ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 10 अगस्त 2018

सुरक्षा



      ब्रिटेन में रहने के कारण मैं सामान्यतः धूप में निकलने से होने वाले त्वचा के गहरे रंग के लिए चिन्तित नहीं होती हूँ, क्योंकि अधिकानाशातः सूर्य बादलों से छुपा रहता है। लेकिन हाल ही में मैंने कुछ समय स्पेन में बिताया, और मुझे बहुत शीघ्र यह एहसास हो गया कि मेरी हलके रंग की त्वचा के कारण मैं दस मिनिट से अधिक धूप में नहीं रह सकती थी, मुझे छाते के नीचे शरण लेनी ही पड़ती थी।

      मैं जब उस भूमध्यसागरीय क्षेत्र की चिलचिलाती धूप के बारे में विचार कर रही थी, तब मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल में परमेश्वर के हमारे दाहिनी ओर आड़ होने की बात और अधिक गहराई से समझ में आई। मध्य-पूर्व के निवासी जानते थे कि चिलचिलाती धूप क्या होती है, और सूर्य की इस तेज धूप से शरण पाना कितना महत्वपूर्ण होता है।

      भजनकार, भजन 121 में प्रभु के आड़ होने के इस शब्द-चित्र को प्रयोग करता है, जिसे प्रभु की भलाई और विश्वासयोग्यता के विषय स्वयं से एक संवाद के रूप में देखा जा सकता है। जब हम इस भजन को अपनी प्रार्थनाओं में प्रयोग करते हैं, तब हम अपने आप को आश्वस्त कर सकते हैं कि प्रभु हमें कभी नहीं छोड़ेगा, वह हमारे चारों ओर एक सुरक्षा-कवच बनाए रखता है। जैसे हम छातों के नीचे सूर्य से सुरक्षा लेते हैं, वैसे ही हम प्रभु में भी अपने लिए एक सुरक्षित स्थान को पा सकते हैं।

      हम अपनी आँखों को आकाश और पृथ्वी के सृष्टिकर्ता की ओर लगाते हैं, क्योंकि चाहे धूप के समय हों या बरसात के, हमें उससे उपहार, तरोताजगी, और सुरक्षा सदा मिलती रहती है। - एमी बाउचर पाई


हमारी सुरक्षा हमारा प्रभु परमेश्वर है।

यहोवा मेरी चट्टान, और मेरा गढ़ और मेरा छुड़ाने वाला है; मेरा ईश्वर, मेरी चट्टान है, जिसका मैं शरणागत हूं, वह मेरी ढ़ाल और मेरी मुक्ति का सींग, और मेरा ऊँचा गढ़ है। - भजन 18:2

बाइबल पाठ: भजन 121
Psalms 121:1 मैं अपनी आंखें पर्वतों की ओर लगाऊंगा। मुझे सहायता कहां से मिलेगी?
Psalms 121:2 मुझे सहायता यहोवा की ओर से मिलती है, जो आकाश और पृथ्वी का कर्ता है।
Psalms 121:3 वह तेरे पांव को टलने न देगा, तेरा रक्षक कभी न ऊंघेगा।
Psalms 121:4 सुन, इस्राएल का रक्षक, न ऊंघेगा और न सोएगा।
Psalms 121:5 यहोवा तेरा रक्षक है; यहोवा तेरी दाहिनी ओर तेरी आड़ है।
Psalms 121:6 न तो दिन को धूप से, और न रात को चांदनी से तेरी कुछ हानि होगी।
Psalms 121:7 यहोवा सारी विपत्ति से तेरी रक्षा करेगा; वह तेरे प्राण की रक्षा करेगा।
Psalms 121:8 यहोवा तेरे आने जाने में तेरी रक्षा अब से ले कर सदा तक करता रहेगा।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 79-80
  • रोमियों 11:1-18



गुरुवार, 9 अगस्त 2018

स्वतंत्रता



      दूसरा विश्व युद्ध समाप्त हो गया था, और शान्ति घोषित हो चुकी थी। परन्तु जापानी शाही सेना के जवान लेफ्टिनेंट हीरू ओनोडा, जिन्हें फिलीपींस के एक द्वीप पर तैनात किया गया था, यह नहीं जानते थे कि युद्ध समाप्त हो चुका है। उनका पता लगाने के लिए प्रयास किए गए। उनके संभावित स्थान पर वायुयान द्वारा इस संबंध में पर्चे डलवाए गए, परन्तु ओनोडा ने, जिनको 1945 में अंतिम आज्ञा मिली थी कि वे अपने स्थान पर डटे रहें और लड़ते रहें, इन सभी प्रयासों को शत्रु की चालाकी और दुष्प्रचार माना, और उन पर्चों के संदेशों की अवहेलना कर दी। अन्ततः युद्ध की समाप्ति के लगभग तीस वर्ष के बाद उन्होंने मार्च 1974 में तब समर्पण किया, जब उनके भूतपूर्व अफसर ने जापान से फिलीपींस आकर उन्हें पहले दिए गई आज्ञा को निरस्त किया और ओनोडा को आधिकारिक तौर पर उस द्वीप पर डटे रहने की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं कर दिया। तब ही ओनोडा ने अन्ततः स्वीकार किया कि युद्ध की समाप्ति हो चुकी थी।

      प्रभु यीशु मसीह के सुसमाचार के विषय भी अभी तक बहुत से लोगों ने या तो सुना नहीं है, या फिर वे उस सुसमाचार पर विश्वास नहीं करते हैं कि प्रभु यीशु में विश्वास और पापों की क्षमा के द्वारा अनन्त जीवन की आशीष सारे सँसार के सभी लोगों के लिए सेंत-मेंत उपलब्ध है (2 तिमुथियुस 1:10)।हम में से कुछ, जिन्होंने सुना और विश्वास किया भी है, वे भी अभी तक एक हारा हुआ जीवन व्यतीत कर रहे हैं, अपने ही बल-बूते पर जीवन के संघर्षों से पार पाने के तरीके ढूँढ़ रहे हैं।

      आज ऐसे लोगों की आवश्यकता है जो जाकर प्रभु यीशु मसीह के द्वारा पाप और मृत्यु पर हासिल की गई विजय के बारे में लोगों को बताएँ, उनके संदेह या संशय का निवारण करने में उनकी सहायता करें। उनकी उस स्वतंत्रता की कल्पना करें जिसे वे तब अनुभव करेंगे जब मसीह यीशु उनके मनों को पाप के विरुद्ध युद्ध को जीत लिए जाने के समाचार से भर देगा। - पो फैंग चिया


क्या आज आप किसी को सुसमाचार बताएंगे?

पर अब हमारे उद्धारकर्ता मसीह यीशु के प्रगट होने के द्वारा प्रकाश हुआ, जिसने मृत्यु का नाश किया, और जीवन और अमरता को उस सुसमाचार के द्वारा प्रकाशमान कर दिया। - 2 तिमुथियुस 1:10

बाइबल पाठ: 2 कुरिन्थियों 4:1-6
2 Corinthians 4:1 इसलिये जब हम पर ऐसी दया हुई, कि हमें यह सेवा मिली, तो हम हियाव नहीं छोड़ते।
2 Corinthians 4:2 परन्तु हम ने लज्ज़ा के गुप्‍त कामों को त्याग दिया, और न चतुराई से चलते, और न परमेश्वर के वचन में मिलावट करते हैं, परन्तु सत्य को प्रगट कर के, परमेश्वर के साम्हने हर एक मनुष्य के विवेक में अपनी भलाई बैठाते हैं।
2 Corinthians 4:3 परन्तु यदि हमारे सुसमाचार पर परदा पड़ा है, तो यह नाश होने वालों ही के लिये पड़ा है।
2 Corinthians 4:4 और उन अविश्वासियों के लिये, जिन की बुद्धि को इस संसार के ईश्वर ने अन्‍धी कर दी है, ताकि मसीह जो परमेश्वर का प्रतिरूप है, उसके तेजोमय सुसमाचार का प्रकाश उन पर न चमके।
2 Corinthians 4:5 क्योंकि हम अपने को नहीं, परन्तु मसीह यीशु को प्रचार करते हैं, कि वह प्रभु है; और अपने विषय में यह कहते हैं, कि हम यीशु के कारण तुम्हारे सेवक हैं।
2 Corinthians 4:6 इसलिये कि परमेश्वर ही है, जिसने कहा, कि अन्धकार में से ज्योति चमके; और वही हमारे हृदयों में चमका, कि परमेश्वर की महिमा की पहिचान की ज्योति यीशु मसीह के चेहरे से प्रकाशमान हो।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 77-78
  • रोमियों 10



बुधवार, 8 अगस्त 2018

प्रेम



      मेरे पति व्यवसाय से संबंधित एक दौरे पर बाहर गए हुए थे; उनके लौट कर आने से पहले वाले दिन, हमारे बेटे ने मुझसे कहा, “माँ, मैं चाहता हूँ कि पापा घर वापस आ जाएँ।” मैंने उससे पूछा कि वह ऐसा क्यों चाहता है, और मुझे लग रहा था कि वह उन उपहारों के बारे में कहेगा जो उसके पापा बहुधा लेकर आते हैं, या कहेगा कि वह उनके साथ गेंद से खेलना चाहता है। परन्तु उसने बड़ी गंभीरता से कहा, “मैं इसलिए उन्हें वापस आया देखना चाहता हूँ, क्योंकि मैं उन से प्रेम करता हूँ!”

      उसके इस उत्तर ने मुझे हमारे उद्धारकर्ता प्रभु परमेश्वर यीशु मसीह के लौट कर आने के वायदे के बारे में ध्यान दिलाया; प्रभु ने कहा है “जो इन बातों की गवाही देता है, वह यह कहता है, हां शीघ्र आने वाला हूं” (प्रकाशितवाक्य 22:20)। मैं भी प्रभु के पुनःआगमन के लिए लालायित रहती हूँ। परन्तु मैं प्रभु को वापस आया हुआ क्यों देखना चाहती हूँ? क्या इसलिए क्योंकि तब मैं बीमारी और मृत्यु से दूर होकर उसकी उपस्थिति में रहूँगी? क्या इसलिए क्योंकि मैं परेशानियों और कठिनाइयों से भरे इस सँसार में रहते-रहते अघा गई हूँ? या फिर इसलिए कि जब आपने अपने जीवन के इतने समय उससे इतना प्रेम किया है, जब उसने आपके आंसुओं और आनंद को आपके साथ बाँटा है, जब वह किसी भी अन्य की अपेक्षा आपके साथ सबसे अधिक वास्तविक रहा है, तो आप उसके साथ अनन्तकाल के लिए रहने की लालसा करने लगते हैं?

      मुझे प्रसन्नता है कि हमारा बेटा अपने पापा को इतना याद करता है, उनकी अनुपस्थिति उसे अच्छी नहीं लगती है। यदि उसे उनकी कोई चिंता नहीं होती, या उनका लौट कर आना उसे अपनी योजनाओं में खलल लगता तो यह बहुत बुरा होता। हम अपने प्रभु के लौट कर आने के बारे में कैसा सोचते हैं? होने दें के आप प्रभु के लौटने के लिए लालायित रहें, उसके पुनःआगमन को गंभीरता से लें, और उससे कह सकें, “हे प्रभु लौट कर शीघ्र आ! मैं आपसे बहुत प्रेम करता हूँ।” – कीला ओकोआ


प्रभु के पुनःआगमन की लालसा एवँ गंभीरता से प्रतीक्षा करें।

वैसे ही मसीह भी बहुतों के पापों को उठा लेने के लिये एक बार बलिदान हुआ और जो लोग उस की बाट जोहते हैं, उन के उद्धार के लिये दूसरी बार बिना पाप के दिखाई देगा। - इब्रानियों 9:28

बाइबल पाठ: प्रकाशितवाक्य 22:12-21
Revelation 22:12 देख, मैं शीघ्र आने वाला हूं; और हर एक के काम के अनुसार बदला देने के लिये प्रतिफल मेरे पास है।
Revelation 22:13 मैं अलफा और ओमिगा, पहिला और पिछला, आदि और अन्‍त हूं।
Revelation 22:14 धन्य वे हैं, जो अपने वस्‍त्र धो लेते हैं, क्योंकि उन्हें जीवन के पेड़ के पास आने का अधिकार मिलेगा, और वे फाटकों से हो कर नगर में प्रवेश करेंगे।
Revelation 22:15 पर कुत्ते, और टोन्‍हें, और व्यभिचारी, और हत्यारे और मूर्तिपूजक, और हर एक झूठ का चाहने वाला, और गढ़ने वाला बाहर रहेगा।
Revelation 22:16 मुझ यीशु ने अपने स्वर्गदूत को इसलिये भेजा, कि तुम्हारे आगे कलीसियाओं के विषय में इन बातों की गवाही दे: मैं दाऊद का मूल, और वंश, और भोर का चमकता हुआ तारा हूं।
Revelation 22:17 और आत्मा, और दुल्हिन दोनों कहती हैं, ; और सुनने वाला भी कहे, कि आ; और जो प्यासा हो, वह आए और जो कोई चाहे वह जीवन का जल सेंतमेंत ले।
Revelation 22:18 मैं हर एक को जो इस पुस्‍तक की भविष्यद्वाणी की बातें सुनता है, गवाही देता हूं, कि यदि कोई मनुष्य इन बातों में कुछ बढ़ाए, तो परमेश्वर उन विपत्तियों को जो इस पुस्‍तक में लिखीं हैं, उस पर बढ़ाएगा।
Revelation 22:19 और यदि कोई इस भविष्यद्वाणी की पुस्‍तक की बातों में से कुछ निकाल डाले, तो परमेश्वर उस जीवन के पेड़ और पवित्र नगर में से जिस की चर्चा इस पुस्‍तक में है, उसका भाग निकाल देगा।
Revelation 22:20 जो इन बातों की गवाही देता है, वह यह कहता है, हां शीघ्र आने वाला हूं। आमीन। हे प्रभु यीशु आ।
Revelation 22:21 प्रभु यीशु का अनुग्रह पवित्र लोगों के साथ रहे। आमीन।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 74-76
  • रोमियों 9:16-33



मंगलवार, 7 अगस्त 2018

बचाव


       जब कैथलीन के शिक्षक ने उसे कक्षा के सामने बुलाकर एक वाक्य की व्याकरण का विश्लेषण करने को कहा, तो वह घबरा गई। वह हाल ही में एक अन्य विद्यालय से आई थी, और उसने अभी ऐसे विश्लेषण करना नहीं सीखा था। उसकी घबराहट को देखकर कक्षा के विद्यार्थी उस पर हँसने लगे।

      तुरंत ही शिक्षक उसका बचाव करने के लिए आगे आ गया, और बोला “वह तुम में से किसी से भी, कभी भी, कहीं अच्छा लिख सकती है!” इस घटना के कई वर्ष के बाद कैथलीन ने कृतज्ञता के साथ उस पल को स्मरण करते हुए कहा: “उस दिन मैंने वैसे अच्छा लिखना आरंभ कर दिया जैसा उन्होंने मेरे लिए कहा था।” आगे चलकर कैथलीन पार्कर ने उत्कृष्ठ लेखकों को दिया जाने वाला पुलिट्ज़र पुरुस्कार भी जीता।

      जैसे कैथलीन के शिक्षक ने किया था, प्रभु यीशु ने भी असहायों और असुरक्षित लोगों का साथ दिया। जब शिष्यों ने बच्चों को प्रभु के पास आने से रोकने का प्रयास किया, तो प्रभु ने उन्हें डांटा और, “यीशु ने यह देख क्रुध हो कर उन से कहा, बालकों को मेरे पास आने दो और उन्हें मना न करो, क्योंकि परमेश्वर का राज्य ऐसों ही का है” (मरकुस 10:14)। उन्होंने एक दूसरे की सहायता करने और एक दूसरी की देखभाल करने को समझाने के लिए अपने द्वारा दिए गए दृष्टांत में एक सामरी व्यक्ति को उस दृष्टांत का नायक बनाया (लूका 10:25-37), जबकि यहूदी लोग सामरियों को तुच्छ जानते थे और उनसे संपर्क तथा व्यवहार नहीं रखते थे। प्रभु ने एक बदनाम सामरी स्त्री को अनन्त जीवन की आशा प्रदान की, और उस तुच्छ समझी जाने वाली महिला के द्वारा सारे गाँव को अपने उद्धारकर्ता होने की जानकारी दी (यूहन्ना 4:1-26)। उन्होंने व्यभिचार में फंसाई गई एक महिला की रक्षा की और उसके पापों को क्षमा किया। और यद्यपि हम अपने पापों के दण्ड से बच निकलने में बिलकुल असमर्थ तथा असहाय थे, प्रभु यीशु ने हम सभी मनुष्यों के लिए अपने आप को बलिदान कर दिया जिससे हम उनमें लाए गए विश्वास के द्वारा पापों की क्षमा और उद्धार पा सकें (रोमियों 5:6)।

      जब हम असहाय और समाज द्वारा ठुकराए गए लोगों को सच्चे प्रेम का अनुभव देते हैं, तो एक छोटे किन्तु महत्वपूर्ण तरीके से हम उनके सामने प्रभु यीशु के हृदय को प्रकट करते हैं। जब हम उनका साथ देते हैं, उनका बचाव, उनकी सहायता करते हैं, तो हम उन्हें अवसर देते हैं कि वे अपने महत्व और उपयोगिता को समझ सकें, समाज में आदर का स्थान पा सकें। - टिम गुस्ताफसन


औरों से प्रेम करे बिना मसीह यीशु से प्रेम करना असंभव है।

परन्तु परमेश्वर हम पर अपने प्रेम की भलाई इस रीति से प्रगट करता है, कि जब हम पापी ही थे तभी मसीह हमारे लिये मरा। - रोमियों 5:8

बाइबल पाठ: मरकुस 10:13-16
Mark 10:13 फिर लोग बालकों को उसके पास लाने लगे, कि वह उन पर हाथ रखे, पर चेलों ने उन को डांटा।
Mark 10:14 यीशु ने यह देख क्रुध हो कर उन से कहा, बालकों को मेरे पास आने दो और उन्हें मना न करो, क्योंकि परमेश्वर का राज्य ऐसों ही का है।
Mark 10:15 मैं तुम से सच कहता हूं, कि जो कोई परमेश्वर के राज्य को बालक के समान ग्रहण न करे, वह उस में कभी प्रवेश करने न पाएगा।
Mark 10:16 और उसने उन्हें गोद में लिया, और उन पर हाथ रखकर उन्हें आशीष दी।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 72-73
  • रोमियों 9:1-15


सोमवार, 6 अगस्त 2018

नज़रें



      एमिल एक बेघर व्यक्ति था, जो शहर में इधर से उधर घूमते हुए, नीचे सड़क पर नज़रें गडाए रहता था। वह औरों से नज़रें मिलाने में शर्मिन्दगी महसूस करता था, और वह नहीं चाहता था कि कोई उसे पहचान ले, क्योंकि उसका जीवन सदा ही ऐसे बेघर अवस्था में व्यतीत नहीं हुआ था। लेकिन इस से भी अधिक महत्वपूर्ण बात थी कि उसकी नज़रें नीचे सड़क पर पड़े किसी सिक्के या सिगरेट के टुकड़े को ढूँढने में लगी रहती थीं। नीची नज़रें किए चलते रहना, उसकी आदत बना गई थी, और इस कारण उसकी रीढ़ की हड्डी भी नीचे की ओर झुकने लगी, जिससे उसे अब ऊपर गर्दन उठाकर कुछ देखना कठिन होने लगा था।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम एलीशा भविष्यद्वक्ता के एक सेवक के विषय में पाते हैं कि वह भी गलत ओर नज़रें लगाए हुए था; उसकी नज़रें बजाए परमेश्वर की ओर लगी होने के, आराम के राजा की विशाल सेना पर लगी हुई थीं, जो उसके स्वामी को पकड़ कर ले जाने के लिए आई थी (2 राजा 6:15)। परन्तु एलीशा समझ रहा था कि वह सेवक केवल खतरे और शत्रु के आकार को देख रहा था। उस सेवक की नज़रों को खोले जाने की आवश्यकता थी जिससे वह उनके चारों ओर उपस्थित ईश्वरीय सहायता को देख पाए, जो कि किसी भी सेना से जो आराम का राजा एलीशा के विरुद्ध ला सकता था, कहीं अधिक बढ़कर थी (पद 17)।

      जीवन जब भी कठिन हो और हमें लगे कि हम किसी तनाव या दबाव में हैं, और हमें अपनी समस्याओं के अतिरिक्त और कुछ नहीं दीख पड़ रहा हो, तो हमें अपनी नज़रें अपने तथा जगत के उद्धारकर्ता प्रभु यीशु की ओर लगानी चाहिएँ, जैसा बाइबल में इब्रानियों की पत्री का लेखक सुझाता है (इब्रानियों 12:2-3)। हमारे लिए प्रभु यीशु ने अकल्पनीय दुःख सहा, और जब हम उस पर भरोसा करके अपनी नज़रें उस पर लगाते हैं, तो उससे हमें मार्गदर्शन मिलता है, और वह हमें परिस्थितियों पर जयवंत होने की सामर्थ्य देता है। - मेरियन स्ट्राउड


जब मसीह यीशु हमारे जीवन का केन्द्र-बिंदु होता है, 
तो जीवन सही परिप्रेक्ष्य में आ जाता है।

और विश्वास के कर्ता और सिद्ध करने वाले यीशु की ओर ताकते रहें; जिसने उस आनन्द के लिये जो उसके आगे धरा था, लज्ज़ा की कुछ चिन्‍ता न कर के, क्रूस का दुख सहा; और सिंहासन पर परमेश्वर के दाहिने जा बैठा। इसलिये उस पर ध्यान करो, जिसने अपने विरोध में पापियों का इतना वाद-विवाद सह लिया कि तुम निराश हो कर हियाव न छोड़ दो। - इब्रानियों 12:2-3

बाइबल पाठ: 2 राजा 6:8-17
2 Kings 6:8 ओैर अराम का जाजा इस्राएल से युद्ध कर रहा था, और सम्मति कर के अपने कर्मचारियों से कहा, कि अमुक स्थान पर मेरी छावनी होगी।
2 Kings 6:9 तब परमेश्वर के भक्त ने इस्राएल के राजा के पास कहला भेजा, कि चौकसी कर और अमुक स्थान से हो कर न जाना क्योंकि वहां अरामी चढ़ाई करने वाले हैं।
2 Kings 6:10 तब इस्राएल के राजा ने उस स्थान को, जिसकी चर्चा कर के परमेश्वर के भक्त ने उसे चिताया था, भेज कर, अपनी रक्षा की; और उस प्रकार एक दो बार नहीं वरन बहुत बार हुआ।
2 Kings 6:11 इस कारण अराम के राजा का मन बहुत घबरा गया; सो उसने अपने कर्मचारियों को बुला कर उन से पूछा, क्या तुम मुझे न बताओगे कि हम लोगों में से कौन इस्राएल के राजा की ओर का है? उसके एक कर्मचारी ने कहा, हे मेरे प्रभु! हे राजा! ऐसा नहीं,
2 Kings 6:12 एलीशा जो इस्राएल में भविष्यद्वक्ता है, वह इस्राएल के राजा को वे बातें भी बताया करता है, जो तू शयन की कोठरी में बोलता है।
2 Kings 6:13 राजा ने कहा, जा कर देखो कि वह कहां है, तब मैं भेज कर उसे पकड़वा मंगाऊंगा। और उसको यह समाचार मिला कि वह दोतान में है।
2 Kings 6:14 तब उसने वहां घोड़ों और रथों समेत एक भारी दल भेजा, और उन्होंने रात को आकर नगर को घेर लिया।
2 Kings 6:15 भोर को परमेश्वर के भक्त का टहलुआ उठा और निकल कर क्या देखता है कि घोड़ों और रथों समेत एक दल नगर को घेरे हुए पड़ा है। और उसके सेवक ने उस से कहा, हाय! मेरे स्वामी, हम क्या करें?
2 Kings 6:16 उसने कहा, मत डर; क्योंकि जो हमारी ओर हैं, वह उन से अधिक हैं, जो उनकी ओर हैं।
2 Kings 6:17 तब एलीशा ने यह प्रार्थना की, हे यहोवा, इसकी आंखें खोल दे कि यह देख सके। तब यहोवा ने सेवक की आंखें खोल दीं, और जब वह देख सका, तब क्या देखा, कि एलीशा के चारों ओर का पहाड़ अग्निमय घोड़ों और रथों से भरा हुआ है।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 70-71
  • रोमियों 8:22-39



रविवार, 5 अगस्त 2018

दृष्टि



      ब्राजील देश के रियो डी जनेरियो शहर में आप चाहे जहाँ चले जाएँ, आप प्रभु यीशु मसीह की प्रतिमा को देख सकते हैं। इस शहर से बहुत ऊँचे पर, 2,300 फुट ऊँचे पहाड़ पर खड़ी की गई, फैलाई हुई बाहों वाली यह 100 फुट ऊँची मूर्ति, जिसे Cristo Redentor (मसीह छुड़ाने वाला) कहा जाता है, दिन और रात उस फैले हुए विशाल सारे शहर के हर भाग से दिखाई देती रहती है।

      जो इसे देखने पाते हैं, उनके लिए यह मूर्ति चाहे जितनी भी शांतिदायक हो, परन्तु इससे भी बढ़कर शान्ति और सांत्वना इस सच्चाई में है कि वास्तविक प्रभु यीशु की दृष्टि हम पर सदा बनी रहती है। परमेश्वर के वचन बाइबल में भजन 34 में दाऊद ने इसे इस प्रकार समझाया: “यहोवा की आंखे धर्मियों पर लगी रहती हैं, और उसके कान भी उसकी दोहाई की ओर लगे रहते हैं” (पद 15)। उसने यह भी ध्यान दिलाया कि “धर्मी दोहाई देते हैं और यहोवा सुनता है, और उन को सब विपत्तियों से छुड़ाता है। यहोवा टूटे मन वालों के समीप रहता है, और पिसे हुओं का उद्धार करता है” (पद 17-18)।

      ये धर्मी जन कौन हैं? वे जो प्रभु यीशु मसीह में विश्वास लाते हैं, उससे अपने पापों की क्षमा माँग लेते हैं, और उसे अपना जीवन समर्पित कर देते हैं, उनके लिए मसीह यीशु ही “...धर्म, और पवित्रता, और छुटकारा” है (1 कुरिन्थियों 1:30)। प्रभु परमेश्वर हमारे जीवनों की चौकसी करता है, और जो उसे पुकारते हैं, उसपर विश्वास रखते हैं, उनकी सुनता है। हमारी आवश्यकता के समयों में वह हम मसीही विश्वासियों के साथ बना रहता है, हमें संभालता है।

      घबराएं नहीं और न ही विचलित हों; प्रभु की दृष्टि सदा हम पर बनी रहती है। - डेव ब्रैनन


प्रभु हमें कभी अपनी आँखों से ओझल नहीं होने देता है।

तू जो अपने दाहिने हाथ के द्वारा अपने शरणगतों को उनके विरोधियों से बचाता है, अपनी अद्भुत करूणा दिखा। अपनी आंखो की पुतली के समान सुरक्षित रख; अपने पंखों के तले मुझे छिपा रख – भजन 17:7-8

बाइबल पाठ: भजन 34:15-22
Psalms 34:15 यहोवा की आंखे धर्मियों पर लगी रहती हैं, और उसके कान भी उसकी दोहाई की ओर लगे रहते हैं।
Psalms 34:16 यहोवा बुराई करने वालों के विमुख रहता है, ताकि उनका स्मरण पृथ्वी पर से मिटा डाले।
Psalms 34:17 धर्मी दोहाई देते हैं और यहोवा सुनता है, और उन को सब विपत्तियों से छुड़ाता है।
Psalms 34:18 यहोवा टूटे मन वालों के समीप रहता है, और पिसे हुओं का उद्धार करता है।
Psalms 34:19 धर्मी पर बहुत सी विपत्तियां पड़ती तो हैं, परन्तु यहोवा उसको उन सब से मुक्त करता है।
Psalms 34:20 वह उसकी हड्डी हड्डी की रक्षा करता है; और उन में से एक भी टूटने नहीं पाती।
Psalms 34:21 दुष्ट अपनी बुराई के द्वारा मारा जाएगा; और धर्मी के बैरी दोषी ठहरेंगे।
Psalms 34:22 यहोवा अपने दासों का प्राण मोल ले कर बचा लेता है; और जितने उसके शरणागत हैं उन में से कोई भी दोषी न ठहरेगा।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 68-69
  • रोमियों 8:1-21



शनिवार, 4 अगस्त 2018

सिद्ध



      अपनी पुस्तक Jumping Through Fires में डेविड नास्सेर ने अपने आत्मिक जीवन की यात्रा को बताया है। मसीह यीशु के साथ संबंध बनाने से पहले, उनकी मित्रता कुछ मसीही किशोरों के साथ हुई थी। उनके ये मित्र अधिकांश समय पर उदार, मृदु, और आलोचनाएं नहीं करने वाले होते थे, लेकिन डेविड ने उन में से एक को अपनी गर्लफ्रेंड से झूठ बोलते देखा। लेकिन फिर उस जवान लड़के ने अपने इस झूठ से कायल होकर उसे अपनी गर्लफ्रेंड के सामने स्वीकार कर लिया और उससे इसके लिए क्षमा माँगी। इस घटना पर विचार करते हुए डेविड ने कहा कि इसके कारण वह अपने मसीही विश्वासी मित्रों के और अधिक निकट आ गया। उसे यह एहसास हुआ कि उन्हें भी उसके समान ही प्रभु के अनुग्रह की आवश्यकता रहती है।

      हम मसीही विश्वासियों को अपने जानकार लोगों के मध्य यह नहीं जताना चाहिए कि हम सिद्ध हैं। अपनी गलतियों तथा संघर्षों के विषय ईमानदार और खुला होने में कोई गलत बात नहीं है। हम परमेश्वर के वचन बाइबल में देखते हैं कि प्रेरित पौलुस ने अपने आप को सबसे बड़ा पापी बताया है (1 तिमुथियुस 1:15)। पौलुस ने रोमियों 7 में पाप के साथ अपने संघर्ष का भी स्पष्ट वर्णन किया है, जहाँ वह स्वीकार करता है कि भलाई करने की लालसा रखते हुए भी बहुधा वह वैसा करने नहीं पाता है, और कभी-कभी, न चाहते हुए भी, बुरा भी कर बैठता है (रोमियों 7:18-19)।

      मसीही जीवन और व्यवहार को लेकर अपने संघर्षों के बारे में खुला होने से हम अन्य सभी मनुष्यों के समान हो जाते हैं – और यही हमारा सही स्थान भी है! परन्तु प्रभु यीशु मसीह में मिली पापों की क्षमा और उद्धार के कारण, हमारे पाप हमारे साथ परलोक में नहीं जाएँगे। यह उस पुरानी कहावत के अनुरूप है कि, “मसीही विश्वासी सिद्ध नहीं केवल क्षमा पाए हुए होते हैं।” – जेनिफर बेन्सन शुल्ट


मसीही विश्वासियों और अन्य लोगों के मध्य एकमात्र भिन्नता, 
उनका पापों की क्षमा पाया हुआ होना है।

यह बात सच और हर प्रकार से मानने के योग्य है, कि मसीह यीशु पापियों का उद्धार करने के लिये जगत में आया, जिन में सब से बड़ा मैं हूं। पर मुझ पर इसलिये दया हुई, कि मुझ सब से बड़े पापी में यीशु मसीह अपनी पूरी सहनशीलता दिखाए, कि जो लोग उस पर अनन्त जीवन के लिये विश्वास करेंगे, उन के लिये मैं एक आदर्श बनूं। - 1 तिमुथियुस 1:15-16

बाइबल पाठ: रोमियों 7:14-25
Romans 7:14 क्योंकि हम जानते हैं कि व्यवस्था तो आत्मिक है, परन्तु मैं शरीरिक और पाप के हाथ बिका हुआ हूं।
Romans 7:15 और जो मैं करता हूं, उसको नहीं जानता, क्योंकि जो मैं चाहता हूं, वह नहीं किया करता, परन्तु जिस से मुझे घृणा आती है, वही करता हूं।
Romans 7:16 और यदि, जो मैं नहीं चाहता वही करता हूं, तो मैं मान लेता हूं, कि व्यवस्था भली है।
Romans 7:17 तो ऐसी दशा में उसका करने वाला मैं नहीं, वरन पाप है, जो मुझ में बसा हुआ है।
Romans 7:18 क्योंकि मैं जानता हूं, कि मुझ में अर्थात मेरे शरीर में कोई अच्छी वस्तु वास नहीं करती, इच्छा तो मुझ में है, परन्तु भले काम मुझ से बन नहीं पड़ते।
Romans 7:19 क्योंकि जिस अच्छे काम की मैं इच्छा करता हूं, वह तो नहीं करता, परन्तु जिस बुराई की इच्छा नहीं करता वही किया करता हूं।
Romans 7:20 परन्तु यदि मैं वही करता हूं, जिस की इच्छा नहीं करता, तो उसका करने वाला मैं न रहा, परन्तु पाप जो मुझ में बसा हुआ है।
Romans 7:21 सो मैं यह व्यवस्था पाता हूं, कि जब भलाई करने की इच्छा करता हूं, तो बुराई मेरे पास आती है।
Romans 7:22 क्योंकि मैं भीतरी मनुष्यत्व से तो परमेश्वर की व्यवस्था से बहुत प्रसन्न रहता हूं।
Romans 7:23 परन्तु मुझे अपने अंगो में दूसरे प्रकार की व्यवस्था दिखाई पड़ती है, जो मेरी बुद्धि की व्यवस्था से लड़ती है, और मुझे पाप की व्यवस्था के बन्धन में डालती है जो मेरे अंगों में है।
Romans 7:24 मैं कैसा अभागा मनुष्य हूं! मुझे इस मृत्यु की देह से कौन छुड़ाएगा?
Romans 7:25 मैं अपने प्रभु यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर का धन्यवाद करता हूं: निदान मैं आप बुद्धि से तो परमेश्वर की व्यवस्था का, परन्तु शरीर से पाप की व्यवस्था का सेवन करता हूँ।


एक साल में बाइबल: 
  • भजन 66-67
  • रोमियों 7