ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 15 जनवरी 2021

लालसा

 

          मेरे पिता का जीवन लालसा से भरा जीवन था। उनकी लालसा थी कि वे संपूर्ण हो जाएँ; पार्किन्सन की बीमारी उनके मस्तिष्क और शरीर को धीरे-धीरे और भी अपांग करती चली जा रही थी। उन्हें शान्ति की लालसा रहती थी; परन्तु उन्हें गहन निराशा की पीड़ाओं को झेलना पड़ता था। उनकी बहुत लालसा थी कि वे किसी के साथ का, तथा प्रेम और दुलार का अनुभव करें; परन्तु अकसर अपने आप को बिलकुल अकेला ही अनुभव करते थे।

          जब वे परमेश्वर के वचन बाइबल में से भजन 42 को पढ़ते थे, जो उनका मनपसंद भजन था, तब वे अपने आप को उतना अकेला अनुभव नहीं करते थे। मेरे पिता के समान ही, भजनकार को भी चंगाई की गहन लालसा और प्यास थी (पद 1, 2)। मेरे पिता के समान ही भजनकार भी ऐसी उदासी का अनुभव रखता था जो कभी गई ही नहीं (पद 3), जिसके कारण भरपूर आनन्द का जीवन एक बहुत दूर की याद लगता था (पद 6)। जैसे मेरे पिता को लगता था, कि गड़बड़ी और पीड़ा की लहरें उन्हें डुबा दे रही हैं (पद 7), वैसे ही भजनकार को भी लगा कि परमेश्वर ने उसे त्याग दिया है, और मेरे पिता के समान ही उसने भी प्रश्न किया “क्यों?” (पद 9)।

          और भजन 42 के शब्द उन्हें ढाढ़स और सांत्वना देते थे कि वे अकेले नहीं हैं, तब मेरे पिता को लगता था कि उनकी पीड़ा के साथ ही उनके अन्दर एक शान्ति भी है। उन्हें एक कोमल आवाज़ अनुभव होती थी, जो उन्हें घेरे हुए है, जो उन से कह रही है कि चाहे अभी उनके पास इन बातों के कोई उत्तर नहीं हैं, यद्यपि इन परेशानियों की लहरी अभी भी उन पर प्रहार करती हैं, किन्तु प्रभु परमेश्वर उन से बहुत प्रेम करता है, उनके साथ हमेशा बना रहता है (पद 8)।

          और रात के बेचैनी में, परमेश्वर के प्रेम गीत, भजन 42 के शब्द, उन्हें शान्ति देते थे; उन्हें उस आने वाली आशा, प्रेम, और आनन्द की धैर्य के साथ प्रतीक्षा करने, और उस प्रातः की बाट जोहने को उभारते थे जब अन्ततः उनकी सभी लालसाएँ पूरी हो जाएँगी (पद 5, 11)। - मोनिका ब्रैंड्स

 

प्रातः की प्रतीक्षा करते समय, हम परमेश्वर के प्रेम गीत में आश्वस्त और शांत रह सकते हैं।


फिर मैं ने सिंहासन में से किसी को ऊंचे शब्द से यह कहते सुना, कि देख, परमेश्वर का डेरा मनुष्यों के बीच में है; वह उन के साथ डेरा करेगा, और वे उसके लोग होंगे, और परमेश्वर आप उन के साथ रहेगा; और उन का परमेश्वर होगा। और वह उन की आंखों से सब आंसू पोंछ डालेगा; और इस के बाद मृत्यु न रहेगी, और न शोक, न विलाप, न पीड़ा रहेगी; पहिली बातें जाती रहीं। - प्रकाशितवाक्य 21:3-4

बाइबल पाठ: भजन 42:1-11

भजन संहिता 42:1 जैसे हरिणी नदी के जल के लिये हांफती है, वैसे ही, हे परमेश्वर, मैं तेरे लिये हांफता हूं।

भजन संहिता 42:2 जीवते ईश्वर परमेश्वर का मैं प्यासा हूं, मैं कब जा कर परमेश्वर को अपना मुंह दिखाऊंगा?

भजन संहिता 42:3 मेरे आंसू दिन और रात मेरा आहार हुए हैं; और लोग दिन भर मुझ से कहते रहते हैं, तेरा परमेश्वर कहां है?

भजन संहिता 42:4 मैं भीड़ के संग जाया करता था, मैं जयजयकार और धन्यवाद के साथ उत्सव करने वाली भीड़ के बीच में परमेश्वर के भवन को धीरे धीरे जाया करता था; यह स्मरण कर के मेरा प्राण शोकित हो जाता है।

भजन संहिता 42:5 हे मेरे प्राण, तू क्यों गिरा जाता है? और तू अन्दर ही अन्दर क्यों व्याकुल है? परमेश्वर पर आशा लगाए रह; क्योंकि मैं उसके दर्शन से उद्धार पाकर फिर उसका धन्यवाद करूंगा।

भजन संहिता 42:6 हे मेरे परमेश्वर; मेरा प्राण मेरे भीतर गिरा जाता है, इसलिये मैं यर्दन के पास के देश से और हर्मोन के पहाड़ों और मिसगार की पहाड़ी के ऊपर से तुझे स्मरण करता हूं।

भजन संहिता 42:7 तेरी जलधाराओं का शब्द सुनकर जल, जल को पुकारता है; तेरी सारी तरंगों और लहरों में मैं डूब गया हूं।

भजन संहिता 42:8 तौभी दिन को यहोवा अपनी शक्ति और करुणा प्रगट करेगा; और रात को भी मैं उसका गीत गाऊंगा, और अपने जीवन दाता ईश्वर से प्रार्थना करूंगा।

भजन संहिता 42:9 मैं ईश्वर से जो मेरी चट्टान है कहूंगा, तू मुझे क्यों भूल गया? मैं शत्रु के अन्धेर के मारे क्यों शोक का पहिरावा पहने हुए चलता फिरता हूं?

भजन संहिता 42:10 मेरे सताने वाले जो मेरी निन्दा करते हैं मानो उस में मेरी हड्डियां चूर चूर होती हैं, मानो कटार से छिदी जाती हैं, क्योंकि वे दिन भर मुझ से कहते रहते हैं, तेरा परमेश्वर कहां है?

भजन संहिता 42:11 हे मेरे प्राण तू क्यों गिरा जाता है? तू अन्दर ही अन्दर क्यों व्याकुल है? परमेश्वर पर भरोसा रख; क्योंकि वह मेरे मुख की चमक और मेरा परमेश्वर है, मैं फिर उसका धन्यवाद करूंगा।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 36-38
  • मत्ती 10:21-42

गुरुवार, 14 जनवरी 2021

विश्वास

 

          विश्वास के बारे में सीखने के लिए पाठ, अनपेक्षित स्थानों से आ सकते हैं – जैसा कि मैंने अपन पालतू कुत्ते, बेयर, से एक पाठ सीखा। बेयर का पानी पीने का बड़ा सा कटोरा, हमारे रसोई के एक कोने में रखा रहता है। जब भी वह कटोरा खाली हो जाता है, तो बेयर न तो उस पर पंजे मार कर शोर करता है, और न ही वहाँ पर जाकर भौंकता है। वह बस शांत होकर उस कटोरे के पास बैठ जाता है। उसे भरोसा है कि मैं वहाँ आऊँगा, उस खाली कटोरे को देखूँगा और उसमें पानी भर दूँगा। कभी-कभी उसे इसके लिए कई मिनिट तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, परन्तु बेयर ने सीख लिया है कि देर-सवेर मैं अन्दर आऊँगा, उसे वहाँ बैठा हुआ देखूँगा, और उसकी आवश्यकता की पूर्ति कर दूँगा। मुझ में उसके इस साधारण से भरोसे ने मुझे परमेश्वर में और अधिक भरोसा रखना सिखाया है।

          परमेश्वर के वचन बाइबल में लिखा है कि “और विश्वास बिना उसे प्रसन्न करना अनहोना है, क्योंकि परमेश्वर के पास आने वाले को विश्वास करना चाहिए, कि वह है; और अपने खोजने वालों को प्रतिफल देता है” (इब्रानियों 11:6)। जितने भी परमेश्वर के पास मसीह यीशु में लाए गए व्यक्तिगत विश्वास के द्वारा आते हैं, परमेश्वर उनके लिए अपनी सभी प्रतिज्ञाओं को पूरा करने में विश्वासयोग्य है।

          कभी-कभी, ‘अनदेखी वस्तुओं में विश्वास रखना कठिन होता है। परन्तु हम परमेश्वर की भलाई तथा उसके प्रेमी स्वभाव पर, उसकी बुद्धिमत्ता की हर बात के लिए सिद्ध और सर्वोत्तम  होने पर, भरोसा रख सकते हैं – चाहे हमें कुछ समय तक उसकी कार्यवाही होने की प्रतीक्षा ही क्यों न करनी पड़े। वह सदा ही अपनी कही बात को पूरा करने में विश्वासयोग्य रहता है कि वह हमारी अनन्त आत्माओं को बचाएगा और हमारी सभी आवश्यकताओं को पूरा करेगा, अभी और हमेशा। इसलिए हम विश्वास के साथ उसके पास आएँ और पूरे भरोसे के साथ उसके साथ चलें। - जेम्स बैंक्स

 

कल की चिंता न करें – परमेश्वर वहाँ अभी से विद्यमान है।


और मेरा परमेश्वर भी अपने उस धन के अनुसार जो महिमा सहित मसीह यीशु में है तुम्हारी हर एक घटी को पूरी करेगा। - फिलिप्पियों 4:19

बाइबल पाठ: इब्रानियों 11:1-6

इब्रानियों 11:1 अब विश्वास आशा की हुई वस्तुओं का निश्चय, और अनदेखी वस्तुओं का प्रमाण है।

इब्रानियों 11:2 क्योंकि इसी के विषय में प्राचीनों की अच्छी गवाही दी गई।

इब्रानियों 11:3 विश्वास ही से हम जान जाते हैं, कि सारी सृष्टि की रचना परमेश्वर के वचन के द्वारा हुई है। यह नहीं, कि जो कुछ देखने में आता है, वह देखी हुई वस्तुओं से बना हो।

इब्रानियों 11:4 विश्वास ही से हाबिल ने कैन से उत्तम बलिदान परमेश्वर के लिये चढ़ाया; और उसी के द्वारा उसके धर्मी होने की गवाही भी दी गई: क्योंकि परमेश्वर ने उस की भेंटों के विषय में गवाही दी; और उसी के द्वारा वह मरने पर भी अब तक बातें करता है।

इब्रानियों 11:5 विश्वास ही से हनोक उठा लिया गया, कि मृत्यु को न देखे, और उसका पता नहीं मिला; क्योंकि परमेश्वर ने उसे उठा लिया था, और उसके उठाए जाने से पहिले उस की यह गवाही दी गई थी, कि उसने परमेश्वर को प्रसन्न किया है।

इब्रानियों 11:6 और विश्वास बिना उसे प्रसन्न करना अनहोना है, क्योंकि परमेश्वर के पास आने वाले को विश्वास करना चाहिए, कि वह है; और अपने खोजने वालों को प्रतिफल देता है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 33-35
  • मत्ती 10:1-20

बुधवार, 13 जनवरी 2021

संबंध

 

          जब मेरे भाई ने मुझे क्रेफिश (एक प्रकार की झींगा मछली) पकड़ने के लिए उसके साथ चलने का निमंत्रण दिया, तो मैं बहुत उत्तेजित हुई। जब उसने मुझे एक प्लास्टिक की बाल्टी पकड़ाई, तो मैंने विस्मय से उससे पूछा, “इसपर कोई ढक्कन नहीं है?” उसने कहा, “उसकी ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी” और हम मछली पकड़ने के लिए आवश्यक अन्य सामान उठा कर चल दिए। बाद में, जब हम कई क्रेफिश पकड़ चुके, तो मैं लगभग भरी हुई बाल्टी में से उनके बाहर निकलने के व्यर्थ प्रयासों को देख रही थी, और मुझे समझ में आ गया कि क्यों बाल्टी के ढक्कन की आवश्यकता नहीं थी। जैसे ही कोई क्रेफिश थोड़ा सा ऊपर, बाल्टी के किनारे की ओर बढ़ती, कोई दूसरी उसे पकड़ कर वापस अन्दर खींच लेती।

          उन क्रेफिश के परस्पर व्यवहार से मुझे शिक्षा मिली कि अपनी ही उन्नति के प्रयास में औरों को नीचे खींचना कितना हानिकारक होता है। यदि हम अपने समाज और समुदाय के हित के लिए नहीं, वरन उनकी कीमत पर अपने ही स्वार्थ के लिए कार्य करते हैं, तो न हम और न ही वो बढ़ने पाते हैं। परमेश्वर के वचन बाइबल में पौलुस ने एक दूसरे को उभारने वाली संगति और संबंधों के महत्व के बारे में थिस्सलुनीके के मसीही विश्वासियों को लिखा। उसने उन से आग्रह किया, और हे भाइयों, हम तुम्हें समझाते हैं, कि जो ठीक चाल नहीं चलते, उन को समझाओ, कायरों को ढाढ़स दो, निर्बलों को संभालो, सब की ओर सहनशीलता दिखाओ” (1 थिस्स्लुनीकियों 5:14)।

          उसने उनके परस्पर देखभाल करने वाले समुदाय की सराहना करते हुए (पद 11) उन्हें और भी अधिक प्रेम और शान्ति से परिपूर्ण संबंधों को बनाने और बढ़ाने के लिए कहा (पद 13-15)। औरों के साथ कृपा, क्षमा, करुणा के संबंधों को बनाए रखने के प्रयासों से, उनके आपस के तथा परमेश्वर के साथ सही संबंधों में बढ़ोतरी होगी, दृढ़ता आएगी (पद 15, 23)।

          इस प्रकार की प्रेम पूर्ण एकता के द्वारा चर्च उन्नति करता है और मसीह का गवाह ठहरता है। जब मसीही विश्वासी परमेश्वर का आदर करते हैं, औरों को नीचे खींचने के स्थान पर, अपने शब्दों तथा कार्यों के द्वारा उनकी उन्नति होने में सहयोग देते हैं, तब हम और हमारे समुदाय, हमारे समाज का विकास होता है। - सोहचील डिक्सन

 

मसीह के समान औरों की सहायता और उन्नति में सहयोगी बनें।


विरोध या झूठी बड़ाई के लिये कुछ न करो पर दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो। हर एक अपनी ही हित की नहीं, वरन दूसरों की हित की भी चिन्ता करे। - फिलिप्पियों 2:3-4

बाइबल पाठ: 1 थिस्सलुनीकियों 5:11-18

 1 थिस्स्लुनीकियों 5:11 इस कारण एक दूसरे को शान्ति दो, और एक दूसरे की उन्नति के कारण बनो, निदान, तुम ऐसा करते भी हो।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:12 और हे भाइयों, हम तुम से बिनती करते हैं, कि जो तुम में परिश्रम करते हैं, और प्रभु में तुम्हारे अगुवे हैं, और तुम्हें शिक्षा देते हैं, उन्हें मानो।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:13 और उन के काम के कारण प्रेम के साथ उन को बहुत ही आदर के योग्य समझो: आपस में मेल-मिलाप से रहो।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:14 और हे भाइयों, हम तुम्हें समझाते हैं, कि जो ठीक चाल नहीं चलते, उन को समझाओ, कायरों को ढाढ़स दो, निर्बलों को संभालो, सब की ओर सहनशीलता दिखाओ।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:15 सावधान! कोई किसी से बुराई के बदले बुराई न करे; पर सदा भलाई करने पर तत्पर रहो आपस में और सब से भी भलाई ही की चेष्टा करो।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:16 सदा आनन्दित रहो।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:17 निरन्तर प्रार्थना में लगे रहो।

1 थिस्स्लुनीकियों 5:18 हर बात में धन्यवाद करो: क्योंकि तुम्हारे लिये मसीह यीशु में परमेश्वर की यही इच्छा है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 31-32
  • मत्ती 9:18-38

मंगलवार, 12 जनवरी 2021

करो

 

          स्कूल जाने के लिए मेरी बेटी समय से कुछ पहले ही तैयार हो गई, इसलिए उसने सुझाया कि हम रास्ते में पड़ने वाली कॉफ़ी की दुकान पर रुकते हुए जाएंगे; मैंने मान लिया। जब हम उस दुकान पर पहुँचे, तो मैंने उससे पूछा कि क्या हम थोड़ी सी खुशी भी बाँट दें, और उसने मान लिया। हमने कॉफ़ी का अपना ऑर्डर दिया, और भुगतान करने वाली पंक्ति में पैसे लेने वाली महिला से कहा कि हमारे पीछे वाली महिला की कॉफ़ी के ऑर्डर का भुगतान भी हम ही से ले ले। मेरी बेटी के चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान थी।

          जीवन की बड़ी-बड़ी बातों में एक कप कॉफ़ी की कीमत कोई विशेष बात नहीं है; या फिर है? मैं सोचता हूँ कि क्या यह परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रभु यीशु द्वारा औरों के लिए करने की कही गई बात को निभाने का एक तरीका हो सकता है? इससे जुड़ा एक विचार आपके सामने रखता हूँ, चुकाने के लिए किसी पंक्ति में खड़े हुए अपने से अगले या पिछले व्यक्ति के लिए कुछ सहायता कर देने की बात आपको कैसी लगती है? चाहे वह एक कप कॉफ़ी हो या कुछ और अधिक, अथवा उससे भी कम। प्रभु ने जब औरों के लिए करने को कहा है, तो उसने हमें दूसरों की सहायता करने की मात्रा की स्वतंत्रता भी  दे दी है।

          जब मैं और मेरी बेटी, उस कॉफ़ी की दुकान से बाहर जा रहे थे तो हमने हमारे पीछे खड़ी उस महिला और भुगतान लेने वाली महिला के चेहरों को देखा – उन दोनों ही के चेहरों पर एक बड़ी से मुस्कान थी। - जॉन ब्लेज़

 

जब हम लोगों के लिए करते हैं, हम प्रभु के लिए करते हैं।


जो कोई इन छोटों में से एक को चेला जानकर केवल एक कटोरा ठंडा पानी पिलाए, मैं तुम से सच कहता हूं, वह किसी रीति से अपना प्रतिफल न खोएगा। - मत्ती 10:42

बाइबल पाठ: मत्ती 25:37-40

मत्ती 25:37 तब धर्मी उसको उत्तर देंगे कि हे प्रभु, हम ने कब तुझे भूखा देखा और खिलाया? या प्यासा देखा, और पिलाया?

मत्ती 25:38 हम ने कब तुझे परदेशी देखा और अपने घर में ठहराया या नंगा देखा, और कपड़े पहनाए?

मत्ती 25:39 हम ने कब तुझे बीमार या बन्‍दीगृह में देखा और तुझ से मिलने आए?

मत्ती 25:40 तब राजा उन्हें उत्तर देगा; मैं तुम से सच कहता हूं, कि तुम ने जो मेरे इन छोटे से छोटे भाइयों में से किसी एक के साथ किया, वह मेरे ही साथ किया।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 29-30
  • मत्ती 9:1-17

सोमवार, 11 जनवरी 2021

आयाम

 

          मैं शांत होकर उस मशीन में लगे स्ट्रेचर पर लेटी हुई थी, और जब मुझसे कहा जाता था, मैंने अपनी साँस रोक लेती थी, और वह मेरे चारों ओर मशीन घरघराती हुई घूमने लगती थी। मैं जानती थी के अन्य बहुत से लोगों ने एमआरआई जाँच करवाई है; परन्तु मैं कम स्थान वाली जगहों से बहुत घबराती थी, इसलिए इस अनुभव से होकर निकालने के लिए मुझे किसी अन्य बात पर अपना ध्यान केन्द्रित रखने की आवश्यकता थी – कुछ, या कोई, जो मुझ से बहुत अधिक बड़ा हो।

          मेरे मन में परमेश्वर के वचन बाइबल में से एक वाक्य,सब पवित्र लोगों के साथ भली भांति समझने की शक्ति पाओ; कि उसकी चौड़ाई, और लम्बाई, और ऊंचाई, और गहराई कितनी है” (इफिसियों 3:18) उस मशीन की आवाज़ के साथ साथ गूँज रहा था। पौलुस द्वारा इफिसियों की मण्डली के लिए की गई प्रार्थना में, उसने परमेश्वर के प्रेम और उपस्थिति के अनन्त होने पर बल देने के लिए उसका चार आयामों में वर्णन किया था।

          मेरे एमआरआई के लिए उस मशीन में लेटे होने ने उन आयामों के प्रति मेरी समझ को एक नया स्वरूप प्रदान किया। चौड़ाई: मेरे शरीर के साथ लगा कर बांधी गई मेरी बाँहों और दोनों ओर मेरे और मशीन के मध्य का छः-छः इंच का स्थान। लंबाई: उस मशीन में जिस स्ट्रेचर पर मैं लेटी थी उसके एक से दूसरे छोर तक की दूरी। ऊँचाई: मेरी नाक से लेकर ऊपर की ओर मशीन तक की छः इंच की दूरी। गहराई: मेरे नीचे के फर्श से लेकर उस मशीन में मेरे लेटे होने तक की दूरी। परमेश्वर की उपस्थिति के चार आयाम जो मुझे घेरे हुए और संभाले हुए थे, जिनके सहारे मैं उस एमआरआई मशीन में लेटी हुई थी, तथा जीवन के हर परिस्थिति में बनी हुई थी।

          परमेश्वर का प्रेम हमारे चारों ओर है। चौड़ाई: वह अपनी बाँहों को फैलाता है कि सारे संसार के सभी लोगों तक पहुँच सके। लंबाई: उसके प्रेम का कोई अन्त ही नहीं है। ऊँचाई: वह हमें ऊँचे पर उठाए रहता है। गहराई: वह नीचे झुक कर हमें हर परिस्थिति में सहारा दिए हुए और संभाले रहता है।

          परमेश्वर के प्रेम से हमें कोई अलग नहीं कर सकता है (रोमियों 8:38-39)। - एलिसा मॉर्गन

 

हर परिस्थिति में अपने साथ परमेश्वर के प्रेम और उपस्थिति पर भरोसा रखें।


क्योंकि मैं निश्चय जानता हूं, कि न मृत्यु, न जीवन, न स्वर्गदूत, न प्रधानताएं, न वर्तमान, न भविष्य, न सामर्थ्य, न ऊंचाई, न गहराई और न कोई और सृष्टि, हमें परमेश्वर के प्रेम से, जो हमारे प्रभु मसीह यीशु में है, अलग कर सकेगी। - रोमियों 8:38-39

बाइबल पाठ: इफिसियों 3:16-21

इफिसियों 3:16 कि वह अपनी महिमा के धन के अनुसार तुम्हें यह दान दे, कि तुम उसके आत्मा से अपने भीतरी मनुष्यत्व में सामर्थ्य पाकर बलवन्‍त होते जाओ।

इफिसियों 3:17 और विश्वास के द्वारा मसीह तुम्हारे हृदय में बसे कि तुम प्रेम में जड़ पकड़ कर और नेव डाल कर।

इफिसियों 3:18 सब पवित्र लोगों के साथ भली भांति समझने की शक्ति पाओ; कि उसकी चौड़ाई, और लम्बाई, और ऊंचाई, और गहराई कितनी है।

इफिसियों 3:19 और मसीह के उस प्रेम को जान सको जो ज्ञान से परे है, कि तुम परमेश्वर की सारी भरपूरी तक परिपूर्ण हो जाओ।

इफिसियों 3:20 अब जो ऐसा सामर्थी है, कि हमारी बिनती और समझ से कहीं अधिक काम कर सकता है, उस सामर्थ्य के अनुसार जो हम में कार्य करता है,

इफिसियों 3:21 कलीसिया में, और मसीह यीशु में, उस की महिमा पीढ़ी से पीढ़ी तक युगानुयुग होती रहे। आमीन।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 27-28
  • मत्ती 8:18-34

रविवार, 10 जनवरी 2021

सभी

 

          हमारे चर्च की सभाएं एक पुराने प्राथमिक विद्यालय में होती हैं। सन 1958 में, अफ्रीकी मूल के विद्यार्थियों को भी श्वेत अमरीकी विद्यार्थियों के साथ बैठकर समान शिक्षा पाने का अधिकार रखने के अमेरिका के न्यायालय के आदेश का पालन करने की बजाए स्कूल के प्रबंधकों ने उसे बन्द कर देना अधिक उत्तम समझा। इससे अगले वर्ष वह स्कूल फिर से खोला गया, और उस समय, हमारे चर्च की एक वर्तमान अश्वेत सदस्य, एलवा,उसमें एक अश्वेत विद्यार्थी हुई। एलवा याद करती है, “मुझे अपने सुरक्षित समाज और उन शिक्षकों के पास से जो हमारे जीवन का भाग थे, निकाल कर एक डरावने वातावरण में डाल दिया गया, एक ऐसी कक्षा में जिसमें मेरे अतिरिक्त  केवल एक ही और अश्वेत विद्यार्थी था।” अपने अश्वेत रंग के कारण एलवा को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, परन्तु वह साहस रखने वाली, मसीही विश्वास रखने और क्षमा करने वाली स्त्री बनी।

          उसकी गवाही बहुत गंभीर है, उस सभी बुराई के कारण जो उसे समाज के कुछ ऐसे लोगों के हाथों सहन करनी पड़ी, जो इस सत्य को स्वीकार नहीं करते थे कि परमेश्वर सभी से प्रेम करता है, वे चाहे किसी भी रंग,जाति, स्तर के क्यों न हों।

          परमेश्वर के वचन बाइबल में भी हम देखते हैं कि प्रारंभिक कलीसिया के कुछ सदस्यों को इसी तथ्य के साथ जूझना पड़ा था कि परमेश्वर सभी से समान प्रेम करता है; जबकि उनकी अपनी धारणा थी कि कुछ लोग जन्म से ही परमेश्वर के प्रेम के लिए विशिष्ट होते हैं, परमेश्वर उन्हीं से प्रेम करता है, और शेष सभी को अस्वीकार करता है। किन्तु परमेश्वर से दिव्य-दर्शन पाने के बाद जब पतरस प्रेरित ने यह तथ्य सभी मसीही विश्वासियों को बताया, तो सभी भौंचक्के रह गए। पतरस ने कहा,अब मुझे निश्चय हुआ, कि परमेश्वर किसी का पक्ष नहीं करता, वरन हर जाति में जो उस से डरता और धर्म के काम करता है, वह उसे भाता है” (प्रेरितों 10:35 )।

          परमेश्वर ने अपने प्रेम को संसार के सभी लोगों को बिना किसी भेदभाव के प्रदान करने के लिए अपनी बाहें कलवरी के क्रूस पर फैला दीं। हमें भी उसी के समान, बिना किसी भी प्रकार के भेदभाव के, सभी से प्रेम करना है। - विन्न कोलियर

 

हम में लोगों को दूर धकेल देने की प्रवृत्ति हो सकती है; 

परन्तु परमेश्वर का प्रेम सभी के लिए सदैव उपलब्ध रहता है।


और मन के जांचने वाले परमेश्वर ने उन को भी हमारे समान पवित्र आत्मा देकर उन की गवाही दी। और विश्वास के द्वारा उन के मन शुद्ध कर के हम में और उन में कुछ भेद न रखा। - प्रेरितों 15:8-9

बाइबल पाठ: प्रेरितों 10:34-38

प्रेरितों के काम 10:34 तब पतरस ने मुंह खोल कर कहा;

प्रेरितों के काम 10:35 अब मुझे निश्चय हुआ, कि परमेश्वर किसी का पक्ष नहीं करता, वरन हर जाति में जो उस से डरता और धर्म के काम करता है, वह उसे भाता है।

प्रेरितों के काम 10:36 जो वचन उसने इस्राएलियों के पास भेजा, जब कि उसने यीशु मसीह के द्वारा (जो सब का प्रभु है) शान्ति का सुसमाचार सुनाया।

प्रेरितों के काम 10:37 वह बात तुम जानते हो जो यूहन्ना के बपतिस्मा के प्रचार के बाद गलील से आरम्भ कर के सारे यहूदिया में फैल गई।

प्रेरितों के काम 10:38 कि परमेश्वर ने किस रीति से यीशु नासरी को पवित्र आत्मा और सामर्थ्य से अभिषेक किया: वह भलाई करता, और सब को जो शैतान के सताए हुए थे, अच्छा करता फिरा; क्योंकि परमेश्वर उसके साथ था।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 25-26
  • मत्ती 8:1-17

शनिवार, 9 जनवरी 2021

विश्वास

 

          पिछले वर्ष, मैंने और मेरे मित्रों ने तीन महिलाओं की चंगाई के लिए, जो कैंसर से जूझ रही थीं, प्रार्थनाएँ कीं। हम जानते थे कि परमेश्वर के पास यह करने की शक्ति है, और हमने प्रतिदिन उससे ऐसा करने के लिए निवेदन किया। हमने बीते समय में उसे कार्य करते देखा था, और हमें विश्वास था कि वह अब भी यह कर सकता है। तीनों के जीवन में ऐसे दिन भी आए जब लगा कि उन्हें चंगाई मिल गई है, और हम इससे आनन्दित हुए। परन्तु उस वर्ष की पतझड़ में, उन तीनों की मृत्यु हो गई। किसी ने कहा कि अन्ततः उन्हें सभी दुखों से ‘पूर्ण चंगाई मिल गई; एक प्रकार से यह ठीक भी था। किन्तु उनके देहांत से हम सभी को बहुत दुःख हुआ। हम तो चाहते थे कि परमेश्वर अभी और यहाँ, हमारे सामने उन्हें पूरी चंगाई दे, परन्तु किसी समझ में न आने वाले कारण से ऐसा कोई आश्चर्यकर्म नहीं हुआ; उन्हें वह चंगाई नहीं मिली जिसके लिए हम सभी प्रार्थनाएँ कर रहे थे।

          परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि प्रभु यीशु के पीछे चलने वालों में से कुछ ऐसे थे जो उन आश्चर्यकर्मों के कारण जो वह करता था, और उसके द्वारा उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति मिलने के लिए, प्रभु के पीछे चलते थे (यूहन्ना 6:2, 26)। जबकि कुछ प्रभु को केवल बढ़ई का बेटा समझते थे (मत्ती 13:55-58), और कुछ उसे अपना राजनीतिक नेता बनाना चाहते थे (लूका 19:37-38)। कुछ अन्य उसे एक महान शिक्षक समझते थे; जबकि कुछ अन्य ने उसके पीछे चलना इसलिए छोड़ दिया क्योंकि उसकी शिक्षाओं को समझना और उनका पालन करना उन्हें कठिन लगता था (यूहन्ना 6:66)।

          प्रभु यीशु आज भी हम सभी की सारी अपेक्षाओं को पूरा नहीं करता है। परन्तु फिर भी वह हमारी समस्त कल्पनाओं से कहीं अधिक बढ़कर है। वही अनन्त जीवन का देने वाला है (पद 47-48)। वह भला है, बुद्धिमान है, हम से प्रेम करता है, हमें क्षमा करता है, हमारे निकट बना रहता है, और हमें शान्ति प्रदान करता है।

          प्रभु यीशु जो और जैसा है, हम वैसे ही उसमें विश्वास करते रहें, और भरोसे के साथ उसका अनुसरण करते रहें। - ऐनी सेटास

 

परन्तु हे यहोवा मैं ने तो तुझी पर भरोसा रखा है, मैं ने कहा, तू मेरा परमेश्वर है। - भजन 31:14

बाइबल पाठ: यूहन्ना 6:47-51, 60-66

यूहन्ना 6:47 मैं तुम से सच सच कहता हूं, कि जो कोई विश्वास करता है, अनन्त जीवन उसी का है।

यूहन्ना 6:48 जीवन की रोटी मैं हूं।

यूहन्ना 6:49 तुम्हारे बाप दादों ने जंगल में मन्ना खाया और मर गए।

यूहन्ना 6:50 यह वह रोटी है जो स्वर्ग से उतरती है ताकि मनुष्य उस में से खाए और न मरे।

यूहन्ना 6:51 जीवन की रोटी जो स्वर्ग से उतरी मैं हूं। यदि कोई इस रोटी में से खाए, तो सर्वदा जीवित रहेगा और जो रोटी मैं जगत के जीवन के लिये दूंगा, वह मेरा मांस है।

यूहन्ना 6:60 इसलिये उसके चेलों में से बहुतों ने यह सुनकर कहा, कि यह बात नागवार है; इसे कौन सुन सकता है?

यूहन्ना 6:61 यीशु ने अपने मन में यह जान कर कि मेरे चेले आपस में इस बात पर कुड़कुड़ाते हैं, उन से पूछा, क्या इस बात से तुम्हें ठोकर लगती है?

यूहन्ना 6:62 और यदि तुम मनुष्य के पुत्र को जहां वह पहिले था, वहां ऊपर जाते देखोगे, तो क्या होगा?

यूहन्ना 6:63 आत्मा तो जीवनदायक है, शरीर से कुछ लाभ नहीं: जो बातें मैं ने तुम से कहीं हैं वे आत्मा है, और जीवन भी हैं।

यूहन्ना 6:64 परन्तु तुम में से कितने ऐसे हैं जो विश्वास नहीं करते: क्योंकि यीशु तो पहिले ही से जानता था कि जो विश्वास नहीं करते, वे कौन हैं और कौन मुझे पकड़वाएगा।

यूहन्ना 6:65 और उसने कहा, इसी लिये मैं ने तुम से कहा था कि जब तक किसी को पिता की ओर यह वरदान न दिया जाए तक वह मेरे पास नहीं आ सकता।

यूहन्ना 6:66 इस पर उसके चेलों में से बहुतेरे उलटे फिर गए और उसके बाद उसके साथ न चले।

 

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 23-24
  • मत्ती 7