ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

पहुँच लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पहुँच लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 29 जुलाई 2019

विशेषाधिकार



      यद्यपि वह उसका प्रतिरूप ही था, फिर भी दक्षिणी इस्राएल के नेगेव मरुभूमि में स्थित वह मिलाप वाले तम्बू का नमूना विस्मयकारी था। उसे परमेश्वर के वचन बाइबल के निर्गमन 25-27 अध्याय में दिए गए वर्णन के अनुसार बनाया गया था, बस उसमें वास्तव में सोना और बबूल की लकड़ी का प्रयोग नहीं हुआ था। जब हमारे पर्यटक समूह को उस नमूने के “पवित्र-स्थान” से “महापवित्र-स्थान” को ले जाया गया कि वहाँ स्थित “वाचा के सन्दूक” को देख सकें, तो कुछ लोग जाने से हिचकिचाए, क्योंकि यह वह परमपवित्र स्थान था जहाँ केवल महायाजक को वर्ष में एक बार विशेष तैयारी के साथ ही प्रवेश करने की अनुमति दी गई थी। हम सामान्य लोग उस स्थान में ऐसे ही सहजता से प्रवेश कैसे कर सकते थे?

      मैं अब कल्पना कर सकता हूँ कि इस्राएलियों को मिलाप वाले तम्बू में प्रवेश करना कितना भयावह प्रतीत होता होगा। जब भी वे आते, उन्हें उपयुक्त बलिदान साथ लेकर आने होते थे, और इस एहसास के साथ आना होता था कि वे परम-प्रधान परमेश्वर की उपस्थिति में आ रहे हैं। मैं उनके अचरज को भी समझ सकता हूँ जब परमेश्वर मूसा के द्वारा उन्हें अपना सन्देश देता होगा।

      आज, मैं और आप, परमेश्वर के सम्मुख सीधे से आ सकते हैं, इस विश्वास के साथ कि प्रभु यीशु के बलिदान ने हमारे और परमेश्वर के बीच की दीवार को गिरा दिया है (इब्रानियों 12:22-23)। हम मसीही विश्वासी कभी भी, जब भी इच्छा या आवश्यकता हो, परमेश्वर से सीधे बात कर सकते हैं और उसकी बात को सुन सकते हैं, उसके वचन बाइबल को पढ़ने के द्वारा। हमारे पास परमेश्वर तक वह सीधी पहुँच है जिसकी इस्राएली केवल कल्पना ही कर सकते थे।

      हम अपने इस विशेषाधिकार को कभी हलके में न लें, और परमेश्वर पिता के पास उसके प्रिय सन्तान होने के कारण हमें प्रदान किए गए इस अद्भुत विशेषाधिकार का महत्व समझें, उसका उचित आदर बनाए रखें। - लेस्ली कोह


प्रार्थना के द्वारा हमें परमेश्वर पिता के सम्मुख तुरंत उपस्थित होने का विशेषाधिकार है।

सो जब हम विश्वास से धर्मी ठहरे, तो अपने प्रभु यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर के साथ मेल रखें। - रोमियों 5:1

बाइबल पाठ: इब्रानियों 12:18-24
Hebrews 12:18 तुम तो उस पहाड़ के पास जो छूआ जा सकता था और आग से प्रज्‍वलित था, और काली घटा, और अन्‍धेरा, और आन्‍धी के पास।
Hebrews 12:19 और तुरही की ध्‍वनि, और बोलने वाले के ऐसे शब्द के पास नहीं आए, जिस के सुनने वालों ने बिनती की, कि अब हम से और बातें न की जाएं।
Hebrews 12:20 क्योंकि वे उस आज्ञा को न सह सके, कि यदि कोई पशु भी पहाड़ को छूए, तो पत्थरवाह किया जाए।
Hebrews 12:21 और वह दर्शन ऐसा डरावना था, कि मूसा ने कहा; मैं बहुत डरता और कांपता हूं।
Hebrews 12:22 पर तुम सिय्योन के पहाड़ के पास, और जीवते परमेश्वर के नगर स्‍वर्गीय यरूशलेम के पास।
Hebrews 12:23 और लाखों स्‍वर्गदूतों और उन पहिलौठों की साधारण सभा और कलीसिया जिन के नाम स्वर्ग में लिखे हुए हैं: और सब के न्यायी परमेश्वर के पास, और सिद्ध किए हुए धर्मियों की आत्माओं।
Hebrews 12:24 और नई वाचा के मध्यस्थ यीशु, और छिड़काव के उस लोहू के पास आए हो, जो हाबिल के लोहू से उत्तम बातें कहता है।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 49-50
  • रोमियों 1



मंगलवार, 26 फ़रवरी 2019

संपूर्ण पहुँच



      कुछ वर्ष पहले, मेरे एक मित्र ने मुझे निमंत्रण दिया कि मैं उसके साथ एक व्यवासायिक गोल्फ स्पर्धा में दर्शक बनकर चलूं। ऐसी स्पर्धा में जाने का यह मेरा प्रथम अवसर था, और मुझे कुछ पता नहीं था कि क्या होगा। वहाँ पहुँचने पर मुझे आश्चर्य हुआ जब हमें उपहार, उस स्थान की जानकारी और गोल्फ के मैदान के नक़्शे दिए गए। लेकिन सबसे बढ़कर बात थी कि हमें खेल के सबसे विशेष स्थान में अति विशिष्ट लोगों के लिए लगे तम्बू में प्रवेश मिला जहाँ न केवल बैठने की व्यवस्था थी, वरन मुफ्त भोजन भी था। मैं उस तम्बू में कभी अपने आप से प्रवेश प्राप्त नहीं कर सकता था। यह कर पाना मेरे उस मित्र के कारण संभव हुआ, जिसने मुझे वहाँ की सभी बातों के लिए संपूर्ण पहुँच प्रदान करवाई।

      यदि हम केवल अपने ही भरोसे और प्रयासों पर होते तो हम परमेश्वर से सदा ही दूर रहते। परन्तु प्रभु यीशु ने हमारे पाप के दण्ड को अपने ऊपर ले लिया, और उसमें होकर हमें परमेश्वर तक पहुँच और उसका अनन्त जीवन मिलता है। परमेश्वर के वचन बाइबल में पौलुस प्रेरित ने लिखा, “ताकि अब कलीसिया के द्वारा, परमेश्वर का नाना प्रकार का ज्ञान, उन प्रधानों और अधिकारियों पर, जो स्‍वर्गीय स्थानों में हैं प्रगट किया जाए” (इफिसियों 3:10)। इस ज्ञान से अब यहूदियों और अन्यजातियों का मसीह में परस्पर मेल करवा दिया और प्रभु में होकर परमेश्वर तक पहुँचने का मार्ग बनाकर दे दिया; “जिस में हम को उस पर विश्वास रखने से हियाव और भरोसे से निकट आने का अधिकार है” (पद 12)।

      हम जब प्रभु यीशु में विश्वास लाते हैं, हमें सबसे महान पहुँच मिलती है – परमेश्वर तक संपूर्ण पहुँच, जो हमसे प्रेम करता है और हमारे साथ संबंध में रहना चाहता है। - बिल क्राउडर


मसीह यीशु के क्रूस के कारण हम परमेश्वर के मित्र बन सकते हैं।

पर अब तो मसीह यीशु में तुम जो पहिले दूर थे, मसीह के लोहू के द्वारा निकट हो गए हो। क्योंकि वही हमारा मेल है, जिसने दोनों को एक कर लिया: और अलग करने वाली दीवार को जो बीच में थी, ढा दिया। - इफिसियों 2:13-14

बाइबल पाठ: इफिसियों 3: 6-13
Ephesians 3:6 अर्थात यह, कि मसीह यीशु में सुसमाचार के द्वारा अन्यजातीय लोग मीरास में साझी, और एक ही देह के और प्रतिज्ञा के भागी हैं।
Ephesians 3:7 और मैं परमेश्वर के अनुग्रह के उस दान के अनुसार, जो उसकी सामर्थ के प्रभाव के अनुसार मुझे दिया गया, उस सुसमाचार का सेवक बना।
Ephesians 3:8 मुझ पर जो सब पवित्र लोगों में से छोटे से भी छोटा हूं, यह अनुग्रह हुआ, कि मैं अन्यजातियों को मसीह के अगम्य धन का सुसमाचार सुनाऊं।
Ephesians 3:9 और सब पर यह बात प्रकाशित करूं, कि उस भेद का प्रबन्‍ध क्या है, जो सब के सृजनहार परमेश्वर में आदि से गुप्‍त था।
Ephesians 3:10 ताकि अब कलीसिया के द्वारा, परमेश्वर का नाना प्रकार का ज्ञान, उन प्रधानों और अधिकारियों पर, जो स्‍वर्गीय स्थानों में हैं प्रगट किया जाए।
Ephesians 3:11 उस सनातन मनसा के अनुसार, जो उसने हमारे प्रभु मसीह यीशु में की थी।
Ephesians 3:12 जिस में हम को उस पर विश्वास रखने से हियाव और भरोसे से निकट आने का अधिकार है।
Ephesians 3:13 इसलिये मैं बिनती करता हूं कि जो क्‍लेश तुम्हारे लिये मुझे हो रहे हैं, उनके कारण हियाव न छोड़ो, क्योंकि उन में तुम्हारी महिमा है।

एक साल में बाइबल: 
  • गिनती 15-16
  • मरकुस 6:1-29



मंगलवार, 26 सितंबर 2017

नई सृष्टि


   मेरे कार्यकारी जीवन के आरंभिक समय में मेरा एक सहकर्मी परमेश्वर के नाम को गाली के साथ प्रयोग करने और व्यर्थ लेने में हर्षित होता था। जो भी मसीही विश्वास में नया होता था, या उससे प्रभु यीशु मसीह के बारे में बात करने का प्रयास करता था, वह व्यक्ति बड़ी क्रूरता से उसका उपहास करता और ताने मारता था। जिस दिन मैंने वहाँ से काम छोड़कर नए स्थान पर नया काम आरंभ किया, तो मुझे स्मरण है कि मैं सोच रहा था कि वह व्यक्ति कभी मसीह यीशु का अनुयायी नहीं बनेगा।

   इसके दो वर्ष पश्चात मैं अपने उस पुराने कार्यस्थल पर गया। वह व्यक्ति अभी भी वहीं था, परन्तु किसी व्यक्ति में इतना नाटकीय परिवर्तन होना मैंने इससे पहले कभी नहीं देखा था। वह व्यक्ति जो मसीही विश्वास का इतना घोर विरोधी था, अब परमेश्वर के वचन बाइबल में पौलुस द्वारा कही गई बात, "सो यदि कोई मसीह में है तो वह नई सृष्‍टि है: पुरानी बातें बीत गई हैं; देखो, वे सब नई हो गईं" (2 कुरिन्थियों 5:17) की जीती-जागती मिसाल बन गया था। और आज, वर्षों के बाद भी, वह अभी भी औरों को बता रहा है कि कैसे मसीह यीशु उससे उसके पाप और सभी बुराइयों के होते हुए भी सप्रेम मिला और उसे बदल दिया।

   मुझे लगता है कि आरंभिक मसीहियों ने भी पौलुस में कुछ ऐसा ही देखा होगा, उनका उग्र सतानेवाला कैसे मसीह यीशु में एक नई सृष्टि बन गया (प्रेरितों 1-22)। जो अपने आप को पापों की क्षमा और उध्दार पाने से परे समझते हैं, उन के लिए मसीह यीशु द्वारा किए गए ये दोनों जीवन परिवर्तन कितनी महान आशा देने वाले और उत्साहित करने वाले हैं।

   प्रभु यीशु ने पौलुस और मेरे उस भूतपूर्व सहकर्मी को, और मुझे भी खोज कर बदल दिया, अपना कर लिया। प्रभु यीशु आज भी उन तक पहुँचने के प्रयास में लगा है जो उसकी पहुँच से दूर रहना चाहते हैं, और वह हमारे सामने एक उदाहरण रखता है कि हम कैसे इस कार्य में उसकी सहायता करें, लोगों को एक नई सृष्टि होने का मार्ग दिखाएं। - रैंडी किलगोर


प्रभु परमेश्वर की पहुँच से परे कोई नहीं है।

यह बात सच और हर प्रकार से मानने के योग्य है, कि मसीह यीशु पापियों का उद्धार करने के लिये जगत में आया, जिन में सब से बड़ा मैं हूं। - 1 तिमुथियुस 1:15

बाइबल पाठ: प्रेरितों 9:10-22
Acts 9:10 दमिश्क में हनन्याह नाम एक चेला था, उस से प्रभु ने दर्शन में कहा, हे हनन्याह! उसने कहा; हां प्रभु। 
Acts 9:11 तब प्रभु ने उस से कहा, उठ कर उस गली में जा जो सीधी कहलाती है, और यहूदा के घर में शाऊल नाम एक तारसी को पूछ ले; क्योंकि देख, वह प्रार्थना कर रहा है। 
Acts 9:12 और उसने हनन्याह नाम एक पुरूष को भीतर आते, और अपने ऊपर आते देखा है; ताकि फिर से दृष्टि पाए। 
Acts 9:13 हनन्याह ने उत्तर दिया, कि हे प्रभु, मैं ने इस मनुष्य के विषय में बहुतों से सुना है, कि इस ने यरूशलेम में तेरे पवित्र लोगों के साथ बड़ी बड़ी बुराईयां की हैं। 
Acts 9:14 और यहां भी इस को महायाजकों की ओर से अधिकार मिला है, कि जो लोग तेरा नाम लेते हैं, उन सब को बान्‍ध ले। 
Acts 9:15 परन्तु प्रभु ने उस से कहा, कि तू चला जा; क्योंकि यह, तो अन्यजातियों और राजाओं, और इस्त्राएलियों के साम्हने मेरा नाम प्रगट करने के लिये मेरा चुना हुआ पात्र है। 
Acts 9:16 और मैं उसे बताऊंगा, कि मेरे नाम के लिये उसे कैसा कैसा दुख उठाना पड़ेगा।
Acts 9:17 तब हनन्याह उठ कर उस घर में गया, और उस पर अपना हाथ रखकर कहा, हे भाई शाऊल, प्रभु, अर्थात यीशु, जो उस रास्‍ते में, जिस से तू आया तुझे दिखाई दिया था, उसी ने मुझे भेजा है, कि तू फिर दृष्टि पाए और पवित्र आत्मा से परिपूर्ण हो जाए। 
Acts 9:18 और तुरन्त उस की आंखों से छिलके से गिरे, और वह देखने लगा और उठ कर बपतिस्मा लिया; फिर भोजन कर के बल पाया।
Acts 9:19 और वह कई दिन उन चेलों के साथ रहा जो दमिश्क में थे। 
Acts 9:20 और वह तुरन्त आराधनालयों में यीशु का प्रचार करने लगा, कि वह परमेश्वर का पुत्र है। 
Acts 9:21 और सब सुनने वाले चकित हो कर कहने लगे; क्या यह वही व्यक्ति नहीं है जो यरूशलेम में उन्हें जो इस नाम को लेते थे नाश करता था, और यहां भी इसी लिये आया था, कि उन्हें बान्‍ध कर महायाजकों के पास ले आए? 
Acts 9:22 परन्तु शाऊल और भी सामर्थी होता गया, और इस बात का प्रमाण दे देकर कि मसीह यही है, दमिश्क के रहने वाले यहूदियों का मुंह बन्‍द करता रहा।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 1-2
  • गलतियों 5


शुक्रवार, 23 नवंबर 2012

खुली पहुँच


   नवंबर २००९ की घटना है, जब अमरीकी राष्ट्रपति के सुरक्षा घेरे में एक अप्रत्याशित चूक हुई; एक दंपत्ति बड़े रौब के साथ अमरीकी राष्ट्रपति निवास में आयोजित एक भोज में घुस आया, और यहां तक दुस्साहस किया कि उन्होंने राष्ट्रपति के साथ अपनी एक तस्वीर भी खिंचवा ली। साधारणतया इन अतिविशिश्ट लोगों के समीप कोई पहुँच नहीं सकता। जहां ऐसे अतिविशिश्ट लोग आमंत्रित होते हैं वहां सुरक्षा कर्मियों द्वारा आमंत्रित मेहमानों की सूची की पहले ही से बड़ी बारीकी से जाँच की जाती है और बुलाए गए मेहमानों की पृष्ठभूमि और गतिविधियों का व्यापक अध्ययन किया जाता है और अन्दर जाने वालों को पहचान कर ही जाने दिया जाता है जिससे जो आमंत्रित नहीं हैं वे अन्दर पहुँच ना सकें और जो पहुँचें उन से कोई खतरा ना हो।

   हम सामान्य लोगों के लिए स्थान स्थान पर प्रवेश निषेध एक आम बात हो गई है। जगह जगह सूचक चिन्ह लगे होते हैं: ’केवल कर्मचारियों के लिए’; ’प्रवेश निषेध’; ’केवल अधिकृत वाहनों के लिए’; ’इससे आगे जाना वर्जित है’ इत्यादि। हम में से कोई यह सुनना नहीं चाहता कि किसी स्थान पर उसका स्वागत नहीं है, किंतु सत्य यही है कि ऐसे अनेक स्थान होते हैं जहां हमारा स्वागत नहीं होता, हमारे प्रवेश पर प्रतिबंध लगा होता है। यह मुझे परमेश्वर का और भी अधिक धन्यवादी बनाता है, क्योंकि मेरे उसके पास जाने के लिए कभी कोई प्रतिबन्ध नहीं होता है।

   जो परमेश्वर के पास आना चाहते हैं, उनके लिए कभी कोई प्रतिबन्ध या रुकावट नहीं होती। प्रार्थना द्वारा हम कभी भी और कहीं भी उससे संपर्क कर सकते हैं, क्योंकि हमारे उद्धाकर्ता प्रभु यीशु ने अपने प्रत्येक विश्वासी को पिता परमेश्वर तक पहुँचने का खुला मार्ग बनाकर दे दिया है (इफिसीयों २:१८)। प्रभु यीशु ने निमंत्रण दिया है: "हे सब परिश्रम करने वालों और बोझ से दबे लोगों, मेरे पास आओ; मैं तुम्हें विश्राम दूंगा" (मत्ती ११:२८); "जो कुछ पिता मुझे देता है वह सब मेरे पास आएगा, उसे मैं कभी न निकालूंगा" (यूहन्ना ६:३७); "यीशु खड़ा हुआ और पुकार कर कहा, यदि कोई पियासा हो तो मेरे पास आकर पीए" (यूहन्ना ७:३७)।

   एक बार जब आप मसीह यीशु के पास समर्पण और पश्चाताप के साथ आ जाते हैं और उसे अपना निज उद्धारकर्ता स्वीकार कर लेते हैं, उसके साथ आपकी अविरल संगति बनी रहती है और परमेश्वर पास खुली पहुँच का मार्ग सदा उपलब्ध रहता है। - सिंडी हैस कैसपर


परमेश्वर का सिंहासन स्थान में प्रवेश उसकी संतान के लिए सदा खुला है।

क्‍योंकि उस ही के द्वारा हम दोनों की एक आत्मा में पिता के पास पंहुच होती है। - इफिसीयों २:१८

बाइबल पाठ: इफिसीयों २:११-२२
Eph 2:11  इस कारण स्मरण करो, कि तुम जो शारीरिक रीति से अन्यजाति हो, (और जो लोग शरीर में हाथ के किए हुए खतने से खतनावाले कहलाते हैं, वे तुम को खतनारिहत कहते हैं)। 
Eph 2:12 तुम लोग उस समय मसीह से अलग और इस्‍त्राएल की प्रजा के पद से अलग किए हुए, और प्रतिज्ञा की वाचाओं के भागी न थे, और आशाहीन और जगत में ईश्वररिहत थे। 
Eph 2:13  पर अब तो मसीह यीशु में तुम जो पहिले दूर थे, मसीह के लोहू के द्वारा निकट हो गए हो। 
Eph 2:14 क्‍योंकि वही हमारा मेल है, जिस ने दोनों को एक कर लिया: और अलग करने वाली दीवार को जो बीच में थी, ढा दिया। 
Eph 2:15 और अपने शरीर में बैर अर्थात वह व्यवस्था जिस की आज्ञाएं विधियों की रीति पर थीं, मिटा दिया, कि दोनों से अपने में एक नया मनुष्य उत्‍पन्न करके मेल करा दे। 
Eph 2:16  और क्रूस पर बैर को नाश करके इस के द्वारा दानों को एक देह बनाकर परमेश्वर से मिलाए। 
Eph 2:17 और उस ने आकर तुम्हें जो दूर थे, और उन्‍हें जो निकट थे, दानों को मेल-मिलाप का सुसमाचार सुनाया। 
Eph 2:18 क्‍योंकि उस ही के द्वारा हम दोनों की एक आत्मा में पिता के पास पंहुच होती है। 
Eph 2:19 इसलिये तुम अब विदेशी और मुसाफिर नहीं रहे, परन्‍तु पवित्र लोगों के संगी स्‍वदेशी और परमेश्वर के घराने के हो गए। 
Eph 2:20  और प्रेरितों और भविष्यद्वक्ताओं की नेव पर जिस के कोने का पत्थर मसीह यीशु आप ही है, बनाए गए हो। 
Eph 2:21 जिस में सारी रचना एक साथ मिलकर प्रभु में एक पवित्र मन्‍दिर बनती जाती है। 
Eph 2:22  जिस में तुम भी आत्मा के द्वारा परमेश्वर का निवासस्थान होने के लिये एक साथ बनाए जाते हो।

एक साल में बाइबल: 
  • यहेजकेल २०-२१ 
  • याकूब ५