ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 11 दिसंबर 2020

आशा

 

          हमारी कार की मरम्मत करने जो व्यक्ति आया था वह बहुत युवा दिखाई दे रहा था – मेरे पति डैन को लग रहा था कि हमारी कार की समस्या को समझने और उसका समाधान करने के लिए वह बहुत छोटा है; उन्होंने फुसफुसाकर मुझ से अपना संदेह व्यक्त करते हुए कहा, “यह तो बच्चा ही है।” उस युवक में डैन का अविश्वास उस कुड़कुड़ाने के समान लग रहा था जो नासरत के लोग प्रभु यीशु के लिए कर रहे थे।

          परमेश्वर के वचन बाइबल में, मत्ती 13:55 में हम देखते हैं कि जब प्रभु यीशु आराधनालय में लोगों को सिखा रहे थे, तो कुछ लोग अविश्वास के साथ प्रश्न पूछ रहे थे,क्या यह बढ़ई का बेटा नहीं है?” वे उसका उपहास कर रहे थे, क्योंकि उन्हें अचंभा हो रहा था कि जिसे वह बचपन से जानते थे, वही अब चंगा कर रहा है और शिक्षा दे रहा है। इसीलिए वे असमंजस में पूछने लगे,इसको यह ज्ञान और सामर्थ्य कहाँ से मिले?” (पद 54)। प्रभु यीशु में विश्वास करने की बजाए, उन लोगों ने उसके द्वारा दिखाए जा रहे अधिकार के कारण उसके विषय ठोकर खाई (पद 15, 58)।

          इसी प्रकार से हम भी अपने उद्धारकर्ता की बुद्धिमत्ता और सामर्थ्य पर भरोसा रखने के लिए संघर्ष कर सकते हैं, विशेषकर हमारे जीवन की दैनिक साधारण और परिचित बातों के लिए। उन बातों के लिए उसकी सहायता की आशा न रखने के कारण हम उसके जीवन के द्वारा हमारे जीवनों को परिवर्तित करने के उसके आश्चर्यकर्म से वंचित रह जाते हैं (पद 58)।

          अन्ततः जैसा डैन ने पाया, जिस सहायता की उसे आशा थी, वह ठीक उसी के सामने खड़ी थी, उसे बस उसे स्वीकार करना था। डैन ने उस युवक से कार ठीक करने की सहायता लेना स्वीकार किया, और उसे हमारी पुरानी कार की बैट्री की जाँच कर लेने दी। निरीक्षण करने के बाद उस युवक को केवल एक बोल्ट बदलने की आवश्यकता पड़ी, और कुछ ही सेकेंड्स में कार चालू हो गई, बत्तियां जलने लगीं। डैन ने आश्चर्यचकित होकर कहा, “वह तो क्रिसमस के समान जगमगाने लगी।”

          इसी प्रकार से हम आशा रख सकते हैं कि मसीहा भी हमारे जीवनों में नया उजाला, सामर्थ्य, और सहायता ले आएगा, और हमारे प्रतिदिन के जीवन में एक नया परिवर्तन आ जाएगा। - पेट्रीशिया रेबोन

 

परमेश्वर हमारे जीवनों पर नियंत्रण रखता है, और वह हर बात के लिए सक्षम है।


परन्तु जितनों ने उसे ग्रहण किया, उसने उन्हें परमेश्वर के सन्तान होने का अधिकार दिया, अर्थात उन्हें जो उसके नाम पर विश्वास रखते हैं। वे न तो लहू से, न शरीर की इच्छा से, न मनुष्य की इच्छा से, परन्तु परमेश्वर से उत्पन्न हुए हैं। - यूहन्ना 1:12-13

बाइबल पाठ: मत्ती 13:53-58

मत्ती 13:53 जब यीशु ये सब दृष्टान्त कह चुका, तो वहां से चला गया।

मत्ती 13:54 और अपने देश में आकर उन की सभा में उन्हें ऐसा उपदेश देने लगा; कि वे चकित हो कर कहने लगे; कि इस को यह ज्ञान और सामर्थ्य के काम कहां से मिले?

मत्ती 13:55 क्या यह बढ़ई का बेटा नहीं? और क्या इस की माता का नाम मरियम और इस के भाइयों के नाम याकूब और यूसुफ और शमौन और यहूदा नहीं?

मत्ती 13:56 और क्या इस की सब बहिनें हमारे बीच में नहीं रहतीं? फिर इस को यह सब कहां से मिला?

मत्ती 13:57 सो उन्होंने उसके कारण ठोकर खाई, पर यीशु ने उन से कहा, भविष्यद्वक्ता अपने देश और अपने घर को छोड़ और कहीं निरादर नहीं होता।

मत्ती 13:58 और उसने वहां उन के अविश्वास के कारण बहुत सामर्थ्य के काम नहीं किए।

 

एक साल में बाइबल: 

  • होशे 5-8
  • प्रकाशितवाक्य 2

गुरुवार, 10 दिसंबर 2020

यहोवा का

 

         यह बहुत प्रकट बात है कि आजकल लोगों को अपन शरीरों पर टैटू बनवाना बहुत पसंद है। कुछ टैटू इतने छोटे होते हैं कि उन्हें साफ़ देखा भी न जा सके, और कुछ अन्य होते हैं जो अलग-अलग रंगों, शब्दों और डिजाईनों में, खिलाड़ियों, अभिनेताओं, या सामान्य लोगों के शरीर के अधिकांश भागों पर बने होते हैं। लगता है कि यह प्रवृत्ति स्थाई है, और अनुमान है कि सन 2014 में लोगों ने टैटू बनवाने के लिए 3 अरब डॉलर खर्च किए, तथा उन्हें हटवाने के लिए 66 करोड़ खर्च किए।

         आप चाहे टैटू के बारे में जो भी विचार रखते हों, परमेश्वर के वचन बाइबल में यशायाह 44 अध्याय आलंकारिक रूप में लोगों द्वारा अपने हाथों पर “यहोवा का” (पद 5) लेने के बारे में बताता है। लोगों द्वारा यह लिखवा लेना, उस पूरे अनुच्छेद का चरम बिंदु है, जो परमेश्वर द्वारा उनकी देखभाल करने के विषय बताता है जो उसके चुनें हुए हैं (पद 1)। वे लोग परमेश्वर की सहायता पर भरोसा कर सकते थे (पद 2); तथा उनका देश और वंश आशीषों के लिए नियुक्त किया गया था (पद 3)। दो साधारण, शक्तिशाली शब्द, “यहोवा का” इस बात की पुष्टि करते थे कि यहोवा के लोग जानते थे कि वे उसकी संपत्ति हैं, और वह उनकी देखभाल करेगा।

         जो भी प्रभु यीशु मसीह में लाए गए विश्वास के द्वारा परमेश्वर के निकट आता है, वह अपने विषय दृढ़ निश्चय के साथ कह सकता है कि वह “यहोवा का” है। हम उसके लोग, उसके चरागाह की उसकी भेड़ें, उसकी संतान, उसकी मीरास, उसका निवासस्थान हैं। जीवन के विभिन्न समयों में हम इन बातों को थामे रहते हैं। चाहे बाहर से दिखने वाला कोई भी टैटू हम पर बना हुआ न हो, हम इस बात से आश्वस्त रह सकते हैं कि हम पर परमेश्वर पवित्र आत्मा की छाप लगी है, और हम अनन्तकाल के लिए परमेश्वर यहोवा के हैं (देखें रोमियों 8:16-17)। आर्थर जैक्सन

 

अपने जीवन से दिखाएँ कि आप परमेश्वर यहोवा के हैं।


और उसी में तुम पर भी जब तुम ने सत्य का वचन सुना, जो तुम्हारे उद्धार का सुसमाचार है, और जिस पर तुम ने विश्वास किया, प्रतिज्ञा किए हुए पवित्र आत्मा की छाप लगी। - इफिसियों 1:13

बाइबल पाठ: यशायाह 44:1-5

यशायाह 44:1 परन्तु अब हे मेरे दास याकूब, हे मेरे चुने हुए इस्राएल, सुन ले!

यशायाह 44:2 तेरा कर्ता यहोवा, जो तुझे गर्भ ही से बनाता आया और तेरी सहायता करेगा, यों कहता है, हे मेरे दास याकूब, हे मेरे चुने हुए यशूरून, मत डर!

यशायाह 44:3 क्योंकि मैं प्यासी भूमि पर जल और सूखी भूमि पर धाराएं बहाऊंगा; मैं तेरे वंश पर अपनी आत्मा और तेरी सन्तान पर अपनी आशीष उण्डेलूंगा।

यशायाह 44:4 वे उन मजनुओं के समान बढ़ेंगे जो धाराओं के पास घास के बीच में होते हैं।

यशायाह 44:5 कोई कहेगा, मैं यहोवा का हूं, कोई अपना नाम याकूब रखेगा, कोई अपने हाथ पर लिखेगा, मैं यहोवा का हूं, और अपना कुलनाम इस्राएली बताएगा।

 

एक साल में बाइबल: 

  • होशे 1-4
  • प्रकाशितवाक्य 1

बुधवार, 9 दिसंबर 2020

दृढ़ प्रेम

 

         मेरे पिता ने कहा, “मैं तुम से प्यार करता हूँ” और मैंने स्कूल के अन्दर जाने के लिए कदम बढ़ाते हुए, बिना उनकी बात पर ध्यान दिए कार के दरवाज़े को बन्द कर दिया। मैं छठी कक्षा में थी और पिछले कई महीनों से हम दोनों के मध्य लगभग यही प्रक्रिया प्रतिदिन दोहराई जा रही थी। हम सुबह के समय मेरे स्कूल पहुँचते, पिताजी कहते, “तुम्हारा दिन अच्छा गुज़रे; मैं तुम से प्यार करता हूँ!” और मैं बस प्रत्युत्तर में उन्हें “बाए” कहकर स्कूल चली जाती थी। न मैं उनसे नाराज़ थी, और न ही उनकी उपेक्षा कर रही थी; मैं तो बस अपने ही विचारों में इतनी तल्लीन रहती थी कि मुझे उनके कहे शब्दों का ध्यान भी नहीं होता था। लेकिन फिर भी मेरे पिता का प्रेम सदा वैसा ही दृढ़ बना रहा।

         परमेश्वर पिता का प्रेम भी ऐसा ही है – वरन इससे भी बढ़कर है। इस प्रकार के दृढ़ प्रेम को व्यक्त करने वाला इब्रानी भाषा का शब्द है ‘हेसेद, जो कि पुराने नियम में बारंबार आता है; और अकेले भजन 136 में ही यह शब्द छब्बीस बार आया है। कोई भी वर्तमान शब्द इसके संपूर्ण अर्थ को व्यक्त नहीं कर सकता है। हम इसका अनुवाद “कृपा,” “करुणा,” “दया,” या “वफादारी” करते हैं। हेसेद वह प्रेम है जो बाँधी गई वाचा की प्रतिबद्धता पर आधारित है; ऐसा प्रेम जो वफादार और भरोसेमंद है। जब परमेश्वर के लोगों ने पाप किया, तब भी परमेश्वर उनसे प्रेम करते रहने में उनके प्रति वफादार रहा। इस प्रकार का दृढ़ प्रेम परमेश्वर के चरित्र का अभिन्न अंग है (निर्गमन 34:6)।

         मैं जब बच्ची थी, तब कई बार अपने पिता के प्रेम को हलके में ले लेती थी, कि वह तो मेरे साथ रहेगा ही। आज कभी-कभी मैं यही बात अपन स्वर्गीय परमेश्वर पिता के प्रेम के साथ करती हूँ। मैं पिता परमेश्वर की बात को सुनकर उसका सही प्रत्युत्तर देने में चूक जाती हूँ। मैं उनकी कृतज्ञ नहीं रहती हूँ। लेकिन फिर भी मैं जानती हूँ कि मेरे प्रति परमेश्वर पिता का प्रेम सदा दृढ़ बना रहता है – जो एक ऐसा तथ्य है जो मेरे समस्त जीवन के लिए एक दृढ़ नींव प्रदान करता है। - एमी पीटरसन

 

आज किसी को परमेश्वर के प्रेम से अवगत करवाने के लिए समय निकालिए।


क्योंकि मैं निश्चय जानता हूं, कि न मृत्यु, न जीवन, न स्वर्गदूत, न प्रधानताएं, न वर्तमान, न भविष्य, न सामर्थ्य, न ऊंचाई, न गहराई और न कोई और सृष्टि, हमें परमेश्वर के प्रेम से, जो हमारे प्रभु मसीह यीशु में है, अलग कर सकेगी। - रोमियों 8:38-39

बाइबल पाठ: भजन 136:1-9

भजन संहिता 136:1 यहोवा का धन्यवाद करो, क्योंकि वह भला है, और उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:2 जो ईश्वरों का परमेश्वर है, उसका धन्यवाद करो, उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:3 जो प्रभुओं का प्रभु है, उसका धन्यवाद करो, उसकी करुणा सदा की है।।

भजन संहिता 136:4 उसको छोड़कर कोई बड़े बड़े आश्चर्यकर्म नहीं करता, उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:5 उसने अपनी बुद्धि से आकाश बनाया, उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:6 उसने पृथ्वी को जल के ऊपर फैलाया है, उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:7 उसने बड़ी बड़ी ज्योतियों बनाईं, उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:8 दिन पर प्रभुता करने के लिये सूर्य को बनाया, उसकी करुणा सदा की है।

भजन संहिता 136:9 और रात पर प्रभुता करने के लिये चन्द्रमा और तारागण को बनाया, उसकी करुणा सदा की है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • दानिय्येल 11-12
  • यहूदा

मंगलवार, 8 दिसंबर 2020

घर

 

         हमारी एक पारिवारिक मित्र, पैट्सी का हाल ही में देहांत हो गया; वह जीवन यापन के लिए लोगों को घर बेचा करती थी। मैं और मेरी पत्नी, सू, उसके जीवन के बारे में वार्तालाप कर रहे थे, और सू ने ध्यान दिलाया कि पैट्सी घर बेचने के साथ ही लोगों को प्रभु यीशु मसीह के बारे में भी बताती थी, और कुछ वर्ष पहले उसके द्वारा प्रभु में आया हुआ एक व्यक्ति हमारा अच्छा पारिवारिक मित्र भी बन गया था। यह स्मरण करना बहुत उत्साहवर्धक था कि पैट्सी न केवल इस पृथ्वी पर लोगों को रहने के लिए घर उपलब्ध करवाती थी, वरन वह उनकी इसमें भी सहायता करती थी कि उनके पास उनके अनन्त जीवन के लिए भी रहने का स्थान हो।

         परमेश्वर के वचन बाइबल में हम पाते हैं कि जब प्रभु यीशु समस्त मानव जाति के उद्धार का मार्ग तैयार करने के लिए क्रूस पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने अपने शिष्यों से कहा,मेरे पिता के घर में बहुत से रहने के स्थान हैं, यदि न होते, तो मैं तुम से कह देता क्योंकि मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूं” और उन्हें आश्वस्त किया कि उन सभी के लिए जिन्होंने प्रभु पर विश्वास किया है, रहने के लिए पिता के घर में बहुत सा स्थान होगा (यूहन्ना 14:2)।

         हम सभी को इस जीवन में रहने के लिए एक अच्छा घर होना पसंद है – एक विशेष स्थान जहाँ हम और हमारे परिवार जन विश्राम कर सकते हैं, खा-पी सकते हैं, और एक-दूसरे के साथ संगति में आनन्द तथा आराम के साथ रह सकते हैं। परन्तु विचार कीजिए कि कितना अद्भुत होगा जब हम परलोक के जीवन में प्रवेश करेंगे और पाएँगे कि परमेश्वर ने हमारे लिए पहले से ही हमारे अनन्त निवास स्थान, हमारे स्थाई घर का सारा इंतज़ाम करके रखा हुआ है। हम परमेश्वर की स्तुति करें कि वह हमें प्रभु यीशु में लाए गए हमारे विश्वास में होकर बहुतायत का जीवन देता है (यूहन्ना 10:10), जिसमें हमारे साथ उसकी सदा रहने वाली उपस्थिति भी सम्मिलित है; और इस जीवन के बाद हम अनन्त काल तक उसके साथ उस स्थान पर रहेंगे जो वह हमारे लिए अब तैयार कर रहा है (14:3)।

         परमेश्वर ने जो हम मसीही विश्वासियों के लिए तैयार किया है, उसपर विचार करने से हम पैट्सी के समान ही औरों को भी न केवल इस संसार के घर वरन उनके अनन्तकाल के घर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत रह सकते हैं। - डेव ब्रैनन

 

आज आप किस के साथ उनके अनन्तकाल के घर के विषय 

और वहाँ पहुँचने के मार्ग के बारे में बात कर सकते हैं?


[प्रभु यीशु ने कहा:] द्वार मैं हूं: यदि कोई मेरे द्वारा भीतर प्रवेश करे तो उद्धार पाएगा और भीतर बाहर आया जाया करेगा और चारा पाएगा। चोर किसी और काम के लिये नहीं परन्तु केवल चोरी करने और घात करने और नष्ट करने को आता है। मैं इसलिये आया कि वे जीवन पाएं, और बहुतायत से पाएं। - यूहन्ना 10:9-10

बाइबल पाठ: यूहन्ना 14:1-6

यूहन्ना 14:1 तुम्हारा मन व्याकुल न हो, तुम परमेश्वर पर विश्वास रखते हो मुझ पर भी विश्वास रखो।

यूहन्ना 14:2 मेरे पिता के घर में बहुत से रहने के स्थान हैं, यदि न होते, तो मैं तुम से कह देता क्योंकि मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूं।

यूहन्ना 14:3 और यदि मैं जा कर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूं, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहां ले जाऊंगा, कि जहां मैं रहूं वहां तुम भी रहो।

यूहन्ना 14:4 और जहां मैं जाता हूं तुम वहां का मार्ग जानते हो।

यूहन्ना 14:5 थोमा ने उस से कहा, हे प्रभु, हम नहीं जानते कि तू हां जाता है तो मार्ग कैसे जानें?

यूहन्ना 14:6 यीशु ने उस से कहा, मार्ग और सच्चाई और जीवन मैं ही हूं; बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुंच सकता।

 

एक साल में बाइबल: 

  • दानिय्येल 8-10
  • 3 यूहन्ना

सोमवार, 7 दिसंबर 2020

सही दिशा

 

         मेरे एक मित्र को अमेरिका के एक मिशनरी दंपति ने गोद ले लिया था, और उसकी परवरिश उनके साथ अफ्रीका के घाना देश में हुई थी। जब उनका परिवार वापस अमेरिका लौट कर आया, तो उसने कॉलेज की पढ़ाई आरंभ की, किन्तु आर्थिक कारणों से पूरी नहीं कर सका। बाद में उसने सेना में भरती ली, जिससे वह अपने कॉलेज की पढ़ाई को पूरा करने के लिए पर्याप्त धन एकत्रित कर सका, और साथ ही सेना के साथ दुनिया भर में भी घूम लिया। आज वह अंतर्राष्ट्रीय पाठकों के लिए मसीही साहित्य लिखता और संपादित करता है।

         उसकी पत्नी की कहानी भी रोचक है। कॉलेज के अपने प्रथम वर्ष ही में वह रसायन शास्त्र की अपनी परीक्षा में फेल हो गई, क्योंकि उसकी मिर्गी की बीमारी के कारण उसे कुछ तेज़ दवाइयाँ लेनी पड़ती थीं। कुछ गंभीर विचार करने के पश्चात उसने विज्ञान की पढ़ाई छोड़कर अमरीकी संकेत भाषा का अध्ययन किया, जो उसके लिए कुछ हल्का विषय था। अपने उस अनुभव पर ध्यान करते हुए वह कहती है, “परमेश्वर मेरे जीवन को एक महान उद्देश्य की ओर पुनः निर्देशित कर रहा था।”  आज वह परमेश्वर के जीवन परिवर्तित करने वाले वचन बाइबल को बधिरों तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।

         क्या कभी आप इस बात पर अचरज करते हैं कि आपका जीवन किस ओर जा रहा है? परमेश्वर आपके जीवन को किस दिशा में ले जा रहा है? बाइबल में भजन 139:16 हमारे जीवनों की दिशा को नियंत्रित और निर्देशित करने में परमेश्वर के अदृश्य हाथ के विषय बताता है: “तेरी आंखों ने मेरे बेडौल तत्व को देखा; और मेरे सब अंग जो दिन दिन बनते जाते थे वे रचे जाने से पहिले तेरी पुस्तक में लिखे हुए थे।” हम नहीं जानते हैं कि परमेश्वर हमारे जीवनों की परिस्थितियों को किस प्रकार से प्रयोग करेगा, परन्तु हम इस बात में आश्वस्त रह सकते हैं कि परमेश्वर हमारे बारे में सब कुछ जानता है, और हमारे जीवन का नियंत्रण एवं निर्देशन उसके हाथों में सुरक्षित है। चाहे उसका अदृश्य हाथ हमें दिखाई न दे, किन्तु वह हमारी भलाई और अपनी महिमा के लिए हमें सही दिशा में लिए चल रहा है। - पोह फैंग चिया

 

परमेश्वर और उसके वचन की अगुवाई में जीवन बिताएँ; 

आप सदा सुरक्षित और लाभान्वित रहेंगे।


तेरा वचन मेरे पांव के लिये दीपक, और मेरे मार्ग के लिये उजियाला है। - भजन 119:105

बाइबल पाठ: भजन 139:13-18

भजन संहिता 139:13 मेरे मन का स्वामी तो तू है; तू ने मुझे माता के गर्भ में रचा।

भजन संहिता 139:14 मैं तेरा धन्यवाद करूंगा, इसलिये कि मैं भयानक और अद्भुत रीति से रचा गया हूं। तेरे काम तो आश्चर्य के हैं, और मैं इसे भली भांति जानता हूं।

भजन संहिता 139:15 जब मैं गुप्त में बनाया जाता, और पृथ्वी के नीचे स्थानों में रचा जाता था, तब मेरी हड्डियां तुझ से छिपी न थीं।

भजन संहिता 139:16 तेरी आंखों ने मेरे बेडौल तत्व को देखा; और मेरे सब अंग जो दिन दिन बनते जाते थे वे रचे जाने से पहिले तेरी पुस्तक में लिखे हुए थे।

भजन संहिता 139:17 और मेरे लिये तो हे ईश्वर, तेरे विचार क्या ही बहुमूल्य हैं! उनकी संख्या का जोड़ कैसा बड़ा है।

भजन संहिता 139:18 यदि मैं उन को गिनता तो वे बालू के किनकों से भी अधिक ठहरते। जब मैं जाग उठता हूं, तब भी तेरे संग रहता हूं।

 

एक साल में बाइबल: 

  • दानिय्येल 5-7
  • 2 यूहन्ना

रविवार, 6 दिसंबर 2020

अकेले

 

         मेरे जीवन का सबसे अकेला क्रिसमस तब था जब मैं केवल पंद्रह वर्ष का था, और अफ्रीका के घाना देश में अपने दादा के घर में था, जबकि मेरे माता-पिता तथा भाई-बहनें एक हज़ार किलोमीटर दूर एक अन्य स्थान पर थे। इससे पहले के वर्षों में जब मैं उनके और अपने गाँव के मित्रों के साथ होता था, तो हमारे लिए क्रिसमस सदा ही एक बड़ा और यादगार उत्सव हुआ करता था। परन्तु यह क्रिसमस शांत और अकेलेपन के साथ था। मैं क्रिसमस की प्रातः अपनी चटाई पर लेटा हुआ था, मुझे एक स्थानीय गीत: “वर्ष का अन्त हुआ है; क्रिसमस आ गया है; परमेश्वर के पुत्र का जन्म हुआ है; सभी के लिए शान्ति और आनन्द हो”, स्मरण हो आया, और मैं दुखी मन के साथ उसे बार-बार गाने लगा।

         मेरी दादी ने आकर मुझसे पूछा, “यह क्या गाना है?” मेरे दादा-दादी क्रिसमस के बारे में नहीं जानते थे, और न ही मसीह यीशु के बारे में जानते थे। इसलिए मैं जो कुछ क्रिसमस के बारे में जानता था, मैंने उसे उन्हें बताया। इससे मुझे मेरे अकेलेपन में शान्ति मिली।

         परमेश्वर के वचन बाइबल में दाऊद, जो लड़कपन में एक चरवाहा था, मैदानों में भेड़ों के साथ अकेला होता था। उसके लिए जीवन में अकेलापन अनुभव करने के केवल वही समय नहीं थे। उसने बाद में अपने एक भजन में लिखा,  हे यहोवा मेरी ओर फिरकर मुझ पर अनुग्रह कर; क्योंकि मैं अकेला और दीन हूं” (25:16)। किन्तु दाऊद ने अकेलेपन को उसे निराश नहीं करने दिया। वरन उसने गाया,खराई और सिधाई मुझे सुरक्षित रखें, क्योंकि मुझे तेरे ही आशा है” (25:21)।

         समय-समय पर हम सभी को अकेलेपन का सामना करना पड़ता है। इस वर्ष क्रिसमस पर आप चाहे जहाँ भी हों, अकेले हों या किसी के साथ हों, आप हर समय मसीह के साथ आनन्दित हो सकते हैं; वह आपको कभी अकेले नहीं रहने देता है।

 

जब प्रभु यीशु हमारे साथ है, तो हम कभी अकेले नहीं हैं।


मैं तुम्हें अनाथ न छोडूंगा, मैं तुम्हारे पास आता हूं। - यूहन्ना 14:18

बाइबल पाठ: भजन 25:14-22

भजन संहिता 25:14 यहोवा के भेद को वही जानते हैं जो उस से डरते हैं, और वह अपनी वाचा उन पर प्रगट करेगा।

भजन संहिता 25:15 मेरी आँखें सदैव यहोवा पर टकटकी लगाए रहती हैं, क्योंकि वही मेरे पांवों को जाल में से छुड़ाएगा।

भजन संहिता 25:16 हे यहोवा मेरी ओर फिरकर मुझ पर अनुग्रह कर; क्योंकि मैं अकेला और दीन हूं।

भजन संहिता 25:17 मेरे हृदय का क्लेश बढ़ गया है, तू मुझ को मेरे दु:खों से छुड़ा ले।

भजन संहिता 25:18 तू मेरे दु:ख और कष्ट पर दृष्टि कर, और मेरे सब पापों को क्षमा कर।

भजन संहिता 25:19 मेरे शत्रुओं को देख कि वे कैसे बढ़ गए हैं, और मुझ से बड़ा बैर रखते हैं।

भजन संहिता 25:20 मेरे प्राण की रक्षा कर, और मुझे छुड़ा; मुझे लज्जित न होने दे, क्योंकि मैं तेरा शरणागत हूं।

भजन संहिता 25:21 खराई और सिधाई मुझे सुरक्षित रखें, क्योंकि मुझे तेरे ही आशा है।

भजन संहिता 25:22 हे परमेश्वर इस्राएल को उसके सारे संकटों से छुड़ा ले।

 

एक साल में बाइबल: 

  • दानिय्येल 3-4
  • 1 यूहन्ना 5

शनिवार, 5 दिसंबर 2020

सहायक

 

         हमारे निवास स्थान की बर्फीली सर्दियों में हमारे बच्चों ने घर के पीछे के आँगन में बने बर्फ पर स्केटिंग करने के स्थान में स्केटिंग करने का मज़ा लिया है। जब वे छोटे ही थे, तो उनके लिए स्केटिंग करना सीखना एक चुनौती थी। जमी हुई कठोर और फिसलन भरी सतह पर उनसे पाँव रखवाना कठिन था क्योंकि वे फिसल कर गिरने से होने वाली पीड़ा को जानते थे। किन्तु जब भी उनके पाँव फिसलते, मैं, या मेरे पति उन्हें थामने, उनके शरीरों को स्थिर करने, और उन्हें उठाकर फिर से खड़ा करने के लिए हाथ बढ़ाते थे।

         हम जब भी गिरें, तब हमें उठाने के लिए किसी सहायक की उपस्थिति आश्वस्त करने वाली होती है। परमेश्वर के वचन बाइबल में सभोपदेशक की पुस्तक में भी यह दिखाया गया है। किसी अन्य के साथ मिलकर कार्य करने से हमारा कार्य मधुर तथा प्रभावशाली हो जाता है (4:9), और किसी मित्र की मौजूदगी हमारे जीवनों को प्रसन्न करती है। जब भी हमें चुनौतियों का सामना करना पड़े, तो अच्छा लगता है जब कोई सहायक साथ में आकर व्यावहारिक और भावनात्मक सहायता प्रदान करता है।

         हम जब भी अपने आप को जीवन की किसी कठोर सतह पर गिरा हुआ पाएँ, तब क्या हमें फिर से खड़ा करने के लिए हमारे साथ कोई सहायक होता है? यदि हाँ, तो संभव है कि वह परमेश्वर की ओर से है। या, जब किसी और व्यक्ति अथवा मित्र को सहायक की आवश्यकता होती है, तब क्या हम उन्हें उठा कर खड़ा करने के लिए परमेश्वर का प्रावधान होते हैं? जब हम औरों के सहायक होते हैं, तब हमारी आवश्यकता में हमें भी सहायक मिलते हैं। यदि ऐसा लगे कि पास में कोई ऐसा नहीं है जो हमारा सहायक बने और हमें उठाकर हमारे पैरों पर खड़ा करने में सहायता करे, तब भी हम इस बात से आश्वस्त और निश्चिन्त रह सकते हैं कि परमेश्वर सदा हमारा सहायक है (भजन 46:1)। जब हम उसकी ओर हाथ बढ़ाते हैं, वह हमारे हाथ को थामकर हमें स्थिर करने के लिए हमारा सहायक सदा बना रहता है। - कर्स्टन होल्मबर्ग

 

आप अपने आप को अपने जीवन में परमेश्वर की उपस्थिति के लिए और खुला कैसे कर सकते हैं?

परमेश्वर हमारा शरणस्थान और बल है, संकट में अति सहज से मिलने वाला सहायक। - भजन 46:1

बाइबल पाठ: सभोपदेशक 4:8-12

सभोपदेशक 4:8 कोई अकेला रहता और उसका कोई नहीं है; न उसके बेटा है, न भाई है, तौभी उसके परिश्रम का अन्त नहीं होता; न उसकी आंखें धन से सन्तुष्ट होती हैं, और न वह कहता है, मैं किस के लिये परिश्रम करता और अपने जीवन को सुख रहित रखता हूं? यह भी व्यर्थ और निरा दु:ख भरा काम है।

सभोपदेशक 4:9 एक से दो अच्छे हैं, क्योंकि उनके परिश्रम का अच्छा फल मिलता है।

सभोपदेशक 4:10 क्योंकि यदि उन में से एक गिरे, तो दूसरा उसको उठाएगा; परन्तु हाय उस पर जो अकेला हो कर गिरे और उसका कोई उठाने वाला न हो।

सभोपदेशक 4:11 फिर यदि दो जन एक संग सोए तो वे गर्म रहेंगे, परन्तु कोई अकेला क्योंकर गर्म हो सकता है?

सभोपदेशक 4:12 यदि कोई अकेले पर प्रबल हो तो हो, परन्तु दो उसका सामना कर सकेंगे। जो डोरी तीन तागे से बटी हो वह जल्दी नहीं टूटती।

 

एक साल में बाइबल: 

  • दानिय्येल 1-2
  • 1 यूहन्ना 4