ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

रविवार, 19 मई 2019

तैयार



      बच्चों के पालन-पोषण से संबंधित अनेकों वेब-साईट्स पर एक वाक्याँश लिखा हुआ मिलता है, “बच्चे को मार्ग के लिए तैयार कीजिए, न कि मार्ग को बच्चे के लिए।” कहने का अभिप्राय है कि बजाए बच्चे के मार्ग से सभी कठिनाइयों और बाधाओं को निकालने का प्रयास करने के, हमें बच्चों को ऐसे बड़ा करना है कि वे उन सभी कठिनाइयों और बाधाओं का सामना करते हुए मार्ग पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ते रहने वाले बन जाएँ। हमें उन्हें जीवन की परिस्तिथियों का सामना करना और उनपर विजयी होना सिखाना चाहिए।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में भजनकार ने लिखा, “उन्हे हम उनकी सन्तान से गुप्त न रखेंगें, परन्तु होनहार पीढ़ी के लोगों से, यहोवा का गुणानुवाद और उसकी सामर्थ और आश्चर्यकर्मों का वर्णन करेंगें। उसने तो याकूब में एक चितौनी ठहराई, और इस्त्राएल में एक व्यवस्था चलाई, जिसके विषय उसने हमारे पितरों को आज्ञा दी, कि तुम इन्हे अपने अपने लड़के बालों को बताना; कि आने वाली पीढ़ी के लोग, अर्थात जो लड़के बाले उत्पन्न होने वाले हैं, वे इन्हे जानें; और अपने अपने लड़के बालों से इनका बखान करने में उद्यत हों, जिस से वे परमेश्वर का आसरा रखें” (भजन 78:4-6)। ऐसा करने का उद्देश्य है कि वे “ईश्वर के बड़े कामों को भूल न जाएं, परन्तु उसकी आज्ञाओं का पालन करते रहें” (पद 7)।

      उस प्रबल आत्मिक प्रभाव के विषय विचार कीजिए जो औरों के आत्मिक जीवनों से हमारे जीवन पर हुआ – उनके व्यवहार और जीवन शैली के द्वारा। उनके कथन और आचरण ने हमारे ध्यान को खींचा, और हमारे अन्दर भी उनके समान प्रभु यीशु का अनुयायी होने की लालसा जागृत की।

      यह एक अद्भुत विशेषाधिकार और दायित्व है कि हम मसीही विश्वासी अगली पीढ़ी के लोगों से परमेश्वर के वचन और योजनाओं को बाँटें, उन्हें प्रभु यीशु मसीह और उसमें लाए गए विश्वास के द्वारा पापों की क्षमा तथा उद्धार के सुसमाचार के बारे में बताएँ। उनके जीवन मार्ग में आगे चाहे जो भी आए, हम प्रभु परमेश्वर के वचन और सामर्थ्य से उन्हें निर्भीक और दृढ़ होकर प्रत्येक परिस्तिथि का सामना करने के लिए तैयार करें। - डेविड मैक्कैस्लैंड

अपने जीवन की कथनी और करनी के द्वारा 
लोगों को प्रभु यीशु मसीह का अनुयायी बनने
 और जीवन मार्ग पर अग्रसर रहने के लिए तैयार करें।

इसलिये हे मेरे पुत्र, तू उस अनुग्रह से जो मसीह यीशु में है, बलवन्‍त हो जा। और जो बातें तू ने बहुत गवाहों के साम्हने मुझ से सुनी हैं, उन्हें विश्वासी मनुष्यों को सौंप दे; जो औरों को भी सिखाने के योग्य हों। - 2 तिमुथियुस 2:1-2

बाइबल पाठ: भजन 78:1-8
Psalms 78:1 हे मेरे लोगों, मेरी शिक्षा सुनो; मेरे वचनों की ओर कान लगाओ!
Psalms 78:2 मैं अपना मूंह नीतिवचन कहने के लिये खोलूंगा; मैं प्राचीन काल की गुप्त बातें कहूंगा,
Psalms 78:3 जिन बातों को हम ने सुना, और जान लिया, और हमारे बाप दादों ने हम से वर्णन किया है।
Psalms 78:4 उन्हे हम उनकी सन्तान से गुप्त न रखेंगें, परन्तु होनहार पीढ़ी के लोगों से, यहोवा का गुणानुवाद और उसकी सामर्थ और आश्चर्यकर्मों का वर्णन करेंगें।
Psalms 78:5 उसने तो याकूब में एक चितौनी ठहराई, और इस्त्राएल में एक व्यवस्था चलाई, जिसके विषय उसने हमारे पितरों को आज्ञा दी, कि तुम इन्हे अपने अपने लड़के बालों को बताना;
Psalms 78:6 कि आने वाली पीढ़ी के लोग, अर्थात जो लड़के बाले उत्पन्न होने वाले हैं, वे इन्हे जानें; और अपने अपने लड़के बालों से इनका बखान करने में उद्यत हों, जिस से वे परमेश्वर का आसरा रखें,
Psalms 78:7 और ईश्वर के बड़े कामों को भूल न जाएं, परन्तु उसकी आज्ञाओं का पालन करते रहें;
Psalms 78:8 और अपने पितरों के समान न हों, क्योंकि उस पीढ़ी के लोग तो हठीले और झगड़ालू थे, और उन्होंने अपना मन स्थिर न किया था, और न उनकी आत्मा ईश्वर की ओर सच्ची रही।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 7-9
  • यूहन्ना 6:22-44



शनिवार, 18 मई 2019

साफ



      मेरे बच्चे जब छोटे ही थे तो वह बाहर हमारे घर के बगीचे में खेला करते थे, जो इंग्लैण्ड के मौसम के कारण बहुधा गीला ही रहता था। इस कारण वे खेलते हुए कीचड़ और मिट्टी से गंदे हो जाते थे। उनके तथा अपने घर के फर्श की भलाई के लिए मैं उनके घर में घुसते समय दरवाज़े पर ही उनके कपड़े उतार कर उन्हें तौलियों में लपेट देती थी और फिर नहाने के लिए ले जाती थी। स्नानघर में दुलार, पानी और साबुन से उनकी सफाई हो जाती थी और वे शीघ्र ही मैले से स्वच्छ हो जाते थे।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि ज़कर्याह को परमेश्वर से एक दर्शन प्राप्त हुआ, जिसमें यहोशू महायाजक को उसने मैले वस्त्रों में, जो पाप और गलत कार्यों के प्रतीक थे, देखा (ज़कर्याह 3:3)। परन्तु परमेश्वर ने उसके वे मैले वस्त्र उतरवाकर उसे साफ़ वस्त्र पहनावाए (पद 3:5)। उसके वे साफ़ वस्त्र यह दिखाते हैं कि परमेश्वर ने उसके पापों को उसपर से हटा दिया था।

      आज हम भी, प्रभु यीशु मसीह में लाए गए विश्वास और उससे मिलने वाली पापों की क्षमा के द्वारा, परमेश्वर द्वारा साफ किए जा सकते हैं। प्रभु यीशु के द्वारा कलवारी के क्रूस पर दिए गए अपने बलिदान और उसके मृतकों में से पुनरुत्थान के द्वारा हम अपने पापों की गन्दगी से धोकर साफ़ किए जाते हैं, और परमेश्वर की सन्तान बनाए जाते हैं, तथा हमें प्रभु में धार्मिकता के वस्त्र पहिनाए जाते हैं। फिर हम हमारे पापों, वे चाहे जो भी रहे हों, के कारण नहीं पहचाने जाते हैं, परन्तु परमेश्वर की सन्तान के रूप में जाने और पहचाने जाते हैं; हम स्वच्छ और साफ़ हो जाते हैं।

      यदि आपने अभी तक ऐसा नहीं किया है तो परमेश्वर से मांगिए कि वह आपको प्रभु यीशु मसीह में विश्वास और पापों की क्षमा के द्वारा पाप की गन्दगी से साफ़ करे, और उन आपको प्रभु यीशु मसीह में धार्मिकता के साफ़ वस्त्रों को पहिना दे। - एमी बाउचर पाई


पापों के दाग को केवल प्रभु यीशु ही धोकर साफ़ कर सकता है।

मैं यहोवा के कारण अति आनन्दित होऊंगा, मेरा प्राण परमेश्वर के कारण मगन रहेगा; क्योंकि उसने मुझे उद्धार के वस्त्र पहिनाए, और धर्म की चद्दर ऐसे ओढ़ा दी है जैसे दूल्हा फूलों की माला से अपने आप को सजाता और दुल्हिन अपने गहनों से अपना सिंगार करती है। - यशायाह 61:10

बाइबल पाठ: ज़कर्याह 3
Zechariah 3:1 फिर उसने यहोशू महायाजक को यहोवा के दूत के साम्हने खड़ा हुआ मुझे दिखाया, और शैतान उसकी दाहिनी ओर उसका विरोध करने को खड़ा था।
Zechariah 3:2 तब यहोवा ने शैतान से कहा, हे शैतान यहोवा तुझ को घुड़के! यहोवा जो यरूशलेम को अपना लेता है, वही तुझे घुड़के! क्या यह आग से निकाली हुई लुकटी सी नहीं है?
Zechariah 3:3 उस समय यहोशू तो दूत के साम्हने मैला वस्त्र पहिने हुए खड़ा था।
Zechariah 3:4 तब दूत ने उन से जो साम्हने खड़े थे कहा, इसके ये मैले वस्त्र उतारो। फिर उसने उस से कहा, देख, मैं ने तेरा अधर्म दूर किया है, और मैं तुझे सुन्दर वस्त्र पहिना देता हूं।
Zechariah 3:5 तब मैं ने कहा, इसके सिर पर एक शुद्ध पगड़ी रखी जाए। और उन्होंने उसके सिर पर याजक के योग्य शुद्ध पगड़ी रखी, और उसको वस्त्र पहिनाए; उस समय यहोवा का दूत पास खड़ा रहा।
Zechariah 3:6 तब यहोवा के दूत ने यहोशू को चिता कर कहा,
Zechariah 3:7 सेनाओं का यहोवा तुझ से यों कहता है: यदि तू मेरे मार्गों पर चले, और जो कुछ मैं ने तुझे सौंप दिया है उसकी रक्षा करे, तो तू मेरे भवन का न्यायी, और मेरे आंगनों का रक्षक होगा; और मैं तुझ को इनके बीच में आने जाने दूंगा जो पास खड़े हैं।
Zechariah 3:8 हे यहोशू महायाजक, तू सुन ले, और तेरे भाईबन्धु जो तेरे साम्हने खड़े हैं वे भी सुनें, क्योंकि वे मनुष्य शुभ शकुन हैं: सुनो, मैं अपने दास शाख को प्रगट करूंगा।
Zechariah 3:9 उस पत्थर को देख जिसे मैं ने यहोशू के आगे रखा है, उस एक ही पत्थर के ऊपर सात आंखें बनी हैं, सेनाओं के यहोवा की यह वाणी है, देख मैं उस पत्थर पर खोद देता हूं, और इस देश के अधर्म को एक ही दिन में दूर कर दूंगा।
Zechariah 3:10 उसी दिन तुम अपने अपने भाईबन्धुओं को दाखलता और अंजीर के वृक्ष के नीचे आने के लिये बुलाओगे, सेनाओं के यहोवा की यही वाणी है।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 4-6
  • यूहन्ना 6:1-21



शुक्रवार, 17 मई 2019

विश्वासयोग्य



      मैं शिकागो के एक संग्रहालय में गई, वहाँ मैंने बेबीलोन के विशाल शेरों में से एक का मूल चित्र देखा। वह दीवार पर बना हुआ एक विशाल चित्र था, जिसमें पंखों वाले शेर को दिखाया गया था, जिसके चेहरे पर भयावह भाव दिखाए गए थे। ये शेर बेबीलोन की प्रेम और युद्ध की देवी ‘इश्तार’ के प्रतीक थे। वह शेर उन 120 शेरों में से एक का उदाहरण था जो वर्ष 604-562 ईसा पूर्व में बेबीलोन के प्रमुख मार्ग पर लगाए थे।

      इतिहासकार हमें बताते हैं कि जब बेबीलोन के लोगों ने इस्राएलियों को पराजित किया और बन्दी बनाकर बेबीलोन लेकर आए, तो नबूकदनेस्सर राजा के समय में उन इस्राएलियों ने उन शेरों को देखा होगा। इतिहासकार यह भी कहते हैं कि संभव है कि उन शेरों को देखकर कुछ इस्राएलियों को यह लगा हो कि इश्तार ने इस्राएल के परमेश्वर को पराजित कर दिया है।

      दानिय्येल उन इब्रानी बंदियों में से एक था, किन्तु उसके मन में परमेश्वर को लेकर ऐसा कोई संदेह या भाव नहीं था। परमेश्वर के प्रति उसका दृष्टिकोण और विश्वास अस्थिर नहीं हुआ। वह, अपनी रीति के अनुसार, अपने कमरे की खिड़की को यरूशलेम की ओर खोलकर दिन में तीन बार तब भी प्रार्थना करता रहा, जब उसे यह ज्ञात था के ऐसा करने से उसे शेरों की मांद में डाला जा सकता है; और उसे डाल भी दिया गया। भूखे शेरों की मांद से परमेश्वर द्वारा बचाए जाने और जीवित बाहर निकाले जाने के पश्चात, दारा राजा ने स्वीकार किया कि दानिय्येल का परमेश्वर ही जीवता परमेश्वर है, जो सदा काल का है और अपने लोगों को बचाता तथा छुड़ाता है (दानिय्येल 6:26-27)। दानिय्येल की विश्वासयोग्यता के कारण वह बेबीलोन के अधिकारियों को प्रभावित कर सका।

      दबाव, निराशा और तनाव के बावजूद परमेश्वर के प्रति विश्वासयोग्य बने रहने से हम औरों को प्रोत्साहित कर सकते हैं कि वे परमेश्वर को महिमा दें। - जेनिफर बेन्सन शुल्ट


परमेश्वर के प्रति विश्वासयोग्यता औरों को प्रोत्साहित करती है।

अन्यजातियों में तुम्हारा चालचलन भला हो; इसलिये कि जिन जिन बातों में वे तुम्हें कुकर्मी जान कर बदनाम करते हैं, वे तुम्हारे भले कामों को देख कर; उन्‍हीं के कारण कृपा दृष्टि के दिन परमेश्वर की महिमा करें। - 1 पतरस 2:12

बाइबल पाठ: दानिय्येल 6:18-28
Daniel 6:18 तब राजा अपने महल में चला गया, और उस रात को बिना भोजन पड़ा रहा; और उसके पास सुख विलास की कोई वस्तु नहीं पहुंचाई गई, और उसे नींद भी नहीं आई।
Daniel 6:19 भोर को पौ फटते ही राजा उठा, और सिंहों के गड़हे की ओर फुर्ती से चला गया।
Daniel 6:20 जब राजा गड़हे के निकट आया, तब शोक भरी वाणी से चिल्लाने लगा और दानिय्येल से कहा, हे दानिय्येल, हे जीवते परमेश्वर के दास, क्या तेरा परमेश्वर जिसकी तू नित्य उपासना करता है, तुझे सिंहों से बचा सका है?
Daniel 6:21 तब दानिय्येल ने राजा से कहा, हे राजा, तू युगयुग जीवित रहे!
Daniel 6:22 मेरे परमेश्वर ने अपना दूत भेज कर सिंहों के मुंह को ऐसा बन्द कर रखा कि उन्होंने मेरी कुछ भी हानि नहीं की; इसका कारण यह है, कि मैं उसके साम्हने निर्दोष पाया गया; और हे राजा, तेरे सम्मुख भी मैं ने कोई भूल नहीं की।
Daniel 6:23 तब राजा ने बहुत आनन्दित हो कर, दानिय्येल को गड़हे में से निकालने की आज्ञा दी। सो दानिय्येल गड़हे में से निकाला गया, और उस पर हानि का कोई चिन्ह न पाया गया, क्योंकि वह अपने परमेश्वर पर विश्वास रखता था।
Daniel 6:24 और राजा ने आज्ञा दी कि जिन पुरूषों ने दानिय्येल की चुगली खाई थी, वे अपने अपने लड़के-बालों और स्त्रियों समेत लाकर सिंहों के गड़हे में डाल दिए जाएं; और वे गड़हे की पेंदी तक भी न पहुंचे कि सिंहों ने उन पर झपट कर सब हड्डियों समेत उन को चबा डाला।
Daniel 6:25 तब दारा राजा ने सारी पृथ्वी के रहने वाले देश-देश और जाति-जाति के सब लोगों, और भिन्न-भिन्न भाषा बोलने वालों के पास यह लिखा, तुम्हारा बहुत कुशल हो।
Daniel 6:26 मैं यह आज्ञा देता हूं कि जहां जहां मेरे राज्य का अधिकार है, वहां के लोग दानिय्येल के परमेश्वर के सम्मुख कांपते और थरथराते रहें, क्योंकि जीवता और युगानयुग तक रहने वाला परमेश्वर वही है; उसका राज्य अविनाशी और उसकी प्रभुता सदा स्थिर रहेगी।
Daniel 6:27 जिसने दानिय्येल को सिंहों से बचाया है, वही बचाने और छुड़ाने वाला है; और स्वर्ग में और पृथ्वी पर चिन्हों और चमत्कारों का प्रगट करने वाला है।
Daniel 6:28 और दानिय्येल, दारा और कुस्रू फारसी, दोनों के राज्य के दिनों में भाग्यवान रहा।

एक साल में बाइबल:  
  • 1 इतिहास 1-3
  • यूहन्ना 5:25-47



गुरुवार, 16 मई 2019

मित्र



      कवी सैमुएल फौस ने, अपनी कविता “The House by the Side of the Road” में लिखा, “मुझे मार्ग के किनारे रहकर मनुष्य का मित्र बनने दें।” मैं भी वही होना चाहता हूँ – लोगों का मित्र। मैं मार्ग के किनारे थके हुए यात्रियों की प्रतीक्षा करना चाहता हूँ। मैं उनकी देखभाल करना चाहता हूँ जो औरों के द्वारा परेशान और दुखी किए गए हैं, जो घायल और निराश मन का बोझ उठाए फिर रहे हैं। मैं उन्हें प्रोत्साहन के शब्द के द्वारा पोषण देना और तरोताज़ा करना चाहता हूँ। संभव है कि मैं उन्हें या उनकी समस्याओं को ठीक न भी कर सकूँ, परन्तु मैं उन्हें एक आशीष के साथ छोड़ना चाहता हूँ।

      परमेश्वर के वचन बाइबल में मालिकिसिदक ने, जो शालेम का राजा और याजक था, अब्राम को आशीषित किया, जब वह युद्ध से थका हुआ लौट रहा था (उत्पत्ति 14)। “आशीष देना” किसी के छींकने पर एक शालीनता का प्रत्युत्तर देने से कहीं बढ़कर है। जब हम लोगों को सभी आशीषों के स्त्रोत के पास लेकर आते हैं, तो हम उन्हें आशीषित करते हैं। मालिकिसिदक ने अब्राम को आशीष दी, यह कहकर कि, “परमप्रधान इश्वर की ओर से जो आकाश और पृथ्वी का अधिकारी है, तू धन्य हो” (पद 19)।

      औरों के साथ प्रार्थनाएं कर के हम उन्हें आशीषित कर सकते हैं; हम उन्हें अपने साथ अनुग्रह के सिंहासन के पास लेकर जा सकते हैं जिससे वे आवश्यकता के समय में सहायता पा सकें (इब्रानियों 4:16)। चाहे हम उनकी परिस्थितियों को बदल न सकें, परन्तु हम उन्हें परमेश्वर से मिलवा सकते हैं, जो उनकी हर समस्या का समाधान कर सकता है। सच्चा मित्र यही करता है। - डेविड रोपर


प्रेम करने का एक बड़ा भाग होता है सुनना।

इसलिये आओ, हम अनुग्रह के सिंहासन के निकट हियाव बान्‍धकर चलें, कि हम पर दया हो, और वह अनुग्रह पाएं, जो आवश्यकता के समय हमारी सहायता करे। - इब्रानियों 4:16

बाइबल पाठ: उत्पत्ति 14:17-24
Genesis 14:17 जब वह कदोर्लाओमेर और उसके साथी राजाओं को जीत कर लौटा आता था तब सदोम का राजा शावे नाम तराई में, जो राजा की भी कहलाती है, उस से भेंट करने के लिये आया।
Genesis 14:18 जब शालेम का राजा मेलिकिसेदेक, जो परमप्रधान ईश्वर का याजक था, रोटी और दाखमधु ले आया।
Genesis 14:19 और उसने अब्राम को यह आशीर्वाद दिया, कि परमप्रधान ईश्वर की ओर से, जो आकाश और पृथ्वी का अधिकारी है, तू धन्य हो।
Genesis 14:20 और धन्य है परमप्रधान ईश्वर, जिसने तेरे द्रोहियों को तेरे वश में कर दिया है। तब अब्राम ने उसको सब का दशमांश दिया।
Genesis 14:21 जब सदोम के राजा ने अब्राम से कहा, प्राणियों को तो मुझे दे, और धन को अपने पास रख।
Genesis 14:22 अब्राम ने सदोम के राजा से कहा, परमप्रधान ईश्वर यहोवा, जो आकाश और पृथ्वी का अधिकारी है,
Genesis 14:23 उसकी मैं यह शपथ खाता हूं, कि जो कुछ तेरा है उस में से न तो मैं एक सूत, और न जूती का बन्धन, न कोई और वस्तु लूंगा; कि तू ऐसा न कहने पाए, कि अब्राम मेरे ही कारण धनी हुआ।
Genesis 14:24 पर जो कुछ इन जवानों ने खा लिया है और उनका भाग जो मेरे साथ गए थे; अर्थात आनेर, एश्कोल, और माम्रे मैं नहीं लौटाऊंगा वे तो अपना अपना भाग रख लें।

एक साल में बाइबल:  
  • 2 राजा 24-25
  • यूहन्ना 5:1-24



बुधवार, 15 मई 2019

अटल



      मेरा बेटा, ज़ेवियर, जब छोटा ही था, तो उसे मुझे फूल लाकर देना बहुत पसन्द था। मुझे उसके लाए वे फूल, वे चाहे जंगली घास से तोड़े गए हों, या उसने अपने पिता के साथ जाकर किसी दूकान से खरीदे हों, बहुत अच्छे लगते थे, और मैं उन्हें तब तक संभाल कर रखती थी जब तक के वे इतने नहीं मुरझा जाते थे कि उन्हें फेंकना ही पड़ जाए।

      एक दिन ज़ेवियर कृत्रिम फूलों का एक बहुत सुंदरा गुलदस्ता मेरे लिए लेकर आया, और उन्हें फूलदान में सजाने लगा। सजाते हुए वह बोला, “माँ, देखो, ये फूल कभी नहीं मुरझाएंगे, सदा बने रहेंगे। मैं भी तुम से ऐसा ही प्रेम करता हूँ।”

      अब मेरा बेटा बड़ा होकर एक जवान आदमी हो गया है। उन फूलों की पंखुड़ियां पुरानी, घिसी हुई सी हो गई हैं, रंग धूमिल पड़ गए हैं, परन्तु वे “सदाबहार फूल” मुझे उसके प्रेम की याद दिलाते हैं। साथ ही वे मुझे एक बात और याद दिलाते हैं – एक ऐसी बात जो कभी पुरानी या धूमिल नहीं होती, सदा नई बनी रहती है – परमेश्वर का प्रेम, जैसा कि परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रगट किया गया है।

      बाइबल में हम देखते हैं कि जब परमेश्वर की प्रजा, इस्राएलियों पर परीक्षाएं और कठिनाइयाँ आईं, तो परमेश्वर के भविष्यद्वक्ताओं ने उन्हें परमेश्वर के वचनों के द्वारा सांत्वना और शानित प्रदान की। यशायाह भविष्यद्वक्ता ने लिखा कि परमेश्वर ने इस्राएलियों के पापों के दण्ड को चुका दिया, और आने वाले मसीहा में उनकी आशा बंधाई। इस्राएलियों ने यशायाह की बात पर विश्वास किया क्योंकि वह उनसे उनकी परिस्थितियों पर नहीं वरन परमेश्वर पर ध्यान केंद्रित करने को कह रहा था।

      अनिश्चितताओं और क्लेशों से भरे इस सँसार में मनुष्यों के विचार और हमारी अपनी भावनाएँ भी बदलते रहते हैं तथा हमारे नश्वर शरीरों के समान ही सीमित होते हैं। किन्तु हम परमेश्वर के उस कभी न बदलने वाले प्रेम और चरित्र पर सदा भरोसा कर सकता हैं, जो उसके वचन बाइबल में होकर प्रगट किया गया है। - होक्शील डिक्सन


परमेश्वर अपने प्रेम की पुष्टि अपने सदा विश्वासयोग्य और अटल वचन,
 जो सदा काल के लिए है, के द्वारा करता है।

हे यहोवा, तेरा वचन, आकाश में सदा तक स्थिर रहता है। - भजन 119:89

बाइबल पाठ: यशायाह 40:1-8
Isaiah 40:1 तुम्हारा परमेश्वर यह कहता है, मेरी प्रजा को शान्ति दो, शान्ति!
Isaiah 40:2 यरूशलेम से शान्ति की बातें कहो; और उस से पुकार कर कहो कि तेरी कठिन सेवा पूरी हुई है, तेरे अधर्म का दण्ड अंगीकार किया गया है: यहोवा के हाथ से तू अपने सब पापों का दूना दण्ड पा चुका है।
Isaiah 40:3 किसी की पुकार सुनाई देती है, जंगल में यहोवा का मार्ग सुधारो, हमारे परमेश्वर के लिये अराबा में एक राजमार्ग चौरस करो।
Isaiah 40:4 हर एक तराई भर दी जाए और हर एक पहाड़ और पहाड़ी गिरा दी जाए; जो टेढ़ा है वह सीधा और जो ऊंचा नीचा है वह चौरस किया जाए।
Isaiah 40:5 तब यहोवा का तेज प्रगट होगा और सब प्राणी उसको एक संग देखेंगे; क्योंकि यहोवा ने आप ही ऐसा कहा है।
Isaiah 40:6 बोलने वाले का वचन सुनाई दिया, प्रचार कर! मैं ने कहा, मैं क्या प्रचार करूं? सब प्राणी घास हैं, उनकी शोभा मैदान के फूल के समान है।
Isaiah 40:7 जब यहोवा की सांस उस पर चलती है, तब घास सूख जाती है, और फूल मुर्झा जाता है; नि:सन्देह प्रजा घास है।
Isaiah 40:8 घास तो सूख जाती, और फूल मुर्झा जाता है; परन्तु हमारे परमेश्वर का वचन सदैव अटल रहेगा।

एक साल में बाइबल:  
  • 2 राजा 22-23
  • यूहन्ना 4:31-54



मंगलवार, 14 मई 2019

बीज



      मुझे एक महिला से एक अद्भुत ई-मेल प्राप्त हुआ; उसने लिखा, “आपकी माँ प्रथम कक्षा में मेरी शिक्षिका थीं। वे बहुत अच्छी तथा दयालु शिक्षिका तो थीं, साथ ही वे बहुत अनुशासनप्रिय भी थीं। उन्होंने हमें भजन 23 स्मरण कर के रखने के लिए कहा था, और वे उसे हम से सारी कक्षा के सामने बुलवाती थीं, जिससे मुझे बहुत घबराहट होती थी। परन्तु, जब तक कि मैं आगे चलकर मसीही विश्वासी नहीं बन गई, तब तक बाइबल के साथ केवल वही हमारा संपर्क था। और तब जब मैंने भजन 23 को पढ़ा तो श्रीमति मैक्कैस्लैंड की स्मृतियाँ ताज़ा हो आईं।”

      परमेश्वर के वचन बाइबल में हम पाते हैं कि प्रभु यीशु ने एक बड़ी भीड़ को एक बीज बोने वाले का दृष्टांत सुनाया। उस बीज बोने वाले ने विभिन्न प्रकार की भूमियों, अर्थात मार्ग की कठोर भूमि, पथरीली भूमि, झाड़ियों वाली भूमि और अच्छी तैयार की गई भूमि, पर बीज डाला (मत्ती 13:1-9)। जबकि अन्य भूमियों पर डाले गए बीज से कोई फल नहीं आया, अच्छी तैयार की गई भूमि पर बोया गया बीज तीस, साठ, और सौ गुना फल लाया। प्रभु यीशु ने उस भूमि को परमेश्वर का वचन सुनने तथा समझने वाले व्यक्ति के समान बताया, जिसके जीवन से वह बीज उत्तम फसल लेकर आता है।

      मेरी माँ ने बीस वर्ष तक पहली कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ाया था, और उन्हें पढ़ाने में उन्होंने शिक्षा के विषयों के साथ-साथ उन बच्चों के जीवनों में दयालुता तथा परमेश्वर के प्रेम के सन्देश के बीज भी डाले थे।

      उनकी उस भूतपूर्व विद्यार्थी ने अपनी ई-मेल उस े श र िक्षा के विषयों के साथ के अन्त में लिखा, “बाद में मेरे मसीही विश्वास के जीवन में और लोगों ने भी प्रभाव डाला है, परन्तु मेरा मन सदा भजन 23 तथा आपकी माँ के दयालु स्वभाव की ओर लौट कर जाता है।”

      आज, परमेश्वर के प्रेम का बोया गया एक बीज, कल एक अद्भुत फसल ला सकता है। - डेविड मैक्कैस्लैंड


बीज बोना हमारा काम है – उससे फसल उत्पन्न करना परमेश्वर का।

मैं ने लगाया, अपुल्लोस ने सींचा, परन्तु परमेश्वर ने बढ़ाया। इसलिये न तो लगाने वाला कुछ है, और न सींचने वाला, परन्तु परमेश्वर जो बढ़ाने वाला है। - 1 कुरिन्थियों 3:6-7

बाइबल पाठ: मत्ती 13:1-9
Matthew 13:1 उसी दिन यीशु घर से निकलकर झील के किनारे जा बैठा।
Matthew 13:2 और उसके पास ऐसी बड़ी भीड़ इकट्ठी हुई कि वह नाव पर चढ़ गया, और सारी भीड़ किनारे पर खड़ी रही।
Matthew 13:3 और उसने उन से दृष्‍टान्‍तों में बहुत सी बातें कही, कि देखो, एक बोने वाला बीज बोने निकला।
Matthew 13:4 बोते समय कुछ बीज मार्ग के किनारे गिरे और पक्षियों ने आकर उन्हें चुग लिया।
Matthew 13:5 कुछ पत्थरीली भूमि पर गिरे, जहां उन्हें बहुत मिट्टी न मिली और गहरी मिट्टी न मिलने के कारण वे जल्द उग आए।
Matthew 13:6 पर सूरज निकलने पर वे जल गए, और जड़ न पकड़ने से सूख गए।
Matthew 13:7 कुछ झाड़ियों में गिरे, और झाड़ियों ने बढ़कर उन्हें दबा डाला।
Matthew 13:8 पर कुछ अच्छी भूमि पर गिरे, और फल लाए, कोई सौ गुना, कोई साठ गुना, कोई तीस गुना।
Matthew 13:9 जिस के कान हों वह सुन ले।

एक साल में बाइबल:  
  • 2 राजा 19-21
  • यूहन्ना 4:1-30



सोमवार, 13 मई 2019

चिंता



      जब मैं और मेरे पति प्रकृति का अवलोकन करने के लिए पैदल यात्रा पर निकलते हैं, तो हम अपने कैमरे भी साथ ले जाते हैं, और हमारे क़दमों में उगने वाले पौधों की तस्वीरें खींचते हैं जिनमें वे पौधे निकटता से और आवर्धित हुए दिखाई देते हैं। उस बढ़े हुए स्वरूप में वे एक अलग ही रूप प्रस्तुत करते हैं। उस रूप में हमें एक अद्भुत विविधता और सुंदरता दिखाई देती है। वे कुकुरमुत्ते भी, जो रात-ही-रात में उग आते हैं और जंगल में अपनी नारंगी, लाल और पीले चटकीले रंगों की छटा बिखेर देते हैं, उनमें भी एक अद्भुत सुन्दरता दिखाई देती है।

      जीवन की विविधता की तस्वीरें जो हमारे चारों ओर बनी रहती हैं, हमें प्रेरणा देती हैं कि हम उस सृष्टिकर्ता की ओर अपनी आँखें उठाएँ जो न केवल उन कुकरमुत्तों का वरन आकाश के सितारों का भी सृष्टिकर्ता है। उसने अनन्त विस्तार और विवधता के सँसार की कल्पना की और मुझे तथा आपको भी बनाया और इस सुंदरता में हमें रखा है, कि हम उसका आनन्द लें और उस पर अधिकार रखें (उत्पत्ति 1:27-28; भजन 8:6-8)।

      मेरा ध्यान परमेश्वर के वचन बाइबल में दिए गए भजनों की ओर जाता है है; जिनमें से एक भजन में लिखा है, “हे यहोवा हमारे प्रभु, तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है! तू ने अपना वैभव स्वर्ग पर दिखाया है। तू ने अपने बैरियों के कारण बच्चों और दूध पिउवों के द्वारा सामर्थ्य की नेव डाली है, ताकि तू शत्रु और पलटा लेने वालों को रोक रखे। जब मैं आकाश को, जो तेरे हाथों का कार्य है, और चंद्रमा और तरागण को जो तू ने नियुक्त किए हैं, देखता हूं; तो फिर मनुष्य क्या है कि तू उसका स्मरण रखे, और आदमी क्या है कि तू उसकी सुधि ले?” (भजन 8:1-4)।

      यह कितना अद्भुत है कि वह महान परमेश्वर जिसने इस इतने भव्य सँसार को बनाया है और संचालित करता है, वह मेरी और आपकी भी देखभाल तथा चिंता करता है। - एलीसन कीडा


परमेश्वर जिसने हमारी तथा सँसार की रचना करने की है, 
वही हमारी देखभाल भी करता है – फिलिप यैन्सी

तब परमेश्वर ने मनुष्य को अपने स्वरूप के अनुसार उत्पन्न किया, अपने ही स्वरूप के अनुसार परमेश्वर ने उसको उत्पन्न किया, नर और नारी कर के उसने मनुष्यों की सृष्टि की। और परमेश्वर ने उन को आशीष दी: और उन से कहा, फूलो-फलो, और पृथ्वी में भर जाओ, और उसको अपने वश में कर लो; और समुद्र की मछलियों, तथा आकाश के पक्षियों, और पृथ्वी पर रेंगने वाले सब जन्तुओ पर अधिकार रखो। - उत्पत्ति 1:27-28

बाइबल पाठ: भजन 8:1-9
Psalms 8:1 हे यहोवा हमारे प्रभु, तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है! तू ने अपना वैभव स्वर्ग पर दिखाया है।
Psalms 8:2 तू ने अपने बैरियों के कारण बच्चों और दूध पिउवों के द्वारा सामर्थ्य की नेव डाली है, ताकि तू शत्रु और पलटा लेने वालों को रोक रखे।
Psalms 8:3 जब मैं आकाश को, जो तेरे हाथों का कार्य है, और चंद्रमा और तरागण को जो तू ने नियुक्त किए हैं, देखता हूं;
Psalms 8:4 तो फिर मनुष्य क्या है कि तू उसका स्मरण रखे, और आदमी क्या है कि तू उसकी सुधि ले?
Psalms 8:5 क्योंकि तू ने उसको परमेश्वर से थोड़ा ही कम बनाया है, और महिमा और प्रताप का मुकुट उसके सिर पर रखा है।
Psalms 8:6 तू ने उसे अपने हाथों के कार्यों पर प्रभुता दी है; तू ने उसके पांव तले सब कुछ कर दिया है।
Psalms 8:7 सब भेड़- बकरी और गाय- बैल और जितने वनपशु हैं,
Psalms 8:8 आकाश के पक्षी और समुद्र की मछलियां, और जितने जीव- जन्तु समुद्रों में चलते फिरते हैं।
Psalms 8:9 हे यहोवा, हे हमारे प्रभु, तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है।

एक साल में बाइबल:  
  • 2 राजा 17-18
  • यूहन्ना 3:19-36