ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 24 मई 2019

समान



      कहते हैं सँसार में हम सब के समान एक व्यक्ति और होता है; वह हम से संबंधित तो नहीं होगा किन्तु देखने में हमारे समान दिखेगा। मेरे समान दिखने वाला संगीत की दुनिया का एक प्रसिद्ध कलाकार है। जब मैं उसका एक संगीत समारोह देखने गया, तो मध्यांतर के समय मुझे देखना लोगों को बहुत रोचक और मनोरंजक लगा। परन्तु मेरी और उसकी समानता बस दिखाई देने तक ही है। मैं उसके समान न तो गिटार बजा सकता हूँ और न ही गा सकता हूँ।

      आप किस के समान दिखाई देते हैं? इस प्रश्न पर विचार करते समय, परमेश्वर के वचन बाइबल में 2 कुरिन्थियों 3:18 पर भी थोड़ा मनन करें, जहाँ प्रेरित पौलुस ने लिखा है कि हम मसीही विश्वासी अंश-अंश करके प्रभु यीशु के स्वरूप में ढाले जा जा रहे हैं। जब हम अपने जीवनों से प्रभु यीशु को आदर देने के प्रयास करते हैं तो हमारे जीवनों का एक उद्देश्य होना चाहिए कि उसके स्वरूप का आदर करें, उसे अपना लें। इसका यह अर्थ नहीं है कि हमें दाढ़ी उगा लेनी चाहिए और चप्पल पहनकर रहना चाहिए। वरन, इसका अर्थ है कि हम पवित्र आत्मा की सहायता तथा प्रेरणा से अपने जीवनों में मसीह यीशु के समान गुणों को प्रदर्शित करें। उदाहरण के लिए, हमें प्रभु यीशु के समान व्यवहार में दीन, चरित्र से प्रेम रखने वाला, दयालुता में दीन-हीन लोगों का साथ देने वाला होना चाहिए। हमें प्रभु यीशु के समान दिखना और जीवन जीना चाहिए।

      जब हम अपनी दृष्टि प्रभु यीशु पर लगाए हुए उसकी महिमा के विषय मनन करते हैं, हम उसकी समानता में अधिकाधिक रूपांतरित होते जाते हैं। यह कितना अद्भुत होगा कि लोग हमें देखकर कहें, मुझे आप में प्रभु यीशु की समानता दिखाई देती है। - डेव ब्रैनन


मसीह के अनुयायियों में प्रेम वह पारिवारिक गुण है जो दिखाई देना चाहिए।

तुम मेरी सी चाल चलो जैसा मैं मसीह की सी चाल चलता हूं। - 1 कुरिन्थियों 11:1

बाइबल पाठ: 2 कुरिन्थियों 3:17-4:2
2 Corinthians 3:17 प्रभु तो आत्मा है: और जहां कहीं प्रभु का आत्मा है वहां स्‍वतंत्रता है।
2 Corinthians 3:18 परन्तु जब हम सब के उघाड़े चेहरे से प्रभु का प्रताप इस प्रकार प्रगट होता है, जिस प्रकार दर्पण में, तो प्रभु के द्वारा जो आत्मा है, हम उसी तेजस्‍वी रूप में अंश अंश कर के बदलते जाते हैं।
2 Corinthians 4:1 इसलिये जब हम पर ऐसी दया हुई, कि हमें यह सेवा मिली, तो हम हियाव नहीं छोड़ते।
2 Corinthians 4:2 परन्तु हम ने लज्ज़ा के गुप्‍त कामों को त्याग दिया, और न चतुराई से चलते, और न परमेश्वर के वचन में मिलावट करते हैं, परन्तु सत्य को प्रगट कर के, परमेश्वर के साम्हने हर एक मनुष्य के विवेक में अपनी भलाई बैठाते हैं।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 22-24
  • यूहन्ना 8:28-59



गुरुवार, 23 मई 2019

प्रतिनिधि



      उस कार पर परमेश्वर के विरोध में लगे स्टिकर्स ने एक विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर का ध्यान आकर्षित किया। वह प्रोफ़ेसर कभी स्वयँ भी नास्तिक हुआ करता था, और उसने सोचा कि कार का मालिक परमेश्वर में विश्वास करने वालों को उत्तेजित और क्रुद्ध करना चाहता था। प्रोफ़ेसर ने स्पष्ट किया, “क्रोध के द्वारा नास्तिक अपनी नास्तिकता को तर्कसंगत जताना चाहता है”; और फिर उन्होंने सचेत किया, “अधिकाँशतः इस क्रोध के प्रत्युत्तर में उसे फिर क्रोध ही मिलता है।”

      मसीही विश्वास में आने की अपनी यात्रा के बारे में याद करते हुए उन्होंने अपने एक मसीही विश्वासी मित्र की उनके प्रति चिन्ता का ध्यान किया। उस मित्र ने उन्हें निमंत्रण दिया कि वे मसीह के सत्य पर विचार करें; प्रोफ़ेसर ने कहा, “मेरे मित्र के उस आग्रह में कोई क्रोध की अभिव्यक्ति नहीं थी।” प्रोफ़ेसर अपने मित्र के उस तीव्र आग्रह में निहित वास्तविक आदर और नम्रता को कभी नहीं भुला सका।

      मसीह यीशु में विश्वास करने वाले बहुधा अपमानित अनुभव करते हैं जब और लोग मसीह यीशु पर विश्वास नहीं लाते हैं। परन्तु अपने इस तिरिस्कार के प्रति स्वयं प्रभु यीशु की क्या प्रतिक्रिया होती है? पृथ्वी पर अपनी सेवकाई के दिनों में प्रभु यीशु को लगातार धमकियों और घृणा का सामना करना पड़ा था, परन्तु उन्होंने कभी इसे व्यक्तिगत रीति से नहीं लिया, इस व्यवहार के कारण अपने ईश्वरत्व पर कभी संदेह नहीं होने दिया। एक बार जब वे अपने शिष्यों के साथ जा रहे थे और एक गाँव के लोगों ने उन्हें आने नहीं दिया तो उनके दो शिष्य, यूहन्ना और याकूब ने तुरंत प्रतिक्रिया में उस गाँव को भस्म करने की इच्छा व्यक्त की, “हे प्रभु; क्या तू चाहता है, कि हम आज्ञा दें, कि आकाश से आग गिरकर उन्हें भस्म कर दें” (लूका  9:54)। लेकिंन प्रभु यीशु यह नहीं चाहते थे, और उन्होंने उन शिष्यों को इस प्रतिक्रिया के लिए उलाहना दिया (पद 55)। यह इसलिए क्योंकि परमेश्वर ने प्रभु यीशु को जगत के नाश के लिए नहीं वरन उसे बचाने के लिए भेजा था (यूहन्ना 3:17)।

      यह हमारे लिए चकित होने वाली बात हो सकती है कि परमेश्वर को हमारी आवश्यकता उसका बचाव करने के लिए कदापि नहीं है। वह चाहता है कि हम उसके प्रतिनिधि बनकर सँसार के सामने उसके गुणों, उसके प्रेम और क्षमा के सुसमाचार को प्रगट करें। परमेश्वर का प्रतिनिधि बनकर, उसे सँसार के सामने रखने में समय, परिश्रम, संयम, धैर्य और प्रेम की आवश्यकता होती है। - टिम गुस्ताफसन


प्रभु यीशु मसीह का बचाव करने की सर्वोत्तम विधि है उसके समान जीवन जी कर दिखाना।

परमेश्वर ने अपने पुत्र को जगत में इसलिये नहीं भेजा, कि जगत पर दंड की आज्ञा दे परन्तु इसलिये कि जगत उसके द्वारा उद्धार पाए। - यूहन्ना 3:17

बाइबल पाठ: लूका 9:51-56
Luke 9:51 जब उसके ऊपर उठाए जाने के दिन पूरे होने पर थे, जो उसने यरूशलेम को जाने का विचार दृढ़ किया।
Luke 9:52 और उसने अपने आगे दूत भेजे: वे सामरियों के एक गांव में गए, कि उसके लिये जगह तैयार करें।
Luke 9:53 परन्तु उन लोगों ने उसे उतरने न दिया, क्योंकि वह यरूशलेम को जा रहा था।
Luke 9:54 यह देखकर उसके चेले याकूब और यूहन्ना ने कहा; हे प्रभु; क्या तू चाहता है, कि हम आज्ञा दें, कि आकाश से आग गिरकर उन्हें भस्म कर दे।
Luke 9:55 परन्तु उसने फिरकर उन्हें डांटा और कहा, तुम नहीं जानते कि तुम कैसी आत्मा के हो।
Luke 9:56 क्योंकि मनुष्य का पुत्र लोगों के प्राणों को नाश करने नहीं वरन बचाने के लिये आया है: और वे किसी और गांव में चले गए।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 19-21
  • यूहन्ना 8:1-27



बुधवार, 22 मई 2019

परमेश्वर



      मेरी सहेली, राएली, ने कहा, “परमेश्वर पलक के समान है,” और मैंने अचरज से पलकें झपकाईं – यह कहने से उसका क्या अर्थ हो सकता था? मैंने कहा, ज़रा समझाओ तो! हम दोनों साथ मिलकर परमेश्वर के वचन बाइबल से परमेश्वर के आश्चर्यजनक शब्द-चित्रों के विषय अध्ययन कर रहे थे। इस अध्ययन में हमने बाइबल में परमेश्वर के गुणों को अनेकों असामान्य रूपों में देखा, जैसे कि एक जच्चा माँ के समान (यशायाह 42:14), या एक मधुमक्खी पालने वाले के समान (यशायाह 7:18); परन्तु जो राएली ने कहा वह मेरे लिए बिलकुल नया था। समझाने के लिए राएली ने मुझे बाइबल में व्यवस्थाविवरण 32 देखने के लिए कहा, जहाँ मूसा परमेश्वर द्वारा उसके लोगों की देखभाल करने के लिए उसकी स्तुति करता है। उस अध्याय का 10 पद बताता है कि परमेश्वर अपने लोगों की अपनी आँख की पुतली के समान रक्षा करता है।

      आँख की पुतली की रखवाली हमारी आँखों की पलकें करती हैं। परमेश्वर उन्हीं रक्षक पलकों के समान है जो कोमल आँख की हर समय सुरक्षा करता रहता है। पलक आँख को खतरे से बचाती है, झपकने के द्वारा आँख में आने वाली धूल या गंदगी को साफ़ कर देती है; आँख में पसीना नहीं जाने देती है; आँख को स्वस्थ और स्वच्छ रखने के लिए गीला बनाए रखती है; और आँख को आराम देने के लिए बन्द हो जाती है।

      पलक के रूप में परमेश्वर के इस चित्रण पर विचार करते हुए मैं परमेश्वर की बहुत धन्यवादी हुई उन सभी रूपकों के लिए जिनके द्वारा हम हमारे प्रति उसके प्रेम को समझने पाते हैं। जब हम रात में अपनी आँखें बन्द करते हैं, और प्रातः को उन्हें खोलते हैं, तब हम परमेश्वर का ध्यान करके, हमें कोमल देखभाल और सुरक्षा देने के लिए उसका धन्यवाद करें, परमेश्वर की आराधना और उपासना करें। - एमी पीटरसन


जब आप पलक झपकाएं तो सुरक्षा प्रदान करने के लिए परमेश्वर का धन्यवाद करें।

अपने आंखो की पुतली के समान सुरक्षित रख; अपने पंखों के तले मुझे छिपा रख – भजन 17:8

बाइबल पाठ: व्यवस्थाविवरण 32:1-12
Deuteronomy 32:1 हे आकाश, कान लगा, कि मैं बोलूं; और हे पृथ्वी, मेरे मुंह की बातें सुन।
Deuteronomy 32:2 मेरा उपदेश मेंह के समान बरसेगा और मेरी बातें ओस के समान टपकेंगी, जैसे कि हरी घास पर झीसी, और पौधों पर झडिय़ां।
Deuteronomy 32:3 मैं तो यहोवा नाम का प्रचार करूंगा। तुम अपने परमेश्वर की महिमा को मानो!
Deuteronomy 32:4 वह चट्टान है, उसका काम खरा है; और उसकी सारी गति न्याय की है। वह सच्चा ईश्वर है, उस में कुटिलता नहीं, वह धर्मी और सीधा है।
Deuteronomy 32:5 परन्तु इसी जाति के लोग टेढ़े और तिर्छे हैं; ये बिगड़ गए, ये उसके पुत्र नहीं; यह उनका कलंक है।
Deuteronomy 32:6 हे मूढ़ और निर्बुद्धि लोगों, क्या तुम यहोवा को यह बदला देते हो? क्या वह तेरा पिता नहीं है, जिसने तुम को मोल लिया है? उसने तुम को बनाया और स्थिर भी किया है।
Deuteronomy 32:7 प्राचीनकाल के दिनों को स्मरण करो, पीढ़ी पीढ़ी के वर्षों को विचारो; अपने बाप से पूछो, और वह तुम को बताएगा; अपने वृद्ध लोगों से प्रश्न करो, और वे तुझ से कह देंगे।
Deuteronomy 32:8 जब परमप्रधान ने एक एक जाति को निज निज भाग बांट दिया, और आदमियों को अलग अलग बसाया, तब उसने देश देश के लोगों के सिवाने इस्राएलियों की गिनती के अनुसार ठहराए।
Deuteronomy 32:9 क्योंकि यहोवा का अंश उसकी प्रजा है; याकूब उसका नपा हुआ निज भाग है।
Deuteronomy 32:10 उसने उसको जंगल में, और सुनसान और गरजने वालों से भरी हुई मरूभूमि में पाया; उसने उसके चंहु ओर रहकर उसकी रक्षा की, और अपनी आंख की पुतली के समान उसकी सुधि रखी।
Deuteronomy 32:11 जैसे उकाब अपने घोंसले को हिला हिलाकर अपने बच्चों के ऊपर ऊपर मण्डलाता है, वैसे ही उसने अपने पंख फैलाकर उसको अपने परों पर उठा लिया।।
Deuteronomy 32:12 यहोवा अकेला ही उसकी अगुवाई करता रहा, और उसके संग कोई पराया देवता न था।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 16-18
  • यूहन्ना 7:28-53



मंगलवार, 21 मई 2019

गुण



      व्यंग्य-चित्र बनाने वाले कलाकार सार्वजनिक स्थानों पर अपना चित्र बनाने का सामान लगाकर उन लोगों के व्यंग्य-चित्र बना देते हैं जो इसके लिए उनका पारिश्रमिक देने को तैयार होते हैं। उनके चित्र हमारा मनोरंजन करते हैं, क्योंकि वे हमारे शारीरिक गुणों में से एक या दो को ऐसा बढ़ाकर दिखाते है कि हम पहचाने तो जाएँ परन्तु हास्यासपद भी लगें।

      किन्तु परमेश्वर का व्यंग्य-चित्र, अर्थात उसके केवल कुछ गुणों को बढ़ा-चढ़ा कर दिखाना, हास्यास्पद नहीं होता है। ऐसा करने से परमेश्वर की एक विकृत छवि लोगों के सामने आती है, जिसे फिर वे सरलता से नकार देते हैं या जिसका तिरिस्कार कर देते हैं। जो परमेश्वर को केवल एक क्रोधी और ज़ोर जमाने वाले न्यायी के समान प्रस्तुत करते हैं, वे फिर सरलता से किसी ऐसे की ओर बहक जाते हैं जिसमें उन्हें दयालुता प्रतीत होती है। जो परमेश्वर को एक नरम-दिल दादाजी के समान देखते हैं, वे उसके न्यायी तथा दायित्व का निर्वाह करने पर बल देने वाला होने का इन्कार कर देते हैं। जो परमेश्वर को एक बुद्धिमत्ता का विचार मात्र समझते हैं, न कि एक जीवित, प्रेमी व्यक्तित्व, उन्हें फिर कोई अन्य विचार अधिक आकर्षक लगने लग जाता है। जिन्हें परमेश्वर एक मित्र समान प्रतीत होता है, वे उसे फिर किसी अन्य अधिक अच्छे लगने वाले मानवीय मित्र के लिए छोड़ देते हैं।

      परमेश्वर को उसके किसी एक या दो गुणों के द्वारा नहीं वरन उसके संपूर्ण व्यक्तित्व और गुणों के अनुसार जानना और मानना है। परमेश्वर ने अपने वचन बाइबल में हमारे लिए अपने गुणों और व्यक्तित्व को प्रगट किया है। उसने अपने आप को दयालु और करुणामय, किन्तु साथ ही दोषी को दण्डित करने वाला न्यायी परमेश्वर भी बताया (निर्गमन 34:6-7)।

      जब हम परमेश्वर में अपने विश्वास को व्यावाहारिक करते हैं, तो हमें ध्यान रखना चाहिए कि हम परमेश्वर के कुछ ही गुणों को, उन्हें जो हमें पसन्द हैं, प्रगट करने वाले न हों, वरन उसे उसकी संपूर्णता में प्रस्तुत करें। - जूली एैकरमैन लिंक


परमेश्वर परमेश्वर ही है।

कि यहोवा कोप करने में धीरजवन्त और अति करूणामय है, और अधर्म और अपराध का क्षमा करनेवाला है, परन्तु वह दोषी को किसी प्रकार से निर्दोष न ठहराएगा, और पूर्वजों के अधर्म का दण्ड उनके बेटों, और पोतों, और परपोतों को देता है। - गिनती 14:18

बाइबल पाठ: निर्गमन 34:1-9
Exodus 34:1 फिर यहोवा ने मूसा से कहा, पहिली तख्तियों के समान पत्थर की दो और तख्तियां गढ़ ले; तब जो वचन उन पहिली तख्तियों पर लिखे थे, जिन्हें तू ने तोड़ डाला, वे ही वचन मैं उन तख्तियों पर भी लिखूंगा।
Exodus 34:2 और बिहान को तैयार रहना, और भोर को सीनै पर्वत पर चढ़कर उसकी चोटी पर मेरे साम्हने खड़ा होना।
Exodus 34:3 और तेरे संग कोई न चढ़ पाए, वरन पर्वत भर पर कोई मनुष्य कहीं दिखाई न दे; और न भेड़-बकरी और गाय-बैल भी पर्वत के आगे चरते पाएं।
Exodus 34:4 तब मूसा ने पहिली तख्तियों के समान दो और तख्तियां गढ़ी; और बिहान को सवेरे उठ कर अपने हाथ में पत्थर की वे दोनों तख्तियां ले कर यहोवा की आज्ञा के अनुसार पर्वत पर चढ़ गया।
Exodus 34:5 तब यहोवा ने बादल में उतर के उसके संग वहां खड़ा हो कर यहोवा नाम का प्रचार किया।
Exodus 34:6 और यहोवा उसके साम्हने हो कर यों प्रचार करता हुआ चला, कि यहोवा, यहोवा, ईश्वर दयालु और अनुग्रहकारी, कोप करने में धीरजवन्त, और अति करूणामय और सत्य,
Exodus 34:7 हजारों पीढिय़ों तक निरन्तर करूणा करने वाला, अधर्म और अपराध और पाप का क्षमा करने वाला है, परन्तु दोषी को वह किसी प्रकार निर्दोष न ठहराएगा, वह पितरों के अधर्म का दण्ड उनके बेटों वरन पोतों और परपोतों को भी देने वाला है।
Exodus 34:8 तब मूसा ने फुर्ती कर पृथ्वी की ओर झुककर दण्डवत की।
Exodus 34:9 और उसने कहा, हे प्रभु, यदि तेरे अनुग्रह की दृष्टि मुझ पर हो तो प्रभु, हम लोगों के बीच में हो कर चले, ये लोग हठीले तो हैं, तौभी हमारे अधर्म और पाप को क्षमा कर, और हमें अपना निज भाग मान के ग्रहण कर।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 13-15
  • यूहन्ना 7:1-27



सोमवार, 20 मई 2019

मार्ग



      कैलिफोर्निया के सैंटा बारबरा शहर में एक मार्ग है जिसका बड़ा विचित्र नाम है – “सैल्सीप्यूडेस”, जिसका अर्थ होता है, ‘जा सकते हो तो जाओ’। जब पहले पहल इस मार्ग का नाम रखा गया तब वह एक दलदली इलाके कि किनारे पर स्थित था, जिसमें से कभी-कभी पानी शहर के अन्दर को भर आता था। वहाँ रहने वाले सपैनिश भाषाई निवासियों ने यह नाम एक चेतावनी की रूप में रखा था, जिससे उस मार्ग से होकर निकलने वाले उस दलदल के प्रति सचेत रहें।

      परमेश्वर का वचन बाइबल भी हमें सचेत करती है कि पाप और परिक्षा के “गलत मार्ग” से बचकर रहें: “दुष्टों की बाट में पांव न धरना, और न बुरे लोगों के मार्ग पर चलना। उसे छोड़ दे, उसके पास से भी न चल, उसके निकट से मुड़ कर आगे बढ़ जा” (नीतिवचन 4:14-15)। परन्तु पवित्र-शास्त्र केवल इतना ही नहीं कहता है कि ‘बच सकते हो तो बच जाओ’, वरन बाइबल हमें आश्वस्त करती है: “तुम किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़े, जो मनुष्य के सहने से बाहर है: और परमेश्वर सच्चा है: वह तुम्हें सामर्थ से बाहर परीक्षा में न पड़ने देगा, वरन परीक्षा के साथ निकास भी करेगा; कि तुम सह सको” (1 कुरिन्थियों 10:13), और सही मार्ग भी दिखाती है।

      परमेश्वर की प्रतिज्ञा, कि वह हमें हमारी सामर्थ्य से बाहर परिक्षा में नहीं पड़ने देगा उत्साहवर्धक है। जब परिक्षा हम पर आती है और हम परमेश्वर की ओर मुड़ते हैं, तो हमें आश्वासन है कि वह उस से बच कर रहने में हमारी सहयाता करने के लिए सदा तत्पर रहता है।

      बाइबल हमें प्रभु यीशु के विषय दृढ़ आश्वासन देती है, “क्योंकि हमारा ऐसा महायाजक नहीं, जो हमारी निर्बलताओं में हमारे साथ दुखी न हो सके; वरन वह सब बातों में हमारे समान परखा तो गया, तौभी निष्‍पाप निकला” (इब्रानियों 4:15)। प्रभु यीशु हमें प्रत्येक प्रलोभन और परीक्षा से बचाकर निकालने का मार्ग जानता है, और जब हम विश्वास तथा समर्पण के साथ उसके पास जाते हैं तो वह हमने सही मार्ग दिखाता भी है – वही सच्चा और सही जीवन मार्ग भी है। - जेम्स बैंक्स


हम जब भी परीक्षाओं में पड़ते हैं, परमेश्वर की सहायता हमारे लिए उपलब्ध रहती है।

यीशु ने उस से कहा, मार्ग और सच्चाई और जीवन मैं ही हूं; बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुंच सकता। - यूहन्ना 14:6

बाइबल पाठ: 1 कुरिन्थियों 10: 1-13
1 Corinthians 10:1 हे भाइयों, मैं नहीं चाहता, कि तुम इस बात से अज्ञात रहो, कि हमारे सब बाप दादे बादल के नीचे थे, और सब के सब समुद्र के बीच से पार हो गए।
1 Corinthians 10:2 और सब ने बादल में, और समुद्र में, मूसा का बपितिस्मा लिया।
1 Corinthians 10:3 और सब ने एक ही आत्मिक भोजन किया।
1 Corinthians 10:4 और सब ने एक ही आत्मिक जल पीया, क्योंकि वे उस आत्मिक चट्टान से पीते थे, जो उन के साथ-साथ चलती थी; और वह चट्टान मसीह था।
1 Corinthians 10:5 परन्तु परमेश्वर उन में के बहुतेरों से प्रसन्न न हुआ, इसलिये वे जंगल में ढेर हो गए।
1 Corinthians 10:6 ये बातें हमारे लिये दृष्‍टान्‍त ठहरी, कि जैसे उन्होंने लालच किया, वैसे हम बुरी वस्‍तुओं का लालच न करें।
1 Corinthians 10:7 और न तुम मूरत पूजने वाले बनों; जैसे कि उन में से कितने बन गए थे, जैसा लिखा है, कि लोग खाने-पीने बैठे, और खेलने-कूदने उठे।
1 Corinthians 10:8 और न हम व्यभिचार करें; जैसा उन में से कितनों ने किया: एक दिन में तेईस हजार मर गये ।
1 Corinthians 10:9 और न हम प्रभु को परखें; जैसा उन में से कितनों ने किया, और सांपों के द्वारा नाश किए गए।
1 Corinthians 10:10 और न तुम कुड़कुड़ाएं, जिस रीति से उन में से कितने कुड़कुड़ाए, और नाश करने वाले के द्वारा नाश किए गए।
1 Corinthians 10:11 परन्तु यें सब बातें, जो उन पर पड़ी, दृष्‍टान्‍त की रीति पर भी: और वे हमारी चितावनी के लिये जो जगत के अन्‍तिम समय में रहते हैं लिखी गईं हैं।
1 Corinthians 10:12 इसलिये जो समझता है, कि मैं स्थिर हूं, वह चौकस रहे; कि कहीं गिर न पड़े।
1 Corinthians 10:13 तुम किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़े, जो मनुष्य के सहने से बाहर है: और परमेश्वर सच्चा है: वह तुम्हें सामर्थ से बाहर परीक्षा में न पड़ने देगा, वरन परीक्षा के साथ निकास भी करेगा; कि तुम सह सको।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 10-12
  • यूहन्ना 6:45-71



रविवार, 19 मई 2019

तैयार



      बच्चों के पालन-पोषण से संबंधित अनेकों वेब-साईट्स पर एक वाक्याँश लिखा हुआ मिलता है, “बच्चे को मार्ग के लिए तैयार कीजिए, न कि मार्ग को बच्चे के लिए।” कहने का अभिप्राय है कि बजाए बच्चे के मार्ग से सभी कठिनाइयों और बाधाओं को निकालने का प्रयास करने के, हमें बच्चों को ऐसे बड़ा करना है कि वे उन सभी कठिनाइयों और बाधाओं का सामना करते हुए मार्ग पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ते रहने वाले बन जाएँ। हमें उन्हें जीवन की परिस्तिथियों का सामना करना और उनपर विजयी होना सिखाना चाहिए।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में भजनकार ने लिखा, “उन्हे हम उनकी सन्तान से गुप्त न रखेंगें, परन्तु होनहार पीढ़ी के लोगों से, यहोवा का गुणानुवाद और उसकी सामर्थ और आश्चर्यकर्मों का वर्णन करेंगें। उसने तो याकूब में एक चितौनी ठहराई, और इस्त्राएल में एक व्यवस्था चलाई, जिसके विषय उसने हमारे पितरों को आज्ञा दी, कि तुम इन्हे अपने अपने लड़के बालों को बताना; कि आने वाली पीढ़ी के लोग, अर्थात जो लड़के बाले उत्पन्न होने वाले हैं, वे इन्हे जानें; और अपने अपने लड़के बालों से इनका बखान करने में उद्यत हों, जिस से वे परमेश्वर का आसरा रखें” (भजन 78:4-6)। ऐसा करने का उद्देश्य है कि वे “ईश्वर के बड़े कामों को भूल न जाएं, परन्तु उसकी आज्ञाओं का पालन करते रहें” (पद 7)।

      उस प्रबल आत्मिक प्रभाव के विषय विचार कीजिए जो औरों के आत्मिक जीवनों से हमारे जीवन पर हुआ – उनके व्यवहार और जीवन शैली के द्वारा। उनके कथन और आचरण ने हमारे ध्यान को खींचा, और हमारे अन्दर भी उनके समान प्रभु यीशु का अनुयायी होने की लालसा जागृत की।

      यह एक अद्भुत विशेषाधिकार और दायित्व है कि हम मसीही विश्वासी अगली पीढ़ी के लोगों से परमेश्वर के वचन और योजनाओं को बाँटें, उन्हें प्रभु यीशु मसीह और उसमें लाए गए विश्वास के द्वारा पापों की क्षमा तथा उद्धार के सुसमाचार के बारे में बताएँ। उनके जीवन मार्ग में आगे चाहे जो भी आए, हम प्रभु परमेश्वर के वचन और सामर्थ्य से उन्हें निर्भीक और दृढ़ होकर प्रत्येक परिस्तिथि का सामना करने के लिए तैयार करें। - डेविड मैक्कैस्लैंड

अपने जीवन की कथनी और करनी के द्वारा 
लोगों को प्रभु यीशु मसीह का अनुयायी बनने
 और जीवन मार्ग पर अग्रसर रहने के लिए तैयार करें।

इसलिये हे मेरे पुत्र, तू उस अनुग्रह से जो मसीह यीशु में है, बलवन्‍त हो जा। और जो बातें तू ने बहुत गवाहों के साम्हने मुझ से सुनी हैं, उन्हें विश्वासी मनुष्यों को सौंप दे; जो औरों को भी सिखाने के योग्य हों। - 2 तिमुथियुस 2:1-2

बाइबल पाठ: भजन 78:1-8
Psalms 78:1 हे मेरे लोगों, मेरी शिक्षा सुनो; मेरे वचनों की ओर कान लगाओ!
Psalms 78:2 मैं अपना मूंह नीतिवचन कहने के लिये खोलूंगा; मैं प्राचीन काल की गुप्त बातें कहूंगा,
Psalms 78:3 जिन बातों को हम ने सुना, और जान लिया, और हमारे बाप दादों ने हम से वर्णन किया है।
Psalms 78:4 उन्हे हम उनकी सन्तान से गुप्त न रखेंगें, परन्तु होनहार पीढ़ी के लोगों से, यहोवा का गुणानुवाद और उसकी सामर्थ और आश्चर्यकर्मों का वर्णन करेंगें।
Psalms 78:5 उसने तो याकूब में एक चितौनी ठहराई, और इस्त्राएल में एक व्यवस्था चलाई, जिसके विषय उसने हमारे पितरों को आज्ञा दी, कि तुम इन्हे अपने अपने लड़के बालों को बताना;
Psalms 78:6 कि आने वाली पीढ़ी के लोग, अर्थात जो लड़के बाले उत्पन्न होने वाले हैं, वे इन्हे जानें; और अपने अपने लड़के बालों से इनका बखान करने में उद्यत हों, जिस से वे परमेश्वर का आसरा रखें,
Psalms 78:7 और ईश्वर के बड़े कामों को भूल न जाएं, परन्तु उसकी आज्ञाओं का पालन करते रहें;
Psalms 78:8 और अपने पितरों के समान न हों, क्योंकि उस पीढ़ी के लोग तो हठीले और झगड़ालू थे, और उन्होंने अपना मन स्थिर न किया था, और न उनकी आत्मा ईश्वर की ओर सच्ची रही।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 7-9
  • यूहन्ना 6:22-44



शनिवार, 18 मई 2019

साफ



      मेरे बच्चे जब छोटे ही थे तो वह बाहर हमारे घर के बगीचे में खेला करते थे, जो इंग्लैण्ड के मौसम के कारण बहुधा गीला ही रहता था। इस कारण वे खेलते हुए कीचड़ और मिट्टी से गंदे हो जाते थे। उनके तथा अपने घर के फर्श की भलाई के लिए मैं उनके घर में घुसते समय दरवाज़े पर ही उनके कपड़े उतार कर उन्हें तौलियों में लपेट देती थी और फिर नहाने के लिए ले जाती थी। स्नानघर में दुलार, पानी और साबुन से उनकी सफाई हो जाती थी और वे शीघ्र ही मैले से स्वच्छ हो जाते थे।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि ज़कर्याह को परमेश्वर से एक दर्शन प्राप्त हुआ, जिसमें यहोशू महायाजक को उसने मैले वस्त्रों में, जो पाप और गलत कार्यों के प्रतीक थे, देखा (ज़कर्याह 3:3)। परन्तु परमेश्वर ने उसके वे मैले वस्त्र उतरवाकर उसे साफ़ वस्त्र पहनावाए (पद 3:5)। उसके वे साफ़ वस्त्र यह दिखाते हैं कि परमेश्वर ने उसके पापों को उसपर से हटा दिया था।

      आज हम भी, प्रभु यीशु मसीह में लाए गए विश्वास और उससे मिलने वाली पापों की क्षमा के द्वारा, परमेश्वर द्वारा साफ किए जा सकते हैं। प्रभु यीशु के द्वारा कलवारी के क्रूस पर दिए गए अपने बलिदान और उसके मृतकों में से पुनरुत्थान के द्वारा हम अपने पापों की गन्दगी से धोकर साफ़ किए जाते हैं, और परमेश्वर की सन्तान बनाए जाते हैं, तथा हमें प्रभु में धार्मिकता के वस्त्र पहिनाए जाते हैं। फिर हम हमारे पापों, वे चाहे जो भी रहे हों, के कारण नहीं पहचाने जाते हैं, परन्तु परमेश्वर की सन्तान के रूप में जाने और पहचाने जाते हैं; हम स्वच्छ और साफ़ हो जाते हैं।

      यदि आपने अभी तक ऐसा नहीं किया है तो परमेश्वर से मांगिए कि वह आपको प्रभु यीशु मसीह में विश्वास और पापों की क्षमा के द्वारा पाप की गन्दगी से साफ़ करे, और उन आपको प्रभु यीशु मसीह में धार्मिकता के साफ़ वस्त्रों को पहिना दे। - एमी बाउचर पाई


पापों के दाग को केवल प्रभु यीशु ही धोकर साफ़ कर सकता है।

मैं यहोवा के कारण अति आनन्दित होऊंगा, मेरा प्राण परमेश्वर के कारण मगन रहेगा; क्योंकि उसने मुझे उद्धार के वस्त्र पहिनाए, और धर्म की चद्दर ऐसे ओढ़ा दी है जैसे दूल्हा फूलों की माला से अपने आप को सजाता और दुल्हिन अपने गहनों से अपना सिंगार करती है। - यशायाह 61:10

बाइबल पाठ: ज़कर्याह 3
Zechariah 3:1 फिर उसने यहोशू महायाजक को यहोवा के दूत के साम्हने खड़ा हुआ मुझे दिखाया, और शैतान उसकी दाहिनी ओर उसका विरोध करने को खड़ा था।
Zechariah 3:2 तब यहोवा ने शैतान से कहा, हे शैतान यहोवा तुझ को घुड़के! यहोवा जो यरूशलेम को अपना लेता है, वही तुझे घुड़के! क्या यह आग से निकाली हुई लुकटी सी नहीं है?
Zechariah 3:3 उस समय यहोशू तो दूत के साम्हने मैला वस्त्र पहिने हुए खड़ा था।
Zechariah 3:4 तब दूत ने उन से जो साम्हने खड़े थे कहा, इसके ये मैले वस्त्र उतारो। फिर उसने उस से कहा, देख, मैं ने तेरा अधर्म दूर किया है, और मैं तुझे सुन्दर वस्त्र पहिना देता हूं।
Zechariah 3:5 तब मैं ने कहा, इसके सिर पर एक शुद्ध पगड़ी रखी जाए। और उन्होंने उसके सिर पर याजक के योग्य शुद्ध पगड़ी रखी, और उसको वस्त्र पहिनाए; उस समय यहोवा का दूत पास खड़ा रहा।
Zechariah 3:6 तब यहोवा के दूत ने यहोशू को चिता कर कहा,
Zechariah 3:7 सेनाओं का यहोवा तुझ से यों कहता है: यदि तू मेरे मार्गों पर चले, और जो कुछ मैं ने तुझे सौंप दिया है उसकी रक्षा करे, तो तू मेरे भवन का न्यायी, और मेरे आंगनों का रक्षक होगा; और मैं तुझ को इनके बीच में आने जाने दूंगा जो पास खड़े हैं।
Zechariah 3:8 हे यहोशू महायाजक, तू सुन ले, और तेरे भाईबन्धु जो तेरे साम्हने खड़े हैं वे भी सुनें, क्योंकि वे मनुष्य शुभ शकुन हैं: सुनो, मैं अपने दास शाख को प्रगट करूंगा।
Zechariah 3:9 उस पत्थर को देख जिसे मैं ने यहोशू के आगे रखा है, उस एक ही पत्थर के ऊपर सात आंखें बनी हैं, सेनाओं के यहोवा की यह वाणी है, देख मैं उस पत्थर पर खोद देता हूं, और इस देश के अधर्म को एक ही दिन में दूर कर दूंगा।
Zechariah 3:10 उसी दिन तुम अपने अपने भाईबन्धुओं को दाखलता और अंजीर के वृक्ष के नीचे आने के लिये बुलाओगे, सेनाओं के यहोवा की यही वाणी है।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 4-6
  • यूहन्ना 6:1-21