ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

रविवार, 10 नवंबर 2013

बढ़ना - घटना


   जब शेरी की मंगनी हुई तो उसकी अविवाहिता सहेली एमी ने शेरी के साथ आनन्द मनाया। जब शेरी के विवाह का समय आया तो एमी उसके साथ रही, उसके लिए विवाह वस्त्र तैयार करवाए, शेरी को विवाह के लिए सजा-संवार कर तैयार किया और विवाह संबंधित सभी बातों और अनुष्ठानों में आनन्द के साथ शेरी का साथ दिया। एमी के व्यवहार में शेरी के जीवन साथी पाने और अपने अकेले रह जाने को लेकर कभी कोई बदलाव नहीं आया। जब शेरी के बच्चे हुए तब भी एमी ने अपनी सहेली के साथ खुशियाँ मनाईं और उन बच्चों की देखभाल में सहायता करी।

   बाद में शेरी ने एमी से कहा, "तुम ने मुझे कठिन समयों में संभाला है, लेकिन जिस बात से मैं अपने प्रति तुम्हारे प्रेम को विशेष रीति से जानने पाई वह थी तुम्हारा मेरी हर खुशी में मेरे साथ आनन्दित होना। मुझे मिल रही खुशियों को लेकर किसी प्रकार के किसी भी द्वेष या ईर्ष्या को तुमने हमारे बीच में आने नहीं दिया, बस मेरे साथ मेरी खुशियों में आनन्दित बनी रहीं।"

   जब यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के चेलों ने आकर उसे कहा कि यीशु भी चेले बना रहा है और लोगों में उसकी ख्याति बढ़ रही है, तो उन्हें लगा कि यूहन्ना को इससे ईर्ष्या होगी (यूहन्ना 3:26)। उन्होंने उससे से कहा, "वह बपतिस्मा देता है और सब उसके पास आ रहे हैं।" लेकिन यूहन्ना प्रभु यीशु की सेवकाई और लोकप्रीयता से आनन्दित हुआ और कहा, "तुम तो आप ही मेरे गवाह हो, कि मैं ने कहा, मैं मसीह नहीं, परन्तु उसके आगे भेजा गया हूं। जिस की दुलहिन है, वही दूल्हा है: परन्तु दूल्हे का मित्र जो खड़ा हुआ उस की सुनता है, दूल्हे के शब्द से बहुत हर्षित होता है; अब मेरा यह हर्ष पूरा हुआ है" (यूहन्ना 3:28-29)।

   मसीही विश्वासी होने के नाते नम्रता का यही आचरण हमारे भी चरित्र का अभिन्न अँग होना चाहिए। जो कुछ भी हम करें वह लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए नहीं वरन अपने तथा समस्त जगत के उद्धारकर्ता प्रभु यीशु मसीह की ओर लोगों का ध्यान करने के लिए होना चाहिए। जैसा यूहन्ना ने कहा, हमारे जीवनों में भी "अवश्य है कि वह बढ़े और मैं घटूं" (यूहन्ना 3:30)। - एनी सेटास


यदि अपने जीवनों में हम मसीह को बढ़ते हुए देखना चाहते हैं तो हमें घटना होगा।

अवश्य है कि वह बढ़े और मैं घटूं। - यूहन्ना 3:30

बाइबल पाठ: यूहन्ना 3:22-36
John 3:22 इस के बाद यीशु और उसके चेले यहूदिया देश में आए; और वह वहां उन के साथ रहकर बपतिस्मा देने लगा। 
John 3:23 और यूहन्ना भी शालेम् के निकट ऐनोन में बपतिस्मा देता था। क्योंकि वहां बहुत जल था और लोग आकर बपतिस्मा लेते थे। 
John 3:24 क्योंकि यूहन्ना उस समय तक जेलखाने में नहीं डाला गया था। 
John 3:25 वहां यूहन्ना के चेलों का किसी यहूदी के साथ शुद्धि के विषय में वाद-विवाद हुआ। 
John 3:26 और उन्होंने यूहन्ना के पास आकर उस से कहा, हे रब्बी, जो व्यक्ति यरदन के पार तेरे साथ था, और जिस की तू ने गवाही दी है देख, वह बपतिस्मा देता है, और सब उसके पास आते हैं। 
John 3:27 यूहन्ना ने उत्तर दिया, जब तक मनुष्य को स्वर्ग से न दिया जाए तब तक वह कुछ नहीं पा सकता।
John 3:28 तुम तो आप ही मेरे गवाह हो, कि मैं ने कहा, मैं मसीह नहीं, परन्तु उसके आगे भेजा गया हूं। 
John 3:29 जिस की दुलहिन है, वही दूल्हा है: परन्तु दूल्हे का मित्र जो खड़ा हुआ उस की सुनता है, दूल्हे के शब्द से बहुत हर्षित होता है; अब मेरा यह हर्ष पूरा हुआ है। 
John 3:30 अवश्य है कि वह बढ़े और मैं घटूं।
John 3:31 जो ऊपर से आता है, वह सर्वोत्तम है, जो पृथ्वी से आता है वह पृथ्वी का है; और पृथ्वी की ही बातें कहता है: जो स्वर्ग से आता है, वह सब के ऊपर है। 
John 3:32 जो कुछ उसने देखा, और सुना है, उसी की गवाही देता है; और कोई उस की गवाही ग्रहण नहीं करता।
John 3:33 जिसने उस की गवाही ग्रहण कर ली उसने इस बात पर छाप दे दी कि परमेश्वर सच्चा है। 
John 3:34 क्योंकि जिसे परमेश्वर ने भेजा है, वह परमेश्वर की बातें कहता है: क्योंकि वह आत्मा नाप नापकर नहीं देता। 
John 3:35 पिता पुत्र से प्रेम रखता है, और उसने सब वस्तुएं उसके हाथ में दे दी हैं। 
John 3:36 जो पुत्र पर विश्वास करता है, अनन्त जीवन उसका है; परन्तु जो पुत्र की नहीं मानता, वह जीवन को नहीं देखेगा, परन्तु परमेश्वर का क्रोध उस पर रहता है।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 48-49 
  • इब्रानियों 7


शनिवार, 9 नवंबर 2013

प्रतीक्षा


   मेरे प्रदेश मिशिगन में शरद ऋतु शिकार करने का समय होता है। कुछ सप्ताहों के लिए शिकारी शिकार करने का लाईसेन्स लेकर कुछ प्रकार के वन्य-जीवों का शिकार कर सकते हैं। कुछ शिकारी शिकार के लिए पेड़ों पर मचान बना कर धरती से काफी ऊँचाई पर जाकर बैठ जाते हैं और शांति-पूर्वक किसी शिकार योग्य जानवर के निकट आने की प्रतीक्षा करते रहते हैं। जिन्हें अपने मचान के स्थान पर और अपने शिकार कौशल पर विश्वास होता है वे लंबी प्रतीक्षा कर लेते हैं, जो अभी नए शिकारी हैं, उन्हें लंबी प्रतीक्षा करना कुछ भारी लगता है, वे अधीर रहते हैं।

   जब मैं उन शिकारियों के धैर्य के विषय में सोचती हूँ जो घंटों ऐसे ही बैठे जानवरों के आने की प्रतीक्षा करते रहते हैं, तो मेरा ध्यान इस बात की ओर जाता है कि परमेश्वर को समय देने के लिए हम कितने अधीर हो उठते हैं! हम अकसर प्रतीक्षा को बर्बादी के साथ जोड़ कर देखते हैं। यदि हमें किसी बात की अथवा किसी जन की प्रतीक्षा करनी पड़ती है तो हमें लगता है कि हम कुछ भी नहीं कर पा रहे हैं, और हमारे तुरंत परिणाम एवं उपलब्धि पाने की लालसा रखने वाले समाज में यह प्रतीक्षा समय की बर्बादी मानी जाती है।

   लेकिन प्रतीक्षा कुछ उद्देश्य भी पूरे करती है, जिनमें से एक है हमारे विश्वास को प्रमाणित करना। जिनका विश्वास कमज़ोर होता है वे अधिक प्रतीक्षा नहीं करने पाते, लेकिन जिनका विश्वास दृढ़ होता है वे लंबे समय तक प्रतीक्षा कर लेते हैं - यह बात केवल आत्मिक संदर्भ में ही नहीं, वरन परस्पर मानवीय संबंधों पर भी उतनी ही लागू होती है।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में हम लूका के 2 अध्याय में, प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित घटनाओं में हम दो जनों शमौन और हन्नाह का उल्लेख पाते हैं, जिन्हें बहुत समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। उन दोनों को परमेश्वर की ओर से आश्वासन था कि जब तक वे परमेश्वर द्वारा भेजे गए समस्त जगत के उद्धारकर्ता को अपनी आँखों से देख नहीं लेंगे, वे संसार से विदा नहीं होंगे; और प्रभु यीशु के आगमन कि प्रतीक्षा में उन दोनों ने परमेश्वर के मन्दिर में प्रार्थना और धार्मिकता के जीवन के साथ एक लंबी उम्र बिताई। उनकी यह प्रतीक्षा और इस प्रतीक्षा के साथ उनका प्रार्थना तथा धार्मिकता का जीवन अनेक लोगों के लिए गवाही बना, और आज भी मसीही विश्वासियों के लिए शिक्षा का स्त्रोत है।

   प्रार्थना का तुरंत उत्तर ना मिलना विश्वास को छोड़ देने का कारण नहीं होना चाहिए। विश्वास की परिपक्वता प्रतीक्षा को दिए गए समय से भी आँकी जा सकती है। - जूली ऐकैर्मैन लिंक


परमेश्वर के उत्तर की प्रतीक्षा कभी समय की बर्बादी नहीं होती।

तौभी यहोवा इसलिये विलम्ब करता है कि तुम पर अनुग्रह करे, और इसलिये ऊंचे उठेगा कि तुम पर दया करे। क्योंकि यहोवा न्यायी परमेश्वर है; क्या ही धन्य हैं वे जो उस पर आशा लगाए रहते हैं। - यशायाह 30:18

बाइबल पाठ: लूका 2:22-38
Luke 2:22 और जब मूसा की व्यवस्था के अनुसार उन के शुद्ध होने के दिन पूरे हुए तो वे उसे यरूशलेम में ले गए, कि प्रभु के सामने लाएं। 
Luke 2:23 (जैसा कि प्रभु की व्यवस्था में लिखा है कि हर एक पहिलौठा प्रभु के लिये पवित्र ठहरेगा)। 
Luke 2:24 और प्रभु की व्यवस्था के वचन के अनुसार पंडुकों का एक जोड़ा, या कबूतर के दो बच्‍चे ला कर बलिदान करें। 
Luke 2:25 और देखो, यरूशलेम में शमौन नाम एक मनुष्य था, और वह मनुष्य धर्मी और भक्त था; और इस्राएल की शान्‍ति की बाट जोह रहा था, और पवित्र आत्मा उस पर था। 
Luke 2:26 और पवित्र आत्मा से उसको चितावनी हुई थी, कि जब तक तू प्रभु के मसीह को देख ने लेगा, तक तक मृत्यु को न देखेगा। 
Luke 2:27 और वह आत्मा के सिखाने से मन्दिर में आया; और जब माता-पिता उस बालक यीशु को भीतर लाए, कि उसके लिये व्यवस्था की रीति के अनुसार करें। 
Luke 2:28 तो उसने उसे अपनी गोद में लिया और परमेश्वर का धन्यवाद कर के कहा, 
Luke 2:29 हे स्‍वामी, अब तू अपने दास को अपने वचन के अनुसार शान्‍ति से विदा करता है। 
Luke 2:30 क्योंकि मेरी आंखो ने तेरे उद्धार को देख लिया है। 
Luke 2:31 जिसे तू ने सब देशों के लोगों के साम्हने तैयार किया है। 
Luke 2:32 कि वह अन्य जातियों को प्रकाश देने के लिये ज्योति, और तेरे निज लोग इस्राएल की महिमा हो। 
Luke 2:33 और उसका पिता और उस की माता इन बातों से जो उसके विषय में कही जाती थीं, आश्चर्य करते थे। 
Luke 2:34 तब शमौन ने उन को आशीष देकर, उस की माता मरियम से कहा; देख, वह तो इस्राएल में बहुतों के गिरने, और उठने के लिये, और एक ऐसा चिन्ह होने के लिये ठहराया गया है, जिस के विरोध में बातें की जाएगीं -- 
Luke 2:35 वरन तेरा प्राण भी तलवार से वार पार छिद जाएगा-- इस से बहुत हृदयों के विचार प्रगट होंगे। 
Luke 2:36 और अशेर के गोत्र में से हन्नाह नाम फनूएल की बेटी एक भविष्यद्वक्तिन थी: वह बहुत बूढ़ी थी, और ब्याह होने के बाद सात वर्ष अपने पति के साथ रह पाई थी। 
Luke 2:37 वह चौरासी वर्ष से विधवा थी: और मन्दिर को नहीं छोड़ती थी पर उपवास और प्रार्थना कर कर के रात-दिन उपासना किया करती थी। 
Luke 2:38 और वह उस घड़ी वहां आकर प्रभु का धन्यवाद करने लगी, और उन सभों से, जो यरूशलेम के छुटकारे की बाट जोहते थे, उसके विषय में बातें करने लगी।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 46-47 
  • इब्रानियों 6


शुक्रवार, 8 नवंबर 2013

पड़ौस


   आपके रहने का स्थान आप को कुछ बातों का ध्यान रखने और मानने के लिए सावधान करता है; यदि आप ऐसा नहीं करते तो आप स्वयं और आपके द्वारा आपके पड़ौसी भी कठिनाईयों में पड़ सकते हैं। उदाहरण के लिए मेरे रहने के स्थान को ही लीजिए। हमारे इलाके में कूड़ा उठाने वाला मंगलवार की प्रातः ही आता है, इसलिए यह मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं सोमवार की देर रात को ही कूड़ा उठा कर बाहर सड़क की पटरी के किनारे पर रख दूँ। यदि मैं अपने घर का कूड़ा प्रतिदिन ही बाहर रखता रहूँ तो निश्चय ही मेरे पड़ौसी मुझे से अप्रसन्न रहेंगे, एतराज़ करेंगे। फिर, मेरे घर के आस-पास बहुत से छोटे बच्चे हैं जो बाहर खेलते रहते हैं, कभी-कभी वे अपनी गेंद या अन्य किसी खेल अथवा खिलौने के पीछे अचानक ही बाहर सड़क पर भाग कर आ जाते हैं, बिना यह देखे कि कोई गाड़ी तो नहीं आ रही है। इसलिए हम लोगों ने सड़क पर बहुत से संकेत लगा रखे हैं जिससे गाड़ी चलाने वालों को ध्यान रहे कि वे गाड़ी बहुत धीरे से चलाएं और बच्चों का ध्यान रखें। मुझे भी अपनी गाड़ी वहाँ धीरे से और ध्यान से चलानी होती है। निश्चय ही मेरा रहने का स्थान मेरे व्यवहार को निर्धारित करता है।

   हम मसीही विश्वासियों को भी यह ध्यान रखना चाहिए कि परमेश्वर ने "...हमें अन्धकार के वश से छुड़ाकर अपने प्रिय पुत्र के राज्य में प्रवेश कराया" (कुलुस्सियों 1:13)। अब प्रभु यीशु के राज्य और उस के पड़ौस में रहने के कारण हमारे व्यवहार में कुछ ऐसे मूलभूत परिवर्तन दिखाई देने चाहिएं जो हमारे आत्मिक ठिकाने के अनुरूप हों। इसीलिए रोम के विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में पौलुस उन्हें स्मरण दिलाता है कि परमेश्वर का राज्य सांसारिक बातों को लेकर तर्क और झगड़ों का स्थान नहीं है वरन धार्मिकता, शांति और आनन्द का स्थान है (रोमियों 14:17); अर्थात हमारे जीवन परमेश्वर के आत्मिक मानकों के अनुसार, तथा दूसरों को शांति एवं आनन्द देने वाले होने चाहिएं। जब हम ऐसे जीवन व्यतीत करते हैं तो यह ना केवल अन्य लोगों को वरन परमेश्वर को भी भाता है, प्रसन्न करता है (पद 18)।

  मसीही विश्वासी होने के नाते, यदि आप एक ऐसा पड़ौस बना लेंगे, तो भला कौन वहाँ नहीं रहना चाहेगा? - जो स्टोवैल


यदि आप परमेश्वर के राज्य के निवासी हैं, तो यह आप की जीवन-शैली में प्रकट होना चाहिए।

और धर्म का फल शांति और उसका परिणाम सदा का चैन और निश्चिन्त रहना होगा। - यशायाह 32:17

बाइबल पाठ: रोमियों 14:13-19
Romans 14:13 सो आगे को हम एक दूसरे पर दोष न लगाएं पर तुम यही ठान लो कि कोई अपने भाई के साम्हने ठेस या ठोकर खाने का कारण न रखे। 
Romans 14:14 मैं जानता हूं, और प्रभु यीशु से मुझे निश्चय हुआ है, कि कोई वस्तु अपने आप से अशुद्ध नहीं, परन्तु जो उसको अशुद्ध समझता है, उसके लिये अशुद्ध है। 
Romans 14:15 यदि तेरा भाई तेरे भोजन के कारण उदास होता है, तो फिर तू प्रेम की रीति से नहीं चलता: जिस के लिये मसीह मरा उसको तू अपने भोजन के द्वारा नाश न कर। 
Romans 14:16 अब तुम्हारी भलाई की निन्दा न होने पाए। 
Romans 14:17 क्योंकि परमेश्वर का राज्य खाना पीना नहीं; परन्तु धर्म और मिलाप और वह आनन्द है; 
Romans 14:18 जो पवित्र आत्मा से होता है और जो कोई इस रीति से मसीह की सेवा करता है, वह परमेश्वर को भाता है और मनुष्यों में ग्रहण योग्य ठहरता है। 
Romans 14:19 इसलिये हम उन बातों का प्रयत्न करें जिनसे मेल मिलाप और एक दूसरे का सुधार हो।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 43-45 
  • इब्रानियों 5


गुरुवार, 7 नवंबर 2013

निशाना और उद्देश्य


   ट्रैक्टर चलाने का वह मेरा पहला दिन था। प्रातः की ठण्डी बयार खेत से होकर बह रही थी; मैंने ट्रैक्टर के ईंजन को चलाया और उसकी आवाज़ के सामने खेत से आती झींगुरों की आवाज़ दब गई। मैंने जोतने वाले हल को नीचे धरती पर किया, ट्रैक्टर को गियर में डाला और खेत जोतता हुआ चल दिया। मैं ट्रैक्टर की शक्ति के बारे में सोचने लगा, उस पर लगे तेल, गति, ईंजन की कार्य-स्थिति आदि बताने वाले विभिन्न गेज पर नज़र दौड़ाने लगा, ट्रैक्टर घुमाने के लिए लगे स्टेरिंग को निहारने लगा। खेत के दुसरे छोर पर पहुँच कर मैंने इस आशा से पीछे मुड़ कर देखा कि जोती हूई भूमि पर हल से एक सीधी रेखा बनी हुई होगी, लेकिन मेरी आशा के विपरीत वह तो साँप की चाल के समान एक टेढ़ी-मेढ़ी रेखा थी।

   मैं समझ गया; मुझसे कहा गया था कि ट्रैक्टर चलाते समय ध्यान इधर-उधर नहीं वरन सामने लगी बाड़ के एक खंबे पर नज़र लगाए रखकर चलाना। सामने लगे उस खंबे पर नज़र लगाए रहने से ध्यान इधर-उधर नहीं जाता और चलाने वाला इस बात के लिए आश्वस्त रहता है कि खेत सीधी रेखाओं में जोता जा रहा है। वापस लौटते में मैंने ऐसा ही किया; अब मेरा ध्यान ट्रैक्टर की विभिन्न बातों पर नहीं वरन सामने वाले खंबे पर लगा हुआ था। इस बार दुसरे छोर पर पहुँच कर जब मैंने पीछे मुड़कर देखा तो जुताई की रेखा वास्तव में सीधी थी। पहले मैं एक बिन्दु पर केन्द्रित नहीं था, इसलिए जुताई की रेखा टेढ़ी-मेढ़ी रही, लेकिन दूसरी बार जब मैं एक बिन्दु पर ध्यान लगा कर जोतने लगा तब रेखा सीधी रही।

   मसीही जीवन को सिधाई से जीने का भी यही रहस्य है - मसीह यीशु पर ध्यान लगाए रखकर उसी की ओर बढ़ते चले जाना। प्रेरित पौलुस ने भी इसी बात को फिलिप्पियों के विश्वासियों को लिखी अपनी पत्री में बताया। पौलुस कहता है कि ना केवल उसने अपने ध्यान को इधर-उधर भटकने नहीं दिया (फिलिप्पियों 3:8, 13), वरन उसने अपना निशाना भी निर्धारित किया (पद 8, 14), यह ध्यान में रखते हुए कि इसका कैसा परिणाम होगा (पद 9-11), और दूसरों के लिए वह कैसा उदाहरण बनेगा (पद 16-17)।

   पौलुस के समान ही यदि हम मसीह यीशु पर ध्यान केंद्रित रखें तो हम भी अपने जीवन के लिए परमेश्वर के उद्देश्य को सीधी रीति से पूरा करने पाएंगे। आपका निशाना और उद्देश्य क्या है? कहीं संसार की लुभावनी बातें और सांसारिक उपलब्धियों का आकर्षण आप को आप के वास्तविक निशाने से भटका तो नहीं रहा है? - रैण्डी किल्गोर


जब आप अपनी नज़रें मसीह यीशु पर बनाए रखेंगे तो संसार की लुभावनी बातें और सांसारिक उपलब्धियों की चाह आपको सीधे मार्ग से भटकाने नहीं पाएंगी।

निशाने की ओर दौड़ा चला जाता हूं, ताकि वह इनाम पाऊं, जिस के लिये परमेश्वर ने मुझे मसीह यीशु में ऊपर बुलाया है। - फिलिप्पियों 3:14

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 3:8-17
Philippians 3:8 वरन मैं अपने प्रभु मसीह यीशु की पहिचान की उत्तमता के कारण सब बातों को हानि समझता हूं: जिस के कारण मैं ने सब वस्‍तुओं की हानि उठाई, और उन्हें कूड़ा समझता हूं, जिस से मैं मसीह को प्राप्त करूं। 
Philippians 3:9 और उस में पाया जाऊं; न कि अपनी उस धामिर्कता के साथ, जो व्यवस्था से है, वरन उस धामिर्कता के साथ जो मसीह पर विश्वास करने के कारण है, और परमेश्वर की ओर से विश्वास करने पर मिलती है। 
Philippians 3:10 और मैं उसको और उसके मृत्युंजय की सामर्थ को, और उसके साथ दुखों में सहभागी हाने के मर्म को जानूँ, और उस की मृत्यु की समानता को प्राप्त करूं। 
Philippians 3:11 ताकि मैं किसी भी रीति से मरे हुओं में से जी उठने के पद तक पहुंचूं। 
Philippians 3:12 यह मतलब नहीं, कि मैं पा चुका हूं, या सिद्ध हो चुका हूं: पर उस पदार्थ को पकड़ने के लिये दौड़ा चला जाता हूं, जिस के लिये मसीह यीशु ने मुझे पकड़ा था। 
Philippians 3:13 हे भाइयों, मेरी भावना यह नहीं कि मैं पकड़ चुका हूं: परन्तु केवल यह एक काम करता हूं, कि जो बातें पीछे रह गई हैं उन को भूल कर, आगे की बातों की ओर बढ़ता हुआ। 
Philippians 3:14 निशाने की ओर दौड़ा चला जाता हूं, ताकि वह इनाम पाऊं, जिस के लिये परमेश्वर ने मुझे मसीह यीशु में ऊपर बुलाया है। 
Philippians 3:15 सो हम में से जितने सिद्ध हैं, यही विचार रखें, और यदि किसी बात में तुम्हारा और ही विचार हो तो परमेश्वर उसे भी तुम पर प्रगट कर देगा। 
Philippians 3:16 सो जहां तक हम पहुंचे हैं, उसी के अनुसार चलें।
Philippians 3:17 हे भाइयो, तुम सब मिलकर मेरी सी चाल चलो, और उन्हें पहिचान रखो, जो इस रीति पर चलते हैं जिस का उदाहरण तुम हम में पाते हो।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 40-42 
  • इब्रानियों 4


बुधवार, 6 नवंबर 2013

अनुभव और अवसर


   अपने ब्राज़ील के दौरे के समय मैं इगुआज़ु जल-प्रपात देखने गया जो संसार के सबसे बड़े जल-प्रपातों में से एक है। वह विशाल जल-प्रपात वास्तव में विस्मयकारी है। लेकिन इगुआज़ु के बारे में जिस बात ने मुझे सबसे अधिक प्रभावित किया वह ना तो उसका वह विस्मयकारी दृश्य था और ना ही वहां से उठने वाली पानी की विलक्षण बौछार थी; मुझे सबसे अधिक प्रभावित करने वाली बात थी उस जल-प्रपात की आवाज़। वह आवाज़ इतनी तेज़ थी कि और कुछ सुन पाना असंभव था, मुझे ऐसा लग रहा था मानो मैं आवाज़ के अन्दर हूँ। वह एक ज़बर्दस्त अनुभव था जिसमें मैंने जाना कि मैं कितना छोटा हूँ।

   बाद में एक समय जब मैं बाइबल पढ़ रहा था तब प्रेरित यूहन्ना द्वारा प्रकाशितवाक्य 1:15 में कही गई बात मुझे स्मरण हो आई। पतमोस के टापू पर यूहन्ना ने पुनर्जीवित हो उठे प्रभु यीशु का दर्शन पाया। प्रेरित यूहन्ना ने उस दर्शन में दिखे प्रभु यीशु के महिमामय रूप और उसके वस्त्रों आदि का वर्णन किया, और यह भी कि उस रूप में देखकर यूहन्ना प्रभु यीशु के आगे खड़ा नहीं रह सका, मुर्दा सा प्रभु के चरणों के पर गिर पड़ा। उस वर्णन में यूहन्ना ने प्रभु यीशु की आवाज़ के लिए लिखा, "...उसका शब्द बहुत जल के शब्द की नाईं था" (प्रकाशितवाक्य 1:15)।

   जब तक मैं इगाज़ु जल-प्रपात को देख कर और उसकी भीषण गर्जन को सुनकर नहीं आया था, मैं पूरी तरह से यूहन्ना द्वारा कही इस बात को समझ नहीं पाया था; इगाज़ु पर मैंने जाना कि आवाज़ द्वारा अभिभूत हो जाने का अर्थ क्या होता है। जैसे उस जल-प्रपात ने मुझे अपने छोटे होने का एहसास कराया था, मैं समझ सका कि प्रभु यीशु के महिमय रूप के सामने और उसके शब्दों को सुनकर यूहन्ना का क्या हाल हुआ होगा; इसलिए मेरे लिए अब यह कोई अचरज की बात नहीं है कि यूहन्ना मुर्दा सा प्रभु यीशु के चरणों पर गिर पड़ा।

   संभव है यह वर्णन आपको भी महिमामय प्रभु यीशु के सम्मुख खड़े होने के अनुभव की कलपना करने और कुछ हद तक समझ पाने में सहायता करेगा; क्योंकि संसार के प्रत्येक जन को एक ना एक दिन उसके सामने खड़ा होना ही है। अब यह निर्णय आपका है कि आप जब उसके सामने प्रस्तुत होंगे तब वह आपका न्यायी होकर आपके पापों का अनन्तकालीन दण्ड आपको सुनाएगा, या आपका उद्धारकर्ता होने के कारण स्वर्ग के अपने राज्य में अनन्तकाल के लिए आपका स्वागत करेगा।

   अभी इस पृथ्वी पर रहते हुए आपको यह समय है, प्रभु यीशु से पापों की क्षमा मांगकर, उसे अपना जीवन समर्पित कर के, बाद में उसके सामने शर्मिंदा तथा दण्ड के भागी होने से बच जाएं। इस पृथ्वी से विदा होने के बाद यह अवसर फिर कभी नहीं मिलेगा। - बिल क्राउडर


मसीह यीशु आपके लिए क्या है - दण्डाधिकारी या उद्धारकर्ता एवं आशीषदाता!

और उसके पांव उत्तम पीतल के समान थे जो मानो भट्टी में तपाए गए हों; और उसका शब्द बहुत जल के शब्द की नाईं था। - प्रकाशितवाक्य 1:15

बाइबल पाठ: प्रकाशितवाक्य 1:9-17
Revelation 1:9 मैं यूहन्ना जो तुम्हारा भाई, और यीशु के क्‍लेश, और राज्य, और धीरज में तुम्हारा सहभागी हूं, परमेश्वर के वचन, और यीशु की गवाही के कारण पतमुस नाम टापू में था। 
Revelation 1:10 कि मैं प्रभु के दिन आत्मा में आ गया, और अपने पीछे तुरही का सा बड़ा शब्द यह कहते सुना।
Revelation 1:11 कि जो कुछ तू देखता है, उसे पुस्‍तक में लिख कर सातों कलीसियाओं के पास भेज दे, अर्थात इफिसुस और स्मुरना, और पिरगमुन, और थुआतीरा, और सरदीस, और फिलेदिलफिया, और लौदीकिया में। 
Revelation 1:12 और मैं ने उसे जो मुझ से बोल रहा था; देखने के लिये अपना मुंह फेरा; और पीछे घूम कर मैं ने सोने की सात दीवटें देखीं। 
Revelation 1:13 और उन दीवटों के बीच में मनुष्य के पुत्र सरीखा एक पुरूष को देखा, जो पांवों तक का वस्‍त्र पहिने, और छाती पर सुनहला पटुका बान्‍धे हुए था। 
Revelation 1:14 उसके सिर और बाल श्वेत ऊन वरन पाले के से उज्ज़वल थे; और उस की आंखे आग की ज्‍वाला की नाईं थी। 
Revelation 1:15 और उसके पांव उत्तम पीतल के समान थे जो मानो भट्टी में तपाए गए हों; और उसका शब्द बहुत जल के शब्द की नाईं था। 
Revelation 1:16 और वह अपने दाहिने हाथ में सात तारे लिये हुए था: और उसके मुख से चोखी दोधारी तलवार निकलती थी; और उसका मुंह ऐसा प्रज्‍वलित था, जैसा सूर्य कड़ी धूप के समय चमकता है। 
Revelation 1:17 जब मैं ने उसे देखा, तो उसके पैरों पर मुर्दा सा गिर पड़ा और उसने मुझ पर अपना दाहिना हाथ रख कर यह कहा, कि मत डर; मैं प्रथम और अन्‍तिम और जीवता हूं।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 37-39 
  • इब्रानियों 3


मंगलवार, 5 नवंबर 2013

शांति


   हमारे चर्च का एक अगुवा, टेड, पहले पुलिस अधिकारी हुआ करता था। उस समय, एक बार एक हिंसा की घटना की खबर पाकर टेड और उसका एक साथी पुलिस वाला उस स्थान पर पहुँचे, जहाँ स्थिति विकट हो गई। एक आदमी ने किसी दूसरे को चाकू मारा और फिर चाकू से टेड पर हमला करने का प्रयास किया। टेड के साथी पुलिस वाले ने बचाने के लिए उस आदमी पर गोली चलाई लेकिन गोली टेड के लग गई। चाकू वाला हमलावर तो पकड़ लिया गया, किंतु टेड को एम्बुलेंस में अस्पताल के लिए रवाना करा गया। एम्बुलेंस में टेड का साथी पुलिस वाला अपनी चूक के कारण बहुत परेशान और दुखी था, लेकिन टेड परमेश्वर के पवित्र आत्मा की ओर से एक अद्भुत शांति को अपने ऊपर बहता महसुस कर रहा था। उस शांति के कारण टेड ज़रा भी विचिलित नहीं हुआ और अपनी जान को खतरा होते हुए भी टेड अपने साथी पुलिस वाले को ढाढ़स के शब्द भी कह सका, और उसे उभार भी सका।

   प्रभु यीशु ने क्रूस पर चढ़ाए जाने से कुछ ही घंटे पहले अपने विश्वासियों को अपनी शांति देने का वायदा किया। प्रभु यीशु ने उस समय अपने चेलों से कहा: "मैं तुम्हें शान्‍ति दिए जाता हूं, अपनी शान्‍ति तुम्हें देता हूं; जैसे संसार देता है, मैं तुम्हें नहीं देता: तुम्हारा मन न घबराए और न डरे" (यूहन्ना 14:27)। उसका यही वायदा आज भी प्रत्येक मसीही विश्वासी के लिए वैसा ही बना हुआ है जैसा तब चेलों के लिए था। प्रभु यीशु के वायदे के अनुसार, परमेश्वर पवित्र आत्मा से मिलने वाली यह अद्भुत शांति प्रत्येक मसीही विश्वासी ने अनुभव करी है।

   आपका सबसे बड़ा डर क्या है? वह चाहे कुछ भी हो, परन्तु एक मसीही विश्वासी होने के नाते यह सदा स्मरण रखें कि यदि आपको उस डर का प्रत्यक्ष सामना भी करना पड़ा, तो उस परिस्थिति में प्रभु यीशु आपके साथ होगा। जब उस पर विश्वास बनाए रखेंगे और प्रार्थना द्वारा उससे सामर्थ प्राप्त करेंगे, "तब परमेश्वर की शान्‍ति, जो समझ से बिलकुल परे है, तुम्हारे हृदय और तुम्हारे विचारों को मसीह यीशु में सुरिक्षत रखेगी" (फिलिप्पियों 4:7)। - डेनिस फिशर


शांति पाने का भेद है प्रत्येक चिन्ता को परमेश्वर के हाथों में सौंप देना।

मैं ने ये बातें तुम से इसलिये कही हैं, कि तुम्हें मुझ में शान्‍ति मिले; संसार में तुम्हें क्‍लेश होता है, परन्तु ढाढ़स बांधो, मैं ने संसार को जीत लिया है। - यूहन्ना 16:33

बाइबल पाठ: यूहन्ना 14:16-27
John 14:16 और मैं पिता से बिनती करूंगा, और वह तुम्हें एक और सहायक देगा, कि वह सर्वदा तुम्हारे साथ रहे। 
John 14:17 अर्थात सत्य का आत्मा, जिसे संसार ग्रहण नहीं कर सकता, क्योंकि वह न उसे देखता है और न उसे जानता है: तुम उसे जानते हो, क्योंकि वह तुम्हारे साथ रहता है, और वह तुम में होगा। 
John 14:18 मैं तुम्हें अनाथ न छोडूंगा, मैं तुम्हारे पास आता हूं। 
John 14:19 और थोड़ी देर रह गई है कि फिर संसार मुझे न देखेगा, परन्तु तुम मुझे देखोगे, इसलिये कि मैं जीवित हूं, तुम भी जीवित रहोगे। 
John 14:20 उस दिन तुम जानोगे, कि मैं अपने पिता में हूं, और तुम मुझ में, और मैं तुम में। 
John 14:21 जिस के पास मेरी आज्ञा है, और वह उन्हें मानता है, वही मुझ से प्रेम रखता है, और जो मुझ से प्रेम रखता है, उस से मेरा पिता प्रेम रखेगा, और मैं उस से प्रेम रखूंगा, और अपने आप को उस पर प्रगट करूंगा। 
John 14:22 उस यहूदा ने जो इस्करियोती न था, उस से कहा, हे प्रभु, क्या हुआ की तू अपने आप को हम पर प्रगट किया चाहता है, और संसार पर नहीं। 
John 14:23 यीशु ने उसको उत्तर दिया, यदि कोई मुझ से प्रेम रखे, तो वह मेरे वचन को मानेगा, और मेरा पिता उस से प्रेम रखेगा, और हम उसके पास आएंगे, और उसके साथ वास करेंगे। 
John 14:24 जो मुझ से प्रेम नहीं रखता, वह मेरे वचन नहीं मानता, और जो वचन तुम सुनते हो, वह मेरा नहीं वरन पिता का है, जिसने मुझे भेजा।
John 14:25 ये बातें मैं ने तुम्हारे साथ रहते हुए तुम से कहीं। 
John 14:26 परन्तु सहायक अर्थात पवित्र आत्मा जिसे पिता मेरे नाम से भेजेगा, वह तुम्हें सब बातें सिखाएगा, और जो कुछ मैं ने तुम से कहा है, वह सब तुम्हें स्मरण कराएगा। 
John 14:27 मैं तुम्हें शान्‍ति दिए जाता हूं, अपनी शान्‍ति तुम्हें देता हूं; जैसे संसार देता है, मैं तुम्हें नहीं देता: तुम्हारा मन न घबराए और न डरे।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 34-36 
  • इब्रानियों 2


सोमवार, 4 नवंबर 2013

सर्व-उपयोगी

   लेखक सी. एस. ल्यूइस कहते हैं कि धार्मिक सिद्धांत सूप (भोजन के साथ लिया जाने वाला तरल रसा) के समान होते हैं; कुछ तो गाढ़े और अपारदर्शी तथा अन्य पतले और पारदर्शक। परमेश्वर के वचन बाइबल में भी कई ऐसे ही गहन और समझने के लिए मनन माँगने वाले सिद्धाँत हैं, रहस्यमय, जटिल और जिनकी गूढ़ता अति प्रवीण व्यक्तियों को भी चुनौती देती है। उदाहरणस्वरूप रोमियों 9:18 को ही लीजिए: "सो वह जिस पर चाहता है, उस पर दया करता है; और जिसे चाहता है, उसे कठोर कर देता है।" लेकिन उसी बाइबल में ऐसे सिद्धांत भी हैं जो बिलकुल स्पष्ट और समझने, मानने में सरल हैं; भला 1 यूहन्ना 4:16 "...परमेश्वर प्रेम है: जो प्रेम में बना रहता है, वह परमेश्वर में बना रहता है; और परमेश्वर उस में बना रहता है" से अधिक सरल और सर्वमान्य और क्या होगा?

   पंद्रहवीं शताबदी के एक लेखक जौन कैमरून ने इस विषय को समझाने के लिए कहा, "उसी घास के मैदान से गाय-बैल घास खा लेते हैं, पक्षी दाने आदि से पेट भर लेते हैं, और किसी मनुष्य को वहाँ दबा कोई खज़ाना भी प्राप्त हो सकता है। इसी प्रकार परमेश्वर के उस एक ही वचन में तरह तरह की विशेषताएं और बातें हैं जिनसे भिन्न लोग, भिन्न आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुसार, भिन्न स्तर की बातें और मार्गदर्शन पा सकते हैं। यह वचन वह है जिसमें मेमना चर सकता है, हाथी तैर सकता है, बच्चों के पेट दूध से भरे जा सकते हैं, और प्रौढ़ ठोस भोजन से तृप्त किए जा सकते हैं।"

   बुद्धि और ज्ञान के सभी खज़ाने परमेश्वर के वचन बाइबल में विद्यमान हैं - यह समुद्र के समान अथाह भी है जिसकी गहराई अति प्रबुद्ध मनुष्य भी नहीं पाने पाते और समुद्र तट के समान उथला भी है जहाँ साधारण सामन्य समझ रखने वाले बच्चे भी आसानी से खेल सकते हैं, आनन्दित हो सकते हैं।

   ना तो बाइबल से घबराएं और ना ही उसे पढ़ने से हिचकिचाएं वरन उसमें डुबकी लगाएं। बाइबल सब के लिए लाभकारी है, सर्व-उपयोगी है; आखिर परमेश्वर द्वारा अपनी सृष्टि को उसके लाभ और मार्गदर्शन के लिए दिया गया वचन है! - डेविड रोपर


परमेश्वर अपने वचन के द्वारा बातें करता है; आप से भी, यदि आप उस की वाणी सुनने के लिए तैयार हों, उसे समय दें।

यहोवा की व्यवस्था खरी है, वह प्राण को बहाल कर देती है; यहोवा के नियम विश्वासयोग्य हैं, साधारण लोगों को बुद्धिमान बना देते हैं; - भजन 19:7

बाइबल पाठ: 2 तिमुथियुस 3:14-17
2 Timothy 3:14 पर तू इन बातों पर जो तू ने सीखीं हैं और प्रतीति की थी, यह जानकर दृढ़ बना रह; कि तू ने उन्हें किन लोगों से सीखा था 
2 Timothy 3:15 और बालकपन से पवित्र शास्त्र तेरा जाना हुआ है, जो तुझे मसीह पर विश्वास करने से उद्धार प्राप्त करने के लिये बुद्धिमान बना सकता है। 
2 Timothy 3:16 हर एक पवित्रशास्‍त्र परमेश्वर की प्रेरणा से रचा गया है और उपदेश, और समझाने, और सुधारने, और धर्म की शिक्षा के लिये लाभदायक है। 
2 Timothy 3:17 ताकि परमेश्वर का जन सिद्ध बने, और हर एक भले काम के लिये तत्‍पर हो जाए।

एक साल में बाइबल: 
  • यिर्मयाह 32-33 
  • इब्रानियों 1