ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 12 जुलाई 2019

प्रार्थना



      प्रार्थना करने की इच्छुक एक महिला ने एक खाली कुर्सी को खींचा, और उसके सामने घुटने टेकते हुए आंसुओं से भीगी आँखों के साथ कहा, “मेरे प्रिय स्वर्गीय पिता, कृपया यहाँ बैठें; मुझे और आपको कुछ बात करनी आवश्यक है!” और फिर उस खाली कुर्सी की ओर ध्यान से देखते हुए , वह प्रार्थना करने लगी। उसने प्रभु के समक्ष आने में भरोसा दिखाया; उसने विश्वास किया कि प्रभु वहाँ उसके पास उस कुर्सी पर बैठा हुआ है, और उसके निवेदन को सुन रहा है।

      प्रभु के साथ वार्तालाप में बिताया गया समय बहुत महत्वपूर्ण होता है। जब हम परस्पर संभागी होकर उसके निकट आते हैं, वह भी हमारे निकट आता है (याकूब 4:8)। प्रभु ने हमें आश्वासन दिया है, “और देखो, मैं जगत के अन्त तक सदैव तुम्हारे संग हूं” (मत्ती 28:20)। हमारा स्वर्गीय पिता सदा हमारी बाट जोहता है कि हम उसके पास आएँ और अपने मन की बात उससे कहें; वह हमारी सुनने के लिए सदा तैयार रहता है।

      ऐसे भी समय आते हैं जब हमारे लिए प्रार्थना कर पाना कठिन होता है, हमारी थकान, नींद, बीमारी, या दुर्बलता के कारण। परन्तु हम किसी भी कारण से असक्षम अथवा दुर्बल हों, प्रभु परमेश्वर हमारी हर परिक्षा में हमारे प्रति सहानुभूति रखता है (इब्रानियों 4:15)। इसलिए हम “हम अनुग्रह के सिंहासन के निकट हियाव बान्‍धकर चलें, कि हम पर दया हो, और वह अनुग्रह पाएं, जो आवश्यकता के समय हमारी सहायता करे” (पद 16)। - लॉरेंस दरमानी


परमेश्वर सर्वव्यापी है, सदा उपलब्ध रहता है, और सर्वदा सुनता है।

परमेश्वर के निकट आओ, तो वह भी तुम्हारे निकट आएगा: हे पापियों, अपने हाथ शुद्ध करो; और हे दुचित्ते लोगों अपने हृदय को पवित्र करो। - याकूब 4:8

बाइबल पाठ: इब्रानियों 4:14-16
Hebrews 4:14 सो जब हमारा ऐसा बड़ा महायाजक है, जो स्‍वर्गों से हो कर गया है, अर्थात परमेश्वर का पुत्र यीशु; तो आओ, हम अपने अंगीकार को दृढ़ता से थामें रहे।
Hebrews 4:15 क्योंकि हमारा ऐसा महायाजक नहीं, जो हमारी निर्बलताओं में हमारे साथ दुखी न हो सके; वरन वह सब बातों में हमारे समान परखा तो गया, तौभी निष्‍पाप निकला।
Hebrews 4:16 इसलिये आओ, हम अनुग्रह के सिंहासन के निकट हियाव बान्धकर चलें, कि हम पर दया हो, और वह अनुग्रह पाएं, जो आवश्यकता के समय हमारी सहायता करे।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 4-6
  • प्रेरितों 17:16-34



गुरुवार, 11 जुलाई 2019

समर्पण



      उसे “शैतान का पदचिन्ह” कहा जाता है। इप्सविच, मैसाच्यूसेट्स में एक पहाड़ी पर स्थित चर्च के पास की एक चट्टान में वह “पदचिन्ह” बना हुआ है। स्थानीय दन्तकथा के अनुसार, वह 1740 की पतझड़ ऋतु में तब बना था, जब सुसमाचार प्रचारक जॉर्ज व्हाईटफील्ड ने एक बहुत प्रबल सन्देश वहाँ चर्च में प्रचार किया, और चर्च की चोटी पर बैठा शैतान वहाँ से कूदकर भागा, और कूदने पर उसका पाँव उस चट्टान पर पड़ा।

      यद्यपि यह एक कहानी ही है, किन्तु इससे मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल से कुछ प्रोत्साहित करने वाले सत्य स्मरण आते हैं। याकूब 4:7 में लिखा है, “इसलिये परमेश्वर के आधीन हो जाओ; और शैतान का साम्हना करो, तो वह तुम्हारे पास से भाग निकलेगा।”

      परमेश्वर ने हमें अपने विरोधी शैतान और उसके द्वारा लाई जाने वाली परीक्षाओं के विरुद्ध खड़े रहने की सामर्थ्य प्रदान की है। प्रभु यीशु में होकर हमें उपलब्ध करवाए गए परमेश्वर के सप्रेम अनुग्रह के कारण, बाइबल हमें बताती है, “तुम पर पाप की प्रभुता न होगी, क्योंकि तुम व्यवस्था के आधीन नहीं वरन अनुग्रह के आधीन हो” (रोमियों 6:14)। जब भी कोई परिक्षा या प्रलोभन आए, तब प्रभु यीशु की शरण में जाने पर वह हमें उसकी सामर्थ्य के द्वारा खड़े रहने की शक्ति देता है। इस जीवन में हमें किसी भी बात का सामना क्यों न करना पड़े, हम उस बात पर जयवंत हो सकते हैं क्योंकि हमारे लिए प्रभु यीशु सँसार पर जयवंत है (यूहन्ना 16:33)।

      जब हम अपने उद्धाकर्ता प्रभु यीशु को समर्पण करते हैं, अपनी इच्छाओं को उसके आधीन कर देते हैं, परमेश्वर के वचन की आज्ञाकारिता में चलते हैं, तो उसकी सहायता हमारे साथ होती है। जब हम प्रलोभन और परीक्षाओं में गिरने के स्थान पर प्रभु के चरणों पर गिरते हैं, तो वह हमारे लिए लड़ता है। प्रभु यीशु में समर्पण के द्वारा हम जयवंत होते हैं। - जेम्स बैंक्स


सबसे अधिक दुर्बल संत की प्रार्थना भी शैतान के लिए दहशत है। - ओसवौल्ड चैम्बर्स

मैं ने ये बातें तुम से इसलिये कही हैं, कि तुम्हें मुझ में शान्‍ति मिले; संसार में तुम्हें क्‍लेश होता है, परन्तु ढाढ़स बांधो, मैं ने संसार को जीत लिया है। - यूहन्ना 16:33

बाइबल पाठ: याकूब 4:6-10
James 4:6 वह तो और भी अनुग्रह देता है; इस कारण यह लिखा है, कि परमेश्वर अभिमानियों से विरोध करता है, पर दीनों पर अनुग्रह करता है।
James 4:7 इसलिये परमेश्वर के आधीन हो जाओ; और शैतान का साम्हना करो, तो वह तुम्हारे पास से भाग निकलेगा।
James 4:8 परमेश्वर के निकट आओ, तो वह भी तुम्हारे निकट आएगा: हे पापियों, अपने हाथ शुद्ध करो; और हे दुचित्ते लोगों अपने हृदय को पवित्र करो।
James 4:9 दुखी होओ, और शोक करा, और रोओ: तुम्हारी हंसी शोक में और तुम्हारा आनन्द उदासी में बदल जाए।
James 4:10 प्रभु के साम्हने दीन बनो, तो वह तुम्हें शिरोमणि बनाएगा।

एक साल में बाइबल: 
  • भजन 1-3
  • प्रेरितों 17:1-15



बुधवार, 10 जुलाई 2019

न्याय



      जून 2004 में, वैंकूवर आर्ट गैलरी में, कैनाडा की क्रॉस-कंट्री स्की करने वाली खिलाड़ी, बेकी स्कॉट को ओलंपिक स्वर्ण-पदक प्रदान किया गया। यह रोचक था, क्योंकि वे ओलंपिक खेल तो 2002 में ऊटाह में आयोजित हुए थे। उस समय स्कॉट को दो अन्य प्रतियोगियों के बाद तीसरा स्थान और कांस्य पदक मिला था; परन्तु कुछ माह पश्चात यह पता चला के पहले दोनों प्रतियोगियों ने वर्जित पदार्थों का प्रयोग किया था, जिसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया और तीसरा स्थान पाने वाली स्कॉट को अब प्रथम स्थान तथा स्वर्ण-पदक दिया गया।

      यह अच्छा तो है कि स्कॉट को अन्ततः उसका स्वर्ण पदक मिल गया, परन्तु वह पल जब उसे सब के सामने मंच पर खड़े होकर वह पदक लेना था और उसके देश का राष्ट्रगान बजाया जाना था सदा के लिए जा चुका था। उस अन्याय की पूर्ति कभी नहीं की जा सकेगी।

      किसी भी प्रकार का अन्याय हमें विचलित करता है, और स्वर्ण-पदक न मिल पाने से बढ़कर और भी अनेकों प्रकार के अन्याय सँसार में होते हैं। परमेश्वर के वचन बाइबल के आरंभ में ही कैन और हाबिल की कहानी अन्याय की एक चर्म सीमा को दिखाती है (उत्पत्ति 4:8)। पहली झलक में यह लगता है कि कैन अपने भाई हाबिल की हत्या करके भी बच निकला। उसने एक लंबा भरपूरी का जीवन जीया और एक शहर भी बसाया (पद 17)।

      परन्तु स्वयँ परमेश्वर ने कैन का सामना किया; परमेश्वर ने कैन से कहा, “...तेरे भाई का लोहू भूमि में से मेरी ओर चिल्ला कर मेरी दोहाई दे रहा है” (पद 10)। बाद में चलकर नए नियम में कैन को ऐसा व्यक्ति बताया गया जिसके उदाहरण का अनुसरण नहीं करना चाहिए (1 यूहन्ना 3:2; यहूदा 1:11)। परन्तु हाबिल के विषय नए नियम में आया है, “विश्वास ही से हाबिल ने कैन से उत्तम बलिदान परमेश्वर के लिये चढ़ाया; और उसी के द्वारा उसके धर्मी होने की गवाही भी दी गई: क्योंकि परमेश्वर ने उस की भेंटों के विषय में गवाही दी; और उसी के द्वारा वह मरने पर भी अब तक बातें करता है” (इब्रानियों 11:4)।

      परमेश्वर न्याय करने, गलत को सही करने, तथा निर्बलों का बचाव करने के विषय बहुत ध्यान करता है। अन्ततः कोई उसके न्याय से बच नहीं सकता है, और वह उसमें लाए गए विश्वास के अन्तर्गत किए गए कार्यों का प्रतिफल भी देगा। - टिम गुस्ताफासन


अन्ततः पाप का न्याय वैसे नहीं होगा, जैसे हम उसे देखते हैं; 
वरन वैसे जैसे परमेश्वर पाप को देखता है।

फिर मैं ने छोटे बड़े सब मरे हुओं को सिंहासन के साम्हने खड़े हुए देखा, और पुस्‍तकें खोली गई; और फिर एक और पुस्‍तक खोली गई; और फिर एक और पुस्‍तक खोली गई, अर्थात जीवन की पुस्‍तक; और जैसे उन पुस्‍तकों में लिखा हुआ था, उन के कामों के अनुसार मरे हुओं का न्याय किया गया। - प्रकाशिताक्य 20:12

बाइबल पाठ: उत्पत्ति 4:1-12
Genesis 4:1 जब आदम अपनी पत्नी हव्वा के पास गया तब उसने गर्भवती हो कर कैन को जन्म दिया और कहा, मैं ने यहोवा की सहायता से एक पुरूष पाया है।
Genesis 4:2 फिर वह उसके भाई हाबिल को भी जन्मी, और हाबिल तो भेड़-बकरियों का चरवाहा बन गया, परन्तु कैन भूमि की खेती करने वाला किसान बना।
Genesis 4:3 कुछ दिनों के पश्चात कैन यहोवा के पास भूमि की उपज में से कुछ भेंट ले आया।
Genesis 4:4 और हाबिल भी अपनी भेड़-बकरियों के कई एक पहिलौठे बच्चे भेंट चढ़ाने ले आया और उनकी चर्बी भेंट चढ़ाई; तब यहोवा ने हाबिल और उसकी भेंट को तो ग्रहण किया,
Genesis 4:5 परन्तु कैन और उसकी भेंट को उसने ग्रहण न किया। तब कैन अति क्रोधित हुआ, और उसके मुंह पर उदासी छा गई।
Genesis 4:6 तब यहोवा ने कैन से कहा, तू क्यों क्रोधित हुआ? और तेरे मुंह पर उदासी क्यों छा गई है?
Genesis 4:7 यदि तू भला करे, तो क्या तेरी भेंट ग्रहण न की जाएगी? और यदि तू भला न करे, तो पाप द्वार पर छिपा रहता है, और उसकी लालसा तेरी और होगी, और तू उस पर प्रभुता करेगा।
Genesis 4:8 तब कैन ने अपने भाई हाबिल से कुछ कहा: और जब वे मैदान में थे, तब कैन ने अपने भाई हाबिल पर चढ़ कर उसे घात किया।
Genesis 4:9 तब यहोवा ने कैन से पूछा, तेरा भाई हाबिल कहां है? उसने कहा मालूम नहीं: क्या मैं अपने भाई का रखवाला हूं?
Genesis 4:10 उसने कहा, तू ने क्या किया है? तेरे भाई का लोहू भूमि में से मेरी ओर चिल्ला कर मेरी दोहाई दे रहा है!
Genesis 4:11 इसलिये अब भूमि जिसने तेरे भाई का लोहू तेरे हाथ से पीने के लिये अपना मुंह खोला है, उसकी ओर से तू शापित है।
Genesis 4:12 चाहे तू भूमि पर खेती करे, तौभी उसकी पूरी उपज फिर तुझे न मिलेगी, और तू पृथ्वी पर बहेतू और भगोड़ा होगा।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 41-42
  • प्रेरितों 16:22-40



मंगलवार, 9 जुलाई 2019

आनन्द



      मेरी नातिन की पसंदीदा धुन जौन फिलिप सौसा द्वारा मार्च करने के लिए बनाई गई एक धुन है। सौसा को मार्चिंग धुनों का राजा भी कहा जाता है और वह उन्नीसवीं शताब्दी के अन्त के समय अमेरिका में धुनों का एक रचियता था। मेरी नातिन, मोरियाह, किसी मार्चिंग बैंड की सदस्या नहीं है, वह केवल बीस महीने की ही है। उसे बस वह धुन पसन्द है और वह उसके कुछ एक सुर गुनगुना भी लेती है। मोरियाह इसे आनन्द के समयों के साथ जोड़ती है। जब हमारा परिवार एकत्रित होता है तब हम अकसर इस धुन को गुनगुनाते हैं, तालिया बजाते तथा अन्य प्रबल धवानियाँ उत्पन्न करते हैं, और हमारे नाती-पोते इस धुन पर नाचते या गोल गोल घूमते हुए मार्च करते हैं – हम सब के लिए एक बहुत आनन्द का समय होता है।

      इस प्रकार आनन्द के स्वर निकालने से मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल में एक भजन की याद आती है जो हमें “आनन्द से यहोवा की आराधना” करने को कहता है (भजन 100:2)। जब राजा सुलेमान ने मंदिर का समर्पण किया, तब इस्राएलियों ने स्तुतिगान करते हुए उत्सव मनाया (2 इतिहास 7:5-6)। उस समय उनके द्वारा गाए गए भजनों में से संभवतः भजन 100 भी के था। इस भजन में लिखा है: “हे सारी पृथ्वी के लोगों यहोवा का जयजयकार करो! आनन्द से यहोवा की आराधना करो! जयजयकार के साथ उसके सम्मुख आओ!...उसके फाटकों से धन्यवाद, और उसके आंगनों में स्तुति करते हुए प्रवेश करो, उसका धन्यवाद करो, और उसके नाम को धन्य कहो!” (पद 1-2, 4)। ऐसा क्यों? “क्योंकि यहोवा भला है, उसकी करूणा सदा के लिये, और उसकी सच्चाई पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है” (पद 5)।

      हमारा परमेश्वर हम से प्रेम करता है! उसके प्रति कृतज्ञतापूर्ण प्रत्युत्तर में हम आनन्द के साथ उसकी जयजयकार करें (भजन 100: 1)। - एलीसन कीडा


स्तुति आनदित हृदय से निकला प्रवाह है।

निश्चय जानो, कि यहोवा ही परमेश्वर है। उसी ने हम को बनाया, और हम उसी के हैं; हम उसकी प्रजा, और उसकी चराई की भेड़ें हैं। - भजन 100:3

बाइबल पाठ: 2 इतिहास 7:1-10
2 Chronicles 7:1 जब सुलैमान यह प्रार्थना कर चुका, तब स्वर्ग से आग ने गिर कर होमबलियों तथा और बलियों को भस्म किया, और यहोवा का तेज भवन में भर गया।
2 Chronicles 7:2 और याजक यहोवा के भवन में प्रवेश न कर सके, क्योंकि यहोवा का तेज यहोवा के भवन में भर गया था।
2 Chronicles 7:3 और जब आग गिरी और यहोवा का तेज भवन पर छा गया, तब सब इस्राएली देखते रहे, और फर्श पर झुक कर अपना अपना मुंह भूमि की ओर किए हुए दण्डवत किया, और यों कह कर यहोवा का धन्यवाद किया कि, वह भला है, उसकी करुणा सदा की है।
2 Chronicles 7:4 तब सब प्रजा समेत राजा ने यहोवा को बलि चढ़ाई।
2 Chronicles 7:5 और राजा सुलैमान ने बाईस हजार बैल और एक लाख बीस हजार भेड़ -बकरियां चढ़ाई। यों पूरी प्रजा समेत राजा ने यहोवा के भवन की प्रतिष्ठा की।
2 Chronicles 7:6 और याजक अपना अपना कार्य करने को खड़े रहे, और लेवीय भी यहोवा के गीत के गाने के लिये बाजे लिये हुए खड़े थे, जिन्हें दाऊद राजा ने यहोवा की सदा की करुणा के कारण उसका धन्यवाद करने को बनाकर उनके द्वारा स्तुति कराई थी; और इनके साम्हने याजक लोग तुरहियां बजाते रहे; और सब इस्राएली खड़े रहे।
2 Chronicles 7:7 फिर सुलैमान ने यहोवा के भवन के साम्हने आंगन के बीच एक स्थान पवित्र कर के होमबलि और मेलबलियों की चर्बी वहीं चढ़ाई, क्योंकि सुलैमान की बनाईं हुई पीतल की वेदी होमबलि और अन्नबलि और चर्बी के लिये छोटी थी।
2 Chronicles 7:8 उसी समय सुलैमान ने और उसके संग हमात की घाटी से ले कर मिस्र के नाले तक के सारे इस्राएल की एक बहुत बड़ी सभा ने सात दिन तक पर्व को माना।
2 Chronicles 7:9 और आठवें दिन को उन्होंने महासभा की, उन्होंने वेदी की प्रतिष्ठा सात दिन की; और पर्वों को भी सात दिन माना।
2 Chronicles 7:10 निदान सातवें महीने के तेइसवें दिन को उसने प्रजा के लोगों को विदा किया, कि वे अपने अपने डेरे को जाएं, और वे उस भलाई के कारण जो यहोवा ने दाऊद और सुलैमान और अपनी प्रजा इस्राएल पर की थी आनन्दित थे।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 38-40
  • प्रेरितों 16:1-21



सोमवार, 8 जुलाई 2019

विश्राम



      एक इतवार, मैं हमारी उत्तरी लंडन के रिहायशी इलाके से होकर बहने वाली छोटी सी नदी के किनारे खड़ी थी और उसे निहार रही थी, उसके द्वारा उस आबादी क्षेत्र को मिलने वाली सुन्दरता और मनोहरता में आनन्दित हो रही थी। उस बहते हुए पानी की धवनी और चिड़ियों के चहचहाने की आवाजों को सुनने से मुझे आराम मिला और मैंने प्रभु को धन्यवाद दिया कि किस प्रकार वह हमारे मनों को आराम मिलने के प्रावधान करता है।

      प्रभु परमेश्वर ने अपने लोगों, इस्राएलियों, के लिए एक विश्राम का दिन – सब्त, निर्धारित कर के दिया, जिस दिन वे विश्राम करें और उसकी आराधना में समय बिताएं, तथा अपने जीवनों को नवीनीकृत करें; क्योंकि वह उन्हें बढ़ता तथा फलते-फूलते देखना चाहता था। जैसा हम परमेश्वर के वचन बाइबल में निर्गमन की पुस्तक में देखते हैं, परमेश्वर ने छः दिन कार्य करके सातवें दिन विश्राम करने को कहा, और उन्हें भूमि को भी विश्राम देने के लिए कहा; परमेश्वर ने इस्राएलियों को निर्देश दिए कि वे छः वर्ष अपने खेत में अन्न उपजाएँ और सातवें वर्ष में कोई फसल न बोएं और न काटें। इस्राएलियों की यह जीवन शैली उन्हें और सभी जातियों से पृथक करती थी, क्योंकि विश्राम के इस नमूने का पालन न केवल उन्होंने, वरन उनके घर में रहने वाले परदेसी और उनके दास-दासियों को भी करना था।

      हम अपने विश्राम दिन का निर्वाह आशापूर्ण तथा रचनात्मक रीति से कर सकते हैं, परमेश्वर द्वारा उसकी आराधना करने में समय बिताने तथा अपनी आत्माओं को पोषित करने के अवसर का सदुपयोग कर सकते हैं। अपने शरीर और आत्मा को विश्राम तथा पोषण देने के लिए लोग विभिन्न तरीके अपनाते हैं। कुछ लोग सामूहिक खेल खेलते हैं, कुछ बागबानी करते हैं, कुछ परिवार या मित्र जनों के साथ सामूहिक भोजन करते हैं; तो कुछ सो कर आराम करते हैं।

      हम विश्राम दिन को अपने जीवन का अभिन्न भाग बना कर उसमें परमेश्वर के साथ संगति तथा शारीरिक विश्राम द्वारा अपने जीवनों को सुव्यवस्थित, आनन्दमय, और पोषित बना सकते हैं। - एमी बाउचर पाई


हमारे विश्वास और सेवा में विश्राम का भी कार्य के समान ही महत्व है।

उस[प्रभु यीशु]ने उन से कहा; तुम आप अलग किसी जंगली स्थान में आकर थोड़ा विश्राम करो; क्योंकि बहुत लोग आते जाते थे, और उन्हें खाने का अवसर भी नहीं मिलता था। - मरकुस 6:31

बाइबल पाठ: निर्गमन 23:10-13
Exodus 23:10 छ: वर्ष तो अपनी भूमि में बोना और उसकी उपज इकट्ठी करना;
Exodus 23:11 परन्तु सातवें वर्ष में उसको पड़ती रहने देना और वैसा ही छोड़ देना, तो तेरे भाई बन्धुओं में के दरिद्र लोग उस से खाने पाएं, और जो कुछ उन से भी बचे वह बनैले पशुओं के खाने के काम में आए। और अपनी दाख और जलपाई की बारियों को भी ऐसे ही करना।
Exodus 23:12 छ: दिन तक तो अपना काम काज करना, और सातवें दिन विश्राम करना; कि तेरे बैल और गदहे सुस्ताएं, और तेरी दासियों के बेटे और परदेशी भी अपना जी ठंडा कर सकें।
Exodus 23:13 और जो कुछ मैं ने तुम से कहा है उस में सावधान रहना; और दूसरे देवताओं के नाम की चर्चा न करना, वरन वे तुम्हारे मुंह से सुनाईं भी न दें।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 36-37
  • प्रेरितों 15:22-41



रविवार, 7 जुलाई 2019

अच्छा



      मेरे माता-पिता ने मुझे और मेरी बहन को बचपन से ही “अच्छे लोग” होने की परवरिश दी। हमारे घर में “अच्छा” होने का अर्थ था माता-पिता का आज्ञाकारी होना, सदा सच बोलना, स्कूल और कार्य-स्थल के सभी दायित्वों के निर्वाह में सफल होना, और चर्च जाना...कम से कम क्रिसमस और ईस्टर पर तो अवश्य। मेरा मानना है कि अच्छा होने की यह परिभाषा बहुतेरे लोगों के लिए चिर-परिचित है, वे चाहे किसी भी स्थान या संस्कृति के क्यों न हों। परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस ने फिलिप्पी के मसीही विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में अपनी संस्कृति के अनुसार “अच्छे” होने की परिभाषा के द्वारा एक बड़ी बात को समझाया।

      पौलुस, प्रथम शताब्दी का एक भक्त यहूदी व्यक्ति थी, और अपनी संस्कृति के नैतिक व्यवस्था का बहुत कड़ाई से पालन करता था। उसका जन्म “अच्छे” परिवार में हुआ था, उसे “अच्छी” शिक्षा मिली थी, और वह “अच्छे” धर्म का सही निर्वाह करता था। वह यहूदी मान्यताओं के अनुसार “अच्छा” व्यक्ति होने के सभी मानकों पर खरा उतरता था। पौलुस ने अपनी पत्री में यह भी लिखा कि यदि वह चाहता तो अपने अच्छे होने पर घमण्ड भी कर सकता था। परन्तु इतना सब अच्छा होते हुए भी, एक बार जब पौलुस का प्रभु यीशु मसीह से साक्षात्कार हो गया, तो उसने अपने अच्छे होने की वास्तविकता को पहचाना, और जान लिया कि चाहे अच्छा होना भला है, किन्तु परमेश्वर को प्रसन्न करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

      पौलुस ने आगे लिखा, कि परमेश्वर को प्रसन्न करने के लिए प्रभु यीशु मसीह को व्यक्तिगत रीति से जानना अनिवार्य है। पौलुस ने स्वयँ अपने विषय कहा कि अपनी सभी घमंड कर सकने योग्य बातों को वह, प्रभु यीशु मसीह की पहचान की उत्तमता के सामने “कूड़ा” समझता है। जो बात पौलुस ने अपने उदाहरण से हमें समझाई है वह है : अपनी अच्छाई मात्र से ही हम परमेश्वर को प्रसन्न करने वाले और उसे ग्रहण योग्य नहीं हो जाते हैं; केवल जब प्रभु यीशु मसीह ही में हमारा विश्वास, समर्पण और आशा होते हैं, तब ही हम वास्तव में “अच्छे” होते हैं और परमेश्वर को प्रसन्न करने पाते हैं। - कैरेन वुल्फ


हम भले, और परमेश्वर को प्रसन्न करने वाले तब ही होते हैं, 
जब हम केवल प्रभु यीशु मसीह ही में विश्वास और आशा रखते हैं।

हम तो सब के सब अशुद्ध मनुष्य के से हैं, और हमारे धर्म के काम सब के सब मैले चिथड़ों के समान हैं। हम सब के सब पत्ते के समान मुर्झा जाते हैं, और हमारे अधर्म के कामों ने हमें वायु के समान उड़ा दिया है। - यशायाह 64:6

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 3:1-11
Philippians 3:1 निदान, हे मेरे भाइयो, प्रभु में आनन्‍दित रहो: वे ही बातें तुम को बार बार लिखने में मुझे तो कोई कष्‍ट नहीं होता, और इस में तुम्हारी कुशलता है।
Philippians 3:2 कुत्तों से चौकस रहो, उन बुरे काम करने वालों से चौकस रहो, उन काट कूट करने वालों से चौकस रहो।
Philippians 3:3 क्योंकि खतना वाले तो हम ही हैं जो परमेश्वर के आत्मा की अगुवाई से उपासना करते हैं, और मसीह यीशु पर घमण्‍ड करते हैं और शरीर पर भरोसा नहीं रखते।
Philippians 3:4 पर मैं तो शरीर पर भी भरोसा रख सकता हूं यदि किसी और को शरीर पर भरोसा रखने का विचार हो, तो मैं उस से भी बढ़कर रख सकता हूं।
Philippians 3:5 आठवें दिन मेरा खतना हुआ, इस्त्राएल के वंश, और बिन्यामीन के गोत्र का हूं; इब्रानियों का इब्रानी हूं; व्यवस्था के विषय में यदि कहो तो फरीसी हूं।
Philippians 3:6 उत्‍साह के विषय में यदि कहो तो कलीसिया का सताने वाला; और व्यवस्था की धामिर्कता के विषय में यदि कहो तो निर्दोष था।
Philippians 3:7 परन्तु जो जो बातें मेरे लाभ की थीं, उन्‍हीं को मैं ने मसीह के कारण हानि समझ लिया है।
Philippians 3:8 वरन मैं अपने प्रभु मसीह यीशु की पहिचान की उत्तमता के कारण सब बातों को हानि समझता हूं: जिस के कारण मैं ने सब वस्‍तुओं की हानि उठाई, और उन्हें कूड़ा समझता हूं, जिस से मैं मसीह को प्राप्त करूं।
Philippians 3:9 और उस में पाया जाऊं; न कि अपनी उस धामिर्कता के साथ, जो व्यवस्था से है, वरन उस धामिर्कता के साथ जो मसीह पर विश्वास करने के कारण है, और परमेश्वर की ओर से विश्वास करने पर मिलती है।
Philippians 3:10 और मैं उसको और उसके मृत्युंजय की सामर्थ को, और उसके साथ दुखों में सहभागी हाने के मर्म को जानूँ, और उस की मृत्यु की समानता को प्राप्त करूं।
Philippians 3:11 ताकि मैं किसी भी रीति से मरे हुओं में से जी उठने के पद तक पहुंचूं।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 34-35
  • प्रेरितों 15:1-21



शनिवार, 6 जुलाई 2019

पहल



      हमने अनाथालय से एक लड़के को गोद लिया और उसे अपना पुत्र बनाकर हमारे परिवार में उसके नए जीवन के अनुकूल बनने में उसकी सहायता और मार्गदर्शन करने लगे। अनाथालय में उसके जीवन के आरंभिक दिनों में मिले मानसिक आघात उसके अंदर से कुछ नकारात्मक व्यवहार को उत्पन्न कर रहे थे। यद्यपि जीवन के आरंभिक समय में उसके द्वारा झेली गई उन कठिनाईयों के प्रति मुझे बहुत अनुकम्पा थी, परन्तु उसके उन नकारात्मक व्यवहारों के कारण मुझे लगने लगा कि मैं उससे कुछ दूरी बनाने लगी हूँ। मुझे अपने इस रवैये पर ग्लानि हुई और मैंने उसके मानसिक चिकित्सिक के साथ अपनी यह व्यथा साझा की। उस चिकित्सक के कोमल किन्तु सटीक उत्तर ने तुरंत ही मुझे सही रास्ता दिखाया; उस का परामर्श था, “उसे आपकी पहल की आवश्यकता है...आपको पहल करके उसे दिखाना होगा कि वह जैसा भी है, आपके प्रेम के योग्य है और आप व्यवाहारिक रीति से वास्तव में उससे प्रेम करती हैं; तब ही वह प्रेम के व्यवहार को जानने, समझने, और सीखने पाएगा।”

      परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित यूहन्ना अपनी पत्रियों के पाठकों को प्रेम की अद्भुत गहराईयों में ले जाता है, और परमेश्वर के प्रेम को एक दूसरे के प्रति प्रेम का स्त्रोत और कारण दिखाता है (1 यूहन्ना 4:7, 11)। मैं मानती हूँ कि मैं औरों के प्रति, वे चाहे अजनबी हों, या मित्रगण, अथवा मेरे बच्चे, बहुधा ऐसा प्रेम नहीं दिखाने पाती हूँ। परन्तु यूहन्ना के शब्द मेरे अन्दर ऐसा करने के प्रयास को पुनः करने और ऐसा करने के योग्य बनने को प्रेरित करते हैं – क्योंकि मेरे प्रति प्रेम करने और दिखाने की पहल परमेश्वर ने की। परमेश्वर ने अपने पुत्र को भेजा कि हमारे प्रति अपने प्रेम की भरपूरी उसमें होकर प्रगट करे। मैं परमेश्वर की बहुत कृतज्ञ हूँ कि वह हमारे प्रति वैसा रवैया नहीं रखता है, जैसा हम रखने की प्रवृत्ति रखते हैं – दूरी बना लेने का; परमेश्वर हमसे कभी दूर नहीं होता है।

      यद्यपि हमारे पापमय व्यवहार परमेश्वर के प्रेम को तो आकर्षित नहीं करते हैं, परन्तु फिर भी वह अपने प्रेम को सदा हमें प्रदान करता रहता है (रोमियों 5:8)। परमेश्वर द्वारा की गई “पहल” हमें बाध्य करती है कि उसके उस प्रेम के प्रत्युत्तर में हम एक दूसरे के प्रति भी प्रेम रखें। - कर्स्टन होल्मबर्ग


परमेश्वर ने हमसे पहले प्रेम किया जिससे हम औरों से प्रेम कर सकें।

परन्तु परमेश्वर हम पर अपने प्रेम की भलाई इस रीति से प्रगट करता है, कि जब हम पापी ही थे तभी मसीह हमारे लिये मरा। - रोमियों 5:8

बाइबल पाठ: 1 यूहन्ना 4:7-21
1 John 4:7 हे प्रियों, हम आपस में प्रेम रखें; क्योंकि प्रेम परमेश्वर से है: और जो कोई प्रेम करता है, वह परमेश्वर से जन्मा है; और परमेश्वर को जानता है।
1 John 4:8 जो प्रेम नहीं रखता, वह परमेश्वर को नहीं जानता है, क्योंकि परमेश्वर प्रेम है।
1 John 4:9 जो प्रेम परमेश्वर हम से रखता है, वह इस से प्रगट हुआ, कि परमेश्वर ने अपने एकलौते पुत्र को जगत में भेजा है, कि हम उसके द्वारा जीवन पाएं।
1 John 4:10 प्रेम इस में नहीं कि हम ने परमेश्वर ने प्रेम किया; पर इस में है, कि उसने हम से प्रेम किया; और हमारे पापों के प्रायश्‍चित्त के लिये अपने पुत्र को भेजा।
1 John 4:11 हे प्रियो, जब परमेश्वर ने हम से ऐसा प्रेम किया, तो हम को भी आपस में प्रेम रखना चाहिए।
1 John 4:12 परमेश्वर को कभी किसी ने नहीं देखा; यदि हम आपस में प्रेम रखें, तो परमेश्वर हम में बना रहता है; और उसका प्रेम हम में सिद्ध हो गया है।
1 John 4:13 इसी से हम जानते हैं, कि हम उस में बने रहते हैं, और वह हम में; क्योंकि उसने अपने आत्मा में से हमें दिया है।
1 John 4:14 और हम ने देख भी लिया और गवाही देते हैं, कि पिता ने पुत्र को जगत का उद्धारकर्ता कर के भेजा है।
1 John 4:15 जो कोई यह मान लेता है, कि यीशु परमेश्वर का पुत्र है: परमेश्वर उस में बना रहता है, और वह परमेश्वर में।
1 John 4:16 और जो प्रेम परमेश्वर हम से रखता है, उसको हम जान गए, और हमें उस की प्रतीति है; परमेश्वर प्रेम है: जो प्रेम में बना रहता है, वह परमेश्वर में बना रहता है; और परमेश्वर उस में बना रहता है।
1 John 4:17 इसी से प्रेम हम में सिद्ध हुआ, कि हमें न्याय के दिन हियाव हो; क्योंकि जैसा वह है, वैसे ही संसार में हम भी हैं।
1 John 4:18 प्रेम में भय नहीं होता, वरन सिद्ध प्रेम भय को दूर कर देता है, क्योंकि भय से कष्‍ट होता है, और जो भय करता है, वह प्रेम में सिद्ध नहीं हुआ।
1 John 4:19 हम इसलिये प्रेम करते हैं, कि पहिले उसने हम से प्रेम किया।
1 John 4:20 यदि कोई कहे, कि मैं परमेश्वर से प्रेम रखता हूं; और अपने भाई से बैर रखे; तो वह झूठा है: क्योंकि जो अपने भाई से, जिस उसने देखा है, प्रेम नहीं रखता, तो वह परमेश्वर से भी जिसे उसने नहीं देखा, प्रेम नहीं रख सकता।
1 John 4:21 और उस से हमें यह आज्ञा मिली है, कि जो कोई अपने परमेश्वर से प्रेम रखता है, वह अपने भाई से भी प्रेम रखे।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्यूब 32-33
  • प्रेरितों 14