ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

व्यस्त लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
व्यस्त लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 17 अगस्त 2020

साथ

 

        कभी-कभी जीवन बहुत व्यस्त हो जाता है – कक्षाएं कठिन होती हैं, काम थका देने वाला होता है, घर के काम पूरे करने को पड़े होते हैं, किसी से मिलने के लिए समय निश्चित किया हुआ होता है। मेरा यह हाल हो जाता है कि मैं अपने आप को कुछ मिनटों के लिए बाइबल पढ़ने के लिए बाध्य करती हूँ, और अपने आप को दिलासा देती हूँ कि अगले सप्ताह परमेश्वर के साथ और अधिक समय बिताऊँगी। परन्तु कुछ ही समय बाद मेरा ध्यान फिर से अन्य बातों में भटकने लगता है और मैं फिर से कामों को पूरा करने के प्रयासों में डूबने लगती हूँ; फिर से परमेश्वर से किसी भी प्रकार की सहायता माँगना भूल जाती हूँ।

        परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते है कि जब पतरस पानी पर चलकर प्रभु यीशु की ओर जा रहा था, तो वह बहुत शीघ्र तेज़ हवा और उठती हुई लहरों से डर गया, और उसका ध्यान प्रभु पर से हट गया। और मेरे ही समान वह भी डूबने लग गया (मत्ती 14:29-30)। परन्तु जैसे ही पतरस ने पुकारा, प्रभु यीशु ने तुरंत हाथ बढ़ाकर उसे थाम लिया (पद 30-31)।

        कई बार मुझे लगता है कि इतना व्यस्त होने और प्रभु से अपने ध्यान को हटाए रखने, उसकी ओर न देखते रहने के कारण मुझे कुछ कर के अपनी इस बात की भरपाई करनी पड़ेगी। परन्तु परमेश्वर इस प्रकार से कार्य नहीं करता है। हम जैसे ही सहायता के लिए उसकी ओर मुड़ते हैं, उसे पुकारते हैं, प्रभु तुरंत हाथ बढ़ाकर हमें थाम लेता है, डूबने से बचा लेता है।

        हम जब भी जीवन की भाग-दौड़ और अस्त-व्यस्त होने के कारण परेशान होते हैं, तो यह भूल जाना सरल होता है कि हमारे इस तूफ़ान में, प्रभु भी हमारे साथ ही खड़ा है, हम अकेले नहीं हैं। प्रभु ने पतरस से पूछा, “तू ने संदेह क्यों किया?” (पद 31)। हम चाहे कैसी भी परिस्थिति में से होकर क्यों न निकल रहे हों, हमारा प्रभु परमेश्वर सदा हमारे साथ रहता है; वह हमारे हर पल में हमारे साथ बना रहता है; हाथ बढ़ाकर हमें थाम लेने और बचा लेने के लिए सदा तत्पर और तैयार। उसका हमारे साथ बने रहना, हमें सुरक्षित रखता है। - जूली स्कवाब

 

परमेश्वर हमारी प्रतीक्षा में रहता है कि हम उसकी ओर मुड़ें और वह हमें थाम ले।


जब तू जल में हो कर जाए, मैं तेरे संग संग रहूंगा और जब तू नदियों में हो कर चले, तब वे तुझे न डुबा सकेंगी; जब तू आग में चले तब तुझे आंच न लगेगी, और उसकी लौ तुझे न जला सकेगी। - यशायाह 43:2

बाइबल पाठ: मत्ती 14:22-33

मत्ती 14:22 और उसने तुरन्त अपने चेलों को बरबस नाव पर चढ़ाया, कि वे उस से पहिले पार चले जाएं, जब तक कि वह लोगों को विदा करे।

मत्ती 14:23 वह लोगों को विदा कर के, प्रार्थना करने को अलग पहाड़ पर चढ़ गया; और सांझ को वहां अकेला था।

मत्ती 14:24 उस समय नाव झील के बीच लहरों से डगमगा रही थी, क्योंकि हवा सामने की थी।

मत्ती 14:25 और वह रात के चौथे पहर झील पर चलते हुए उन के पास आया।

मत्ती 14:26 चेले उसको झील पर चलते हुए देखकर घबरा गए! और कहने लगे, वह भूत है; और डर के मारे चिल्ला उठे।

मत्ती 14:27 यीशु ने तुरन्त उन से बातें की, और कहा; ढाढ़स बान्‍धो; मैं हूं; डरो मत।

मत्ती 14:28 पतरस ने उसको उत्तर दिया, हे प्रभु, यदि तू ही है, तो मुझे अपने पास पानी पर चलकर आने की आज्ञा दे।

मत्ती 14:29 उसने कहा, आ: तब पतरस नाव पर से उतरकर यीशु के पास जाने को पानी पर चलने लगा।

मत्ती 14:30 पर हवा को देखकर डर गया, और जब डूबने लगा, तो चिल्लाकर कहा; हे प्रभु, मुझे बचा।

मत्ती 14:31 यीशु ने तुरन्त हाथ बढ़ाकर उसे थाम लिया, और उस से कहा, हे अल्प-विश्वासी, तू ने क्यों सन्‍देह किया?

मत्ती 14:32 जब वे नाव पर चढ़ गए, तो हवा थम गई।

मत्ती 14:33 इस पर जो नाव पर थे, उन्होंने उसे दण्‍डवत कर के कहा; सचमुच तू परमेश्वर का पुत्र है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • भजन 97-99
  • रोमियों 16

मंगलवार, 21 जून 2016

व्यस्त


   32 देशों के भिन्न शहरों में जीवन की रफतार को नापने के लिए किए गए एक अध्ययन के अनुसार सबसे अधिक जल्दबाज़ी में रहने वाले लोग सिंगापुर में होते हैं। इस अध्ययन के अनुसार सिंगापुर के लोग 60 फुट चलने के लिए 10:55 सेकेण्ड लेते हैं, जबकि इसकी तुलना में न्यूयॉर्क के लोग 12:00 सेकेण्ड तथा अफ्रीका में स्थित मलावी देश के ब्लैंटायर नगर के लोग 31:60 सेकेण्ड लेते हैं।

   यह अध्ययन एक और बात भी दिखाता है, हम चाहे जहाँ भी रहते हों, पिछले 20 वर्षों में चलने की गति औसतन 10% बढ़ गई है। यदि चलने की गति हमारे जीवन की व्यस्तता का माप है, तो निश्चित ही हम पहले से कहीं अधिक व्यस्त हो गए हैं।

   क्या आप भी अपने आप को व्यस्त जीवन के पागलपन में फँसा हुआ पाते हैं? थोड़ा थम कर प्रभु यीशु द्वारा अपनी मेज़बान मार्था से कहे गए शब्दों पर ध्यान कीजिए: "...मार्था, हे मार्था; तू बहुत बातों के लिये चिन्‍ता करती और घबराती है। परन्तु एक बात अवश्य है, और उस उत्तम भाग को मरियम ने चुन लिया है: जो उस से छीना न जाएगा" (लूका 10:41-42)। मार्था ने प्रभु को अपने घर में आने का न्यौता दिया था, वह उसके लिए बहुत कुछ करना चाहती थी, और अपनी इस चाह में वह इतनी व्यस्त हो गई कि प्रभु के लिए उसके पास समय ही नहीं रहा।

   किंतु प्रभु यीशु के विनम्र शब्दों पर ध्यान किजिए; प्रभु मार्था पर क्रोधित नहीं हुए, अच्छी मेज़बान बनने के उसके प्रयासों की व्यस्तता के कारण प्रभु को समय ना दे पाने के लिए उन्होंने बुरा नहीं माना, वरन उसे प्राथमिकताओं पर ध्यान करने के लिए उसकी बहन मरियम के उदाहरण द्वारा समझाया। मार्था ने आवश्यक को अनुपात में इतना अधिक बढ़ा लिया था कि अनिवार्य को छोटा समझ लिया, और प्रभु यीशु के लिए भला करने की लालसा में प्रभु से ही दूर होने लगी।

   आज यह हमारे लिए भी एक बहुत महत्वपूर्ण सबक है - प्रभु यीशु के लिए उपयोगी और प्रभावी होने के प्रयासों में हम इतने व्यस्त ना हो जाएं कि प्रभु से ही दूर हो जाएं। हम यह कभी नहीं भूलें कि प्रभु सबसे अधिक हमारी संगति का इच्छुक है, ना कि उसे प्रसन्न करने के हमारे प्रयासों का। - पोह फैंग चिया


जितना हम प्रभु यीशु को विभिन्न कार्यों द्वारा प्रसन्न करना चाहते हैं, 
उससे कहीं अधिक प्रभु यीशु हमारी संगति और सहभागिता को चाहता है।

इसलिये पहिले तुम उस [परमेश्वर] के राज्य और धर्म की खोज करो तो ये सब वस्तुएं भी तुम्हें मिल जाएंगी। सो कल के लिये चिन्‍ता न करो, क्योंकि कल का दिन अपनी चिन्‍ता आप कर लेगा; आज के लिये आज ही का दुख बहुत है। - मत्ती 6:33-34

बाइबल पाठ: लूका 10:38-42
Luke 10:38 फिर जब वे जा रहे थे, तो वह एक गांव में गया, और मार्था नाम एक स्त्री ने उसे अपने घर में उतारा।
Luke 10:39 और मरियम नाम उस की एक बहिन थी; वह प्रभु के पांवों के पास बैठकर उसका वचन सुनती थी। 
Luke 10:40 पर मार्था सेवा करते करते घबरा गई और उसके पास आकर कहने लगी; हे प्रभु, क्या तुझे कुछ भी सोच नहीं कि मेरी बहिन ने मुझे सेवा करने के लिये अकेली ही छोड़ दिया है? सो उस से कह, कि मेरी सहायता करे। 
Luke 10:41 प्रभु ने उसे उत्तर दिया, मार्था, हे मार्था; तू बहुत बातों के लिये चिन्‍ता करती और घबराती है। 
Luke 10:42 परन्तु एक बात अवश्य है, और उस उत्तम भाग को मरियम ने चुन लिया है: जो उस से छीना न जाएगा।

एक साल में बाइबल: 
  • एस्तेर 3-5
  • प्रेरितों 5:22-42


सोमवार, 2 दिसंबर 2013

सदा तत्पर


   मेरी बहन के घर में कुछ किराएदार रहते हैं। एक रात एक किराएदार के यहाँ चोर घुसने का प्रयास करने लगे। उस किराएदार ने पुलिस को फोन कर के बताया कि चोर उसके घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं और उसे तुरंत सहायता की आवश्यकता है। दूसरी ओर से फोन का उत्तर देने वाले व्यक्ति की प्रतिक्रिया सुन कर वह किराएदार दंग रह गई; पुलिस की ओर से फोन सुनने वाले ने कहा, "हम अभी बहुत व्यसत हैं; कृपया प्रातः पुनः फोन करें!" यह प्रत्युत्तर वास्तव में बहुत परेशान करने वाला था। उस किराएदार ने पुलिस से सहायता माँगकर सही कार्य किया था लेकिन किसी कारणवश उसकी सहायता की पुकार को अनसुना कर दिया गया। उन से, जिन्हें तुरंत और हर समय सहायता देने के लिए तैयार और तत्पर मिलना चाहिए, इस प्रकार का उत्तर पाना वास्तव में बहुत निराशाजनक होता है।

   लेकिन इस प्रकार का उत्तर और सहायता की पुकार के प्रति उदासीनता परमेश्वर के साथ कभी देखने को नहीं मिलती। चाहे हमें यह लगे कि परमेश्वर हमारी सुन नहीं रहा है, लेकिन वह सदा सुनता है। वह हमारी चिंता करता है, देखभाल करता है और हमारी पुकार का उत्तर अवश्य देता है। परमेश्वर का वचन बाइबल हमें आश्वस्त करता है कि हमारा परमेश्वर पिता हमारे हृदय की चिन्ताओं से अवगत रहता है और उनके समाधान के मार्ग देता है: "जितने यहोवा को पुकारते हैं, अर्थात जितने उसको सच्चाई से पुकारते हें; उन सभों के वह निकट रहता है" (भजन 145:18)। जब कभी हम उसे पुकारते हैं, तो उससे कभी हमें उदासीनता का प्रत्युत्तर नहीं मिलता।

   हमारी सहायता की पुकार सुनकर वह अपने आप को हमसे दूर नहीं कर लेता, वरन हमारा परमेश्वर पिता हमारे और समीप आ जाता है, हमें शांति और सांत्वना देता है। वह अपने बच्चों की प्रार्थनाओं का उत्तर देने के लिए कभी ’अति-व्यस्त’ नहीं होता - वह सुनते ही उत्तर देता है। - बिल क्राउडर


परमेश्वर की प्रार्थना लाइन पर ’व्यस्त’ होने का संकेत आपको कभी नहीं मिलेगा।

यहोवा टूटे मन वालों के समीप रहता है, और पिसे हुओं का उद्धार करता है। - भजन 34:18

बाइबल पाठ: भजन 145:8-21
Psalms 145:8 यहोवा अनुग्रहकारी और दयालु, विलम्ब से क्रोध करने वाला और अति करूणामय है। 
Psalms 145:9 यहोवा सभों के लिये भला है, और उसकी दया उसकी सारी सृष्टि पर है।
Psalms 145:10 हे यहोवा, तेरी सारी सृष्टि तेरा धन्यवाद करेगी, और तेरे भक्त लोग तुझे धन्य कहा करेंगे! 
Psalms 145:11 वे तेरे राज्य की महिमा की चर्चा करेंगे, और तेरे पराक्रम के विषय में बातें करेंगे; 
Psalms 145:12 कि वे आदमियों पर तेरे पराक्रम के काम और तेरे राज्य के प्रताप की महिमा प्रगट करें। 
Psalms 145:13 तेरा राज्य युग युग का और तेरी प्रभुता सब पीढ़ियों तक बनी रहेगी।
Psalms 145:14 यहोवा सब गिरते हुओं को संभालता है, और सब झुके हुओं को सीधा खड़ा करता है। 
Psalms 145:15 सभों की आंखें तेरी ओर लगी रहती हैं, और तू उन को आहार समय पर देता है। 
Psalms 145:16 तू अपनी मुट्ठी खोल कर, सब प्राणियों को आहार से तृप्त करता है। 
Psalms 145:17 यहोवा अपनी सब गति में धर्मी और अपने सब कामों में करूणामय है। 
Psalms 145:18 जितने यहोवा को पुकारते हैं, अर्थात जितने उसको सच्चाई से पुकारते हें; उन सभों के वह निकट रहता है। 
Psalms 145:19 वह अपने डरवैयों की इच्छा पूरी करता है, ओर उनकी दोहाई सुन कर उनका उद्धार करता है। 
Psalms 145:20 यहोवा अपने सब प्रेमियों की तो रक्षा करता, परन्तु सब दुष्टों को सत्यानाश करता है।
Psalms 145:21 मैं यहोवा की स्तुति करूंगा, और सारे प्राणी उसके पवित्र नाम को सदा सर्वदा धन्य कहते रहें।

एक साल में बाइबल: 
  • यहेजकेल 42-44 
  • 1 यूहन्ना 1


रविवार, 13 अक्टूबर 2013

व्यर्थ व्यस्तता

   एक दिन मैं जब यात्रा के लिए वायुयान में चढ़ने की प्रतीक्षा कर रहा था, एक अजनबी मेरे पास आया और मुझ से वार्तालाप करने लगा। उसने मेरा यह कहना सुन लिया था कि मैं एक पास्टर हूँ। वह मुझ से प्रभु यीशु के साथ हुई उसकी मुलाकात तथा उस मुलाकात से पहले और बाद के जीवन के बारे में बताने लगा। उसने बताया कि कैसे उस मुलाकात से पहले का उसका जीवन पाप और स्वार्थ से भरा हुआ था। मैं बड़ी रुची के साथ सुनता रहा कैसे प्रभु यीशु को समर्पण के बाद उसने अपने जीवन में कई परिवर्तन किए और वह अब कैसे भले कार्यों को करता रहता है। लेकिन एक बात मुझे खटक रही थी, उसका सारा वर्णन इस बात पर था कि उसने प्रभु के लिए और प्रभु के नाम में क्या कुछ किया, कहीं भी उस व्यक्ति ने यह नहीं बताया कि वह अब प्रभु के साथ समय कैसे बिताता है, प्रभु यीशु के साथ अब उसकी संगति कैसी है। इसलिए जब उसने कहा कि, "अगर मैं साफ-साफ शब्दों में कहूँ, तो मुझे लगता था कि इन सब के कारण अब तक मैं अपने आप से बहुत प्रसन्न होने पाऊँगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है" तो मुझे यह सुन कर कोई अचरज नहीं हुआ।

   इस व्यक्ति की बात से मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल में उल्लेख किया गया मार्था का चरित्र स्मरण हो आया। मार्था अवश्य इस व्यक्ति के साथ सहानुभुति रखती। मार्था ने भी एक समय प्रभु यीशु को अपने घर निमंत्रण देकर बुलाया था, और प्रभु के आने पर वह उसकी आवभगत में दौड़-धूप करने लगी, अनेक प्रकार कि तैयारियाँ करने लगी। प्रभु को प्रसन्न करने की उसकी इस सारी प्रक्रिया में उसके पास प्रभु के साथ बैठने और उससे वार्तालाप करने का समय ही नहीं था। लेकिन उसकी बहन मरियम प्रभु के चरणों पर बैठकर प्रभु की बातें सुन रही थी, जो व्यस्त मार्था को बहुत नागवार गुज़रा, और मार्था ने प्रभु से उपेक्षित स्वर में मरियम को डाँटने के लिए कहा। लेकिन प्रभु यीशु ने मरियम का पक्ष लेते हुए मार्था को समझाया।

   हम में से बहुतेरे यही गलती करते रहते हैं, जो तब मार्था और उस समय उस व्यक्ति ने करी थी। हम या तो संसारिक उपलब्धियों के लिए या फिर प्रभु के लिए और प्रभु के नाम में इतना कुछ करने में अपने आप को व्यस्त कर लेते हैं कि हमारे पास समय ही नहीं होता कि हम जान सकें कि प्रभु हमसे चाहता क्या है और वह क्या है जिससे प्रभु हमसे वास्तव में प्रसन्न होगा। हम प्रभु को बेहतर जानने, उससे संगति करने में समय ही नहीं लगाते; बस अपनी ही मनसाओं, योजनाओं और कार्यक्रमों के अनुसार चलते रहते हैं और फिर थके हुए तथा कुँठित अनुभव करते हैं, निराश होते हैं कि क्यों हमारे मन प्रभु में प्रफुल्लित नहीं रहते।

   उस व्यक्ति को जो सलाह मैंने तब दी वही मैं आज आप के साथ भी बाँटना चाहता हूँ; मैंने उससे मार्था को कहे प्रभु यीशु के शब्दों को उद्वत किया: "प्रभु ने उसे उत्तर दिया, मार्था, हे मार्था; तू बहुत बातों के लिये चिन्‍ता करती और घबराती है। परन्तु एक बात अवश्य है, और उस उत्तम भाग को मरियम ने चुन लिया है: जो उस से छीना न जाएगा" (लूका 10:41-42)। यदि आप प्रभु के साथ संगति करने उसके वचन को पढ़ने और उस पर मनन करने के लिए समय नहीं निकाल पाते, तो प्रभु के नाम में या प्रभु के लिए, या फिर सांसारिक उपलब्धियों के लिए आप जो कुछ भी कर रहे हैं वह व्यर्थ व्यस्तता है, अन्ततः उसका फल निराशा और कुँठा ही है, प्रभु यीशु में मिलने वाली शान्ति और आनन्द नहीं। अपनी प्राथमिकताओं पर विचार कीजिए तथा सही प्राथमिकताओं को निर्धारित कीजिए। - रैण्डी किल्गोर


हमारा स्वर्गीय परमेश्वर पिता अपने बच्चों से संगति करने और उनसे वार्तालाप करने को लालायित रहता है।

और मरियम नाम उस की एक बहिन थी; वह प्रभु के पांवों के पास बैठकर उसका वचन सुनती थी। - लूका 10:39

बाइबल पाठ: लूका 10:38-42
Luke 10:38 फिर जब वे जा रहे थे, तो वह एक गांव में गया, और मार्था नाम एक स्त्री ने उसे अपने घर में उतारा। 
Luke 10:39 और मरियम नाम उस की एक बहिन थी; वह प्रभु के पांवों के पास बैठकर उसका वचन सुनती थी। 
Luke 10:40 पर मार्था सेवा करते करते घबरा गई और उसके पास आकर कहने लगी; हे प्रभु, क्या तुझे कुछ भी सोच नहीं कि मेरी बहिन ने मुझे सेवा करने के लिये अकेली ही छोड़ दिया है? सो उस से कह, कि मेरी सहायता करे। 
Luke 10:41 प्रभु ने उसे उत्तर दिया, मार्था, हे मार्था; तू बहुत बातों के लिये चिन्‍ता करती और घबराती है। 
Luke 10:42 परन्तु एक बात अवश्य है, और उस उत्तम भाग को मरियम ने चुन लिया है: जो उस से छीना न जाएगा।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 41-42 
  • 1 थिस्सुलुनीकियों 1


गुरुवार, 4 अक्टूबर 2012

व्यस्त या उपयोगी?


   हमसे संपर्क बढ़ाने वाले कभी कभी पूछते हैं "क्या आप व्यस्त हैं?" प्रश्न तो सामान्य है और उसमें कोई हानि की बात भी प्रतीत नहीं होती, किंतु मेरे मन में इस प्रश्न के कारण कुछ और बातें उठती हैं। मुझे लगता है कि इस प्रश्न के उत्तर में यदि मैं पूछने वाले को तुरन्त ही ऐसे कार्यों की एक लंबी सूची नहीं दे पाता जो मुझे अभी करने हैं तो मैं यह स्वीकार कर रहा हूँ कि मैं कुछ विशेष उपयोगी नहीं हूँ, मेरा कोई खास मूल्य नहीं है।

   किंतु क्या परमेश्वर भी हमें इससे ही आंकता है कि हम कितने व्यस्त हैं और हमने क्या कुछ करने पाए हैं? क्या वह हमें इस बात पर पुरुस्कार देता है कि हमने अपना और अपने परिवार का ध्यान रखे बिना, थक कर चूर होते हुए भी कार्य करना ज़ारी रखा है? क्या व्यक्ति के मूल्यांकन के उसके मापदण्ड भी संसार के समान ही हैं?

   अपने बचपन में, परमेश्वर के वचन बाइबल के पदों से जो आरंभिक पद मैं ने सीखे थे उनमें से एक प्रभु यीशु मसीह द्वारा कही गई बात थी मत्ती ११:२८: "हे सब परिश्रम करने वालों और बोझ से दबे लोगों, मेरे पास आओ; मैं तुम्हें विश्राम दूंगा।" बचपन में मेरे लिए इस पद का कोई विशेष अर्थ नहीं था क्योंकि मैं थकान और व्यस्तता नहीं जानती थी। लेकिन अब जब मैं व्यसक हूँ तो संसार तथा साथ के अन्य लोगों से कहीं पीछे ना रह जाऊँ, इसलिए उन के समान कार्य करने और वैसे ही व्यस्त रहने की इच्छा बार बार मुझ पर हावी होना चाहती है।

   लेकिन प्रभु यीशु के अनुयायियों को ऐसी मनसा के साथ जीने की आवश्यक्ता नहीं है। यह नहीं कि उन्हें मेहनत नहीं करनी है और बैठे-बिठाये ही उन्हें सब कुछ मिलता रहेगा; परन्तु उन्हें इस बात को ध्यान करते हुए कार्य करना है कि उनके प्रभु ने उन्हें ना केवल पाप के दासत्व से मुक्ति दी है वरन इस धारणा से भी कि उसकी दृष्टि में उनका मूल्य इस बात पर निर्भर नहीं करता कि वे अपने आप तथा अपने परिवार को कितना नज़रंदाज़ करते हैं और अपने आप को कितना थकाते तथा निढ़ाल करते हैं।

   परमेश्वर के नाम से बहुत सा कार्य करने के द्वारा हम अपनी दृष्टि में मूल्यवान हो सकते हैं, लेकिन परमेश्वर हमें तब मूल्यवान मानता है जब हम उसे, हम में होकर वह कार्य करने देते हैं जो वह हम में चाहता है - कि हम उसके पुत्र, हमारे उद्धारकर्ता प्रभु यीशु के स्वरूप में ढलें (रोमियों ८:२८-३०)।

   परमेश्वर को हमारी सामर्थ और योग्यताओं की नहीं हमारी आवश्यक्ता है। जो उसके हाथों में पूर्णतः समर्पित हैं उन्हें वह अपनी सामर्थ और अपनी योग्यताओं से भरकर अपने लिए उपयोगी बना लेता है। - जूली ऐकैरमैन लिंक


हमारा मूल्य इस से नहीं कि हम परमेश्वर के नाम में क्या क्या करते हैं, वरन इस से है कि उसने हम में क्या और हमारे लिए क्या कुछ किया है।

क्‍योंकि जिन्‍हें उस ने पहिले से जान लिया है उन्‍हें पहिले से ठहराया भी है कि उसके पुत्र के स्‍वरूप में हों ताकि वह बहुत भाइयों में पहिलौठा ठहरे। फिर जिन्‍हें उन से पहिले से ठहराया, उन्‍हें बुलाया भी, और जिन्‍हें बुलाया, उन्‍हें धर्मी भी ठहराया है, और जिन्‍हें धर्मी ठहराया, उन्‍हें महिमा भी दी है। - रोमियों ८:२९-३०

बाइबल पाठ: मत्ती ११:२५-३०
Mat 11:25  उसी समय यीशु ने कहा, हे पिता, स्‍वर्ग और पृथ्वी के प्रभु; मैं तेरा धन्यवाद करता हूं, कि तू ने इन बातों को ज्ञानियों और समझदारों से छिपा दखा, और बालकों पर प्रगट किया है। 
Mat 11:26  हां, हे पिता, क्‍योंकि तुझे यही अच्‍छा लगा। 
Mat 11:27   मेरे पिता ने मुझे सब कुछ सौंपा है, और कोई पुत्र को नहीं जानता, केवल पिता; और कोई पिता को नहीं जानता, केवल पुत्र और वह जिस पर पुत्र उसे प्रगट करना चाहे। 
Mat 11:28   हे सब परिश्रम करने वालों और बोझ से दबे लोगों, मेरे पास आओ; मैं तुम्हें विश्राम दूंगा। 
Mat 11:29  मेरा जूआ अपने ऊपर उठा लो, और मुझ से सीखो; क्‍योंकि मैं नम्र और मन में दीन हूं: और तुम अपने मन में विश्राम पाओगे। 
Mat 11:30  क्‍योंकि मेरा जूआ सहज और मेरा बोझ हल्का है।

एक साल में बाइबल: 

  • यशायाह २०-२२ 
  • इफिसियों ६

बुधवार, 6 अक्टूबर 2010

चिरस्थाई और उतम भाग

एक सर्वेक्षण में, जो १३९ देशों और २०,००० से अधिक मसिही विश्वासी कार्यकर्ताओं में किया गया, पाया गया कि विश्व भर में, औसतन ४० प्रतिशत मसीही कहते हैं कि वे एक कार्य से दूसरे कार्य के लिये हमेशा या अकसर भागते रहते हैं; और लगभग ६० प्रतिशत मानते हैं कि कार्य की व्यस्तता हमेशा या अकसर उनके जीवन में परमेश्वर के साथ अच्छा संबंध विकिसित करने में बाधा होती है। स्पष्ट है कि जीवन के कार्यों में व्यस्त होना, परमेश्वर के साथ हमारी संगति करने में एक बाधा है।

मार्था के लिये भी कार्यों में व्यस्त होना प्रभु यीशु के साथ संगति करने में बाधा बना। मार्था ने प्रभु यीशु और उसके चेलों को अपने घर में आमंत्रित किया, जब वे आए तो वह उनके पांव धोने, उनके लिए भोजन बनाने, उन्हें आराम से रखने में व्यस्त हो गई। यह सब करना तो आवश्यक था, परन्तु यह सब उसके लिए प्रभु के साथ बैठने और उसकी बात सुनने से अधिक महत्वपूर्ण हो गया, प्रभु के साथ उसकी संगति में आनन्दमग्न होने में बाधा बन गया। इसके विपरीत उसकी बहन मरियम ने प्रभु के चरणों पर बैठकर प्रभु की बात सुनना पसन्द किया और "प्रभु ने उसे उत्तर दिया, मार्था, हे मार्था, तू बहुत बातों के लिये चिन्‍ता करती और घबराती है। परन्‍तु एक बात अवश्य है, और उस उत्तम भाग को मरियम ने चुन लिया है: जो उस से छीना न जाएगा।" (लूका १०:३८-४२)

आज आपका क्या हाल है? क्या आप भी एक कार्य से दूसरे कार्य की भाग-दौड़ में इतने व्यस्त हैं कि आपका ध्यान प्रभु से हट गया है, और उसके साथ संगति का मधुर आनन्द आपके जीवन में नहीं है? यदि ऐसा है तो परमेश्वर से प्रार्थना में मांगें कि वह आपका ध्यान प्रभु यीशु मसीह पर केंद्रित करने और जीवन की व्यस्तता से निकालने में आपकी सहायता करे, जिससे आप प्रभु की संगति और शांत जीवन के आनन्द का वह उत्तम भाग पा सकें, जो आपसे कभी छीना नहीं जा सकता। - मारविन विलियम्स


यदि आप परमेश्वर के लिये उचित समय नहीं निकल पा रहे हैं तो आप वास्तव में अनआवश्यक तौर पर व्यस्त हैं।

पर मार्था सेवा
करते करते घबरा गई - लूका १०:४२

बाइबल पाठ: लूका १०:३८-४२

फिर जब वे जा रहे थे, तो वह एक गांव में गया, और मार्था नाम एक स्त्री ने उसे अपने घर में उतारा।
और मरियम नाम उस की एक बहिन थी, वह प्रभु के पांवों के पास बैठकर उसका वचन सुनती थी।
पर मार्था सेवा करते करते घबरा गई और उसके पास आकर कहने लगी, हे प्रभु, क्‍या तुझे कुछ भी सोच नहीं कि मेरी बहिन ने मुझे सेवा करने के लिये अकेली ही छोड़ दिया है सो उस से कह, कि मेरी सहायता करे।
प्रभु ने उसे उत्तर दिया, मार्था, हे मार्था, तू बहुत बातों के लिये चिन्‍ता करती और घबराती है।
परन्‍तु एक बात अवश्य है, और उस उत्तम भाग को मरियम ने चुन लिया है: जो उस से छीना न जाएगा।

एक साल में बाइबल:
  • यशायाह २६, २७
  • फिलिप्पियों २