ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

गुरुवार, 9 जनवरी 2020

स्मृति चिन्ह



      कई बार जब मैं इंटर्नेट चालू करके फेसबुक पर जाती हूँ, तो फेसबुक मुझे पिछले वर्षों में, उस दिन मैंने फेसबुक पर क्या पोस्ट किया था, उन बातों की स्मृतियाँ दिखाती है। ये स्मृतियाँ कुछ फोटो हो सकती हैं, जैसे कि मेरे भाई के विवाह की फोटो, या मेरी बेटी का मेरी दादी के साथ खेलने का वीडियो हो सकता है, और इन्हें देखकर अकसर मेरे चेहरे पर मुस्कराहट आ जाती है। परन्तु कभी-कभी उन स्मृतियों से कुछ भावुक बातें भी स्मरण हो आती हैं, जैसे कि मेरे बहनोई की कीमोथेरपी की याद, या मेरी माँ के मस्तिष्क के ओपरेशन के बाद की फोटो, आदि। ये सभी मुझे, मेरी हर परिस्थिति में मेरे साथ बनी रहने वाली परमेश्वर की भरोसेमंद उपस्थिति को स्मरण दिलाती हैं। फेसबुक की यह स्मृतियाँ मुझे परमेश्वर के प्रति धन्यवादी, और प्रार्थना करने वाला बनाने की ओर बढ़ावा देती हैं।

      हम सभी को स्मृतियों की आवशयकता होती है, नहीं तो हम कई बातों को जो परमेश्वर ने हमारे लिए की हैं भूल जाते हैं। परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि जब यहोशू परमेश्वर के लोगों, इस्राएलियों, को वाचा किए हुए देश में बसाने के लिए लेकर चला, तो उन्हें उस देश में प्रवेश करने के लिए यर्दन नदी को पार करना था (यहोशू 3:15-16)। परमेश्वर ने यर्दन के पानी को विभाजित कर दिया, और उसके लोग सूखी भूमि पर से होकर पार उतर गए (पद 17)। इस आश्चर्यकर्म का स्मृति चिन्ह बनाने के लिए उन्होंने नदी में से बारह बड़े पत्थर उठाए और पार की भूमि पर उनका ढेर बना दिया (4:3, 6-7)। यह इसलिए था कि आते समयों में जब भी उनकी संतानें या कोई अन्य उनके बारे में पूछे तो परमेश्वर के लोग उन्हें बताएं कि उस दिन परमेश्वर ने उनके लिए क्या कर के दिया था।

      बीते समय में हमारे प्रति परमेश्वर की विश्वासयोग्यता के स्मृति-चिन्ह हमें उस पर अपने वर्तमान तथा भविष्य के लिए भरोसा बनाए रखने में सहायक हो सकते हैं। - एमी पीटरसन

बीते वर्षों में, और आते समयों के लिए, 
परमेश्वर की विश्वासयोग्यता के लिए उसका धन्यवाद।

यहोवा और उसकी सामर्थ को खोजो, उसके दर्शन के लगातार खोजी बने रहो! उसके किए हुए आश्चर्यकर्म स्मरण करो, उसके चमत्कार और निर्णय स्मरण करो! – भजन 105:4 - 5

बाइबल पाठ: यहोशू 3:14 - 4:7
Joshua 3:14 सो जब प्रजा के लोगों ने अपने डेरों से यरदन पार जाने को कूच किया, और याजक वाचा का सन्दूक उठाए हुए प्रजा के आगे आगे चले,
Joshua 3:15 और सन्दूक के उठाने वाले यरदन पर पहुंचे, और सन्दूक के उठाने वाले याजकों के पांव यरदन के तीर के जल में डूब गए (यरदन का जल तो कटनी के समय के सब दिन कड़ारों के ऊपर ऊपर बहा करता है),
Joshua 3:16 तब जो जल ऊपर की ओर से बहा आता था वह बहुत दूर, अर्थात आदाम नगर के पास जो सारतान के निकट है रूककर एक ढेर हो गया, और दीवार सा उठा रहा, और जो जल अराबा का ताल, जो खारा ताल भी कहलाता है, उसकी ओर बहा जाता था, वह पूरी रीति से सूख गया; और प्रजा के लाग यरीहो के साम्हने पार उतर गए।
Joshua 3:17 और याजक यहोवा की वाचा का सन्दूक उठाए हुए यरदन के बीचोंबीच पहुंचकर स्थल पर स्थिर खड़े रहे, और सब इस्राएली स्थल ही स्थल पार उतरते रहे, निदान उस सारी जाति के लोग यरदन पार हो गए।
Joshua 4:1 जब उस सारी जाति के लोग यरदन के पार उतर चुके, तब यहोवा ने यहोशू से कहा,
Joshua 4:2 प्रजा में से बारह पुरूष, अर्थात गोत्र पीछे एक एक पुरूष को चुनकर यह आज्ञा दे,
Joshua 4:3 कि तुम यरदन के बीच में, जहां याजकों ने पांव धरे थे वहां से बारह पत्थर उठा कर अपने साथ पार ले चलो, और जहां आज की रात पड़ाव होगा वहीं उन को रख देना।
Joshua 4:4 तब यहोशू ने उन बारह पुरूषों को, जिन्हें उसने इस्राएलियों के प्रत्येक गोत्र में से छांटकर ठहरा रखा था,
Joshua 4:5 बुलवाकर कहा, तुम अपने परमेश्वर यहोवा के सन्दूक के आगे यरदन के बीच में जा कर इस्राएलियों के गोत्रों की गिनती के अनुसार एक एक पत्थर उठा कर अपने अपने कन्धे पर रखो,
Joshua 4:6 जिस से यह तुम लोगों के बीच चिन्हानी ठहरे, और आगे को जब तुम्हारे बेटे यह पूछें, कि इन पत्थरों का क्या मतलब है?
Joshua 4:7 तब तुम उन्हें उत्तर दो, कि यरदन का जल यहोवा की वाचा के सन्दूक के साम्हने से दो भाग हो गया था; क्योंकि जब वह यरदन पार आ रहा था, तब यरदन का जल दो भाग हो गया। सो वे पत्थर इस्राएल को सदा के लिये स्मरण दिलाने वाले ठहरेंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 23-24
  • मत्ती 7



बुधवार, 8 जनवरी 2020

क्षमा



      मेरी चिकत्सा के बिल को देखकर मेरी आँखों में आँसू आ गए। लंबे समय तक बेरोजगार रहने के बाद अब मेरे पति को मिलने वाली मासिक आय में से उस बिल को किश्तों में भी चुकाने में हमें कई वर्ष लग जाने थे। मैंने डॉक्टर के दफ्तर में फोन करके उसे अपनी परिस्थिति समझाने और बिल को मासिक किश्तों में चुकाने की अनुमति मांगने से पहले परमेश्वर से प्रार्थना की। डॉक्टर के दफ्तर में फोन उसकी सेक्रेटरी ने उठाया और मेरी बात सुनने के बाद मुझ से कहा कि मैं थोड़ी देर फोन पर बनी रहूं, जब तक कि वह डॉक्टर से बात करके मुझे उसका उत्तर न बता दे। कुछ ही समय में सेक्रेटरी ने मुझे बताया कि डॉक्टर ने मेरा पूरा बिल माफ़ कर दिया है, अब मुझे कुछ भी चुकाने की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

      मैंने उनके इस उदार उपहार के लिए सुबकते हुए उनके प्रति अपना धन्यवाद प्रगट किया; मैं उनके प्रति अपनी कृतज्ञता से अभिभूत थी। फोन को रखते हुए मैंने परमेश्वर का भी धन्यवाद किया, और मैं उस बिल को स्मृति के रूप में बचा कर रखने पर विचार करने लगी – उसके लिए नहीं जो मुझे चुकाना था, वरन उसके लिए जो परमेश्वर ने मेरे लिए करके दिया था।

      मेरे चिकित्सक द्वारा मेरा बिल को क्षमा कर देना चुनना मुझे परमेश्वर द्वारा मेरे अजेय पापों को क्षमा कर देने को स्मरण दिलाता है। परमेश्वर का वचन बाइबल हमें आश्वस्त करती है कि हमारा परमेश्वर “दयालु, अनुग्रहकारी, और अत्यंत करुणामय है” (भजन 103:8)। वह हमसे “हमारे पापों के अनुसार व्यवहार नहीं करता है” (पद 10) वरन वह हमारे पापों को हमसे इतना दूर कर देता है जितना “पूर्व से पश्चिम दूर है” (पद 12)। हम जब अपने पापों को मानकर उनके लिए पश्चाताप करते हैं, प्रभु यीशु से उनके लिए क्षमा मांगकर अपने जीवन प्रभु को समर्पित कर देते हैं तो वह हमारे पापों कू पूर्णतः क्षमा कर के उन्हें मिटा देता है, फिर हमारे चुकाने के लिए कुछ भी शेष नहीं रह जाता है।

      एक बार जब हमें प्रभु से यह क्षमा प्राप्त हो जाती है तो फिर हमारा यह बीते समय का ॠण हमें किसी भी प्रकार से सीमित अथवा परिभाषित नहीं कर सकता है। प्रभु परमेश्वर से मिली क्षमा की इस असाधारण और बहुमूल्य भेंट के लिए हमें उसके कृतज्ञ रहना चाहिए,  उसका धन्यवाद और गुणगान, उसकी आराधना करते रहना चाहिए और उसके इस कार्य का बखान संसार के लोगों के समक्ष करते रहना चाहिए। - जोशील डिक्सन

पाप द्वारा हम पर चढ़ा अजेय ॠण, महान प्रभु द्वारा उतार दिया गया है।

तेरे समान ऐसा परमेश्वर कहां है जो अधर्म को क्षमा करे और अपने निज भाग के बचे हुओं के अपराध को ढांप दे? वह अपने क्रोध को सदा बनाए नहीं रहता, क्योंकि वह करूणा से प्रीति रखता है। - मीका 7:18

बाइबल पाठ: भजन 103:1-12
Psalms 103:1 हे मेरे मन, यहोवा को धन्य कह; और जो कुछ मुझ में है, वह उसके पवित्र नाम को धन्य कहे!
Psalms 103:2 हे मेरे मन, यहोवा को धन्य कह, और उसके किसी उपकार को न भूलना।
Psalms 103:3 वही तो तेरे सब अधर्म को क्षमा करता, और तेरे सब रोगों को चंगा करता है,
Psalms 103:4 वही तो तेरे प्राण को नाश होने से बचा लेता है, और तेरे सिर पर करूणा और दया का मुकुट बान्धता है,
Psalms 103:5 वही तो तेरी लालसा को उत्तम पदार्थों से तृप्त करता है, जिस से तेरी जवानी उकाब के समान नई हो जाती है।
Psalms 103:6 यहोवा सब पिसे हुओं के लिये धर्म और न्याय के काम करता है।
Psalms 103:7 उसने मूसा को अपनी गति, और इस्राएलियों पर अपने काम प्रगट किए।
Psalms 103:8 यहोवा दयालु और अनुग्रहकरी, विलम्ब से कोप करने वाला और अति करूणामय है।
Psalms 103:9 वह सर्वदा वादविवाद करता न रहेगा, न उसका क्रोध सदा के लिये भड़का रहेगा।
Psalms 103:10 उसने हमारे पापों के अनुसार हम से व्यवहार नहीं किया, और न हमारे अधर्म के कामों के अनुसार हम को बदला दिया है।
Psalms 103:11 जैसे आकाश पृथ्वी के ऊपर ऊंचा है, वैसे ही उसकी करूणा उसके डरवैयों के ऊपर प्रबल है।
Psalms 103:12 उदयाचल अस्ताचल से जितनी दूर है, उसने हमारे अपराधों को हम से उतनी ही दूर कर दिया है।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 20-22
  • मत्ती 6:19-34



मंगलवार, 7 जनवरी 2020

नाम



      क्लियोपेट्रा, गैलीलियो, शेक्सपियर, एल्विस, पेले आदि ऐसे सुविख्यात नाम हैं कि उनकी पहचान समझने के लिए बस उनका नाम लेना ही काफी है। उन्होंने जो किया और जो वो थे, उसके कारण उन्होंने इतिहास में अपना नाम और स्थान बना लिया है। परन्तु एक नाम और है जो समस्त संसार के इतिहास में अद्वितीय और सर्वोच्च है – प्रभु यीशु मसीह।

      परमेश्वर का वचन बाइबल हमें बताती है कि संसार में परमेश्वर का पुत्र बनकर उनके जन्म लेने से पहले, परमेश्वर की ओर से भेजे गए स्वर्गदूत ने प्रभु यीशु की सांसारिक माता पिता, मरियम और यूसुफ से कहा था कि, “वह पुत्र जनेगी और तू उसका नाम यीशु रखना; क्योंकि वह अपने लोगों का उन के पापों से उद्धार करेगा” (मती 1:21); और “वह महान होगा; और परमप्रधान का पुत्र कहलाएगा; और प्रभु परमेश्वर उसके पिता दाऊद का सिंहासन उसको देगा” (लूका 1:32)। प्रभु यीशु इस संसार में कोई प्रसिद्ध व्यक्ति बनकर नहीं आए, वरन एक ऐसे सेवक के स्वरूप में आए जिसने अपने आप को दीन और नम्र किया तथा बनाए रखा, और क्रूस पर अपना बलिदान दे दिया जिससे जो भी स्वेच्छा से उनपर विश्वास करे वह अपने इस विश्वास के आधार पर पापों से मुक्ति और उद्धार प्राप्त कर सके।

      प्रेरित पौलुस ने लिखा, “इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान भी किया, और उसको वह नाम दिया जो सब नामों में श्रेष्ठ है। कि जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और जो पृथ्वी के नीचे है; वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें। और परमेश्वर पिता की महिमा के लिये हर एक जीभ अंगीकार कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है” (फिलिप्पियों 2:9-11)।

      हमारे सबसे अधिक आनन्द का समय हो या हमारी सबसे गहरी आवश्यकता का समय, हम जिस नाम को थामे रहते हैं वह है “प्रभु यीशु मसीह” – उसका वायदा है कि वह न हमें कभी छोड़ेगा और न कभी त्यागेगा, वरन हर समय हमारे साथ बना रहेगा। - डेविड मैक्कैसलैंड

जब तक कि प्रभु यीशु को सर्वोपरि नहीं जाना जाता है, उसे जाना ही नहीं जाता है।

तुम्हारा स्‍वभाव लोभरिहत हो, और जो तुम्हारे पास है, उसी पर संतोष किया करो; क्योंकि उसने आप ही कहा है, कि मैं तुझे कभी न छोडूंगा, और न कभी तुझे त्यागूंगा। इसलिये हम बेधड़क हो कर कहते हैं, कि प्रभु, मेरा सहायक है; मैं न डरूंगा; मनुष्य मेरा क्या कर सकता है। - इब्रानियों 13:5-6

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 2: 5-11
Philippians 2:5 जैसा मसीह यीशु का स्‍वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्‍वभाव हो।
Philippians 2:6 जिसने परमेश्वर के स्‍वरूप में हो कर भी परमेश्वर के तुल्य होने को अपने वश में रखने की वस्तु न समझा।
Philippians 2:7 वरन अपने आप को ऐसा शून्य कर दिया, और दास का स्‍वरूप धारण किया, और मनुष्य की समानता में हो गया।
Philippians 2:8 और मनुष्य के रूप में प्रगट हो कर अपने आप को दीन किया, और यहां तक आज्ञाकारी रहा, कि मृत्यु, हां, क्रूस की मृत्यु भी सह ली।
Philippians 2:9 इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान भी किया, और उसको वह नाम दिया जो सब नामों में श्रेष्ठ है।
Philippians 2:10 कि जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और जो पृथ्वी के नीचे है; वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें।
Philippians 2:11 और परमेश्वर पिता की महिमा के लिये हर एक जीभ अंगीकार कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 18-19
  • मत्ती 6:1-18



सोमवार, 6 जनवरी 2020

भेंट



      लेखक ओ. हेनरी की विख्यात लघु कथा, “द गिफ्ट ऑफ़ द मैगी” के प्रमुख पात्र – एक युवा दंपत्ति जिम और डेला निर्धन थे, किन्तु उस क्रिसमस के समय वे एक दूसरे को कोई बहुत अनुपम भेंट देना चाहते थे। डेला के बहुत लंबे और सुन्दर बाल थे, और जिम के पास उसके दादा के समय से परिवार में चली आ रही एक घड़ी थी, जिसे कलाई पर बाँधने के लिए जिम के पास उपयुक्त चेन नहीं थी। एक दूसरे को बताए बिना, एक दूसरे को उत्तम भेंट देने के लिए पैसे जुटाने के लिए, डेला ने अपने बाल कटवा कर बेच दिए और जिम के लिए चेन खरीद ली; और जिम ने अपनी घड़ी बेचकर डेला के बालों के लिए सुन्दर तथा महंगे कंघों को खरीद लिया।

      अब उस क्रिसमस की प्रातः उनके पास प्रेम और प्रेम की अभिव्यक्ति के लिए अच्छी भेंट तो थीं, किन्तु उन भेंटों की उपयोगिता नहीं थी। परन्तु उनके इस प्रेम भाव ने उन्हें भेंट देने वालों में सबसे उत्तम बना दिया था।

      परमेश्वर के वचन बाइबल के प्रभु यीशु के जन्म की घटनाओं में हम कुछ लोगों (मैगी) को देखते हैं जो बहुमूल्य भेंटें, सोना, मुर्र, और लोबान, लेकर संसार के उद्धारकर्ता प्रभु यीशु के जन्म के समय उसके दर्शन के लिए आए थे (मत्ती 2:11)। ये लोग यहूदी नहीं थे; ये बाहरी, या अन्यजाति थे, और उन्हें इस बात का आभास भी नहीं था कि यरूशलेम आकर नए जन्मे हुए यहूदियों के राजा के विषय पूछताछ करने के द्वारा वे वहाँ पर कितनी उथल-पुथल मचा देंगे (पद 2)।

      जैसा कि जिम और डेला की योजनाओं के साथ हुआ, उन मैगी की योजनाएं भी अपेक्षा के अनुसार नहीं रहीं। परन्तु उन्होंने भी वह दिया जो धन से कभी खरीदा नहीं जा सकता है; वे भौतिक भेंटों के साथ तो आए थे, परन्तु उन्होंने प्रभु यीशु को आराधना भी चढ़ाई; उस प्रभु को जो अपने आप को संसार के सभी लोगों के लिए, उनमें लाए गए विश्वास द्वारा पापों की क्षमा तथा उद्धार को भेंट स्वरूप देने के लिए आया था। प्रभु परमेश्वर की यह भेंट समस्त संसार के सभी लोगों के लिए है; बस उसे स्वेच्छा से ग्रहण करने की आवश्यकता है। - मार्ट डीहान

परमेश्वर के अनुग्रह की भेंट अमूल्य है।

क्योंकि विश्वास के द्वारा अनुग्रह ही से तुम्हारा उद्धार हुआ है, और यह तुम्हारी ओर से नहीं, वरन परमेश्वर का दान है। और न कर्मों के कारण, ऐसा न हो कि कोई घमण्‍ड करे। - इफिसियों 2:8-9

बाइबल पाठ: मत्ती 2:1-12
Matthew 2:1 हेरोदेस राजा के दिनों में जब यहूदिया के बैतलहम में यीशु का जन्म हुआ, तो देखो, पूर्व से कई ज्योतिषी यरूशलेम में आकर पूछने लगे।
Matthew 2:2 कि यहूदियों का राजा जिस का जन्म हुआ है, कहां है? क्योंकि हम ने पूर्व में उसका तारा देखा है और उसको प्रणाम करने आए हैं।
Matthew 2:3 यह सुनकर हेरोदेस राजा और उसके साथ सारा यरूशलेम घबरा गया।
Matthew 2:4 और उसने लोगों के सब महायाजकों और शास्‍त्रियों को इकट्ठे कर के उन से पूछा, कि मसीह का जन्म कहाँ होना चाहिए?
Matthew 2:5 उन्होंने उस से कहा, यहूदिया के बैतलहम में; क्योंकि भविष्यद्वक्ता के द्वारा यों लिखा है।
Matthew 2:6 कि हे बैतलहम, जो यहूदा के देश में है, तू किसी रीति से यहूदा के अधिकारियों में सब से छोटा नहीं; क्योंकि तुझ में से एक अधिपति निकलेगा, जो मेरी प्रजा इस्राएल की रखवाली करेगा।
Matthew 2:7 तब हेरोदेस ने ज्योतिषियों को चुपके से बुलाकर उन से पूछा, कि तारा ठीक किस समय दिखाई दिया था।
Matthew 2:8 और उसने यह कहकर उन्हें बैतलहम भेजा, कि जा कर उस बालक के विषय में ठीक ठीक मालूम करो और जब वह मिल जाए तो मुझे समाचार दो ताकि मैं भी आकर उसको प्रणाम करूं।
Matthew 2:9 वे राजा की बात सुनकर चले गए, और देखो, जो तारा उन्होंने पूर्व में देखा था, वह उन के आगे आगे चला, और जंहा बालक था, उस जगह के ऊपर पंहुचकर ठहर गया।
Matthew 2:10 उस तारे को देखकर वे अति आनन्‍दित हुए।
Matthew 2:11 और उस घर में पहुंचकर उस बालक को उस की माता मरियम के साथ देखा, और मुंह के बल गिरकर उसे प्रणाम किया; और अपना अपना यैला खोल कर उसे सोना, और लोहबान, और गन्‍धरस की भेंट चढ़ाई।
Matthew 2:12 और स्‍वप्‍न में यह चितौनी पाकर कि हेरोदेस के पास फिर न जाना, वे दूसरे मार्ग से हो कर अपने देश को चले गए।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 16-17
  • मत्ती 5:27-48



रविवार, 5 जनवरी 2020

अनुग्रह



      मेरे पिता के पुराने और घिसे हुए जूते, जिन्हें वे घुड़सवारी करते समय पहना करते थे, मेरे अध्यययन कक्ष में रखे हुए हैं, और मुझे स्मरण करवाते रहते हैं कि वो कैसे व्यक्ति थे। अन्य कार्यों एवं बातों के अतिरिक्त, वे घोड़ों को पालते और प्रशिक्षित करते थे – ऐसे घोड़ों को जो द्रुत गति से दौड़ते थे। मुझे उन्हें यह करते देखना अच्छा लगता था, और मैं अचरज किया करता था कि वे घोड़े पर सवार कैसे रहने पाते हैं। लड़कपन से ही मैं चाहता था कि मैं भी उनके समान बनूँ। अब मैं अपनी आयु के अस्सीवें दशक में हूँ, परन्तु आज भी उनके वे जूते भर पाना मेरे लिए कठिन है।

      मेरे पिता अब स्वर्ग में हैं, किन्तु मेरे एक और भी पिता हैं जिनका अनुसरण मुझे करना है – मेरे स्वर्गीय परमेश्वर पिता। मैं उनके समान भी होना चाहता हूँ – उनके समान भला और उनके प्रेम की सुगंध को लोगों में फैलाने वाला। मैं आज भी परमेश्वर पिता के समान न तो हूँ और न ही कभी होने पाऊँगा; मैं कभी प्रभु परमेश्वर के ‘जूते’ भर पाने के लायक भी नहीं हो सकता हूँ।

      परन्तु परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पतरस ने हमें आश्वस्त किया है कि हमारा परमेश्वर पिता स्वयं ही हमें अपने योग्य और अनुरूप बनाएगा; उस ही में यह कर पाने की बुद्धिमता और सामर्थ्य है “अब परमेश्वर जो सारे अनुग्रह का दाता है, जिसने तुम्हें मसीह में अपनी अनन्त महिमा के लिये बुलाया, तुम्हारे थोड़ी देर तक दुख उठाने के बाद आप ही तुम्हें सिद्ध और स्थिर और बलवन्‍त करेगा। उसी का साम्राज्य युगानुयुग रहे” (1 पतरस 5:10-11)।

      हमारा अपने स्वर्गीय पिता के समरूप न होना सदा ही बना नहीं रहेगा। परमेश्वर पिता ने हमें अपने चरित्र की मनोहरता का भागी होने के लिए बुलाया है। हम अपने पार्थिव जीवन में उसे भली-भांति प्रतिबिंबित करने नहीं पाते हैं, परन्तु स्वर्ग में, हमारे पाप और दुःख नहीं रहेंगे, और तब हमें उसे पूर्ण रीति से प्रतिबिंबित करने पाएंगे। यही हमारे लिए परमेश्वर का अनुग्रह है। - डेविड एच. रोपर

प्रभु यीशु के क्रूस में होकर मसीही विश्वासी परमेश्वर की दृष्टि में सिद्ध ठहरते हैं।

पर जैसा तुम्हारा बुलाने वाला पवित्र है, वैसे ही तुम भी अपने सारे चाल चलन में पवित्र बनो। क्योंकि लिखा है, कि पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूं। - 1 पतरस 1:15-16

बाइबल पाठ: 1 पतरस 5:8-12
1 Peter 5:8 सचेत हो, और जागते रहो, क्योंकि तुम्हारा विरोधी शैतान गर्जने वाले सिंह के समान इस खोज में रहता है, कि किस को फाड़ खाए।
1 Peter 5:9 विश्वास में दृढ़ हो कर, और यह जान कर उसका साम्हना करो, कि तुम्हारे भाई जो संसार में हैं, ऐसे ही दुख भुगत रहे हैं।
1 Peter 5:10 अब परमेश्वर जो सारे अनुग्रह का दाता है, जिसने तुम्हें मसीह में अपनी अनन्त महिमा के लिये बुलाया, तुम्हारे थोड़ी देर तक दुख उठाने के बाद आप ही तुम्हें सिद्ध और स्थिर और बलवन्‍त करेगा।
1 Peter 5:11 उसी का साम्राज्य युगानुयुग रहे। आमीन।
1 Peter 5:12 मैं ने सिलवानुस के हाथ, जिसे मैं विश्वासयोग्य भाई समझता हूं, संक्षेप में लिख कर तुम्हें समझाया है और यह गवाही दी है कि परमेश्वर का सच्चा अनुग्रह यही है, इसी में स्थिर रहो।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 13-15
  • मत्ती 5:1-26



शनिवार, 4 जनवरी 2020

भरोसा


      बॉस्टन ग्लोब में लिखने वाले एक लेखक, जेफ़ जेकोबी ने लिखा, “विशेषज्ञों में एक विलक्षण प्रतिभा होती है, बातों का बिलकुल भयावह रूप से गलत और अपेक्षा के बिलकुल विपरीत आँकलन एवं अनुमान प्रदान करने की।” इतिहास पर एक झलक डालने से हम  पाते हैं कि उसका कहना बिलकुल सही है। उदाहरण के लिए, महान अविष्कारक थॉमस एडिसन ने एक बार कहा था कि बोलने वाली फ़िल्में कभी भी मूक फिल्मों का स्थान नहीं लेने पाएंगी। हेनरी फोर्ड ने 1928 में घोषणा करी कि “लोग अब इतने समझदार हो चले हैं कि अब फिर कभी कोई और युद्ध नहीं होगा।” अनेकों विशेषज्ञों द्वारा की गयी ऐसी ही अनेकों गलत भविष्यवाणियाँ जेफ़ की कही गई बात का प्रमाण हैं। स्पष्ट है कि प्रतिभा और बुद्धिमता की भी अपनी ही सीमाएं होती हैं।

      केवल एक ही है जिस पर पूरा भरोसा किया जा सकता है, जिसकी कोई बात कभी गलत प्रमाणित नहीं हुई है, और ‘विशेषज्ञ’ कहलाए जाने वालों के लिए वह कुछ कठोर शब्द कहता है। परमेश्वर के वचन बाइबल से हम देखते हैं कि प्रभु यीशु मसीह के पृथ्वी के दिनों के धार्मिक अगुवे सत्य की पहचान रखने का दावा करते थे। वे धर्मशास्त्री और विद्वान समझते थे कि जब प्रतिज्ञा किया हुआ मसीहा आएगा तो वह कैसा होगा, इसका उन्हें अच्छे से पता है। परन्तु उन्होंने प्रभु यीशु मसीह को, प्रभु के द्वारा दिए गए समस्त प्रमाणों और स्पष्टीकरणों के बावजूद न तो पहचाना और न ही उस पर विश्वास किया।

      प्रभु यीशु ने उन्हें सचेत किया, “तुम पवित्र शास्त्र में ढूंढ़ते हो, क्योंकि समझते हो कि उस में अनन्त जीवन तुम्हें मिलता है, और यह वही है, जो मेरी गवाही देता है। फिर भी तुम जीवन पाने के लिये मेरे पास आना नहीं चाहते” (यूहन्ना 5:39-40)।

      इस नए वर्ष के आरंभ होने पर हम इस वर्ष के लिए अनेकों भविष्यवाणियाँ सुनेंगे और पढ़ेंगे, कुछ बहुत ही भयावह होंगी तो कुछ अत्याधिक सुखद और आशावान; और इन सभी को बड़े भरोसे और अधिकार के साथ बताया जाएगा। इन्हें सुनकर न तो चिंतित या निराश हों और न ही लापरवाह। हम मसीही विश्वासियों का भरोसा मनुष्यों की बातों पर नहीं वरन उस पर है जिसने सृष्टि को रचा है और जो उसका नियंत्रण एवं संचालन करता है – प्रभु यीशु मसीह पर। प्रभु परमेश्वर के वचन पर दृढ़ और स्थिर बने रहें, उस पर पूर्ण भरोसा बनाए रखें, क्योंकि हम मसीही विश्वासियों के जीवनों और भविष्य को निर्धारित एवं संचालित करने वाला हमारा प्रभु ही है। - टिम गुस्ताफ्सन

भविष्य को जानना अनिश्चित है; 
अपने लिए निश्चित कर लें कि आप उसे जानते हैं जिसके हाथ में भविष्य है।

पर तुम चौकस रहो: देखो, मैं [प्रभु यीशु] ने तुम्हें सब बातें पहिले ही से कह दी हैं। - मरकुस 13:23

बाइबल पाठ: यूहन्ना 5:31-40
John 5:31 यदि मैं आप ही अपनी गवाही दूं; तो मेरी गवाही सच्ची नहीं।
John 5:32 एक और है जो मेरी गवाही देता है, और मैं जानता हूँ कि मेरी जो गवाही देता है वह सच्ची है।
John 5:33 तुम ने यूहन्ना से पुछवाया और उसने सच्चाई की गवाही दी है।
John 5:34 परन्तु मैं अपने विषय में मनुष्य की गवाही नहीं चाहता; तौभी मैं ये बातें इसलिये कहता हूं, कि तुम्हें उद्धार मिले।
John 5:35 वह तो जलता और चमकता हुआ दीपक था; और तुम्हें कुछ देर तक उस की ज्योति में, मगन होना अच्छा लगा।
John 5:36 परन्तु मेरे पास जो गवाही है वह यूहन्ना की गवाही से बड़ी है: क्योंकि जो काम पिता ने मुझे पूरा करने को सौंपा है अर्थात यही काम जो मैं करता हूं, वे मेरे गवाह हैं, कि पिता ने मुझे भेजा है।
John 5:37 और पिता जिसने मुझे भेजा है, उसी ने मेरी गवाही दी है: तुम ने न कभी उसका शब्द सुना, और न उसका रूप देखा है।
John 5:38 और उसके वचन को मन में स्थिर नहीं रखते क्योंकि जिसे उसने भेजा उस की प्रतीति नहीं करते।
John 5:39 तुम पवित्र शास्त्र में ढूंढ़ते हो, क्योंकि समझते हो कि उस में अनन्त जीवन तुम्हें मिलता है, और यह वही है, जो मेरी गवाही देता है।
John 5:40 फिर भी तुम जीवन पाने के लिये मेरे पास आना नहीं चाहते।

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 10-12 
  • मत्ती 4

शुक्रवार, 3 जनवरी 2020

महिमा



      यूरोप घूमने का एक आनन्द है वहाँ स्थित उन भव्य और विशाल चर्च भवनों (कैथीड्रल्स) को देख पाना जो वहाँ के अनेकों स्थानों पर बने हुए हैं। वे भवन बहुत सुन्दर हैं और ऊँचें हैं। उनकी वस्तुकला, उनके अंदर बनी कलाकृतियाँ, और उन सब में पाई जाने वाली प्रतीकात्मकता एक भव्य तथा चम्तकारिक अनुभव प्रदान करती है।

      मैं जब यह सोच रहा था कि इन भवनों को परमेश्वर की महिमा और कल्पना से भी परे उसके वैभव की अनुभूति देने के लिए बनाया गया था, तब साथ ही मेरे मन में यह विचार भी आया कि हम अपने हृदय और मस्तिष्क में परमेश्वर की इस महान महिमा और वैभव को कैसे सजीव रख सकते हैं जिससे हमें बारंबार उसकी महानता का एहसास होता रहे।

      ऐसा करने का एक तरीका हो सकता मानव-निर्मित भव्य रचनाओं से दृष्टि ऊपर उठा कर परमेश्वर की रचना की महानता पर विचार करें। सितारों से भारे रात के आकाश को देखने से ही परमेश्वर की उस सामर्थ्य का एहसास होने लगता है जिसके द्वारा उसने कहा और यह सब हो गया। एक नवजात शिशु को अपने हाथों में लें और और जीवन के आश्चर्यकर्म के लिए परमेश्वर का धन्यवाद करें। बर्फ से ढके ऊंचे पहाड़ों और विशाल महासागरों तथा उनमें रहने वाले असंख्य परमेश्वर द्वारा रचे गए जीवों के बारे में विचार करें, और उस सामर्थ्य की कल्पना करने का प्रयास करें जो इन सब को संभव तथा परस्पर ताल-मेल के साथ बनाए रखने तथा चलाने के लिए आवश्यक है।

      परमेश्वर की ओर संकेत करने वाली भव्य गगन-चुंबी इमारतें बनाने में मनुष्यों ने कुछ गलत नहीं किया है। परन्तु हमारी सबसे सच्ची सराहना और प्रशंसा परमेश्वर के वचन के इस पद, “हे यहोवा! महिमा, पराक्रम, शोभा, सामर्थ्य और वैभव, तेरा ही है; क्योंकि आकाश और पृथ्वी में जो कुछ है, वह तेरा ही है; हे यहोवा! राज्य तेरा है, और तू सभों के ऊपर मुख्य और महान ठहरा है” (1 इतिहास 29:11) के अनुसार, परमेश्वर ही के लिए होनी चाहिए। - डेव ब्रैनन

केवल परमेश्वर ही हमारी आराधना के योग्य है।

आकाश ईश्वर की महिमा वर्णन कर रहा है; और आकशमण्डल उसकी हस्तकला को प्रगट कर रहा है। - भजन 19:1

बाइबल पाठ: 1 इतिहास 29:10-13

1 Chronicles 29:10 तब दाऊद ने सारी सभा के सम्मुख यहोवा का धन्यवाद किया, और दाऊद ने कहा, हे यहोवा! हे हमारे मूल पुरुष इस्राएल के परमेश्वर! अनादिकाल से अनन्तकाल तक तू धन्य है।
1 Chronicles 29:11 हे यहोवा! महिमा, पराक्रम, शोभा, सामर्थ्य और वैभव, तेरा ही है; क्योंकि आकाश और पृथ्वी में जो कुछ है, वह तेरा ही है; हे यहोवा! राज्य तेरा है, और तू सभों के ऊपर मुख्य और महान ठहरा है।
1 Chronicles 29:12 धन और महिमा तेरी ओर से मिलती हैं, और तू सभों के ऊपर प्रभुता करता है। सामर्थ्य और पराक्रम तेरे ही हाथ में हैं, और सब लोगों को बढ़ाना और बल देना तेरे हाथ में है।
1 Chronicles 29:13 इसलिये अब हे हमारे परमेश्वर! हम तेरा धन्यवाद और तेरे महिमायुक्त नाम की स्तुति करते हैं।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 7-9
  • मत्ती 3