ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

बुधवार, 8 अप्रैल 2020

देखो



     मैक्सिकन संगीतकार रुबेन सोटेलो का गीत, Look At Him (उसकी ओर देखो), प्रभु यीशु के क्रूस पर होने के बारे में है। सोटेलो हमें शांत होकर प्रभु यीशु की ओर देखने को कहता है, क्योंकि क्रूस पर जिस प्रकार के प्रेम का प्रभु यीशु मसीह ने उदाहरण प्रस्तुत किया उसके सामने कहने के लिए कुछ नहीं रह जाता है। परमेश्वर के वचन बाइबल में सुसमाचारों में वर्णित उस दृश्य की कल्पना हम विश्वास के द्वारा कर सकते हैं। हम उस क्रूस, बह रहे खून, कीलों, और वहां की वेदना की कल्पना कर सकते हैं।

     जब प्रभु यीशु मसीह ने क्रूस पर अपना बलिदान दिया, तब, “भीड़ जो यह देखने को इकट्ठी हुई भी, इस घटना को, देखकर छाती- पीटती हुई लौट गई” (लूका 23:48)। कुछ अन्य “...दूर खड़ी हुई यह सब देख रही” (पद 49); वे देख रहे थे और मौन थे। केवल एक ही जन, एक सूबेदार, ने कुछ कहा, “सूबेदार ने, जो कुछ हुआ था देखकर, परमेश्वर की बड़ाई की, और कहा; निश्चय यह मनुष्य धर्मी था” (पद 47)।

     इस महान प्रेम का वर्णन करने के लिए अनेकों गीत और कविताएँ लिखी गई हैं। कई सदियों पहले, यिर्मयाह भविष्यद्वक्ता ने यरूशलेम के विनाश के पश्चात उसकी त्रासदी की पीड़ा के विषय में लिखा (विलापगीत 1:12); वह लोगों से देखने और ध्यान करने के लिए कह रहा था, क्योंकि उसे लग रहा था कि यरुशलेम की पीड़ा से बढ़कर कोई पीड़ा नहीं हो सकती थी। परन्तु क्या प्रभु यीशु की पीड़ा के समान कभी कोई पीड़ा रही है?

     हम सभी अपने जीवन मार्ग पर चलते हुए, कभी न कभी, प्रभु यीशु के क्रूस के पास से होकर निकलते हैं। क्या हम उसे और उसके प्रेम को देखते हैं, उस पर विचार करते हैं? इस ईस्टर, जब शब्द और कविताएं हमारी कृतज्ञता और प्रेम को व्यक्त करने, तथा परमेश्वर के प्रेम का वर्णन करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, हम थोड़ा समय प्रभु के क्रूस की ओर देखने में बिताएं और शांत होकर उसकी मृत्यु के बारे में मनन करें, और देखें कि हमने वास्तव में उसे अपने जीवन समर्पित किए हैं कि नहीं। - कीला ओकोआ

क्रूस की ओर देखो और समर्पण तथा आराधना करो।

हे सब बटोहियो, क्या तुम्हें इस बात की कुछ भी चिन्ता नहीं? दृष्टि कर के देखो, क्या मेरे दु:ख से बढ़ कर कोई और पीड़ा है जो यहोवा ने अपने क्रोध के दिन मुझ पर डाल दी है? - विलापगीत 1:12

बाइबल पाठ: लुका 23:44-49
लूका 23:44 और लगभग दो पहर से तीसरे पहर तक सारे देश में अन्धियारा छाया रहा।
लूका 23:45 और सूर्य का उजियाला जाता रहा, और मन्दिर का परदा बीच में फट गया।
लूका 23:46 और यीशु ने बड़े शब्द से पुकार कर कहा; हे पिता, मैं अपनी आत्मा तेरे हाथों में सौंपता हूं: और यह कहकर प्राण छोड़ दिए।
लूका 23:47 सूबेदार ने, जो कुछ हुआ था देखकर, परमेश्वर की बड़ाई की, और कहा; निश्चय यह मनुष्य धर्मी था।
लूका 23:48 और भीड़ जो यह देखने को इकट्ठी हुई भी, इस घटना को, देखकर छाती- पीटती हुई लौट गई।
लूका 23:49 और उसके सब जान पहचान, और जो स्त्रियां गलील से उसके साथ आई थीं, दूर खड़ी हुई यह सब देख रही थीं।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 10-12
  • लूका 9:37-62



मंगलवार, 7 अप्रैल 2020

खराई



     दक्षिणपूर्वी एशियाई खेलों की मैराथन दौड़ में जब सिंगापुर के धावक एशले ल्यू ने अचानक ही अपने आप को अकेला और सबसे आगे दौड़ते हुए पाया, तो वह समझ गया कि कुछ गड़बड़ है। शीघ्र ही उसे एहसास हो गया कि उस से आगे भाग रहे अन्य धावकों ने कहीं पर कोई गलत मोड़ ले लिया था, और इसलिए अब वे उससे पीछे हो गए थे। एशले उनकी इस गलती का फायदा उठा कर आगे भागता रह सकता था, किन्तु खरी खेल भावना ने उसे ऐसा करने से रोका, क्योंकि इस प्रकार की जीत वास्तविक जीत नहीं होती। वह इसलिए जीतना चाहता था क्योंकि वह सबसे तेज़ था, न कि इसलिए क्योंकि औरों ने गलती करी थी। अपनी खराई की भावना का पालन करते हुए एशले ने अपने भागने की गति को तब तक धीमा कर दिया, जब तक कि अन्य धावक उस तक नहीं पहुँच गए।

     अंततः एशले वह दौड़ हार गया, और पदक से वंचित रह गया। परन्तु उसने अपने देशवासियों के हृदयों को, और अपनी खराई के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय पुरुस्कार को भी जीत लिया। यह उसके मसीही होने की एक उत्तम गवाही थी, जिससे कई लोग यह सोचने के लिए बाध्य हुए होंगे की उसने ऐसा कैसे कर लिया।

     एशले द्वारा किया कार्य मेरे लिए चुनौती है कि अपने जीवन के सभी कार्यों के द्वारा मैं अपने मसीही विश्वास को औरों के साथ बाँटू। ध्यानपूर्वक, दया, क्षमा आदि के साथ किए गए छोटे-छोटे कार्य भी परमेश्वर को महिमा प्रदान कर सकते हैं। पौलुस प्रेरित ने परमेश्वर के वचन बाइबल में लिखा, “सब बातों में अपने आप को भले कामों का नमूना बना: तेरे उपदेश में सफाई, गम्भीरता और ऐसी खराई पाई जाए, कि कोई उसे बुरा न कह सके; जिस से विरोधी हम पर कोई दोष लगाने का अवसर न पाकर लज्ज़ित हों” (तीतुस 2:7-8)।

     हमारे द्वारा औरों के प्रति किए गए सकारात्मक कार्य संसार को यह दिखा सकते हैं कि हम संसार से भिन्न हैं क्योंकि परमेश्वर का पवित्र आत्मा हम में होकर कार्य करता है। वही हमें अनुग्रह और सामर्थ्य देता है कि हम अधार्मिकता और गलत व्यवहार को अस्वीकार कर के खराई से जीवन जीएं; ऐसे जीवन जो लोगों को परमेश्वर की ओर इशारा करें। - लेस्ली कोह

ऐसे जीएं कि लोग प्रभु यीशु को जानने के लिए जिज्ञासु हों।

और इस संसार के सदृश न बनो; परन्तु तुम्हारी बुद्धि के नये हो जाने से तुम्हारा चाल-चलन भी बदलता जाए, जिस से तुम परमेश्वर की भली, और भावती, और सिद्ध इच्छा अनुभव से मालूम करते रहो। - रोमियों 12:2

बाइबल पाठ: तीतुस 2:7-8, 11-14
तीतुस 2:7 सब बातों में अपने आप को भले कामों का नमूना बना: तेरे उपदेश में सफाई, गम्भीरता
तीतुस 2:8 और ऐसी खराई पाई जाए, कि कोई उसे बुरा न कह सके; जिस से विरोधी हम पर कोई दोष लगाने का अवसर न पाकर लज्ज़ित हों।
तीतुस 2:11 क्योंकि परमेश्वर का अनुग्रह प्रगट है, जो सब मनुष्यों के उद्धार का कारण है।
तीतुस 2:12 और हमें चिताता है, कि हम अभक्ति और सांसारिक अभिलाषाओं से मन फेर कर इस युग में संयम और धर्म और भक्ति से जीवन बिताएं।
तीतुस 2:13 और उस धन्य आशा की अर्थात अपने महान परमेश्वर और उद्धारकर्ता यीशु मसीह की महिमा के प्रगट होने की बाट जोहते रहें।
तीतुस 2:14 जिसने अपने आप को हमारे लिये दे दिया, कि हमें हर प्रकार के अधर्म से छुड़ा ले, और शुद्ध कर के अपने लिये एक ऐसी जाति बना ले जो भले भले कामों में सरगर्म हो।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 7-9
  • लूका 9:18-36



सोमवार, 6 अप्रैल 2020

शान्ति



     हमारे विमान के शिकागो पहुँचने के पश्चात, एक-दूसरे से विदा लेते समय, उस महिला में मुझ से कहा, “आज परमेश्वर ने आप को मेरे पास भेजा है।” विमान में वह मेरे निकट की सीट पर बैठी थी, और वार्तालाप के दौरान मैंने जाना कि वह दिन भर में कई उड़ानें पूरी कर के अब वापस लौट रही थी। मैंने पूछा, “यदि आप बुरा न मानें तो क्या मुझे बता सकती हैं कि आपको दिन भर में एक के बाद एक इतनी उड़ानें भरने की आवश्यकता क्यों पड़ी?” उसने नीचे देखते हुए कहा, “मैं अपनी बेटी को नशे की आदत से छुड़ाने के लिए एक नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवा के आ रही हूँ।”

     इसके बाद के समय में, मैंने विनम्रता के साथ उसे अपने बेटे की हिरोइन के नशे की लत से छुटकारे की कहानी सुनाई, और बताया की कैसे प्रभु यीशु ने उसे इस लत से मुक्त किया था। मेरी बात सुनते हुए, उसके आँखों में आए आँसुओं के साथ चेहरे पर एक मुस्कान भी आ गई। विमान के उतर जाने के बाद, विदा होने से पहले, हमने साथ मिलकर प्रार्थना करी, और परमेश्वर से माँगा कि वह उसकी बेटी को भी नशे के बन्धनों से मुक्त कर दे।

     उस संध्या, मैं परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस द्वारा लिखी बात को स्मरण कर रहा था, “हमारे प्रभु यीशु मसीह के परमेश्वर, और पिता का धन्यवाद हो, जो दया का पिता, और सब प्रकार की शान्‍ति का परमेश्वर है। वह हमारे सब क्‍लेशों में शान्‍ति देता है; ताकि हम उस शान्‍ति के कारण जो परमेश्वर हमें देता है, उन्हें भी शान्‍ति दे सकें, जो किसी प्रकार के क्‍लेश में हों” (2 कुरिन्थियों 1:3-4)।

     हमारे चारों और लोग हैं जिन्हें शान्ति की आवश्यकता है, उस शान्ति की जो केवल प्रभु परमेश्वर ही प्रदान कर सकता है। परमेश्वर चाहता है कि हम उन लोगों की ओर, विनम्रता के साथ, कृपा और करुणा के हाथ बढ़ाएं, और उनके साथ उस प्रेम को बाँटें जो परमेश्वर ने हमारे साथ किया है। परमेश्वर से प्रार्थना करें कि वह हमें उन के पास भेजे जिन्हें आज उसकी शान्ति और प्रेम की आवश्यकता है। - जेम्स बैंक्स

परमेश्वर की कृपा और करुणा हमारी गहनतम आवश्यकता की पूर्ति करती है।

मैं तुम्हें शान्‍ति दिए जाता हूं, अपनी शान्‍ति तुम्हें देता हूं; जैसे संसार देता है, मैं तुम्हें नहीं देता: तुम्हारा मन न घबराए और न डरे। - यूहन्ना 14:27

बाइबल पाठ: 2 कुरिन्थियों 1:1-10
2 कुरिन्थियों 1:1 पौलुस की ओर से जो परमेश्वर की इच्छा से मसीह यीशु का प्रेरित है, और भाई तीमुथियुस की ओर से परमेश्वर की उस कलीसिया के नाम जो कुरिन्थुस में है; और सारे अखया के सब पवित्र लोगों के नाम।
2 कुरिन्थियों 1:2 हमारे पिता परमेश्वर और प्रभु यीशु मसीह की ओर से तुम्हें अनुग्रह और शान्‍ति मिलती रहे।
2 कुरिन्थियों 1:3 हमारे प्रभु यीशु मसीह के परमेश्वर, और पिता का धन्यवाद हो, जो दया का पिता, और सब प्रकार की शान्‍ति का परमेश्वर है।
2 कुरिन्थियों 1:4 वह हमारे सब क्‍लेशों में शान्‍ति देता है; ताकि हम उस शान्‍ति के कारण जो परमेश्वर हमें देता है, उन्हें भी शान्‍ति दे सकें, जो किसी प्रकार के क्‍लेश में हों।
2 कुरिन्थियों 1:5 क्योंकि जैसे मसीह के दुख हम को अधिक होते हैं, वैसे ही हमारी शान्‍ति भी मसीह के द्वारा अधिक होती है।
2 कुरिन्थियों 1:6 यदि हम क्‍लेश पाते हैं, तो यह तुम्हारी शान्‍ति और उद्धार के लिये है और यदि शान्‍ति पाते हैं, तो यह तुम्हारी शान्‍ति के लिये है; जिस के प्रभाव से तुम धीरज के साथ उन क्‍लेशों को सह लेते हो, जिन्हें हम भी सहते हैं।
2 कुरिन्थियों 1:7 और हमारी आशा तुम्हारे विषय में दृढ़ है; क्योंकि हम जानते हैं, कि तुम जैसे दुखों के वैसे ही शान्‍ति के भी सहभागी हो।
2 कुरिन्थियों 1:8 हे भाइयों, हम नहीं चाहते कि तुम हमारे उस क्‍लेश से अनजान रहो, जो आसिया में हम पर पड़ा, कि ऐसे भारी बोझ से दब गए थे, जो हमारी सामर्थ्य से बाहर था, यहां तक कि हम जीवन से भी हाथ धो बैठे थे।
2 कुरिन्थियों 1:9 वरन हम ने अपने मन में समझ लिया था, कि हम पर मृत्यु की आज्ञा हो चुकी है कि हम अपना भरोसा न रखें, वरन परमेश्वर का जो मरे हुओं को जिलाता है।
2 कुरिन्थियों 1:10 उसी ने हमें ऐसी बड़ी मृत्यु से बचाया, और बचाएगा; और उस से हमारी यह आशा है, कि वह आगे को भी बचाता रहेगा।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 4-6
  • लूका 9:1-17



रविवार, 5 अप्रैल 2020

कौन है?



     कल्पना कीजिए, आप धूल भरे रास्ते के किनारे अनेकों लोगों के साथ खड़े हैं; लोग जानने के लिए उत्सुक्त, ताक रहे हैं, उचक-उचक कर देख रहे हैं कि कौन आ रहा है। लोगों को दूर कोई गदहे पर सवार हो कर आता हुआ दिखाई देता है। जैसे जैसे वह निकट आता जाता है, लोग अपने वस्त्र उसके आगे मार्ग पर बिछाते हैं, कोई पेड़ों से डालियाँ काटकर उसके मार्ग पर बिछाता है, तो कोई खजूर की डालियाँ काटकर बिछाता है। उसके आदर और स्तुति में लोग चिल्ला रहे हैं, परमेश्वर की बड़ाई कर रहे हैं।

     उनके क्रूस पर चढ़ाए जाने से कुछ दिन पहले, उनके अनुयायियों ने प्रभु यीशु का यरूशलेम में बड़े सम्मान के साथ स्वागत किया। वे आनंदित थे और परमेश्वर की स्तुति कर रहे थे, “...चेलों की सारी मण्‍डली उन सब सामर्थ के कामों के कारण जो उन्होंने देखे थे, आनन्‍दित हो कर बड़े शब्द से परमेश्वर की स्‍तुति करने लगी” (लूका 19:37)। प्रभु यीशु के भक्त उसके चारों और एकत्रित थे और कह रहे थे, “कि धन्य है वह राजा, जो प्रभु के नाम से आता है; स्वर्ग में शान्‍ति और आकाश मण्‍डल में महिमा हो” (पद 38)। उनके द्वारा किया जा रहा यह आदर और सम्मान यरूशलेम के लोगों को प्रभावित कर रहा था, और “जब उसने यरूशलेम में प्रवेश किया, तो सारे नगर में हलचल मच गई; और लोग कहने लगे, यह कौन है?” (मत्ती 21:10)।

     आज भी लोग प्रभु यीशु के बारे में जानने को जिज्ञासु हैं की वह कौन है। आज हम उनके मार्ग पर अपने वस्त्रों, पेड़ों तथा खजूर की डालियों को नहीं बिछा सकते हैं, परन्तु हम लोगों के सामने प्रभु का आदर और सम्मान, उनका बखान और गुणगान, आज भी कर सकते हैं। हम लोगों के साथ उनके अद्भुत कार्यों की चर्चा कर सकते हैं; प्रभु के समान ज़रूरतमंदों की सहायता के लिए हाथ बढ़ा सकते हैं, धैर्य के साथ आलोचना और बुराई को सहते हुए लोगों का भला कर सकते हैं; और प्रभु के समान प्रेम के द्वारा लोगों के सामने मसीही विश्वास के जीवन की एक गवाही रख सकते हैं। और तब, जब लोग आकर्षित होकर पूछेंगे, तो हम उन्हें बता सकते हैं कि प्रभु यीशु कौन है! – जेनिफर बेनसन शुल्ट

जब हम उसकी संतान के समान जीवन व्यतीत करते है, 
हम प्रभु परमेश्वर को आदर और सम्मान देते हैं।

पर मसीह को प्रभु जान कर अपने अपने मन में पवित्र समझो, और जो कोई तुम से तुम्हारी आशा के विषय में कुछ पूछे, तो उसे उत्तर देने के लिये सर्वदा तैयार रहो, पर नम्रता और भय के साथ। - 1 पतरस 3:15

बाइबल पाठ: लूका 19:28-40
लूका 19:28 ये बातें कहकर वह यरूशलेम की ओर उन के आगे आगे चला।
लूका 19:29 और जब वह जैतून नाम पहाड़ पर बैतफगे और बैतनियाह के पास पहुंचा, तो उसने अपने चेलों में से दो को यह कहके भेजा।
लूका 19:30 कि साम्हने के गांव में जाओ, और उस में पहुंचते ही एक गदही का बच्‍चा जिस पर कभी कोई सवार नहीं हुआ, बन्‍धा हुआ तुम्हें मिलेगा, उसे खोल कर लाओ।
लूका 19:31 और यदि कोई तुम से पूछे, कि क्यों खोलते हो, तो यह कह देना, कि प्रभु को इस का प्रयोजन है।
लूका 19:32 जो भेजे गए थे; उन्होंने जा कर जैसा उसने उन से कहा था, वैसा ही पाया।
लूका 19:33 जब वे गदहे के बच्‍चे को खोल रहे थे, तो उसके मालिकों ने उन से पूछा; इस बच्‍चे को क्यों खोलते हो?
लूका 19:34 उन्होंने कहा, प्रभु को इस का प्रयोजन है।
लूका 19:35 वे उसको यीशु के पास ले आए और अपने कपड़े उस बच्‍चे पर डालकर यीशु को उस पर सवार किया।
लूका 19:36 जब वह जा रहा था, तो वे अपने कपड़े मार्ग में बिछाते जाते थे।
लूका 19:37 और निकट आते हुए जब वह जैतून पहाड़ की ढलान पर पहुंचा, तो चेलों की सारी मण्‍डली उन सब सामर्थ के कामों के कारण जो उन्होंने देखे थे, आनन्‍दित हो कर बड़े शब्द से परमेश्वर की स्‍तुति करने लगी।
लूका 19:38 कि धन्य है वह राजा, जो प्रभु के नाम से आता है; स्वर्ग में शान्‍ति और आकाश मण्‍डल में महिमा हो।
लूका 19:39 तब भीड़ में से कितने फरीसी उस से कहने लगे, हे गुरू अपने चेलों को डांट।
लूका 19:40 उसने उत्तर दिया, कि तुम से कहता हूं, यदि ये चुप रहें, तो पत्थर चिल्ला उठेंगे।

एक साल में बाइबल: 
  • 1 शमुएल 1-3
  • लूका 8:26-56



शनिवार, 4 अप्रैल 2020

सहायता



     एक अत्याधिक गरम दिन में, आठ वर्षीय कारमाइन मैकडैनियल यह सुनिशचित करना चाहता था कि उन्हें डाक बांटने वाले डाकिए के लिए ठंडा पानी और स्फूर्तिदायक ठंडा पेय उपलब्ध हो। इसलिए उसने अपने घर के बरामदे में एक कूलर में ठन्डे पानी की बोतलें और एक ठंडा पेय रख दिया। उसके परिवार द्वारा सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरे में, उन वस्तुओं को देखकर, डाकिए की प्रतिक्रिया रिकॉर्ड हो गई: “अरे वाह, पानी और पेय! परमेश्वर आपका धन्यवाद, धन्यवाद!” कारमाइन की माँ ने कहा, “कारमाइन को लगता है कि चाहे वे घर पर न भी हों, तो भी यह उनका कर्तव्य है कि डाकिए को कुछ ठंडा पीने के लिए उपलब्ध रहे।”

     यह कहानी हमारे हृदयों को छूती है, किन्तु साथ ही हमें यह भी स्मरण करवाती है कि कोई है जो हमारी “हर एक घटी को पूरा करेगा” जैसा कि परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस ने लिखा। यह लिखते समय पौलुस जेल में बंदी था और उसका भविष्य अनिश्चित था। उसने फिलिप्पी के मसीही विश्वासियों के प्रति अपने आनन्द को व्यक्त किया, क्योंकि उनकी आर्थिक सहायता में हो कर परमेश्वर ने पौलुस की आवश्यकताओं को पूरा किया था। फिलिप्पी की मसीही मंडली धनी तो नहीं थी, परन्तु उदार अवश्य थी, और अपनी निर्धनता में भी वे पौलुस और अन्य लोगों की सहायता करते थे (2 कुरिन्थियों 8:1-4)। पौलुस ने लिखा की जिस प्रकार से उन्होंने उसकी सहायता तथा आवश्यकताओं की पूर्ति की थी, उसी प्रकार से परमेश्वर भी उनके लिए करेगा: “और मेरा परमेश्वर भी अपने उस धन के अनुसार जो महिमा सहित मसीह यीशु में है तुम्हारी हर एक घटी को पूरी करेगा” (फिलिप्पियों 4:19)।

     परमेश्वर अकसर अनेपक्षित स्त्रोतों से सहायता उपलब्ध करवा देता है; वह हमारी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए औरों को सहायातार्थ खड़ा करता है। जब हम उस पर भरोसा बनाए रखते हैं, तो जैसे पौलुस ने सीखा, हम भी पाएंगे कि सच्चे संतोष का स्त्रोत वही है, उसकी सहायता सदा उपलब्ध रहती है। - मार्विन विलियम्स

परमेश्वर के संसाधन, हमारी आवश्यकताओं से सदा बढ़कर होते हैं।

अब हे भाइयों, हम तुम्हें परमेश्वर के उस अनुग्रह का समाचार देते हैं, जो मकिदुनिया की कलीसियाओं पर हुआ है। कि क्‍लेश की बड़ी परीक्षा में उन के बड़े आनन्द और भारी कंगालपन के बढ़ जाने से उन की उदारता बहुत बढ़ गई। और उनके विषय में मेरी यह गवाही है, कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य भर वरन सामर्थ्य से भी बाहर मन से दिया। और इस दान में और पवित्र लोगों की सेवा में भागी होने के अनुग्रह के विषय में हम से बार बार बहुत बिनती की। - 2 कुरिन्थियों 8:1-4

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 4:10-20
फिलिप्पियों 4:10 मैं प्रभु में बहुत आनन्‍दित हूं कि अब इतने दिनों के बाद तुम्हारा विचार मेरे विषय में फिर जागृत हुआ है; निश्‍चय तुम्हें आरम्भ में भी इस का विचार था, पर तुम्हें अवसर न मिला।
फिलिप्पियों 4:11 यह नहीं कि मैं अपनी घटी के कारण यह कहता हूं; क्योंकि मैं ने यह सीखा है कि जिस दशा में हूं, उसी में सन्‍तोष करूं।
फिलिप्पियों 4:12 मैं दीन होना भी जानता हूं और बढ़ना भी जानता हूं: हर एक बात और सब दशाओं में तृप्‍त होना, भूखा रहना, और बढ़ना-घटना सीखा है।
फिलिप्पियों 4:13 जो मुझे सामर्थ्य देता है उस में मैं सब कुछ कर सकता हूं।
फिलिप्पियों 4:14 तौभी तुम ने भला किया, कि मेरे क्‍लेश में मेरे सहभागी हुए।
फिलिप्पियों 4:15 और हे फिलप्‍पियो, तुम आप भी जानते हो, कि सुसमाचार प्रचार के आरम्भ में जब मैं ने मकिदुनिया से कूच किया तब तुम्हें छोड़ और किसी मण्‍डली ने लेने देने के विषय में मेरी सहयता नहीं की।
फिलिप्पियों 4:16 इसी प्रकार जब मैं थिस्सलुनीके में था; तब भी तुम ने मेरी घटी पूरी करने के लिये एक बार क्या वरन दो बार कुछ भेजा था।
फिलिप्पियों 4:17 यह नहीं कि मैं दान चाहता हूं परन्तु मैं ऐसा फल चाहता हूं, जो तुम्हारे लाभ के लिये बढ़ता जाए।
फिलिप्पियों 4:18 मेरे पास सब कुछ है, वरन बहुतायत से भी है: जो वस्तुएं तुम ने इपफ्रुदीतुस के हाथ से भेजी थीं उन्हें पाकर मैं तृप्‍त हो गया हूं, वह तो सुगन्‍ध और ग्रहण करने के योग्य बलिदान है, जो परमेश्वर को भाता है।
फिलिप्पियों 4:19 और मेरा परमेश्वर भी अपने उस धन के अनुसार जो महिमा सहित मसीह यीशु में है तुम्हारी हर एक घटी को पूरी करेगा।
फिलिप्पियों 4:20 हमारे परमेश्वर और पिता की महिमा युगानुयुग होती रहे। आमीन।

एक साल में बाइबल: 
  • रूत 1-4
  • लूका 8:1-25



शुक्रवार, 3 अप्रैल 2020

स्वाद



     कुछ लोगों को चॉकलेट मीठी अच्छी लगती है तो औरों को कडुवी। मध्य अमेरिका के प्राचीन मूल निवासी, माया जनजाति के लोग, चॉकलेट को पेय पदार्थ के रूप में लेते थे, और वे इसमें मिर्च मिलाया करते थे; उन्हें यह “कडुवा पानी”, जैसा वह उसे कहते थे, पसंद था। कई वर्षों के पश्चात चॉकलेट स्पेन पहुँचा, परन्तु स्पेन के लोगों ने इसे मीठा पसंद किया, इसलिए उसकी स्वाभाविक कडुवाहट को छिपाने के लिए वे चॉकलेट में चीनी और शहद मिलाने लगे।

     चॉकलेट ही के समान, दिन भी कडुवे या मीठे हो सकते हैं। सत्रहवीं शताब्दी के एक सुप्रसिद्ध मसीही सन्यासी, ब्रदर लॉरेंस ने लिखा, “यदि हम जानते कि [परमेश्वर] हम से कितना प्रेम करता है तो हम उसके हाथ से, मीठा और कडुवा, बराबर मात्राओं में, लेने के लिए सदा तैयार रहते। मीठा और कडुवा लेने, बराबर मात्राओं में? यह तो कठिन है! ब्रदर लॉरेंस क्या कह रहे थे? कुंजी परमेश्वर के चरित्र में है। परमेश्वर के वचन बाइबल में भजनकार ने परमेश्वर के विषय कहा, “तू भला है, और भला करता भी है; मुझे अपनी विधियां सिखा” (पद 68)।

     माया लोग कडुवे चॉकलेट को उसकी चंगा करने और औषधीय गुणों के लिए भी पसंद करते थे। कडुवे समयों का भी महत्त्व होता है। वे हमें हमारी कमज़ोरियों को दिखाते हैं, तथा हमें परमेश्वर पर और भी अधिक निर्भर रहने में सहायता करते हैं। भजनकार ने लिखा, “मुझे जो दु:ख हुआ वह मेरे लिये भला ही हुआ है, जिस से मैं तेरी विधियों को सीख सकूं” (पद 71)। आज हम जीवन को उसके हर भिन्न स्वाद के साथ अपनाएं। जीवन के प्रत्येक स्वाद में परमेश्वर से मिलने वाली भलाई के लिए आश्वस्त रहते हुए, हम भी भजनकार के साथ कहें, “हे यहोवा, तू ने अपने वचन के अनुसार अपने दास के संग भलाई की है” (पद 65)। - कीला ओकोआ

हर परिस्थिति में, परमेश्वर सदा भला है।

क्योंकि हे प्रभु, तू भला और क्षमा करने वाला है, और जितने तुझे पुकारते हैं उन सभों के लिये तू अति करूणामय है। - भजन 86:5

बाइबल पाठ: भजन 119:65-72
भजन संहिता 119:65 हे यहोवा, तू ने अपने वचन के अनुसार अपने दास के संग भलाई की है।
भजन संहिता 119:66 मुझे भली विवेक- शक्ति और ज्ञान दे, क्योंकि मैं ने तेरी आज्ञाओं का विश्वास किया है।
भजन संहिता 119:67 उस से पहिले कि मैं दु:खित हुआ, मैं भटकता था; परन्तु अब मैं तेरे वचन को मानता हूं।
भजन संहिता 119:68 तू भला है, और भला करता भी है; मुझे अपनी विधियां सिखा।
भजन संहिता 119:69 अभिमानियों ने तो मेरे विरुद्ध झूठ बात गढ़ी है, परन्तु मैं तेरे उपदेशों को पूरे मन से पकड़े रहूंगा।
भजन संहिता 119:70 उनका मन मोटा हो गया है, परन्तु मैं तेरी व्यवस्था के कारण सुखी हूं।
भजन संहिता 119:71 मुझे जो दु:ख हुआ वह मेरे लिये भला ही हुआ है, जिस से मैं तेरी विधियों को सीख सकूं।
भजन संहिता 119:72 तेरी दी हुई व्यवस्था मेरे लिये हजारों रूपयों और मुहरों से भी उत्तम है।

एक साल में बाइबल: 
  • न्यायियों 19-21
  • लूका 7:31-50



गुरुवार, 2 अप्रैल 2020

कृपा



     जब मैंने कॉलेज समाप्त करके कार्य करना आरंभ किया, तो मेरे पास बहुत सीमित पैसा होता था, और मुझे प्रतिदिन की आवश्यकताओं के लिए भी बहुत सोच-समझ कर खर्च करना होता था – सप्ताह में अधिक-से-अधिक बीस डॉलर! एक दिन स्टोर से सामान जमा कर के, उस सामान की कीमत चुकाने की लाइन में खड़े होते समय मुझे लगा कि मैंने अपनी क्षमता से कुछ अधिक सामान एकत्रित कर लिया है, इसलिए जब पैसे चुकाने की मेरी बारी आई तो मैंने बिल बनाकर पैसे लेने वाले कैशियर से कहा, “जैसे ही बीस डॉलर हो जाएं, तो रुक जाना।” मैंने देखा कि मिर्ची के एक पैकट को छोड़, मैं बाकी सभी कुछ खरीद सकी थी।

     मैं स्टोर से बाहर निकल कर घर जाने को तैयार ही हो रही थी, कि एक आदमी मेरे पास आकर रुका, मुझे एक पैकेट पकड़ाते हुए बोला, “आपकी मिर्ची”, और मुझे पैकेट पकड़ा कर आगे बढ़ गया। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती या उसे धन्यवाद भी कह पाती, वह अनजान व्यक्ति आगे निकल चुका था।

     आज भी जब मैं भलाई के उसके उस कार्य को स्मरण करती हूँ तो मेरा मन भाव-विभोर हो जाता है, और मुझे परमेश्वर के वचन बाइबल में मत्ती 6 में दिए प्रभु यीशु के शब्द स्मरण हो आते हैं। जो लोग दिखावे के लिए निर्धनों को दान देते थे (पद 2), उन कपटियों की आलोचना करते हुए प्रभु यीशु ने अपने शिष्यों को एक भिन्न मार्ग बताया। दान देने को अपना तथा अपनी दानवीरता की महिमा करवाने का अवसर बनाने के स्थान पर, प्रभु ने सिखाया कि उनका देना इतना गुप्त हो कि एक हाथ को दूसरे के कार्य के बारे में भी पता न चलने पाए (पद 3)।

     जैसा कि एक अनजान व्यक्ति की कृपा ने मुझे स्मरण दिलाया, देना कभी भी हमारी अपनी महिमा के लिए नहीं होना चाहिए। हमें केवल इसलिए देना है क्योंकि हमारे उदार परमेश्वर ने हमें बहुतायत से दिया है (2 कुरिन्थियों 9:6-11)। जब हम गुप्त में और उदारता से देते हैं, तो हम अपने प्रभु परमेश्वर के चरित्र को, उसकी कृपा को, प्रतिबिंबित करते हैं, और हमारे द्वारा महिमा परमेश्वर की होती है, जिसके योग्य केवल वही है (पद 11)। - मोनिका ब्रैंड्स

गुप्त में तथा उदारता से देना परमेश्वर की कृपा और उदारता को दर्शाता है।

हर एक जन जैसा मन में ठाने वैसा ही दान करे न कुढ़ कुढ़ के, और न दबाव से, क्योंकि परमेश्वर हर्ष से देने वाले से प्रेम रखता है। - 2 कुरिन्थियों 9:7

बाइबल पाठ: मत्ती 6:1-4
मत्ती 6:1 सावधान रहो! तुम मनुष्यों को दिखाने के लिये अपने धर्म के काम न करो, नहीं तो अपने स्‍वर्गीय पिता से कुछ भी फल न पाओगे।
मत्ती 6:2 इसलिये जब तू दान करे, तो अपने आगे तुरही न बजवा, जैसा कपटी, सभाओं और गलियों में करते हैं, ताकि लोग उन की बड़ाई करें, मैं तुम से सच कहता हूं, कि वे अपना फल पा चुके।
मत्ती 6:3 परन्तु जब तू दान करे, तो जो तेरा दाहिना हाथ करता है, उसे तेरा बांया हाथ न जानने पाए।
मत्ती 6:4 ताकि तेरा दान गुप्‍त रहे; और तब तेरा पिता जो गुप्‍त में देखता है, तुझे प्रतिफल देगा।

एक साल में बाइबल: 
  • न्यायियों 16-18
  • लूका 7:1-30