ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

गुरुवार, 17 नवंबर 2016

सुरक्षित


   गरजने वाला शेर जंगल का राजा माना जाता है। लेकिन सामान्यतः जो शेर हम में से अधिकांश देखने पाते हैं वे चिड़ियाघर में रखे गए सुस्त शेर होते हैं। इन सुस्त शेरों का दिन आराम करने में बीतता है; उन्हें भोजन के लिए कोई प्रयास नहीं करना पड़ता है, भोजन भी उन्हें परोस दिया जाता है।

   लेकिन अपने प्राकृतिक आवास में शेर आराम के साथ सुस्त जीवन नहीं बिताते। उन्हें जब भूख लगती है तो उन्हें शिकार करने के लिए जाना होता है। शिकार में वे बच्चों, कमज़ोरों, बीमारों या घायल जानवरों को ढूँढ़ते हैं जो सरलता से उनका शिकार बन जाते हैं। ऊँची घास छिपकर वे धीरे-धीरे अपने शिकार की ओर बढ़ते हैं, शिकार के निकट पहुँच कर अचानक ही झपटा मारकर अपने पंजे उसमें गड़ा देते हैं और अपने आहार के लिए उसे दबोच लेते हैं।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पतरस ने शैतान के लिए गरजने वाले सिंह रूपक अलंकार का प्रयोग किया है। वह बड़ा आश्वस्त शिकारी है, जो अपने अहेर के लिए सरलता से पकड़ में आ जाने वाले शिकार की तलाश में रहता है: "सचेत हो, और जागते रहो, क्योंकि तुम्हारा विरोधी शैतान गर्जने वाले सिंह की नाईं इस खोज में रहता है, कि किस को फाड़ खाए" (1 पतरस 5:8)। इस शत्रु का सामना करने के लिए, परमेश्वर की सन्तान को बड़ा सचेत होकर, परमेश्वर के सारे हथियार बांधे हुए तैयार रहना चाहिए: "निदान, प्रभु में और उस की शक्ति के प्रभाव में बलवन्‍त बनो। परमेश्वर के सारे हथियार बान्‍ध लो; कि तुम शैतान की युक्तियों के साम्हने खड़े रह सको" (इफिसियों 6:10-11)।

   अच्छा समाचार यह है कि शैतान चाहे जैसा और जितना भी आश्वस्त प्रतीत हो, वास्तव में वह एक हारा हुआ शत्रु है - प्रभु यीशु ने उसे हमारे लिए हरा दिया है। यद्यपि शैतान बहुत बलवान शत्रु है, परन्तु जो प्रभु यीशु से मिलने वाले उद्धार और पापों की क्षमा, परमेश्वर के वचन के अध्ययन तथा पालन एवं प्रार्थना करने के द्वारा प्रभु में होकर सुरक्षित हो गए हैं, उन्हें इस गरजने वाले सिंह से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उन की "...रक्षा परमेश्वर की सामर्थ से, विश्वास के द्वारा उस उद्धार के लिये, जो आने वाले समय में प्रगट होने वाली है, की जाती है" (1 पतरस 1:5)। याकूब हमें आश्वस्त करता है, कि यदि हम परमेश्वर की आधीनता में रहकर शैतान का सामना करेंगे, तो सुरक्षित रहेंगे (याकूब 4:6-7)। - सिंडी हैस कैस्पर


परमेश्वर के हथियारों के कवच को कोई बुराई बेध नहीं सकती है।

वह तो और भी अनुग्रह देता है; इस कारण यह लिखा है, कि परमेश्वर अभिमानियों से विरोध करता है, पर दीनों पर अनुग्रह करता है। इसलिये परमेश्वर के आधीन हो जाओ; और शैतान का साम्हना करो, तो वह तुम्हारे पास से भाग निकलेगा। - याकूब 4:6-7

बाइबल पाठ: इफिसियों 6:10-18
Ephesians 6:10 निदान, प्रभु में और उस की शक्ति के प्रभाव में बलवन्‍त बनो। 
Ephesians 6:11 परमेश्वर के सारे हथियार बान्‍ध लो; कि तुम शैतान की युक्तियों के साम्हने खड़े रह सको। 
Ephesians 6:12 क्योंकि हमारा यह मल्लयुद्ध, लोहू और मांस से नहीं, परन्तु प्रधानों से और अधिकारियों से, और इस संसार के अन्धकार के हाकिमों से, और उस दुष्‍टता की आत्मिक सेनाओं से है जो आकाश में हैं। 
Ephesians 6:13 इसलिये परमेश्वर के सारे हथियार बान्‍ध लो, कि तुम बुरे दिन में साम्हना कर सको, और सब कुछ पूरा कर के स्थिर रह सको। 
Ephesians 6:14 सो सत्य से अपनी कमर कसकर, और धार्मिकता की झिलम पहिन कर। 
Ephesians 6:15 और पांवों में मेल के सुसमाचार की तैयारी के जूते पहिन कर। 
Ephesians 6:16 और उन सब के साथ विश्वास की ढाल ले कर स्थिर रहो जिस से तुम उस दुष्‍ट के सब जलते हुए तीरों को बुझा सको। 
Ephesians 6:17 और उद्धार का टोप, और आत्मा की तलवार जो परमेश्वर का वचन है, ले लो। 
Ephesians 6:18 और हर समय और हर प्रकार से आत्मा में प्रार्थना, और बिनती करते रहो, और इसी लिये जागते रहो, कि सब पवित्र लोगों के लिये लगातार बिनती किया करो।

एक साल में बाइबल: 
  • यहेजेकल 5-7
  • इब्रानियों 12


बुधवार, 16 नवंबर 2016

निर्देशक


   जब अभिनेता और अभिनेत्रियाँ फिल्मों के बनाए जाते समय कार्य करते हैं, तो वह फिल्म का निर्देशक ही होता है जो उस फिल्म का संपूर्ण स्वरूप जानता है और उसी स्वरूप के अनुसार वह उनका निर्देशन करता है। अभिनेत्री मेरियन कोटिलार्ड ने स्वीकार किया कि हाल ही में जिस फिल्म में वे अभिनय कर रही थीं उसके बनाए जाने के समय उन्हें उनके निर्देशक द्वारा कही और की जाने वाली सभी बातें समझ नहीं आ रही थीं। उन्होंने कहा, "मुझे बड़ा रोचक लगा अपने आप को किसी अन्य के हाथ में छोड़ कर, भटके हुए के समान इधर-उधर कुछ-कुछ करती रहूँ, क्योंकि मैं जानती थी कि मेरा एक अद्भुत मार्गदर्शक है....आप अपने आप को एक कहानी और निर्देशक के हाथों में छोड़ देते हैं और  अन्ततः वह सब बातों को मिलाकर अच्छा काम करवा देता है।"

   मेरे विचार में परमेश्वर के वचन बाइबल में यहोशू भी अपने जीवन के निर्देशक के बारे में कुछ ऐसा ही कहता होगा। आज के बाइबल पाठ में, इस्त्राएल का यह नया नियुक्त अगुवा प्रतिज्ञा किए हुई देश की कगार पर खड़ा है; बीस लाख से भी अधिक इस्त्राएली उसकी ओर नेतृत्व के लिए देख रहे हैं कि वह उन्हें लेजाकर उस देश कनान देश में बसाए। वह इस कार्य को कैसे करता? परमेश्वर ने उसे इस कार्य को करने के लिए कोई विस्तृत निर्देशन-लेख नहीं दिया, लेकिन उसे यह आश्वासन अवश्य दिया कि वह यहोशू के साथ-साथा सदा बना रहेगा, उसके साथ जाएगा।

   परमेश्वर ने यहोशू से कहा, "तेरे जीवन भर कोई तेरे साम्हने ठहर न सकेगा; जैसे मैं मूसा के संग रहा वैसे ही तेरे संग भी रहूंगा; और न तो मैं तुझे धोखा दूंगा, और न तुझ को छोडूंगा" (यहोशू 1:5)। परमेश्वर ने यहोशू को आज्ञा दी कि वह परमेश्वर के वचन में दी गई बातों का अध्ययन करे और उनका पालन करे (पद 7-8), और उसे वायदा दिया कि जहाँ कहीं भी यहोशू जाएगा परमेश्वर उसके साथ बना रहेगा। यहोशू ने पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ अपने इस अद्भुत मार्गदर्शक की बात को स्वीकार किया और उसका पालन किया, और परिणामस्वरूप, बाइबल में यहोशू के वृतांत के अन्त की ओर आया है कि "जितनी भलाई की बातें यहोवा ने इस्राएल के घराने से कही थीं उन में से कोई भी न छूटी; सब की सब पूरी हुई" (यहोशू 21:45)।

   आज हम भी अपने जीवनों को इस महान और अद्भुत निर्देशक, परमेश्वर, के हाथों में यहोशू ही के समान पूर्णतया समर्पित कर के तथा उसके वचन और निर्देशों का पालन कर के यहोशू के समान ही परमेश्वर की विश्वासयोग्यता के उत्तम प्रतिफल पा सकते हैं। - पोह फैंग चिया


परमेश्वर में विश्वास यह कभी नहीं देखता कि उसे कहाँ ले जाया जा रहा है; 
वह तो बस अपने मार्गदर्शक को और उसके प्रेम को जानता है और उसकी मानता है। -ऑस्वॉल्ड चैम्बर्स

तब उन्होंने संकट में यहोवा की दोहाई दी, और उसने उन को सकेती से छुड़ाया; और उन को ठीक मार्ग पर चलाया, ताकि वे बसने के लिये किसी नगर को जा पहुंचे। लोग यहोवा की करूणा के कारण, और उन आश्चर्यकर्मों के कारण, जो वह मनुष्यों के लिये करता है, उसका धन्यवाद करें! - भजन 107:6-8

बाइबल पाठ: यहोशू 1:1-9
Joshua 1:1 यहोवा के दास मूसा की मृत्यु के बाद यहोवा ने उसके सेवक यहोशू से जो नून का पुत्र था कहा, 
Joshua 1:2 मेरा दास मूसा मर गया है; सो अब तू उठ, कमर बान्ध, और इस सारी प्रजा समेत यरदन पार हो कर उस देश को जा जिसे मैं उन को अर्थात इस्राएलियों को देता हूं। 
Joshua 1:3 उस वचन के अनुसार जो मैं ने मूसा से कहा, अर्थात जिस जिस स्थान पर तुम पांव धरोगे वह सब मैं तुम्हे दे देता हूं। 
Joshua 1:4 जंगल और उस लबानोन से ले कर परात महानद तक, और सूर्यास्त की ओर महासमुद्र तक हित्तियों का सारा देश तुम्हारा भाग ठहरेगा। 
Joshua 1:5 तेरे जीवन भर कोई तेरे साम्हने ठहर न सकेगा; जैसे मैं मूसा के संग रहा वैसे ही तेरे संग भी रहूंगा; और न तो मैं तुझे धोखा दूंगा, और न तुझ को छोडूंगा। 
Joshua 1:6 इसलिये हियाव बान्धकर दृढ़ हो जा; क्योंकि जिस देश के देने की शपथ मैं ने इन लोगों के पूर्वजों से खाई थी उसका अधिकारी तू इन्हें करेगा। 
Joshua 1:7 इतना हो कि तू हियाव बान्धकर और बहुत दृढ़ हो कर जो व्यवस्था मेरे दास मूसा ने तुझे दी है उन सब के अनुसार करने में चौकसी करना; और उस से न तो दाहिने मुड़ना और न बांए, तब जहां जहां तू जाएगा वहां वहां तेरा काम सफल होगा। 
Joshua 1:8 व्यवस्था की यह पुस्तक तेरे चित्त से कभी न उतरने पाए, इसी में दिन रात ध्यान दिए रहना, इसलिये कि जो कुछ उस में लिखा है उसके अनुसार करने की तू चौकसी करे; क्योंकि ऐसा ही करने से तेरे सब काम सफल होंगे, और तू प्रभावशाली होगा। 
Joshua 1:9 क्या मैं ने तुझे आज्ञा नहीं दी? हियाव बान्धकर दृढ़ हो जा; भय न खा, और तेरा मन कच्चा न हो; क्योंकि जहां जहां तू जाएगा वहां वहां तेरा परमेश्वर यहोवा तेरे संग रहेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • यहेजेकल 3-4
  • इब्रानियों 11:20-40


मंगलवार, 15 नवंबर 2016

सचेत


   सन 2002 में 31.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर की लॉटरी जीतने के बाद एक आनन्दित व्यवसायी ने उस पैसे के सदुपयोग के लिए उच्च अभिलाषाएं व्यक्त करीं। वह दान-धर्म के कार्य करने के लिए संस्था स्थापित करने, बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को वापस काम पर रखने और परिवार के लिए अच्छे कार्य करने कि बातें करता था। लॉटरी जीतने के समय वह धनी था, उसने पत्रकारों से कहा कि यह धन जीतना उसे बदलेगा नहीं।

   कुछ वर्ष पश्चात उसके बारे में पता लगाकर लिखे गए एक लेख ने इससे बिलकुल भिन्न ही स्थिति दिखाई। सबसे बड़ी लॉटरी के जीतने के पश्चात वह कानूनी समस्याओं में पड़ गया, उसने अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा गवाँ दी, और जुए में सारा धन हार गया।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में आगूर नामक एक विचारशील व्यक्ति ने ऐसी हृदय-विदारक परिस्थितियों से संबंधित कुछ बातें लिखीं। अपनी स्वाभाविक प्रतिक्रियाओं के कारण झुका दिए गए (नीतिवचन 30:2-3) आगूर ने बहुत अधिक अथवा बहुत कम संपदा में होने के बारे में लिखा। उसने परमेश्वर से प्रार्थना करी, "व्यर्थ और झूठी बात मुझ से दूर रख; मुझे न तो निर्धन कर और न धनी बना; प्रतिदिन की रोटी मुझे खिलाया कर। ऐसा न हो, कि जब मेरा पेट भर जाए, तब मैं इन्कार कर के कहूं कि यहोवा कौन है? वा अपना भाग खो कर चोरी करूं, और अपने परमेश्वर का नाम अनुचित रीति से लूं" (नीतिवचन 30:8-9)।

   आगूर ने बहुतायत और दरिद्रता के, तथा अपनी ही प्रवृतियों के कारण जीवन में आने वाली चुनौतियों को देखा था। ये सभी बातें मिलकर हमें हमारे प्रभु पर हर बात, हर परिस्थिति में निर्भर रहने के लिए प्रेरित करती हैं, जिसने हमें प्रार्थना में कहना सिखाया, "हमारी दिन भर की रोटी आज हमें दे" (मत्ती 6:11), तथा इनमें से प्रत्येक बात हमें सचेत रहने का कारण देती है। - मार्ट डिहॉन


असंतोष धनी लोगों को निर्धन, तथा संतोष निर्धनों को धनी बना देता है।

पर सन्‍तोष सहित भक्ति बड़ी कमाई है। क्योंकि न हम जगत में कुछ लाए हैं और न कुछ ले जा सकते हैं। और यदि हमारे पास खाने और पहिनने को हो, तो इन्‍हीं पर सन्‍तोष करना चाहिए। पर जो धनी होना चाहते हैं, वे ऐसी परीक्षा, और फंदे और बहुतेरे व्यर्थ और हानिकारक लालसाओं में फंसते हैं, जो मनुष्यों को बिगाड़ देती हैं और विनाश के समुद्र में डूबा देती हैं। - 1 तिमुथियुस 6:6-9

बाइबल पाठ नीतिवचन 30:1-9
Proverbs 30:1 याके के पुत्र आगूर के प्रभावशाली वचन। उस पुरूष ने ईतीएल और उक्काल से यह कहा, 
Proverbs 30:2 निश्चय मैं पशु सरीखा हूं, वरन मनुष्य कहलाने के योग्य भी नहीं; और मनुष्य की समझ मुझ में नहीं है। 
Proverbs 30:3 न मैं ने बुद्धि प्राप्त की है, और न परमपवित्र का ज्ञान मुझे मिला है। 
Proverbs 30:4 कौन स्वर्ग में चढ़ कर फिर उतर आया? किस ने वायु को अपनी मुट्ठी में बटोर रखा है? किस ने महासागर को अपने वस्त्र में बान्ध लिया है? किस ने पृथ्वी के सिवानों को ठहराया है? उसका नाम क्या है? और उसके पुत्र का नाम क्या है? यदि तू जानता हो तो बता! 
Proverbs 30:5 ईश्वर का एक एक वचन ताया हुआ है; वह अपने शरणागतों की ढाल ठहरा है। 
Proverbs 30:6 उसके वचनों में कुछ मत बढ़ा, ऐसा न हो कि वह तुझे डांटे और तू झूठा ठहरे।
Proverbs 30:7 मैं ने तुझ से दो वर मांगे हैं, इसलिये मेरे मरने से पहिले उन्हें मुझे देने से मुंह न मोड़: 
Proverbs 30:8 अर्थात व्यर्थ और झूठी बात मुझ से दूर रख; मुझे न तो निर्धन कर और न धनी बना; प्रतिदिन की रोटी मुझे खिलाया कर। 
Proverbs 30:9 ऐसा न हो, कि जब मेरा पेट भर जाए, तब मैं इन्कार कर के कहूं कि यहोवा कौन है? वा अपना भाग खो कर चोरी करूं, और अपने परमेश्वर का नाम अनुचित रीति से लूं।

एक साल में बाइबल: 
  • यहेजेकल 1-2
  • इब्रानियों 11:1-19


सोमवार, 14 नवंबर 2016

आशा


   जब अमेरिका के लोक गायक जॉर्ज जोन्स का 81 वर्ष की आयु में निधन हुआ, तो उसके प्रशंसकों ने उसकी अनोखी आवाज़, उसके कठिन जीवन और व्यक्तिगत संघर्षों को स्मरण किया। उसके अनेकों गीत उसकी अपनी उत्कंठाओं और निराशाओं को प्रतिबिंबित करते थे, उसके गाने की शैली ने लोगों को गहराई से छूआ था। शिकागो ट्रिब्यून नामक समाचार-पत्र के संगीत आलोचक ग्रेग कोट ने लिखा, "उसकी आवाज़ टूटे हुए हृदय को व्यक्त करने के लिए बनी थी।"

   परमेश्वर के वचन बाइबल में विलापगीत की पुस्तक यहूदा राष्ट्र द्वारा ढिटाई में परमेश्वर का अनुसरण करने से इंकार करने के कारण यिर्मयाह की वेदना को दिखाती है। यिर्मयाह को अकसर "विलाप करने वाला भविष्यद्वक्ता" कहा जाता है; वह यरूशालेम के विनाश का साक्षी हुआ और उसने अपने लोगों को बन्धुआई में जाते हुए देखा। दुःख से अभिभूत होकर वह यरूशालेम की सड़कों पर घूमता और विलाप करता हुआ फिरता रहा (विलापगीत 1:1-5)।

   लेकिन फिर भी, गहन अन्धकार के अपने इस समय में, यिर्मयाह ने कहा, "परन्तु मैं यह स्मरण करता हूँ, इसीलिये मुझे आाशा है: हम मिट नहीं गए; यह यहोवा की महाकरुणा का फल है, क्योंकि उसकी दया अमर है। प्रति भोर वह नई होती रहती है; तेरी सच्चाई महान है" (विलापगीत 3:21-23)।

   हम चाहे अपने, या किसी और के निर्णयों एवं चुनावों के कारण दुःख उठाएं, ऐसी परिस्थितियों में हताशा से अभिभूत हो जाने का खतरा हमारे सामने बना रहता है। जब लगता है कि सब कुछ खो गया है, हम परमेश्वर की विश्वासयोग्यता को थाम कर कह सकते हैं: "मेरे मन ने कहा, यहोवा मेरा भाग है, इस कारण मैं उस में आशा रखूंगा" (विलापगीत 3:24)।

   प्रत्येक परिस्थिति में परमेश्वर ही कभी ना टलने या बदलने वाली हमारी एकमात्र विश्वासयोग्य आशा है। - डेविड मैक्कैसलैंड


परमेश्वर की विश्वासयोग्यता का लंगर सबसे तीव्र तूफानों में भी हमें स्थिर रखता है।

परमेश्वर हमारा शरणस्थान और बल है, संकट में अति सहज से मिलने वाला सहायक। इस कारण हम को कोई भय नहीं चाहे पृथ्वी उलट जाए, और पहाड़ समुद्र के बीच में डाल दिए जाएं; चाहे समुद्र गरजे और फेन उठाए, और पहाड़ उसकी बाढ़ से कांप उठें। - भजन 46:1-3

बाइबल पाठ: विलापगीत 3:1-6, 15-25
Lamentations 3:1 उसके रोष की छड़ी से दु:ख भोगने वाला पुरुष मैं ही हूं; 
Lamentations 3:2 वह मुझे ले जा कर उजियाले में नहीं, अन्धियारे ही में चलाता है; 
Lamentations 3:3 उसका हाथ दिन भर मेरे ही विरुद्ध उठता रहता है। 
Lamentations 3:4 उसने मेरा मांस और चमड़ा गला दिया है, और मेरी हड्डियों को तोड़ दिया है; 
Lamentations 3:5 उसने मुझे रोकने के लिये किला बनाया, और मुझ को कठिन दु:ख और श्रम से घेरा है; 
Lamentations 3:6 उसने मुझे बहुत दिन के मरे हुए लोगों के समान अन्धेरे स्थानों में बसा दिया है। 
Lamentations 3:15 उसने मुझे कठिन दु:ख से भर दिया, और नागदौना पिलाकर तृप्त किया है। 
Lamentations 3:16 उसने मेरे दांतों को कंकरी से तोड़ डाला, और मुझे राख से ढांप दिया है; 
Lamentations 3:17 और मुझ को मन से उतार कर कुशल से रहित किया है; मैं कल्याण भूल गया हूँ; 
Lamentations 3:18 इसलिऐ मैं ने कहा, मेरा बल नाश हुआ, और मेरी आश जो यहोवा पर थी, वह टूट गई है। 
Lamentations 3:19 मेरा दु:ख और मारा मारा फिरना, मेरा नागदौने और-और विष का पीना स्मरण कर! 
Lamentations 3:20 मैं उन्हीं पर सोचता रहता हूँ, इस से मेरा प्राण ढला जाता है। 
Lamentations 3:21 परन्तु मैं यह स्मरण करता हूँ, इसीलिये मुझे आाशा है: 
Lamentations 3:22 हम मिट नहीं गए; यह यहोवा की महाकरुणा का फल है, क्योंकि उसकी दया अमर है। 
Lamentations 3:23 प्रति भोर वह नई होती रहती है; तेरी सच्चाई महान है। 
Lamentations 3:24 मेरे मन ने कहा, यहोवा मेरा भाग है, इस कारण मैं उस में आशा रखूंगा। 
Lamentations 3:25 जो यहोवा की बाट जोहते और उसके पास जाते हैं, उनके लिये यहोवा भला है।

एक साल में बाइबल: 
  • विलापगीत 3-5
  • इब्रानियों 10:19-39


रविवार, 13 नवंबर 2016

उपहार


   मुझे क्रिसमस बहुत पसंद है। उस समय के मौसम की सुन्दरता और अचरज तथा प्रभु यीशु के जन्म का उत्सव मनाना उसे मेरे लिए वर्ष का सर्वोत्तम समय बना देता है। लेकिन हाल के कुछ वर्षों से, मेरे लिए यह समय बढ़ती हुई झुँझुलाहट का समय होता जा रहा है, क्योंकि प्रतिवर्ष क्रिसमस से संबंधित सामग्री बाज़ार में अधिकाधिक जल्दी आने लग गया है और बढ़ते-बढ़ते यह पतझड़ के आरंभ तक पहुँच गया है।

   पहले क्रिसमस का समय दिसंबर माह तक ही सीमित था, परन्तु अब हम पाते हैं कि रेडियो पर क्रिसमस संगीत नवंबर के आरंभ से ही प्रसारित होने लगता है। दुकानें अब क्रिसमस संबंधित विशेष बिक्री के विज्ञापन अक्टूबर से ही करने लगती हैं, और क्रिसमस की मिठाई सितंबर के अन्त से ही मिलने लग जाती है। यदि हम सतर्क नहीं रहे तो यह बढ़ती हुई भरमार हमारी भावनाओं को कुन्द कर देगी; जो समय आदर और कृतज्ञता का होना चाहिए उसका मज़ा किरकिरा कर देगी।

   जब यह झुँझुलाहट मेरे मन में उठने लगती है, तो मैं एक काम करने का प्रयास करता हूँ: स्मरण करना। मैं अपने आप को स्मरण कराता हूँ कि क्रिसमस का अर्थ क्या है; मसीह यीशु कौन है और वह पृथ्वी पर क्यों आया। मैं क्षमा करने वाले परमेश्वर के प्रेम और अनुग्रह को स्मरण करता हूँ जिसने मुझे और संसार के सभी लोगों को बचाने के लिए अपने पुत्र को मानव रूप में बलिदान होने के लिए भेजा। मैं स्मरण करता हूँ कि अन्ततः केवल एक ही उपहार का महत्व है - परमेश्वर के अवर्णनीय उपहार का (2 कुरिन्थियों 9:15)। मैं स्मरण करता हूँ कि उद्धार के उपहार के रूप में मसीह यीशु स्वयं अपने आप को हमारे लिए दे देने के लिए आया था।

   प्रभु यीशु वर्ष भर हमारा जीवन है, परमेश्वर द्वारा दिया गया सदा काल का अद्भुत उपहार। - बिल क्राउडर


प्रभु यीशु अनन्त जीवन के लिए हमारा उपहार है।

परमेश्वर को उसके उस दान के लिये जो वर्णन से बाहर है, धन्यवाद हो। - 2 कुरिन्थियों 9:15

बाइबल पाठ: गलतियों 4:1-7
Galatians 4:1 मैं यह कहता हूं, कि वारिस जब तक बालक है, यद्यपि सब वस्‍तुओं का स्‍वामी है, तौभी उस में और दास में कुछ भेद नहीं। 
Galatians 4:2 परन्तु पिता के ठहराए हुए समय तक रक्षकों और भण्‍डारियों के वश में रहता है। 
Galatians 4:3 वैसे ही हम भी, जब बालक थे, तो संसार की आदि शिक्षा के वश में हो कर दास बने हुए थे। 
Galatians 4:4 परन्तु जब समय पूरा हुआ, तो परमेश्वर ने अपने पुत्र को भेजा, जो स्त्री से जन्मा, और व्यवस्था के आधीन उत्पन्न हुआ। 
Galatians 4:5 ताकि व्यवस्था के आधीनों को मोल ले कर छुड़ा ले, और हम को लेपालक होने का पद मिले। 
Galatians 4:6 और तुम जो पुत्र हो, इसलिये परमेश्वर ने अपने पुत्र के आत्मा को, जो हे अब्‍बा, हे पिता कह कर पुकारता है, हमारे हृदय में भेजा है। 
Galatians 4:7 इसलिये तू अब दास नहीं, परन्तु पुत्र है; और जब पुत्र हुआ, तो परमेश्वर के द्वारा वारिस भी हुआ।

एक साल में बाइबल: 
  • विलापगीत 1-2
  • इब्रानियों 10:1-18


शनिवार, 12 नवंबर 2016

कलाकृति


   बेलफास्ट, उत्तरी आयरलैंड में जो 11 एकड़ के खाली मैदान से आरंभ हुआ था, उसका अन्त ब्रिटेन के सबसे बड़े भूमिचित्र के रूप में हुआ। कलाकार जॉर्ज रॉड्रिगुएज़-गेराडा द्वारा बनाई गई "विश" नामक यह कलाकृति लकड़ी की 30,000 खूँटियों, 2000 टन मिट्टी, 2000 टन रेत और अनेकों अन्य सामग्री जैसे कि घास, पत्थर और रस्सी आदि से बनी है।

   इसके बनने के आरंभ में केवल कलाकार ही जानता था कि उसकी कलाकृति का अन्तिम स्वरूप क्या होगा। जॉर्ज ने मज़दूरों और स्वयंसेवकों को इस कार्य के लिए भरती किया, अपने साथ लिया; और वे उसके निर्देशों के अनुसार सामग्री को ढोने और एक से दूसरे स्थान पर पहुँचाने में लगे रहे। यह सब कार्य करते समय उन्हें ज़रा भी आभास नहीं था कि कुछ विस्मित कर देने वाला तैयार होकर प्रगट होने वाला है; लेकिन ऐसा ही हुआ। धरती पर से वह चित्र कुछ विशेष प्रतीत नहीं होता है; लेकिन ऊपर आकाश से देखने वाले एक छोटी लड़की का मुस्कुराता हुए चेहरे का एक विशाल चित्र देखने पाते हैं।

   परमेश्वर इस संसार में, हम मसीही विश्वासियों को साथ लेकर इससे भी कुछ विलक्षण और महान कर रहा है। जैसा प्रेरित पौलुस ने कुरिन्थुस के मसीही विशवासियों को लिखा, हम परमेश्वर के सहकर्मी हैं (1 कुरिन्थियों 3:9) जिनमें होकर वह इस कार्य को साकार कर रहा है। परमेश्वर के वचन बाइबल में परमेश्वर अपने लोगों को स्मरण कराता है कि वही है जो  "...पृथ्वी के घेरे के ऊपर आकाशमण्डल पर विराजमान है; और पृथ्वी के रहने वाले टिड्डी के तुल्य है; जो आकाश को मलमल की नाईं फैलाता और ऐसा तान देता है जैसा रहने के लिये तम्बू ताना जाता है" (यशायाह 40:22)।

   आज चाहे हम परमेश्वर द्वारा बनाई जा रही इस कलाकृति का अन्तिम स्वरूप नहीं देख अथवा समझ पाते हैं, लेकिन फिर भी हम उसके कार्य में उसके निर्देशानुसार लगे रहते हैं, इस विश्वास के साथ कि हम एक अद्भुत कलाकृति का भाग हैं - ना केवल उसके बनाने में वरन उस कलाकृति में भी। अन्ततः वह एक ऐसी कलाकृति होगी जो बनेगी तो पृथ्वी पर, परन्तु देखी जाएगी स्वर्ग से। - जूली ऐकैरमैन लिंक


परमेश्वर हमें अपनी महान कलाकृति को बनाने में प्रयुक्त कर रहा है।

क्योंकि हम परमेश्वर के सहकर्मी हैं; तुम परमेश्वर की खेती और परमेश्वर की रचना हो। - 1 कुरिन्थियों 3:9 

बाइबल पाठ: यशायाह 40:21-31
Isaiah 40:21 क्या तुम नहीं जानते? क्या तुम ने नहीं सुना? क्या तुम को आरम्भ ही से नहीं बताया गया? क्या तुम ने पृथ्वी की नेव पड़ने के समय ही से विचार नहीं किया? 
Isaiah 40:22 यह वह है जो पृथ्वी के घेरे के ऊपर आकाशमण्डल पर विराजमान है; और पृथ्वी के रहने वाले टिड्डी के तुल्य है; जो आकाश को मलमल की नाईं फैलाता और ऐसा तान देता है जैसा रहने के लिये तम्बू ताना जाता है; 
Isaiah 40:23 जो बड़े बड़े हाकिमों को तुच्छ कर देता है, और पृथ्वी के अधिकारियों को शून्य के समान कर देता है।
Isaiah 40:24 वे रोपे ही जाते, वे बोए ही जाते, उनके ठूंठ भूमि में जड़ ही पकड़ पाते कि वह उन पर पवन बहाता और वे सूख जाते, और आंधी उन्हें भूसे की नाईं उड़ा ले जाती है।
Isaiah 40:25 सो तुम मुझे किस के समान बताओगे कि मैं उसके तुल्य ठहरूं? उस पवित्र का यही वचन है। 
Isaiah 40:26 अपनी आंखें ऊपर उठा कर देखो, किस ने इन को सिरजा? वह इन गणों को गिन गिनकर निकालता, उन सब को नाम ले ले कर बुलाता है? वह ऐसा सामर्थी और अत्यन्त बली है कि उन में से कोई बिना आए नहीं रहता।
Isaiah 40:27 हे याकूब, तू क्यों कहता है, हे इस्राएल तू क्यों बोलता है, मेरा मार्ग यहोवा से छिपा हुआ है, मेरा परमेश्वर मेरे न्याय की कुछ चिन्ता नहीं करता? 
Isaiah 40:28 क्या तुम नहीं जानते? क्या तुम ने नहीं सुना? यहोवा जो सनातन परमेश्वर और पृथ्वी भर का सिरजनहार है, वह न थकता, न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अगम है। 
Isaiah 40:29 वह थके हुए को बल देता है और शक्तिहीन को बहुत सामर्थ देता है। 
Isaiah 40:30 तरूण तो थकते और श्रमित हो जाते हैं, और जवान ठोकर खाकर गिरते हैं; 
Isaiah 40:31 परन्तु जो यहोवा की बाट जोहते हैं, वे नया बल प्राप्त करते जाएंगे, वे उकाबों की नाईं उड़ेंगे, वे दौड़ेंगे और श्रमित न होंगे, चलेंगे और थकित न होंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 51-52
  • इब्रानियों 9


शुक्रवार, 11 नवंबर 2016

ज्योति


   अमेरिका के गृह युद्ध (1861-1865) से पूर्व, भगोड़े दास "भूमिगत रेलमार्ग" का अनुसरण करके स्वतंत्रता प्राप्त करते थे। "भूमिगत रेलमार्ग" दास प्रथा का पालन करने वाले दक्षिणी अमेरिका से, दास प्रथा से मुक्ति दिलाने की आवाज़ बुलन्द करने वाले उत्तरी अमेरिका तक जाने के गुप्त मार्गों और उनकी सहायता करने वाले दासत्व-विरोधियों के लिए प्रयुक्त होने वाली एक उक्ति थी। भगोड़े दास उत्तरी अमेरिका पहुँचने के लिए रात भर अनेकों मील चलते थे, उनको सही मार्ग पर बने रहने का मार्गदर्शन तारामण्डल में सप्तर्षि से मिलता था, जो ध्रुव तारे की ओर संकेत करता था। कुछ लोग यह भी मानते हैं कि मार्ग के दिशानिर्देषों का उन्होंने सांकेतिक भाषा में एक गीत भी बना लिया था, जिसे वे गाते और मार्ग को पहचानते जाते थे, ताकि खो ना जाएं। सप्तर्षि तारामण्डल और दासत्व-विरोधी सहायक उन के लिए दासत्व के जीवन से मुक्ति के जीवन का मार्ग दिखाने का कार्य करने वाली ज्योति थे।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस ने हम मसीही विश्वासियों को जगत की ज्योति बनकर चमकने का आहवाहन किया है (फिलिप्पियों 2:15), जिससे संसार भर में जो भी लोग परमेश्वर के सत्य, पाप से छुटकारा और आत्मिक स्वतंत्रता के खोजी हैं वे सही मार्ग पा सकें, उस पर बने रह सकें।

   हम पाप और बुराई के अन्धकार से भरे संसार में रहते हैं, एक ऐसे संसार में जिसे प्रभु यीशु की ज्योति को देखने और उससे पाप तथा अनन्त विनाश से स्वतंत्रता पा लेने की बहुत आवश्यकता है। हमारी बुलाहट परमेश्वर के सत्य को संसार के सामने चमकाना है, जिससे लोग अनन्त जीवन, उद्धार और आत्मिक स्वतंत्रता के मार्ग की ओर आ सकें, और यह सब पाने के लिए प्रभु तक पहुँच सकें। हम मसीह यीशु की ओर, जो एकमात्र सच्चा मार्ग, संपूर्ण सत्य तथा अनन्त आशीश का जीवनदायक है (यूहन्ना 14:6) संकेत करने वाले लोग हैं; हमें इस संसार में प्रभु की ज्योति बनकर चमकना है। - डेनिस फिशर


प्रभु यीशु की ज्योति को प्रतिबिंबित करके संसार को रौशन कर दें।

यीशु ने उस से कहा, मार्ग और सच्चाई और जीवन मैं ही हूं; बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुंच सकता। - यूहन्ना 14:6

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 2:12-18
Philippians 2:12 सो हे मेरे प्यारो, जिस प्रकार तुम सदा से आज्ञा मानते आए हो, वैसे ही अब भी न केवल मेरे साथ रहते हुए पर विशेष कर के अब मेरे दूर रहने पर भी डरते और कांपते हुए अपने अपने उद्धार का कार्य पूरा करते जाओ। 
Philippians 2:13 क्योंकि परमेश्वर ही है, जिस ने अपनी सुइच्‍छा निमित्त तुम्हारे मन में इच्छा और काम, दोनों बातों के करने का प्रभाव डाला है। 
Philippians 2:14 सब काम बिना कुड़कुड़ाए और बिना विवाद के किया करो। 
Philippians 2:15 ताकि तुम निर्दोष और भोले हो कर टेढ़े और हठीले लोगों के बीच परमेश्वर के निष्‍कलंक सन्तान बने रहो, (जिन के बीच में तुम जीवन का वचन लिये हुए जगत में जलते दीपकों की नाईं दिखाई देते हो)। 
Philippians 2:16 कि मसीह के दिन मुझे घमण्‍ड करने का कारण हो, कि न मेरा दौड़ना और न मेरा परिश्रम करना व्यर्थ हुआ। 
Philippians 2:17 और यदि मुझे तुम्हारे विश्वास के बलिदान और सेवा के साथ अपना लोहू भी बहाना पड़े तौभी मैं आनन्‍दित हूं, और तुम सब के साथ आनन्द करता हूं। 
Philippians 2:18 वैसे ही तुम भी आनन्‍दित हो, और मेरे साथ आनन्द करो।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 50
  • इब्रानियों 8