ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

गुरुवार, 26 अप्रैल 2018

समझें और जानें



   मुझे संग्रहालयों में जाना वहाँ प्रदर्शित कलाकृतियाँ देखना अच्छा लगता है। विभिन्न कलाकारों द्वारा बनाई गई वे कलाकृतियाँ असाधारण तथा स्तब्ध कर देने वाली होती हैं। परन्तु कोई-कोई कलाकृति मुझे उलझन में डाल देती है, क्योंकि मैं उसे समझ नहीं पाता हूँ। मुझे वह कलाकृति नहीं, चित्रपटल पर लगाए गए रंगीन धब्बे अधिक प्रतीत होते हैं – यद्यपि कलाकार अपनी कला में माहिर है, और जो उसने बनाया है वह उस संग्रहालय की साख और गरिमा के अनुसार उत्कृष्ट है, परन्तु मुझे जो मैं देख रहा हूँ उसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाता है।

   कभी-कभी यही बात परमेश्वर के वचन बाइबल को लेकर लोगों के साथ भी होती है। पवित्र-शास्त्र को लेकर लोग अचरज करते हैं, उलझनों का सामना करते हैं, धारणा रखते हैं कि क्या उसे समझ पाना संभव भी है? बाइबल के साथ कहाँ और कैसे आरंभ करें? ऐसे में बाइबल में ही प्रेरित पौलुस के द्वारा लिखवाए गए शब्द हमारा मार्गदर्शन और सहायता करते हैं – “जितनी बातें पहिले से लिखी गईं, वे हमारी ही शिक्षा के लिये लिखी गईं हैं कि हम धीरज और पवित्र शास्त्र की शान्ति के द्वारा आशा रखें” (रोमियों 15:4)।

   परमेश्वर ने हमें अपना वचन, पवित्र-शास्त्र बाइबल हमारे निर्देश और प्रोत्साहन के लिए दिया है। परमेश्वर ने बाइबल में लिखावाई गई अपने मन की बातों को समझने में सहायता प्रदान करने के लिए अपने अनुयायियों को अपना पवित्र-आत्मा भी दिया है “परन्तु जब वह अर्थात सत्य का आत्मा आएगा, तो तुम्हें सब सत्य का मार्ग बताएगा, क्योंकि वह अपनी ओर से न कहेगा, परन्तु जो कुछ सुनेगा, वही कहेगा, और आनेवाली बातें तुम्हें बताएगा” (यूहन्ना 16:13)। एक अन्य स्थान पर इस बात की पुष्टि करते हुए पौलुस ने लिखा: “परन्तु हम ने संसार की आत्मा नहीं, परन्तु वह आत्मा पाया है, जो परमेश्वर की ओर से है, कि हम उन बातों को जानें, जो परमेश्वर ने हमें दी हैं” (1 कुरिन्थियों 2:12)।

   परमेश्वर के पवित्र-आत्मा की सहायता तथा मार्गदर्शन से, हम मसीही विश्वासी पवित्र-शास्त्र बाइबल को निःसंकोच होकर पढ़ सकते हैं, इस विश्वास के साथ कि इसके पृष्ठ तथा लेखों के द्वारा परमेश्वर चाहता है कि हम उसे समझें, निकटता से जानें और उसकी इच्छा के अनुसार चलकर अपने जीवनों को उन्नत कर सकें, अनन्त काला के लाभ प्राप्त कर सकें। - बिल क्राउडर


बाइबल को पढ़कर ही उसके लेखक, परमेश्वर, को जाना जा सकता है।

हर एक पवित्रशास्‍त्र परमेश्वर की प्रेरणा से रचा गया है और उपदेश, और समझाने, और सुधारने, और धर्म की शिक्षा के लिये लाभदायक है। ताकि परमेश्वर का जन सिद्ध बने, और हर एक भले काम के लिये तत्‍पर हो जाए। - 2 तिमुथियुस 3:16-17

बाइबल पाठ: रोमियों 15:1-6
Romans 15:1 निदान हम बलवानों को चाहिए, कि निर्बलों की निर्बलताओं को सहें; न कि अपने आप को प्रसन्न करें।
Romans 15:2 हम में से हर एक अपने पड़ोसी को उस की भलाई के लिये सुधारने के निमित प्रसन्न करे।
Romans 15:3 क्योंकि मसीह ने अपने आप को प्रसन्न नहीं किया, पर जैसा लिखा है, कि तेरे निन्दकों की निन्दा मुझ पर आ पड़ी।
Romans 15:4 जितनी बातें पहिले से लिखी गईं, वे हमारी ही शिक्षा के लिये लिखी गईं हैं कि हम धीरज और पवित्र शास्त्र की शान्ति के द्वारा आशा रखें।
Romans 15:5 और धीरज, और शान्ति का दाता परमेश्वर तुम्हें यह वरदान दे, कि मसीह यीशु के अनुसार आपस में एक मन रहो।
Romans 15:6 ताकि तुम एक मन और एक मुंह हो कर हमारे प्रभु यीशु मसीह के पिता परमेश्वर की बड़ाई करो। 

                                                 

एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 23-24
  • लूका 19:1-27




बुधवार, 25 अप्रैल 2018

बढ़कर



   परमेश्वर के वचन बाइबल के पुराने नियम खण्ड में 2 शमूएल नामक पुस्तक का प्रमुख विषय “जीवन गडबड़ी से भरा है” कहा जा सकता है। इस पुस्तक में वर्णित राजा दाऊद के जीवन से संबंधित घटनाओं को लेकर सरलता से टी.वी. के सीरियल्स की एक श्रंखला बनाने की क्षमता है। इस पुस्तक में दाउद द्वारा इस्राएल का राजा स्थापित होने, उसके सैनिक अभियानों और चुनौतियों, उससे संबंधित राजनैतिक षड्यंत्रों तथा परिवार एवँ मित्रगणों द्वारा किए गए विश्वासघात और स्वयं उसके अपने जीवन के अनैतिक कार्यों का वर्णन दिया गया है।

   परन्तु 2 शमूएल के अन्त की ओर पहुंचते समय हम इसी पुस्तक में दाऊद के द्वारा लिखा गया परमेश्वर की करुणा, दया, प्रेम और उससे मिलने वाले छुटकारे का स्तुति गीत भी पाते हैं, जहाँ दाऊद कहता है, “हे यहोवा, तू ही मेरा दीपक है, और यहोवा मेरे अन्धियारे को दूर कर के उजियाला कर देता है” (22:29)। अपनी अनेकों परेशानियों में दाऊद परमेश्वर की ओर मुड़ा और उससे कहा, “तेरी सहायता से मैं दल पर धावा करता, अपने परमेश्वर की सहायता से मैं शहरपनाह को फांद जाता हूँ” (पद 30)।

   संभवतः हम भी दाऊद के समान, उसके द्वारा अनुभव किए गए संघर्षों के साथ अपने आप को जुड़ा हुआ देख सकते हैं, क्योंकि हमारे समान ही वह भी सिद्ध नहीं था; परन्तु वह जानता था कि परमेश्वर उसके जीवन की हर गड़बड़ी से कहीं अधिक बढ़कर है, हर परिस्थति और परेशानी पर नियंत्रण तथा अधिकार रखता है, उन बातों को बदल भी सकता है, और उस स्थिति में अपने लोगों को संभाल कर सुरक्षित भी रख सकता है। इसलिए हम भी दाऊद के साथ कह सकते हैं: “ईश्वर की गति खरी है; यहोवा का वचन ताया हुआ है; वह अपने सब शरणागतों की ढाल है” (पद 31)।

   जीवन परेशानियों और परिस्थितियों से भरा हुआ अवश्य हो सकता है, परन्तु हमारा परमेश्वर उन सब से कहीं अधिक बढ़कर है। - डेविड मैक्कैस्लैंड


परमेश्वर के साथ नई शुरुआत करने में कभी कोई विलम्ब नहीं होता है।

यहोवा परमेश्वर मेरी ज्योति और मेरा उद्धार है; मैं किस से डरूं? यहोवा मेरे जीवन का दृढ़ गढ़ ठहरा है, मैं किस का भय खाऊं? – भजन 27:1

बाइबल पाठ: 2 शमूएल 22:26-37
2 Samuel 22:26 दयावन्त के साथ तू अपने को दयावन्त दिखाता; खरे पुरुष के साथ तू अपने को खरा दिखाता है;
2 Samuel 22:27 शुद्ध के साथ तू अपने को शुद्ध दिखाता; और टेढ़े के साथ तू तिरछा बनता है।
2 Samuel 22:28 और दीन लोगों को तो तू बचाता है, परन्तु अभिमानियों पर दृष्टि कर के उन्हें नीचा करता है।
2 Samuel 22:29 हे यहोवा, तू ही मेरा दीपक है, और यहोवा मेरे अन्धियारे को दूर कर के उजियाला कर देता है।
2 Samuel 22:30 तेरी सहायता से मैं दल पर धावा करता, अपने परमेश्वर की सहायता से मैं शहरपनाह को फांद जाता हूँ।
2 Samuel 22:31 ईश्वर की गति खरी है; यहोवा का वचन ताया हुआ है; वह अपने सब शरणागतों की ढाल है।
2 Samuel 22:32 यहोवा को छोड़ क्या कोई ईश्वर है? हमारे परमेश्वर को छोड़ क्या और कोई चट्टान है?
2 Samuel 22:33 यह वही ईश्वर है, जो मेरा अति दृढ़ क़िला है, वह खरे मनुष्य को अपने मार्ग में लिये चलता है।
2 Samuel 22:34 वह मेरे पैरों को हरिणियों के से बना देता है, और मुझे ऊंचे स्थानों पर खड़ा करता है।
2 Samuel 22:35 वह मेरे हाथों को युद्ध करना सिखाता है, यहां तक कि मेरी बांहें पीतल के धनुष को झुका देती हैं।
2 Samuel 22:36 और तू ने मुझ को अपने उद्धार की ढाल दी है, और तेरी नम्रता मुझे बढ़ाती है।
2 Samuel 22:37 तू मेरे पैरों के लिये स्थान चौड़ा करता है, और मेरे पैर नहीं फिसले।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 21-22
  • लूका 18:24-43



मंगलवार, 24 अप्रैल 2018

सुरक्षित



   साहित्य पुस्तकों में मेरा एक पसंदीदा भाग है अंग्रजी के सुप्रसिद्ध उपन्यास David Copperfield में से, जहाँ उपन्यास के नायक, डेविड कॉपरफील्ड की चाची, बेट्सी ट्रॉटवुड, अपने भतीजे डेविड के साथ किए गए अत्याचार और दुर्व्यवहार के लिए डेविड के सौतेले पिता का बड़ी बेबाक और क्रुद्ध होकर सामना करती है।

   जब डेविड कॉपरफील्ड अपनी चाची के घर पहुंचता है, तो उसके पीछे-पीछे, सौतेला पिता मर्डस्टोन भी पहुंच जाता है। बेट्सी बिना घबराए या डरे, मर्डस्टोन के सामने उसके द्वारा किए गए दुर्व्यवहारों की सूची उसे सुनाती है, और उसके द्वारा डेविड के साथ किए गए किसी भी अत्याचार के लिए उसे बचकर निकलने का अवसर नहीं देती है। बेट्सी के आरोप इतने प्रबल और सत्य थे कि मर्डस्टोन, जो सामान्यतः स्वयं बहुत आक्रामक रहता था, बिना कुछ कहे ही वहाँ से चला जाता है। बेट्सी की भलाई और चरित्र की सामर्थ्य के कारण ही डेविड को अन्ततः न्याय मिलने पाता है।

   एक अन्य भी है जो भला और सामर्थी है, और वह एक दिन इस सँसार की सभी बुराईयों को उलट देगा। परमेश्वर का वचन बाइबल हमें बताती है कि जब प्रभु यीशु इस सँसार में लौट कर आएँगे, तब उनके साथ बलवान स्वर्गदूतों का एक दल भी होगा। वह उन्हें जो क्लेश में हैं चैन देगा, और जिन्होंने उनके लोगों के लिए समस्याएं और कठिनाईयां उत्पन्न की हैं, उन्हें नज़रंदाज़ नहीं करेगा, वरन उनसे सारा हिसाब लेगा (2 थिस्सुलुनीकियों1:6-7)।

   आज हमें सँसार में चाहे कुछ भी भोगना पड़े, सहना पड़े, लेकिन वास्तव में हम अनन्तकाल के लिए सुरक्षित हैं। - जेनिफर बेन्सन शुल्ट


एक दिन प्रभु परमेश्वर प्रत्येक गलत को सही कर देगा।

फिर मैं ने सिंहासन में से किसी को ऊंचे शब्द से यह कहते सुना, कि देख, परमेश्वर का डेरा मनुष्यों के बीच में है; वह उन के साथ डेरा करेगा, और वे उसके लोग होंगे, और परमेश्वर आप उन के साथ रहेगा; और उन का परमेश्वर होगा। और वह उन की आंखों से सब आंसू पोंछ डालेगा; और इस के बाद मृत्यु न रहेगी, और न शोक, न विलाप, न पीड़ा रहेगी; पहिली बातें जाती रहीं। - प्रकाशितवाक्य 21:3-4

बाइबल पाठ: 2 थिस्सुलुनीकियों1:3-12
2 Thessalonians 1:3 हे भाइयो, तुम्हारे विषय में हमें हर समय परमेश्वर का धन्यवाद करना चाहिए, और यह उचित भी है इसलिये कि तुम्हारा विश्वास बहुत बढ़ता जाता है, और तुम सब का प्रेम आपस में बहुत ही होता जाता है।
2 Thessalonians 1:4 यहां तक कि हम आप परमेश्वर की कलीसिया में तुम्हारे विषय में घमण्‍ड करते हैं, कि जितने उपद्रव और क्‍लेश तुम सहते हो, उन सब में तुम्हारा धीरज और विश्वास प्रगट होता है।
2 Thessalonians 1:5 यह परमेश्वर के सच्चे न्याय का स्‍पष्‍ट प्रमाण है; कि तुम परमेश्वर के राज्य के योग्य ठहरो, जिस के लिये तुम दुख भी उठाते हो।
2 Thessalonians 1:6 क्योंकि परमेश्वर के निकट यह न्याय है, कि जो तुम्हें क्‍लेश देते हैं, उन्हें बदले में क्‍लेश दे।
2 Thessalonians 1:7 और तुम्हें जो क्‍लेश पाते हो, हमारे साथ चैन दे; उस समय जब कि प्रभु यीशु अपने सामर्थी दूतों के साथ, धधकती हुई आग में स्वर्ग से प्रगट होगा।
2 Thessalonians 1:8 और जो परमेश्वर को नहीं पहचानते, और हमारे प्रभु यीशु के सुसमाचार को नहीं मानते उन से पलटा लेगा।
2 Thessalonians 1:9 वे प्रभु के साम्हने से, और उसकी शक्ति के तेज से दूर हो कर अनन्त विनाश का दण्‍ड पाएंगे।
2 Thessalonians 1:10 यह उस दिन होगा, जब वह अपने पवित्र लोगों में महिमा पाने, और सब विश्वास करने वालों में आश्चर्य का कारण होने को आएगा; क्योंकि तुम ने हमारी गवाही की प्रतीति की।
2 Thessalonians 1:11 इसी लिये हम सदा तुम्हारे निमित्त प्रार्थना भी करते हैं, कि हमारा परमेश्वर तुम्हें इस बुलाहट के योग्य समझे, और भलाई की हर एक इच्छा, और विश्वास के हर एक काम को सामर्थ सहित पूरा करे।
2 Thessalonians 1:12 कि हमारे परमेश्वर और प्रभु यीशु मसीह के अनुग्रह के अनुसार हमारे प्रभु यीशु का नाम तुम में महिमा पाए, और तुम उस में।


एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 19-20
  • लूका 18:1-23



सोमवार, 23 अप्रैल 2018

चिरस्थायी वचन



   दूसरे विश्व-युद्ध के आरंभ में, हवाई बमबारी ने पोलैंड के शहर वॉरसौ को बर्बाद कर दिया था। वहाँ के अधिकांश भवन ध्वस्त हो गए थे, सीमेंट के बड़े-बड़े टूटे हुए भाग, पानी के फटे हुए पाईप, टूटे हुए काँच की किरचें शहर भर में चारों ओर बिखरी हुई थीं। लेकिन शहर के एक इलाके में, क्षतिग्रस्त भवनों के मध्य अधिकाँशतः बची हुई एक इमारत अभी भी सर उठाए खड़ी थी – ब्रिटिश और फौरिन बाइबल सोसाईटी का पोलैंड का मुख्यालय। उस इमारत की बची हुई दीवारों में से एक पर अभी भी परमेश्वर के वचन बाइबल का एक पद पढ़ा जा सकता था “आकाश और पृथ्वी टल जाएंगे, परन्तु मेरी बातें कभी न टलेंगी” (मत्ती 24:35)।

   यह प्रभु यीशु द्वारा अपने शिष्यों को, जब उन्होंने जगत के अन्त के चिन्हों के बारे में जानने चाहा था, प्रोत्साहित करने के लिए प्रभु के द्वारा कहे गए कथन का एक भाग था। लेकिन प्रभु के यही शब्द आज हमें हमारी कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत और आशा देते हैं। अपने ध्वस्त सपनों के मलबे में खड़े होकर भी हम परमेश्वर के कभी न बदलें वाले चरित्र, सार्वभौमिकता, और प्रतिज्ञाओं में आश्वासन और भरोसे के द्वारा प्रोत्साहित हो सकते हैं।

   भजनकार ने लिखा, “हे यहोवा, तेरा वचन, आकाश में सदा तक स्थिर रहता है” (भजन 119:89)। परन्तु बात केवल परमेश्वर के वचन तक ही सीमित नहीं है, इस बात में उसका चरित्र भी सम्मिलित है। इसीलिए भजनकार साथ ही में यह भी कह सक कि “तेरी सच्चाई पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है; तू ने पृथ्वी को स्थिर किया, इसलिये वह बनी है” (पद 90)।

   जीवन में जब हम विध्वंसक परिस्थितियों का सामना करें, तो परमेश्वर के साथ हमारे संबंध के परिप्रेक्ष्य में हम उन्हें या तो निराशाजनक, या फिर आशावान कह सकते हैं। क्योंकि परमेश्वर हमें कभी हमारे हालात पर छोड़ नहीं देगा, इसलिए हम बेधड़क होकर आशावान होना चुन सकते हैं। परमेश्वर का चिरस्थायी वचन हमें उसके कभी न बदलने, कभी न टलने, कभी भी कम न होने वाले प्रेम तथा देखभाल के विषय आश्वस्त करता है। - डेनिस फिशर


हम परमेश्वर के चिरस्थायी वचन पर सदैव भरोसा कर सकते हैं।

तुम्हारा स्‍वभाव लोभरिहत हो, और जो तुम्हारे पास है, उसी पर संतोष किया करो; क्योंकि उसने आप ही कहा है, कि मैं तुझे कभी न छोडूंगा, और न कभी तुझे त्यागूंगा। इसलिये हम बेधड़क हो कर कहते हैं, कि प्रभु, मेरा सहायक है; मैं न डरूंगा; मनुष्य मेरा क्या कर सकता है। - इब्रानियों 13:5-6

बाइबल पाठ: भजन 119:89-96
Psalms 119:89 हे यहोवा, तेरा वचन, आकाश में सदा तक स्थिर रहता है।
Psalms 119:90 तेरी सच्चाई पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है; तू ने पृथ्वी को स्थिर किया, इसलिये वह बनी है।
Psalms 119:91 वे आज के दिन तक तेरे नियमों के अनुसार ठहरे हैं; क्योंकि सारी सृष्टि तेरे आधीन है।
Psalms 119:92 यदि मैं तेरी व्यवस्था से सुखी न होता, तो मैं दु:ख के समय नाश हो जाता।
Psalms 119:93 मैं तेरे उपदेशों को कभी न भूलूंगा; क्योंकि उन्हीं के द्वारा तू ने मुझे जिलाया है।
Psalms 119:94 मैं तेरा ही हूं, तू मेरा उद्धार कर; क्योंकि मैं तेरे उपदेशों की सुधि रखता हूं।
Psalms 119:95 दुष्ट मेरा नाश करने के लिये मेरी घात में लगे हैं; परन्तु मैं तेरी चितौनियों पर ध्यान करता हूं।
Psalms 119:96 जितनी बातें पूरी जान पड़ती हैं, उन सब को तो मैं ने अधूरी पाया है, परन्तु तेरी आज्ञा का विस्तार बड़ा है।


एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 16-18
  • लूका 17:20-37



रविवार, 22 अप्रैल 2018

सुनता और जानता



   निकट समय तक, ग्रामीण आयरलैंड के अनेकों कस्बों में घरों के नंबर अथवा पिन कोड का प्रयोग नहीं होता था। इसलिए यदि एक ही नाम के एक से अधिक व्यक्ति उस कस्बे में रहते थे, तो डाक सबसे पहले उस नाम के वहाँ सबसे अधिक समय से रहने वाले व्यक्ति को दी जाती थी, जो उसे पढ़कर यदि उससे संबंधित नहीं होती थी तो अपने से बाद वाले को दे देता था, और इसी प्रकार वह पढ़कर यदि अवश्यक होता था तो अपने से बाद वाले को देता था, जब तक वह पत्र सबके द्वारा पढ़ा जाता हुआ, सही व्यक्ति तक नहीं पहुँच जाता था। डाक वितरण में होने वाली इस गडबड़ी को कम करने के लिए हाल ही में आयरलैंड की सरकार ने पिन कोड प्रणाली को लागू किया है, जिससे डाक वितरण की गड़बड़ियां कम से कम हो सकें।

   हम जब परमेश्वर से प्रार्थना करते हैं, तो कभी-कभी हमें लगता है कि हम अपने आप को परमेश्वर के सम्मुख उतनी भली प्रकार से व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं, जैसा हम व्यक्त करना चाहते हैं; हमें इस प्रक्रिया में सहायता की आवश्यकता है। परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस ने रोम के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में कहा कि परमेश्वर का पवित्र आत्मा जो हमारे अन्दर बस्ता है, ऐसे में हमारी सहायता करता है, और वह जो हम व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं, हमारे कराहने को, परमेश्वर पिता के सामने प्रस्तुत करता है: “इसी रीति से आत्मा भी हमारी दुर्बलता में सहायता करता है, क्योंकि हम नहीं जानते, कि प्रार्थना किस रीति से करना चाहिए; परन्तु आत्मा आप ही ऐसी आहें भर भरकर जो बयान से बाहर है, हमारे लिये बिनती करता है” (पद 26)। पवित्र आत्मा सदा परमेश्वर पिता की इच्छा के अनुरूप ही प्रार्थना करता है, सदा परमेश्वर की इच्छा से अवगत रहता है, और परमेश्वर पिता पवित्र आत्मा की मनसा जानता है।

   इसलिए हमें प्रोत्साहित रहना चाहिए कि हम जब भी प्रार्थना करते हैं, परमेश्वर हमारी सुनता है, और हमारी प्रत्येक आवश्यकता और मन की गहराई की बात को भली भांति जानता भी है। - मारविन विलियम्स


जब आप अपनी प्रार्थना को शब्दों में व्यक्त नहीं पर पाते हैं, 
परमेश्वर तब भी आपकी प्रार्थनाएं सुनता है।

यहोवा ने मेरा गिड़गिड़ाना सुना है; यहोवा मेरी प्रार्थना को ग्रहण भी करेगा। - भजन 6:9

बाइबल पाठ: रोमियों 8:19-27
Romans 8:19 क्योंकि सृष्टि बड़ी आशाभरी दृष्टि से परमेश्वर के पुत्रों के प्रगट होने की बाट जोह रही है।
Romans 8:20 क्योंकि सृष्टि अपनी इच्छा से नहीं पर आधीन करने वाले की ओर से व्यर्थता के आधीन इस आशा से की गई।
Romans 8:21 कि सृष्टि भी आप ही विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर, परमेश्वर की सन्तानों की महिमा की स्वतंत्रता प्राप्त करेगी।
Romans 8:22 क्योंकि हम जानते हैं, कि सारी सृष्टि अब तक मिलकर कराहती और पीड़ाओं में पड़ी तड़पती है।
Romans 8:23 और केवल वही नहीं पर हम भी जिन के पास आत्मा का पहिला फल है, आप ही अपने में कराहते हैं; और लेपालक होने की, अर्थात अपनी देह के छुटकारे की बाट जोहते हैं।
Romans 8:24 आशा के द्वारा तो हमारा उद्धार हुआ है परन्तु जिस वस्तु की आशा की जाती है जब वह देखने में आए, तो फिर आशा कहां रही? क्योंकि जिस वस्तु को कोई देख रहा है उस की आशा क्या करेगा?
Romans 8:25 परन्तु जिस वस्तु को हम नहीं देखते, यदि उस की आशा रखते हैं, तो धीरज से उस की बाट जोहते भी हैं॥
Romans 8:26 इसी रीति से आत्मा भी हमारी दुर्बलता में सहायता करता है, क्योंकि हम नहीं जानते, कि प्रार्थना किस रीति से करना चाहिए; परन्तु आत्मा आप ही ऐसी आहें भर भरकर जो बयान से बाहर है, हमारे लिये बिनती करता है।
Romans 8:27 और मनों का जांचने वाला जानता है, कि आत्मा की मनसा क्या है क्योंकि वह पवित्र लोगों के लिये परमेश्वर की इच्छा के अनुसार बिनती करता है।


एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 12-13
  • लूका 16



शनिवार, 21 अप्रैल 2018

प्रतिज्ञा



   मैं एक पुस्तक पढ़ने में लीन थी, तभी मेरी एक सहेली ने मेरे कंधे की ऊपर से झाँक कर देखा कि मैं क्या पढ़ रही हूँ। देखते ही वह तुरंत ही चौंक कर, यह कहते हुए पीछे हट गई, “कितना उदासीन शीर्षक है”। जो मैं पढ़ रही थी वह कहानियों के लोकप्रिय संकलन “Grimm’s Fairy Tales” की एक कहानी, “The Glass Coffin” थी, और शब्द ‘Coffin’ अर्थात ‘ताबूत, या शव रखने की पेटी’ ने उसे विचलित किया था। हम में से अधिकांश को यह पसन्द नहीं है कि हमें हमारी नश्वरता का स्मरण कराया जाए, परन्तु वास्तविकता यही है कि हम सभी को एक न एक दिन मरना ही है।

   मृत्यु का उल्लेख सदा ही एक गहरी भावनात्मक प्रतिक्रिया को उत्पन्न करता है। परमेश्वर के वचन बाइबल में हम प्रभु यीशु के विषय देखते हैं कि अपने एक निकट मित्र, लाजार, की मृत्यु के पश्चात प्रभु यीशु ने गहरी भावनाएँ व्यक्त कीं। जब उसने लाजार की बहन मरियम और उन यहूदियों को जो उसके साथ आए थे रोते हुए देखा तो वह “...आत्मा में बहुत ही उदास हुआ, और घबरा कर कहा, तुम ने उसे कहां रखा है?” (यूहन्ना 11:33)। एक अन्य अंग्रेज़ी अनुवाद में आया है “उसके अन्दर से एक गहरा क्रोध उभर कर आया” (NLT)।

   प्रभु यीशु विचलित हुए, क्रोधित भी हुए – परन्तु किस पर? संभवतः वे पाप और उसके परिणामों पर क्रुद्ध थे। परमेश्वर ने सृष्टि की रचना करते समय बीमारी, कष्ट और दुःख से भरे सँसार की रचना नहीं की थी। परन्तु पाप को प्रवेश मिलने के बाद, पाप ने परमेश्वर की सुन्दर रचना तथा योजना को बिगाड़ दिया।

   लेकिन हमारे दुःख के समय में हमारा प्रभु परमेश्वर हमारे निकट रहता है, हमारे दुःख में हमारे साथ दुखी भी होता है (पद 35)। लेकिन इस सब से बढ़कर सांत्वना देने वाला तथ्य है कि हमारे स्थान पर मारे जाने और मृतकों में से जी उठने के द्वारा प्रभु यीशु ने पाप और मृत्यु को पराजित कर दिया है (1 कुरिन्थियों 15:55-57)। प्रभु यीशु की अपने अनुयायियों से प्रतिज्ञा है कि “यीशु ने उस से कहा, पुनरुत्थान और जीवन मैं ही हूं, जो कोई मुझ पर विश्वास करता है वह यदि मर भी जाए, तौभी जीएगा” (यूहन्ना 11:25)। आज प्रभु यीशु के विश्वासी इस जीवन में उसके साथ संगति का आनन्द लेते हैं, और उस अनन्त काल की प्रतीक्षा में हैं जहाँ मृत्योपरांत वे उसके साथ सदा काल के लिए निवास करेंगे, और वहाँ कोई आँसू, दर्द, बीमारी, या मृत्यु नहीं होगी। - पोह फैंग चिया


प्रभु यीशु की खाली कब्र मृत्यु पर विजय की निश्चितता और प्रमाण है।

हे मृत्यु तेरी जय कहां रही? हे मृत्यु तेरा डंक कहां रहा? मृत्यु का डंक पाप है; और पाप का बल व्यवस्था है। परन्तु परमेश्वर का धन्यवाद हो, जो हमारे प्रभु यीशु मसीह के द्वारा हमें जयवन्‍त करता है। - 1 कुरिन्थियों 15:55-7

बाइबल पाठ: यूहन्ना 11:1-4; 38-44
John 11:1 मरियम और उस की बहिन मारथा के गांव बैतनिय्याह का लाजर नाम एक मनुष्य बीमार था।
John 11:2 यह वही मरियम थी जिसने प्रभु पर इत्र डालकर उसके पांवों को अपने बालों से पोंछा था, इसी का भाई लाजर बीमार था।
John 11:3 सो उस की बहिनों ने उसे कहला भेजा, कि हे प्रभु, देख, जिस से तू प्रीति रखता है, वह बीमार है।
John 11:4 यह सुनकर यीशु ने कहा, यह बीमारी मृत्यु की नहीं, परन्तु परमेश्वर की महिमा के लिये है, कि उसके द्वारा परमेश्वर के पुत्र की महिमा हो।
John 11:38 यीशु मन में फिर बहुत ही उदास हो कर कब्र पर आया, वह एक गुफा थी, और एक पत्थर उस पर धरा था।
John 11:39 यीशु ने कहा; पत्थर को उठाओ: उस मरे हुए की बहिन मारथा उस से कहने लगी, हे प्रभु, उस में से अब तो र्दुगंध आती है क्योंकि उसे मरे चार दिन हो गए।
John 11:40 यीशु ने उस से कहा, क्या मैं ने तुझ से न कहा था कि यदि तू विश्वास करेगी, तो परमेश्वर की महिमा को देखेगी।
John 11:41 तब उन्होंने उस पत्थर को हटाया, फिर यीशु ने आंखें उठा कर कहा, हे पिता, मैं तेरा धन्यवाद करता हूं कि तू ने मेरी सुन ली है।
John 11:42 और मैं जानता था, कि तू सदा मेरी सुनता है, परन्तु जो भीड़ आस पास खड़ी है, उन के कारण मैं ने यह कहा, जिस से कि वे विश्वास करें, कि तू ने मुझे भेजा है।
John 11:43 यह कहकर उसने बड़े शब्द से पुकारा, कि हे लाजर, निकल आ।
John 11:44 जो मर गया था, वह कफन से हाथ पांव बन्‍धे हुए निकल आया और उसका मुंह अंगोछे से लिपटा हुआ तें यीशु ने उन से कहा, उसे खोल कर जाने दो।


एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 12-13
  • लूका 16



शुक्रवार, 20 अप्रैल 2018

योजना



   हमें शीघ्र और वास्तव में परमेश्वर से ही उत्तर चाहिए था। हमसे पूछा गया था कि क्या तीन माह के लिए हम दो बच्चों की देखभाल करने का बीड़ा उठाने को तैयार हैं? उन बच्चों के भविष्य के विषय निर्णय लेने का समय था। हमारे स्वयं के तीन बच्चे थे, जो उन दोनों से बड़े थे, और हमें उन दोनों स्कूल जाने की आयु से भी छोटे बच्चों की जिम्मेदारी लेनी थी। अपने परिवार में बच्चों की जिम्मेदारी को लगभग दोगुना कर लेना हमारी जीवन शैली के साथ मेल खाता हुआ लग नहीं रहा था; इस जिम्मेदारी को स्वीकार करना काफी कठिन कार्य होता।

   ऐसे में अनुभवी मसीही सेविका एमी कार्माईकल द्वारा लिखी गई दैनिक मनन के लिए मसीही लेखों की पुस्तक ने उस दिन के मनन के लिए हमारा ध्यान परमेश्वर के वचन बाइबल में गिनती 7 अध्याय के कुछ कम परिचित पदों की ओर आकर्षित किया। उस खण्ड के विषय एमी ने लिखा, “मैं सोचती हूँ कि उस समय कहातियों को कैसा लगा होगा? अन्य सभी याजकों के पास परमेश्वर के मिलाप के तम्बू के सामान को मरुभूमि और जंगल की यात्रा में ढो कर ले जाने के लिए बैल-गाड़ियां थीं। परन्तु कहातवंशियों को पत्थरीले और तपती हुई रेत के ऊबड़-खाबड़ मार्ग में उनकी जिम्मेदारी में दी गई पवित्र वस्तुओं को ढोने के लिए उनके अपने कंधे ही प्रयोग करने थे। क्या अन्दर ही अन्दर वे कभी कुड़कड़ाए, यह सोचते हुए कि अन्य याजकों को सरल कार्य सौंपा गया था, उन्हें नहीं! हो सकता है ऐसा हुआ हो; परन्तु परमेश्वर जानता है कि कुछ वस्तुएं इतनी बहुमूल्य होती हैं कि उन्हें बैल-गाड़ियों पर नहीं ले जाया जाता, इसीलिए परमेश्वर चाहता है कि हम उन्हें अपने कन्धों पर उठाकर चलें”।

   मैंने और मेरे पति ने पहचान लिया कि यही हमारा उत्तर था। हमने बहुत बार सोचा था कि हम किसी अविकसित देश में किसी बच्चे के पालन-पोषण के खर्चे को उठाएँ, परन्तु हमने ऐसा कभी किया नहीं था। वह करना अधिक सरल होता – बैल-गाड़ियों पर सामान ढोने के समान। अब हमारे घर में दो ज़रूरतमंद बच्चे थे, जिन्हें हमें अपने कन्धों पर लिए चलना था, क्योंकि वे परमेश्वर के लिए अति-मूल्यवान थे।

   हम में से प्रत्येक के लिए परमेश्वर के पास भिन्न योजनाएँ हैं। हमें लग सकता है कि औरों के पास हम से अधिक सरल जिम्मेदारियां हैं, या फिर उनका कार्य हमारे कार्य से अधिक आकर्षक अथवा प्रतिष्ठित है। परन्तु यदि हमारे प्रेमी परमेश्वर पिता ने हमें किसी कार्य के लिए चुना है, उस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी है, तो हम कौन होते हैं कि उसकी योजना के विरुद्ध यह फुसफुसाएं कि “मैं यह नहीं कर सकता हूँ?” – मेरियन स्ट्राउड


परमेश्वर साधारण लोगों के द्वारा असाधारण कार्य करने की योजनाएं बनाता है।

हे भाइयो, अपने बुलाए जाने को तो सोचो, कि न शरीर के अनुसार बहुत ज्ञानवान, और न बहुत सामर्थी, और न बहुत कुलीन बुलाए गए। परन्तु परमेश्वर ने जगत के मूर्खों को चुन लिया है, कि ज्ञान वालों को लज्ज़ित करे; और परमेश्वर ने जगत के निर्बलों को चुन लिया है, कि बलवानों को लज्ज़ित करे। - 1 कुरिन्थियों 1:26-27

बाइबल पाठ: गिनती 7:1-9
Numbers 7:1 फिर जब मूसा ने निवास को खड़ा किया, और सारे सामान समेत उसका अभिषेक कर के उसको पवित्र किया, और सारे सामान समेत वेदी का भी अभिषेक कर के उसे पवित्र किया,
Numbers 7:2 तब इस्त्राएल के प्रधान जो अपने अपने पितरों के घरानों के मुख्य पुरूष, और गोत्रों के भी प्रधान हो कर गिनती लेने के काम पर नियुक्त थे,
Numbers 7:3 वे यहोवा के साम्हने भेंट ले आए, और उनकी भेंट छ: छाई हुई गाडिय़ां और बारह बैल थे, अर्थात दो दो प्रधान की ओर से एक एक गाड़ी, और एक एक प्रधान की ओर से एक एक बैल; इन्हें वे निवास के साम्हने यहोवा के समीप ले गए।
Numbers 7:4 तब यहोवा ने मूसा से कहा,
Numbers 7:5 उन वस्तुओं को तू उन से ले ले, कि मिलापवाले तम्बू के बरतन में काम आएं, सो तू उन्हें लेवियों के एक एक कुल की विशेष सेवकाई के अनुसार उन को बांट दे।
Numbers 7:6 सो मूसा ने वे सब गाडिय़ां और बैल ले कर लेवियों को दे दिये।
Numbers 7:7 गेर्शोनियों को उनकी सेवकाई के अनुसार उसने दो गाडिय़ां और चार बैल दिए;
Numbers 7:8 और मरारियों को उनकी सेवकाई के अनुसार उसने चार गाडिय़ां और आठ बैल दिए; ये सब हारून याजक के पुत्र ईतामार के अधिकार में किए गए।
Numbers 7:9 और कहातियों को उसने कुछ न दिया, क्योंकि उनके लिये पवित्र वस्तुओं की यह सेवकाई थी कि वह उसे अपने कन्धों पर उठा लिया करें।


एक साल में बाइबल: 
  • 2 शमूएल 9-11
  • लूका 15:11-32