ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

वस्त्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वस्त्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 27 सितंबर 2019

वस्त्र



      शरद ऋतु के लिए खरीदे गए एक वस्त्र पर से उसकी कीमत का लेबल हटाते हुए मेरा ध्यान उस लेबल की पिछली ओर लिखी हुई बात पर गया। वस्त्र को बनाने वालों ने लिखा था, “चेतावनी: इस अद्भुत वस्त्र को पहिनने के पश्चात आप बाहर जाना एवँ रहना चाहेंगे।” मैं उनकी बात को पढ़कर मुस्कुराया। यदि ऋतु के अनुसार ठीक से वस्त्र पहिनें हों तो व्यक्ति कठोर मौसम में भी सुरक्षित रह सकता है।

      यही सिद्धांत हमारे आत्मिक जीवन में भी लागू होता है। प्रभु यीशु मसीह के अनुयायी होने के नाते, प्रभु ने हमें जीवन के प्रत्येक ‘मौसम’ के लिए आवश्यक उचित ‘वस्त्र’ अपने वचन बाइबल में प्रदान किए हैं। कुलुस्से के मसीही विश्वासियों को लिखी पत्री में प्रेरित पौलुस उन्हें लिखता है, “इसलिये परमेश्वर के चुने हुओं के समान जो पवित्र और प्रिय हैं, बड़ी करूणा, और भलाई, और दीनता, और नम्रता, और सहनशीलता धारण करो। और यदि किसी को किसी पर दोष देने को कोई कारण हो, तो एक दूसरे की सह लो, और एक दूसरे के अपराध क्षमा करो: जैसे प्रभु ने तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी करो” (कुलुस्सियों 3:12-13)।

      जो वस्त्र परमेश्वर उपलब्ध करवाता है, जैसे कि करुणा, भलाई, दीनता, और नम्रता, वे हमें सक्षम करते हैं कि हम विरोध, और आलोचना का सामना धैर्य, क्षमा, और प्रेम के साथ करें। जीवन की आँधी-तूफानों में उन ‘वस्त्रों’ से हमें स्थिर बने रहने की शक्ति मिलती है।

      जब हम घर, स्कूल, या कार्यस्थल पर विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हैं, तो जो “वस्त्र” परमेश्वर हमें पहिनने के लिए कहता है, वे हमारी सुरक्षा करते हैं, और हमें सक्षम करते हैं कि हम सकारात्मक प्रभाव डाल सकें। परमेश्वर के मार्गदर्शन के अनुसार ‘वस्त्र’ पहिनने से हमारे लिए मौसम तो नहीं बदलता है, परन्तु वे वस्त्र हमें उस मौसम को सहने और उसमें सुरक्षित रहने की क्षमता प्रदान करते हैं। - डेविड मैक्कैस्लैंड

भलाई वह तेल है जो जीवन से घर्षण को दूर करता है।

वरन प्रभु यीशु मसीह को पहिन लो, और शरीर की अभिलाशाओं को पूरा करने का उपाय न करो। - रोमियों 13:14

बाइबल पाठ: कुलुस्सियों 3:8-17
Colossians 3:8 पर अब तुम भी इन सब को अर्थात क्रोध, रोष, बैरभाव, निन्‍दा, और मुंह से गालियां बकना ये सब बातें छोड़ दो।
Colossians 3:9 एक दूसरे से झूठ मत बोलो क्योंकि तुम ने पुराने मनुष्यत्‍व को उसके कामों समेत उतार डाला है।
Colossians 3:10 और नए मनुष्यत्‍व को पहिन लिया है जो अपने सृजनहार के स्‍वरूप के अनुसार ज्ञान प्राप्त करने के लिये नया बनता जाता है।
Colossians 3:11 उस में न तो यूनानी रहा, न यहूदी, न खतना, न खतनारिहत, न जंगली, न स्‍कूती, न दास और न स्‍वतंत्र: केवल मसीह सब कुछ और सब में है।
Colossians 3:12 इसलिये परमेश्वर के चुने हुओं के समान जो पवित्र और प्रिय हैं, बड़ी करूणा, और भलाई, और दीनता, और नम्रता, और सहनशीलता धारण करो।
Colossians 3:13 और यदि किसी को किसी पर दोष देने को कोई कारण हो, तो एक दूसरे की सह लो, और एक दूसरे के अपराध क्षमा करो: जैसे प्रभु ने तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी करो।
Colossians 3:14 और इन सब के ऊपर प्रेम को जो सिद्धता का कटिबन्‍ध है बान्‍ध लो।
Colossians 3:15 और मसीह की शान्‍ति जिस के लिये तुम एक देह हो कर बुलाए भी गए हो, तुम्हारे हृदय में राज्य करे, और तुम धन्यवादी बने रहो।
Colossians 3:16 मसीह के वचन को अपने हृदय में अधिकाई से बसने दो; और सिद्ध ज्ञान सहित एक दूसरे को सिखाओ, और चिताओ, और अपने अपने मन में अनुग्रह के साथ परमेश्वर के लिये भजन और स्‍तुतिगान और आत्मिक गीत गाओ।
Colossians 3:17 और वचन से या काम से जो कुछ भी करो सब प्रभु यीशु के नाम से करो, और उसके द्वारा परमेश्वर पिता का धन्यवाद करो।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 3-4
  • गलातियों 6



रविवार, 21 जुलाई 2019

क्या कह रहे हैं?



      अपनी पुस्तक Wearing God में लेखिका लौरेन विन्नर कहती हैं कि हमारे वस्त्र औरों से मूक रीति से हम क्या हैं कह देते हैं। जो हम पहनते हैं वो हमारी नौकरी, कार्य, समाज या पहचान, हमारे मिज़ाज, या सामजिक स्तर को बता सकता है। किसी टी-शर्ट के बारे में सोचिए जिस पर कुछ लिखा हो, या किसी व्यवसायी के सूट के बारे में, किसी की वर्दी के बारे में, किसी के ग्रीस से सनी जींस पहने हुए होने के बारे में, आदि – ये सभी वस्त्र उन्हें पहनने वाले व्यक्ति के बारे में कुछ कहते हैं।

      परमेश्वर के वचन बाइबल के एक प्रमुख पात्र, प्रेरित पौलुस के अनुसार, इसी प्रकार से हम मूक रीति से मसीह यीशु का प्रतिनिधित्व भी कर सकते हैं। बाइबल में रोमियों 13:14 में लिखा है कि “वरन प्रभु यीशु मसीह को पहिन लो, और शरीर की अभिलाशाओं को पूरा करने का उपाय न करो” इसका क्या अर्थ है? जब हम मसीही विश्वासी बनते हैं तो हम मसीह की पहचान धारण  कर लेते हैं। हम “विश्वास के द्वारा परमेश्वर की सन्तान हैं” (गलातियों 3:26-27); यही हमारा दर्जा है। लेकिन इस दर्जे को दूसरों के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए हमें प्रतिदिन मसीह यीशु के चरित्र और व्यवहार को पहनना पड़ता है। हम ऐसा प्रभु यीशु मसीह के लिए जीवन जीने, परमेश्वर की भक्ति, प्रेम तथा आज्ञाकारिता में बढ़ते जाने, हमें पापों में उलझाने और फंसाने वाले पापों की ओर पीठ मोड़ने, तथा प्रभु की समानता में और अधिक ढलने के दैनिक सतत प्रयास के द्वारा करते हैं।

      मसीह में हमारी यह बढ़ोतरी पवित्र आत्मा के द्वारा होती है जो हमारे अन्दर कार्य करता है (यूहन्ना 14:26), हम में प्रभु के वचन के अध्ययन, प्रार्थना, तथा अन्य मसीही विश्वासियों के साथ संगति रखने में समय बिताने की चाह उत्पन्न करता है (प्रेरितों 2:42)।

      जब और लोग हमारी बातों और व्यवहार को देखते हैं, तो उन्हें क्या लगता है कि हम क्या कह रहे हैं?  - एलीसन कीडा


जब और लोग हमें देखें, तो उन्हें जो दिखाई दे उससे हमारे उद्धारकर्ता की बड़ाई हो।

क्योंकि तुम सब उस विश्वास करने के द्वारा जो मसीह यीशु पर है, परमेश्वर की सन्तान हो। और तुम में से जितनों ने मसीह में बपतिस्मा लिया है उन्होंने मसीह को पहिन लिया है। - गलातियों 3:26-27

बाइबल पाठ: रोमियों 13:11-14
Romans 13:11 और समय को पहिचान कर ऐसा ही करो, इसलिये कि अब तुम्हारे लिये नींद से जाग उठने की घड़ी आ पहुंची है, क्योंकि जिस समय हम ने विश्वास किया था, उस समय के विचार से अब हमारा उद्धार निकट है।
Romans 13:12 रात बहुत बीत गई है, और दिन निकलने पर है; इसलिये हम अन्धकार के कामों को तज कर ज्योति के हथियार बान्ध लें।
Romans 13:13 जैसा दिन को सोहता है, वैसा ही हम सीधी चाल चलें; न कि लीला क्रीड़ा, और पियक्कड़पन, न व्यभिचार, और लुचपन में, और न झगड़े और डाह में।
Romans 13:14 वरन प्रभु यीशु मसीह को पहिन लो, और शरीर की अभिलाशाओं को पूरा करने का उपाय न करो।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 29-30
  • प्रेरितों 23:1-15



शनिवार, 18 मई 2019

साफ



      मेरे बच्चे जब छोटे ही थे तो वह बाहर हमारे घर के बगीचे में खेला करते थे, जो इंग्लैण्ड के मौसम के कारण बहुधा गीला ही रहता था। इस कारण वे खेलते हुए कीचड़ और मिट्टी से गंदे हो जाते थे। उनके तथा अपने घर के फर्श की भलाई के लिए मैं उनके घर में घुसते समय दरवाज़े पर ही उनके कपड़े उतार कर उन्हें तौलियों में लपेट देती थी और फिर नहाने के लिए ले जाती थी। स्नानघर में दुलार, पानी और साबुन से उनकी सफाई हो जाती थी और वे शीघ्र ही मैले से स्वच्छ हो जाते थे।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि ज़कर्याह को परमेश्वर से एक दर्शन प्राप्त हुआ, जिसमें यहोशू महायाजक को उसने मैले वस्त्रों में, जो पाप और गलत कार्यों के प्रतीक थे, देखा (ज़कर्याह 3:3)। परन्तु परमेश्वर ने उसके वे मैले वस्त्र उतरवाकर उसे साफ़ वस्त्र पहनावाए (पद 3:5)। उसके वे साफ़ वस्त्र यह दिखाते हैं कि परमेश्वर ने उसके पापों को उसपर से हटा दिया था।

      आज हम भी, प्रभु यीशु मसीह में लाए गए विश्वास और उससे मिलने वाली पापों की क्षमा के द्वारा, परमेश्वर द्वारा साफ किए जा सकते हैं। प्रभु यीशु के द्वारा कलवारी के क्रूस पर दिए गए अपने बलिदान और उसके मृतकों में से पुनरुत्थान के द्वारा हम अपने पापों की गन्दगी से धोकर साफ़ किए जाते हैं, और परमेश्वर की सन्तान बनाए जाते हैं, तथा हमें प्रभु में धार्मिकता के वस्त्र पहिनाए जाते हैं। फिर हम हमारे पापों, वे चाहे जो भी रहे हों, के कारण नहीं पहचाने जाते हैं, परन्तु परमेश्वर की सन्तान के रूप में जाने और पहचाने जाते हैं; हम स्वच्छ और साफ़ हो जाते हैं।

      यदि आपने अभी तक ऐसा नहीं किया है तो परमेश्वर से मांगिए कि वह आपको प्रभु यीशु मसीह में विश्वास और पापों की क्षमा के द्वारा पाप की गन्दगी से साफ़ करे, और उन आपको प्रभु यीशु मसीह में धार्मिकता के साफ़ वस्त्रों को पहिना दे। - एमी बाउचर पाई


पापों के दाग को केवल प्रभु यीशु ही धोकर साफ़ कर सकता है।

मैं यहोवा के कारण अति आनन्दित होऊंगा, मेरा प्राण परमेश्वर के कारण मगन रहेगा; क्योंकि उसने मुझे उद्धार के वस्त्र पहिनाए, और धर्म की चद्दर ऐसे ओढ़ा दी है जैसे दूल्हा फूलों की माला से अपने आप को सजाता और दुल्हिन अपने गहनों से अपना सिंगार करती है। - यशायाह 61:10

बाइबल पाठ: ज़कर्याह 3
Zechariah 3:1 फिर उसने यहोशू महायाजक को यहोवा के दूत के साम्हने खड़ा हुआ मुझे दिखाया, और शैतान उसकी दाहिनी ओर उसका विरोध करने को खड़ा था।
Zechariah 3:2 तब यहोवा ने शैतान से कहा, हे शैतान यहोवा तुझ को घुड़के! यहोवा जो यरूशलेम को अपना लेता है, वही तुझे घुड़के! क्या यह आग से निकाली हुई लुकटी सी नहीं है?
Zechariah 3:3 उस समय यहोशू तो दूत के साम्हने मैला वस्त्र पहिने हुए खड़ा था।
Zechariah 3:4 तब दूत ने उन से जो साम्हने खड़े थे कहा, इसके ये मैले वस्त्र उतारो। फिर उसने उस से कहा, देख, मैं ने तेरा अधर्म दूर किया है, और मैं तुझे सुन्दर वस्त्र पहिना देता हूं।
Zechariah 3:5 तब मैं ने कहा, इसके सिर पर एक शुद्ध पगड़ी रखी जाए। और उन्होंने उसके सिर पर याजक के योग्य शुद्ध पगड़ी रखी, और उसको वस्त्र पहिनाए; उस समय यहोवा का दूत पास खड़ा रहा।
Zechariah 3:6 तब यहोवा के दूत ने यहोशू को चिता कर कहा,
Zechariah 3:7 सेनाओं का यहोवा तुझ से यों कहता है: यदि तू मेरे मार्गों पर चले, और जो कुछ मैं ने तुझे सौंप दिया है उसकी रक्षा करे, तो तू मेरे भवन का न्यायी, और मेरे आंगनों का रक्षक होगा; और मैं तुझ को इनके बीच में आने जाने दूंगा जो पास खड़े हैं।
Zechariah 3:8 हे यहोशू महायाजक, तू सुन ले, और तेरे भाईबन्धु जो तेरे साम्हने खड़े हैं वे भी सुनें, क्योंकि वे मनुष्य शुभ शकुन हैं: सुनो, मैं अपने दास शाख को प्रगट करूंगा।
Zechariah 3:9 उस पत्थर को देख जिसे मैं ने यहोशू के आगे रखा है, उस एक ही पत्थर के ऊपर सात आंखें बनी हैं, सेनाओं के यहोवा की यह वाणी है, देख मैं उस पत्थर पर खोद देता हूं, और इस देश के अधर्म को एक ही दिन में दूर कर दूंगा।
Zechariah 3:10 उसी दिन तुम अपने अपने भाईबन्धुओं को दाखलता और अंजीर के वृक्ष के नीचे आने के लिये बुलाओगे, सेनाओं के यहोवा की यही वाणी है।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 4-6
  • यूहन्ना 6:1-21