ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

मंगलवार, 15 अक्टूबर 2019

देखभाल



      ओवेही नदी में बड़ी भूरी ट्राउट मछलियाँ शरद ऋतु के आरंभ होने की अपनी अंडे देने की क्रिया पद्धति आरंभ कर रही हैं। उन्हें छिछले जल में कँकरीली भूमि में घोसले बनाते और अंडे देते हुए देखा जा सकता है। बुद्धिमान मछुआरे जानते हैं कि मछलियाँ अंडे देने की तैयारी में हैं, और इन दिनों में वे उन्हें परेशान नहीं करते हैं। वे नदी के अन्दर उभरे हुए कँकरीली स्थानों पर पैर नहीं रखते हैं जिससे अंडे उनके पाँव तले दब न जाएँ। जहाँ घोंसले और अंडे होते हैं उसके ठीक ऊपर वे नदी में पाँव घिसटते हुई नहीं चलते हैं जिससे उनके पांवों और चलने से उठने वाली मिट्टी, घोंसलों और अण्डों पर बैठकर उन्हें दबा न दे। और वे इन मछलियों को पकड़ते भी नहीं हैं, यद्यपि ऐसा करना बहुत सरल होता है, जब वे मछलियाँ छिछले पानी में अपने घोंसलों के निकट आराम कर रही होती हैं।

      ये सभी सावधानियाँ ज़िम्मेदारी के साथ मछली पकड़ने के शिष्टाचार का भाग हैं। किन्तु एक इससे भी गंभीर और महत्वपूर्ण कारण भी है। परमेश्वर का वचन, बाइबल पवित्रशास्त्र इस बात पर बल देता है कि परमेश्वर ने हम मनुष्यों को यह पृथ्वी और इसकी वस्तुएँ प्रदान की हैं (उत्पत्ति 1:28-30)। यह सब हमारे प्रयोग के लिए तो है, किन्तु हमें इन सब का उनके समान प्रयोग करना है जो इससे प्रेम करते हैं।

      मैं परमेश्वर के हाथों के कामों पर मनन करता हूँ: तीतर का घाटी में बोलना, बारहसिंघे का अपने झुण्ड में वर्चस्व स्थापित करने के लिए चुनौती देना, दूर मैदान में चरता हुआ हिरनों का झुण्ड, नदी में मछलियों का तैरना, मादा ऊदबिलाव का अपने बच्चों के साथ पानी में अटखेलियाँ करना – मुझे यह सब बहुत अच्छा लगता है। मेरे परमेश्वर पिता ने यह सब मुझे, मेरे प्रति अपने  महान प्रेम के अन्तर्गत, मेरे आनन्द के लिए बना कर दिया है। क्योंकि यह सब मेरे लिए मेरे पिता के प्रेम का प्रतीक है, इसलिए मैं इन सब से तथा प्रकृत्ति की अन्य बातों से प्रेम करता हूँ।

      और जैसे मेरा परमेश्वर पिता मेरी देखभाल करता है, क्योंकि वह मुझ से प्रेम करता है; वैसे ही मैं भी उस सब की देखभाल करता हूँ जिससे मैं प्रेम करता हूँ और जो मेरे पिता के प्रेम की स्मृति है। - डेविड रोपर

सृष्टि की देखभाल करना, सृष्टिकर्ता के प्रति आदर का सूचक है।

स्वर्ग तो यहोवा का है, परन्तु पृथ्वी उसने मनुष्यों को दी है। - भजन 115:16

बाइबल पाठ: उत्पत्ति 1:26-31
Genesis 1:26 फिर परमेश्वर ने कहा, हम मनुष्य को अपने स्वरूप के अनुसार अपनी समानता में बनाएं; और वे समुद्र की मछलियों, और आकाश के पक्षियों, और घरेलू पशुओं, और सारी पृथ्वी पर, और सब रेंगने वाले जन्तुओं पर जो पृथ्वी पर रेंगते हैं, अधिकार रखें।
Genesis 1:27 तब परमेश्वर ने मनुष्य को अपने स्वरूप के अनुसार उत्पन्न किया, अपने ही स्वरूप के अनुसार परमेश्वर ने उसको उत्पन्न किया, नर और नारी कर के उसने मनुष्यों की सृष्टि की।
Genesis 1:28 और परमेश्वर ने उन को आशीष दी: और उन से कहा, फूलो-फलो, और पृथ्वी में भर जाओ, और उसको अपने वश में कर लो; और समुद्र की मछलियों, तथा आकाश के पक्षियों, और पृथ्वी पर रेंगने वाले सब जन्तुओ पर अधिकार रखो।
Genesis 1:29 फिर परमेश्वर ने उन से कहा, सुनो, जितने बीज वाले छोटे छोटे पेड़ सारी पृथ्वी के ऊपर हैं और जितने वृक्षों में बीज वाले फल होते हैं, वे सब मैं ने तुम को दिए हैं; वे तुम्हारे भोजन के लिये हैं:
Genesis 1:30 और जितने पृथ्वी के पशु, और आकाश के पक्षी, और पृथ्वी पर रेंगने वाले जन्तु हैं, जिन में जीवन के प्राण हैं, उन सब के खाने के लिये मैं ने सब हरे हरे छोटे पेड़ दिए हैं; और वैसा ही हो गया।
Genesis 1:31 तब परमेश्वर ने जो कुछ बनाया था, सब को देखा, तो क्या देखा, कि वह बहुत ही अच्छा है। तथा सांझ हुई फिर भोर हुआ। इस प्रकार छठवां दिन हो गया।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 45-46
  • 1 थिस्सलुनीकियों 3



सोमवार, 14 अक्टूबर 2019

थामा हुआ



      मैं अपनी बहिन के घर गई हुई थी; दोपहर के भोजन के समाप्ति के समय मेरी बहिन ने अपने बेटी से कहा कि अब उसके जाकर सोने का समय हो गया है। मेरी वह तीन वर्षीय भांजी चौंक गई, उसकी आँखों में आँसू आ गए, और उसने शिकायत की, “लेकिन आंटी मोनिका ने मुझे अभी तक तो गोद में लिया ही नहीं है!” मेरी बहिन ने मुस्कुराते हुए उसे दिलासा दिया, “अच्छा मोनिका आंटी तुम्हें गोदी में ले सकती हैं – कितनी देर गोदी में रहना चाहोगी? मेरी भांजी ने उत्तर में कहा “पाँच मिनट।”

      मैंने अपने भांजी को गोद में ले लिया, और मैं कृतज्ञ होकर स्मरण करने लगी कि बिना प्रयास किए हुए भी वह मुझे स्मरण दिलाती है कि किसी से प्रेम करना और प्रेम पाने का अनुभव क्या होता है। मुझे लगता है कि कभी-कभी हम यह भूल जाते हैं कि मसीही विश्वास का हमारा जीवन प्रेम का अनुभव सीखने का जीवन है – परमेश्वर के प्रेम के बारे में सीखने का, इतनी भरपूरी से जितने की हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं (इफिसियों 3:18)। हम जब भी इस बात पर ध्यान देने से चूक जाते हैं, तो हम परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रभु यीशु द्वारा लूका 15 अध्याय में दिए गए उड़ाऊ-पुत्र के दृष्टांत के उस बड़े भाई के समान हो जाते हैं जो अपने प्रयासों से परमेश्वर के प्रेम को पाने के कोशिश तो कर रहा था, बिना यह स्मरण किए कि  उसने क्या कुछ उसे पहले से ही दे रखा था (लूका 15:25-32)।

      भजन 131 भी एक ऐसी प्रार्थना है जो हमें “बालकों के समान” (मत्ती 18:3) बनने में सहायता करती है, अपने मन में चल रहे उस द्वंद को छोड़ कर जो उन बातों के कारण है जिन्हें हम समझ नहीं पाते हैं (भजन 131:1)। परेशान रहने की बजाए, प्रभु परमेश्वर के साथ बिताए गए समय के द्वारा हम शान्ति के स्थान में लौट सकते हैं (पद 2), उसके प्रेम में होकर उस आशा को प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी हमें आवश्यकता है (पद 3) – वैसे शान्त और चैन से होकर मानों हम अपनी माँ की गोद में बैठे हुए बच्चे हैं, जिन्हें उसने सुरक्षित थामा हुआ है। - मोनिका ब्रैंड्स

बच्चों के समान, हम परमेश्वर के प्रेम में शान्त होना सीख सकते हैं।

यहोवा से उद्धार पाने की आशा रख कर चुपचाप रहना भला है। - विलापगीत 3:26

बाइबल पाठ: भजन 131
Psalms 131:1 हे यहोवा, न तो मेरा मन गर्व से और न मेरी दृष्टि घमण्ड से भरी है; और जो बातें बड़ी और मेरे लिये अधिक कठिन हैं, उन से मैं काम नहीं रखता।
Psalms 131:2 निश्चय मैं ने अपने मन को शान्त और चुप कर दिया है, जैसे दूध छुड़ाया हुआ लड़का अपनी मां की गोद में रहता है, वैसे ही दूध छुड़ाए हुए लड़के के समान मेरा मन भी रहता है।
Psalms 131:3 हे इस्राएल, अब से ले कर सदा सर्वदा यहोवा ही पर आशा लगाए रह!

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 43-44
  • 1 थिस्सलुनीकियों 2



रविवार, 13 अक्टूबर 2019

नाम



      मार्क लैबर्टन ने अपने लेख “Leading By Name” में नाम की सामर्थ्य के बारे में लिखा। उसने कहा, “मैं आज भी अपने एक संगीतज्ञ मित्र द्वारा मुझे ‘संगीतप्रेमी’ कहे जाने के प्रभाव को अनुभव कर सकता हूँ। मुझे कभी किसी ने यह नहीं कहा था। मैं कोई संगीत-वाद्य नहीं बजाता था, और न ही मैं एकल गायक था। परन्तु उसने मुझ में कुछ  देखा, उसकी पुष्टि की और उसकी सराहना की, और मैंने तुरन्त ही अनुभव किया कि मेरी भी एक पहचान है, लोग मुझ से प्रेम करते हैं।”

      शायद कुछ ऐसा ही परमेश्वर के वचन बाइबल के एक पात्र शमौन पतरस को भी अनुभव हुआ होगा जब प्रभु यीशु ने उसे एक नया नाम दिया। परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि जब अन्द्रियास को निश्चय हो गया कि यीशु ही वह प्रतिज्ञा किया हुआ मसीहा थे, तो उसने अपने भाई शमौन को ढूँढा और उसे प्रभु यीशु के पास लेकर आया (यूहन्ना 1:41-42)। प्रभु यीशु ने शमौन को देखा और उसके अन्दर, उसकी आत्मा की गहराई में झाँका, उसके चरित्र की बातों की पुष्टि तथा सराहना की। निःसंदेह प्रभु यीशु ने शमौन की कमजोरियों और असफलताओं को भी देखा, उसके जल्दबाज़ होने के स्वभाव को भी देखा जिससे वह समस्याओं में पड़ता रहता था। परन्तु इन सब से बढ़कर प्रभु ने उसमें प्रभु की मण्डली का एक सशक्त अगुवा बनने की क्षमता को देखा। प्रभु यीशु ने उसे एक नया नाम दिया – कैफा, जो ‘पतरस’ का अरामी स्वरूप है, और जिसका अरामी भाषा में अर्थ होता है चट्टान का भाग (यूहन्ना 1:42; मत्ती 16:18)।

      यही हमारे साथ भी होता है। परमेश्वर हमारे घमण्ड, क्रोध, औरों से प्रेम न करने के स्वभाव, आदि सभी बातों को देखता और जानता है, परन्तु वह यह भी जानता है कि हम मसीह यीशु में लाए गए विश्वास के कारण क्या हैं। वह हमें धर्मी और अपने से मेल किया हुआ (रोमियों 5:9-10); क्षमा किया हुआ, पवित्र और प्रिय (कुलुस्सियों 2:13; 3:12); चुना हुआ और विश्वासयोग्य (प्रकाशितवाक्य 17:14) बुलाता है।

      उन नामों को ध्यान रखें जिनसे परमेश्वर आपको बुलाता है, और उनके अनुरूप रहने के प्रयासरत रहें; फिर शैतान आपको निराश कभी नहीं करने पाएगा। - मारविन विलियम्स

मसीह यीशु में जो आपकी पहचान है, उसे कोई आपसे छीन नहीं सकता है

सो यदि कोई मसीह में है तो वह नई सृष्‍टि है: पुरानी बातें बीत गई हैं; देखो, वे सब नई हो गईं। - 2 कुरिन्थियों 5:17


बाइबल पाठ: यूहन्ना 1:35-42
John 1:35 दूसरे दिन फिर यूहन्ना और उसके चेलों में से दो जन खड़े हुए थे।
John 1:36 और उसने यीशु पर जो जा रहा था दृष्टि कर के कहा, देखो, यह परमेश्वर का मेम्ना है।
John 1:37 तब वे दोनों चेले उस की यह सुनकर यीशु के पीछे हो लिए।
John 1:38 यीशु ने फिरकर और उन को पीछे आते देखकर उन से कहा, तुम किस की खोज में हो? उन्होंने उस से कहा, हे रब्बी, अर्थात (हे गुरू) तू कहां रहता है? उसने उन से कहा, चलो, तो देख लोगे।
John 1:39 तब उन्होंने आकर उसके रहने का स्थान देखा, और उस दिन उसी के साथ रहे; और यह दसवें घंटे के लगभग था।
John 1:40 उन दोनों में से जो यूहन्ना की बात सुनकर यीशु के पीछे हो लिये थे, एक तो शमौन पतरस का भाई अन्द्रियास था।
John 1:41 उसने पहिले अपने सगे भाई शमौन से मिलकर उस से कहा, कि हम को ख्रिस्तुस अर्थात मसीह मिल गया।
John 1:42 वह उसे यीशु के पास लाया: यीशु ने उस पर दृष्टि कर के कहा, कि तू यूहन्ना का पुत्र शमौन है, तू केफा, अर्थात पतरस कहलाएगा।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 41-42
  • 1 थिस्सलुनीकियों 1



शनिवार, 12 अक्टूबर 2019

चरवाहा



      मैं अपने पति के साथ अस्पताल के कमरे में थी और चिन्तित होकर प्रतीक्षा कर रही थी। हमारे बेटे की आँखों का ऑपरेशन होना था, और मैं चिन्तित तथा बेचैन होकर कभी बैठती, कभी इधर से उधर टहलती। मैंने बैठकर प्रार्थना करने का भी प्रयास किया, कि परमेश्वर मुझे अपनी शान्ति प्रदान करे; और परमेश्वर के वचन बाइबल की अपनी प्रति के भी पन्ने पलटने में लगी रही कि कुछ शांतिदायक बात मेरे सामने आ जाए। फिर मैंने बाइबल का अपना जाना-पहचाना भाग यशायाह 40 खोला, इस आशा के साथ कि उसमें से कुछ नया और दिलासा देने वाला मुझे मिलेगा।

      पढ़ते हुए मैं साँस रोक कर ठहर गई; हज़ारों वर्ष पुराने उस लेख के शब्द मुझे स्मरण करवा रहे थे कि प्रभु एक चरवाहे के समान अपने झुण्ड की रखवाली करता है, अपने परेशान लोगों को मेमनों के समान अपनी गोद में उठाए रहता है, अपने हृदय के समीप रखता है (पद 11)। उसी क्षण, जैसे ही मुझे यह एहसास हुआ कि प्रभु मुझे और मेरे परिवार को थामे हुए है, हमारा मार्गदर्शन कर रहा है, हमारा ध्यान रखे हुए है, मेरी सारी चिंता जाती रही। मैंने लंबी साँस लेते हुए मन ही में धन्यवाद की प्रार्थना करते हुए प्रभु से कहा, “मुझे इसी की तो आवश्यकता थी।” मेरे बेटे का ऑपरेशन भी ठीक से हो गया और उस पूरे ऑपरेशन के दौरान तथा उसके बाद भी मुझे परमेश्वर की शान्ति का एहसास बना रहा।

      परमेश्वर ने अपने लोगों से यह प्रतिज्ञा की है कि वह एक चरवाहे के समान उनकी देखभाल करेगा, उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति करता रहेगा, उन्हें शान्ति में बनाए रखेगा। हम जब उसे अपनी चिंताओं और परेशानियों से, हमें विचलित करने वाली बातों और विचारों से अवगत करवाते हैं, और उसकी शान्ति तथा प्रेम के खोजी होते हैं, तो हमें भी उसकी कोमल देखभाल का अनुभव होता है। हम जानने पाते हैं कि वह हमारा अच्छा चरवाहा है जो हमें अपने हृदय से लगाए रखता है और अपनी बाहों में भर कर हमें लिए चलता है। - एमी बाउचर पाई

अच्छा चरवाहा अपनी भेड़ों की चिन्ता करता है।

प्रभु यीशु ने कहा: “अच्छा चरवाहा मैं हूं; अच्छा चरवाहा भेड़ों के लिये अपना प्राण देता है।” - यूहन्ना 10:11

बाइबल पाठ: यशायाह 40: 3-11
Isaiah 40:3 किसी की पुकार सुनाई देती है, जंगल में यहोवा का मार्ग सुधारो, हमारे परमेश्वर के लिये अराबा में एक राजमार्ग चौरस करो।
Isaiah 40:4 हर एक तराई भर दी जाए और हर एक पहाड़ और पहाड़ी गिरा दी जाए; जो टेढ़ा है वह सीधा और जो ऊंचा नीचा है वह चौरस किया जाए।
Isaiah 40:5 तब यहोवा का तेज प्रगट होगा और सब प्राणी उसको एक संग देखेंगे; क्योंकि यहोवा ने आप ही ऐसा कहा है।
Isaiah 40:6 बोलने वाले का वचन सुनाई दिया, प्रचार कर! मैं ने कहा, मैं क्या प्रचार करूं? सब प्राणी घास हैं, उनकी शोभा मैदान के फूल के समान है।
Isaiah 40:7 जब यहोवा की सांस उस पर चलती है, तब घास सूख जाती है, और फूल मुर्झा जाता है; नि:सन्देह प्रजा घास है।
Isaiah 40:8 घास तो सूख जाती, और फूल मुर्झा जाता है; परन्तु हमारे परमेश्वर का वचन सदैव अटल रहेगा।
Isaiah 40:9 हे सिय्योन को शुभ समचार सुनाने वाली, ऊंचे पहाड़ पर चढ़ जा; हे यरूशलेम को शुभ समाचार सुनाने वाली, बहुत ऊंचे शब्द से सुना, ऊंचे शब्द से सुना, मत डर; यहूदा के नगरों से कह, अपने परमेश्वर को देखो!
Isaiah 40:10 देखो, प्रभु यहोवा सामर्थ्य दिखाता हुआ आ रहा है, वह अपने भुजबल से प्रभुता करेगा; देखो, जो मजदूरी देने की है वह उसके पास है और जो बदला देने का है वह उसके हाथ में है।
Isaiah 40:11 वह चरवाहे के समान अपने झुण्ड को चराएगा, वह भेड़ों के बच्चों को अंकवार में लिये रहेगा और दूध पिलानेवालियों को धीरे धीरे ले चलेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 39-40
  • कुलुस्सियों 4



शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2019

भला



      पाँच वर्ष तक वह मिट्टी की मोहर यरूशलेम के पुरातत्व इंस्टीट्यूट की एक अलमारी में बन्द पड़ी रही। यरूशलेम की प्राचीन दीवार के दक्षिणी भाग में खुदाई के दौरान मिली उस लगभग 3000 वर्ष पुरानी मोहर की आरंभिक जाँच में उसके महत्व की कोई पहचान नहीं हो सकी। लेकिन फिर एक शोधकर्ता ने उसपर लिखे अक्षरों की बड़ी बारीकी से जाँच की, जिससे एक बड़ी प्रमुख बात सामने आई। उस मोहर पर लिखा था “यहूदा के राजा आहाज़ [के पुत्र] हिजकिय्याह का।”

      उस मोहर के मध्य में दो पँख लगा हुआ सूर्य है और उसके इर्द-गिर्द जीवन के प्रतीक दो आकृतियाँ हैं। जिन पुरातत्वविदों ने इस मोहर को खोजा था उनका विश्वास है कि राजा हिजकिय्याह ने इस मोहर को परमेश्वर की सुरक्षा के प्रतीक के रूप में तब से प्रयोग करना आरंभ किया जब परमेश्वर ने उसे जीवन का ख़तरा बन गई उसकी बीमारी से चंगाई दी – जिसका विवरण परमेश्वर के वचन बाइबल में यशायाह 38:1-8 में पाया जाता है। हिजकिय्याह परमेश्वर से विनती कर रहा था कि उसे स्वस्थ कर दे; परमेश्वर ने उसकी प्रार्थना को सुना, और अपनी बात की पुष्टि के लिए हिजकिय्याह को चिन्ह दिया, “और यहोवा की ओर से इस बात का तेरे लिये यह चिन्ह होगा कि धूप की छाया जो आहाज की धूपघड़ी में ढल गई है, मैं दस अंश पीछे की ओर लौटा दूंगा। सो वह छाया जो दस अंश ढल चुकी थी लौट गई” (पद 8)।

      इस पुरातत्व खोज से संबंधित तथ्य हमें प्रोत्साहित करने वाली स्मृति प्रदान करते हैं कि बाइबल के समय के लोग भी वैसे ही सीख रहे थे जैसे अभी हम सीख रहे हैं, कि जब हम परमेश्वर को सहायता के लिए पुकारते हैं तो वह हमारी सुनता है। और चाहे उसके उत्तर वैसे न भी हों जैसी हमको अपेक्षा है, लेकिन वह जो भी करता है हमारी भलाई के लिए करता है। वह कृपालु है, सर्व-सामर्थी है और हमारे लिए सदा भला है। - पोह फैंग चिया

परमेश्वर को पुकारिए; वह आपको सुनना चाहता है।

और हम जानते हैं, कि जो लोग परमेश्वर से प्रेम रखते हैं, उन के लिये सब बातें मिलकर भलाई ही को उत्पन्न करती है; अर्थात उन्हीं के लिये जो उस की इच्छा के अनुसार बुलाए हुए हैं। - रोमियों 8:28

बाइबल पाठ: यशायाह 38:1-8
Isaiah 38:1 उन दिनों में हिजकिय्याह ऐसा रोगी हुआ कि वह मरने पर था। और आमोस के पुत्र यशायाह नबी ने उसके पास जा कर कहा, यहोवा यों कहता है, अपने घराने के विषय जो आज्ञा देनी हो वह दे, क्योंकि तू न बचेगा मर ही जाएगा।
Isaiah 38:2 तब हिजकिय्याह ने भीत की ओर मुंह फेर कर यहोवा से प्रार्थना कर के कहा;
Isaiah 38:3 हे यहोवा, मैं बिनती करता हूं, स्मरण कर कि मैं सच्चाई और खरे मन से अपने को तेरे सम्मुख जानकर चलता आया हूं और जो तेरी दृष्टि में उचित था वही करता आया हूं। और हिजकिय्याह बिलख बिलखकर रोने लगा।
Isaiah 38:4 तब यहोवा का यह वचन यशायाह के पास पहुंचा,
Isaiah 38:5 जा कर हिजकिय्याह से कह कि तेरे मूलपुरूष दाऊद का परमेश्वर यहोवा यों कहता है, मैं ने तेरी प्रार्थना सुनी और तेरे आंसू देखे हैं; सुन, मैं तेरी आयु पन्द्रह वर्ष और बढ़ा दूंगा।
Isaiah 38:6 अश्शूर के राजा के हाथ से मैं तेरी और इस नगर की रक्षा कर के बचाऊंगा।
Isaiah 38:7 यहोवा अपने इस कहे हुए वचन को पूरा करेगा,
Isaiah 38:8 और यहोवा की ओर से इस बात का तेरे लिये यह चिन्ह होगा कि धूप की छाया जो आहाज की धूपघड़ी में ढल गई है, मैं दस अंश पीछे की ओर लौटा दूंगा। सो वह छाया जो दस अंश ढल चुकी थी लौट गई।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 37-38
  • कुलुस्सियों 3



गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019

जागृत



      उन वर्षों में जब मैं बहुत यात्राएं किया करता था और प्रत्येक रात्रि को किसी भिन्न शहर में सोया करता था, तो सोने के लिए होटल में जाते समय मैं उनसे मुझे प्रातः उठाने के लिए समय बता दिया करता था। अपने व्यक्तिगत अलार्म के साथ, मुझे प्रातः जागृत हो जाने के लिए टेलीफोन की तेज़ झनझनाहट वाली घंटी की भी आवश्यकता होती थी।

      परमेश्वर के वचन बाइबल की अंतिम पुस्तक, प्रकाशितवाक्य में भी प्रेरित यूहन्ना द्वारा एशिया के सात प्रान्तों के कलीसियाओं को लिखे पत्रों में जागृत होने का आह्वान है। सरदीस की कलीसिया के लिए प्रभु यीशु मसीह का यह सन्देश था: “और सरदीस की कलीसिया के दूत को लिख, कि, जिस के पास परमेश्वर की सात आत्माएं और सात तारे हैं, यह कहता है, कि मैं तेरे कामों को जानता हूं, कि तू जीवता तो कहलाता है, पर, है मरा हुआ। जागृत रह, और उन वस्‍तुओं को जो बाकी रह गई हैं, और जो मिटने को थी, उन्हें दृढ़ कर; क्योंकि मैं ने तेरे किसी काम को अपने परमेश्वर के निकट पूरा नहीं पाया” (प्रकाशितवाक्य 3:1-2)।

      आत्मिक थकान के समय में हो सकता है हमारे ध्यान में वह सुस्ती न आए जो हमारे और परमेश्वर के मध्य संबंधों में आने लग गई है, और बढ़ रही है। परन्तु प्रभु परमेश्वर हमें जागृत और सचेत करते हुए कहता है, “सो चेत कर, कि तु ने किस रीति से शिक्षा प्राप्त की और सुनी थी, और उस में बना रह, और मन फिरा: और यदि तू जागृत न रहेगा, तो मैं चोर के समान आ जाऊंगा और तू कदापि न जान सकेगा, कि मैं किस घड़ी तुझ पर आ पडूंगा” (पद 3)।

      बहुत से लोगों ने पाया है कि प्रति प्रातः कुछ समय बाइबल पढ़ने और प्रार्थना में परमेश्वर के साथ बातचीत करने के द्वारा उन्हें आत्मिक जागृति मिलती है और वे दिन भर चुस्त-दुरुस्त रहते हैं। ऐसा करना कोई काम नहीं है, वरन आनन्द की बात है; प्रभु के साथ समय बिताना हमें दिन में जो कुछ भी हमारी ओर आए उसके लिए तैयार करता है, हर बात के लिए जागृत और तैयार रखता है। - डेविड मैक्कैस्लैंड

प्रभु के साथ समय बिताना आनन्द है!

ढीले हाथों को दृढ़ करो और थरथराते हुए घुटनों को स्थिर करो। घबराने वालों से कहो, हियाव बान्धो, मत डरो! देखो, तुम्हारा परमेश्वर पलटा लेने और प्रतिफल देने को आ रहा है। हां, परमेश्वर आकर तुम्हारा उद्धार करेगा। - यशायाह 35:3-4

बाइबल पाठ: प्रकाशितवाक्य 3:1-6
Revelation 3:1 और सरदीस की कलीसिया के दूत को लिख, कि, जिस के पास परमेश्वर की सात आत्माएं और सात तारे हैं, यह कहता है, कि मैं तेरे कामों को जानता हूं, कि तू जीवता तो कहलाता है, पर, है मरा हुआ।
Revelation 3:2 जागृत रह, और उन वस्‍तुओं को जो बाकी रह गई हैं, और जो मिटने को थी, उन्हें दृढ़ कर; क्योंकि मैं ने तेरे किसी काम को अपने परमेश्वर के निकट पूरा नहीं पाया।
Revelation 3:3 सो चेत कर, कि तु ने किस रीति से शिक्षा प्राप्त की और सुनी थी, और उस में बना रह, और मन फिरा: और यदि तू जागृत न रहेगा, तो मैं चोर के समान आ जाऊंगा और तू कदापि न जान सकेगा, कि मैं किस घड़ी तुझ पर आ पडूंगा।
Revelation 3:4 पर हां, सरदीस में तेरे यहां कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्हों ने अपने अपने वस्‍त्र अशुद्ध नहीं किए, वे श्वेत वस्‍त्र पहिने हुए मेरे साथ घूमेंगे क्योंकि वे इस योग्य हैं।
Revelation 3:5 जो जय पाए, उसे इसी प्रकार श्वेत वस्‍त्र पहिनाया जाएगा, और मैं उसका नाम जीवन की पुस्‍तक में से किसी रीति से न काटूंगा, पर उसका नाम अपने पिता और उसके स्‍वर्गदूतों के साम्हने मान लूंगा।
Revelation 3:6 जिस के कान हों, वह सुन ले कि आत्मा कलीसियाओं से क्या कहता है।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 34-36
  • कुलुस्सियों 2



बुधवार, 9 अक्टूबर 2019

भय



      दस वर्षीय क्लियो पहली बार मछली पकड़ने के लिए गया था। वहाँ पहुँचकर जब उसने चारे के डिब्बे में देखा तो उसे बहुत हिचकिचाहट हुई। उसने मेरे पति से इसके लिए सहायता माँगी। जब मेरे पति ने उससे पूछा कि उसे किस बात के कारण हिचकिचाहट है, तो क्लियो ने बताया कि उसे चारे के लिए कांटे पर लगाए जाने वाले कीड़े हाथ में पकड़ने से भय लगता था। उसके भय ने उसे निष्क्रीय कर दिया था।

      भय वयस्कों को भी पंगु कर देता है। परमेश्वर के वचन बाइबल का एक नायक गिदोन भी इस्राएलियों के शत्रु मिद्यानियों से भयभीत था और उनसे छिपकर गेहूँ फटक रहा था, जब उसके पास परमेश्वर का एक दूत आया (न्यायियों 6:11)। उस दूत ने गिदोन को बताया कि परमेश्वर ने उसे चुना था कि वह मिद्यानियों के विरुद्ध युद्ध में परमेश्वर के लोगों की अगुवाई करे (पद 12-14)।

      गिदोन ने क्या प्रत्युत्तर दिया? उसने कहा, “उसने कहा, हे मेरे प्रभु, बिनती सुन, मैं इस्राएल को क्योंकर छुड़ाऊ? देख, मेरा कुल मनश्शे में सब से कंगाल है, फिर मैं अपने पिता के घराने में सब से छोटा हूं” (पद 15)। परमेश्वर की उसके साथ उपस्थिति के विषय आश्वस्त किए जाने के पश्चात भी गिदोन भयभीत रहा, और उसने परमेश्वर से चिन्ह मांगे कि परमेश्वर अपने कहे के अनुसार इस्राएल को गिदोन के द्वारा विजयी करेगा (पद 36-40)। परमेश्वर ने गिदोन की बात का उत्तर दिया। गिदोन ने युद्ध में इस्राएल की परमेश्वर के कहे के अनुसार अगुवाई की; इस्राएली युद्ध में विजयी रहे, और चालीस वर्ष तक शान्ति का आनन्द लेते रहे।

      हम सब को कोई न कोई भय होता है। गिदोन की घटना हम को सिखाती है कि हम इस बात के प्रति निश्चित रह सकते हैं कि, यदि परमेश्वर ने हमें कुछ करने के लिए कहा है, तो फिर वह उसके लिए आवश्यक बल, बुद्धि, और सामर्थ्य भी देगा। - ऐनी सेटास

जीवन से भय को निकाल दें; जीवते परमेश्वर पर भरोसा रखें।

और मुझे इस बात का भरोसा है, कि जिसने तुम में अच्छा काम आरम्भ किया है, वही उसे यीशु मसीह के दिन तक पूरा करेगा। - फिलिप्पियों 1:6

बाइबल पाठ: न्यायियों 6:11-16, 36-40
Judges 6:11 फिर यहोवा का दूत आकर उस बांज वृक्ष के तले बैठ गया, जो ओप्रा में अबीएजेरी योआश का था, और उसका पुत्र गिदोन एक दाखरस के कुण्ड में गेहूं इसलिये झाड़ रहा था कि उसे मिद्यानियों से छिपा रखे।
Judges 6:12 उसको यहोवा के दूत ने दर्शन देकर कहा, हे शूरवीर सूरमा, यहोवा तेरे संग है।
Judges 6:13 गिदोन ने उस से कहा, हे मेरे प्रभु, बिनती सुन, यदि यहोवा हमारे संग होता, तो हम पर यह सब विपत्ति क्यों पड़ती? और जितने आश्चर्यकर्मों का वर्णन हमारे पुरखा यह कहकर करते थे, कि क्या यहोवा हम को मिस्र से छुड़ा नहीं लाया, वे कहां रहे? अब तो यहोवा ने हम को त्याग दिया, और मिद्यानियों के हाथ कर दिया है।
Judges 6:14 तब यहोवा ने उस पर दृष्टि कर के कहा, अपनी इसी शक्ति पर जा और तू इस्राएलियों को मिद्यानियों के हाथ से छुड़ाएगा; क्या मैं ने तुझे नहीं भेजा?
Judges 6:15 उसने कहा, हे मेरे प्रभु, बिनती सुन, मैं इस्राएल को क्योंकर छुड़ाऊ? देख, मेरा कुल मनश्शे में सब से कंगाल है, फिर मैं अपने पिता के घराने में सब से छोटा हूं।
Judges 6:16 यहोवा ने उस से कहा, निश्चय मैं तेरे संग रहूंगा; सो तू मिद्यानियों को ऐसा मार लेगा जैसा एक मनुष्य को।
Judges 6:36 तब गिदोन ने परमेश्वर से कहा, यदि तू अपने वचन के अनुसार इस्राएल को मेरे द्वारा छुड़ाएगा,
Judges 6:37 तो सुन, मैं एक भेड़ी की ऊन खलिहान में रखूंगा, और यदि ओस केवल उस ऊन पर पड़े, और उसे छोड़ सारी भूमि सूखी रह जाए, तो मैं जान लूंगा कि तू अपने वचन के अनुसार इस्राएल को मेरे द्वारा छुड़ाएगा।
Judges 6:38 और ऐसा ही हुआ। इसलिये जब उसने बिहान को सबेरे उठ कर उस ऊन को दबाकर उस में से ओस निचोड़ी, तब एक कटोरा भर गया।
Judges 6:39 फिर गिदोन ने परमेश्वर से कहा, यदि मैं एक बार फिर कहूं, तो तेरा क्रोध मुझ पर न भड़के; मैं इस ऊन से एक बार और भी तेरी परीक्षा करूं, अर्थात केवल ऊन ही सूखी रहे, और सारी भूमि पर ओस पड़े।
Judges 6:40 इस रात को परमेश्वर ने ऐसा ही किया; अर्थात केवल ऊन ही सूखी रह गई, और सारी भूमि पर ओस पड़ी।

एक साल में बाइबल: 
  • यशायाह 32-33
  • कुलुस्सियों 1