ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

सोमवार, 15 दिसंबर 2014

उद्देश्य


   परमेश्वर के वचन बाइबल में दी गई भविष्यवाणियों के प्रति लोगों का नज़रिया बहुत भिन्नता रखता है। कुछ तो उन्हें बिलकुल नज़रन्दाज़ करते हैं और मसीही विश्वास के जीवन में उनके महत्व को कोई स्थान नहीं देते, तो दूसरी ओर कुछ ऐसे भी लोग हैं जो केवल उन पर ही ध्यान लगाए रहते हैं और संसार में हो रही प्रत्येक घटना को उन भविष्यवाणियों के संदर्भ में ही देखते हैं।

   उन भविष्यवाणियों को अपने वचन में लिखवाने के पीछे परमेश्वर का उद्देशय क्या है? इन भविष्यवाणियों को सही परिपेक्ष में रखने के लिए कुछ तथ्यों पर एक दृष्टि डाल लेते हैं। परमेश्वर के वचन बाइबल में कुल 31,124 पद हैं; इनमें से 8,352 पद - अर्थात 27 प्रतिशत पद ऐसे हैं जो भविष्यवाणियों से संबंधित हैं। क्योंकि भविष्यवाणी परमेश्वर के वचन के एक चौथाई से भी अधिक भाग का विषय है इसलिए प्रत्येक मसीही विश्वासी को चाहिए कि वह परमेश्वर के प्रकाशन में उसके महत्व को समझे। लेकिन साथ ही इस बात का भी ध्यान रखे कि परमेश्वर ने भविष्यवाणी को क्यों रखा। प्रभु यीशु के चेले पतरस ने अपनी दूसरी पत्री को समाप्त करते हुए संसार के अन्त में होने वाली बातों को बताया और उस संदर्भ में अपने पाठकों को निर्देश दिया, "तो जब कि ये सब वस्तुएं, इस रीति से पिघलने वाली हैं, तो तुम्हें पवित्र चाल चलन और भक्ति में कैसे मनुष्य होना चाहिए" (2 पतरस 3:11) - कहने का तात्पर्य है कि परमेश्वर ने सब कुछ इसलिए प्रगट किया है कि हम ऐसा सही और भक्तिमय जीवन जीने के लिए प्रतिदिन की बातों में चुनाव करें जो हमारे अनन्त भविष्य के अनुरूप हो।

   परमेश्वर ने हमें भविष्य के बारे में इसलिए बताया है जिससे हम सारी सृष्टि और सृष्टि के संचालन पर उसके सर्व-अधिकार को पहचान सकें; उसे आदर देने वाले, उसकी महिमा करने वाले तथा उसके भय में रहने और चलने वाले बन सकें। यही भविष्यवाणी का उद्देश्य है। - डेनिस फिशर


यदि आप प्रभु यीशु मसीह के दूसरे आगमन की बाट जोहेंगे तो आप उसकी आज्ञाकारिता और महिमा के लिए जीवन भी व्यतीत करेंगे।

पर जैसा तुम्हारा बुलाने वाला पवित्र है, वैसे ही तुम भी अपने सारे चाल चलन में पवित्र बनो। - 1 पतरस 1:15

बाइबल पाठ: 2 पतरस 3:1-13
2 Peter 3:1 हे प्रियो, अब मैं तुम्हें यह दूसरी पत्री लिखता हूं, और दोनों में सुधि दिला कर तुम्हारे शुद्ध मन को उभारता हूं। 
2 Peter 3:2 कि तुम उन बातों को, जो पवित्र भविश्यद्वक्ताओं ने पहिले से कही हैं और प्रभु, और उद्धारकर्ता की उस आज्ञा को स्मरण करो, जो तुम्हारे प्रेरितों के द्वारा दी गई थी। 
2 Peter 3:3 और यह पहिले जान लो, कि अन्‍तिम दिनों में हंसी ठट्ठा करने वाले आएंगे, जो अपनी ही अभिलाषाओं के अनुसार चलेंगे। 
2 Peter 3:4 और कहेंगे, उसके आने की प्रतिज्ञा कहां गई? क्योंकि जब से बाप-दादे सो गए हैं, सब कुछ वैसा ही है, जैसा सृष्‍टि के आरम्भ से था? 
2 Peter 3:5 वे तो जान बूझ कर यह भूल गए, कि परमेश्वर के वचन के द्वारा से आकाश प्राचीन काल से वर्तमान है और पृथ्वी भी जल में से बनी और जल में स्थिर है। 
2 Peter 3:6 इन्‍हीं के द्वारा उस युग का जगत जल में डूब कर नाश हो गया। 
2 Peter 3:7 पर वर्तमान काल के आकाश और पृथ्वी उसी वचन के द्वारा इसलिये रखे हैं, कि जलाए जाएं; और वह भक्तिहीन मनुष्यों के न्याय और नाश होने के दिन तक ऐसे ही रखे रहेंगे।
2 Peter 3:8 हे प्रियों, यह एक बात तुम से छिपी न रहे, कि प्रभु के यहां एक दिन हजार वर्ष के बराबर है, और हजार वर्ष एक दिन के बराबर हैं। 
2 Peter 3:9 प्रभु अपनी प्रतिज्ञा के विषय में देर नहीं करता, जैसी देर कितने लोग समझते हैं; पर तुम्हारे विषय में धीरज धरता है, और नहीं चाहता, कि कोई नाश हो; वरन यह कि सब को मन फिराव का अवसर मिले। 
2 Peter 3:10 परन्तु प्रभु का दिन चोर की नाईं आ जाएगा, उस दिन आकाश बड़ी हड़हड़ाहट के शब्द से जाता रहेगा, और तत्‍व बहुत ही तप्‍त हो कर पिघल जाएंगे, और पृथ्वी और उस पर के काम जल जाऐंगे। 
2 Peter 3:11 तो जब कि ये सब वस्तुएं, इस रीति से पिघलने वाली हैं, तो तुम्हें पवित्र चाल चलन और भक्ति में कैसे मनुष्य होना चाहिए। 
2 Peter 3:12 और परमेश्वर के उस दिन की बाट किस रीति से जोहना चाहिए और उसके जल्द आने के लिये कैसा यत्‍न करना चाहिए; जिस के कारण आकाश आग से पिघल जाएंगे, और आकाश के गण बहुत ही तप्‍त हो कर गल जाएंगे। 
2 Peter 3:13 पर उस की प्रतिज्ञा के अनुसार हम एक नए आकाश और नई पृथ्वी की आस देखते हैं जिन में धामिर्कता वास करेगी।

एक साल में बाइबल: 
  • इब्रानियों 5-7


रविवार, 14 दिसंबर 2014

सृजनहार


   नोबल पुरुस्कार विजेता विलर्ड एस. बोएल "इलैकट्रौनिक आँख" के सह-अविषकार्क थे, जिसका प्रयोग आज डिजिटल कैमरा और अंतरिक्ष में स्थित हबल टेलिस्कोप में किया जाता है। एक बार वे एक नया डिजिटल कैमरा खरीदने के लिए बाज़ार गए। दुकान का एक कर्मचारी उन्हें कैमरे दिखाने लगा और उन कैमरों की कार्य-प्रणाली को बोएल को समझाने का प्रयास करने लगा; समझाते समझाते वह रुक गया क्योंकि उसे लगा कि समझा पाना बहुत जटिल है और शायद बोएल सारी बात समझ नहीं पा रहे हैं। बोएल ने तुरंत उस कर्मचारी से कहा, "समझाने की आवश्यकता नहीं है - इसका अविषकार मैंने ही किया है!"

   जब परमेश्वर ने शैतान को अनुमति दी कि वह अय्युब की परीक्षा कर ले, और शैतान ने अय्युब के परिवार, स्वास्थ्य और संपत्ति को बरबाद कर डाला, तो अय्युब अपने जन्म पर विलाप करने लगा, उस दिन को धिक्कारने लगा, और फिर परमेश्वर से प्रश्न करने लगा कि उसने क्यों अय्युब के जीवन में इतना कष्ट आने दिया। तब उत्तर में अय्युब को परमेश्वर ने स्मरण दिलाया कि सृष्टि का सृजनहार वह ही है। परमेश्वर ने अय्युब से कहा कि, सारी सृष्टि में दिखाई देने वाली परमेश्वर की महान सामर्थ और अद्भुत बुद्धिमता के संदर्भ में, जो कुछ अय्युब ने कहा है उसके बारे में पुनर्विचार करे; परमेश्वर ने अय्युब पर उसकी सीमित बुद्धि और ज्ञान को, जो परमेश्वर की महानता और बुद्धिमता को समझ पाने में अक्षम है, प्रकट किया।

  यदि आज हमें कभी ऐसा लगे कि हम परमेश्वर को बताएं कि जीवन कैसे चलना चाहिए, कैसे संचालित होना चाहिए, तो थोड़ा रुक कर सोच लें कि जीवन की रचना करने और भूत-वर्तमान-भविष्य काल की आवश्यकताओं के अनुसार उसे संचालित करने वाला परमेश्वर ही है। परमेश्वर हमें ऐसी सदबुद्धि दे कि हम अपनी सीमित बुद्धि को स्वीकार करने की दीनता रखने वाले और उस पर विशवास रखने तथा उस पर निर्भर रहने वाले हों; क्योंकि वह ही हमारा सृजनहार-पालनहार-तारणहार है। - मार्विन विलियम्स


परमेश्वर को समझ पाना हम मनुष्यों के लिए असंभव है किंतु उसकी उपासना करना हमारे लिए अनिवार्य है।

आकाश तेरा है, पृथ्वी भी तेरी है; जगत और जो कुछ उस में है, उसे तू ही ने स्थिर किया है। - भजन 89:11

बाइबल पाठ: अय्युब 38:1-18
Job 38:1 तब यहोवा ने अय्यूब को आँधी में से यूं उत्तर दिया, 
Job 38:2 यह कौन है जो अज्ञानता की बातें कहकर युक्ति को बिगाड़ना चाहता है? 
Job 38:3 पुरुष की नाईं अपनी कमर बान्ध ले, क्योंकि मैं तुझ से प्रश्न करता हूँ, और तू मुझे उत्तर दे। 
Job 38:4 जब मैं ने पृथ्वी की नेव डाली, तब तू कहां था? यदि तू समझदार हो तो उत्तर दे। 
Job 38:5 उसकी नाप किस ने ठहराई, क्या तू जानता है उस पर किस ने सूत खींचा? 
Job 38:6 उसकी नेव कौन सी वस्तु पर रखी गई, वा किस ने उसके कोने का पत्थर बिठाया, 
Job 38:7 जब कि भोर के तारे एक संग आनन्द से गाते थे और परमेश्वर के सब पुत्र जयजयकार करते थे? 
Job 38:8 फिर जब समुद्र ऐसा फूट निकला मानो वह गर्भ से फूट निकला, तब किस ने द्वार मूंदकर उसको रोक दिया; 
Job 38:9 जब कि मैं ने उसको बादल पहिनाया और घोर अन्धकार में लपेट दिया, 
Job 38:10 और उसके लिये सिवाना बान्धा और यह कहकर बेंड़े और किवाड़े लगा दिए, कि 
Job 38:11 यहीं तक आ, और आगे न बढ़, और तेरी उमंडने वाली लहरें यहीं थम जाएं? 
Job 38:12 क्या तू ने जीवन भर में कभी भोर को आज्ञा दी, और पौ को उसका स्थान जताया है, 
Job 38:13 ताकि वह पृथ्वी की छोरों को वश में करे, और दुष्ट लोग उस में से झाड़ दिए जाएं? 
Job 38:14 वह ऐसा बदलता है जैसा मोहर के नीचे चिकनी मिट्टी बदलती है, और सब वस्तुएं मानो वस्त्र पहिने हुए दिखाई देती हैं। 
Job 38:15 दुष्टों से उनका उजियाला रोक लिया जाता है, और उनकी बढ़ाई हुई बांह तोड़ी जाती है। 
Job 38:16 क्या तू कभी समुद्र के सोतों तक पहुंचा है, वा गहिरे सागर की थाह में कभी चला फिरा है? 
Job 38:17 क्या मृत्यु के फाटक तुझ पर प्रगट हुए, क्या तू घोर अन्धकार के फाटकों को कभी देखने पाया है? 
Job 38:18 क्या तू ने पृथ्वी की चौड़ाई को पूरी रीति से समझ लिया है? यदि तू यह सब जानता है, तो बतला दे।

एक साल में बाइबल: 
  • इब्रानियों 1-4


शनिवार, 13 दिसंबर 2014

बुद्धिमान


   मैं कैलिफोर्निया के एक चर्च में चर्च की संचालन समिति का सदस्य रहा था। उस समिति का एक अन्य सदस्य, बॉब स्मिथ, हम सभी से उम्र में बड़ा था, वह समस्याओं में सही मार्गदर्शन पाने के लिए हमें बार बार परमेश्वर के वचन बाइबल की ओर जाने का परामर्श देता था।

   एक बार हम चर्च में अगुवों की कमी के बारे में चर्चा कर रहे थे, और संभव हल खोजने के विकलपों की चर्चा में हमने घंटे से अधिक बिता दिया था। इस सारी चर्चा में बॉब बिलकुल चुप बैठा रहा था; आखिरकर उसने बड़े शान्त लहज़े में हम सब से कहा, "श्रीमन, हम अगुवों की कमी की इस समस्या के लिए प्रभु यीशु के निर्देशों को भूल बैठे हैं। हमारे कुछ भी करने से पहले हमें लूका 10:2 में प्रभु के निर्देश "और उसने उन से कहा; पके खेत बहुत हैं; परन्तु मजदूर थोड़े हैं: इसलिये खेत के स्‍वामी से बिनती करो, कि वह अपने खेत काटने को मजदूर भेज दे" का पालन करना चाहिए। उसकी बात सुनकर हम सब पानी-पानी हो गए; तब नम्र और दीन होकर हमने शेष समय प्रभु से अपने खेत में कार्य करने के लिए उपयुक्त मज़दूर भेजने की प्रार्थना करने में बिताया।

   प्रसिद्ध लेखक सी. ऐस. लूइस ने कहा था, "यदि स्वयं बुद्धिमान ना बन सकें तो भला रहेगा यदि बुद्धिमान लोगों की संगति में बने रहें।" लूइस की यह बात परमेश्वर के वचन बाइबल पर आधारित है: "बुद्धिमान सुन कर अपनी विद्या बढ़ाए, और समझदार बुद्धि का उपदेश पाए" (नीतिवचन 1:5)। हमारे साथी बॉब द्वारा हमें दी गई सलाह ऐसे बुद्धिमान लोगों की संगति में, जो स्वयं प्रभु यीशु की संगति में रहते हों और जिनके मन तथा मस्तिष्क परमेश्वर के वचन की बातों से भरे हुए हों, रहने से होने वाली भलाई का एक उदाहरण। प्रेरित यूहन्ना ने भी अपनी पत्री में उन भिन्न लोगों को संबोधित किया जो प्रभु यीशु को जानते थे और उसके साथ रहते थे (1 यूहन्ना 2)।

   हमारे लिए यह बहुत लाभप्रद होगा कि हम ऐसे लोगों के खोजी रहें जो प्रभु यीशु की उपस्थिति में रहते हैं, उसके वचन के साथ चलते हैं तथा प्रभु से मिलने वाली बुद्धिमता से परिपूर्ण रहते हैं। ऐसे बुद्धिमान लोग हमारे तथा हमारी मण्डलियों के लिए परमेश्वर के उपहार होते हैं। - डेविड रोपर


वह वास्तव में बुद्धिमान है जो दूसरों के अनुभव से स्वयं शिक्षा लेता है।

बुद्धिमान का मन उसके मुंह पर भी बुद्धिमानी प्रगट करता है, और उसके वचन में विद्या रहती है। - नीतिवचन 16:23

बाइबल पाठ: 1 यूहन्ना 2:12-17
1 John 2:12 हे बालकों, मैं तुम्हें इसलिये लिखता हूं, कि उसके नाम से तुम्हारे पाप क्षमा हुए। 
1 John 2:13 हे पितरों, मैं तुम्हें इसलिये लिखता हूं, कि जो आदि से है, तुम उसे जानते हो: हे जवानों, मैं तुम्हें इसलिये लिखता हूं, कि तुम ने उस दुष्‍ट पर जय पाई है: हे लड़कों मैं ने तुम्हें इसलिये लिखा है, कि तुम पिता को जान गए हो। 
1 John 2:14 हे पितरों, मैं ने तुम्हें इसलिये लिखा है, कि जो आदि से है तुम उसे जान गए हो: हे जवानो, मैं ने तुम्हें इसलिये लिखा है, कि तुम बलवन्‍त हो, और परमेश्वर का वचन तुम में बना रहता है, और तुम ने उस दुष्‍ट पर जय पाई है। 
1 John 2:15 तुम न तो संसार से और न संसार में की वस्‍तुओं से प्रेम रखो: यदि कोई संसार से प्रेम रखता है, तो उस में पिता का प्रेम नहीं है। 
1 John 2:16 क्योंकि जो कुछ संसार में है, अर्थात शरीर की अभिलाषा, और आंखों की अभिलाषा और जीविका का घमण्‍ड, वह पिता की ओर से नहीं, परन्तु संसार ही की ओर से है। 
1 John 2:17 और संसार और उस की अभिलाषाएं दोनों मिटते जाते हैं, पर जो परमेश्वर की इच्छा पर चलता है, वह सर्वदा बना रहेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • फिलेमोन



शुक्रवार, 12 दिसंबर 2014

सांत्वना


   अमेरिका के इतिहास में एक बहुत त्रासदीपूर्ण और दुखदायी घटना है 19वीं सदी के आरंभ में अमेरिका के मूल रेड इन्डियन निवासियों का ज़बर्दस्ती किया गया विस्थापन। उन मूल निवासियों ने बढ़ती हुई श्वेत आबादी के लोगों के साथ संधियाँ करी थीं, उनके साथ दुश्मनों के विरुद्ध युद्ध में सहयोग किया था, लेकिन बाद में उन्हीं लोगों को अपनी भूमि छोड़कर अन्य स्थानों पर जाकर बसने के लिए मजबूर कर दिया गया। सन 1838 की सर्दियों में चिरोकी कबीले के हज़ारों लोगों को पश्चिम की ओर 1000 मील की एक कठिन यात्रा करने के लिए मजबूर कर दिया गया। इस अन्याय के कारण उनमें से हज़ारों मर गए क्योंकि सर्दी के समय में इस लंबी और कठिन यात्रा को कर पाने के लायक कपड़े, जूतियाँ और आवश्यक वस्तुएं उनके पास नहीं थे; इसलिए उनकी इस यात्रा को "आँसुओं की यात्रा" कहा जाता है।

   आज भी संसार अन्याय, पीड़ा और मनोव्यथा से भरा हुआ है। आज भी बहुतेरों को अनेक कारणों से अपने जीवन में "आँसुओं की यात्रा" करनी पड़ती है; उन्हें लगता है कि उनकी पीड़ा को जानने और समझने वाला कोई नहीं है, कोई उनकी परवाह नहीं करता है। लेकिन प्रभु परमेश्वर हमारी पीड़ाओं को देखता है और हमारे दुखी हृदयों को सांत्वना भी देता है (2 कुरिन्थियों 1:3-5)। साथ ही वह उस आते समय कि भी आशा देता है जिसमें पाप और अन्याय का कोई दाग़ नहीं रहेगा; उस समय और उस स्थान पर "वह उन की आंखों से सब आंसू पोंछ डालेगा; और इस के बाद मृत्यु न रहेगी, और न शोक, न विलाप, न पीड़ा रहेगी; पहिली बातें जाती रहीं" (प्रकाशितवाक्य 21:4)।

   परमेश्वर ना केवल भविष्य में हमारे आँसुओं को पोंछने और हमें सांत्वना देने की आशा देता है, वायदा करता है, वरन जब हम विश्वास और समर्पण के साथ उसके पास अपने दुखों को लेकर आते हैं तो वह आज भी हमारे सभी आँसुओं को पोंछता है, हर परिस्थिति में हमें सांत्वना देता है। - बिल क्राउडर


जब परमेश्वर हमारे जीवन में परीक्षाओं को आने की अनुमति देता है तो साथ ही अपनी शान्ति तथा सांत्वना भी हमें उपलब्ध करवा देता है।

वह हमारे सब क्‍लेशों में शान्‍ति देता है; ताकि हम उस शान्‍ति के कारण जो परमेश्वर हमें देता है, उन्हें भी शान्‍ति दे सकें, जो किसी प्रकार के क्‍लेश में हों। - 2 कुरिन्थियों 1:4

बाइबल पाठ: प्रकाशितवाक्य 21:1-7
Revelation 21:1 फिर मैं ने नये आकाश और नयी पृथ्वी को देखा, क्योंकि पहिला आकाश और पहिली पृथ्वी जाती रही थी, और समुद्र भी न रहा। 
Revelation 21:2 फिर मैं ने पवित्र नगर नये यरूशलेम को स्वर्ग पर से परमेश्वर के पास से उतरते देखा, और वह उस दुल्हिन के समान थी, जो अपने पति के लिये सिंगार किए हो। 
Revelation 21:3 फिर मैं ने सिंहासन में से किसी को ऊंचे शब्द से यह कहते सुना, कि देख, परमेश्वर का डेरा मनुष्यों के बीच में है; वह उन के साथ डेरा करेगा, और वे उसके लोग होंगे, और परमेश्वर आप उन के साथ रहेगा; और उन का परमेश्वर होगा। 
Revelation 21:4 और वह उन की आंखों से सब आंसू पोंछ डालेगा; और इस के बाद मृत्यु न रहेगी, और न शोक, न विलाप, न पीड़ा रहेगी; पहिली बातें जाती रहीं। 
Revelation 21:5 और जो सिंहासन पर बैठा था, उसने कहा, कि देख, मैं सब कुछ नया कर देता हूं: फिर उसने कहा, कि लिख ले, क्योंकि ये वचन विश्वास के योग्य और सत्य हैं। 
Revelation 21:6 फिर उसने मुझ से कहा, ये बातें पूरी हो गई हैं, मैं अलफा और ओमिगा, आदि और अन्‍त हूं: मैं प्यासे को जीवन के जल के सोते में से सेंतमेंत पिलाऊंगा। 
Revelation 21:7 जो जय पाए, वही इन वस्‍तुओं का वारिस होगा; और मैं उसका परमेश्वर होऊंगा, और वह मेरा पुत्र होगा।

एक साल में बाइबल: 
  • तीतुस 1-3



गुरुवार, 11 दिसंबर 2014

प्रेम व्यवहार


   कुछ वर्ष पहले की बात हैं मैं अपने एक मित्र के साथ परमेश्वर के वचन बाइबल से मत्ती 26 अध्याय पढ़ रहा था, जिसमें प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ाए जाने के लिए पकड़वाए जाने से ठीक पहले की घटनाक्रम लिखा गया है। जब हम पढ़ते पढ़ते उस खण्ड पर आए जिसमें प्रभु यीशु तीन बार अपने चेलों से अपने लिए प्रार्थना करने को कहता है, और हर बार उन्हें प्रार्थना करते नहीं वरन सोते हुए पाता है, तो क्रोधावेश में होकर वह मित्र बोला, "यदि तब प्रभु यीशु के साथ मैं होता तो कभी नहीं सोता, मैं प्रभु का पूरा-पूरा साथ देता। कोई कैसे सो सकता है जबकि बारंबार प्रभु उन से कह रहा है कि वह बहुत व्याकुल है? प्रभु तो उनसे निवेदन कर रहा था।"

   यह जानते और समझते हुए कि हमारे परिवारजन हमारे कार्य करते रहने की व्यस्तता और लंबी दिनचर्या को लेकर कैसे संघर्ष करते हैं, मैंने अपने उस मित्र से कहा, "ऐसा कितनी बार हुआ है कि हमारे बच्चे स्कूल के किसी कार्यक्रम में, वहाँ बैठे अन्य अभिभावकों के मध्य हमें ढूँढ़ रहे होते हैं लेकिन हम वहाँ उनके लिए, उनके साथ नहीं होते? क्या हमारे बच्चों को कभी कभी अकेले ही परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता? हमारे परिवार और मित्रजनों को अनेक बार हमारी ओर से मिलने वाले व्यक्तिगत ध्यान और परवाह की आवश्यकता होती है; जैसे प्रभु यीशु की अपने चेलों से, वैसे ही हमारे परिवार और मित्रजनों की हम से उनका साथ निभाने की आशा रहती है, परन्तु जैसे प्रभु को अपने चेलों से वैसे ही उन्हें भी हम से निराशा ही मिलती है।"

   जीवन की माँगों और हम से जुड़ी लोगों की आशाओं के बीच तालमेल बैठा कर दोनों को निभाते रहना कोई सरल कार्य नहीं है, परन्तु ऐसा ना करना भावनाओं के साथ विश्वासघात भी है। उन चेलों द्वारा प्रभु यीशु को उस रात निराश करने की बात हमें उकसाती है कि हम आज अपने जीवनों में झाँक कर देखें कि हम अपने प्रभु और अपने प्रीय जनों को कितनी बार और कैसे-कैसे निराश करते रहते हैं; और फिर प्रभु यीशु से सहायता माँगें कि वह हमारा मार्गदर्शन करे कि हम वह प्रेम व्यवहार प्रदर्शित कर सकें जो हमें करना चाहिए। - रैन्डी किल्गोर


दूसरों की आवश्यकता के प्रति हमारी संवेदनशीलता, प्रभु यीशु के प्रति हमारे प्रेम का एक माप है।

इसलिये जागते रहो और हर समय प्रार्थना करते रहो कि तुम इन सब आने वाली घटनाओं से बचने, और मनुष्य के पुत्र के साम्हने खड़े होने के योग्य बनो। - लूका 21:36

बाइबल पाठ: मत्ती 26:36-46
Matthew 26:36 तब यीशु ने अपने चेलों के साथ गतसमनी नाम एक स्थान में आया और अपने चेलों से कहने लगा कि यहीं बैठे रहना, जब तक कि मैं वहां जा कर प्रार्थना करूं। 
Matthew 26:37 और वह पतरस और जब्‍दी के दोनों पुत्रों को साथ ले गया, और उदास और व्याकुल होने लगा। 
Matthew 26:38 तब उसने उन से कहा; मेरा जी बहुत उदास है, यहां तक कि मेरे प्राण निकला चाहते: तुम यहीं ठहरो, और मेरे साथ जागते रहो। 
Matthew 26:39 फिर वह थोड़ा और आगे बढ़कर मुंह के बल गिरा, और यह प्रार्थना करने लगा, कि हे मेरे पिता, यदि हो सके, तो यह कटोरा मुझ से टल जाए; तौभी जैसा मैं चाहता हूं वैसा नहीं, परन्तु जैसा तू चाहता है वैसा ही हो। 
Matthew 26:40 फिर चेलों के पास आकर उन्हें सोते पाया, और पतरस से कहा; क्या तुम मेरे साथ एक घड़ी भी न जाग सके? 
Matthew 26:41 जागते रहो, और प्रार्थना करते रहो, कि तुम परीक्षा में न पड़ो: आत्मा तो तैयार है, परन्तु शरीर दुर्बल है। 
Matthew 26:42 फिर उसने दूसरी बार जा कर यह प्रार्थना की; कि हे मेरे पिता, यदि यह मेरे पीए बिना नहीं हट सकता तो तेरी इच्छा पूरी हो। 
Matthew 26:43 तब उसने आकर उन्हें फिर सोते पाया, क्योंकि उन की आंखें नींद से भरी थीं। 
Matthew 26:44 और उन्हें छोड़कर फिर चला गया, और वही बात फिर कहकर, तीसरी बार प्रार्थना की। 
Matthew 26:45 तब उसने चेलों के पास आकर उन से कहा; अब सोते रहो, और विश्राम करो: देखो, घड़ी आ पहुंची है, और मनुष्य का पुत्र पापियों के हाथ पकड़वाया जाता है। 
Matthew 26:46 उठो, चलें; देखो, मेरा पकड़वाने वाला निकट आ पहुंचा है।

एक साल में बाइबल: 
  • 2 तिमुथियुस 1-4


बुधवार, 10 दिसंबर 2014

मार्गदर्शन


   यात्रा करते हुए किसी से मार्गदर्शन लेना मुझे अच्छा नहीं लगता। मैं यही मान कर चलता हूँ कि यदि मैं प्रयास करता रहूँगा तो अन्ततः गन्तव्य स्थान पर पहुँच ही जाऊँगा। इसके विपरीत मेरी पत्नि मार्टी कभी मार्गदर्शन लेने से नहीं हिचकिचाती, और उसे बड़ा अजीब लगता है जब मैं मार्गदर्शन लेने से बचने के प्रयास यह सोच कर करता हूँ कि यह इस बात को दिखाता है कि मैं इस बात से अनभिज्ञ हूँ कि मैं कहाँ हूँ और मुझे आगे कैसे जाना है। अन्ततः होता यही है कि मार्टी गन्तव्य स्थान पर मुझसे पहले और एक अच्छी मनोदशा में पहुँच जाती है, जबकि मैं इधर-उधर भटकता और चिड़चिड़ाता रहता हूँ।

   जीवन के मार्ग पर चलना भी एक यात्रा ही है, और हमारा यह मान कर चलना कि हम इस मार्ग पर अपनी समझ से चलने में सक्षम हैं, परमेश्वर के वचन बाइबल की चेतावनी के विपरीत है; बाइबल बताती है कि "ऐसा भी मार्ग है, जो मनुष्य को सीधा देख पड़ता है, परन्तु उसके अन्त में मृत्यु ही मिलती है" (नीतिवचन 16:25)। जीवन के मार्ग पर चलते चलते हम जब भी किसी दोराहे पर आते हैं और सही-गलत की पहचान कठिन होती है तब परमेश्वर से इस बारे में पूछना भला होता है क्योंकि परमेश्वर ने हमें सचेत किया है: "तू अपनी समझ का सहारा न लेना, वरन सम्पूर्ण मन से यहोवा पर भरोसा रखना। उसी को स्मरण कर के सब काम करना, तब वह तेरे लिये सीधा मार्ग निकालेगा" (नीतिवचन 3:5-6)।

   जीवन सही दिशा में अग्रसर होने से ही भली-भांति फलवंत होता है। यह अति अनिवार्य है कि हम अपने जीवन को आशीषमय तथा शान्तिपूर्ण संबंधों, प्रेम एवं सेवा के अर्थपूर्ण कार्यों, परमेश्वर के साथ एक भले और सन्तोषप्रद संबंध तथा अन्य ऐसी अनेक बातों की दिशा में लेकर चलें। ऐसी सही दिशा में चलते रहने के लिए परमेश्वर से मार्गदर्शन लेते रहना केवल एक अच्छा विचार ही नहीं, अनिवार्य भी है; इसके लिए अहंकार को तज कर एक समर्पित मन तथा नम्र हृदय लेकर परमेश्वर के साथ चलने की आवश्यकता होती है। इसीलिए परमेश्वर कहता है:  "जो बुद्धिमान हो, वही इन बातों को समझेगा; जो प्रवीण हो, वही इन्हें बूझ सकेगा; क्योंकि यहोवा के मार्ग सीधे हैं, और धर्मी उन में चलते रहेंगे, परन्तु अपराधी उन में ठोकर खाकर गिरेंगे" (होशे 14:9)। - जो स्टोवैल


परमेश्वर से मार्गदर्शन लेते रहें क्योंकि केवल वह ही है जिसे संपूर्ण मार्ग और अन्त स्थान का ज्ञान है।

यहोवा भला और सीधा है; इसलिये वह पापियों को अपना मार्ग दिखलाएगा। वह नम्र लोगों को न्याय की शिक्षा देगा, हां वह नम्र लोगों को अपना मार्ग दिखलाएगा। - भजन 25:8-9

बाइबल पाठ: होशे 14:1-9
Hosea 14:1 हे इस्राएल, अपने परमेश्वर यहोवा के पास लौट आ, क्योंकि तू ने अपने अधर्म के कारण ठोकर खाई है। 
Hosea 14:2 बातें सीख कर और यहोवा की ओर फिर कर, उस से कह, सब अधर्म दूर कर; अनुग्रह से हम को ग्रहण कर; तब हम धन्यवाद रूपी बलि चढ़ाएंगे। 
Hosea 14:3 अश्शूर हमारा उद्धार न करेगा, हम घोड़ों पर सवार न होंगे; और न हम फिर अपनी बनाई हुई वस्तुओं से कहेंगे, तुम हमारे ईश्वर हो; क्योंकि अनाथ पर तू ही दया करता है। 
Hosea 14:4 मैं उनकी भटक जाने की आदत को दूर करूंगा; मैं सेंतमेंत उन से प्रेम करूंगा, क्योंकि मेरा क्रोध उन पर से उतर गया है। 
Hosea 14:5 मैं इस्राएल के लिये ओस के समान हूंगा; वह सोसन की नाईं फूले-फलेगा, और लबानोन की नाईं जड़ फैलाएगा। 
Hosea 14:6 उसकी जड़ से पौधे फूटकर निकलेंगे; उसकी शोभा जलपाई की सी, और उसकी सुगन्ध लबानोन की सी होगी। 
Hosea 14:7 जो उसकी छाया में बैठेंगे, वे अन्न की नाईं बढ़ेंगे, वे दाखलता की नाईं फूले-फलेंगे; और उसकी कीर्ति लबानोन के दाखमधु की सी होगी। 
Hosea 14:8 एप्रैम कहेगा, मूरतों से अब मेरा और क्या काम? मैं उसकी सुनकर उस पर दृष्टि बनाए रखूंगा। मैं हरे सनौवर सा हूं; मुझी से तू फल पाया करेगा। 
Hosea 14:9 जो बुद्धिमान हो, वही इन बातों को समझेगा; जो प्रवीण हो, वही इन्हें बूझ सकेगा; क्योंकि यहोवा के मार्ग सीधे हैं, और धर्मी उन में चलते रहेंगे, परन्तु अपराधी उन में ठोकर खाकर गिरेंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 तिमुथियुस 4-6


मंगलवार, 9 दिसंबर 2014

उपहार


   पिछले वर्ष क्रिसमस पर मुझे कुछ बहुत अच्छे उपहार मिले, लेकिन जिस उपहार से मैं सबसे अधिक आनन्दित हुई वह था प्रीय जनों के साथ बिताए गए समय का उपहार - वह समय जो उन्होंने मेरे लिए निकाला और मेरे साथ बिताया: मुझे अपने उन नौ पौत्र-पौत्रियों के साथ खेलने का समय मिला जो एक भिन्न प्रदेश में रहते थे और हमारे पास क्रिसमस के लिए आए थे; मेरी एक भतीजी अपने पति और अपनी 18 महीने की बेटी के साथ हमारे साथ क्रिसमस पर चर्च में उपासना करने आए; मुझे अवसर मिला अपने एक पूर्व सह-कार्यकरता एवं सहयोगी तथा उसकी पत्नि के साथ, जो अस्वस्थ रहते हैं, समय बिताने का; कुछ पुराने मित्रों के साथ आनन्द मनाने का और प्रीय जनों के साथ क्रिसमस की कहानी सुनने-सुनाने का। ना केवल वे उपहार वरन वह समय और संगति जो हम एक दूसरे के साथ बाँट सके, एक दूसरे को दे सके, यह सब कुछ उस प्रेम के कारण ही तो था जो हम एक दूसरे से करते हैं। उसी प्रेम ने हमें दूसरों को कुछ उपहार देने के लिए प्रेरित किया।

   हमारा परमेश्वर पिता भी हमसे बहुत प्रेम करता है, और अपने इसी प्रेम को दिखाने के लिए उसने हमारे लिए एक ऐसा उपहार संसार में भेजा जो कभी पुराना नहीं पड़ता, जिसकी उपयोगिता का कभी अन्त नहीं होता, जिसकी आवश्यकता हमें सदा रहती है, जो सदा हमारी सहायता के लिए उपलब्ध रहता है - अपना एकलौता पुत्र प्रभु यीशु मसीह। लगभग 2000 वर्ष पहले प्रभु यीशु संसार के उद्धार तथा पापों की क्षमा के लिए कपड़ों में लपेटकर एक चरनी में रखे हुए उपहार के रूप में संसार में आया (लूका 2:7, 12)। उसके आगमन का समाचार उसी रात को स्वर्गदूतों द्वारा मैदान में भेड़ों की रखवाली कर रहे चरवाहों को दिया गया (पद 8-14), और वे चरवाहे तुरंत उसे देखने के लिए गए; तत्पश्चात वे इस अनुपम उपहार के बारे में औरों को बताने से अपने आप रोक नहीं सके (पद 16-17)। प्रभु यीशु उन्हीं लोगों के बीच बड़ा हुआ और उन्हें परमेश्वर तथा उसके राज्य के बारे में सिखाया, लेकिन फिर भी बहुतेरों ने उस पर अविश्वास किया। वह हमारे पापों को अपने ऊपर लिए क्रूस पर मारा गया, गाड़ा गया और फिर तीसरे दिन जीवित हो उठा, और आज जीवित प्रभु है जो सारे संसार के सभी लोगों को पापों की क्षमा और उद्धार प्रदान करता है, यदि लोग उसे स्वीकार कर लें, उस पर विश्वास करें।

   हे पिता परमेश्वर हमारे प्रति आपके महान प्रेम के कारण दिए गए प्रभु यीशु में विश्वास द्वारा पापों की क्षमा और आपके साथ मिलने वाले अनन्त जीवन के इस अद्भुत उपहार के लिए आपका बारंबार धन्यवाद। - ऐनी सेटास


संसार को परमेश्वर का उपहार है संसार के सभी लोगों को अनन्त जीवन देने वाला उद्धारकर्ता।

क्योंकि पाप की मजदूरी तो मृत्यु है, परन्तु परमेश्वर का वरदान हमारे प्रभु मसीह यीशु में अनन्त जीवन है। - रोमियों 6:23

बाइबल पाठ: लूका 2:1-18
Luke 2:1 उन दिनों में औगूस्‍तुस कैसर की ओर से आज्ञा निकली, कि सारे जगत के लोगों के नाम लिखे जाएं। 
Luke 2:2 यह पहिली नाम लिखाई उस समय हुई, जब क्‍विरिनियुस सूरिया का हाकिम था। 
Luke 2:3 और सब लोग नाम लिखवाने के लिये अपने अपने नगर को गए। 
Luke 2:4 सो यूसुफ भी इसलिये कि वह दाऊद के घराने और वंश का था, गलील के नासरत नगर से यहूदिया में दाऊद के नगर बैतलहम को गया। 
Luke 2:5 कि अपनी मंगेतर मरियम के साथ जो गर्भवती थी नाम लिखवाए। 
Luke 2:6 उन के वहां रहते हुए उसके जनने के दिन पूरे हुए। 
Luke 2:7 और वह अपना पहिलौठा पुत्र जनी और उसे कपड़े में लपेटकर चरनी में रखा: क्योंकि उन के लिये सराय में जगह न थी। 
Luke 2:8 और उस देश में कितने गड़रिये थे, जो रात को मैदान में रहकर अपने झुण्ड का पहरा देते थे। 
Luke 2:9 और प्रभु का एक दूत उन के पास आ खड़ा हुआ; और प्रभु का तेज उन के चारों ओर चमका, और वे बहुत डर गए। 
Luke 2:10 तब स्वर्गदूत ने उन से कहा, मत डरो; क्योंकि देखो मैं तुम्हें बड़े आनन्द का सुसमाचार सुनाता हूं जो सब लोगों के लिये होगा। 
Luke 2:11 कि आज दाऊद के नगर में तुम्हारे लिये एक उद्धारकर्ता जन्मा है, और यही मसीह प्रभु है। 
Luke 2:12 और इस का तुम्हारे लिये यह पता है, कि तुम एक बालक को कपड़े में लिपटा हुआ और चरनी में पड़ा पाओगे। 
Luke 2:13 तब एकाएक उस स्वर्गदूत के साथ स्‍वर्गदूतों का दल परमेश्वर की स्‍तुति करते हुए और यह कहते दिखाई दिया। 
Luke 2:14 कि आकाश में परमेश्वर की महिमा और पृथ्वी पर उन मनुष्यों में जिनसे वह प्रसन्न है शान्‍ति हो।
Luke 2:15 जब स्वर्गदूत उन के पास से स्वर्ग को चले गए, तो गड़रियों ने आपस में कहा, आओ, हम बैतलहम जा कर यह बात जो हुई है, और जिसे प्रभु ने हमें बताया है, देखें। 
Luke 2:16 और उन्होंने तुरन्त जा कर मरियम और यूसुफ को और चरनी में उस बालक को पड़ा देखा। 
Luke 2:17 इन्हें देखकर उन्होंने वह बात जो इस बालक के विषय में उन से कही गई थी, प्रगट की। 
Luke 2:18 और सब सुनने वालों ने उन बातों से जो गड़िरयों ने उन से कहीं आश्चर्य किया।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 तिमुथियुस 1-3