ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

सोमवार, 6 जनवरी 2020

भेंट



      लेखक ओ. हेनरी की विख्यात लघु कथा, “द गिफ्ट ऑफ़ द मैगी” के प्रमुख पात्र – एक युवा दंपत्ति जिम और डेला निर्धन थे, किन्तु उस क्रिसमस के समय वे एक दूसरे को कोई बहुत अनुपम भेंट देना चाहते थे। डेला के बहुत लंबे और सुन्दर बाल थे, और जिम के पास उसके दादा के समय से परिवार में चली आ रही एक घड़ी थी, जिसे कलाई पर बाँधने के लिए जिम के पास उपयुक्त चेन नहीं थी। एक दूसरे को बताए बिना, एक दूसरे को उत्तम भेंट देने के लिए पैसे जुटाने के लिए, डेला ने अपने बाल कटवा कर बेच दिए और जिम के लिए चेन खरीद ली; और जिम ने अपनी घड़ी बेचकर डेला के बालों के लिए सुन्दर तथा महंगे कंघों को खरीद लिया।

      अब उस क्रिसमस की प्रातः उनके पास प्रेम और प्रेम की अभिव्यक्ति के लिए अच्छी भेंट तो थीं, किन्तु उन भेंटों की उपयोगिता नहीं थी। परन्तु उनके इस प्रेम भाव ने उन्हें भेंट देने वालों में सबसे उत्तम बना दिया था।

      परमेश्वर के वचन बाइबल के प्रभु यीशु के जन्म की घटनाओं में हम कुछ लोगों (मैगी) को देखते हैं जो बहुमूल्य भेंटें, सोना, मुर्र, और लोबान, लेकर संसार के उद्धारकर्ता प्रभु यीशु के जन्म के समय उसके दर्शन के लिए आए थे (मत्ती 2:11)। ये लोग यहूदी नहीं थे; ये बाहरी, या अन्यजाति थे, और उन्हें इस बात का आभास भी नहीं था कि यरूशलेम आकर नए जन्मे हुए यहूदियों के राजा के विषय पूछताछ करने के द्वारा वे वहाँ पर कितनी उथल-पुथल मचा देंगे (पद 2)।

      जैसा कि जिम और डेला की योजनाओं के साथ हुआ, उन मैगी की योजनाएं भी अपेक्षा के अनुसार नहीं रहीं। परन्तु उन्होंने भी वह दिया जो धन से कभी खरीदा नहीं जा सकता है; वे भौतिक भेंटों के साथ तो आए थे, परन्तु उन्होंने प्रभु यीशु को आराधना भी चढ़ाई; उस प्रभु को जो अपने आप को संसार के सभी लोगों के लिए, उनमें लाए गए विश्वास द्वारा पापों की क्षमा तथा उद्धार को भेंट स्वरूप देने के लिए आया था। प्रभु परमेश्वर की यह भेंट समस्त संसार के सभी लोगों के लिए है; बस उसे स्वेच्छा से ग्रहण करने की आवश्यकता है। - मार्ट डीहान

परमेश्वर के अनुग्रह की भेंट अमूल्य है।

क्योंकि विश्वास के द्वारा अनुग्रह ही से तुम्हारा उद्धार हुआ है, और यह तुम्हारी ओर से नहीं, वरन परमेश्वर का दान है। और न कर्मों के कारण, ऐसा न हो कि कोई घमण्‍ड करे। - इफिसियों 2:8-9

बाइबल पाठ: मत्ती 2:1-12
Matthew 2:1 हेरोदेस राजा के दिनों में जब यहूदिया के बैतलहम में यीशु का जन्म हुआ, तो देखो, पूर्व से कई ज्योतिषी यरूशलेम में आकर पूछने लगे।
Matthew 2:2 कि यहूदियों का राजा जिस का जन्म हुआ है, कहां है? क्योंकि हम ने पूर्व में उसका तारा देखा है और उसको प्रणाम करने आए हैं।
Matthew 2:3 यह सुनकर हेरोदेस राजा और उसके साथ सारा यरूशलेम घबरा गया।
Matthew 2:4 और उसने लोगों के सब महायाजकों और शास्‍त्रियों को इकट्ठे कर के उन से पूछा, कि मसीह का जन्म कहाँ होना चाहिए?
Matthew 2:5 उन्होंने उस से कहा, यहूदिया के बैतलहम में; क्योंकि भविष्यद्वक्ता के द्वारा यों लिखा है।
Matthew 2:6 कि हे बैतलहम, जो यहूदा के देश में है, तू किसी रीति से यहूदा के अधिकारियों में सब से छोटा नहीं; क्योंकि तुझ में से एक अधिपति निकलेगा, जो मेरी प्रजा इस्राएल की रखवाली करेगा।
Matthew 2:7 तब हेरोदेस ने ज्योतिषियों को चुपके से बुलाकर उन से पूछा, कि तारा ठीक किस समय दिखाई दिया था।
Matthew 2:8 और उसने यह कहकर उन्हें बैतलहम भेजा, कि जा कर उस बालक के विषय में ठीक ठीक मालूम करो और जब वह मिल जाए तो मुझे समाचार दो ताकि मैं भी आकर उसको प्रणाम करूं।
Matthew 2:9 वे राजा की बात सुनकर चले गए, और देखो, जो तारा उन्होंने पूर्व में देखा था, वह उन के आगे आगे चला, और जंहा बालक था, उस जगह के ऊपर पंहुचकर ठहर गया।
Matthew 2:10 उस तारे को देखकर वे अति आनन्‍दित हुए।
Matthew 2:11 और उस घर में पहुंचकर उस बालक को उस की माता मरियम के साथ देखा, और मुंह के बल गिरकर उसे प्रणाम किया; और अपना अपना यैला खोल कर उसे सोना, और लोहबान, और गन्‍धरस की भेंट चढ़ाई।
Matthew 2:12 और स्‍वप्‍न में यह चितौनी पाकर कि हेरोदेस के पास फिर न जाना, वे दूसरे मार्ग से हो कर अपने देश को चले गए।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 16-17
  • मत्ती 5:27-48



रविवार, 5 जनवरी 2020

अनुग्रह



      मेरे पिता के पुराने और घिसे हुए जूते, जिन्हें वे घुड़सवारी करते समय पहना करते थे, मेरे अध्यययन कक्ष में रखे हुए हैं, और मुझे स्मरण करवाते रहते हैं कि वो कैसे व्यक्ति थे। अन्य कार्यों एवं बातों के अतिरिक्त, वे घोड़ों को पालते और प्रशिक्षित करते थे – ऐसे घोड़ों को जो द्रुत गति से दौड़ते थे। मुझे उन्हें यह करते देखना अच्छा लगता था, और मैं अचरज किया करता था कि वे घोड़े पर सवार कैसे रहने पाते हैं। लड़कपन से ही मैं चाहता था कि मैं भी उनके समान बनूँ। अब मैं अपनी आयु के अस्सीवें दशक में हूँ, परन्तु आज भी उनके वे जूते भर पाना मेरे लिए कठिन है।

      मेरे पिता अब स्वर्ग में हैं, किन्तु मेरे एक और भी पिता हैं जिनका अनुसरण मुझे करना है – मेरे स्वर्गीय परमेश्वर पिता। मैं उनके समान भी होना चाहता हूँ – उनके समान भला और उनके प्रेम की सुगंध को लोगों में फैलाने वाला। मैं आज भी परमेश्वर पिता के समान न तो हूँ और न ही कभी होने पाऊँगा; मैं कभी प्रभु परमेश्वर के ‘जूते’ भर पाने के लायक भी नहीं हो सकता हूँ।

      परन्तु परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पतरस ने हमें आश्वस्त किया है कि हमारा परमेश्वर पिता स्वयं ही हमें अपने योग्य और अनुरूप बनाएगा; उस ही में यह कर पाने की बुद्धिमता और सामर्थ्य है “अब परमेश्वर जो सारे अनुग्रह का दाता है, जिसने तुम्हें मसीह में अपनी अनन्त महिमा के लिये बुलाया, तुम्हारे थोड़ी देर तक दुख उठाने के बाद आप ही तुम्हें सिद्ध और स्थिर और बलवन्‍त करेगा। उसी का साम्राज्य युगानुयुग रहे” (1 पतरस 5:10-11)।

      हमारा अपने स्वर्गीय पिता के समरूप न होना सदा ही बना नहीं रहेगा। परमेश्वर पिता ने हमें अपने चरित्र की मनोहरता का भागी होने के लिए बुलाया है। हम अपने पार्थिव जीवन में उसे भली-भांति प्रतिबिंबित करने नहीं पाते हैं, परन्तु स्वर्ग में, हमारे पाप और दुःख नहीं रहेंगे, और तब हमें उसे पूर्ण रीति से प्रतिबिंबित करने पाएंगे। यही हमारे लिए परमेश्वर का अनुग्रह है। - डेविड एच. रोपर

प्रभु यीशु के क्रूस में होकर मसीही विश्वासी परमेश्वर की दृष्टि में सिद्ध ठहरते हैं।

पर जैसा तुम्हारा बुलाने वाला पवित्र है, वैसे ही तुम भी अपने सारे चाल चलन में पवित्र बनो। क्योंकि लिखा है, कि पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूं। - 1 पतरस 1:15-16

बाइबल पाठ: 1 पतरस 5:8-12
1 Peter 5:8 सचेत हो, और जागते रहो, क्योंकि तुम्हारा विरोधी शैतान गर्जने वाले सिंह के समान इस खोज में रहता है, कि किस को फाड़ खाए।
1 Peter 5:9 विश्वास में दृढ़ हो कर, और यह जान कर उसका साम्हना करो, कि तुम्हारे भाई जो संसार में हैं, ऐसे ही दुख भुगत रहे हैं।
1 Peter 5:10 अब परमेश्वर जो सारे अनुग्रह का दाता है, जिसने तुम्हें मसीह में अपनी अनन्त महिमा के लिये बुलाया, तुम्हारे थोड़ी देर तक दुख उठाने के बाद आप ही तुम्हें सिद्ध और स्थिर और बलवन्‍त करेगा।
1 Peter 5:11 उसी का साम्राज्य युगानुयुग रहे। आमीन।
1 Peter 5:12 मैं ने सिलवानुस के हाथ, जिसे मैं विश्वासयोग्य भाई समझता हूं, संक्षेप में लिख कर तुम्हें समझाया है और यह गवाही दी है कि परमेश्वर का सच्चा अनुग्रह यही है, इसी में स्थिर रहो।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 13-15
  • मत्ती 5:1-26



शनिवार, 4 जनवरी 2020

भरोसा


      बॉस्टन ग्लोब में लिखने वाले एक लेखक, जेफ़ जेकोबी ने लिखा, “विशेषज्ञों में एक विलक्षण प्रतिभा होती है, बातों का बिलकुल भयावह रूप से गलत और अपेक्षा के बिलकुल विपरीत आँकलन एवं अनुमान प्रदान करने की।” इतिहास पर एक झलक डालने से हम  पाते हैं कि उसका कहना बिलकुल सही है। उदाहरण के लिए, महान अविष्कारक थॉमस एडिसन ने एक बार कहा था कि बोलने वाली फ़िल्में कभी भी मूक फिल्मों का स्थान नहीं लेने पाएंगी। हेनरी फोर्ड ने 1928 में घोषणा करी कि “लोग अब इतने समझदार हो चले हैं कि अब फिर कभी कोई और युद्ध नहीं होगा।” अनेकों विशेषज्ञों द्वारा की गयी ऐसी ही अनेकों गलत भविष्यवाणियाँ जेफ़ की कही गई बात का प्रमाण हैं। स्पष्ट है कि प्रतिभा और बुद्धिमता की भी अपनी ही सीमाएं होती हैं।

      केवल एक ही है जिस पर पूरा भरोसा किया जा सकता है, जिसकी कोई बात कभी गलत प्रमाणित नहीं हुई है, और ‘विशेषज्ञ’ कहलाए जाने वालों के लिए वह कुछ कठोर शब्द कहता है। परमेश्वर के वचन बाइबल से हम देखते हैं कि प्रभु यीशु मसीह के पृथ्वी के दिनों के धार्मिक अगुवे सत्य की पहचान रखने का दावा करते थे। वे धर्मशास्त्री और विद्वान समझते थे कि जब प्रतिज्ञा किया हुआ मसीहा आएगा तो वह कैसा होगा, इसका उन्हें अच्छे से पता है। परन्तु उन्होंने प्रभु यीशु मसीह को, प्रभु के द्वारा दिए गए समस्त प्रमाणों और स्पष्टीकरणों के बावजूद न तो पहचाना और न ही उस पर विश्वास किया।

      प्रभु यीशु ने उन्हें सचेत किया, “तुम पवित्र शास्त्र में ढूंढ़ते हो, क्योंकि समझते हो कि उस में अनन्त जीवन तुम्हें मिलता है, और यह वही है, जो मेरी गवाही देता है। फिर भी तुम जीवन पाने के लिये मेरे पास आना नहीं चाहते” (यूहन्ना 5:39-40)।

      इस नए वर्ष के आरंभ होने पर हम इस वर्ष के लिए अनेकों भविष्यवाणियाँ सुनेंगे और पढ़ेंगे, कुछ बहुत ही भयावह होंगी तो कुछ अत्याधिक सुखद और आशावान; और इन सभी को बड़े भरोसे और अधिकार के साथ बताया जाएगा। इन्हें सुनकर न तो चिंतित या निराश हों और न ही लापरवाह। हम मसीही विश्वासियों का भरोसा मनुष्यों की बातों पर नहीं वरन उस पर है जिसने सृष्टि को रचा है और जो उसका नियंत्रण एवं संचालन करता है – प्रभु यीशु मसीह पर। प्रभु परमेश्वर के वचन पर दृढ़ और स्थिर बने रहें, उस पर पूर्ण भरोसा बनाए रखें, क्योंकि हम मसीही विश्वासियों के जीवनों और भविष्य को निर्धारित एवं संचालित करने वाला हमारा प्रभु ही है। - टिम गुस्ताफ्सन

भविष्य को जानना अनिश्चित है; 
अपने लिए निश्चित कर लें कि आप उसे जानते हैं जिसके हाथ में भविष्य है।

पर तुम चौकस रहो: देखो, मैं [प्रभु यीशु] ने तुम्हें सब बातें पहिले ही से कह दी हैं। - मरकुस 13:23

बाइबल पाठ: यूहन्ना 5:31-40
John 5:31 यदि मैं आप ही अपनी गवाही दूं; तो मेरी गवाही सच्ची नहीं।
John 5:32 एक और है जो मेरी गवाही देता है, और मैं जानता हूँ कि मेरी जो गवाही देता है वह सच्ची है।
John 5:33 तुम ने यूहन्ना से पुछवाया और उसने सच्चाई की गवाही दी है।
John 5:34 परन्तु मैं अपने विषय में मनुष्य की गवाही नहीं चाहता; तौभी मैं ये बातें इसलिये कहता हूं, कि तुम्हें उद्धार मिले।
John 5:35 वह तो जलता और चमकता हुआ दीपक था; और तुम्हें कुछ देर तक उस की ज्योति में, मगन होना अच्छा लगा।
John 5:36 परन्तु मेरे पास जो गवाही है वह यूहन्ना की गवाही से बड़ी है: क्योंकि जो काम पिता ने मुझे पूरा करने को सौंपा है अर्थात यही काम जो मैं करता हूं, वे मेरे गवाह हैं, कि पिता ने मुझे भेजा है।
John 5:37 और पिता जिसने मुझे भेजा है, उसी ने मेरी गवाही दी है: तुम ने न कभी उसका शब्द सुना, और न उसका रूप देखा है।
John 5:38 और उसके वचन को मन में स्थिर नहीं रखते क्योंकि जिसे उसने भेजा उस की प्रतीति नहीं करते।
John 5:39 तुम पवित्र शास्त्र में ढूंढ़ते हो, क्योंकि समझते हो कि उस में अनन्त जीवन तुम्हें मिलता है, और यह वही है, जो मेरी गवाही देता है।
John 5:40 फिर भी तुम जीवन पाने के लिये मेरे पास आना नहीं चाहते।

एक साल में बाइबल: 

  • उत्पत्ति 10-12 
  • मत्ती 4

शुक्रवार, 3 जनवरी 2020

महिमा



      यूरोप घूमने का एक आनन्द है वहाँ स्थित उन भव्य और विशाल चर्च भवनों (कैथीड्रल्स) को देख पाना जो वहाँ के अनेकों स्थानों पर बने हुए हैं। वे भवन बहुत सुन्दर हैं और ऊँचें हैं। उनकी वस्तुकला, उनके अंदर बनी कलाकृतियाँ, और उन सब में पाई जाने वाली प्रतीकात्मकता एक भव्य तथा चम्तकारिक अनुभव प्रदान करती है।

      मैं जब यह सोच रहा था कि इन भवनों को परमेश्वर की महिमा और कल्पना से भी परे उसके वैभव की अनुभूति देने के लिए बनाया गया था, तब साथ ही मेरे मन में यह विचार भी आया कि हम अपने हृदय और मस्तिष्क में परमेश्वर की इस महान महिमा और वैभव को कैसे सजीव रख सकते हैं जिससे हमें बारंबार उसकी महानता का एहसास होता रहे।

      ऐसा करने का एक तरीका हो सकता मानव-निर्मित भव्य रचनाओं से दृष्टि ऊपर उठा कर परमेश्वर की रचना की महानता पर विचार करें। सितारों से भारे रात के आकाश को देखने से ही परमेश्वर की उस सामर्थ्य का एहसास होने लगता है जिसके द्वारा उसने कहा और यह सब हो गया। एक नवजात शिशु को अपने हाथों में लें और और जीवन के आश्चर्यकर्म के लिए परमेश्वर का धन्यवाद करें। बर्फ से ढके ऊंचे पहाड़ों और विशाल महासागरों तथा उनमें रहने वाले असंख्य परमेश्वर द्वारा रचे गए जीवों के बारे में विचार करें, और उस सामर्थ्य की कल्पना करने का प्रयास करें जो इन सब को संभव तथा परस्पर ताल-मेल के साथ बनाए रखने तथा चलाने के लिए आवश्यक है।

      परमेश्वर की ओर संकेत करने वाली भव्य गगन-चुंबी इमारतें बनाने में मनुष्यों ने कुछ गलत नहीं किया है। परन्तु हमारी सबसे सच्ची सराहना और प्रशंसा परमेश्वर के वचन के इस पद, “हे यहोवा! महिमा, पराक्रम, शोभा, सामर्थ्य और वैभव, तेरा ही है; क्योंकि आकाश और पृथ्वी में जो कुछ है, वह तेरा ही है; हे यहोवा! राज्य तेरा है, और तू सभों के ऊपर मुख्य और महान ठहरा है” (1 इतिहास 29:11) के अनुसार, परमेश्वर ही के लिए होनी चाहिए। - डेव ब्रैनन

केवल परमेश्वर ही हमारी आराधना के योग्य है।

आकाश ईश्वर की महिमा वर्णन कर रहा है; और आकशमण्डल उसकी हस्तकला को प्रगट कर रहा है। - भजन 19:1

बाइबल पाठ: 1 इतिहास 29:10-13

1 Chronicles 29:10 तब दाऊद ने सारी सभा के सम्मुख यहोवा का धन्यवाद किया, और दाऊद ने कहा, हे यहोवा! हे हमारे मूल पुरुष इस्राएल के परमेश्वर! अनादिकाल से अनन्तकाल तक तू धन्य है।
1 Chronicles 29:11 हे यहोवा! महिमा, पराक्रम, शोभा, सामर्थ्य और वैभव, तेरा ही है; क्योंकि आकाश और पृथ्वी में जो कुछ है, वह तेरा ही है; हे यहोवा! राज्य तेरा है, और तू सभों के ऊपर मुख्य और महान ठहरा है।
1 Chronicles 29:12 धन और महिमा तेरी ओर से मिलती हैं, और तू सभों के ऊपर प्रभुता करता है। सामर्थ्य और पराक्रम तेरे ही हाथ में हैं, और सब लोगों को बढ़ाना और बल देना तेरे हाथ में है।
1 Chronicles 29:13 इसलिये अब हे हमारे परमेश्वर! हम तेरा धन्यवाद और तेरे महिमायुक्त नाम की स्तुति करते हैं।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 7-9
  • मत्ती 3



गुरुवार, 2 जनवरी 2020

दृढ़



      मैं जिस दफ्तर में काम करता हूँ, एक दिन उसके भवन की एक दीवार के साथ-साथ चलते हुए मैंने कॉन्क्रीट के स्लेबस के बीच की दरार में से होकर एक पौधे को उगे हुए और उसमें बहुत सुन्दर फूल को लगे हुए देखा। मैं उसे देखकर बहुत चकित हुआ; उसकी विपरीत परिस्थितयों के बावजूद उस पौधे को उसे बंजर दरार में जड़ जमाने का स्थान मिल गया था और वह पनप तथा फूल रहा था। बाद में मैंने देखा कि उस पौधे के ऊपर लगे हुए एक एयर कंडिश्नर से दिन भर टपकती हुई पानी की बूँदें उसे तर रखती थीं। यद्यपि उस पौधे के लिए परिस्थितियाँ सहायक नहीं थीं परन्तु ‘ऊपर’ से आने वाली ‘सहायता’ ने उसे पनपने और फूल लाने वाला बना दिया था।

      मसीही जीवन में बढ़ना भी कभी-कभी कठिन हो सकता है, परन्तु जब हम मसीह यीशु के साथ दृढ़ बने रहते हैं तो बाधाओं पर पार पाया जा सकता है। हो सकता है कि हमारी परिस्थितियाँ प्रतिकूल हों और निराशाएं बाधा बन जाएँ। परन्तु यदि हम प्रभु यीशु के साथ अपने संबंध में दृढ़ बने रहेंगे तो हम उस अकेले पौधे के समान पनपेंगे और फूलेंगे भी। परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि प्रेरित पौलुस का भी यही अनुभव था। उन अत्यंत कठिन परिस्थितियों और परीक्षाओं के बावजूद जिनका उसे सामना करना पड़ा (2 कुरिन्थियों 11:23-27) उसने हार नहीं मानी; वह प्रभु में दृढ़ बना ही रहा। वह लिखता है, “यह मतलब नहीं, कि मैं पा चुका हूं, या सिद्ध हो चुका हूं: पर उस पदार्थ को पकड़ने के लिये दौड़ा चला जाता हूं, जिस के लिये मसीह यीशु ने मुझे पकड़ा था। निशाने की ओर दौड़ा चला जाता हूं, ताकि वह इनाम पाऊं, जिस के लिये परमेश्वर ने मुझे मसीह यीशु में ऊपर बुलाया है” (फिलिप्पियों 3:12, 14)।

      पौलुस को यह भरोसा था कि वह प्रभु की सहायता से सब कुछ कर सकता है (4:13)। यदि हम भी पौलुस के समान प्रत्येक परिस्थिति में प्रभु के साथ दृढ़ बने रहें, तो हम भी सब कुछ कर सकेंगे। - लौरेंस दरमानी

हमें दृढ़ बने रहने और बढ़ने के लिए जिस बल की आवश्यकता है, 
परमेश्वर हमें प्रदान करता है।

जो मुझे सामर्थ्य देता है उस में मैं सब कुछ कर सकता हूं। - फिलिप्पियों 4:13

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 3:7-14
Philippians 3:7 परन्तु जो जो बातें मेरे लाभ की थीं, उन्‍हीं को मैं ने मसीह के कारण हानि समझ लिया है।
Philippians 3:8 वरन मैं अपने प्रभु मसीह यीशु की पहिचान की उत्तमता के कारण सब बातों को हानि समझता हूं: जिस के कारण मैं ने सब वस्‍तुओं की हानि उठाई, और उन्हें कूड़ा समझता हूं, जिस से मैं मसीह को प्राप्त करूं।
Philippians 3:9 और उस में पाया जाऊं; न कि अपनी उस धामिर्कता के साथ, जो व्यवस्था से है, वरन उस धामिर्कता के साथ जो मसीह पर विश्वास करने के कारण है, और परमेश्वर की ओर से विश्वास करने पर मिलती है।
Philippians 3:10 और मैं उसको और उसके मृत्युंजय की सामर्थ को, और उसके साथ दुखों में सहभागी हाने के मर्म को जानूँ, और उस की मृत्यु की समानता को प्राप्त करूं।
Philippians 3:11 ताकि मैं किसी भी रीति से मरे हुओं में से जी उठने के पद तक पहुंचूं।
Philippians 3:12 यह मतलब नहीं, कि मैं पा चुका हूं, या सिद्ध हो चुका हूं: पर उस पदार्थ को पकड़ने के लिये दौड़ा चला जाता हूं, जिस के लिये मसीह यीशु ने मुझे पकड़ा था।
Philippians 3:13 हे भाइयों, मेरी भावना यह नहीं कि मैं पकड़ चुका हूं: परन्तु केवल यह एक काम करता हूं, कि जो बातें पीछे रह गई हैं उन को भूल कर, आगे की बातों की ओर बढ़ता हुआ।
Philippians 3:14 निशाने की ओर दौड़ा चला जाता हूं, ताकि वह इनाम पाऊं, जिस के लिये परमेश्वर ने मुझे मसीह यीशु में ऊपर बुलाया है।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 4-6
  • मत्ती 2



बुधवार, 1 जनवरी 2020

आरंभ



      सभी पाठकों को नव-वर्ष की शुभ कामनाएं।

      दिसंबर के अंत में जब क्रिसमस से संबंधित उत्सव मनाने की सभी प्रक्रियाएं समाप्त हो जाती हैं, तो मेरे विचार आने वाले वर्ष की और जाते हैं। जब मेरे बच्चे स्कूल गए हुए होते हैं, और हमारी दिनचर्या की कार्यवाही कुछ धीमी चल रही होते है, मैं मनन करती हूँ कि पिछला वर्ष मुझे कहाँ तक लेकर आया और नए वर्ष से मुझे क्या आशा है कि वह मुझे कहाँ ले जाएगा। यह मनन कभी-कभी दुःख और खेद से भर देता है, उन गलतियों के कारण जो मैंने की हैं। किन्तु नए वर्ष का नया आरंभ मुझे नई आशा और अपेक्षा से भर देता है। मुझे लगता है कि, पिछला वर्ष चाहे जैसा भी रहा हो, अब मेरे पास एक नया आरंभ करने का अवसर है।

      नए आरंभ की मेरी आशा उन बंधुए इस्राएलियों की आशा के सामने बहुत छोटी होगी जो उन्होंने वापस अपने देश लौट जाने की अनुमति मिलने के समाचार से मिली। परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि फारस के राजा कुस्रू ने उन्हें बाबुल में सत्तर वर्ष की बंधुवाई पूरी होने के बाद वापस यहूदा लौट जाने की स्वतंत्रता प्रदान कर दी। उससे पहले का एक राजा नबूकदनेस्सर उन्हें बंधुआ बना कर ले आया था। परन्तु प्रभु परमेश्वर ने कुस्रू को प्रेरित किया कि वह इस्राएलियों को वापस उनके घर को भेजे जिससे वे यरूशलेम में परमेश्वर के मंदिर का पुनःनिर्माण कर सकें (एज्रा 1:2-3)। कुस्रू ने मंदिर से लूट कर लाए गए खज़ाने को भी उन्हें लौटा दिया। परमेश्वर द्वारा उनके लिए नियुक्त देश में, परमेश्वर के चुने हुए लोग होने का उनका जीवन, उनके पाप के कारण उनपर आई बाबुल में लम्बी बंधुवाई के समय के समाप्ति के बाद फिर से आरंभ होने जा रहा था।

      हम मसीही विश्वासियों के लिए आशा और आनन्द का महान कारण है; हमारे जीवनों में पीछे कुछ भी रहा हो, जब हम अपने पापों को मान लेते हैं, तो परमेश्वर हमें क्षमा करके हमें एक नया आरंभ प्रदान करता है। - कर्स्टन होल्मबर्ग

परमेश्वर का अनुग्रह हमें एक नया आरंभ प्रदान करता है।

यदि हम अपने पापों को मान लें, तो वह हमारे पापों को क्षमा करने, और हमें सब अधर्म से शुद्ध करने में विश्वासयोग्य और धर्मी है। - 1 यूहन्ना 1:9

बाइबल पाठ: एजरा 1:1-11
Ezra 1:1 फारस के राजा कुस्रू के पहिले वर्ष में यहोवा ने फारस के राजा कुस्रू का मन उभारा कि यहोवा का जो वचन यिर्मयाह के मुंह से निकला था वह पूरा हो जाए, इसलिये उसने अपने समस्त राज्य में यह प्रचार करवाया और लिखवा भी दिया:
Ezra 1:2 कि फारस का राजा कुस्रू यों कहता है: कि स्वर्ग के परमेश्वर यहोवा ने पृथ्वी भर का राज्य मुझे दिया है, और उसने मुझे आज्ञा दी, कि यहूदा के यरूशलेम में मेरा एक भवन बनवा।
Ezra 1:3 उसकी समस्त प्रजा के लोगों में से तुम्हारे मध्य जो कोई हो, उसका परमेश्वर उसके साथ रहे, और वह यहूदा के यरूशलेम को जा कर इस्राएल के परमेश्वर यहोवा का भवन बनाए - जो यरूशलेम में है वही परमेश्वर है।
Ezra 1:4 और जो कोई किसी स्थान में रह गया हो, जहां वह रहता हो, उस स्थान के मनुष्य चान्दी, सोना, धन और पशु दे कर उसकी सहायता करें और इस से अधिक परमेश्वर के यरूशलेम के भवन के लिये अपनी अपनी इच्छा से भी भेंट चढ़ाएं।
Ezra 1:5 तब यहूदा और बिन्यामीन के जितने पितरों के घरानों के मुख्य पुरूषों और याजकों और लेवियों का मन परमेश्वर ने उभारा था कि जा कर यरूशलेम में यहोवा के भवन को बनाएं, वे सब उठ खड़े हुए;
Ezra 1:6 और उनके आसपास सब रहने वालों ने चान्दी के पात्र, सोना, धन, पशु और अनमोल वस्तुएं देकर, उनकी सहायता की; यह उन सब से अधिक था, जो लोगों ने अपनी अपनी इच्छा से दिया।
Ezra 1:7 फिर यहोवा ने भवन के जो पात्र नबूकदनेस्सर ने यरूशलेम से निकाल कर अपने देवता के भवन में रखे थे,
Ezra 1:8 उन को कुस्रू राजा ने, मिथूदात खजांची से निकलवा कर, यहूदियों के शेशबस्सर नाम प्रधान को गिन कर सौंप दिया।
Ezra 1:9 उनकी गिनती यह थी, अर्थात सोने के तीस और चान्दी के एक हजार परात और उनतीस छुरी,
Ezra 1:10 सोने के तीस और मघ्यम प्रकार के चान्दी के चार सौ दस कटोरे तथा और प्रकार के पात्र एक हजार।
Ezra 1:11 सोने चान्दी के पात्र सब मिल कर पांच हजार चार सौ थे। इन सभों को शेशबस्सर उस समय ले आया जब बन्धुए बाबुल से यरूशलेम को आए।

एक साल में बाइबल: 
  • उत्पत्ति 1-3
  • मत्ती 1



मंगलवार, 31 दिसंबर 2019

स्मृतियाँ



      परमेश्वर के स्तुतिगान के स्वरों से भरे चर्च में प्रवेश करते ही मैंने उस नए-साल की पूर्व संध्या पर एकत्रित हुए लोगों की भीड़ को देखा, और उसपर एक नज़र दौड़ाई। उन सब को देखकर मेरा हृदय आनन्द और आशा से भर गया; मुझे बीते हुए वर्ष की प्रार्थनाएं स्मरण हो आईं। हमारी चर्च-मण्डली ने सामूहिक रूप से बिगड़े हुए बच्चों, प्रिय जनों के देहांत, लोगों के कार्यों की हानि, और टूटे हुए रिश्तों के लिए शोक मनाया था, उनके लिए प्रार्थनाएं की थीं। हमने परमेश्वर के अनुग्रह का स्वाद भी चखा था जब हमने हृदयों को परिवर्तित होते, और व्यक्तिगत संबंधों को सुधरते हुए देखा था। हमने साथ मिलकर विजयों, विवाहों, दीक्षांत समारोहों, और परमेश्वर के परिवार में सम्मिलित होते समय बप्तिस्मों का उत्सव मनाया था। हमने मण्डली में जन्में, या गोद लिए गए, या परमेश्वर को समर्पित किए गए बच्चों का भी स्वागत किया था।

      हमारे चर्च-मण्डली परिवार ने जिन परेशानियों और परीक्षाओं का अनुभव किया, उन्हें स्मरण करते समय, वैसे ही जैसे यिर्मयाह ने अपने दुःख और मारे-मारे फिरने” को स्मरण किया था (विलापगीत 3:19), मुझे भी यिर्मयाह ही के समान यही विश्वास था कि “हम मिट नहीं गए; यह यहोवा की महाकरुणा का फल है, क्योंकि उसकी दया अमर है” (पद 22)। उस भविष्यद्वकता ने अपने आपको बीते समय में परमेश्वर की विश्वासयोग्यता के द्वारा आश्वस्त किया, और उसके शब्दों “जो यहोवा की बाट जोहते और उसके पास जाते हैं, उनके लिये यहोवा भला है” (पद 25) ने मुझे भी शान्ति और सांत्वना दी।

      उस रात्रि, हमारी मण्डली का प्रत्येक सदस्य परमेश्वर के जीवन परिवर्तित करने वाले प्रेम का प्रतीक था। आते वर्ष में हमें चाहे जिस भी बात का सामना करना पड़े, मसीह की परस्पर निर्भर देह के अंग होने के नाते, हम उन सभी पर जयवंत रहने के लिए अपने प्रभु परमेश्वर पर भरोसा बनाए रख सकते हैं। और जब हम उसके खोजी तथा एक-दूसरे के सहायक बने रहते हैं, तो हम भी यिर्मयाह के समान अपने विश्वास की पुष्टि और दृढ़ होने की आशा, अपनी प्रेरणादायक स्मृतियों के द्वारा बनाए रख सकते हैं; क्योंकि यह सब परमेश्वर के कभी न बदलने वाले चरित्र और विश्वासयोग्यता पर आधारित है। - जोशील डिक्सन

हम जब नए वर्ष की ओर देखते हैं, 
तो हम यह कभी न भूलें कि 
परमेश्वर सदैव विश्वासयोग्य बना रहा है और बना रहेगा।

आहा, तेरी भलाई क्या ही बड़ी है जो तू ने अपने डरवैयों के लिये रख छोड़ी है, और अपने शरणागतों के लिये मनुष्यों के साम्हने प्रगट भी की है! – भजन 31:19

बाइबल पाठ: विलापगीत 3:19-26
Lamentations 3:19 मेरा दु:ख और मारा मारा फिरना, मेरा नागदौने और-और विष का पीना स्मरण कर!
Lamentations 3:20 मैं उन्हीं पर सोचता रहता हूँ, इस से मेरा प्राण ढला जाता है।
Lamentations 3:21 परन्तु मैं यह स्मरण करता हूँ, इसीलिये मुझे आाशा है:
Lamentations 3:22 हम मिट नहीं गए; यह यहोवा की महाकरुणा का फल है, क्योंकि उसकी दया अमर है।
Lamentations 3:23 प्रति भोर वह नई होती रहती है; तेरी सच्चाई महान है।
Lamentations 3:24 मेरे मन ने कहा, यहोवा मेरा भाग है, इस कारण मैं उस में आशा रखूंगा।
Lamentations 3:25 जो यहोवा की बाट जोहते और उसके पास जाते हैं, उनके लिये यहोवा भला है।
Lamentations 3:26 यहोवा से उद्धार पाने की आशा रख कर चुपचाप रहना भला है।

एक साल में बाइबल: 
  • मलाकी 1-4
  • प्रकाशितवाक्य 22