ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

मंगलवार, 15 जून 2021

शब्द

 

          उस लड़के ने मेरा उपहास करते हुए मुझे, “हड्डी पर चढी चमड़ी” कहा, और एक अन्य ने उसके साथ सम्मिलित होते हुए मुझे “छड़ी” बुलाया। प्रत्युत्तर में मैं एक जाना-पहचाना वाक्य – “छड़ी और पत्थर मेरी हड्डियां तोड़ सकते हैं, किन्तु तुम्हारे शब्द मुझे कभी आहत नहीं करेंगे” बोल सकती थी। किन्तु उस छोटी आयु में भी मैं जानती थी कि यह वाक्य सत्य नहीं है। कठोर, दया-रहित, बिना विचार किए कहे गए शब्द निःसंदेह आहत करते थे। कभी-कभी शब्दों के घाव इतने गहरे होते थे,और इतने दिनों तक बने रहते थे, जितने किसी छड़ी या पत्थर के घाव नहीं होते थे।

          परमेश्वर के वचन बाइबल में शमूएल नबी की माँ, हन्ना, निःसंदेह, बिना विचारे कहे गए शब्दों की चोट को अच्छे से जानती थी। उसका पति, एल्काना उसे प्यार करता था, परन्तु क्योंकि वह संतानहीन थी, इसलिए उसकी सौतन, पनिन्ना, जिसके बहुत से बच्चे थे, उसे ताने मारती थी। ऐसी संस्कृति में, जिसमें अकसर पत्नी का मूल्यांकन उसके बच्चों की संख्या के आधार पर होता था, पनिन्ना के ये ताने उसके निःसंतान होने की पीड़ा को और बढ़ा देते थे। अन्ततः हन्ना की यह हालत हो जाती थी कि वह रोटी रहती और भोजन भी नहीं करने पाती थी (1 शमूएल 1:6-7)। उसके पति एल्काना की भले उद्देश्य से कही गई बात, हे हन्ना, तू क्यों रोती है? और खाना क्यों नहीं खाती? और मेरा मन क्यों उदास है? क्या तेरे लिये मैं दस बेटों से भी अच्छा नहीं हूं?” (पद 8) भी उसे सांत्वना नहीं देने पाती थी।

          हन्ना के समान ही हम में से कई लोगों ने आहत करने वाले शब्दों के पीड़ादायक परिणाम झेले होंगे। और हम में से कुछ ने उन आहत करने वालों शब्दों की प्रतिक्रिया में, दूसरों को आहत करने वाले शब्द भी कहे होंगे। लेकिन हम सभी अपने प्रेमी और दयालु परमेश्वर के पास अपनी इस पीड़ा को लेकर जा सकते हैं, उस से उस परिस्थिति का सामना करने की शक्ति और चंगाई पाने के लिए (भजन 27:5, 12-14)। वह हमसे हर हाल में प्रेम करता है, हमें शान्ति देता है; हमसे प्रेम और अनुग्रह के शब्द बोलता है। - एलिसन कीड़ा

 

परमेश्वर हमारी हर बात सुनने और समाधान करने के लिए सदैव तत्पर रहता है।


ऐसे लोग हैं जिनका बिना सोच विचार के बोलना तलवार के समान चुभता है, परन्तु बुद्धिमान के बोलने से लोग चंगे होते हैं। - नीतिवचन 12:18

बाइबल पाठ: 1 शमूएल 1:1-8

1 शमूएल 1:1 एप्रैम के पहाड़ी देश के रामतैम सोपीम नाम नगर का निवासी एल्काना नाम पुरुष था, वह एप्रेमी था, और सूप के पुत्र तोहू का परपोता, एलीहू का पोता, और यरोहाम का पुत्र था।

1 शमूएल 1:2 और उसके दो पत्नियां थीं; एक का तो नाम हन्ना और दूसरी का पनिन्ना था। और पनिन्ना के तो बालक हुए, परन्तु हन्ना के कोई बालक न हुआ।

1 शमूएल 1:3 वह पुरुष प्रति वर्ष अपने नगर से सेनाओं के यहोवा को दण्डवत करने और मेलबलि चढ़ाने के लिये शीलो में जाता था; और वहां होप्नी और पीनहास नाम एली के दोनों पुत्र रहते थे, जो यहोवा के याजक थे।

1 शमूएल 1:4 और जब जब एल्काना मेलबलि चढ़ाता था तब तब वह अपनी पत्नी पनिन्ना को और उसके सब बेटे-बेटियों को दान दिया करता था;

1 शमूएल 1:5 परन्तु हन्ना को वह दूना दान दिया करता था, क्योंकि वह हन्ना से प्रीति रखता था; तौभी यहोवा ने उसकी कोख बन्द कर रखी थी।

1 शमूएल 1:6 परन्तु उसकी सौत इस कारण से, कि यहोवा ने उसकी कोख बन्द कर रखी थी, उसे अत्यन्त चिढ़ाकर कुढ़ाती रहती थीं।

1 शमूएल 1:7 और वह तो प्रति वर्ष ऐसा ही करता था; और जब हन्ना यहोवा के भवन को जाती थी तब पनिन्ना उसको चिढ़ाती थी। इसलिये वह रोती और खाना न खाती थी।

1 शमूएल 1:8 इसलिये उसके पति एल्काना ने उस से कहा, हे हन्ना, तू क्यों रोती है? और खाना क्यों नहीं खाती? और मेरा मन क्यों उदास है? क्या तेरे लिये मैं दस बेटों से भी अच्छा नहीं हूं?

 

एक साल में बाइबल: 

  • नहेम्याह 1-3
  • प्रेरितों 2:1-21


सोमवार, 14 जून 2021

प्रार्थना

 

          एशिया में यात्रा करते समय, मेरा आई-पैड, जिसमें मेरी सारी पढ़ने की सामग्री तथा काम से संबंधित बहुत सारे दस्तावेज़ थे, खराब हो गया – उसका स्क्रीन एक काला स्क्रीन बन गया। सहायता ढूँढ़ते हुए, मैं एक कंप्यूटर की दुकान पर पहुँचा और वहाँ पहुँचकर मेरे सामने एक और समस्या आ गई – मुझे चीनी भाषा बोलनी नहीं आती थी, और उस दुकान के कारीगर को अंग्रजी बोलनी नहीं आती थी। क्या समाधान हो? उस कारीगर ने एक सॉफ्टवेयर  प्रोग्राम खोला, जिसमें वह चीनी भाषा में टाइप करता था, किन्तु मैं उसे अंग्रेज़ी में पढ़ने पाता था; और जब मैं अंग्रेज़ी में टाइप करता था, तो वह उसे चीनी में पढ़ने पाता था। उस सॉफ्टवेयर की सहायता से हम, भिन्न भाषाएँ होते हुए भी, एक दूसरे के साथ स्पष्टता से संवाद कर सके।

          कभी-कभी मुझे लगता है कि मैं जब अपने स्वर्गीय परमेश्वर पिता के साथ प्रार्थना में संवाद करता हूँ , तो स्पष्टता के साथ अपने मन की बात व्यक्त नहीं करने पाता हूँ। और इस बात में मैं अकेला नहीं हूँ; हम में से अनेकों, प्रार्थना में कभी-न-कभी संघर्ष करते हैं। परमेश्वर के वचन बाइबल में परमेश्वर पवित्र आत्मा ने हमारे लिए इसका समाधान प्रेरित पौलुस के द्वारा लिखवाया है। पौलुस ने रोमियों को लिखी अपनी पत्री में लिखा, इसी रीति से आत्मा भी हमारी दुर्बलता में सहायता करता है, क्योंकि हम नहीं जानते, कि प्रार्थना किस रीति से करना चाहिए; परन्तु आत्मा आप ही ऐसी आहें भर भरकर जो बयान से बाहर है, हमारे लिये बिनती करता है। और मनों का जांचने वाला जानता है, कि आत्मा की मनसा क्या है क्योंकि वह पवित्र लोगों के लिये परमेश्वर की इच्छा के अनुसार बिनती करता है” (रोमियों 8:26-27)।

          पवित्र आत्मा का यह वरदान कितना अद्भुत है! यह किसी भी कंप्यूटर प्रोग्राम या सॉफ्टवेयर से कहीं अधिक उत्तम है, वह स्वयं ही मेरे विचारों और अभिलाषाओं को पिता परमेश्वर के उद्देश्यों के साथ सामंजस्य में लाकर, मेरे और पिता परमेश्वर के मध्य स्पष्ट रीति से व्यक्त कर देता है। पवित्र आत्मा का कार्य, प्रार्थना को कार्यकारी बना देता है। - बिल क्राउडर

 

पिता परमेश्वर, परमेश्वर पवित्र आत्मा और उनके के वरदानों के लिए आपका धन्यवाद।


परन्तु जब वह अर्थात सत्य का आत्मा आएगा, तो तुम्हें सब सत्य का मार्ग बताएगा, क्योंकि वह अपनी ओर से न कहेगा, परन्तु जो कुछ सुनेगा, वही कहेगा, और आने वाली बातें तुम्हें बताएगा। - यूहन्ना 16:13

बाइबल पाठ: रोमियों 8:18-27

रोमियों 8:18 क्योंकि मैं समझता हूं, कि इस समय के दु:ख और क्लेश उस महिमा के सामने, जो हम पर प्रगट होने वाली है, कुछ भी नहीं हैं।

रोमियों 8:19 क्योंकि सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर के पुत्रों के प्रगट होने की बाट जोह रही है।

रोमियों 8:20 क्योंकि सृष्टि अपनी इच्छा से नहीं पर आधीन करने वाले की ओर से व्यर्थता के आधीन इस आशा से की गई।

रोमियों 8:21 कि सृष्टि भी आप ही विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर, परमेश्वर की सन्तानों की महिमा की स्वतंत्रता प्राप्त करेगी।

रोमियों 8:22 क्योंकि हम जानते हैं, कि सारी सृष्टि अब तक मिलकर कराहती और पीड़ाओं में पड़ी तड़पती है।

रोमियों 8:23 और केवल वही नहीं पर हम भी जिन के पास आत्मा का पहिला फल है, आप ही अपने में कराहते हैं; और लेपालक होने की, अर्थात अपनी देह के छुटकारे की बाट जोहते हैं।

रोमियों 8:24 आशा के द्वारा तो हमारा उद्धार हुआ है परन्तु जिस वस्तु की आशा की जाती है जब वह देखने में आए, तो फिर आशा कहां रही? क्योंकि जिस वस्तु को कोई देख रहा है उस की आशा क्या करेगा?

रोमियों 8:25 परन्तु जिस वस्तु को हम नहीं देखते, यदि उस की आशा रखते हैं, तो धीरज से उस की बाट जोहते भी हैं।

रोमियों 8:26 इसी रीति से आत्मा भी हमारी दुर्बलता में सहायता करता है, क्योंकि हम नहीं जानते, कि प्रार्थना किस रीति से करना चाहिए; परन्तु आत्मा आप ही ऐसी आहें भर भरकर जो बयान से बाहर है, हमारे लिये बिनती करता है।

रोमियों 8:27 और मनों का जांचने वाला जानता है, कि आत्मा की मनसा क्या है क्योंकि वह पवित्र लोगों के लिये परमेश्वर की इच्छा के अनुसार बिनती करता है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • एज्रा 9-10
  • प्रेरितों 1

रविवार, 13 जून 2021

विशेष

 

          सन 1877 में इंग्लैंड के एक स्थान की एक मसीही आराधना सभा के बाद जब चर्च में उन लोगों से आगे आने के लिए कहा गया, जिन्होंने प्रभु यीशु को अपना उद्धारकर्ता ग्रहण किया था, तब उन आगे आने वालों में से एक रॉडनी स्मिथ भी था। उसे आगे की ओर जाता हुआ देख, बैठे हुए लोगों में से किसी ने घृणा भरे स्वर में फुसफुसाकर कहा, “अरे यह तो बंजारों का लड़का है।” किसी को भी उस किशोर से, जो अशिक्षित बंजारों के परिवार में से था, कोई अपेक्षा नहीं थी। किन्तु रॉडनी ने उन सभी आलोचकों की कोई परवाह नहीं की। वह दृढ़ निश्चय था कि उसके जीवन के लिए परमेश्वर का कोई उद्देश्य है, इसलिए उसने अपने लिए परमेश्वर के वचन बाइबल की एक प्रति तथा अंग्रेज़ी भाषा का एक शब्दकोष मोल लिया, और अपने आप को पढ़ना तथा लिखना सिखाया। उसने एक बार कहा था, “प्रभु यीशु तक पहुँचने का मार्ग कैम्ब्रिज, हार्वर्ड, या येल (इंग्लैंड के विश्व-विख्यात विश्व-विद्यालय), या कवियों में से होकर नहीं जाता है। वह तो उस पुराने टीले, कलवरी से होकर जाता है।” अनेकों कठिनाइयों के बावजूद, रॉडनी एक ऐसा सुसमाचार प्रचारक बना जिसे परमेश्वर ने इंग्लैंड और अमेरिका में बहुत से लोगों को प्रभु यीशु मसीह के पास लाने के लिए प्रयोग किया।

          बाइबल का एक प्रमुख पात्र, प्रभु यीशु मसीह के बारह चेलों में से एक, पतरस, भी गलील में रहने वाला एक साधारण अनपढ़ मछुआरा था (प्रेरितों 4:13)। वह अपने इसी कार्य में लगा हुआ था, जब प्रभु यीशु ने उसे अपने पीछे हो लेने के लिए बुलाया (मत्ती 4:19)। वही पतरस, उसकी साधारण परवरिश और प्रभु यीशु का अनुसरण करते हुए अनेकों असफलताओं के अनुभाव करने के बावजूद, बाद में अपनी पत्री में लिखता है कि जो प्रभु यीशु मसीह के पीछे चलने की ठान लेते हैं, वे परमेश्वर के विशेष, आशीष पाए हुए, अद्भुत लोग हो जाते हैं (1 पतरस 2:9)।

          प्रभु यीशु मसीह में विश्वास लाने के द्वारा, संसार का कोई भी जन, उसकी शिक्षा, परवरिश, लिंग, जाति, स्तर आदि चाहे कुछ भी हो, वह परमेश्वर के परिवार का एक विशिष्ट सदस्य बन जाता है। फिर वह परमेश्वर के लिए उपयोगी हो जाता है, और स्वर्ग के राज्य में उसका एक विशेष स्थान हो जाता है।

          क्या आपने प्रभु यीशु पर विश्वास करने के द्वारा अपना विशेष दर्जा प्राप्त कर लिया है? – एस्तेरा पिरोसका एस्कोबार

 

प्रभु परमेश्वर अपने में मुझे विशेष बना लेने के लिए धन्यवाद।


परन्तु जितनों ने उसे ग्रहण किया, उसने उन्हें परमेश्वर के सन्तान होने का अधिकार दिया, अर्थात उन्हें जो उसके नाम पर विश्वास रखते हैं। वे न तो लहू से, न शरीर की इच्छा से, न मनुष्य की इच्छा से, परन्तु परमेश्वर से उत्पन्न हुए हैं। - यूहन्ना 1:12-13

बाइबल पाठ: 1 पतरस 2:4-10

1 पतरस 2:4 उसके पास आकर, जिसे मनुष्यों ने तो निकम्मा ठहराया, परन्तु परमेश्वर के निकट चुना हुआ, और बहुमूल्य जीवता पत्थर है।

1 पतरस 2:5 तुम भी आप जीवते पत्थरों के समान आत्मिक घर बनते जाते हो, जिस से याजकों का पवित्र समाज बन कर, ऐसे आत्मिक बलिदान चढ़ाओ, जो यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर को ग्राह्य हों।

1 पतरस 2:6 इस कारण पवित्र शास्त्र में भी आया है, कि देखो, मैं सिय्योन में कोने के सिरे का चुना हुआ और बहुमूल्य पत्थर धरता हूं: और जो कोई उस पर विश्वास करेगा, वह किसी रीति से लज्जित नहीं होगा।

1 पतरस 2:7 सो तुम्हारे लिये जो विश्वास करते हो, वह तो बहुमूल्य है, पर जो विश्वास नहीं करते उन के लिये जिस पत्थर को राजमिस्त्रीयों ने निकम्मा ठहराया था, वही कोने का सिरा हो गया।

1 पतरस 2:8 और ठेस लगने का पत्थर और ठोकर खाने की चट्टान हो गया है: क्योंकि वे तो वचन को न मान कर ठोकर खाते हैं और इसी के लिये वे ठहराए भी गए थे।

1 पतरस 2:9 पर तुम एक चुना हुआ वंश, और राज-पदधारी याजकों का समाज, और पवित्र लोग, और (परमेश्वर की) निज प्रजा हो, इसलिये कि जिसने तुम्हें अन्धकार में से अपनी अद्भुत ज्योति में बुलाया है, उसके गुण प्रगट करो।

1 पतरस 2:10 तुम पहिले तो कुछ भी नहीं थे, पर अब परमेश्वर ही प्रजा हो: तुम पर दया नहीं हुई थी पर अब तुम पर दया हुई है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • एज्रा 6-8
  • यूहन्ना 21


शनिवार, 12 जून 2021

पर्दा

 

          एक भयानक कार दुर्घटना ने मैरी ऍन फ्रैंको तबाह कर दिया। यद्यपि वह जीवित बच गई, किन्तु चोटों के कारण वह पूर्णतः अंधी हो गई। उसने कहा, “मैं केवल काले अन्धकार को ही देख सकती थी।” इसके इक्कीस वर्ष पश्चात, गिरने के कारण उसकी पीठ में चोट आई, जिसके लिए उसका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन की बेहोशी से उठने पर उसने पाया कि आश्चर्यजनक रीति से उसकी दृष्टि वापस लौट आई है, यद्यपि ऑपरेशन का उसकी आँखों के साथ कोई संबंध नहीं था। दो दशक से भी अधिक के बाद, फ्रैंको ने पहली बार अपनी बेटी को देखा। उसके चिकित्सकों ने यही कहा कि उनके पास उसकी दृष्टि के ठीक हो जाने का कोई स्पष्टीकरण नहीं है। वह अन्धकार जो अंतिम प्रतीत होता था, उसके स्थान पर अब ज्योति और सुन्दरता आ गई थी।

          परमेश्वर का वचन बाइबल, तथा हमारे अपने अनुभव हमें बताते हैं कि सारे संसार पर पाप और अज्ञानता का पर्दा पड़ा हुआ है, जिसने सभी को परमेश्वर के प्रेम के प्रति अँधा कर दिया है (यशायाह 25:7)। हमारी सांसारिक अभिलाषाएँ – हमारा लालच और स्वार्थ, हमारी परमेश्वर की अवहेलना और अपने स्वयं पर ही भरोसा करना, हमारा सांसारिक स्तर और शक्ति में बढ़ते जाने की लालसा पाले रखना – हमारे दृष्टिकोण को धूमिल कर देते हैं, हमें उस परमेश्वर को स्पष्टता से नहीं देखने देते हैं जिसने हमें और सृष्टि को रचा है, जो हम से प्रेम करता है, और हमारी भलाई की योजनाएँ बनाता है।

          हमारे अपने प्रयास और आकांक्षाएँ हमें केवल अन्धकार, निराशा, और भ्रम में ही फंसाए रखते हैं। हम इधर-उधर टटोलते हैं, अपनी ही इच्छा और समझ के अनुसार अपने ही प्रयास करते हैं, किन्तु आगे बढ़ने का मार्ग न तो ढूँढने पाते हैं और न ही आगे बढ़ने पाते हैं। लेकिन परमेश्वर का धन्यवाद हो कि उसने अपने भविष्यद्वक्ता, यशायाह के द्वारा यह वायदा दिया है कि अन्ततः, परमेश्वर संसार के लोगों पर पड़े हुए इस अन्धकार के परदे को हटा कर नष्ट कर देगा।

          परमेश्वर हमें आशाहीन नहीं छोड़ेगा; उसका ज्योतिर्मय प्रेम उस सब को हटा देता है जो हमें अंधा करता है। प्रभु यीशु में लाया गया विश्वास हमें एक भले जीवन तथा उसके बहुतायत के अनुग्रह की आशीषों से भर देता है। - विन्न कोलियर

 

हे पिता, मुझे पाप के अन्धकार से निकाल कर प्रभु यीशु के जीवन की ज्योति में ले आ।


परन्तु यदि हमारे सुसमाचार पर परदा पड़ा है, तो यह नाश होने वालों ही के लिये पड़ा है। और उन अविश्वासियों के लिये, जिन की बुद्धि को इस संसार के ईश्वर ने अन्‍धी कर दी है, ताकि मसीह जो परमेश्वर का प्रतिरूप है, उसके तेजोमय सुसमाचार का प्रकाश उन पर न चमके। - 2 कुरिन्थियों 4:3-4

बाइबल पाठ: यशायाह 25:1-9

यशायाह 25:1 हे यहोवा, तू मेरा परमेश्वर है; मैं तुझे सराहूंगा, मैं तेरे नाम का धन्यवाद करूंगा; क्योंकि तू ने आश्चर्यकर्म किए हैं, तू ने प्राचीनकाल से पूरी सच्चाई के साथ युक्तियां की हैं।

यशायाह 25:2 तू ने नगर को ढेर बना डाला, और उस गढ़ वाले नगर को खण्डहर कर डाला है; तू ने परदेशियों की राजपुरी को ऐसा उजाड़ा कि वह नगर नहीं रहा; वह फिर कभी बसाया न जाएगा।

यशायाह 25:3 इस कारण बलवन्त राज्य के लोग तेरी महिमा करेंगे; भयंकर अन्यजातियों के नगरों में तेरा भय माना जाएगा।

यशायाह 25:4 क्योंकि तू संकट में दीनों के लिये गढ़, और जब भयानक लोगों का झोंका भीत पर बौछार के समान होता था, तब तू दरिद्रों के  लिये उनकी शरण, और तपन में छाया का स्थान हुआ।

यशायाह 25:5 जैसे निर्जल देश में बादल की छाया से तपन ठण्डी होती है वैसे ही तू परदेशियों का कोलाहल और क्रूर लोगों को जयजयकार बन्द करता है।

यशायाह 25:6 सेनाओं का यहोवा इसी पर्वत पर सब देशों के लोगों के लिये ऐसी जेवनार करेगा जिस में भांति भांति का चिकना भोजन और निथरा हुआ दाखमधु होगा; उत्तम से उत्तम चिकना भोजन और बहुत ही निथरा हुआ दाखमधु होगा।

यशायाह 25:7 और जो पर्दा सब देशों के लोगों पर पड़ा है, जो घूंघट सब अन्यजातियों पर लटका हुआ है, उसे वह इसी पर्वत पर नाश करेगा।

यशायाह 25:8 वह मृत्यु को सदा के लिये नाश करेगा, और प्रभु यहोवा सभों के मुख पर से आंसू पोंछ डालेगा, और अपनी प्रजा की नामधराई सारी पृथ्वी पर से दूर करेगा; क्योंकि यहोवा ने ऐसा कहा है।

यशायाह 25:9 और उस समय यह कहा जाएगा, देखो, हमारा परमेश्वर यही है; हम इसी की बाट जोहते आए हैं, कि वह हमारा उद्धार करे। यहोवा यही है; हम उसकी बाट जोहते आए हैं। हम उस से उद्धार पाकर मगन और आनन्दित होंगे।

 

एक साल में बाइबल: 

  • एज्रा 3-5
  • यूहन्ना 20


शुक्रवार, 11 जून 2021

स्तुति

 

          मसीही गीतों की गायन मण्डली, फॉर्मर न्यूज़बॉयज के मुख्य गायक, पीटर फरलर ने अपनी गायन मण्डली के स्तुति गीत “He Reigns (वह राज्य करता है)” के गाए जाने के बारे में बताया। वह स्तुतिगान संसार के प्रत्येक जाति और राष्ट्र से मसीही विश्वासी लोगों के साथ आने और एक मन होकर, साथ मिलकर परमेश्वर की स्तुति करने के बारे में है। फरलर ने कहा कि जब भी उनकी गायन मण्डली इस स्तुति गीत को गाती है, वह मसीही विश्वासियों के मध्य पवित्र आत्मा के विचरण को अनुभव करता था।

          फरलर का यह वर्णन परमेश्वर के वचन बाइबल में उस पिन्तेकुस्त के दिन यरूशलेम में एकत्रित लोगों के अनुभव के समान है, जब प्रभु यीशु के शिष्य पवित्र-आत्मा से भर गए (प्रेरितों 2:4), और वहाँ पर लोगों की आशा या अपेक्षा से बहुत परे की बातें घटित होने लगीं। परिणामस्वरूप हर एक राष्ट्र से वहाँ पर एकत्रित यहूदी, असमंजस में एक साथ आ गए, क्योंकि प्रत्येक अपनी ही भाषा में परमेश्वर के महान कार्यों के बारे में सुनने पा रहा था (पद 5-6, 11)। पतरस ने लोगों को समझाया कि यह पुराने नियम की भविष्यवाणी का पूरा होना था, जिसमें परमेश्वर ने कहा था कि,मैं [सभी लोगों पर] अपनी आत्मा को उंडेलूँगा” (पद 17)।

          परमेश्वर की अद्भुत सामर्थ्य के इस प्रदर्शन के कारण लोग पतरस द्वारा दिए जा रहे सुसमाचार सन्देश के प्रति अधिक संवेदनशील हो गए, और उस दिन तीन हज़ार लोगों ने मन फिराया (पद 41)। इस अद्भुत आरंभ के पश्चात, ये नए विश्वासी अपने-अपने स्थानों को लौट गए, और प्रभु यीशु मसीह में विश्वास के द्वारा उद्धार मिलने के सुसमाचार को भी अपने साथ ले गए।

          उद्धार का यह सुसमाचार आज भी सारे संसार में गूँज रहा है; सारे संसार के सभी लोगों को आशा प्रदान कर रहा है। जब हम साथ मिलकर परमेश्वर की स्तुति और आराधना करते हैं, तो उसका आत्मा हम में कार्य करता है, लोगों को एक-मनता के साथ एकत्रित करता है, जो फिर और उत्साह के साथ सुसमाचार का प्रसार तथा परमेश्वर की स्तुति करने पाते हैं। - रेमी ओयेडेले

 

पिता परमेश्वर मैं सभी लोगों के लिए आपके प्रेम को बता सकूँ।


यहोवा की महिमा और सामर्थ्य को मानो। यहोवा के नाम की महिमा ऐसी मानो जो उसके नाम के योग्य है। भेंट ले कर उसके सम्मुख आओ, पवित्रता से शोभायमान हो कर यहोवा को दण्डवत करो। - 1 इतिहास 16:29

बाइबल पाठ: प्रेरितों 2:1-12

प्रेरितों के काम 2:1 जब पिन्तेकुस्त का दिन आया, तो वे सब एक जगह इकट्ठे थे।

प्रेरितों के काम 2:2 और एकाएक आकाश से बड़ी आंधी की सी सनसनाहट का शब्द हुआ, और उस से सारा घर जहां वे बैठे थे, गूंज गया।

प्रेरितों के काम 2:3 और उन्हें आग की सी जीभें फटती हुई दिखाई दीं; और उन में से हर एक पर आ ठहरीं।

प्रेरितों के काम 2:4 और वे सब पवित्र आत्मा से भर गए, और जिस प्रकार आत्मा ने उन्हें बोलने की सामर्थ्य दी, वे अन्य अन्य भाषा बोलने लगे।

प्रेरितों के काम 2:5 और आकाश के नीचे की हर एक जाति में से भक्त यहूदी यरूशलेम में रहते थे।

प्रेरितों के काम 2:6 जब वह शब्द हुआ तो भीड़ लग गई और लोग घबरा गए, क्योंकि हर एक को यही सुनाई देता था, कि ये मेरी ही भाषा में बोल रहे हैं।

प्रेरितों के काम 2:7 और वे सब चकित और अचम्भित हो कर कहने लगे; देखो, ये जो बोल रहे हैं क्या सब गलीली नहीं?

प्रेरितों के काम 2:8 तो फिर क्यों हम में से हर एक अपनी अपनी जन्म भूमि की भाषा सुनता है?

प्रेरितों के काम 2:9 हम जो पारथी और मेदी और एलामी लोग और मिसुपुतामिया और यहूदिया और कप्‍पदूकिया और पुन्‍तुस और आसिया।

प्रेरितों के काम 2:10 और फ्रूगिया और पमफूलिया और मिसर और लिबूआ देश जो कुरेने के आस पास है, इन सब देशों के रहने वाले और रोमी प्रवासी, क्या यहूदी क्या यहूदी मत धारण करने वाले, क्रेती और अरबी भी हैं।

प्रेरितों के काम 2:11 परन्तु अपनी अपनी भाषा में उन से परमेश्वर के बड़े बड़े कामों की चर्चा सुनते हैं।

प्रेरितों के काम 2:12 और वे सब चकित हुए, और घबराकर एक दूसरे से कहने लगे कि यह क्या हुआ चाहता है?

 

एक साल में बाइबल: 

  • एज्रा 1-2
  • यूहन्ना 19:23-42