगीत समारोह आयोजित किया जो कैंसर से पीड़ित बच्चों के इलाज संबंधी अनुसन्धान में सहायता राशि जमा करने के लिए था। हमने उस समारोह को अपने घर के पीछे के आंगन में आयोजित किया था किंतु बिगड़ते मौसम ने ऐन मौके पर हमें हमारी योजना बदलने पर मजबूर कर दिया और समारोह से कुछ घंटे पहले ही हमें आयोजन से संबंधित सब कुछ अपने चर्च प्रांगण में बनी व्यायामशाला में ले जाना पड़ा। आयोजन के स्थानांतरण के कार्य में हमारे मित्र और परिवार के लोग सहायता करने लगे, कोई खाने-पीने के सामान को तो कोई सजावट की चीज़ों को तो कोई अन्य संगीत संबंधित सामान को नए स्थान पर ले जाने लगा, तो कोई अन्य निमंत्रित 100 से भी अधिक मेहमानों को फोन करके आयोजन के नए स्थल के बारे में बताने लगा। इस व्यस्तता में मेरे पति के चिंतित चेहरे को देख, हमारी बेटी रोज़ी ने अपने पिता को गले लगाते हुए उनसे कहा, "पापा चिंता मत करो; हम सब आपके साथ हैं!"

   किसी परेशानी के समय ऐसा सुनना बहुत शान्तिदायक होता है, हमें स्मरण दिलाता है कि हम अकेले नहीं हैं; कोई और भी हमारे साथ है जो हमें आश्वस्त कर रहा है, "मत घबराओ, मैं तुम्हारे लिए यहीं हूँ, उपलब्ध हूँ, और जहाँ कहीं कुछ रह जाएगा, मैं उसे संभाल लूँगा। मैं तुम्हारे लिए आँखों और हाथों का एक और जोड़ा बन जाऊँगा।" 

   जब इस्त्राएली मिस्त्र के दास्तव से निकल कर वाचा किए हुए कनान देश की स्वतंत्रता की ओर जा रहे थे तो उन्हें वापस दास्तव में खींच लाने के लिए मिस्त्र के राजा फिरौन ने अपनी सेना और रथों को उनके पीछे भेजा (निर्गमन 14:17); परन्तु "तब परमेश्वर का दूत जो इस्राएली सेना के आगे आगे चला करता था जा कर उनके पीछे हो गया; और बादल का खम्भा उनके आगे से हटकर उनके पीछे जा ठहरा" (निर्गमन 14:19)। परमेश्वर ने इस प्रकार उनकी रात भर रक्षा और अगुवाई करी तथा उन्हें लाल समुद्र को दो भाग करके सुरक्षित दूसरे छोर पर ले गया।

   आज भी हमारा परमेश्वर पिता हमें आश्वस्त करता है, निश्चिंत रहो, मैं सर्वदा तुम्हारे साथ हूँ (इब्रानियों 13:5); इसीलिए प्रेरित पौलुस ने रोम के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में उन्हें समझाया, "सो हम इन बातों के विषय में क्या कहें? यदि परमेश्वर हमारी ओर है, तो हमारा विरोधी कौन हो सकता है?" (रोमियों 8:31) - सिंडी हैस कैस्पर


हमारी ज़िम्मेदारी है अपनी चिंताओं को उतार देना, परमेश्वर की ज़िम्मेदारी है उन चिंताओं को समाधान के लिए उठा लेना।

तब तेरा प्रकाश पौ फटने की नाईं चमकेगा, और तू शीघ्र चंगा हो जाएगा; तेरा धर्म तेरे आगे आगे चलेगा, यहोवा का तेज तेरे पीछे रक्षा करते चलेगा। - यशायाह 58:8

बाइबल पाठ: निर्गमन 14:19-25
Exodus 14:19 तब परमेश्वर का दूत जो इस्राएली सेना के आगे आगे चला करता था जा कर उनके पीछे हो गया; और बादल का खम्भा उनके आगे से हटकर उनके पीछे जा ठहरा। 
Exodus 14:20 इस प्रकार वह मिस्रियों की सेना और इस्राएलियों की सेना के बीच में आ गया; और बादल और अन्धकार तो हुआ, तौभी उस से रात को उन्हें प्रकाश मिलता रहा; और वे रात भर एक दूसरे के पास न आए। 
Exodus 14:21 और मूसा ने अपना हाथ समुद्र के ऊपर बढ़ाया; और यहोवा ने रात भर प्रचण्ड पुरवाई चलाई, और समुद्र को दो भाग कर के जल ऐसा हटा दिया, जिससे कि उसके बीच सूखी भूमि हो गई। 
Exodus 14:22 तब इस्राएली समुद्र के बीच स्थल ही स्थल पर हो कर चले, और जल उनकी दाहिनी और बाईं ओर दीवार का काम देता था। 
Exodus 14:23 तब मिस्री, अर्थात फिरौन के सब घोड़े, रथ, और सवार उनका पीछा किए हुए समुद्र के बीच में चले गए। 
Exodus 14:24 और रात के पिछले पहर में यहोवा ने बादल और आग के खम्भे में से मिस्रियों की सेना पर दृष्टि कर के उन्हें घबरा दिया। 
Exodus 14:25 और उसने उनके रथों के पहियों को निकाल डाला, जिससे उनका चलना कठिन हो गया; तब मिस्री आपस में कहने लगे, आओ, हम इस्राएलियों के साम्हने से भागें; क्योंकि यहोवा उनकी ओर से मिस्रियों के विरुद्ध युद्ध कर रहा है।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 राजा 7-9
  • यूहन्ना 1:1-28



शुक्रवार, 8 मई 2015

सृष्टि


   मैं और मेरा बेटा अपने घर वापस लौट रहे थे। हमने दूर से ही एक विशाल खाई के किनारे उगे हुए अकेले पेड़ पर बैठे एक विशाल पक्षी को देखा। हमारे निकट आने पर वह पक्षी, अमेरिका में पाया जाने वाला सुनहला गरुड़, पेड़ से उछला, अपने पंख फैलाए और उड़ान भरने लगा। उस गरुड़ के विशालकाय पंखों में बनी सुनहरी धारियाँ प्रातः के सूरज की रौशनी में झिलमिलाने लगीं; उसके विशाल आकार और अद्भुत सुन्दरता ने हमें मन्त्रमुग्ध सा कर दिया। परमेश्वर की सृष्टि की उस विलक्षण रचना तथा सुन्दरता को देख पाने के अवसर के लिए हमने अपने आप को धन्य जाना।

   सृष्टि परमेश्वर के विस्मयकारी तथा पराक्रमी कामों का वर्णन करती है (भजन 145:5) और जब हम थम कर परमेश्वर के उन कामों पर मनन करते हैं तो उन्हें बनाने और चलाने वाले परमेश्वर के चरित्र और सामर्थ पर हमें आश्चर्य होता है, उसके सामने हम नतमस्तक हो जाते हैं। उस दिन उस सुनहले गरुड़ ने मुझे और मेरे पुत्र को परमेश्वर की विलक्षण कारीगरी और महानता का एक पाठ पढ़ाया। लेकिन इस पाठ को हमें केवल विशालकाय चीज़ें ही नहीं पढ़ाती हैं, वरन परमेश्वर की सारी सृष्टि उसका गुणगान करती है, उसकि गवाही देती है; चहकता और मधुर गीत गाता कोई छोटा सा पक्षी, जंगल में विचरण करती हिरणी और कुलाँचे भरता उसका मेमना, कभी शाँत तो कभी रौद्र रूप ले लेने वाली सागर की लहरें, इधर-उधर मैदानों में खिलने वाले छोटे छोटे रंगीन सुन्दर फूल, बसन्त ऋतु आते ही सूखे पेड़ों का परिवर्तित होकर हरियाली से ढक जाना - ये सब परमेश्वर की उस अद्भुत रचना-कला और बुद्धिमता के नमूने और प्रमाण हैं।

   परमेश्वर अनायास ही अपनी रचना-कला, सुन्दरता और बुद्धिमता के प्रमाण हमारे समक्ष बिलकुल अप्रत्याशित रीति से और अनपेक्षित स्थानों पर ले आता है, उनमें होकर उसकी महिमा हमारे सामने चमकती है, और हमें अवसर प्रदान करता है कि हम उसकी सृष्टि में होकर उसके गुणों को समझ सकें, फिर उन गुणों पर मनन तथा विचार कर के उसे और निकटता से जान सकें, उसकी आराधना कर सकें। - डेव एग्नर


आश्चर्यचकित होने के लिए सदा तैयार रहें। - ई. बी. व्हाईट

आकाश ईश्वर की महिमा का वर्णन कर रहा है; और आकशमण्डल उसकी हस्तकला को प्रगट कर रहा है। - भजन 19:1

बाइबल पाठ: भजन 145:1-7
Psalms 145:1 हे मेरे परमेश्वर, हे राजा, मैं तुझे सराहूंगा, और तेरे नाम को सदा सर्वदा धन्य कहता रहूंगा। 
Psalms 145:2 प्रति दिन मैं तुझ को धन्य कहा करूंगा, और तेरे नाम की स्तुति सदा सर्वदा करता रहूंगा। 
Psalms 145:3 यहोवा महान और अति स्तुति के योग्य है, और उसकी बड़ाई अगम है। 
Psalms 145:4 तेरे कामों की प्रशंसा और तेरे पराक्रम के कामों का वर्णन, पीढ़ी पीढ़ी होता चला जाएगा। 
Psalms 145:5 मैं तेरे ऐश्वर्य की महिमा के प्रताप पर और तेरे भांति भांति के आश्चर्यकर्मों पर ध्यान करूंगा। 
Psalms 145:6 लोग तेरे भयानक कामों की शक्ति की चर्चा करेंगे, और मैं तेरे बड़े बड़े कामों का वर्णन करूंगा। 
Psalms 145:7 लोग तेरी बड़ी भलाई का स्मरण कर के उसकी चर्चा करेंगे, और तेरे धर्म का जयजयकार करेंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 राजा 4-6
  • लूका 24:36-53



गुरुवार, 7 मई 2015

सताव


   मैं सताव के बारे में व्यक्तिगत अनुभव से कुछ नहीं जानती क्योंकि मेरा शारीरिक स्वास्थ्य मेरे मसीही विश्वास के कारण कभी किसी खतरे में नहीं पड़ा। सताव के विषय में मेरी जो भी जानकारी है वह मेरे इसके बारे में पढ़ने और सुनने के द्वारा ही है। लेकिन यह बात संसार में हमारे बहुत से अन्य मसीही विश्वासी भाई-बहनों के लिए सत्य नहीं है। उन में से कुछ तो प्रतिदिन अपनी जान के जोखिम में जीते हैं केवल इस कारण कि वे प्रभु यीशु से प्रेम करते हैं और चाहते हैं कि और लोग भी उसके बारे में जानें।

   एक अन्य प्रकार का सताव भी है जो जान के लिए खतरनाक ना सही लेकिनमन को दुखी करने वाला अवश्य है। यह है मसीह यीशु को व्यक्तिगत रीति से अपना उद्धारकर्ता नहीं स्वीकार करने वाले प्रीय तथा परिवार जनों से आने वाला सताव। जब हमारे ये प्रिय जन हमारे मसीही विश्वास का मज़ाक उड़ाते हैं और जिन बातों को हम मानते हैं उनके कारण और हमारे परमेश्वर के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त करने की विधि को लेकर हमारा ठठ्ठा करते हैं तो हमें आभास होता है कि हम उनको अप्रीय औरौनसे तिरिस्कृत हैं, जो अवश्य ही दुखदायी भी होता है।

   प्रेरित पौलुस ने मसीही विश्वासियों को सचेत किया कि मसीह यीशु पर विश्वास लाना और निभाना मसीही विश्वासी के जीवन में सताव को भी लेकर आएगा: "पर जितने मसीह यीशु में भक्ति के साथ जीवन बिताना चाहते हैं वे सब सताए जाएंगे" (2 तिमुथियुस 3:12)। प्रभु यीशु ने अपने अनुयायियों से स्पष्ट कहा कि उनके सताने वाले उनके अपने घर के लोग ही होंगे (मत्ती 10:34-36)। लेकिन सब से अधिक कष्ट तब होता है जब वे लोग जिनसे हम प्रेम करते हैं तथा हम जिनका भला करना चाहते हैं, वे ही परमेश्वर के उनके प्रति प्रेम का तिरिस्कार करें, उसका उपहास करें।

   हमारे प्रभु यीशु ने हमें सिखाया है कि हम अपने सताने वालों के लिए प्रार्थना करें (मत्ती 5:44), और यह केवल प्रीय या परिवार जनों के लिए ही नहीं वरन हम से बैर करने और हमें सताने वाले अजनबियों के लिए भी लागू है। परमेश्वर हमें अनुग्रह दे कि हम प्रत्येक प्रकार के सताव में उसके प्रति विश्वास में दृढ़ बने रहें और सभी सताए जाने वालों के लिए प्रार्थना करते रहें। - जूली ऐकैअरमैन लिंक


लोग हमारे सन्देश का उपहास कर सकते हैं, परन्तु वे हमारी प्रार्थनाओं को नहीं रोक सकते।

परन्तु मैं तुम से यह कहता हूं, कि अपने बैरियों से प्रेम रखो और अपने सताने वालों के लिये प्रार्थना करो। - मत्ती 5:44

बाइबल पाठ: मत्ती 10:32-38
Matthew 10:32 जो कोई मनुष्यों के साम्हने मुझे मान लेगा, उसे मैं भी अपने स्‍वर्गीय पिता के साम्हने मान लूंगा। 
Matthew 10:33 पर जो कोई मनुष्यों के साम्हने मेरा इन्कार करेगा उस से मैं भी अपने स्‍वर्गीय पिता के साम्हने इन्कार करूंगा। 
Matthew 10:34 यह न समझो, कि मैं पृथ्वी पर मिलाप कराने को आया हूं; मैं मिलाप कराने को नहीं, पर तलवार चलवाने आया हूं। 
Matthew 10:35 मैं तो आया हूं, कि मनुष्य को उसके पिता से, और बेटी को उस की मां से, और बहू को उस की सास से अलग कर दूं। 
Matthew 10:36 मनुष्य के बैरी उसके घर ही के लोग होंगे। 
Matthew 10:37 जो माता या पिता को मुझ से अधिक प्रिय जानता है, वह मेरे योग्य नहीं और जो बेटा या बेटी को मुझ से अधिक प्रिय जानता है, वह मेरे योग्य नहीं। 
Matthew 10:38 और जो अपना क्रूस ले कर मेरे पीछे न चले वह मेरे योग्य नहीं।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 राजा 1-3
  • लूका 24:1-35



बुधवार, 6 मई 2015

तैयार


   मेरा बेटा एक लंबा अवकाश लेकर घर आया हुआ था। एक दिन उस ने मेरे कार्य करने के कमरे का दरवाज़ा खटखटाया, अन्दर आया और मुझ से पूछा कि मैं क्या कर रहा हूँ? मैंने उत्तर दिया कि "मैं रविवार की बाइबल क्लास की तैयारी कर रहा हूँ"; और फिर यह सोचते हुए कि मैं अकसर कुछ ना कुछ तैयार करने के लिए अपने कमरे में कार्यरत रहता हूँ, मैंने आगे कहा, "लगता है कि मैं सदा ही कुछ तैयार कर रहा होता हूँ"।

   मैं परमेश्वर का बहुत धन्यवादी हूँ उन अवसरों के लिए जो वह मुझे प्रदान करता है कि मैं दूसरों तक उसके वचन को पहुँचा सकूँ। लेकिन इस कार्य में कुछ तनाव भी रहता है जब आप सदा किसी ना किसी के लिए कुछ ना कुछ तैयार करने में लगे रहते हैं। ऐसे में घर, परिवार और अन्य बातों के लिए अपनी प्राथमिकताओं को निर्धारित करना और निभाना कभी कभी कठिन भी हो जाता है, क्योंकि सदा ही कोई पाठ, कोई सन्देश, या कोई दस्तावेज़ आपके समय और मन पर हावी होता है।

   सदा तैयारी करते रहने के इस विचार ने मुझ में जिज्ञासा उत्पन्न करी और मैंने परमेश्वर के वचन बाइबल में खोज कर देखा कि इस विषय में वहाँ क्या शिक्षाएं दी गई हैं। मुझे मिला कि बाइबल हम मसीही विश्वासियों को सदा तैयारी करते रहने के लिए सिखाती है। परमेश्वर को समर्पित हृदय को उसकी सेवा के लिए सदा तैयारी करते रहना है (1 शमूएल 7:3)। हमें भले कार्यों के लिए सदा तैयार रहना है (2 तिमुथियुस 2:21); हमें पवित्रशास्त्र की सच्चाईयों की सुरक्षा करने और समझाने के लिए सदा तैयार रहना है (1 पतरस 3:15)। प्रेरित पौलुस यह भी स्मरण करवाता है कि अपने संसाधानों का सेवकाई में दान करने के लिए भी योजनाबद्ध रीति से तैयार रहना है (2 कुरिन्थियों 9:5)।

   यह तो बस एक शुरूआत है; परमेश्वर को भाते रहने वाला जीवन व्यतीत करने के लिए हमें मानसिक, आत्मिक और शारीरिक रिति से तैयार रहना है। लेकिन इसके लिए हमें किसी तनाव में आने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि परमेश्वर स्वयं हमें इसके लिए आवश्यक सामर्थ और मार्गदर्शन देगा। परमेश्वर से प्रार्थना करें कि जब हम उसकी सेवकाई करने, उसे आदर देने और दूसरों को उसके बारे में बताने के लिए तैयार होते हैं तो इन सब में वह ही हमारा मार्गदर्शन करे। - डेव ब्रैनन


आज का सही उपयोग ही कल की सर्वोत्तम तैयारी है।

सो हे प्यारो जब कि ये प्रतिज्ञाएं हमें मिली हैं, तो आओ, हम अपने आप को शरीर और आत्मा की सब मलिनता से शुद्ध करें, और परमेश्वर का भय रखते हुए पवित्रता को सिद्ध करें। - 2 कुरिन्थियों 7:1 

बाइबल पाठ: 2 तिमुथियुस 2:19-26
2 Timothy 2:19 तौभी परमेश्वर की पड़ी नेव बनी रहती है, और उस पर यह छाप लगी है, कि प्रभु अपनों को पहिचानता है; और जो कोई प्रभु का नाम लेता है, वह अधर्म से बचा रहे। 
2 Timothy 2:20 बड़े घर में न केवल सोने-चान्दी ही के, पर काठ और मिट्टी के बरतन भी होते हैं; कोई कोई आदर, और कोई कोई अनादर के लिये। 
2 Timothy 2:21 यदि कोई अपने आप को इन से शुद्ध करेगा, तो वह आदर का बरतन, और पवित्र ठहरेगा; और स्‍वामी के काम आएगा, और हर भले काम के लिये तैयार होगा। 
2 Timothy 2:22 जवानी की अभिलाषाओं से भाग; और जो शुद्ध मन से प्रभु का नाम लेते हैं, उन के साथ धर्म, और विश्वास, और प्रेम, और मेल-मिलाप का पीछा कर। 
2 Timothy 2:23 पर मूर्खता, और अविद्या के विवादों से अलग रह; क्योंकि तू जानता है, कि उन से झगड़े होते हैं। 
2 Timothy 2:24 और प्रभु के दास को झगड़ालू होना न चाहिए, पर सब के साथ कोमल और शिक्षा में निपुण, और सहनशील हो। 
2 Timothy 2:25 और विरोधियों को नम्रता से समझाए, क्या जाने परमेश्वर उन्हें मन फिराव का मन दे, कि वे भी सत्य को पहिचानें। 
2 Timothy 2:26 और इस के द्वारा उस की इच्छा पूरी करने के लिये सचेत हो कर शैतान के फंदे से छूट जाएं।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 राजा 21-22
  • लूका 23:26-56