ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शनिवार, 21 सितंबर 2019

प्रार्थना



      गायक तथा गीत लेखक रॉबर्ट हैमलेट ने “The Lady Who Prays for Me” गाना अपनी माँ के सम्मान में लिखा, जिनका यह नियम था कि प्रति-प्रातः वे अपने बच्चों के लिए, उनके बस स्टॉप पर जाने से पहले, प्रार्थना अवश्य करती थीं। जब एक जवान माँ ने हैमलेट को यह गाना गाते हुए सुना, उन्होंने भी अपने बेटे के साथ प्रार्थना करने का निर्णय किया। इसका परिणाम हृदयस्पर्शी था! उसके बेटे के द्वार से बाहर निकलने से पहले उसकी माँ ने उसके साथ प्रार्थना की। पाँच मिनिट के बाद ही उनका बेटा बस स्टॉप से लौट कर आ गया, और उसके साथ बस स्टॉप से कुछ और बच्चे भी आए! उसकी माँ चकित हो गई, और पूछा कि “क्या हुआ”; तो बेटे ने उत्तर दिया, “इनकी माताओं ने इनके साथ प्रार्थना नहीं की।”

      परमेश्वर के वचन बाइबल में इफिसुस के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में पौलुस ने सभी से प्रार्थना करने का आग्रह किया, “हर समय, और हर प्रकार से” (6:18)। प्रतिदिन परमेश्वर पर निर्भरता को दिखाना परिवार के लिए अनिवार्य है क्योंकि अनेकों बच्चे परमेश्वर पर भरोसा करना तब ही सीखते हैं जब वे उनके निकट के लोगों में सच्चा विश्वास देखते हैं (2 तिमुथियुस 1:5)। प्रार्थना के अत्यंतावश्यक महत्व को सिखाने का इससे बेहतर और कोई मार्ग नहीं है, कि बच्चों के साथ और उनके लिए प्रार्थना की जाए। यह उन्हें व्यक्तिगत रीति से प्रत्येक आवश्यकता के लिए परमेश्वर की ओर बढ़ने की अनिवार्यता को समझाने का एक तरीका है।

      जब हम बच्चों को परमेश्वर के मार्ग पर डालते हैं, उनके समक्ष एक वास्तविक विश्वास का नमूना रखने के द्वारा (नीतिवचन 22:6; 2 तिमुथियुस 1:5), तो हम उन्हें एक विशेष उपहार देते हैं; यह आश्वासन कि परमेश्वर हमारे जीवनों का अभिन्न अंग है, और सदैव हमारे साथ बना रहता है, हमसे सदा प्रेम करता है, हमारा मार्गदर्शन करता है, और हमें सुरक्षा प्रदान करता है। - सिंडी हैस कैस्पर

दैनिक प्रार्थना प्रतिदिन की चिंताओं को कम कर देती है।

लड़के को शिक्षा उसी मार्ग की दे जिस में उसको चलना चाहिये, और वह बुढ़ापे में भी उस से न हटेगा। - नीतिवचन 22:6

बाइबल पाठ: इफिसियों 6:18-19
Ephesians 6:18 और हर समय और हर प्रकार से आत्मा में प्रार्थना, और बिनती करते रहो, और इसी लिये जागते रहो, कि सब पवित्र लोगों के लिये लगातार बिनती किया करो।
Ephesians 6:19 और मेरे लिये भी, कि मुझे बोलने के समय ऐसा प्रबल वचन दिया जाए, कि मैं हियाव से सुसमाचार का भेद बता सकूं जिस के लिये मैं जंजीर से जकड़ा हुआ राजदूत हूं।

एक साल में बाइबल: 
  • सभोपदेशक 7-9
  • 2 कुरिन्थियों 13



शुक्रवार, 20 सितंबर 2019

दौड़



      सन 2016 के रियो में आयोजित ओलंपिक खेलों में 5,000 मीटर की दौड़ में भाग ले रहे दो धाविकाओं ने सँसार भर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। दौड़ में लगभग 3,200 मीटर की दूरी तय हो चुकी थी , कि दो धाविकाएं, न्यूज़ीलैंड की निक्की हैमबलिन और अमेरिका की एब्बे दी औगास्तिनों, आपस में टकरा गईं। एब्बे जल्दी से उठ खड़ी हुई, परन्तु उसने रुक कर निक्की को उठने में सहायता की। जैसे ही दोनों धाविकाओं ने फिर से दौड़ना आरंभ किया, एब्बे लंगड़ाने लगी, गिरने के कारण उसके दाहिनी टांग में चोट आई थी। अब निक्की की बारी थी कि रुक कर अपनी साथी धाविका को दौड़ समाप्त करने के लिए प्रोत्साहित करे। जब अन्ततः एब्बे लड़खड़ाती हुई समाप्ति रेखा के पार उतरी, तब वहाँ उसका स्वागत करने उसे गले लगाने के लिए निक्की वहीं खड़ी थी। परस्पर एक-दूसरे को प्रोत्साहित करने का यह अति-सुन्दर दृश्य था।

      इस घटना से मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल में दी गई एक बात स्मरण आती है: “एक से दो अच्छे हैं...क्योंकि यदि उन में से एक गिरे, तो दूसरा उसको उठाएगा; परन्तु हाय उस पर जो अकेला हो कर गिरे और उसका कोई उठाने वाला न हो” (सभोपदेशक 4:9-10)। एक आत्मिक दौड़ में भागने वाले धावकों के समान, हमें एक-दूसरे की सहायता की आवश्यकता होती है। हम इस दौड़ में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा के कारण नहीं हैं, हम एक ही टीम के सदस्य हैं जो साथ दौड़ रहे हैं। ऐसे पल आएँगे जब हम लड़खड़ाएंगे और हमें औरों की सहायता की आवश्यकता पड़ेगी; और ऐसे भी पल होंगे जब औरों को हमारी सहायता की आवश्यकता पड़ेगी – हमारे प्रोत्साहन, हमारी प्रार्थनाओं, या उनके साथ हमारी उपस्थिति के द्वारा।

      आत्मिक दौड़ अकेले नहीं दौड़ी जाती है। क्या परमेश्वर आपको किसी के लिए निक्की या एब्बी बनने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है? परमेश्वर के द्वारा उकसाए जाने को तुरंत प्रतिक्रया दें और दौड़ को पूरी करने में किसी की सहायता करें। - पोह फैंग चिया

परमेश्वर जहाँ हमें ले जाना चाहता है वहाँ पहुँचने के लिए 
हमें एक-दूसरे की सहायता की आवश्यकता होती है।

हे भाइयों, यदि कोई मनुष्य किसी अपराध में पकड़ा भी जाए, तो तुम जो आत्मिक हो, नम्रता के साथ ऐसे को संभालो, और अपनी भी चौकसी रखो, कि तुम भी परीक्षा में न पड़ो। तुम एक दूसरे के भार उठाओ, और इस प्रकार मसीह की व्यवस्था को पूरी करो। - गलातियों 6:1-2

बाइबल पाठ: सभोपदेशक 4:9-12
Ecclesiastes 4:9 एक से दो अच्छे हैं, क्योंकि उनके परिश्रम का अच्छा फल मिलता है।
Ecclesiastes 4:10 क्योंकि यदि उन में से एक गिरे, तो दूसरा उसको उठाएगा; परन्तु हाय उस पर जो अकेला हो कर गिरे और उसका कोई उठाने वाला न हो।
Ecclesiastes 4:11 फिर यदि दो जन एक संग सोए तो वे गर्म रहेंगे, परन्तु कोई अकेला क्योंकर गर्म हो सकता है?
Ecclesiastes 4:12 यदि कोई अकेले पर प्रबल हो तो हो, परन्तु दो उसका साम्हना कर सकेंगे। जो डोरी तीन तागे से बटी हो वह जल्दी नहीं टूटती।

एक साल में बाइबल: 
  • सभोपदेशक 4-6
  • 2 कुरिन्थियों 12



गुरुवार, 19 सितंबर 2019

रिक्त स्थान



      जब हम छोटे थे तो मैं और मेरा भाई अकसर घर में माँ द्वारा बनाए गए और हमें परोसे गए केक के भाग को लेकर बहस करते थे कि, “उसको मिला भाग मेरे भाग से अधिक है।” एक दिन पिताजी ने भौंहें चढ़ाकर हमारी इस लड़ाई को देखा, और मुस्कुराकर माँ को देखा, फिर अपनी प्लेट उठाकर माँ से कहा, “मुझे अपने हृदय के बराबर का भाग दो।” मेरे भाई और मैंने स्तब्ध होकर खामोशी से देखा कि माँ ने हँसते हुए सबसे बड़ा भाग उठाकर पिताजी को दे दिया।

      यदि हम औरों के भाग पर ध्यान लगाएंगे तो फिर ईर्ष्या उत्पन्न होगी। परन्तु परमेश्वर का वचन बाइबल हमें सांसारिक संपत्ति से कहीं अधिक मूल्यवान वस्तुओं पर आँखें लगाने को कहती है। भजनकार लिखता है, “यहोवा मेरा भाग है; मैं ने तेरे वचनों के अनुसार चलने का निश्चय किया है। मैं ने पूरे मन से तुझे मनाया है; इसलिये अपने वचन के अनुसार मुझ पर अनुग्रह कर” (भजन 119:57-58)। पवित्र आत्मा से प्रेरणा पाकर, लेखक ने इस सत्य को व्यक्त किया कि परमेश्वर की निकटता में होने से बढ़कर और कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है।

      हमारे प्रेमी और असीम सृजनहार से अधिक बेहतर हमारा और क्या भाग हो सकता है? पृथ्वी की कोई बात उसके तुल्य नहीं है, और उसे हम से अलग कुछ भी नहीं कर सकता है। मानवीय लालसाएँ कभी न भरने वाला रिक्त स्थान हैं; व्यक्ति के पास सँसार का सब कुछ हो सकता है, परन्तु वह फिर भी दुखित रह सकता है। परन्तु जब परमेश्वर हमारे आनन्द का स्त्रोत है, तब हम वास्तव में संतुष्ट रहते हैं।

      हमारे अन्दर एक ऐसा रिक्त स्थान है जिसे केवल परमेश्वर ही भर सकता है; केवल वही हमें वह शान्ति दे सकता है जो हमारे हृदय के रिक्त स्थान को भर सके। - जेम्स बैंक्स

जब हम उसके हैं, तो वह सदा काल के लिए हमारा है। 
हे प्रभु आपने हमें अपने लिए बनाया है।
हमारे हृदय अशांत रहते हैं जब तक आप में शान्ति न पाएँ। - ऑगस्टिन ऑफ हिप्पो

यहोवा मेरा भाग और मेरे कटोरे का हिस्सा है; मेरे बाट को तू स्थिर रखता है। - भजन  16:5

बाइबल पाठ: भजन 73:21-28
Psalms 73:21 मेरा मन तो चिड़चिड़ा हो गया, मेरा अन्त:करण छिद गया था,
Psalms 73:22 मैं तो पशु सरीखा था, और समझता न था, मैं तेरे संग रह कर भी, पशु बन गया था।
Psalms 73:23 तौभी मैं निरन्तर तेरे संग ही था; तू ने मेरे दाहिने हाथ को पकड़ रखा।
Psalms 73:24 तू सम्मति देता हुआ, मेरी अगुवाई करेगा, और तब मेरी महिमा कर के मुझ को अपने पास रखेगा।
Psalms 73:25 स्वर्ग में मेरा और कौन है? तेरे संग रहते हुए मैं पृथ्वी पर और कुछ नहीं चाहता।
Psalms 73:26 मेरे हृदय और मन दोनों तो हार गए हैं, परन्तु परमेश्वर सर्वदा के लिये मेरा भाग और मेरे हृदय की चट्टान बना है।
Psalms 73:27 जो तुझ से दूर रहते हैं वे तो नाश होंगे; जो कोई तेरे विरुद्ध व्यभिचार करता है, उसको तू विनाश करता है।
Psalms 73:28 परन्तु परमेश्वर के समीप रहना, यही मेरे लिये भला है; मैं ने प्रभु यहोवा को अपना शरणस्थान माना है, जिस से मैं तेरे सब कामों का वर्णन करूं।

एक साल में बाइबल: 
  • सभोपदेशक 1-3
  • 2 कुरिन्थियों 11:16-33



बुधवार, 18 सितंबर 2019

संचालन



      विश्व-विख्यात वायलिन वादक जोशुआ बेल एक विख्यात चवालीस सदस्यों के ऑर्केस्ट्रा के संचालक भी हैं। इस ऑर्केस्ट्रा का संचालन वह अन्य संचालकों के समान, सामने खड़े होकर तथा अपनी छड़ी की हरकतों से नहीं करते हैं, वरन उनकी संचालन विधि बहुत अनूठी है। वे यह संचालन अन्य वायलिन वादकों के साथ अपने वायलिन को बजाते हुए करते हैं। बेल ने बताया कि “वायलिन बजाते हुए भी मैं ऑर्केस्ट्रा के अन्य सदस्यों को हर प्रकार के संकेत और निर्देशन प्रदान कर सकता हूँ, जो कि, मैं समझता हूँ कि केवल वे ही समझ सकते हैं। वे मेरे वायलिन के प्रत्येक हलके से भी झुकाए जाने, मेरी भौंहों के हरकतों, या वायलिन बजाने के लिए उसपर चलने वाले धनुष को चलाने, सभी ऐसी हरकतों और बातों को समझते हैं, और पहचानते हैं कि मैं संपूर्ण ऑर्केस्ट्रा से क्या ध्वनि सुनना चाहता हूँ।”

      जिस प्रकार ऑर्केस्ट्रा के सदस्य संगीत प्रस्तुत करने के लिए बेल को देखते हैं, परमेश्वर का वचन बाइबल भी हमें निर्देश देती है कि अपने जीवनों के सही संचालन के लिए हम प्रभु यीशु मसीह की ओर देखते रहें। इब्रानियों के अध्याय 11 में विश्वास के अनेकों नायकों की सूचि प्रदान करने के पश्चात, अध्याय 12 के आरंभ में इब्रानियों का लेखक कहता है, “इस कारण जब कि गवाहों का ऐसा बड़ा बादल हम को घेरे हुए है, तो आओ, हर एक रोकने वाली वस्तु, और उलझाने वाले पाप को दूर कर के, वह दौड़ जिस में हमें दौड़ना है, धीरज से दौड़ें। और विश्वास के कर्ता और सिद्ध करने वाले यीशु की ओर ताकते रहें” (इब्रानियों 12:1-2)।

      प्रभु यीशु ने अपने सभी अनुयायियों से वायदा किया है कि वे सदा हमारे साथ हैं (मत्ती 28:20)। क्योंकि हमारा प्रभु सदा हमारे साथ बना रहता है, इसलिए हमें यह अद्भुत सौभाग्य है कि हम अपनी दृष्टि उस पर लगाए रह सकते हैं, और वह हमारे जीवनों का संचालन करता रह सकता है। - डेविड मैक्कैस्लैंड

हम अपनी आँखें हमारे उद्धारकर्ता प्रभु यीशु पर लगाए रखें, 
और वह हमारे जीवनों का निर्देशन तथा संचालन करता रहेगा।

और उन्हें सब बातें जो मैं ने तुम्हें आज्ञा दी है, मानना सिखाओ: और देखो, मैं जगत के अन्‍त तक सदैव तुम्हारे संग हूं। - मत्ती 28:20

बाइबल पाठ: इब्रानियों 12:1-3
Hebrews 12:1 इस कारण जब कि गवाहों का ऐसा बड़ा बादल हम को घेरे हुए है, तो आओ, हर एक रोकने वाली वस्तु, और उलझाने वाले पाप को दूर कर के, वह दौड़ जिस में हमें दौड़ना है, धीरज से दौड़ें।
Hebrews 12:2 और विश्वास के कर्ता और सिद्ध करने वाले यीशु की ओर ताकते रहें; जिसने उस आनन्द के लिये जो उसके आगे धरा था, लज्ज़ा की कुछ चिन्‍ता न कर के, क्रूस का दुख सहा; और सिंहासन पर परमेश्वर के दाहिने जा बैठा।
Hebrews 12:3 इसलिये उस पर ध्यान करो, जिसने अपने विरोध में पापियों का इतना वाद-विवाद सह लिया कि तुम निराश हो कर हियाव न छोड़ दो।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 30-31
  • 2 कुरिन्थियों 11:1-15



मंगलवार, 17 सितंबर 2019

परिवर्तन



      मैं मेरी से प्रति मंगलवार मिलती थी, जब मैं “द हाउस” जाया करती थी; जो ऐसा स्थान था जहाँ पूर्व कैदियों की समाज से फिर से जुड़ने में सहायता की जाती थी। मेरा जीवन मेरी के जीवन से भिन्न दिखाई देता था। वह हाल ही में जेल से निकल कर आई थी, नशे की लत से जूझ रही थी, अपने बेटे से अलग थी। आप कह सकते हैं कि वह समाज से बाहर होने का जीवन जी रही थी।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में भी हम मेरी के समान एक व्यक्ति, उनेसिमुस, को पाते हैं जिसने संभवतः अपने मसीही स्वामी, फिलेमोन, की कुछ हानि की थी और जेल में डाला गया था। जेल में उसकी मुलाक़ात पौलुस से हुई और उनेसिमुस भी मसीही विश्वासी हो गया (पद 10)। यद्यपि उनेसुमुस में अब मसीही विश्वास में आने के पश्चात परिवर्तन आ गया था, किन्तु वह अभी भी दास था। पौलुस ने उसे उसके स्वामी फिलेमोन के पास वापस भेजा, और साथ में एक पत्र भी भेजा, जिसमें पौलुस ने फिलेमोन से निवेदन किया कि वह उनेसिमुस के साथ “अब से दास के समान नहीं, वरन दास से भी उत्तम, अर्थात भाई के समान रहे” (फिलेमोन 1:16)।

      अब फिलेमोन को एक चुनाव करना था; वह उनेसिमुस से दास के समान बर्ताव करता रह सकता था, या मसीह में विश्वासी भाई के समान उसका स्वागत कर सकता था। मेरे सामने भी मेरी को लेकर ऐसा ही चुनाव था; मैं मेरी को एक पूर्व कैदी और नशे की लत से जूझती हुई एक स्त्री के रूप में देख सकती थी, या फिर एक ऐसी स्त्री के रूप में जिसके जीवन में मसीह यीशु की सामर्थ्य से परिवर्तन आया था। मेरी, प्रभु यीशु में विश्वास के द्वारा, अब मेरी विश्वासी बहन थी, और हम दोनों को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ था कि मसीही विश्वास के अपने जीवनों में एक-दूसरे के तथा प्रभु के साथ चल सकें।

      बहुत सरल होता है कि सामाजिक और आर्थिक स्तर, वर्ग, या साँस्कृतिक भिन्नताओं के द्वारा परस्पर एक-दूसरे से पृथक होकर रहें। परन्तु प्रभु यीशु मसीह का सुसमाचार इन पृथक करने वाली दीवारों को ढा देता है, हमारे जीवनों और संबंधों में सदा के लिए परिवर्तन ले आता है। - कैरेन वुल्फ

प्रभु यीशु का सुसमाचार जीवनों में परिवर्तन लाता है।

सो यदि कोई मसीह में है तो वह नई सृष्‍टि है: पुरानी बातें बीत गई हैं; देखो, वे सब नई हो गईं। - 2 कुरिन्थियों 5:17

बाइबल पाठ: फिलेमोन 1:8-16
Philemon 1:8 इसलिये यद्यपि मुझे मसीह में बड़ा हियाव तो है, कि जो बात ठीक है, उस की आज्ञा तुझे दूं।
Philemon 1:9 तौभी मुझ बूढ़े पौलुस को जो अब मसीह यीशु के लिये कैदी हूं, यह और भी भला जान पड़ा कि प्रेम से बिनती करूं।
Philemon 1:10 मैं अपने बच्‍चे उनेसिमुस के लिये जो मुझ से मेरी कैद में जन्मा है तुझ से बिनती करता हूं।
Philemon 1:11 वह तो पहिले तेरे कुछ काम का न था, पर अब तेरे और मेरे दोनों के बड़े काम का है।
Philemon 1:12 उसी को अर्थात जो मेरे हृदय का टुकड़ा है, मैं ने उसे तेरे पास लौटा दिया है।
Philemon 1:13 उसे मैं अपने ही पास रखना चाहता था कि तेरी ओर से इस कैद में जो सुसमाचार के कारण है, मेरी सेवा करे।
Philemon 1:14 पर मैं ने तेरी इच्छा बिना कुछ भी करना न चाहा कि तेरी यह कृपा दबाव से नहीं पर आनन्द से हो।
Philemon 1:15 क्योंकि क्या जाने वह तुझ से कुछ दिन तक के लिये इसी कारण अलग हुआ कि सदैव तेरे निकट रहे।
Philemon 1:16 परन्तु अब से दास के समान नहीं, वरन दास से भी उत्तम, अर्थात भाई के समान रहे जो शरीर में भी और विशेष कर प्रभु में भी मेरा प्रिय हो।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 27-29
  • 2 कुरिन्थियों 10



सोमवार, 16 सितंबर 2019

क्रोध प्रबंधन



      मैं अपनी एक सहेली के साथ भोजन कर रही थी, तो उसने बताया कि वह अपने परिवार के एक सदस्य से कितनी खिसिया चुकी थी। परन्तु वह उस सदस्य से कुछ भी कहने से हिचकिचाती थी। मेरी सहेली को उस सदस्य द्वारा लगातार उसकी उपेक्षा करते रहना या उसका मजाक उड़ाते रहना कतई पसन्द नहीं था, परन्तु फिर भी वह ऐसा करता ही रहता था, मेरी सहेली को क्रोध दिलाता रहता था। अनतः जब उसने उस सदस्य से इस समस्या के विषय बात-चीत करनी चाही, तो उस सदस्य ने निन्दापूर्ण आलोचना करने के द्वारा प्रत्युत्तर दिया। इससे मेरी सहेली भड़क उठी और उसपर बहुत क्रुद्ध हुई। परिणामस्वरूप दोनों ही व्यक्तियों ने अपने-अपने रुख और कठोर कर लिए तथा परिवार के मध्य की फूट और बढ़ गई।

      मैं उसके साथ सहानुभूति रखती हूँ, उसकी परिस्थिति को समझ सकती हूँ, क्योंकि मैं भी व्यवहार में उसके समान ही हूँ। मुझे भी लोगों का उनकी गलत बातों के लिए सामना करने में बहुत कठिनाई होती है। यदि कोई परिवार का सदस्य या कोई मित्र आकर कुछ बुरा बोलता अथवा करता है, तो अकसर मैं उसे अपना प्रत्युत्तर देने की भावनाओं को दबाए रखती हूँ; और तब तक दबाए रखती हूँ जब तक कि वही व्यक्ति या कोई और आकर कुछ और अनुचित कह या कर नहीं देता है। मेरे सहने की शक्ति के परे बात जाते ही मैं भी फट पड़ती हूँ।

      संभवतः इसीलिए, परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस ने इफिसुस के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में लिखा कि “क्रोध तो करो, पर पाप मत करो: सूर्य अस्‍त होने तक तुम्हारा क्रोध न रहे” (इफिसियों 4:26)। अनसुलझी बातों को सुलझाने के लिए एक समय सीमा निर्धारित करने से क्रोध नियंत्रण में रहता है। किसी गलती का पात्र बनने पर उसे लेकर बुड़बुड़ाते और खिसियाते रहने से कडुवाहट ही उत्पन्न होती है। ऐसा करने की बजाए हमें उस बात को लेकर परमेश्वर के पास जाना चाहिए, और परमेश्वर की सहायता से “प्रेम में सच्चाई से चलते हुए, सब बातों में उस में जो सिर है, अर्थात मसीह में बढ़ते जाएं” (इफिसियों 4:15)।

      क्या आज किसी व्यक्ति को लेकर आप किसी समस्या में पड़े हुए हैं? उसे अपने अन्दर दबाए रखने के स्थान पर, उस समस्या को परमेश्वर के सम्मुख खोल दें। परमेश्वर आपके क्रोध और रोष की अग्नि को अपने प्रेम और क्षमा से बुझा सकता है। - लिंडा वॉशिंगटन

क्रोध की अग्नि को बेकाबू हो जाने से पहले ही बुझा दें।

बुराई के बदले किसी से बुराई न करो; जो बातें सब लोगों के निकट भली हैं, उन की चिन्ता किया करो। जहां तक हो सके, तुम अपने भरसक सब मनुष्यों के साथ मेल मिलाप रखो। हे प्रियो अपना पलटा न लेना; परन्तु क्रोध को अवसर दो, क्योंकि लिखा है, पलटा लेना मेरा काम है, प्रभु कहता है मैं ही बदला दूंगा। - रोमियों 12:17-19

बाइबल पाठ: इफिसियों 4:15, 26-32
Ephesians 4:15 वरन प्रेम में सच्चाई से चलते हुए, सब बातों में उस में जो सिर है, अर्थात मसीह में बढ़ते जाएं।
Ephesians 4:26 क्रोध तो करो, पर पाप मत करो: सूर्य अस्‍त होने तक तुम्हारा क्रोध न रहे।
Ephesians 4:27 और न शैतान को अवसर दो।
Ephesians 4:28 चोरी करनेवाला फिर चोरी न करे; वरन भले काम करने में अपने हाथों से परिश्रम करे; इसलिये कि जिसे प्रयोजन हो, उसे देने को उसके पास कुछ हो।
Ephesians 4:29 कोई गन्‍दी बात तुम्हारे मुंह से न निकले, पर आवश्यकता के अनुसार वही जो उन्नति के लिये उत्तम हो, ताकि उस से सुनने वालों पर अनुग्रह हो।
Ephesians 4:30 और परमेश्वर के पवित्र आत्मा को शोकित मत करो, जिस से तुम पर छुटकारे के दिन के लिये छाप दी गई है।
Ephesians 4:31 सब प्रकार की कड़वाहट और प्रकोप और क्रोध, और कलह, और निन्‍दा सब बैरभाव समेत तुम से दूर की जाए।
Ephesians 4:32 और एक दूसरे पर कृपाल, और करूणामय हो, और जैसे परमेश्वर ने मसीह में तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी एक दूसरे के अपराध क्षमा करो।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 25-26
  • 2 कुरिन्थियों 9



रविवार, 15 सितंबर 2019

परिवार



      मैं मध्य-पूर्व के इलाके में थी, और मुझे एक मोबाइल फोन खरीदने की आवश्यकता पड़ी। फोन के विक्रेता ने मुझ से कुछ विशष्ट प्रश्न पूछे – मेरा नाम, मेरी राष्ट्रीयता, मेरा पता। फिर फ़ार्म के भरते समय उसने मुझ से मेरे पिता का नाम पूछा, जिससे मैं चकित हुई, और सोचने लगी कि मेरे पिता के नाम की जानकारी भरने का मेरी संस्कृति में कोई विशेष महत्व नहीं है, परन्तु यहाँ पर, मेरी पहचान को स्थापित करने के लिए वह अनिवार्य था। कुछ संस्कृतियों में वंशावली का बहुत महत्व होता है।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि इस्राएलियों के लिए भी वंशावली का बहुत महत्व था। उन्हें इस बात का घमण्ड था कि वे कुल-पिता अब्राहम की संतान थे, और उन्हें लगता था कि अब्राहम का वंशज होने के नाते वे परमेश्वर की सन्तान भी ठहरते थे। उनकी समझ के अनुसार, उनकी मानवीय वंशावली, उन्हें परमेश्वर के आत्मिक परिवार से जोड़ देती थी।

      जब प्रभु यीशु मसीह पृथ्वी पर आए और यहूदियों के साथ रहते और संवाद करते थे, तो प्रभु यीशु ने उन यहूदियों को बताया कि उनकी यह धारणा गलत है। वे यहूदी यह तो कह सकते थे कि अब्राहम उनका सांसारिक मूल-पिता है; परन्तु यदि वे प्रभु यीशु पर विश्वास नहीं करते, जिन्हें परमेश्वर पिता ने पृथ्वी पर भेजा था, तो फिर वे लोग परमेश्वर के परिवार के सदस्य नहीं हो सकते थे।

      यही बात आज भी वैसे ही लागू होती है। हम अपने सांसारिक परिवार और माता-पिता को तो नहीं चुन सकते हैं, परन्तु हम यह निर्णय अवश्य ले सकते हैं कि हम किस आत्मिक परिवार के सदस्य बनेंगे। यदि हम प्रभु यीशु मसीह में विश्वास लाएंगे तो परमेश्वर हमें अपनी सन्तान होने का अधिकार देता है (यूहन्ना 1:12)।

      आज आप अपने आत्मिक पिता और परिवार के बारे में क्या कह सकते हैं – वे कौन हैं? क्या आपने प्रभु यीशु मसीह पर विश्वास किया है? यदि नहीं तो अपने पापों की क्षमा और परमेश्वर के परिवार का सदस्य बनने के लिए आज ही प्रभु यीशु पर विश्वास करें। - कीला ओकोआ

परमेश्वर प्रभु यीशु के विश्वासियों का अनन्त-काल के लिए आत्मिक पिता है।

परन्तु जितनों ने उसे ग्रहण किया, उसने उन्हें परमेश्वर के सन्तान होने का अधिकार दिया, अर्थात उन्हें जो उसके नाम पर विश्वास रखते हैं। वे न तो लोहू से, न शरीर की इच्छा से, न मनुष्य की इच्छा से, परन्तु परमेश्वर से उत्पन्न हुए हैं। - यूहन्ना 1:12-13

बाइबल पाठ: यूहन्ना 8:39-47
John 8:39 उन्होंने उन को उत्तर दिया, कि हमारा पिता तो इब्राहीम है: यीशु ने उन से कहा; यदि तुम इब्राहीम के सन्तान होते, तो इब्राहीम के समान काम करते।
John 8:40 परन्तु अब तुम मुझ ऐसे मनुष्य को मार डालना चाहते हो, जिसने तुम्हें वह सत्य वचन बताया जो परमेश्वर से सुना, यह तो इब्राहीम ने नहीं किया था।
John 8:41 तुम अपने पिता के समान काम करते हो: उन्होंने उस से कहा, हम व्यभिचार से नहीं जन्मे; हमारा एक पिता है अर्थात परमेश्वर।
John 8:42 यीशु ने उन से कहा; यदि परमेश्वर तुम्हारा पिता होता, तो तुम मुझ से प्रेम रखते; क्योंकि मैं परमेश्वर में से निकल कर आया हूं; मैं आप से नहीं आया, परन्तु उसी ने मुझे भेजा।
John 8:43 तुम मेरी बात क्यों नहीं समझते? इसलिये कि मेरा वचन सुन नहीं सकते।
John 8:44 तुम अपने पिता शैतान से हो, और अपने पिता की लालसाओं को पूरा करना चाहते हो। वह तो आरम्भ से हत्यारा है, और सत्य पर स्थिर न रहा, क्योंकि सत्य उस में है ही नहीं: जब वह झूठ बोलता, तो अपने स्‍वभाव ही से बोलता है; क्योंकि वह झूठा है, वरन झूठ का पिता है।
John 8:45 परन्तु मैं जो सच बोलता हूं, इसीलिये तुम मेरी प्रतीति नहीं करते।
John 8:46 तुम में से कौन मुझे पापी ठहराता है? और यदि मैं सच बोलता हूं, तो तुम मेरी प्रतीति क्यों नहीं करते?
John 8:47 जो परमेश्वर से होता है, वह परमेश्वर की बातें सुनता है; और तुम इसलिये नहीं सुनते कि परमेश्वर की ओर से नहीं हो।

एक साल में बाइबल: 
  • नीतिवचन 22-24
  • 2 कुरिन्थियों 8