ई-मेल संपर्क / E-Mail Contact

इन संदेशों को ई-मेल से प्राप्त करने के लिए अपना ई-मेल पता इस ई-मेल पर भेजें : rozkiroti@gmail.com / To Receive these messages by e-mail, please send your e-mail id to: rozkiroti@gmail.com

सोमवार, 8 जुलाई 2013

प्रतिज्ञा

   मैं केवल दो ही ’ज़ेवर’ पहनता हूँ - अपनी ऊँगली पर शादी की अंगूठी और अपने गले में एक चेन से लटका हुआ क्रूस। अंगूठी उस प्रतिज्ञा का प्रतीक है जो मैंने अपनी पत्नि कैरोलिन से विवाह के समय करी है, कि मैं जीवन भर उसके प्रति वफादार रहूँगा; क्रूस इस बात को दिखाता है कि मेरा अपनी पत्नि से करी गई प्रतिज्ञा को निभाते रहना केवल उसी के कारण नहीं है, लेकिन मेरे उद्धारकर्ता और मुझे नया जीवन तथा पापों से क्षमा देने वाले प्रभु यीशु के प्रति मेरे समर्पण और ज़िम्मेदारी के कारण भी है। मेरे प्रभु ने मुझे यह ज़िम्मेदारी दी है कि मैं अपनी पत्नि के प्रति सदा वफादार बना रहूँ, और मैं इस ज़िम्मेदारी को सदा निभाता रहूँगा।

   विवाह समय परस्पर करी गई प्रतिज्ञाएं केवल दो मनुष्यों के बीच किया गया एक ठेका या अनुबन्ध नहीं हैं जिसे तोड़ने की हानि सांसारिक संपत्ति द्वारा चुका कर अनुबन्ध तोड़ा जा सकता है। परमेश्वर के वचन बाइबल के अनुसार यह जीवन भर एक दूसरे के प्रति वफादारी से निभाने की ज़िम्मेदारी है। जब मसीही विवाह में बन्धने वाले दोनों जन एक दूसरे से यह प्रण करते हैं कि "दुख में और सुख में, संपन्नता और दरिद्रता में, रोगावस्था और अरोग्यता में" तो वे इस बात को मान कर चल रहे हैं कि ऐसी परिस्थितियाँ भी जीवन में आएंगी जब निभाना कठिन होगा; यह भी हो सकता है कि एक या दूसरे या फिर दोनों ही के स्वभाव में परिवर्तन आ जाए या जीवन की ही परिस्थितियाँ बदल जाएं, किंतु परस्पर किया गया यह वायदा सदा ही मान्य और लागू रहेगा।

   वैवाहिक ज़िम्मेदारियाँ निभाना सरल नहीं है; परस्पर असहमति और भिन्न दृष्टिकोण होने के अवसर अनेक होते हैं। यद्यपि किसी को भी असुरक्षित, अपमानजनक या अत्याचारपूर्ण परिस्थितियों में नहीं रहना चाहिए, लेकिन दरिद्रता, कठिनाईयों, निराशाओं में एक दूसरे के साथ बने रहने से और एक दूसरे को उभारने और सहारा देने से विवाह संबंध में एक अलग ही आनन्द मिलता है।

   एक मसीही विश्वासी के लिए विवाह की प्रतिज्ञाएं निभाना बाध्य है; उसके लिए अनिवार्य है कि वह अपने जीवन साथी के साथ प्रेम, आदर और उसे उभारते रहने के संबंध को जीवन भर बनाए रखे, ना केवल इसलिए कि यह उससे करी गई हमारी प्रतिज्ञा है वरन इसलिए भी क्योंकि हमारे उद्धारकर्ता प्रभु यीशु ने हमारे साथ यही किया है, यही कर रहा है और यही करता भी रहेगा। हमारा प्रभु प्रत्युत्तर में हमसे यही आशा रखता है कि हम अपने जीवन साथी के साथ भी यही ज़िम्मेदारी इसी प्रकार निभाते रहेंगे जैसे वह हमारे साथ हमारे हर एक भले-बुरे आचरण के बावजूद निभाता रहता है। मेरे एक मित्र ने मसीह यीशु के प्रति समर्पण की प्रतिज्ञा के संबंध में कहा: "यह वह प्रतिज्ञा है जो हमें हमारी अन्य प्रत्येक प्रतिज्ञा के प्रति वफादार रखती है, चाहे हमें उस प्रतिज्ञा का पालन अच्छा ना भी लगे!"

   अपने जीवन को मसीह यीशु को समर्पित करके एक ऐसी प्रतिज्ञा से बांध लीजिए जो आपको अन्य हर प्रतिज्ञा निभाने की सामर्थ और मार्गदर्शन देती रहेगी। - डेविड रोपर


प्रेम केवल एक भावना ही नहीं है, प्रेम वचनबद्धता एवं उसका पालन भी है।

कि इस कारण मनुष्य अपने माता पिता से अलग हो कर अपनी पत्‍नी के साथ रहेगा और वे दोनों एक तन होंगे; सो व अब दो नहीं, परन्तु एक तन हैं: इसलिये जिसे परमेश्वर ने जोड़ा है, उसे मनुष्य अलग न करे। - मत्ती 19:5-6

बाइबल पाठ: उत्पत्ति 2:18-25
Genesis 2:18 फिर यहोवा परमेश्वर ने कहा, आदम का अकेला रहना अच्छा नहीं; मैं उसके लिये एक ऐसा सहायक बनाऊंगा जो उस से मेल खाए।
Genesis 2:19 और यहोवा परमेश्वर भूमि में से सब जाति के बनैले पशुओं, और आकाश के सब भाँति के पक्षियों को रचकर आदम के पास ले आया कि देखें, कि वह उनका क्या क्या नाम रखता है; और जिस जिस जीवित प्राणी का जो जो नाम आदम ने रखा वही उसका नाम हो गया।
Genesis 2:20 सो आदम ने सब जाति के घरेलू पशुओं, और आकाश के पक्षियों, और सब जाति के बनैले पशुओं के नाम रखे; परन्तु आदम के लिये कोई ऐसा सहायक न मिला जो उस से मेल खा सके।
Genesis 2:21 तब यहोवा परमेश्वर ने आदम को भारी नीन्द में डाल दिया, और जब वह सो गया तब उसने उसकी एक पसली निकाल कर उसकी सन्ती मांस भर दिया।
Genesis 2:22 और यहोवा परमेश्वर ने उस पसली को जो उसने आदम में से निकाली थी, स्त्री बना दिया; और उसको आदम के पास ले आया।
Genesis 2:23 और आदम ने कहा अब यह मेरी हड्डियों में की हड्डी और मेरे मांस में का मांस है: सो इसका नाम नारी होगा, क्योंकि यह नर में से निकाली गई है।
Genesis 2:24 इस कारण पुरूष अपने माता पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा और वे एक तन बने रहेंगे।
Genesis 2:25 और आदम और उसकी पत्नी दोनो नंगे थे, पर लजाते न थे।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 36-37 
  • प्रेरितों 15:22-41


रविवार, 7 जुलाई 2013

बच निकलना

   प्राचीन युनानी गाथाओं में एक व्यक्ति इकैरस का उल्लेख है जो अपनी बाहों पर मोम के साथ पंख चिपकाकर, उड़ान भरकर एक टापू से बच कर भाग निकला, लेकिन इस सफल उड़ान के उत्साह और जोश में वह उड़ते उड़ते सूर्य के इतना निकट आ गया कि सूर्य की गरमी से मोम पिघल गया, उसके पंख बाहों से अलग होकर गिर गए और वह भी नीचे समुद्र में गिरा और डूब कर मर गया। यह प्राचीन किंवदती दिखाती है कि पक्षियों के समान उड़ान भरने का सपना मनुष्य के मन में प्राचीन काल से ही रहा है। अन्ततः एक व्यक्ति, इव्स रौस्सी, ने इस कलपना को सच कर दिखाया और सन 2004 में स्विटज़रलैण्ड के जनेवा शहर के नज़दीक से उसने अपनी पहली उड़ान भरी। रौस्सी ने अपने लिए एक उषमा-प्रतिरोधक सूट बनवाया, अपनी पीठ पर एक छोटा किंतु शक्तिशाली इंजन तथा पंख बांधे और अपने शरीर को वायुयान के धड़ के समान प्रयोग किया और उड़ान भरी। इसके बाद वह अनेक बार ऐसी ही सफल उड़ान भर कर दिखा चुका है।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में भजनकार दाऊद ने भी पंख होने की तीव्र लालसा जताई है जिससे वह उड़कर अपने शत्रुओं से बच निकले: "और मैं ने कहा, भला होता कि मेरे कबूतर के से पंख होते तो मैं उड़ जाता और विश्राम पाता!" (भजन 55:6)। दाऊद के समान ही, जब हम तनाव, दुर्व्यवहार, कठिनाईयों, दुखों आदि का सामना करते हैं तो हमारा मन भी करता है कि काश हम भी उड़कर इन परिस्थितियों से कहीं दूर बच निकलते।

   लेकिन एक मसीही विश्वासी के पास एक अन्य और अधिक अच्छा विकल्प भी है जो उसे प्रभु यीशु से मिला है - परिस्थितियों से कहीं दूर बच निकलने की बजाए, प्रभु यीशु का खुला निमंत्रण है कि हर बात में उसके शरणागत हो जाएं: "हे सब परिश्रम करने वालों और बोझ से दबे लोगों, मेरे पास आओ; मैं तुम्हें विश्राम दूंगा। मेरा जूआ अपने ऊपर उठा लो; और मुझ से सीखो; क्योंकि मैं नम्र और मन में दीन हूं: और तुम अपने मन में विश्राम पाओगे" (मत्ती 11:28-29)।

   जीवन की परेशानियों से बच निकलने की लालसा रखने की बजाए, हमारे पास एक अधिक सहज और अति कारगर उपाय है - उन्हें प्रभु यीशु के पास लाकर उसे सौंप देना। बच निकलने की लालसा से हमें समाधान और विश्राम नहीं मिल सकता, किंतु प्रभु यीशु से अवश्य मिल सकता है। - बिल क्राउडर


परमेश्वर हमें सामर्थ देता है परिस्थितियों का सामना करने के लिए, उनसे बच कर भागने का प्रयास करने के लिए नहीं।

और मैं ने कहा, भला होता कि मेरे कबूतर के से पंख होते तो मैं उड़ जाता और विश्राम पाता! - भजन 55:6

बाइबल पाठ: भजन 55:1-8
Psalms 55:1 हे परमेश्वर, मेरी प्रार्थना की ओर कान लगा; और मेरी गिड़गिड़ाहट से मुंह न मोड़!
Psalms 55:2 मेरी ओर ध्यान देकर, मुझे उत्तर दे; मैं चिन्ता के मारे छटपटाता हूं और व्याकुल रहता हूं।
Psalms 55:3 क्योंकि शत्रु कोलाहल और दुष्ट उपद्रव कर रहें हैं; वे मुझ पर दोषारोपण करते हैं, और क्रोध में आकर मुझे सताते हैं।
Psalms 55:4 मेरा मन भीतर ही भीतर संकट में है, और मृत्यु का भय मुझ में समा गया है।
Psalms 55:5 भय और कंपकपी ने मुझे पकड़ लिया है, और भय के कारण मेरे रोंए रोंए खड़े हो गए हैं।
Psalms 55:6 और मैं ने कहा, भला होता कि मेरे कबूतर के से पंख होते तो मैं उड़ जाता और विश्राम पाता!
Psalms 55:7 देखो, फिर तो मैं उड़ते उड़ते दूर निकल जाता और जंगल में बसेरा लेता,
Psalms 55:8 मैं प्रचण्ड बयार और आन्धी के झोंके से बचकर किसी शरण स्थान में भाग जाता।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 34-35 
  • प्रेरितों 15:1-21


शनिवार, 6 जुलाई 2013

जीवन स्पर्ष

   मेरा मित्र डैन हाई-स्कूल की पढ़ाई पूरी करके आगे की पढ़ाई के लिए जाने वाला था। हाई स्कूल के समापन समारोह में उसे 15 मिनिट का समय दिया गया जिसमें उसे उपस्थित दर्शकों के साथ यह बाँटना था कि वह इस मकाम तक कैसे पहुँचा और किन किन लोगों ने इस सफर में उसकी सहायता करी।

   जब डैन बोलने के लिए खड़ा हुआ तो मैंने एक नज़र घुमा कर वहाँ उपस्थित लोगों को देखा - अनेक प्रकार के लोग वहाँ थे; युवा परिवार, शिक्षक, मित्र जन, चर्च के अगुवे और लोग, खेल प्रशिक्षक आदि। डैन ने अपने अनुभवों के बारे में बताना आरंभ किया, और कैसे भिन्न लोगों ने उस के जीवन को छुआ और प्रभावित किया। एक महिला सदा ही उस के लिए एक ’आन्टी’ बनी रही और उसके लिए सदा उपलब्ध रहती थीं। एक 30 वर्ष की आयु के लगभग व्यक्ति उसके साथ परमेश्वर के वचन बाइबल की बातें बाँटता था और उसे नेक परामर्श देता रहता था। एक अन्य व्यक्ति ने डैन को कड़ी मेहनत करना और अनुशासित जीवन जीना सिखाया। एक चर्च के मित्र ने प्रतिदिन उसे फुटबॉल खेलने ले जाने का बीड़ा उठा रखा था क्योंकि उसकी माँ उसे वहाँ ले जाने में असमर्थ थी। एक दंपत्ति ने उससे ऐसा व्यवहार बनाए रखा मानो वह उनका ही पुत्र हो। एक बात थी जो इन सब लोगों में समान थी - ये सब लोग साधारण मसीही विश्वासी थे, जिन्होंने डैन के जीवन को स्पर्ष किया और उसे एक भली दिशा दी।

   परमेश्वर के वचन बाइबल में प्रेरित पौलुस ने भी लिखा है: "इसलिये जहां तक अवसर मिले हम सब के साथ भलाई करें; विशेष कर के विश्वासी भाइयों के साथ" (गलतियों 6:10)। किसी के जीवन में रुचि दिखाकर और उसके जीवन को सकारात्मक रीति से स्पर्ष करके हम भी उसे एक भली दिशा दे सकते हैं, जैसा डैन के साथ हुआ, और इस एक संवरे हुए जीवन का अच्छा प्रतिफल आते वर्षों तक हमे तथा समाज को लाभान्वित करता रहेगा।

   अपने आस-पास देखिए, क्या ऐसा कोई है जिसके जीवन को आपके भले स्पर्ष की आवश्यकता है? - ऐनी सेटास


जब तक कर सकते हैं, जितनों के लिए भी कर सकते हैं, जितनी भी प्रकार से कर सकते हैं, यथासंभव भलाई करते ही रहिए।

हम भले काम करने में हियाव न छोड़े, क्योंकि यदि हम ढीले न हों, तो ठीक समय पर कटनी काटेंगे। - गलतियों 6:9

बाइबल पाठ: गलतियों 6:6-10
Galatians 6:6 जो वचन की शिक्षा पाता है, वह सब अच्छी वस्‍तुओं में सिखाने वाले को भागी करे।
Galatians 6:7 धोखा न खाओ, परमेश्वर ठट्ठों में नहीं उड़ाया जाता, क्योंकि मनुष्य जो कुछ बोता है, वही काटेगा।
Galatians 6:8 क्योंकि जो अपने शरीर के लिये बोता है, वह शरीर के द्वारा विनाश की कटनी काटेगा; और जो आत्मा के लिये बोता है, वह आत्मा के द्वारा अनन्त जीवन की कटनी काटेगा।
Galatians 6:9 हम भले काम करने में हियाव न छोड़े, क्योंकि यदि हम ढीले न हों, तो ठीक समय पर कटनी काटेंगे।
Galatians 6:10 इसलिये जहां तक अवसर मिले हम सब के साथ भलाई करें; विशेष कर के विश्वासी भाइयों के साथ।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 32-33
  •  प्रेरितों 14


शुक्रवार, 5 जुलाई 2013

मित्र

   किसी ने मित्रता को परिभाषित करते हुए कहा है कि यह "दूसरे के मन को जानना और अपने मन को दूसरे के मन के साथ बाँटना है।" जिन पर हम विश्वास करते हैं, उनके साथ हम अपने मन की बातें भी बाँटते हैं, और जो हमारी चिन्ता करते हैं, उन पर हम भरोसा भी करते हैं।

   हम मसीही विश्वासी प्रभु यीशु मसीह को अपना मित्र कहकर भी संबोधित करते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि उसे हमारी चिन्ता रहती है और वह सदा हमारे लिए हर बात में केवल सर्वोत्तम की ही इच्छा रखता है। हम मसीह यीशु के साथ अपने मन की गूढ़ बातें भी बाँटते हैं क्योंकि हम उस पर विश्वास रखते हैं। लेकिन क्या कभी आपने इस बात पर विचार किया है कि मसीह यीशु भी अपने मन की बातें आपके साथ बाँटना चाहता है?

   क्योंकि प्रभु यीशु ने अपने शिष्यों के साथ, जो कुछ उसने परमेश्वर पिता से सुना था, बाँट दिया, इसलिए प्रभु ने उन्हें मित्र भी कहा: "अब से मैं तुम्हें दास न कहूंगा, क्योंकि दास नहीं जानता, कि उसका स्‍वामी क्या करता है: परन्तु मैं ने तुम्हें मित्र कहा है, क्योंकि मैं ने जो बातें अपने पिता से सुनीं, वे सब तुम्हें बता दीं" (यूहन्ना 15:15)। प्रभु यीशु ने विश्वास रखा कि उसके शिष्य उन बातों का सदुपयोग परमेश्वर के राज्य की महिमा और बढ़ोतरी के लिए करेंगे।

   यद्यपि हम मसीही विश्वासी यह जानते और मानते हैं कि मसीह यीशु हमारा मित्र है, लेकिन उतने ही विश्वास और दृढ़ता से क्या हम यह भी कह सकते हैं कि हम भी मसीह यीशु के मित्र हैं? क्या हम उसकी सुनते हैं; या हम केवल इतना ही चाहते हैं कि वह हमारी सुनता रहे? क्या हम यह जानने का प्रयास करते हैं कि उसके मन में क्या है; या हम केवल इसी में प्रयासरत रहते हैं कि उसे हमारे मन की बात मालूम पड़ती रहे? यदि हम मसीह यीशु के मित्र हैं तो जो वह हमसे कहना चाहता है उसे सुनने के लिए हमारे पास समय और इच्छा भी होनी चाहिए और फिर उस की कही बातों को उसके लिए अन्य मित्र बनाने के लिए सदुपयोग करने की लालसा भी रहनी चाहिए; क्योंकि प्रभु यीशु ने अपने शिष्यों से यह भी कहा है: "मेरे पिता की महिमा इसी से होती है, कि तुम बहुत सा फल लाओ, तब ही तुम मेरे चेले ठहरोगे" (यूहन्ना 15:8)। - जूली ऐकैरमैन लिंक


मसीह यीशु से मित्रता, उससे वफादारी भी चाहती है।

जो कुछ मैं तुम्हें आज्ञा देता हूं, यदि उसे करो, तो तुम मेरे मित्र हो। - यूहन्ना 15:14

बाइबल पाठ: यूहन्ना 15:8-17
John 15:8 मेरे पिता की महिमा इसी से होती है, कि तुम बहुत सा फल लाओ, तब ही तुम मेरे चेले ठहरोगे।
John 15:9 जैसा पिता ने मुझ से प्रेम रखा, वैसा ही मैं ने तुम से प्रेम रखा, मेरे प्रेम में बने रहो।
John 15:10 यदि तुम मेरी आज्ञाओं को मानोगे, तो मेरे प्रेम में बने रहोगे: जैसा कि मैं ने अपने पिता की आज्ञाओं को माना है, और उसके प्रेम में बना रहता हूं।
John 15:11 मैं ने ये बातें तुम से इसलिये कही हैं, कि मेरा आनन्द तुम में बना रहे, और तुम्हारा आनन्द पूरा हो जाए।
John 15:12 मेरी आज्ञा यह है, कि जैसा मैं ने तुम से प्रेम रखा, वैसा ही तुम भी एक दूसरे से प्रेम रखो।
John 15:13 इस से बड़ा प्रेम किसी का नहीं, कि कोई अपने मित्रों के लिये अपना प्राण दे।
John 15:14 जो कुछ मैं तुम्हें आज्ञा देता हूं, यदि उसे करो, तो तुम मेरे मित्र हो।
John 15:15 अब से मैं तुम्हें दास न कहूंगा, क्योंकि दास नहीं जानता, कि उसका स्‍वामी क्या करता है: परन्तु मैं ने तुम्हें मित्र कहा है, क्योंकि मैं ने जो बातें अपने पिता से सुनीं, वे सब तुम्हें बता दीं।
John 15:16 तुम ने मुझे नहीं चुना परन्तु मैं ने तुम्हें चुना है और तुम्हें ठहराया ताकि तुम जा कर फल लाओ; और तुम्हारा फल बना रहे, कि तुम मेरे नाम से जो कुछ पिता से मांगो, वह तुम्हें दे।
John 15:17 इन बातें की आज्ञा मैं तुम्हें इसलिये देता हूं, कि तुम एक दूसरे से प्रेम रखो।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 30-31 
  • प्रेरितों 13:26-52


गुरुवार, 4 जुलाई 2013

क्रूस

   अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष एक मुकद्दमा आया - क्या एक धार्मिक चिन्ह, विशेषतः क्रूस को, किसी सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शित किया जाना चाहिए? इस संबंध में ऐसोशियेटेड प्रेस के लिए मार्क शर्मन ने लिखा, यद्यपि जिस क्रूस को लेकर यह मुकद्दमा हो रहा था वह सन 1934 में प्रथम विश्वयुद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि के लिए उस स्थान पर खड़ा किया गया था, उसके वहाँ होने का विरोध करने वाले एक सेवा-निवृत सैनिकों के दल का तर्क था कि क्योंकि क्रूस केवल मसीही धर्म का एक प्रबल चिन्ह है ना कि सभी धर्मों का, इसलिए उसे यह वरियता नहीं मिलनी चाहिए।

   क्रूस सदा ही विवादित रहा है। प्रभु यीशु के स्वर्गारोहण के बाद, पहली शताब्दी में ही, पौलुस ने अपने मसीही विश्वास के प्रचार के संबंध में लिखा: "क्योंकि मसीह ने मुझे बपतिस्मा देने को नहीं, वरन सुसमाचार सुनाने को भेजा है, और यह भी शब्‍दों के ज्ञान के अनुसार नहीं, ऐसा न हो कि मसीह का क्रूस व्यर्थ ठहरे। क्योंकि क्रूस की कथा नाश होने वालों के निकट मूर्खता है, परन्तु हम उद्धार पाने वालों के निकट परमेश्वर की सामर्थ है" (1 कुरिन्थियों 1:17-18)। हम मसीही विश्वासियों के लिए प्रभु यीशु मसीह का क्रूस केवल एक प्रबल मसीही चिन्ह ही नहीं है, वरन उस से भी बहुत बढ़कर क्रूस प्रमाण है मनुष्य जाति को पाप के क्रूर शासन से मुक्त करने के परमेश्वर के मार्ग और सभी मनुष्यों के प्रति परमेश्वर के प्रेम का।

   एक बहुविचारवादी और भिन्न आस्थाओं को रखने वाले समाज में धार्मिक चिन्हों को लेकर विवाद तो चलता ही रहेगा और क्या क्रूस किसी सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शित किया जा सकता है या नहीं, इसका निर्णय न्यायालय कर लेंगे; परन्तु हमारे जीवनों के द्वारा क्रूस की सामर्थ प्रदर्शित होती है या नहीं, यह निर्णय हमें व्यक्तिगत रीति से लेना है।

   क्या आपने परमेश्वर के प्रेम और क्षमा के सर्वोच्च चिन्ह - प्रभु यीशु मसीह के क्रूस को अपने हृदय में स्थापित किया है? क्या पापों की आधीनता से मुक्त करने वाली क्रूस की सामर्थ आपके जीवन से प्रदर्शित होती है? - डेविड मैक्कैसलैंड


मानव जाति के प्रति परमेश्वर के प्रेम को क्रूस से बढ़कर अन्य कुछ भी बयान नहीं कर सकता।

क्योंकि क्रूस की कथा नाश होने वालों के निकट मूर्खता है, परन्तु हम उद्धार पाने वालों के निकट परमेश्वर की सामर्थ है। - 1 कुरिन्थियों 1:18

बाइबल पाठ: 1 कुरिन्थियों 1:17-25
1 Corinthians 1:17 क्योंकि मसीह ने मुझे बपतिस्मा देने को नहीं, वरन सुसमाचार सुनाने को भेजा है, और यह भी शब्‍दों के ज्ञान के अनुसार नहीं, ऐसा न हो कि मसीह का क्रूस व्यर्थ ठहरे।
1 Corinthians 1:18 क्योंकि क्रूस की कथा नाश होने वालों के निकट मूर्खता है, परन्तु हम उद्धार पाने वालों के निकट परमेश्वर की सामर्थ है।
1 Corinthians 1:19 क्योंकि लिखा है, कि मैं ज्ञानवानों के ज्ञान को नाश करूंगा, और समझदारों की समझ को तुच्‍छ कर दूंगा।
1 Corinthians 1:20 कहां रहा ज्ञानवान? कहां रहा शास्त्री? कहां इस संसार का विवादी? क्या परमेश्वर ने संसार के ज्ञान को मूर्खता नहीं ठहराया?
1 Corinthians 1:21 क्योंकि जब परमेश्वर के ज्ञान के अनुसार संसार ने ज्ञान से परमेश्वर को न जाना तो परमेश्वर को यह अच्छा लगा, कि इस प्रचार की मूर्खता के द्वारा विश्वास करने वालों को उद्धार दे।
1 Corinthians 1:22 यहूदी तो चिन्ह चाहते हैं, और यूनानी ज्ञान की खोज में हैं।
1 Corinthians 1:23 परन्तु हम तो उस क्रूस पर चढ़ाए हुए मसीह का प्रचार करते हैं जो यहूदियों के निकट ठोकर का कारण, और अन्यजातियों के निकट मूर्खता है।
1 Corinthians 1:24 परन्तु जो बुलाए हुए हैं क्या यहूदी, क्या यूनानी, उन के निकट मसीह परमेश्वर की सामर्थ, और परमेश्वर का ज्ञान है।
1 Corinthians 1:25 क्योंकि परमेश्वर की मूर्खता मनुष्यों के ज्ञान से ज्ञानवान है; और परमेश्वर की निर्बलता मनुष्यों के बल से बहुत बलवान है।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 28-29 
  • प्रेरितों 13:1-25


बुधवार, 3 जुलाई 2013

मन खोल के

   बसन्त ऋतु के आरंभ में मुझे और मेरी पत्नि को हमारी रसोई की खिड़की से एक रोचक दृश्य देखने को मिला। एक पक्षी युगल अपनी चोंच में घास और तिनके लिए पड़ौसी के घर की दीवार में बने एक छेद में आते और जाते थे। फिर कुछ सप्ताह बाद वहाँ से ज़ोर से चहचहाने की आवाज़ें आने लगीं और चिड़िया के चार बच्चे उस छेद से सिर निकाल और पूरा मूँह खोल कर, अपने माता-पिता से भोजन माँगते दिखने लगे; तथा चिड़िया माता पिता बारी बारी उनके लिए भोजन लाकर उनके मूँह और पेट भरने के प्रयास में लगे हुए दिखने लगे।

   चिड़िया के बच्चों के चौड़े खुले मूँह और अपना पेट भरा होने की तीव्र लालसा देख कर मुझे स्मरण हो आया कि कैसे परमेश्वर का वचन बाइबल हम मसीही विश्वासीयों को आत्मिक भोजन की लालसा रखने को कहती है। प्रेरित पतरस ने अपनी पहली पत्री में इस बात को समझाने के लिए छोटे बच्चों की भोजन पाते रहने की लालसा की उपमा दी है: "नये जन्मे हुए बच्‍चों की नाईं निर्मल आत्मिक दूध की लालसा करो, ताकि उसके द्वारा उद्धार पाने के लिये बढ़ते जाओ" (1 पतरस 2:2)। जिस शब्द का अनुवाद "लालसा" हुआ है वह एक संयुक्त शब्द है जिसका मूल युनानी भाषा में अर्थ है एक अति तीव्र इच्छा या बड़ी उत्सुकता से किसी चीज़ को पाने की इच्छा रखना।

   यह विचित्र लग सकता है कि परमेश्वर का वचन हम मसीही विश्वासियों को किसी चीज़ को पाने की तीव्र या उत्सुकता से इच्छा रखने की आज्ञा देता है। लेकिन पक्षियों या मनुष्य के भूखे बच्चों के व्यवहार के विपरीत, हम व्यसक विश्वासीयों को यह स्मरण दिलाने की आवश्यकता रहती है कि हमारी आत्मा को भी उपयुकत भोजन की, जो यथासमय और पौष्टिक हो, की आवश्यकता रहती है। चाहे हम ने बीते समय में बाइबल का अध्ययन किया हो, तो भी हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि शारीरिक भोजन की आवश्यकता के समान ही हमारी आत्मा को भी समय समय पर आत्मिक भोजन की आवश्यकता रहती है, और यदि समय समय पर यह आवश्यकता पूरी नहीं की गई तो हम आत्मिक रीति से कमज़ोर होते जाएंगे।

   परमेश्वर ने अपने बच्चों को भरपेट आत्मिक भोजन भी देने का प्रबंध किया हुआ है, बस हमें मन खोल कर उसे ग्रहण करने भर की आवश्यकता है। - डेनिस फिशर


परमेश्वर के वचन की उपेक्षा आपकी आत्मा को कमज़ोर कर देगा; लेकिन उस पर मनन करते रहने से आप आत्मिक रीति से बलवंत होते जाएंगे।

नये जन्मे हुए बच्‍चों की नाईं निर्मल आत्मिक दूध की लालसा करो, ताकि उसके द्वारा उद्धार पाने के लिये बढ़ते जाओ। - 1 पतरस 2:2

बाइबल पाठ: 1 पतरस 2:1-5
1 Peter 2:1 इसलिये सब प्रकार का बैर भाव और छल और कपट और डाह और बदनामी को दूर करके।
1 Peter 2:2 नये जन्मे हुए बच्‍चों की नाईं निर्मल आत्मिक दूध की लालसा करो, ताकि उसके द्वारा उद्धार पाने के लिये बढ़ते जाओ।
1 Peter 2:3 यदि तुम ने प्रभु की कृपा का स्‍वाद चख लिया है।
1 Peter 2:4 उसके पास आकर, जिसे मनुष्यों ने तो निकम्मा ठहराया, परन्तु परमेश्वर के निकट चुना हुआ, और बहुमूल्य जीवता पत्थर है।
1 Peter 2:5 तुम भी आप जीवते पत्थरों की नाईं आत्मिक घर बनते जाते हो, जिस से याजकों का पवित्र समाज बन कर, ऐसे आत्मिक बलिदान चढ़ाओ, जो यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर को ग्राह्य हों।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 25-27 
  • प्रेरितों 12


मंगलवार, 2 जुलाई 2013

आप क्या कर रहे हैं?

   मेरी पोती ऐड्डी, एक छोटी सी बच्ची, कुछ दिन के लिए हमारे घर रहने आई हुई थी। वहाँ रहते हुए वह मुझसे बार बार एक प्रश्न करने लगी: "आप क्या कर रहे हैं?" चाहे मैं कंप्यूटर पर कार्य कर रहा होता या कहीं बाहर जाने के लिए जूते पहन रहा होता, या बैठ कर कुछ पढ़ रहा होता या रसोई के कार्य में अपनी पत्नि की सहायता कर रहा होता, वह मेरे पास आकर मुझ से चिपक कर खड़ी हो जाती और बड़ी मासूमियत से यही प्रश्न पूछती। अनेकों बार उसके प्रश्न के उत्तर में "मैं बिल चुका रहा हूँ", "मैं बाज़ार जा रहा हूँ", "मैं अखबार पढ़ रहा हूँ", "मैं दादी की सहायता कर रहा हूँ" आदि कहने के बाद मुझे समझ में आया कि वह बच्ची जो प्रश्न मुझ से बार बार पूछ रही है वह मेरे जीवन और आत्मिक दशा के लिए भी एक बहुत महत्वपूर्ण प्रश्न है।

   एक छोटी सी उम्र की जिज्ञासु लड़की को अपनी हर गतिविधि के बारे में उत्तर देना एक बात है लेकिन हर बात के बारे में परमेश्वर को इसी प्रश्न का उत्तर देना एक अलग ही बात है, और बहुत महत्वपूर्ण भी। ज़रा विचार कीजिए यदि मेरी पोती के समान ही परमेश्वर भी हमारे समीप आ कर खड़ा हो जाए और हर बात में, अपनी हर गतिविधि के लिए हमें परमेश्वर को लगातार उत्तर देते रहना पड़े तो कितनी ऐसी गतिविधियाँ होंगी जिन्हें हम ज़ारी रखना चाहेंगे, या कितने ऐसे उत्तर होंगे जिनके कारण हम शर्मिंदा होंगे: "मैं सारी शाम टी०वी० देखने में बर्बाद कर रहा हूँ", "मैं अपनी आवश्यकता से अधिक खाकर, खाना और अपनी सेहत, दोनो बरबाद रहा हूँ", "मैं एक और दिन बिना आपसे बातचीत किए बिताने जा रहा हूँ", "मैं अपने जीवन-साथी के साथ बहस कर रहा हूँ" - यह सूची और भी बड़ी हो सकती है और साथ ही हमारी शर्मिंदगी भी। परमेश्वर तो परमेश्वर, यदि किसी मनुष्य को भी लगातार हमें इस प्रश्न का उत्तर देते रहना पड़े तो कितनी ही बातें ऐसी होंगी जिन्हें हम करने से बचते रहेंगे। परिणामस्वरूप हमारे जीवनों तथा संबंधों में कितना भारी परिवर्तन आ जाएगा और हमारे जीवन तथा समाज कितना सुधर जाएंगे।

   परमेश्वर अभी हम से यह प्रश्न करे या ना करे, लेकिन एक दिन तो हमें हर बात और हर कार्य का हिसाब उसे देना ही होगा: "और मैं तुम से कहता हूं, कि जो जो निकम्मी बातें मनुष्य कहेंगे, न्याय के दिन हर एक बात का लेखा देंगे" (मत्ती 12:36); "क्योंकि परमेश्वर सब कामों और सब गुप्त बातों का, चाहे वे भली हों या बुरी, न्याय करेगा" (सभोपदेशक 12:14); "फिर मैं ने छोटे बड़े सब मरे हुओं को सिंहासन के साम्हने खड़े हुए देखा, और पुस्‍तकें खोली गई; और फिर एक और पुस्‍तक खोली गई, अर्थात जीवन की पुस्‍तक; और जैसे उन पुस्‍तकों में लिखा हुआ था, उन के कामों के अनुसार मरे हुओं का न्याय किया गया" (प्रकाशितवाक्य 20:12)। इसीलिए परमेश्वर ने हमें अपने वचन बाइबल में कुछ निर्देश दिये हैं जिससे हम अपने समय का सदुपयोग करें - परमेश्वर की इच्छा और महिमा को ध्यान में रखते हुए (1 कुरिन्थियों 10:31; कुलुस्सियों 3:23) और अपनी जीवनशैली के विषय में सचेत रहें (इफिसियों 5:15) और शर्मिंदा होने से बचे रह सकें।

   "आप क्या कर रहे हैं?" - हम सब के लिए यह एक बहुत महत्वपूर्ण प्रश्न है और परमेश्वर चाहता है कि इस प्रश्न का उत्तर उसे देने के लिए हम सदा सचेत और सजग रहें। - डेव ब्रैनन


महत्वहीन बातों पर समय बर्बाद करने से सावधान रहें।

इसलिये ध्यान से देखो, कि कैसी चाल चलते हो; निर्बुद्धियों की नाईं नहीं पर बुद्धिमानों की नाईं चलो। - इफिसियों 5:15 

बाइबल पाठ: कुलुस्सियों 3:12-17
Colossians 3:12 इसलिये परमेश्वर के चुने हुओं की नाईं जो पवित्र और प्रिय हैं, बड़ी करूणा, और भलाई, और दीनता, और नम्रता, और सहनशीलता धारण करो।
Colossians 3:13 और यदि किसी को किसी पर दोष देने को कोई कारण हो, तो एक दूसरे की सह लो, और एक दूसरे के अपराध क्षमा करो: जैसे प्रभु ने तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी करो।
Colossians 3:14 और इन सब के ऊपर प्रेम को जो सिद्धता का कटिबन्‍ध है बान्‍ध लो।
Colossians 3:15 और मसीह की शान्‍ति जिस के लिये तुम एक देह हो कर बुलाए भी गए हो, तुम्हारे हृदय में राज्य करे, और तुम धन्यवादी बने रहो।
Colossians 3:16 मसीह के वचन को अपने हृदय में अधिकाई से बसने दो; और सिद्ध ज्ञान सहित एक दूसरे को सिखाओ, और चिताओ, और अपने अपने मन में अनुग्रह के साथ परमेश्वर के लिये भजन और स्‍तुतिगान और आत्मिक गीत गाओ।
Colossians 3:17 और वचन से या काम से जो कुछ भी करो सब प्रभु यीशु के नाम से करो, और उसके द्वारा परमेश्वर पिता का धन्यवाद करो।

एक साल में बाइबल: 
  • अय्युब 22-24 
  • प्रेरितों 11