ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

शुक्रवार, 13 नवंबर 2020

चरवाहा

 

         मेरे मित्र चाड ने एक वर्ष भेड़ों की चरवाही की थी। उसने मुझे बताया कि भेड़ें इतनी भोली और मूर्ख होती हैं कि वे केवल वही खाती हैं जो ठीक उनके सामने होता है। यदि उनके सामने की सारी घास समाप्त भी हो जाए, तो भी वे इधर-उधर देख कर अच्छे घास को ढूँढने का प्रयास नहीं करती हैं, वे सामने पड़ा कचरा और मिट्टी में धंसी घास को ही खाने के प्रयास करने लगेंगी। यह सुनकर हम दोनों ही भेड़ों की मूर्खता पर हँसे, परन्तु मैं यह सोचने के लिए विवश हुआ कि परमेश्वर के वचन बाइबल में कितनी ही बार हम मनुष्यों की तुलना भेड़ों के साथ की गई है।

         भेड़ों की मूर्खता की बात सुनने के बाद यह समझना आसान है कि क्यों उन्हें हमेशा ही एक चरवाहे की आवश्यकता रहती है। लेकिन उनके इस भोलेपन के कारण, किसी भी चरवाहे से काम नहीं चलेगा। भेड़ों को ऐसे चरवाहे की आवश्यकता होती है जो उनकी चिंता और देखभाल करता है। बाइबल में जब यहेजकेल भविष्यद्वक्ता ने निर्वासित हुए तथा बेबीलोन में बन्धुआई में रहने वाले परमेश्वर के लोगों को लिखा, तो उसने उनकी तुलना अयोग्य चरवाहों द्वारा देखभाल की गई भेड़ों से की। झुण्ड की देखभाल करने की बजाए, इस्राएल के अगुवों ने उनसे लाभ उठाया था (पद 3), और फिर उन्हें जंगली जानवरों के द्वारा आहार बनने के लिए छोड़ दिया था (पद 5)।

         परन्तु वे आशा रहित नहीं थे। परमेश्वर ने, जो उनका अच्छा चरवाहा भी था, उनसे प्रतिज्ञा की, कि वह उन्हें उनका शोषण करने वाले चरवाहों से बचाएगा, और उन्हें वापस घर लेकर आएगा, और अच्छी चरागाहों में लेकर जाएगा, उन्हें विश्राम देगा। उनमें जो घायल हैं, उन्हें चंगा करेगा, और जो भटक कर खो गए हैं, उन्हें खोजने जाएगा (पद 11-16)। वह जंगली जानवरों को दूर भगाएगा, जिससे उसका झुण्ड सुरक्षित रहे (पद 28)।

         परमेश्वर के झुण्ड के लोगों को निःसंदेह कोमल देखभाल और मार्गदर्शन की आवश्यकता रहती है। हम कितने धन्य हैं कि हमारा एक चरवाहा है जो सदा हमें हरी चराइयों में लिए चलता है (पद 14)! – एमी पीटरसन

 

क्या मैं अपने चरवाहे की आवाज़ को सुनता हूँ?


प्रभु यीशु ने कहा: अच्छा चरवाहा मैं हूं; अच्छा चरवाहा भेड़ों के लिये अपना प्राण देता है। - यूहन्ना 10:11

बाइबल पाठ: यहेजकेल 34:7-16

यहेजकेल 34:7 इस कारण, हे चरवाहों, यहोवा का वचन सुनो।

यहेजकेल 34:8 परमेश्वर यहोवा की यह वाणी है, मेरे जीवन की सौगन्ध, मेरी भेड़-बकरियां जो लुट गई, और मेरी भेड़-बकरियां जो चरवाहे के न होने के कारण सब वन-पशुओं का आहार हो गई; और इसलिये कि मेरे चरवाहों ने मेरी भेड़-बकरियों की सुधि नहीं ली, और मेरी भेड़- बकरियों का पेट नहीं, अपना ही अपना पेट भरा;

यहेजकेल 34:9 इस कारण हे चरवाहों, यहोवा का वचन सुनो,

यहेजकेल 34:10 परमेश्वर यहोवा यों कहता हे, देखो, मैं चरवाहों के विरुद्ध हूँ; और मैं उन से अपनी भेड़-बकरियों का लेखा लूंगा, और उन को फिर उन्हें चराने न दूंगा; वे फिर अपना अपना पेट भरने न पाएंगे। मैं अपनी भेड़-बकरियां उनके मुंह से छुड़ाऊंगा कि आगे को वे उनका आहार न हों।

यहेजकेल 34:11 क्योंकि परमेश्वर यहोवा यों कहता है, देखो, मैं आप ही अपनी भेड़-बकरियों की सुधि लूंगा, और उन्हें ढूंढ़ूंगा।

यहेजकेल 34:12 जैसे चरवाहा अपनी भेड़-बकरियों में से भटकी हुई को फिर से अपने झुण्ड में बटोरता है, वैसे ही मैं भी अपनी भेड़-बकरियों को बटोरूंगा; मैं उन्हें उन सब स्थानों से निकाल ले आऊंगा, जहां जहां वे बादल और घोर अन्धकार के दिन तितर-बितर हो गई हों।

यहेजकेल 34:13 और मैं उन्हें देश देश के लोगों में से निकालूंगा, और देश देश से इकट्ठा करूंगा, और उन्हीं के निज भूमि में ले आऊंगा; और इस्राएल के पहाड़ों पर और नालों में और उस देश के सब बसे हुए स्थानों में चराऊंगा।

यहेजकेल 34:14 मैं उन्हें अच्छी चराई में चराऊंगा, और इस्राएल के ऊंचे ऊंचे पहाड़ों पर उन को चराई मिलेगी; वहां वे अच्छी हरियाली में बैठा करेंगी, और इस्राएल के पहाड़ों पर उत्तम से उत्तम चराई चरेंगी।

यहेजकेल 34:15 मैं आप ही अपनी भेड़-बकरियों का चरवाहा हूंगा, और मैं आप ही उन्हें बैठाऊंगा, परमेश्वर यहोवा की यही वाणी है।

यहेजकेल 34:16 मैं खोई हुई को ढूंढ़ूंगा, और निकाली हुई को फेर लाऊंगा, और घायल के घाव बान्धूंगा, और बीमार को बलवान करूंगा, और जो मोटी और बलवन्त हैं उन्हें मैं नाश करूंगा; मैं उनकी चरवाही न्याय से करूंगा।

 

एक साल में बाइबल: 

  • विलापगीत 1-2
  • इब्रानियों 10:1-18

गुरुवार, 12 नवंबर 2020

मार्गदर्शन

 

           मेरे पड़ौसी, टिम, की कार के डैशबोर्ड पर उसके सामने एक छोटी मूर्ति लगी हुई है, जो मौरिस सैनडक द्वारा लिखित बच्चों की प्रिय पुस्तक Where the Wild Things Are पर आधारित एक 'जंगली चीज़' की है। कुछ समय पहले टिम मेरे पीछे कार चलाता हुआ आ रहा था, और मैंने देखा कि मेरे निकट बने रहने के लिए उसने गाड़ी को कुछ जोखिम भरे तरीके से चलाया और इधर से उधर को काटा। जब हम गंतव्य पर पहुँच गए, तो मैंने उसे छेड़ने के लिए कहा, 'लग रहा था मानो डैशबोर्ड पर लगी वह जंगली चीज़ ने कार को वश में कर रखा था!'

           उससे अगले इतवार को, मैं चर्च के लिए अपने उपदेश के नोट्स घर पर ही भूल आया, इसलिए मैं बहुत तेज़ी से कार चला कर उन नोट्स को लाने के लिए घर गया, और मार्ग में टिम भी उसी मार्ग से आता दिखाई दिया। बाद में जब हम मिले, तो अब मुझे छेड़ने का उसके पास अवसर था, और उसने भी वही कहा, जो मैंने उससे कहा था, 'लग रहा था मानो किसी जंगली चीज़ ने कार को वश में कर रखा था!' हम साथ मिलकर हँसे, परन्तु उसकी कही बात मुझे समझ में आ गई – मुझे कार चलाने की गति पर ध्यान रखना चाहिए था।

           जब परमेश्वर के वचन बाइबल में परमेश्वर के साथ संबंधित होकर रहने की बात आती है, तो साथ ही इसके लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है कि हम अपने आप को पूर्णतः उसे समर्पित करें (रोमियों 6:13)। मैंने उस दिन टिम के द्वारा कही बात को परमेश्वर की ओर से एक विनीत एवं सप्रेम चेतावनी के रूप में लिया, कि परमेश्वर चाहता है कि मैं अपना संपूर्ण नियंत्रण उसी के हाथ में रहने दूँ।

           हमें कौन वश में रखता है, हमारे संपूर्ण जीवन पर लागू होता है। क्या हम अपने पुराने पापमय स्वभाव की 'जंगली चीज़ों' जैसे कि चिंता, भय, अपनी ही इच्छा आदि को हम पर वश रखने देते हैं, या हम मार्गदर्शन के लिए परमेश्वर की पवित्र आत्मा और उसके अनुग्रह पर निर्भर और समर्पित रहते हैं, जो हमें बढ़ने में सहायता करते हैं?

           परमेश्वर के मार्गदर्शन में चलते रहना हमारे लिए भला है। पवित्र शास्त्र कहता है कि परमेश्वर की बुद्धिमानी हमें आनन्द और कुशल के मार्गों पर ले जाती है (नीतिवचन 3:17)। इसलिए उसके मार्गदर्शन में चलते रहना भला है। - जेम्स बैंक्स

 

परमेश्वर जो चाहता है, उसके लिए प्रोत्साहित भी करता है।


उसके मार्ग आनन्ददायक हैं, और उसके सब मार्ग कुशल के हैं। - नीतिवचन 3:17

बाइबल पाठ: रोमियों 6:1-14

रोमियों 6:1 सो हम क्या कहें? क्या हम पाप करते रहें, कि अनुग्रह बहुत हो?

रोमियों 6:2 कदापि नहीं, हम जब पाप के लिये मर गए तो फिर आगे को उस में क्योंकर जीवन बिताएं?

रोमियों 6:3 क्या तुम नहीं जानते, कि हम जितनों ने मसीह यीशु का बपतिस्मा लिया तो उस की मृत्यु का बपतिस्मा लिया

रोमियों 6:4 सो उस मृत्यु का बपतिस्मा पाने से हम उसके साथ गाड़े गए, ताकि जैसे मसीह पिता की महिमा के द्वारा मरे हुओं में से जिलाया गया, वैसे ही हम भी नए जीवन की सी चाल चलें।

रोमियों 6:5 क्योंकि यदि हम उस की मृत्यु की समानता में उसके साथ जुट गए हैं, तो निश्चय उसके जी उठने की समानता में भी जुट जाएंगे।

रोमियों 6:6 क्योंकि हम जानते हैं कि हमारा पुराना मनुष्यत्व उसके साथ क्रूस पर चढ़ाया गया, ताकि पाप का शरीर व्यर्थ हो जाए, ताकि हम आगे को पाप के दासत्व में न रहें।

रोमियों 6:7 क्योंकि जो मर गया, वह पाप से छूटकर धर्मी ठहरा।

रोमियों 6:8 सो यदि हम मसीह के साथ मर गए, तो हमारा विश्वास यह है, कि उसके साथ जीएंगे भी।

रोमियों 6:9 क्योंकि यह जानते हैं, कि मसीह मरे हुओं में से जी उठ कर फिर मरने का नहीं, उस पर फिर मृत्यु की प्रभुता नहीं होने की।

रोमियों 6:10 क्योंकि वह जो मर गया तो पाप के लिये एक ही बार मर गया; परन्तु जो जीवित है, तो परमेश्वर के लिये जीवित है।

रोमियों 6:11 ऐसे ही तुम भी अपने आप को पाप के लिये तो मरा, परन्तु परमेश्वर के लिये मसीह यीशु में जीवित समझो।

रोमियों 6:12 इसलिये पाप तुम्हारे मरनहार शरीर में राज्य न करे, कि तुम उस की लालसाओं के आधीन रहो।

रोमियों 6:13 और न अपने अंगों को अधर्म के हथियार होने के लिये पाप को सौंपो, पर अपने आप को मरे हुओं में से जी उठा हुआ जानकर परमेश्वर को सौंपो, और अपने अंगों को धर्म के हथियार होने के लिये परमेश्वर को सौंपो।

रोमियों 6:14 और तुम पर पाप की प्रभुता न होगी, क्योंकि तुम व्यवस्था के आधीन नहीं वरन अनुग्रह के आधीन हो।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 51-52
  • इब्रानियों 9

बुधवार, 11 नवंबर 2020

आशा

 

         1940 के दशक में डॉक्टर विलियम वॉलेस चीन के व्हूज़्हाओ इलाके में मिशनरी सर्जन का काम कर रहे थे, जब जापान ने चीन पर हमला किया। वॉलेस ने, जो उस समय स्टाउट मेमोरियल अस्पताल के प्रभारी थे, अस्पताल के लोगों से कहा कि अस्पताल का सारा सामान नदी में चलने वाली बड़ी-बड़ी नावों में स्थानांतरित कर दें, और वे नदी में ऊपर-नीचे आवागमन करते हुए एक तैरते हुए अस्पताल के समान कार्य करते रहे, जिससे पैदल सेना के हमलों से सुरक्षित रहें।

         खतरे के समयों में डॉक्टर वॉलेस के लिए परमेश्वर के वचन बाइबल में से प्रिय पद था फिलिप्पियों 1:21, जो उन्हें स्मरण दिलाता रहता था कि यदि वे जीवित हैं तो उन्हें अपने उद्धारकर्ता के लिए कार्य करते रहना है; यदि उनकी मृत्यु हो जाती है तो उनके पास अपने उद्धारकर्ता के साथ अनन्तकाल बिताने की दृढ़ आशा है। यह पद उनके लिए विशेषतः सार्थक उनकी मृत्यु के समय हुआ, जो उन्हें झूठे अभियोगों के आधार पर कैद करने के कारण 1951 में हुई।

         पौलुस के लेख उस गहरी भक्ति को प्रतिबिंबित करते हैं जिसके आशा हम मसीही विश्वासी होने के नाते रख सकते हैं; जिससे हमें प्रभु के नाम के कारण हम पर आने वाले खतरों और परीक्षाओं का सामना करने की सामर्थ्य मिलती है। यह भक्ति हमें पवित्र आत्मा से तथा हमारे घनिष्ठ लोगों की प्रार्थनाओं के द्वारा आती है (पद 19) और हमारे लिए एक प्रतिज्ञा भी है। हम जब कठिन परिस्थितियों में भी सेवकाई करते रहने के लिए अपने आप को समर्पित रखते हैं, तो यह भी इसी आशा के साथ होता है कि जब यहाँ, इस पृथ्वी पर हमारा कार्य और जीवन समाप्त होगा, तब भी हमारे सामने प्रभु यीशु के साथ अनंतकाल का आनन्द रखा हुआ है।

         हमारे सबसे कठिन समयों में, वर्तमान में मसीह के साथ चलने के लिए प्रतिबद्ध हृदयों के साथ, हम अपने प्रभु परमेश्वर के साथ अनन्त की आशा पर दृष्टि गड़ाए हुए, हमें औरों को भी परमेश्वर के प्रेम और इस धन्य आशा का सुसमाचार बाँटना है। - रैंडी किल्गोर

 

परमेश्वर को अर्पित किए जाने वाले बलिदान, उसके प्रेम को प्रदर्शित करने के अवसर हैं।


क्योंकि हम में से न तो कोई अपने लिये जीता है, और न कोई अपने लिये मरता है। क्योंकि यदि हम जीवित हैं, तो प्रभु के लिये जीवित हैं; और यदि मरते हैं, तो प्रभु के लिये मरते हैं; सो हम जीएं या मरें, हम प्रभु ही के हैं। - रोमियों 14:7-8

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 1:19-26

फिलिप्पियों 1:19 क्योंकि मैं जानता हूं, कि तुम्हारी बिनती के द्वारा, और यीशु मसीह की आत्मा के दान के द्वारा इस का प्रतिफल मेरा उद्धार होगा।

फिलिप्पियों 1:20 मैं तो यही हादिर्क लालसा और आशा रखता हूं, कि मैं किसी बात में लज्जित न होऊं, पर जैसे मेरे प्रबल साहस के कारण मसीह की बड़ाई मेरी देह के द्वारा सदा होती रही है, वैसा ही अब भी हो; चाहे मैं जीवित रहूं या मर जाऊं।

फिलिप्पियों 1:21 क्योंकि मेरे लिये जीवित रहना मसीह है, और मर जाना लाभ है।

फिलिप्पियों 1:22 पर यदि शरीर में जीवित रहना ही मेरे काम के लिये लाभदायक है तो मैं नहीं जानता, कि किस को चुनूं।

फिलिप्पियों 1:23 क्योंकि मैं दोनों के बीच अधर में लटका हूं; जी तो चाहता है कि कूच कर के मसीह के पास जा रहूं, क्योंकि यह बहुत ही अच्छा है।

फिलिप्पियों 1:24 परन्तु शरीर में रहना तुम्हारे कारण और भी आवश्यक है।

फिलिप्पियों 1:25 और इसलिये कि मुझे इस का भरोसा है सो मैं जानता हूं कि मैं जीवित रहूंगा, वरन तुम सब के साथ रहूंगा जिस से तुम विश्वास में दृढ़ होते जाओ और उस में आनन्दित रहो।

फिलिप्पियों 1:26 और जो घमण्ड तुम मेरे विषय में करते हो, वह मेरे फिर तुम्हारे पास आने से मसीह यीशु में अधिक बढ़ जाए।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 50
  • इब्रानियों 8

मंगलवार, 10 नवंबर 2020

साथ

 

         चिंतित पिता अपने किशोर पुत्र को लेकर तांत्रिक के सामने बैठा हुआ था। तांत्रिक ने पूछा, "तुम्हारा पुत्र कितनी लम्बी यात्रा करने जा रहा है?" पिता ने उत्तर दिया, "वह बड़े शहर को जा रहा है, और लम्बे समय तक वहाँ रहेगा।" तांत्रिक ने पिता को एक तावीज़ पकड़ाते हुए कहा, "वह जहाँ भी जाएगा, यह उसकी रक्षा करेगा।"

         वह लड़का मैं था। किन्तु न तो वह तांत्रिक और न ही उसकी दी हुई तावीज़ मेरे लिए कुछ कर सकी। उस शहर में रहते हुए, मैंने प्रभु यीशु मसीह को जाना, उसमें विश्वास किया, उस तावीज़ को फेंक दिया और प्रभु यीशु को दृढ़ता से थाम लिया। मेरे जीवन में प्रभु यीशु की उपस्थिति इस बात का निश्चय थी कि मेरे साथ परमेश्वर है।

         तीस वर्ष के बाद, मेरे पिता, जो अब स्वयं भी मसीही विश्वासी बन गए थे, ने मुझ से कहा, जब हम हमारे भाई को अस्पताल ले कर जा रहे थे, "हम पहले प्रार्थना कर लें। परमेश्वर का आत्मा तुम्हारे साथ बना रहे।" हम सीख चुके थे कि परमेश्वर का हमारे साथ होना ही हमारी सबसे बड़ी सुरक्षा है, हमारी सामर्थ्य है।

         परमेश्वर के वचन बाइबल में हम देखते हैं कि मूसा ने भी ऐसा ही पाठ सीखा। उसके सामने परमेश्वर की ओर से दिया गया एक चुनौतीपूर्ण कार्य था – परमेश्वर के लोगों को मिस्र के दासत्व से निकालकर वाचा किए हुए देश में बसाने लेकर जाना (निर्गमन 3:10)। परन्तु परमेश्वर ने उसे आश्वस्त किया "मैं आप ही तेरे साथ चलूँगा" (पद 12)।

         हमारी जीवन यात्रा भी बिना चुनौतियों की नहीं है। परन्तु परमेश्वर की उपस्थिति हम मसीही विश्वासियों के साथ सदा बनी रहती है। प्रभु यीशु मसीह ने अपने अनुयायियों को आश्वस्त किया है कि जगत के अन्त तक वे उनके साथ रहेंगे (मत्ती 28:20)। - लॉरेंस दर्मानी

 

जब प्रभु यीशु आपके साथ है तो आपको भयभीत होने की कोई आवश्यकता नहीं है।


इसलिये तुम जा कर सब जातियों के लोगों को चेला बनाओ और उन्हें पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा के नाम से बपतिस्मा दो। और उन्हें सब बातें जो मैं ने तुम्हें आज्ञा दी है, मानना सिखाओ: और देखो, मैं जगत के अन्त तक सदैव तुम्हारे संग हूं। - मत्ती 28:19-20

बाइबल पाठ: निर्गमन 3:7-12

निर्गमन 3:7 फिर यहोवा ने कहा, मैं ने अपनी प्रजा के लोग जो मिस्र में हैं उनके दु:ख को निश्चय देखा है, और उनकी जो चिल्लाहट परिश्रम कराने वालों के कारण होती है उसको भी मैं ने सुना है, और उनकी पीड़ा पर मैं ने चित्त लगाया है;

निर्गमन 3:8 इसलिये अब मैं उतर आया हूं कि उन्हें मिस्रियों के वश से छुड़ाऊं, और उस देश से निकाल कर एक अच्छे और बड़े देश में जिस में दूध और मधु की धारा बहती है, अर्थात कनानी, हित्ती, एमोरी, परिज्जी, हिव्वी, और यबूसी लोगों के स्थान में पहुंचाऊं।

निर्गमन 3:9 सो अब सुन, इस्राएलियों की चिल्लाहट मुझे सुनाई पड़ी है, और मिस्रियों का उन पर अन्धेर करना भी मुझे दिखाई पड़ा है,

निर्गमन 3:10 इसलिये आ, मैं तुझे फिरौन के पास भेजता हूं कि तू मेरी इस्राएली प्रजा को मिस्र से निकाल ले आए।

निर्गमन 3:11 तब मूसा ने परमेश्वर से कहा, मैं कौन हूं जो फिरौन के पास जाऊं, और इस्राएलियों को मिस्र से निकाल ले आऊं?

निर्गमन 3:12 उसने कहा, निश्चय मैं तेरे संग रहूंगा; और इस बात का कि तेरा भेजने वाला मैं हूं, तेरे लिये यह चिन्ह होगा कि जब तू उन लोगों को मिस्र से निकाल चुके तब तुम इसी पहाड़ पर परमेश्वर की उपासना करोगे।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 48-49
  • इब्रानियों 7

सोमवार, 9 नवंबर 2020

अवसर

 

         यद्यपि 92 वर्षीय मोरी बुगार्ट बिस्तर पर पड़े रहने के लिए मजबूर थे, किन्तु वे मिशिगन के बेघर लोगों के लिए टोपियाँ बनाते रहते थे। कहा जाता है कि पंद्रह वर्षों में उन्होंने 8,000 टोपियाँ बनाई थीं। अपनी सेहत और मजबूरियों पर ध्यान केन्द्रित करने के स्थान पर मोरी बुगार्ट ने अपने से बाहर होकर देखा तथा औरों की आवश्यकताओं को अपनी आवश्यकता से बढ़कर महत्व दिया। वे कहते थे कि उनका कार्य उन्हें एक उद्देश्य देता है और उन्हें अच्छा अनुभव करवाता है, और जब तक कि उनका प्रभु के पास जाने का समय नहीं आ जाएगा वे यह करते रहेंगे – और वे फरवरी 2018 तक, जब तक कि प्रभु ने उन्हें अपने पास नहीं बुला लिया, इसे करते रहे। चाहे उनके द्वारा बनाई गई टोपियों को प्राप्त करने वालों में से अधिकांश न तो उनकी कहानी को जानते हैं और न ही उन्हें यह पता है कि प्रत्येक टोपी के लिए उन्हें कितना प्रयास और बलिदान करना पड़ा, किन्तु मोरी का यह सतत प्रेमपूर्ण कार्य आज सारे संसार में लोगों को प्रोत्साहित कर रहा है।

         हम भी अपने संघर्षों से आगे देखकर औरों को अपने से पहले रख सकते हैं, और हमारे प्रेमी और कृपालु उद्धारकर्ता प्रभु यीशु का अनुसरण कर सकते हैं, जैसा कि परमेश्वर के वचन बाइबल में फिलिप्पियों 2:1-5 लिखा है। हमारे राजाओं के राजा – मानव देह में अवतरित प्रभु परमेश्वर ने – पूर्णतः विनम्र होकर दास का स्वरूप धारण कर लिया (पद 6-7)। उन्होंने क्रूस पर हमारा स्थान ले लिया (पद 8), और सर्वोच्च बलिदान – अपने जीवन का बलिदान देने के द्वारा परमेश्वर के साथ हमारे मेल-मिलाप का मार्ग बना कर दे दिया। उन्होंने परमेश्वर पिता की महिमा के लिए (पद 9-11) अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।

         मसीह यीशु के विश्वासी होने के कारण यह हमारा कर्तव्य है कि हम औरों के प्रति प्रभु के समान प्रेम दिखाएँ और कृपालु होकर औरों के हितों का ध्यान रखें। चाहे हमें यह न भी लगे कि हमारे पास देने के लिए कुछ विशेष है, फिर भी हम विनम्रता और सेवक का स्वरूप धारण कर सकते हैं। जो अवसर प्रभु हमें देता है, हम उनका उपयोग औरों के जीवन में कुछ उत्तम प्रभाव वाला करने के लिए ला सकते हैं। - सोहचील डिक्सन

 

औरों के लिए यथासंभव करने के द्वारा हम 

मसीह के प्रेम का उदाहरण प्रदर्शित कर सकते हैं।


इसलिये ध्यान से देखो, कि कैसी चाल चलते हो; निर्बुद्धियों के समान नहीं पर बुद्धिमानों के समान चलो। और अवसर को बहुमूल्य समझो, क्योंकि दिन बुरे हैं। इस कारण निर्बुद्धि न हो, पर ध्यान से समझो, कि प्रभु की इच्छा क्या है? – इफिसियों 5:15-17

बाइबल पाठ: फिलिप्पियों 2:1-11

फिलिप्पियों 2:1 सो यदि मसीह में कुछ शान्ति और प्रेम से ढाढ़स और आत्मा की सहभागिता, और कुछ करुणा और दया है।

फिलिप्पियों 2:2 तो मेरा यह आनन्द पूरा करो कि एक मन रहो और एक ही प्रेम, एक ही चित्त, और एक ही मनसा रखो।

फिलिप्पियों 2:3 विरोध या झूठी बड़ाई के लिये कुछ न करो पर दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो।

फिलिप्पियों 2:4 हर एक अपनी ही हित की नहीं, वरन दूसरों के हित की भी चिन्ता करे।

फिलिप्पियों 2:5 जैसा मसीह यीशु का स्वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्वभाव हो।

फिलिप्पियों 2:6 जिसने परमेश्वर के स्वरूप में हो कर भी परमेश्वर के तुल्य होने को अपने वश में रखने की वस्तु न समझा।

फिलिप्पियों 2:7 वरन अपने आप को ऐसा शून्य कर दिया, और दास का स्वरूप धारण किया, और मनुष्य की समानता में हो गया।

फिलिप्पियों 2:8 और मनुष्य के रूप में प्रगट हो कर अपने आप को दीन किया, और यहां तक आज्ञाकारी रहा, कि मृत्यु, हां, क्रूस की मृत्यु भी सह ली।

फिलिप्पियों 2:9 इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान भी किया, और उसको वह नाम दिया जो सब नामों में श्रेष्ठ है।

फिलिप्पियों 2:10 कि जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और जो पृथ्वी के नीचे है; वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें।

फिलिप्पियों 2:11 और परमेश्वर पिता की महिमा के लिये हर एक जीभ अंगीकार कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 46-47
  • इब्रानियों 6

रविवार, 8 नवंबर 2020

पिता और पुत्र

 

         मेरे पिता अच्छे पिता थे, और मैं भी अधिकांशतः, आज्ञाकारी पुत्र था। परन्तु मैंने अपने पिता को उस एक बात से वंचित रखा, जो मैं उन्हें दे सकता था – मेरी संगति। वे एक शांत पुरुष थे; मैं भी उन्हीं के समान शांत रहता था। कई बार हमने घंटों तक एक दूसरे के साथ-साथ काम किया, परन्तु हमारे मध्य कोई वार्तालाप नहीं हुआ। उन्होंने मुझ से कभी नहीं पूछा; और मैंने कभी उन्हें अपनी गहरी इच्छाओं, महत्वाकांक्षाओं, आशाओं, और भय के बारे में कभी नहीं बताया।

         समय के साथ मुझे अपने संकोच और अल्पभाषी होने का एहसास हुआ। यह एहसास तब होना आरंभ हुआ जब मेरी पहली संतान, मेरा बेटा पैदा हुआ, और फिर जब मेरे बच्चे बड़े होकर एक-एक करके बाहर बसने के लिए जाने लगे तब और अधिक बढ़ गया। अब मुझे लगता है कि मुझे अपने पिता के लिए और भी अधिक होना पुत्र के समान चाहिए था। मैं उन अनेकों बातों के बारे में सोचता हूँ जो मैं उनसे कह सकता था, वे मुझ से कह सकते थे, परन्तु ऐसा कभी हुआ नहीं। उनके अंतिम संस्कार के समय मैं उनकी शव-पेटी के निकट खड़ा, अपनी भावनाओं के साथ संघर्ष कर रहा था, और मेरी पत्नी ने धीमे से कहा, "अब बहुत देर हो चुकी है न?" और मैंने भी धीमी आवाज़ में उत्तर दिया "हाँ!"

         मेरे लिए शान्ति की बात यही है कि हम स्वर्ग में फिर मिलेंगे और सब बातों को ठीक करने पाएँगे, क्योंकि वहाँ न कोई आँसू होगा और न कोई पीड़ा होगी (प्रकाशितवाक्य 21:4)।

         मसीह यीशु के विश्वासी अनुयायियों के लिए, मृत्यु स्नेह का अन्त नहीं है, वरन एक अनन्त अस्तित्व का आरंभ है जहाँ समय का कोई हस्तक्षेप नहीं है। प्रभु परमेश्वर के साथ रहने वालों के लिए परस्पर कोई गलतफहमियाँ नहीं रहेंगी, सभी संबंध बहाल हो जाएँगे, और परस्पर प्रेम सदा बना और पनपता रहेगा। वहाँ पुत्रों का मन अपने पिताओं की ओर, तथा पिताओं का मन पुत्रों की ओर फिरेगा, और सभी हंसी-खुशी रहेंगे। - डेविड एच. रोपर

 

परमेश्वर की सामर्थ्य और प्रेम में होकर, समय रहते एक दूसरे के निकट आ जाएँ।


और वह माता पिता के मन को उनके पुत्रों की ओर, और पुत्रों के मन को उनके माता-पिता की ओर फेरेगा; ऐसा न हो कि मैं आकर पृथ्वी को सत्यानाश करूं। - मलाकी 4:6

बाइबल पाठ: इफिसियों 4:31-32

इफिसियों 4:31 सब प्रकार की कड़वाहट और प्रकोप और क्रोध, और कलह, और निन्दा सब बैरभाव समेत तुम से दूर की जाए।

इफिसियों 4:32 और एक दूसरे पर कृपालु, और करुणामय हो, और जैसे परमेश्वर ने मसीह में तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी एक दूसरे के अपराध क्षमा करो।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 43-45
  • इब्रानियों 5

शनिवार, 7 नवंबर 2020

क्षमा

 

         सन 2005 में, कोलिन्स ने एक झूठी रिपोर्ट बनाई, जिसके कारण मैकगी को चार वर्ष के लिए जेल जाना पड़ा। मैकगी ने प्रण लिया कि जब वह बाहर आएगा तो कोलिन्स को ढूँढ़ निकालेगा और उसे हानि पहुँचाएगा। अन्ततः मैकगी को उसके विरुद्ध लगे इल्जामों से बरी कर दिया गया, परन्तु यह होने तक वह अपना सब कुछ गँवा चुका था। इसी दौरान कोलिन्स द्वारा बनाई गई कई अन्य झूठी रिपोर्टें भी सामने आईं, उसे नौकरी से बरखास्त कर दिया गया, और उसे भी जेल जाना पड़ा। किन्तु दोनों ही व्यक्तियों ने अपने जेल में काटे समय में प्रभु यीशु मसीह को जाना और उसे अपना उद्धारकर्ता स्वीकार कर लिया।

         सन 2015 में उन दोनों को पता चला कि वे एक ही कंपनी में कार्य कर रहे थे जो मसीही विश्वास पर आधारित होकर कार्य करती था। कोलिन्स स्मरण करता है, "मैंने मैकगी से कहा, 'सच कहूँ तो मेरे पास कोई स्पष्टीकरण नहीं है, मैं अपने किए के लिए बस इतना ही कह सकता हूँ कि मैं क्षमा प्रार्थी हूँ'" मैकगी ने कहा, "मैं बस यही सुनना चाह रहा था" और अनुग्रहकारी हो कर उसे क्षमा कर दिया। वे दोनों एक दूसरे के साथ अपने संबंध बहाल कर सके क्योंकि दोनों ने परमेश्वर के अतुल्य प्रेम और क्षमा को अनुभव किया था, जो हमें एक-दूसरे को क्षमा करने की सामर्थ्य प्रदान करता है (कुलुस्सियों 3:13)।

         अब वे दोनों घनिष्ठ मित्र हैं। वे कहते हैं, "अब हमारे पास संसार को यह बताने की संयुक्त ज़िम्मेदारी है कि यदि आप को किसी से क्षमा माँगने की आवश्यकता है तो अपने अहम तथा कड़वाहट को एक ओर रखकर जाकर क्षमा माँग लें। और यदि आपके मन में किसी के विरुद्ध कुछ है, तो उस कड़वाहट को निकल दें, क्योंकि यह इस अपेक्षा के साथ स्वयं ज़हर पीने के समान है कि इससे हानि दूसरे को पहुंचेगी।"

         परमेश्वर, अपने वचन बाइबल में, मसीही विश्वासियों को शान्ति और एक-मनता के साथ रहने के लिए कहता है। यदि हमारे पास किसी पर दोष लगाने का कोई कारण हो तो हमें उस कारण को परमेश्वर के पास लेकर आना चाहिए, और वह हमारी सहायता करेगा कि हम क्षमा और मेल-मिलाप कर लें। - एलिसन कीडा

 

मसीह हमें क्षमा करने के लिए पाप से स्वतंत्र करता है।


इसलिये यदि तुम मनुष्य के अपराध क्षमा करोगे, तो तुम्हारा स्वर्गीय पिता भी तुम्हें क्षमा करेगा। और यदि तुम मनुष्यों के अपराध क्षमा न करोगे, तो तुम्हारा पिता भी तुम्हारे अपराध क्षमा न करेगा। - मत्ती 6:14-15

बाइबल पाठ: कुलुस्सियों 3:12-17

कुलुस्सियों 3:12 इसलिये परमेश्वर के चुने हुओं समान जो पवित्र और प्रिय हैं, बड़ी करुणा, और भलाई, और दीनता, और नम्रता, और सहनशीलता धारण करो।

कुलुस्सियों 3:13 और यदि किसी को किसी पर दोष देने को कोई कारण हो, तो एक दूसरे की सह लो, और एक दूसरे के अपराध क्षमा करो: जैसे प्रभु ने तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी करो।

कुलुस्सियों 3:14 और इन सब के ऊपर प्रेम को जो सिद्धता का कटिबन्‍ध है बान्ध लो।

कुलुस्सियों 3:15 और मसीह की शान्ति जिस के लिये तुम एक देह हो कर बुलाए भी गए हो, तुम्हारे हृदय में राज्य करे, और तुम धन्यवादी बने रहो।

कुलुस्सियों 3:16 मसीह के वचन को अपने हृदय में अधिकाई से बसने दो; और सिद्ध ज्ञान सहित एक दूसरे को सिखाओ, और चिताओ, और अपने अपने मन में अनुग्रह के साथ परमेश्वर के लिये भजन और स्तुतिगान और आत्मिक गीत गाओ।

कुलुस्सियों 3:17 और वचन से या काम से जो कुछ भी करो सब प्रभु यीशु के नाम से करो, और उसके द्वारा परमेश्वर पिता का धन्यवाद करो।

 

एक साल में बाइबल: 

  • यिर्मयाह 40-42
  • इब्रानियों 4